मामूली घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, गुस्से में बेटे ने अपने ही पिता पर बरसाए लकड़ी से ताबड़तोड़ वार, सिर पर गंभीर चोट से मौके पर ही हुई मौत
ताजा खबरें


बड़ी खबर

मामूली घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, गुस्से में बेटे ने अपने ही पिता पर बरसाए लकड़ी से ताबड़तोड़ वार, सिर पर गंभीर चोट से मौके पर ही हुई मौत

जशपुर 18 अफ़्रैल2026। जिले के बागबहार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हल्दी झरिया के बढ़ई पारा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने ही अपने पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। घरेलू विवाद के चलते हुए इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल बना दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 की शाम करीब 4:30 बजे आरोपी विजय कुमार नाग (26 वर्ष) और उसके पिता सदानंद नाग (45 वर्ष) के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि मृतक अपने बेटे को काम नहीं करने को लेकर लगातार उलाहना दे रहा था, जिससे दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान गुस्से में आकर विजय नाग ने पास में रखी लकड़ी की फाड़ी उठाकर अपने पिता के सिर और माथे पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।

हमले की गंभीरता इतनी अधिक थी कि सदानंद नाग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के समय घर में मौजूद मृतक की पत्नी, जो आरोपी की सौतेली मां है, ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही बागबहार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव पंचनामा की कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट को मौत का कारण बताया और इसे हत्या का मामला माना।

मृतक की पत्नी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी विजय नाग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता उसे लगातार काम को लेकर ताना दे रहे थे और गुलेल से मारने की कोशिश कर रहे थे, जिससे वह आवेश में आ गया और यह खौफनाक कदम उठा बैठा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी की फाड़ी भी बरामद कर ली है।

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 18 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार शर्मा, सहायक उप निरीक्षक नारायण साहू, प्रधान आरक्षक मनधनी पैंकरा, आरक्षक पवन पैंकरा एवं अजय खेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मामले को लेकर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि घरेलू विवाद में पिता की हत्या करने वाले आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जघन्य अपराधों पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image