“पोस्ट ऑफ द मंथ” में चमके जशपुर के शिक्षक, नवाचार को मिला सम्मान – विनोबा ऐप बना शिक्षा क्रांति का नया हथियार, यशस्वी जशपुर की पहल से जिले में सीखने-सिखाने का बदला पूरा अंदाज
जशपुर 17 मार्च 2026
जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने हेतु जिला कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में ओपन लिंक्स फाउंडेशन द्वारा विनोबा ऐप के माध्यम से नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेंद्र सिन्हा के दिशा-निर्देश एवं यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी श्री विनोद कुमार गुप्ता के समन्वय से संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य एवं नवाचार के लिए ‘पोस्ट ऑफ द मंथ’ के अंतर्गत चयनित शिक्षकों को यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता एवं यशस्वी जशपुर के सदस्य संजीव शर्मा द्वारा प्रमाण पत्र एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता ने कहा कि यह सम्मान केवल अपने विद्यालय तक ही सीमित न रखकर अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रोत्साहित करे । विनोबा एप मे मॉर्निंग असेंबली से शिक्षकों के लिए रोज नए-नए टॉपिक साझा होता है जिससे विद्यार्थियों को आदर्श, संस्कार और सर्वांगीण विकास होगा। विनोबा ऐप शिक्षकों के लिए सीखने, नवाचार साझा करने और प्रेरणा प्राप्त करने का एक प्रभावी मंच है, जो शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
विनोबा के प्रोजेक्ट ऑफिसर श्री सोमनाथ साहू ने जानकारी दी कि यह ऐप जिले के शिक्षकों द्वारा किए जा रहे नवाचारों को साझा करने, आपसी सीख को बढ़ावा देने तथा शैक्षणिक गतिविधियों के दस्तावेजीकरण हेतु विकसित किया गया है। उल्लेखनीय है कि विनोबा भावे टीम जिले में एफएलएन, जवाहर नवोदय, जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग के साथ-साथ दैनिक उपस्थिति डाटा संग्रहण का कार्य भी यशस्वी जशपुर के समन्वय से कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान जिला स्तरीय पोस्ट ऑफ मंथ विजेता शिक्षकों मे श्रीमती सिरमती चौहान, श्रीमती शारदा पैकरा, श्रीमती सुमन रवानी, श्रीमती ममता कायता, शामिल रहे । मॉर्निंग असेंबली मे उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु श्री अरविन्द कुमार वर्मा, श्रीमती सलोमी केरकेट्टा, श्रीमती अनुराधा, शामिल रहे साथ ही ब्लॉक स्तरीय पोस्ट ऑफ मंथ मे श्रीमति रेनू प्रधान, श्रीमती आरती ओहदार, मोहम्मद वसीम, श्रीमति अंबेश्वरी कुलदीप और श्रीमति संतोषी डनसेना शामिल रहे। यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडे और श्रीमती सीमा गुप्ता के द्वारा सभी विजेता शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं।
