अघोरपीठ वामदेव नगर में बाबा भगवान राम ट्रस्ट द्वारा 27वें अघोरेश्वर महाविभूति स्थल चरणपादुका एवं शिवलिंग स्थापना वार्षिकोत्सव के अवसर पर दो दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर, देशभर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 1578 मरीजों का किया उपचार, रक्त परीक्षण और दवा वितरण सहित जनसेवा के अद्भुत संगम में ग्रामीणों ने लिया लाभ
ताजा खबरें

बड़ी खबर

अघोरपीठ वामदेव नगर में बाबा भगवान राम ट्रस्ट द्वारा 27वें अघोरेश्वर महाविभूति स्थल चरणपादुका एवं शिवलिंग स्थापना वार्षिकोत्सव के अवसर पर दो दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर, देशभर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 1578 मरीजों का किया उपचार, रक्त परीक्षण और दवा वितरण सहित जनसेवा के अद्भुत संगम में ग्रामीणों ने लिया लाभ

अघोरपीठ वामदेव नगर में उमड़ा आस्था और सेवा का सैलाब, 27वें वार्षिकोत्सव पर दो दिन में 1578 मरीजों का निःशुल्क इलाज, देशभर के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी सेवाएं 

जशपुर 17 मार्च 2026 :  अघोरपीठ वामदेव नगर में आयोजित बाबा भगवान राम ट्रस्ट का दो दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा शिविर इस वर्ष भी जनसेवा का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया। अघोरेश्वर महाविभूति स्थल चरणपादुका एवं शिवलिंग स्थापना के 27वें वार्षिकोत्सव के पावन अवसर पर 15 और 16 मार्च को आश्रम परिसर में आयोजित इस शिविर में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंचे और पूरे क्षेत्र में आस्था व सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला।

शिविर का शुभारंभ प्रातः 10 बजे परमपूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु के चित्र पर विधिवत पूजन, आरती और नारियल फोड़कर किया गया। इसके बाद पूज्यपाद द्वारा शिविर का निरीक्षण किया गया और उपस्थित सभी चिकित्सकों को कलम भेंट कर सम्मानित किया गया। निरीक्षण के तुरंत बाद चिकित्सा सेवा शुरू हुई जो पहले दिन शाम 5 बजे तक लगातार चलती रही। दूसरे दिन भी सुबह से ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी और देर शाम तक उपचार का सिलसिला जारी रहा।

दो दिनों के इस विशाल शिविर में कुल 1578 मरीजों का उपचार किया गया, जिसमें पहले दिन 849 और दूसरे दिन 729 मरीज शामिल रहे। सभी मरीजों का परीक्षण करने के बाद उन्हें ट्रस्ट की ओर से निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। खास बात यह रही कि मरीजों को केवल सामान्य इलाज ही नहीं, बल्कि विभिन्न विशेषज्ञताओं के डॉक्टरों द्वारा परामर्श और जांच की सुविधा भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई।

हर वर्ष की तरह इस बार भी ट्रस्ट ने देश के विभिन्न हिस्सों से नामी और अनुभवी चिकित्सकों को आमंत्रित किया था। प्रयागराज, वाराणसी, रांची, गुमला, मुंबई, नई दिल्ली, अम्बिकापुर, सासाराम, धनबाद, प्रतापगढ़ सहित कई शहरों से पहुंचे विशेषज्ञ डॉक्टरों ने हृदय रोग, दंत रोग, शिशु रोग, स्त्री रोग, शल्य चिकित्सा, जनरल फिजिशियन, होम्योपैथी, इलेक्ट्रो होम्योपैथी, फिजियोथेरेपी और एक्यूपंचर जैसी विभिन्न विधाओं में मरीजों को परामर्श और उपचार प्रदान किया। इसके साथ ही रक्त परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे मरीजों को त्वरित और सटीक इलाज मिल सका।

शिविर के दौरान दवा वितरण और व्यवस्था संचालन में ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने पूरे समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभाई। दवाइयों के वितरण से लेकर मरीजों के पंजीयन और जांच तक हर व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रही, जिससे कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति निर्मित नहीं हुई।

ग्रामीणों के लिए यह शिविर किसी वरदान से कम नहीं रहा, क्योंकि जहां सामान्य दिनों में विशेषज्ञ डॉक्टरों तक पहुंच पाना कठिन होता है, वहीं इस आयोजन के माध्यम से उन्हें एक ही स्थान पर सभी प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध हो गईं। यही कारण रहा कि सुबह से ही आश्रम परिसर में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।

बाबा भगवान राम ट्रस्ट द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने वाला यह चिकित्सा शिविर अब क्षेत्र में जनसेवा का एक सशक्त माध्यम बन चुका है। धार्मिक आस्था के साथ समाज सेवा का यह संगम लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन रहा है और जरूरतमंदों को राहत देने का काम कर रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image