जंगल का कानून’ तोड़ने वालों पर वन विभाग का शिकंजा—वन्यजीव का शिकार कर पकाया मांस, चार आरोपी गिरफ्तार, गांव में मचा हड़कंप,अवैध शिकार का नेटवर्क खंगालने में जुटी टीम
ताजा खबरें


बड़ी खबर

जंगल का कानून’ तोड़ने वालों पर वन विभाग का शिकंजा—वन्यजीव का शिकार कर पकाया मांस, चार आरोपी गिरफ्तार, गांव में मचा हड़कंप,अवैध शिकार का नेटवर्क खंगालने में जुटी टीम

रायगढ़, 17 अप्रैल 2026। जिले के ग्राम देलारी में वन्यजीव शिकार और मांस पकाने का गंभीर मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई है और वन विभाग ने इसे गंभीर अपराध मानते हुए सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल को वन परिक्षेत्र रायगढ़ अंतर्गत ग्राम देलारी में कुछ लोगों द्वारा वन्यप्राणी का शिकार कर उसका मांस पकाए जाने की गुप्त सूचना वन विभाग को मिली थी। सूचना के आधार पर उप वनमंडलाधिकारी के निर्देश पर वन अमले ने तत्काल टीम गठित कर संबंधित स्थानों पर दबिश दी और विधिवत तलाशी अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान अलग-अलग आरोपियों के घरों से पकाया हुआ वन्यप्राणी का मांस बरामद किया गया। आत्माराम पिता धनीराम के घर से लगभग 0.400 किलोग्राम, हरिशंकर साव के घर से 1.400 किलोग्राम तथा तरुण के घर से 0.500 किलोग्राम पका हुआ मांस जब्त किया गया। वहीं चौथे आरोपी मोतीराम राठिया के संबंध में पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई कि उसने लगभग 1 किलोग्राम मांस पहले ही पकाकर खा लिया था, जिसकी पुष्टि उसके बयान से हुई है।

वन विभाग द्वारा इस पूरे मामले में पीओआर प्रकरण क्रमांक 7541/08 दिनांक 16 अप्रैल 2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वन अधिकारियों ने बताया कि यह मामला वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। विभाग द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शिकार किस वन्यप्राणी का किया गया और इसमें अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

Leave Your Comment

Click to reload image