ताजा खबरें


बड़ी खबर

गुरु पूर्णिमा पर कोसमनारा पहुंचे मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, सत्यनारायण बाबा धाम में की पूजा-अर्चना

रायपुर 29 जुलाई 2026/ गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ के ग्राम कोसमनारा स्थित प्रसिद्ध श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी उपस्थित थे।

         मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु पूर्णिमा गुरु के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। गुरुजनों का आशीर्वाद जीवन को सही दिशा देने के साथ आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि कोसमनारा स्थित श्री सत्यनारायण बाबा धाम लोगों की गहरी आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा श्रद्धालुओं को आत्मबल और शांति प्रदान करती है। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर इस पवित्र धाम में आकर पूजा-अर्चना करना उनके लिए सौभाग्य का अवसर है।
          मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े। 
            इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

और भी

गुरु पूर्णिमा पर मुख्यमंत्री ने अघोर गुरु पीठ बनोरा में किए गुरु दर्शन, बाबा प्रियदर्शी राम से लिया आशीर्वाद

रायपुर, 29 जुलाई 2026। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचकर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन किए। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की तथा पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी से आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओ. पी. चौधरी भी उपस्थित थे। 
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गुरु भारतीय संस्कृति के ज्ञान, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के आधार हैं। गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने प्रदेश के सभी नागरिकों के सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए सभी को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।

और भी

अब स्कूल में बच्चे खुद माप सकेंगे अपना वजन, स्वास्थ्य और पोषण जागरूकता बढ़ाने के लिए सीए बिनीत जिंदल ने भेंट की वेट मशीन

कुनकुरी: बच्चों के स्वास्थ्य और शारीरिक विकास की नियमित निगरानी हेतु प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली में एक सराहनीय पहल की गई। शहर के प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) एवं समाजसेवी बिनीत जिंदल जो प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली से जुड़े हुए हैं, उन्होंने विद्यालय को बच्चों का वजन मापने की मशीन भेंट की। इस दौरान श्री बिनीत जिंदल ने कहा कि "बच्चों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। नियमित वजन माप से बच्चों के पोषण स्तर की सटीक जानकारी मिलेगी, जिससे उनकी सेहत में सुधार के लिए सही समय पर कदम उठाए जा सकेंगे।" बच्चों में अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा गणितीय अवधारणा जैसे मापन एवं संख्या ज्ञान को समझने में भी यह मशीन सहायक सामग्री के रूप में काम आएगी। बता दें कि इससे पूर्व में भी उनके द्वारा बच्चों को योग ड्रेस का वितरण किया गया है जिसको पहनकर बच्चे शनिवार को योगाभ्यास करते हैं।
विद्यालय परिवार की ओर से प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता ने बिनीत जिंदल को इस सामाजिक और कल्याणकारी कार्य के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। प्रधान पाठक  का कहना था कि इस मशीन की मदद से बच्चों एवं उनके पालकों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ेगी तथा बच्चों का स्वास्थ्य रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट करने और मध्याह्न भोजन के पोषण संबंधी प्रभावों का आकलन करने में काफी सुविधा होगी।

और भी

डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा ने संकल्प के विद्यार्थियों को सिखाई सफलता की वैज्ञानिक रणनीति, रिवर्स इंजीनियरिंग, विज़ुअलाइज़ेशन और माइंड ट्रेनिंग से हर लक्ष्य हासिल करने का दिया मंत्र

जशपुरनगर।

संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन करने के लिए डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा और डिप्टी कलेक्टर प्रियंका रानी गुप्ता संस्थान पहुँचे। 

डिप्टी कलेक्टर समीर बडा ने विद्यार्थियों के साथ एक बेहद व्यावहारिक, वैज्ञानिक और प्रेरणादायक सत्र साझा किया। पिछले सत्र में वैश्विक अर्थव्यवस्था, मौद्रिक प्रणाली और एआई जैसी तकनीकों की जानकारी देने के बाद, आज के सत्र में उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता की सटीक रणनीतियों, माइंड साइकोलॉजी, न्यूट्रिशन और विषयगत तैयारी के एडवांस तरीकों के विषय में बताया।

सफलता के लिए रिसर्च, मार्गदर्शन और विज़ुअलाइज़ेशन जरूरी :


उन्होंने यह भी बताया कि केवल कड़ी मेहनत ही काफी नहीं है, बल्कि सही दिशा में रणनीतिक कौशल सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने सफलता के लिए कुछ रणनीतियां भी बताईं। जिसमें उन्होंने रिसर्च, मार्गदर्शन, विज़ुअलाइज़ेशन और प्रभावी अभ्यास के विषय में बताया। रिसर्च के अंतर्गत संबंधित विषय के व्यक्तियों के कार्यों की प्रकृति, मार्गदर्शन के अंतर्गत उस क्षेत्र में सफल व्यक्तियों की सलाह, पुस्तकें या इंटरव्यू आदि से जानकारी लेना, विज़ुअलाइज़ेशन के अंतर्गत हर परिस्थिति और लक्ष्य की पूर्व-कल्पना करके मानसिक व शारीरिक रूप से खुद को तैयार करना शामिल है। मशहूर स्विमर माइकल फेल्प्स का एक किस्सा बताते हुए उन्होंने इसे समझाया।


रिवर्स इंजीनियरिंग से लक्ष्य आधारित तैयारी :

डिप्टी कलेक्टर ने प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर प्लानिंग के लिए रिवर्स इंजीनियरिंग तकनीक सुझाई। उन्होंने बताया कि यदि डॉक्टर बनना है, तो पहले समझें कि डॉक्टर वास्तव में काम क्या करते हैं। प्रवेश परीक्षा और मुख्य परीक्षा के सिलेबस को स्वयं अपने हाथ से लिखें। सफल लोगों द्वारा लिखी गई पुस्तकों और उनकी रणनीतियों का गहराई से अध्ययन करें।


न्यूट्रिशन साइंस और ह्यूमन परफॉर्मेंस के वैज्ञानिक पहलू :

आगे मानव प्रदर्शन क्षमता बढ़ाने के अपने उद्देश्य पर चर्चा करते हुए उन्होंने माइंड ट्रेनिंग, न्यूट्रिशन साइंस और 'ह्यूमन परफॉर्मेंस' पर भी बात की। उन्होंने न्यूट्रिशन के महत्व पर बात करते हुए बताया कि क्यों शतरंज जैसे दिमागी खेल खेलने वाले खिलाड़ी अपने मस्तिष्क को सक्रिय रखने के लिए ओमेगा-3 का सेवन करते हैं। एफ-1 फॉर्मूला रेसर्स के रिएक्शन टाइम बेहतर करने वाली आई-एक्सरसाइज तथा सुमो पहलवानों के शरीर में विसरल फैट और सबक्यूटेनियस फैट के विषय में भी जानकारी दी।


नियमित अभ्यास से विकसित होती है मेमोरी :

मेमोरी ट्रेनिंग के अंतर्गत उन्होंने अनट्रेंड मेमोरी और ट्रेंड मेमोरी के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए नियमित अभ्यास से याददाश्त बढ़ाने के विषय पर भी विस्तार से चर्चा की।


जीवन में सही प्राथमिकताएं तय करना जरूरी :

खाली ग्लास को जीवन से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि यदि ग्लास में पहले बेकार एवं अनुत्पादक चीजें भर देंगे तो उसमें अच्छी चीजें नहीं आ पाएंगी। इसलिए जीवन रूपी ग्लास में सबसे पहले उच्च गुणवत्ता वाले विचार, संस्कार और अपना लक्ष्य भरें।

आत्मविश्वास और सही रणनीति से हर लक्ष्य संभव:

उन्होंने कहा कि आप सभी विद्यार्थियों को भले ही अभी विषय की बहुत विस्तृत जानकारी नहीं है, लेकिन आपमें सफलता पाने की अदम्य भूख है। यदि आप खुद पर विश्वास रखें और सही रणनीति बनाएं, तो दुनिया में कोई भी चीज असंभव नहीं है।

संस्थान के प्राचार्य विनोद कुमार गुप्ता ने इस प्रेरणादायक और ज्ञानवर्धक सत्र के लिए डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा का आभार व्यक्त किया।
सत्र में शिक्षक अवनीश पांडेय, अश्विनी सिंह, दीपक ग्वाला, श्रीमती ज्योति श्रीवास्तव, श्रीमती सीमा गुप्ता सहित सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।

और भी

कलेक्टर रोहित व्यास की पहल पर हायर सेकेंडरी विद्यालय बंदरचुआं में आज से एआई शिक्षण प्रशिक्षण हुआ प्रारंभ।


 
जशपुर नगर।

कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बंदरचुआं में ई- शिक्षा पर आधारित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षण प्रशिक्षण आज से शुरू हुआ। 29 जुलाई से 4 अगस्त तक यह प्रशिक्षण विद्यालय में चलेगा। नवगुरूकुल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस प्रशिक्षण में विद्यालय के 120 विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। 

ज्वाइंट कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा और जिला शिक्षा अधिकारी और नरेंद्र कुमार सिन्हा के निर्देश पर आयोजित इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीक और नवाचार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता ने बताया कि जिले के 15 विद्यालयों में यह प्रशिक्षण आयोजित हो रहा है। विद्यालयों में बैच में प्रत्येक विद्यार्थी को लगातार तीन दिनों तक ढाई -ढाई घंटे का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 

प्रशिक्षण आयोजन में नवगुरुकुल फाउंडेशन की ओर से श्रीमती दीपालोचनी कार्तिक और श्रीमती नीलम चौहान का विशेष योगदान है। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती कौशल्या साय , व्याख्याता अयोध किशोर गुप्ता की उपस्थिति में आज प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ। 

पहले दिन प्रशिक्षकों प्रियंका ठाकुर एवं नीतू ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बुनियादी जानकारी दी। उन्होंने सरल उदाहरणों के माध्यम से बताया कि एआई क्या है, यह किन सिद्धांतों पर कार्य करता है तथा वर्तमान समय में इसका महत्व क्यों लगातार बढ़ रहा है।  विद्यार्थियों को एआई के विकास की यात्रा से भी अवगत कराया गया, जिससे उन्हें इस तकनीक के क्रमिक विकास की जानकारी मिली।

प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक एआई टूल्स का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया, जिसमें गूगल ,चैटजीपीटी और जैमिनी जैसे प्लेटफॉर्म का उपयोग जानकारी के साथ प्रभावी प्रॉम्प्ट तैयार करने की तकनीक सिखाई गई, ताकि वे एआई से अधिक सटीक और उपयोगी परिणाम प्राप्त कर सकें। प्रशिक्षण की शुरुआत एनर्जाइजर गतिविधि  हुई, जिससे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और पूरे सत्र के दौरान नई तकनीकों को सीखने में रुचि दिखाई।

प्रशिक्षण का समन्वय यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय और कुनकुरी विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन पैंकरा , एबीईओ मारिया तिर्की ने किया। ‌

और भी

जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक में अधिनियम के प्रावधानों की समीक्षा, जाति प्रमाण-पत्र बनाने और योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश

      जशपुरनगर, 29 जुलाई 2026/ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989 तथा आकस्मिकता नियम 1995 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रकरणों की समीक्षा के उद्देश्य से जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में समिति के सदस्य अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, उप पुलिस अधीक्षक श्री भावेश समरथ, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह जात्रा, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री विनोद भगत, जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के महाप्रबंधक श्री मनीष भगत, आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री संजय सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, पार्षद सुश्री कमला कुमारी तथा सनातन संत समाज गहिरा गुरु मुख्यालय सामरबार के अध्यक्ष श्री बभ्रुवाहन सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
      बैठक में सहायक आयुक्त श्री संजय सिंह ने समिति के सदस्यों को जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति के गठन, उसके दायित्वों तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 एवं नियम एवं आकस्मिकता 1995 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति के व्यक्तियों के विरुद्ध शारीरिक, मानसिक, सामाजिक अथवा संपत्ति संबंधी अत्याचार के पुलिस में दर्ज प्रकरणों में शासन द्वारा नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। साथ ही उन्होंने बताया कि समिति की बैठक प्रत्येक तीन माह में आयोजित किए जाने का प्रावधान है। सहायक आयुक्त ने वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल 2026 से वर्तमान तक स्वीकृत प्रकरणों की जानकारी प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रकरण स्वीकृत होने के बाद नियमानुसार आर्थिक सहायता की राशि संबंधित हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।
       बैठक में उप पुलिस अधीक्षक श्री भावेश समरथ ने बताया कि ऐसे पीड़ित जिनके पास जाति प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं हैं, उनके प्रकरणों के निराकरण में विलंब होते हैं। इस पर समिति ने  सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित करने का निर्णय लिया गया, जिससे ग्राम सभाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों का जाति प्रमाण-पत्र बनवाने में कठिनाई ना हो। उप पुलिस अधीक्षक ने यह भी अवगत कराया कि न्यायालय में गवाही देने वाले कुछ साक्षियों को यात्रा भत्ता, भोजन व्यय एवं मजदूरी का भुगतान लंबित है। इस संबंध में सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास ने बताया कि आबंटन की राशि प्राप्त होते ही सभी लंबित भुगतान कर दिया जाएगा। बैठक में समिति ने यह भी निर्णय लिया कि सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अपने-अपने अनुभाग स्तर पर सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक प्रत्येक तीन माह में नियमित रूप से आयोजित करना सुनिश्चित करें, ताकि अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रकरणों की समयबद्ध समीक्षा तथा पीड़ितों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जा सके।

और भी

सीएम हेल्पलाइन 1076 की शिकायत पर खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, लोदाम की बर्तन दुकान में छापा ,बिना लाइसेंस चल रहा था घरेलू गैस सिलेंडरों का कथित अवैध कारोबार


जशपुर 29 जुलाई 2026/ जशपुर जिले में सीएम हेल्प लाइन नंबर 1076 में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से निराकरण किया जा रहा है।

इसी कड़ी में खाद्य विभाग को ऑनलाईन माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई की ग्राम लोदाम के मुख्य मार्ग पर स्थित बर्तन की दुकान में बीरू (मुकेश साहू) दुकान द्वारा बिना वैध लाइसेंस के घरेलू एलपीजी गैस सिलेण्डरों की अवैध बिक्री पिछले 1.5 वर्षों से प्रत्येक सप्ताह 4-5 घरेलु एलपीजी सिलेंडर लाकर विक्रय किया जा रहा है। मुख्य सड़क एवं सार्वजनिक स्थान पर अनाधिक्रृत गैस विक्रय किए जाने से गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है जिससे आम नागरिकों की असुरक्षा होने संबंधित शिकायत के संबंध में जांच कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश है। 
 
उक्त शिकायत के संबंध में सहायक खाद्य अधिकारी जिला जशपुर एवं खाद्य निरीक्षक, जशपुर द्वारा संयुक्त रूप से जांच दिनांक 28.07.2026 को किय गया। जांच के समय श्री मुकेश कुमार साहू एवं उनकी पत्नी श्रीमती रूपा साहू निवासी लोदाम उपस्थित रहे, उनके द्वारा बर्तन दुकान का संचालन किया जाता है , जांच के समय संबंधित द्वारा घर‌ दुकान में घरेलु उपयोग के अतिरिक्त इण्डेन कम्पनी का शीलबंद 9 नग भरा हुआ व 01 नग खाली सिलेण्डर एवं बी.पी.सी.एल कम्पनी 03 नग खाली सिलेण्डर कुल 13 नग गैस सिलेण्डर अवैध रूप से भण्डारण पाया गया। उनके द्वारा 3 गैस कार्ड दिखाया गया जिसमें उनकी माता के नाम 01 उज्जवला योजना का कनेक्शन, श्री मुकेश कुमार साहू एवं उनकी पत्नी के नाम से सामान्य गैस कार्ड प्रस्तुत किया गया है।
 घरेलु उपयोग के अतिरिक्त कुल 13 नग गैस सिलेण्डर के संबंध में जांच के समय किसी प्रकार वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर जप्ती पश्चात् सुरक्षार्थ हेतु लोदाम विकासखण्ड जशपुर के गैस एजेंसी के सुपूर्द में दिया जाकर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

और भी

सरबकोंबो हायर सेकेंडरी स्कूल की बदहाली बनी विद्यार्थियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल: वर्षों से स्थायी बिजली नहीं, खतरनाक एलटी लाइन, बालिका शौचालय के पास ट्रांसफार्मर और गड्डे सड़क से हर दिन हादसे का खतरा, जनप्रतिनिधियों ने शासन से तत्काल हस्तक्षेप की उठाई मांग

नारायणपुर। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरबकोंबो में पिछले कई वर्षों से क्लास रूम में स्थायी विद्युत व्यवस्था नहीं होने के कारण विद्यालय टेंपररी विद्युत कनेक्शन के सहारे संचालित हो रहा है। स्थायी विद्युत व्यवस्था एवं आवश्यक विद्युतीकरण की स्वीकृति के लिए विद्यालय प्रबंधन एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराया जा चुका है। इसके साथ ही विद्यालय के आवश्यक जीर्णोद्धार की भी आवश्यकता है।

वहीं विद्यालय के बालिका शौचालय के समीप लगे ट्रांसफार्मर को सुरक्षा की दृष्टि से अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग भी लंबे समय से की जा रही है। इस संबंध में बिजली विभाग को कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक ट्रांसफार्मर को अन्यत्र स्थानांतरित नहीं किया गया है।

इसके अलावा विद्यालय के समीप स्थित सड़क की स्थिति भी अत्यंत जर्जर है। सड़क के निर्माण एवं मरम्मत और क्लास रूम में वायरिंग मरम्मत को लेकर संबंधित विभाग को कई बार पत्राचार एवं मांग प्रस्तुत की गई है। जर्जर सड़क के कारण विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा ग्राम पंचायत से भी कई बार मौखिक एवं लिखित रूप से आग्रह किया जा चुका है कि पंचायत अपने स्तर पर उपलब्ध संसाधनों एवं नियमानुसार आंशिक सहयोग प्रदान कर विद्यालय की भौतिक सुविधाओं के विकास एवं आवश्यक सुधार कार्यों में सहयोग कर सकती है। परन्तु पंचयात की लाफ़रवाही ने अब तक इस ओर ध्यान देना मुनासिब नही समझा है। इस संबंध में वार्ड पंच द्वारा ग्राम पंचायत को लिखित रूप से भी अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े इन महत्वपूर्ण विषयों पर पंचायत स्तर से अभी तक अपेक्षित ध्यान एवं पहल नहीं हो सकी है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों का कहना है कि विद्यार्थियों के हित एवं विद्यालय की आवश्यकताओं को देखते हुए पंचायत को भी इस दिशा में सकारात्मक पहल करते हुए अपना सहयोग प्रदान करना चाहिए।

ज्ञात हो कि विद्यालय के दो भवनों के बीच से गुजर रही एलटी (लो टेंशन) बिजली लाइन बच्चों और शिक्षकों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई है। बिजली का खुला तार भवन की खिड़की के बिल्कुल समीप से गुजर रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बारिश और तेज हवा के दौरान जोखिम और बढ़ जाता है।  विभाग को तत्काल लाइन को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने या इंसुलेटेड केबल लगाने से किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

बरामदा जर्जर, बड़े गड्ढे से विद्यार्थियों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा

विद्यालय का बरामदा पूरी तरह जर्जर होकर जगह-जगह से टूट चुका है। बरामदे में कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं, जिनमें एक बड़ा गड्ढा विद्यार्थियों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। प्रतिदिन आने जाने के दौरान हादसे की आशंका बनी रहती है।  विद्यार्थियों एवं पालकों ने संबंधित विभाग से बरामदे की शीघ्र मरम्मत कराने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

क्षेत्र की बीडीसी श्रीमती प्रिया सुरेश जैन ने बताया कि विद्यालय की इन समस्याओं को उन्होंने जनपद पंचायत की सामान्य सभा की बैठक में भी प्रमुखता से उठाया है तथा विद्यालय में स्थायी विद्युत व्यवस्था, आवश्यक जीर्णोद्धार, बालिका शौचालय के समीप लगे ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने एवं विद्यालय के समीप जर्जर सड़क के निर्माण एवं मरम्मत के संबंध में प्रस्ताव बनाकर उच्च कार्यालय से आवश्यक स्वीकृति एवं कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए इन कार्यों की आवश्यकता है। आशा है कि शासन एवं संबंधित विभाग विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए बहुत जल्द आवश्यक स्वीकृति प्रदान कर ठोस कदम उठाये जाने की आवश्यकता है।

विद्यालय प्रबंधन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने आशा व्यक्त की है कि शासन एवं संबंधित विभाग द्वारा विद्यार्थियों के हित में शीघ्र सकारात्मक पहल करते हुए विद्यालय में स्थायी विद्युत व्यवस्था, आवश्यक जीर्णोद्धार, ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने तथा जर्जर सड़क के निर्माण एवं मरम्मत की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ट्रांसफार्मर हटाने विभाग को भेजा जाएगा प्रस्ताव

स्कूल में बालिका शौचालय के पास से ट्रांसफार्मर हटाने, स्कूल के क्लासरूम के बगल से बिजली के तारों को हटाने के लिए प्रस्ताव बनाकर बिजली विभाग को भेजा जाएगा।

नरेन्द्र सिन्हा, डीईओ

और भी

राशिफल : किस्मत देगी किसका साथ, किसे मिलेगा धन लाभ, किसकी बढ़ेगी तरक्की और किन राशियों को बरतनी होगी विशेष सावधानी, जानिए सभी राशियों का विस्तृत राशिफल

ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति के अनुसार 29 जुलाई का दिन अधिकांश राशियों के लिए नई संभावनाओं, कार्यक्षेत्र में प्रगति और पारिवारिक जीवन में संतुलन लेकर आएगा। कुछ राशियों को आर्थिक मामलों में सतर्क रहने की आवश्यकता होगी, जबकि कई जातकों को रुके हुए कार्यों में गति मिलने के योग हैं। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का विस्तृत राशिफल।

♈ मेष (Aries)

उत्साह और परिश्रम से खुलेंगे सफलता के नए द्वार

आज का दिन आपके लिए ऊर्जा और आत्मविश्वास से भरपूर रहेगा। नौकरीपेशा लोगों को वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलेगा और कार्यों की सराहना होगी। व्यापार में नई योजनाओं पर काम शुरू कर सकते हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी तथा रुका हुआ धन मिलने की संभावना है। परिवार में सुखद वातावरण रहेगा। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलने के संकेत हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन खान-पान में लापरवाही न करें।

शुभ रंग: लाल
शुभ अंक: 9

♉ वृषभ (Taurus)

आर्थिक मामलों में सोच-समझकर उठाएं कदम

आज जल्दबाजी में लिया गया निर्णय नुकसान पहुंचा सकता है। व्यापार में निवेश करने से पहले अनुभवी व्यक्ति की सलाह लें। नौकरी में कार्यभार बढ़ सकता है, लेकिन मेहनत का परिणाम भी मिलेगा। जीवनसाथी का सहयोग मनोबल बढ़ाएगा। परिवार में किसी शुभ समाचार से प्रसन्नता रहेगी। वाहन चलाते समय सावधानी रखें।

शुभ रंग: सफेद
शुभ अंक: 6

♊ मिथुन (Gemini)

बुद्धिमानी और संवाद कौशल दिलाएंगे सफलता

आज आपकी वाणी और व्यवहार लोगों को प्रभावित करेगा। कार्यस्थल पर नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। व्यापार में नए ग्राहकों से लाभ होगा। मित्रों के सहयोग से रुका हुआ काम पूरा होगा। विद्यार्थियों के लिए दिन अनुकूल है। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, लेकिन मानसिक तनाव से बचें।

शुभ रंग: हरा
शुभ अंक: 5

♋ कर्क (Cancer)

परिवार और करियर दोनों में मिलेगा संतुलन

आज परिवार के साथ अच्छा समय बिताने का अवसर मिलेगा। नौकरी में पदोन्नति या नई जिम्मेदारी मिलने के संकेत हैं। व्यापार में लाभ होगा, लेकिन खर्चों पर नियंत्रण रखना जरूरी है। माता-पिता का आशीर्वाद आपके लिए शुभ रहेगा। स्वास्थ्य में सुधार होगा।

शुभ रंग: क्रीम
शुभ अंक: 2

♌ सिंह (Leo)

नेतृत्व क्षमता से मिलेगी नई पहचान

आज आपकी कार्यशैली से अधिकारी और सहकर्मी प्रभावित होंगे। राजनीति, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए दिन विशेष रूप से शुभ है। व्यापार में लाभ के नए अवसर मिलेंगे। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। परिवार में किसी मांगलिक कार्य की चर्चा हो सकती है।

शुभ रंग: सुनहरा
शुभ अंक: 1

♍ कन्या (Virgo)

धैर्य और अनुशासन से दूर होंगी परेशानियां

आज कार्यों में थोड़ा विलंब हो सकता है, लेकिन अंततः सफलता मिलेगी। नौकरी में बदलाव के इच्छुक लोगों को अच्छे अवसर मिल सकते हैं। व्यापार में लाभ सामान्य रहेगा। विद्यार्थियों को पढ़ाई पर अधिक ध्यान देना होगा। स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न करें।

शुभ रंग: हरा
शुभ अंक: 7

♎ तुला (Libra)

रिश्तों में मधुरता और आर्थिक लाभ के योग

आज आपका आकर्षक व्यक्तित्व लोगों को प्रभावित करेगा। दांपत्य जीवन में प्रेम बढ़ेगा। व्यापार में साझेदारी से लाभ मिलने की संभावना है। नौकरी में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। किसी पुराने मित्र से मुलाकात खुशी देगी। यात्रा के योग भी बन रहे हैं।

शुभ रंग: गुलाबी
शुभ अंक: 6

♏ वृश्चिक (Scorpio)

साहस और आत्मविश्वास से मिलेगी बड़ी सफलता

आज कठिन कार्य भी आसानी से पूरे होंगे। नौकरी में अधिकारियों का विश्वास बढ़ेगा। व्यापार में लाभदायक सौदे हो सकते हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी। परिवार में किसी शुभ कार्य की योजना बन सकती है। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

शुभ रंग: मैरून
शुभ अंक: 8

♐ धनु (Sagittarius)

भाग्य का मिलेगा भरपूर साथ

आज लंबे समय से रुके हुए कार्य पूरे हो सकते हैं। नौकरी में उन्नति के योग हैं। व्यापारियों को नए अनुबंध मिल सकते हैं। धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी। विद्यार्थियों के लिए दिन शुभ है। आर्थिक लाभ के अच्छे संकेत हैं।

शुभ रंग: पीला
शुभ अंक: 3

♑ मकर (Capricorn)

संयम और मेहनत से बनेगी सफलता की राह

आज अनावश्यक विवादों से दूर रहें। नौकरी में जिम्मेदारियां बढ़ेंगी, लेकिन भविष्य के लिए लाभदायक साबित होंगी। व्यापार में सामान्य लाभ रहेगा। परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें और पर्याप्त आराम करें।

शुभ रंग: नीला
शुभ अंक: 8

♒ कुंभ (Aquarius)

नई योजनाएं देंगी भविष्य की सफलता

आज रचनात्मक कार्यों में सफलता मिलेगी। नौकरी और व्यापार दोनों में नए अवसर प्राप्त होंगे। आर्थिक मामलों में लाभ होगा। मित्रों और परिवार का सहयोग मिलेगा। विद्यार्थियों के लिए समय अनुकूल है। यात्रा लाभदायक हो सकती है।

शुभ रंग: आसमानी
शुभ अंक: 4

♓ मीन (Pisces)

आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक सोच से मिलेगा लाभ

आज मन प्रसन्न रहेगा और आत्मविश्वास बढ़ेगा। नौकरी में सम्मान मिलेगा। व्यापार में पुराने निवेश से लाभ मिलने की संभावना है। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।

शुभ रंग: पीला
शुभ अंक: 3

29 जुलाई 2026 का दिन अधिकांश राशियों के लिए परिश्रम, विवेक और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संकेत दे रहा है। आर्थिक मामलों में सोच-समझकर निर्णय लेने, परिवार के साथ सामंजस्य बनाए रखने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने से दिन अधिक लाभकारी रहेगा। नौकरी, व्यापार, शिक्षा और सामाजिक जीवन में संतुलित प्रयास सफलता के नए मार्ग खोल सकते हैं।

और भी

छत्तीसगढ़ में खेल क्रांति की नई शुरुआत: पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खिलाड़ियों को दिया सम्मान, उत्कृष्ट खेल मिशन के लिए ₹100 करोड़ का ऐलान

रायपुर. 28 जुलाई 2026. मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के समापन सत्र में शामिल हुए। उन्होंने राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित कॉन्क्लेव में विगत मार्च-अप्रैल में छत्तीसगढ़ में हुए देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में राज्य के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की। छत्तीसगढ़ में पहली बार इस स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का आयोजन किया गया था, जिसमें विभिन्न सत्रों में देशभर से आए खेल प्रशासकों, नीति निर्माताओं, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट्स, नामचीन खिलाड़ियों, विशेषज्ञों और खेल संघों के पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाओं, खेल प्रतिभाओं की खोज, प्रशिक्षण और सुदृढ़ खेल अधोसंरचना के रोडमैप पर दिनभर मंथन किया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए कहा कि विशेषज्ञों के बीच आज दिनभर हुए गंभीर विचार-विमर्श से राज्य में खेल और खिलाड़ियों की बेहतरी के कार्यों को सार्थक एवं प्रभावी दिशा मिलेगी। राज्य में खेलों के विकास के लिए यह कॉन्क्लेव मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने छत्तीसगढ़ में गंभीरता से काम हो रहे हैं। उत्कृष्ट खेल मिशन के अंतर्गत खेल अधोसंरचना को मजबूत करने इस साल के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। हमने हाल ही में प्रदेशभर के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी है, जिन्हें आगे जाकर सरकार नौकरी में लाभ देगी। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि खिलाड़ियों को खेलने के लिए अच्छा मंच उपलब्ध कराने बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के आयोजन राज्य में हुए हैं। बस्तर ओलंपिक में करीब चार लाख और सरगुजा ओलंपिक में लगभग साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने भागीदारी की है। राज्य की खेल प्रतिभाओं को उचित अवसर और संसाधन देने की आवश्यकता है। इसके लिए हम लोग सक्रियता से काम कर रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव कहा कि यह कॉन्क्लेव छत्तीसगढ़ को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में बहुत मददगार होगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में खेल और खिलाड़ियों की तरक्की और बेहतरी के लिए लगातार काम हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की भौगोलिक परिस्थितियों में प्राकृतिक, शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत युवा निकलते हैं। प्राथमिक कक्षाओं से ही बच्चों की खेल प्रतिभा को पहचान कर उन्हें तराशने और संवारने की कार्ययोजना पर हम काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज विशेषज्ञों के जो अमूल्य सुझाव और मार्गदर्शन प्राप्त हुए हैं, उन पर निश्चित रूप से अमल किया जाएगा। आज के निष्कर्षों को शामिल कर हम विस्तृत कार्ययोजना बनाएंगे और उसे प्रभावी तरीके से क्रियान्वित करेंगे।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार, संचालक श्रीमती तनुजा सलाम, ओलंपियन श्री जिन्सन जॉनसन, प्रख्यात शिक्षाविद एवं खेल वैज्ञानिक डॉ. रत्नेश सिंह, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव श्री विक्रम सिसोदिया, हाई परफॉर्मेंस एनॉलिस्ट श्री रोनक कोठारी, पीईएफआई के राष्ट्रीय सचिव डॉ. पियूष जैन, खेलो इंडिया के उप महानिदेशक श्री मयंक श्रीवास्तव और पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर श्री राजेश चौहान सहित प्रदेश के अनेक खिलाड़ी, प्रशिक्षक, सभी जिलों के खेल अधिकारी एवं खेल संघों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में कॉन्क्लेव में शामिल हुए।

*खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में पदक जीतने वाले 11 खिलाड़ियों और 3 टीमों को मिली प्रोत्साहन राशि*

*छत्तीसगढ़ ने 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य पदकों सहित जीते थे कुल 19 पदक*

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव के समापन सत्र में इस साल छत्तीसगढ़ में हुए खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में राज्य के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस वर्ष 3 अप्रैल को खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के समापन समारोह में राज्य के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की थी। छत्तीसगढ़ ने 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य पदकों सहित कुल 19 पदक जीते थे।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में निकिता ने भारोत्तोलन में स्वर्ण पदक जीता था। वहीं रिषिका कश्यप ने भारोत्तोलन, अनुष्का भगत ने तैराकी, लक्ष्मण सोढ़ी, अभिषेक, डमरू कुमार, गजेन्द्र ठाकुर और तिलक बारसे ने एथलेटिक्स में रजत पदक जीते थे। मनीष कुमार ने एथलेटिक्स, निखिल खलको ने तैराकी और लक्की बाबू ने भारोत्तोलन में कांस्य पदक जीते थे।

मुख्यमंत्री ने स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को दो लाख रुपए, रजत पदक विजेताओं को डेढ़ लाख रुपए और कांस्य पदक विजेताओं को एक लाख रुपए के चेक प्रदान किए। वहीं टीम खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला फुटबॉल टीम को 22 लाख रुपए, रजत पदक विजेता पुरूष फुटबॉल टीम को साढ़े 16 लाख रुपए तथा कांस्य पदक जीतने वाली पुरूष हॉकी टीम को 9 लाख रुपए की राशि दी गई।

और भी

एकलव्य के विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का संवाद: "खूब पढ़िए, आगे बढ़िए और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में निभाइए अपनी भूमिका"

रायपुर 28 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित एकलव्य संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों से नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों से आत्मीय चर्चा की। मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी विद्यार्थियों को उनकी उल्लेखनीय सफलता पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़, विशेषकर जनजातीय समाज के लिए गर्व का विषय है। 
उन्होंने कहा कि एकलव्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि अवसर, संसाधन और संकल्प मिलने पर प्रतिभा किसी भी परिस्थिति की मोहताज नहीं होती।

*सफलता का सबसे बड़ा मंत्र निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास - मुख्यमंत्री*

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आपके विद्यालय का नाम 'एकलव्य' है और भारतीय इतिहास में एकलव्य का स्थान अद्वितीय है। उन्होंने गुरु द्रोणाचार्य को अपना आदर्श मानकर कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर साधना और समर्पण के बल पर धनुर्विद्या में असाधारण दक्षता प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि उसी प्रकार आप भी अथक परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ निश्चय के साथ अपने जीवन का लक्ष्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि सफलता का सबसे बड़ा मंत्र निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खूब पढ़िए, आगे बढ़िए और और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदार बनिए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों को संत कबीर के प्रसिद्ध दोहे "गुरु गोविंद दोऊ खड़े, काके लागूँ पाय; बलिहारी गुरु आपने, गोविंद दियो बताय" का उल्लेख करते हुए गुरु के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि गुरु का स्थान ईश्वर से भी श्रेष्ठ माना गया है, क्योंकि गुरु ही हमें ज्ञान देकर जीवन का सही मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करने और उनसे प्राप्त ज्ञान को समाज के हित में उपयोग करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारत सरकार द्वारा देशभर में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं और छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व की बात है कि प्रदेश में  एकलव्य विद्यालय संचालित हैं, जहां जनजातीय समुदाय के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि एकलव्य की तरह लक्ष्य साधिए, सफलता निश्चित मिलेगी। उन्होंने कहा कि नीट जैसी कठिन राष्ट्रीय परीक्षा में सफलता प्राप्त करना आपके परिश्रम, आपके माता-पिता के आशीर्वाद और गुरुजनों के समर्पण का परिणाम है। उन्होंने इस अवसर पर सभी अभिभावकों और शिक्षकों को भी बधाई दी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यार्थियों से कहा कि डॉक्टर का स्थान समाज में अत्यंत सम्माननीय होता है। भगवान हमें जन्म देते हैं, लेकिन डॉक्टर जीवन की रक्षा करते हैं और लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे केवल कुशल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि संवेदनशील, सहृदय और विनम्र डॉक्टर भी बनें। उन्होंने कहा कि मरीज के प्रति मधुर व्यवहार और संवेदनशीलता भी उपचार का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कई बार डॉक्टर का अपनापन ही मरीज को मानसिक शक्ति प्रदान करता है।

*शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन, विद्यार्थियों के लिए बढ़े अवसर*

एकलव्य संवाद के दौरान धमतरी जिले से आए छात्र राधेश्याम के प्रश्न का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। पहले विद्यालयों की संख्या सीमित थी और छात्रों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, जबकि आज सरकार गांव-गांव तक शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों का व्यापक विस्तार किया गया है तथा प्रत्येक विकासखंड में महाविद्यालय स्थापित करने की दिशा में कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि आज निजी एवं शासकीय संस्थानों सहित 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं और पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेज प्रारंभ किए जा रहे हैं, जिससे मेडिकल शिक्षा की सीटों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में आईआईटी, ट्रिपल आईटी, राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय, केंद्रीय विश्वविद्यालय सहित अनेक उच्च शिक्षण संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करा रहे हैं। विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण तथा मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान जैसी अनेक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दिल्ली में स्थापित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 200 सीट कर दी गई है, जहां विद्यार्थियों को निःशुल्क आवास एवं भोजन की सुविधा के साथ यूपीएससी, मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाती है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि इस वर्ष ट्राइबल यूथ हॉस्टल से 13 विद्यार्थियों ने संघ लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेशभर में 34 नालंदा परिसर स्थापित किए गए हैं, जहां विद्यार्थी सप्ताह के सातों दिन चौबीसों घंटे ऑनलाइन और ऑफलाइन अध्ययन सामग्री के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए सरकार संसाधनों की कोई कमी नहीं आने देगी। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग द्वारा श्रमिक परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रतिवर्ष दो लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराई जाती है तथा विदेशों में अध्ययन करने वाले पात्र विद्यार्थियों का व्यय भी सरकार वहन करती है।

*मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076  सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल - मुख्यमंत्री*

गरियाबंद जिले से आए विद्यार्थी अवधेश कुमार के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने हाल ही में प्रारंभ की गई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी देते हुए कहा कि यह सुशासन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से प्रदेश का कोई भी नागरिक अपनी समस्या, सुझाव अथवा शिकायत सीधे शासन तक पहुंचा सकता है। उन्होंने बताया कि इसके लिए  लगभग आठ हजार अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि छात्रावास अथवा अध्ययन से संबंधित कोई समस्या हो तो वे भी हेल्पलाइन के माध्यम से शासन को अवगत करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि अल्प अवधि में ही इस व्यवस्था को व्यापक जनसमर्थन मिला है और लोग बिजली, पानी, नामांतरण, खाता विभाजन, सीमांकन सहित अनेक समस्याओं के समाधान के लिए इसका प्रभावी उपयोग कर रहे हैं।

महासमुंद जिले की छात्रा मंजुला के प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में मेडिकल शिक्षा हिंदी माध्यम में भी उपलब्ध कराई जा रही है। जिन विद्यार्थियों को अंग्रेजी भाषा में कठिनाई होती है, उनके लिए हिंदी में पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं ताकि भाषा किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की प्रगति में बाधा न बने।

राजनांदगांव जिले के विद्यार्थी देवानंद द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण तथा मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, जिससे आर्थिक अभाव किसी भी विद्यार्थी के सपनों के बीच बाधा न बने।

*नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा और विकास की नई इबारत*


कांकेर जिले की छात्रा कशिश नेताम द्वारा दूरस्थ वनांचलों में शिक्षा सुविधाओं के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अंचल लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा, जिससे विकास कार्य बाधित हुए। लेकिन पिछले ढाई वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति, सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से नक्सलवाद समाप्त हुआ है। अब बस्तर में तेजी से सड़कें, विद्यालय, स्वास्थ्य संस्थान और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर संभाग में बंद पड़े विद्यालयों को पुनः संचालित किया जा रहा है तथा नए विद्यालय भी स्थापित किए जा रहे हैं। जावंगा एजुकेशन हब की तर्ज पर नारायणपुर जिले के जगरगुंडा और ओरछा में आधुनिक एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपने क्षेत्र में उपलब्ध हो सके।

सुकमा जिले की छात्रा अंकिता के प्रश्न पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरकार मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध करा रही है। इसलिए विद्यार्थियों का भी दायित्व है कि वे अपनी शिक्षा का लाभ प्रदेश और समाज को दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक डॉक्टर के निर्माण में सरकार बड़े पैमाने पर संसाधन निवेश करती है और सरकार चाहती है कि प्रदेश के युवा चिकित्सक छत्तीसगढ़ में रहकर विशेषकर दूरस्थ एवं आदिवासी अंचलों के लोगों की सेवा करें। उन्होंने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत डॉक्टरों को अतिरिक्त वेतन और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाती हैं।

*जनसेवा को पूजा मानकर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करना प्रदान करता है ऊर्जा - मुख्यमंत्री*

अपने सार्वजनिक जीवन और स्वास्थ्य संबंधी दिनचर्या पर विद्यार्थियों के प्रश्न का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे पिछले लगभग 35 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि जनसेवा को पूजा मानकर पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करना ही उन्हें ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योग, व्यायाम, संतुलित आहार और अनुशासित जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास होता है और अनुशासित जीवन ही दीर्घकालिक सफलता का आधार है।

कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी विद्यार्थियों को पुनः शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपनी प्रतिभा, ज्ञान और संस्कार के बल पर समाज की सेवा करें तथा विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि आपकी सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और आप सभी अपने उत्कृष्ट आचरण, सेवा भावना तथा समर्पण से प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।

और भी

कॉमनवेल्थ गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटी का रजत परचम, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल कर दी बधाई

रायपुर 28 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव निवासी एवं छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव से  वीडियो कॉल के माध्यम से आत्मीय बातचीत कर उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने ज्ञानेश्वरी यादव को रजत पदक जीतने पर पुनः बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता वर्षों की कठिन साधना और निरंतर परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और छत्तीसगढ़ का नाम नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आपसे प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पहले भी मुलाकात हुई थी और आज आपकी सफलता पर पुनः बात करके अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। आपने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आपकी उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों और खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश की प्रतिभाएं विश्व मंच पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

ज्ञानेश्वरी यादव ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आत्मीय स्नेह, प्रोत्साहन और शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का आशीर्वाद और प्रदेशवासियों का स्नेह उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

उल्लेखनीय है कि राजनांदगांव निवासी ज्ञानेश्वरी यादव छत्तीसगढ़ पुलिस में सहायक उप निरीक्षक के रूप में सेवाएं दे रही हैं। खेल और सेवा, दोनों क्षेत्रों में उनका समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक जीतकर उन्होंने भारत और छत्तीसगढ़ दोनों का मान बढ़ाया है।

और भी

बदलते बस्तर की नई पहचान लेकर राष्ट्रपति भवन पहुंचेगा 164 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और नक्सलवाद से शांति की ओर बढ़ते बस्तर का देगा संदेश

रायपुर, 28 जुलाई 2026/ बस्तर की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, सामाजिक परंपराओं और बदलते बस्तर की नई तस्वीर को राष्ट्रीय पटल पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से बस्तर के परगना मांझी, चालाकी, समाज प्रमुख, बस्तर पंडुम-2026 के प्रसिद्ध जनजातीय युवा कलाकार, जनजातीय समाज प्रतिनिधि तथा बस्तर के पद्मश्री सम्मान प्राप्तकर्ताओं सहित 164 व्यक्तियों का प्रतिनिधिमंडल आज दिल्ली के लिए रवाना हुआ। यह प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में माननीय राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू से 30 जुलाई 2026 को मुलाकात करेगा तथा बस्तर की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक व्यवस्था से उन्हें अवगत कराएगा।   

*बस्तर के युवा संस्कृति, परंपराओं और प्रतिभा के बल पर देशभर में बना रहे नई पहचान* 

        प्रतिनिधिमंडल के सदस्य राष्ट्रपति के समक्ष यह संदेश भी रखेंगे कि आज का बस्तर हिंसा और भय की पहचान से निकलकर शांति, विकास और विश्वास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। बस्तर के युवा अपनी संस्कृति, परंपराओं और प्रतिभा के बल पर देशभर में नई पहचान बना रहे हैं। वे राष्ट्रपति को बताएंगे कि शासन की विकासोन्मुखी पहल और सुरक्षा बलों के सतत प्रयासों से नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में ऐतिहासिक सफलता मिली है, जिससे बस्तर में शिक्षा, पर्यटन, रोजगार और जनजीवन को नई गति मिली है।

*बस्तर की नई पहचान शांति, विकास और लोकतांत्रिक भागीदारी*

        प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति के प्रति बस्तरवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए संदेश देंगे कि अब बस्तर की पहचान केवल प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध जनजातीय संस्कृति ही नहीं, बल्कि शांति, विकास, लोकतांत्रिक भागीदारी और नई उम्मीदों से भी जुड़ चुकी है। बस्तर के युवा पूरे देश को बताएंगे कि नया बस्तर अवसरों, आत्मविश्वास और प्रगति का बस्तर है।

*राष्ट्रपति भवन तक पहुंचेगी बस्तर की लोकसंस्कृति, रीति-रिवाज और सामाजिक मूल्यों की गूंज*

        उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने दिल्ली रवाना हो रहे बस्तर के परगना मांझी, चालाकी, समाज प्रमुखों एवं युवा प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रतिनिधिमंडल केवल बस्तर का नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत का प्रतिनिधित्व करेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन तक बस्तर की लोकसंस्कृति, रीति-रिवाज और सामाजिक मूल्यों की गूंज पहुंचना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

       उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि आज का बस्तर बदल रहा है। कभी नक्सलवाद की छाया से पहचाना जाने वाला बस्तर अब शांति, विकास, शिक्षा, पर्यटन, खेल और सांस्कृतिक चेतना की नई पहचान बना रहा है। हमारे युवा देश की सर्वाेच्च संवैधानिक संस्था तक पहुंचकर इस सकारात्मक परिवर्तन का संदेश देंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल माननीय राष्ट्रपति के समक्ष बस्तरवासियों की ओर से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई में मिले सहयोग और देश के नेतृत्व के प्रति आभार भी व्यक्त करेगा। यह यात्रा देश को यह संदेश देगी कि बस्तर अब भय का नहीं, बल्कि विश्वास, विकास, संस्कृति और नए अवसरों का बस्तर है।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने भोरमदेव धाम में की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की मंगलकामना

रायपुर 28 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज सपत्नीक श्रीमती कौशल्या साय के साथ विश्वप्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक भोरमदेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा मंदिर की परिक्रमा कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की मंगलकामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पंच दिवसीय महा चतुर शुद्धि सहस्र कलशम् महाअनुष्ठान में भी सम्मिलित हुए और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता कर प्रदेश की उन्नति, सामाजिक सद्भाव और लोकमंगल की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भोरमदेव छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का गौरवशाली प्रतीक है। ऐसे महाअनुष्ठान हमारी प्राचीन वैदिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भाव और लोककल्याण की भावना को भी सशक्त बनाते हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आगामी 30 जुलाई से भगवान शिव की आराधना का पावन श्रावण मास प्रारंभ होने जा रहा है। पिछले दो वर्षों से उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के साथ भोरमदेव धाम पहुंचने वाले कांवड़ यात्रियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपरा का प्रतीक भी है।
इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के अभिनंदन के लिए वे स्वयं भोरमदेव धाम पहुंचकर पुष्पवर्षा करेंगे। 

उल्लेखनीय है कि श्री महादिव्य देशम फाउंडेशन के तत्वावधान में 25 जुलाई से प्रारंभ यह पंच दिवसीय महाअनुष्ठान कबीरधाम सहित संपूर्ण छत्तीसगढ़ के सुख, समृद्धि और आध्यात्मिक कल्याण की भावना से आयोजित किया जा रहा है। फाउंडेशन के प्रमुख राजीव राकुल स्वामी (केरल) के अनुसार यह अनुष्ठान प्राण-प्रतिष्ठित मंदिरों के शुद्धिकरण एवं दिव्य ऊर्जा के पुनर्संचार की प्राचीन वैदिक परंपरा पर आधारित है, जिसे भगवान परशुराम स्रोतम तथा आगम शास्त्रों में वर्णित विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक पंडरिया श्रीमती भावना बोहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, वैदिक आचार्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

और भी

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं ,आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

जशपुरनगर 28 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। कलेक्टर श्री व्यास ने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनदर्शन में आमजन ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामुदायिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। आज आयोजित जनदर्शन में कुल 49 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मुख्य रूप से राजस्व संबंधी प्रकरण, पेयजल, सड़क, स्वच्छता, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, अधोसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़ी मांगें एवं समस्याएं शामिल थीं।
    कलेक्टर श्री व्यास ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर उनका समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, इसलिए प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि आवेदनों पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित आवेदकों को समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें अपने प्रकरण की स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिल सके। कलेक्टर ने विशेष रूप से जनसुविधाओं से जुड़े मामलों जैसे पेयजल, सड़क, स्वच्छता तथा शासकीय योजनाओं के लाभ से संबंधित प्रकरणों पर गंभीरता से कार्रवाई करने पर जोर दिया।

और भी

जशपुर में डिजिटल शिक्षा की नई उड़ान: कस्तूरबा गांधी कन्या विद्यालय महादेवडांड की 100 छात्राओं ने पूरा किया 6 दिवसीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रशिक्षण, कुनकुरी के 120 विद्यार्थियों ने भी सीखे एआई के आधुनिक गुर

जशपुर।

कलेक्टर रोहित व्यास की पहल एवं नवगुरूकुल के सहयोग से कस्तूरबा गांधी कन्या विद्यालय महादेवडांड में अध्ययनरत एवं छात्रावास में निवासरत कक्षा 9वीं से 12वीं तक की 100 छात्राओं के लिए ई-शिक्षा आधारित 06 दिवसीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रशिक्षण सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं ने अध्ययन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए एआई के विभिन्न उपयोगों की जानकारी प्राप्त की। इसी क्रम में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कुनकुरी के 120 विद्यार्थियों ने भी प्रशिक्षण हासिल किया।

ज्वाइंट कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा एवं जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा के निर्देशानुसार जिले के नवोदय, केंद्रीय, पीएम श्री, सेजेस, आईसीटी एवं कंप्यूटर लैब युक्त 15 विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।

प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल अवधारणा, कार्यप्रणाली तथा वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को एआई टूल्स के लिए प्रभावी प्रॉम्प्ट तैयार करने, एआई के इतिहास एवं उसके विकासक्रम की जानकारी दी गई। साथ ही इसके बेसिक्स, महत्व तथा दैनिक जीवन में होने वाले रियल-लाइफ एप्लीकेशंस पर भी चर्चा की गई।

विद्यार्थियों को गूगल लेंस, गूगल ट्रांसलेट, चैट जीपीटी एवं जैमिनी जैसे टूल्स का व्यावहारिक प्रदर्शन कर उनके उपयोग की विधि सिखाई गई। प्रशिक्षण को अधिक सहभागितापूर्ण बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने स्वयं एआई टूल्स का उपयोग कर व्यावहारिक अभ्यास किया। इससे उनकी तकनीकी समझ के साथ-साथ तार्किक सोच का भी विकास हुआ। समूह चर्चा एवं टीम आधारित गतिविधियों के माध्यम से समस्या समाधान और सहयोगात्मक कार्य करने की क्षमता को भी प्रोत्साहित किया गया। प्रशिक्षण के समापन पर विद्यार्थियों के ज्ञान का मूल्यांकन करने के लिए क्विज़ आयोजित की गई तथा उन्हें अपने विचार साझा करने, प्रश्न पूछने और पूरे प्रशिक्षण के दौरान सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।

कस्तूरबा गांधी कन्या विद्यालय महादेवडांड की छात्राओं को सुश्री नीतू एवं प्रियंका ठाकुर ने प्रशिक्षण प्रदान किया, जबकि स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय कुनकुरी में रेणुका चक्रधारी एवं संजना मरकाम ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया। प्रशिक्षण के सफल संचालन में नवगुरूकुल के करिकुलम सपोर्ट टीम से श्रीमती दीपालोचनी कार्तिक, श्रीमती नीलम चौहान, बगीचा बीईओ सुदर्शन पटेल, एबीईओ दिलीप टोप्पो तथा केजीबीपी की अधीक्षिका श्रीमती मेलानी एक्का की विशेष भूमिका रही। वहीं कुनकुरी विकासखंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन पैंकरा, एबीईओ श्रीमती मारिया तिर्की एवं सेजेस प्राचार्य जे. सिंह का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।

और भी

बालाजी मंदिर के दीप श्रृंगार से कल शुरू होगा भाजपा का 'समरसता संकल्प महाभियान', संत रविदास की 650वीं जयंती पर साढ़े छह माह तक गांव-गांव पहुंचेगा समरसता और सामाजिक न्याय का संदेश

जशपुरनगरः संत सिरोमणी रविदास की 650 वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिले के प्रमुख मंदिरों में दीप प्रज्जवलित करेगी। इसके साथ ही कलश यात्रा के माध्यम से शहर से लेकर गांव तक भजन और प्रवचन के माध्यम से संत रविदास के आदर्शो व विचारों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए समरसता अभियान चलाएगी। लगभग साढ़े छह महिने तक चलने वाले इस अभियान के भाजपा ने राष्ट्र स्तर से लेकर मंडल स्तर तक टीम का गठन किया है। भाजपा के सरगुजा संभाग के संगठन प्रभारी अवधेश चंदेल ने उक्त बातें कही। उन्होनें जिला भाजपा कार्यालय राधाकांत भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में मिडिया को कार्यक्रम की उन्होने बताया कि पार्टी इस अभियान को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक जागरण और राष्ट्रीय एकता के व्यापक जनआंदोलन के रूप में संचालित करेगी। अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर होगा। इस दिन देशभर के मंदिरों में समरसता दीप महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों स्थानों पर दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा। इसके पश्चात कलश वंदन अभियान के माध्यम से वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी देशभर के राज्यों, जिलों, मंडलों और गांवों तक पहुंचाई जाएगी। विभिन्न स्थानों पर भजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रवचन और सामाजिक समरसता पर संगोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान के अंतर्गत भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता संत गुरु रविदास परंपरा से जुड़े संत-महात्माओं सहित विभिन्न धार्मिक परंपराओं के संतों से भेंट कर उनका सम्मान करेंगे। वहीं 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा निकाली जाएगी, जो पंजाब के डेरा सचखंड बल्लां से प्रारंभ होकर वाराणसी स्थित जन्मस्थली तक पहुंचेगी। यात्रा के दौरान संत सम्मेलन, समरसता गोष्ठियां, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर लाखों लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा। अभियान के अंतिम चरण में 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावास संपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान छात्रावासों में समरसता संवाद आयोजित कर युवाओं और विद्यार्थियों को संत गुरु रविदास महाराज के जीवन, उनके विचारों तथा सामाजिक न्याय और समानता के संदेश से परिचित कराया जाएगा। प्रेस वार्ता में जशपुर विधायक रायमुनी भगत, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जिला महामंत्री द्वय मुकेश शर्मा, मनीष अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, नपा अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला मीडिया प्रभारी फैजान सरवर खान, एस सी मोर्चा जिलाध्यक्ष देवधन नायक, जिला कार्यालय प्रभारी शरद चैरसिया, शहर मण्डल अध्यक्ष मुकेश सोनी तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


*बालाजी मंदिर में होगा दीप प्रज्जवलन*
          समरसता संकल्प महाभियान का शुभारंभ आज शहर के बालाजी मंदिर में दीप प्रज्जवलन के साथ होगा। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के साथ बड़ी संख्या में नगरवासी जुटेगें। मिडिया प्रभारी फैजान खान ने बताया कि भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भगवान बालाजी का दीप श्रृंगार करने की तैयारी पूरी कर ली है।

और भी

भाजपा जिला स्तरीय बैठक में संगठनात्मक समन्वय पर मंथन, अवधेश चंदेल बोले— सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारी प्राथमिकता

जशपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला जशपुर द्वारा जिला भाजपा कार्यालय में जिले के सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरगुजा संभाग संगठन प्रभारी अवधेश चंदेल, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, जशपुर विधायक रायमुनी भगत तथा जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन करते हुए संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने का आह्वान किया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए सरगुजा संभाग संगठन प्रभारी अवधेश चंदेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक जनप्रतिनिधि संगठन की विचारधारा, सेवा और सुशासन का प्रतिनिधि है। जनता ने भाजपा को विकास और विश्वास के आधार पर जनादेश दिया है, इसलिए प्रत्येक जनप्रतिनिधि का दायित्व है कि वह अपने क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही भाजपा की राजनीति का मूल उद्देश्य है। जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में नियमित जनसंपर्क करें, कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें तथा जनता और शासन के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, इसलिए संगठन की मर्यादा, अनुशासन और कार्यकर्ताओं के सम्मान को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका सशक्त संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। जनप्रतिनिधियों को संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करते हुए जनता के बीच अपनी सक्रिय उपस्थिति बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा, आदिवासी तथा वंचित वर्ग के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रत्येक जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि विकास कार्यों के साथ सामाजिक समरसता और जनविश्वास को भी मजबूत करें।

जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, खेल अधोसंरचना, मेडिकल कॉलेज, प्रधानमंत्री आवास सहित अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए जनप्रतिनिधियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करना चाहिए और प्रत्येक नागरिक की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा की पहचान सेवा, समर्पण और विकास की राजनीति है और इसी भावना के साथ सभी जनप्रतिनिधियों को कार्य करना होगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि पंचायत और स्थानीय निकाय लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई हैं। गांवों के विकास में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से गांव-गांव जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र हितग्राहियों को उनका लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक का संचालन करते हुए जिला महामंत्री मुकेश शर्मा ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों एवं अभियानों की जानकारी देते हुए सभी जनप्रतिनिधियों से संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना तथा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के बीच सतत समन्वय बनाए रखना समय की आवश्यकता है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि बैठक में निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जिला उपाध्यक्ष उपेंद्र यादव, अरविंद भगत, प्रभात सिदाम, सुशीला साय, राजकुमार सिंह, शांति भगत, ममता कश्यप, आरती सिंह, गेंदबिहारी सिंह, पिंकी गुप्ता, रविंद्र गुप्ता, अरविंद गुप्ता, देवधन नायक, मुकेश सोनी सहित जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, नगरपालिका एवं ग्राम पंचायतों के पार्षद तथा जिले भर के बड़ी संख्या में निर्वाचित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने, जनता से नियमित संवाद बनाए रखने तथा विकास और सुशासन के संकल्प को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने का सामूहिक आह्वान किया गया।

और भी