ताजा खबरें


बड़ी खबर

सफलता के लिए संघर्ष के साथ सही रणनीति भी जरूरी, लक्ष्य पर रखें पूरा फोकस: डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा

​जशपुरनगर। 

संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर में अध्ययनरत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष प्रेरणादायक सत्र का आयोजन हुआ। इस सत्र में डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा ने विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन का अनुभव साझा किया। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन से लेकर डिप्टी कलेक्टर बनने तक के जीवन संघर्ष को साझा किया । 

सत्र में आगे डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा ने छात्रों के व्यक्तिगत  और बौद्धिक विकास के लिए कुछ अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी  बात की। उन्होंने मेहनत के बाद भी अपेक्षित परिणाम न‌ मिलने‌ पर ठहराव के बजाय रणनीति में बदलाव, समय प्रबंधन के साथ सही प्रयास, संतुलित और सक्रिय मस्तिष्क के साथ अपनी पूरी क्षमता का उपयोग और केवल लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने पर बात करते हुए प्लेटो इफेक्ट, पारेटो का सिद्धांत और रैट स्टोरी के माध्यम से समझाया। उन्होंने उभयहस्तता पर भी सेशन में चर्चा की।

उन्होंने छात्र-छात्राओं को मानसिक रूप से मजबूत बनने और याददाश्त को अपडेट करने के पहलुओं पर बात की। उन्होंने कहा कि अक्सर विद्यार्थियों को किसी विषयवस्तु में आने वाले वर्ष या महत्वपूर्ण तिथियां याद रखने में कठिनाई होती है। तो इसे आसान बनाने के लिए आप उसे किसी काल्पनिक कहानी से जोड़कर एक ट्रिक बना लें और उसे नोट कर लें, इस तरह से याद की गई चीजें आप जल्दी नहीं भूलेंगे। इसके साथ ही उन्होंने सभी को किशन चहल जी द्वारा लिखित सुप्रसिद्ध पुस्तक "आर्ट ऑफ मेमोरायजिंग" को पढ़ने की सलाह दी।

इस प्रेरणादायक सत्र के संकल्प के प्राचार्य विनोद गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। सत्र में विद्यार्थियों के साथ संस्थान के शिक्षक दीपक ग्वाला, राजेंद्र प्रेमी और अश्विनी सिंह भी उपस्थित रहे।

और भी

छत्तीसगढ़ में निवेश और कारोबार को मिलेगी नई रफ्तार, मुख्य सचिव की अध्यक्षता में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस बिल पर हुई अहम समीक्षा बैठक

रायपुर, 01 जुलाई 2026/ मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में वरिष्ठ सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।  बैठक में ’ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (डीरिग्युलेशन एंड फैसिलिटेशन) बिल, 2026’ के प्रारूप तथा निवेश संवर्धन, डिजिटल सुविधा और व्यवस्थित नियामकीय सुधारों के लिए तैयार किए गए परिचालन ढांचे पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में उद्योगों के लिए प्रक्रियाओं को अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने, निवेश को प्रोत्साहित करने तथा नागरिकों को शासकीय सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराने के उपायों की समीक्षा की गई। परिचालन ढांचे के अंतर्गत ’इन्वेस्ट छत्तीसगढ़’ के माध्यम से  प्रशासनिक व्यवस्था , पांच प्रमुख सिद्धांतों पर आधारित कार्यप्रणाली, 180 शासकीय सेवाओं का सरलीकरण तथा नौ विभागों को इस व्यवस्था से जोड़ने संबंधी प्रावधानों पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रक्रियाओं के सरलीकरण, डिजिटल सेवाओं के विस्तार तथा निवेशकों के लिए सुगम, पारदर्शी और निवेश-अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था से राज्य में निवेश को गति मिलेगी, उद्योगों के लिए कारोबार करना और अधिक सहज होगा तथा नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, त्वरित एवं प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक, विधि एवं विधायी विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती सुषमा सावंत, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव श्री अविनाश चम्पावत, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, नगरीय प्रशासन विभाग की सचिव सुश्री आर.शंगीता, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, मुख्यमंत्री एवं वाणिज्यिक कर विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस.भारतीदासन सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

मंत्रालय के तीन अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक दी गई भावभीनी विदाई, श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सम्मानपूर्ण भविष्य की दी शुभकामनाएं

रायपुर, 01 जुलाई 2026/ राज्य शासन की सेवा में दीर्घकाल तक योगदान देने के उपरांत अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए तीन अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मान में आज मंत्रालय महानदी भवन में सेवानिवृत्ति सम्मान समारोह आयोजित किया गया। वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सेवानिवृत्त होने वालों में श्रम विभाग के अवर सचिव श्री कीर्तिवर्धन उपाध्याय, गृह विभाग के स्टाफ ऑफिसर श्री राजेश हीरा तथा स्कूल शिक्षा विभाग के दफ्तरी श्री चैनसिंह शामिल हैं। इस अवसर पर मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ निभाई गई शासकीय सेवा सदैव प्रेरणादायी होती है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का योगदान शासन-प्रशासन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह में मंत्रालय के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

और भी

कलेक्टर रोहित व्यास की अभिनव पहल: जशपुर के विद्यार्थियों को मिलेगा एआई का आधुनिक ज्ञान, केंद्रीय विद्यालय जशपुर और पीएम श्री सेजेस पत्थलगांव में छह दिवसीय प्रशिक्षण शुरू


जशपुर नगर। 1 जुलाई 2026

कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में केंद्रीय विद्यालय जशपुर और पीएम श्री सेजेस पत्थलगांव में  ई- शिक्षा पर आधारित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षण प्रशिक्षण आज से शुरू हुआ। दोनों विद्यालयों में यह प्रशिक्षण आगामी 6 दिनों तक चलेगा।  इस कार्यक्रम से कक्षा नवी से 12वीं तक के लगभग 2000 विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। 

तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने और अध्ययन में इसके उपयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन के द्वारा पीएमश्री, केंद्रीय, नवोदय , स्वामी आत्मानंद, कस्तूरबा गांधी और आईसीटी लैब युक्त विद्यालयों में एआई शिक्षण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कराया जा रहा है। 

केंद्रीय विद्यालय जशपुर में बीईओ श्रीमती कल्पना टोप्पो, एबीईओ टुमनू गोसाईं, यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय और केंद्रीय विद्यालय के कंप्यूटर टीचर वसीम फारूक की उपस्थिति में प्रशिक्षण प्रारंभ हुआ। 

जशपुर में ट्रेनर्स सुश्री रेणुका चक्रधारी, सुश्री संजना मरकाम और पत्थलगांव में सुश्री नीतू और सुश्री प्रियंका ठाकुर ट्रेनिंग दे रही है।  पहले दिन विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल अवधारणा और कार्यप्रणाली के साथ बताया कि एआई क्या है और किस प्रकार कार्य करता है। कार्यशाला में एआई टूल्स के सैद्धांतिक और प्रयोगिक सत्र शामिल रहे । प्रशिक्षकों ने बताया कि एआई भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है और यह तकनीक हेल्थकेयर, शिक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से उपयोगी हो रही है। कार्यशाला में विद्यार्थियों को यह भी सिखाया गया कि एआई टूल्स के लिए प्रॉम्प्ट कैसे देने है, उदाहरणों के साथ इसे समझाया। प्रशिक्षण की शुरुआत एक मज़ेदार एनर्जाइज़र एक्टिविटी से हुई, इसके बाद प्रशिक्षकों द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का विस्तृत परिचय दिया गया, जिसमें इसके बेसिक्स, महत्व और दैनिक जीवन में इसके रियल-लाइफ एप्लीकेशंस पर चर्चा की गई। साथ ही, AI की हिस्ट्री और इसके इवोल्यूशन को बताया गया। सत्र में आधुनिक एआई टूल्स का लाइव डेमोंस्ट्रेशन रहा, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को गूगल लेंस, गूगल ट्रांसलेट, चैट जीपीटी और जैमिनी जैसे टूल्स का लाइव डेमो देकर उनके प्रैक्टिकल उपयोग सिखाए गए। 

पीएम श्री सेजेस पत्थलगांव में बीईओ कमलेश यादव, बीआरसीसी जगन्नाथ पाढ़ी , प्राचार्य श्रीमती तनु ठाकुर की उपस्थिति में प्रशिक्षण शुरू हुआ।   सभी विद्यालयों में लैब में उपलब्ध कंप्यूटर की संख्या के आधार पर विद्यार्थियों को बैच में लगातार तीन दिनों तक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

और भी

मक्का बाड़ी से लौट रही 28 वर्षीय महिला पर गिरी आकाशीय बिजली, मौके पर हुई मौत; प्रशासन ने बरसात के मौसम में सतर्क रहने की अपील की

जशपुर :- धोरापाठ क्षेत्र में बुधवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने की दर्दनाक घटना में एक 28 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतका की पहचान चिंतामुनि (28 वर्ष), पति राम, निवासी धोरापाठ के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चिंतामुनि बुधवार दोपहर अपने मक्का बाड़ी में कृषि कार्य करने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान लगभग दोपहर 1 बजे अचानक मौसम बदल गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने तत्काल उन्हें एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दौरान मौसम अचानक खराब हो गया था और तेज गर्जना के बीच वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से यह दुखद हादसा हो गया।

प्रशासन ने घटना के बाद लोगों से बरसात के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेतों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। मौसम खराब होने पर सुरक्षित भवन या घर के भीतर ही रहें तथा अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से परहेज करें। किसानों और खेतों में काम करने वाले लोगों से भी मौसम की स्थिति पर नजर रखते हुए सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है।

और भी

छत्तीसगढ़ में जनपद पंचायत सीईओ का बड़ा फेरबदल, जशपुर के कुनकुरी, मनोरा और फरसाबहार समेत 33 अधिकारियों के तबादले

रायपुर/, 1 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ शासन के आदिम जाति विकास विभाग ने प्रदेश में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए जनपद पंचायतों में पदस्थ 33 मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) एवं प्रभारी सीईओ के तबादले के आदेश जारी किए हैं। शासन द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है तथा सभी स्थानांतरित अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस व्यापक तबादला सूची में जशपुर जिले के कुनकुरी, मनोरा और फरसाबहार जनपद पंचायत भी शामिल हैं। आदेश के अनुसार जनपद पंचायत कुनकुरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के.के. श्रीवास को स्थानांतरित कर जनपद पंचायत पाली (कोरबा) का प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी बनाया गया है। उनकी जगह जनपद पंचायत तमनार (रायगढ़) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संजय कुमार चंद्रा को कुनकुरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी प्रकार जनपद पंचायत मनोरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रघुनाथ राम का स्थानांतरण सीतापुर (सरगुजा) कर दिया गया है, जबकि प्रतापपुर (सूरजपुर) में पदस्थ जयगोविंद गुप्ता को मनोरा का नया मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं फरसाबहार के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनिल कुमार तिवारी को प्रतापपुर (सूरजपुर) भेजा गया है।

तबादला आदेश में रायगढ़, सरगुजा, कोरबा, बस्तर, नारायणपुर, कांकेर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, धमतरी, बिलासपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बलरामपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में पदस्थ अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। शासन ने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी निर्धारित समयावधि में नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना विभाग को उपलब्ध कराएंगे।

Toch for पीडीएफ

और भी

जशपुर नगर पालिका में नई जिम्मेदारियों की शुरुआत: दो नवनिर्वाचित और पांच मनोनीत पार्षदों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ, विकास और जनसेवा का लिया संकल्प

  जशपुरनगर, 01 जुलाई 2026/ नगर पालिका परिषद जशपुर के वार्ड क्रमांक 08 एवं 14 में संपन्न उपचुनाव के नवनिर्वाचित पार्षदों तथा शासन द्वारा मनोनीत पांच पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आज नगर पालिका परिषद के सभाकक्ष में आयोजित किया गया। डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री समीर बड़ा ने सभी नवनिर्वाचित एवं मनोनीत पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, पूर्व सांसद श्री राजा रणविजय सिंह जूदेव, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के पूर्व अध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार राय, श्री ओमप्रकाश सिन्हा, नगर पालिका जशपुर के सीएमओ श्री योगेश्वर उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
    इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने नवनिर्वाचित एवं मनोनीत पार्षदों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी जिम्मेदारी नगर के समग्र विकास और नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पार्षद दृढ़ संकल्प और जनसेवा की भावना के साथ नगर के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। पूर्व सांसद श्री राजा रणविजय सिंह जूदेव ने भी सभी पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शहर के सर्वांगीण विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का समन्वित प्रयास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निराकरण करना जनप्रतिनिधियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

*दो नवनिर्वाचित एवं पांच मनोनीत पार्षदों ने ली शपथ*

शपथ ग्रहण समारोह में वार्ड क्रमांक 08 से प्रेमलता साहू (भारतीय जनता पार्टी) तथा वार्ड क्रमांक 14 से प्रिया सिंग (भारतीय जनता पार्टी) ने नवनिर्वाचित पार्षद के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इसी प्रकार शासन द्वारा मनोनीत पार्षदों में श्री संतोष सिंह, श्री राधेश्याम राम, श्री रूपेश सोनी, श्री ओमप्रकाश नायक एवं श्रीमती नीतू गुप्ता ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। शपथ ग्रहण सामरोह के अंत में आभार प्रदर्शन नगर पालिका जशपुर के अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत ने किया।

और भी

फर्जी e-Challan के नाम पर साइबर ठगी का नया जाल, जशपुर परिवहन विभाग ने जारी की चेतावनी; सिर्फ सरकारी पोर्टल से ही करें चालान का भुगतान

*जशपुरनगर 1 जुलाई 2026/* साइबर अपराधियों द्वारा फर्जी e-Challan के SMS, WhatsApp और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को ठगने की घटनाएं सामने आने पर जिला परिवहन अधिकारी जशपुर ने जन जागरूकता हेतु अपील की गई है।  वर्तमान में साइबर अपराधियों द्वारा आम नागरिकों को भ्रमित करने के उद्देश्य से फर्जी e-Challan के भ्रामक लिंक भेजे जा रहे हैं। इन लिंक के माध्यम से नागरिकों की बैंकिंग एवं अन्य गोपनीय जानकारी प्राप्त कर साइबर धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। भारत सरकार के आधिकारिक e-Challan पोर्टल पर भी नागरिकों को ऐसे फर्जी पोर्टलों एवं संदेशों से सावधान रहने की चेतावनी प्रदर्शित की गई है।  

                 आमजन को साइबर ठगी से सुरक्षित रखने एवं जागरूक करने के उद्देश्य से आधिकारिक e-Challan पोर्टल *https://echallan.parivahan.gov.in* अथवा संबंधित राज्य पुलिस/परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट/मोबाइल ऐप के माध्यम से ही भुगतान करने की अपील की गई है। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी गई है।

और भी

अब सड़क पर नहीं दौड़ेंगे दोहरे लोहे के पिंजरे वाले ट्रैक्टर, कलेक्टर रोहित व्यास के सख्त निर्देश—उल्लंघन पर होगी चालानी और वैधानिक कार्रवाई


  जशपुरनगर, 01 जूलाई 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा एवं सार्वजनिक संपत्तियों के संरक्षण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खेतों में उपयोग के लिए लगाए जाने वाले दोहरे लोहे के पिंजरे (आयरन केज व्हील) वाले ट्रैक्टरों का सामान्य सड़कों, सीमेंट सड़कों तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर संचालन तत्काल प्रभाव से रोका जाए। कलेक्टर ने कहा कि आयरन केज व्हील केवल कृषि कार्यों के लिए बनाए गए हैं। इनका सार्वजनिक सड़कों पर उपयोग मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के विपरीत है। ऐसे ट्रैक्टरों के सड़क पर चलने से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है तथा सड़कों को भी गंभीर क्षति पहुंचती है। इससे दुघर्टना की भी आशंका रहती है। 
   बैठक में अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि जिले के कुछ क्षेत्रों में रबर टायरों के स्थान पर दोहरे लोहे के पिंजरे लगे ट्रैक्टरों का उपयोग सड़कों पर किया जा रहा है। इससे सड़कों की सतह तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है। साथ ही इस संबंध में माननीय उच्च न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत शपथ-पत्र का भी उल्लंघन हो रहा है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि खेतों में उपयोग के लिए लगाए गए लोहे के पिंजरे वाले पहियों को सार्वजनिक सड़क पर आने से पहले हटाकर रबर के टायर लगाना अनिवार्य है। बिना रबर टायर के ऐसे ट्रैक्टरों का किसी भी सार्वजनिक सड़क पर संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
    कलेक्टर ने संबंधित विभागों को किसानों एवं ट्रैक्टर संचालकों के बीच व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें मोटर वाहन अधिनियम एवं सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी जा सके। साथ ही कहा कि निर्देशों का उल्लंघन करने वाले ट्रैक्टर संचालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई के साथ अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। कलेक्टर ने जिला प्रशासन ने  संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर बिना रबर टायर के दोहरे लोहे के पिंजरे (आयरन केज व्हील) वाले ट्रैक्टरों के सार्वजनिक सड़कों पर संचालन पर प्रभावी रोक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

और भी

राशिफल : किस राशि पर बरसेगी मां लक्ष्मी की कृपा और किसे रहना होगा हर कदम पर सतर्क? पढ़ें मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का विस्तृत भविष्यफल

 

1 जुलाई 2026 का दिन कई राशियों के लिए नई संभावनाओं, रुके हुए कार्यों में गति और आत्मविश्वास में वृद्धि का संकेत दे रहा है। ग्रहों की स्थिति के प्रभाव से कुछ राशियों को करियर और व्यापार में लाभ मिलेगा, जबकि कुछ को धैर्य और संयम से काम लेने की आवश्यकता होगी। आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का विस्तृत राशिफल।

♈ मेष राशि

आज का दिन ऊर्जा और उत्साह से भरपूर रहेगा। लंबे समय से जिस कार्य में रुकावट आ रही थी, उसमें प्रगति होने के संकेत हैं। नौकरीपेशा लोगों को अधिकारियों का सहयोग मिलेगा और नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। व्यापारियों के लिए नए ग्राहकों और नए सौदों से लाभ के योग बन रहे हैं। आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर होगी, हालांकि अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखना जरूरी रहेगा। परिवार में किसी शुभ समाचार से खुशी का माहौल बनेगा। दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी तथा प्रेम संबंधों में विश्वास मजबूत होगा। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन अत्यधिक भागदौड़ से थकान हो सकती है।

शुभ रंग: लाल
शुभ अंक: 9

♉ वृषभ राशि

आज धैर्य और विवेक आपके सबसे बड़े साथी होंगे। किसी पुराने विवाद या पारिवारिक मतभेद का समाधान निकल सकता है। नौकरी में आपकी मेहनत की सराहना होगी और वरिष्ठ अधिकारी आपके कार्य से संतुष्ट रहेंगे। व्यापार में निवेश करने से पहले पूरी जानकारी अवश्य लें। धन संबंधी मामलों में लाभ के योग हैं। परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा और घर का वातावरण सुखद रहेगा। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य की दृष्टि से खान-पान पर विशेष ध्यान दें।

शुभ रंग: सफेद
शुभ अंक: 6

♊ मिथुन राशि

आज का दिन नई योजनाओं की शुरुआत के लिए अनुकूल रहेगा। आपकी वाणी और व्यवहार लोगों को प्रभावित करेंगे। नौकरी में पदोन्नति या नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। व्यापार में लाभ के नए रास्ते खुल सकते हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और रुका हुआ धन वापस मिलने के संकेत हैं। मित्रों का सहयोग मिलेगा। प्रेम जीवन में खुशियां आएंगी। विद्यार्थियों के लिए दिन उत्साहवर्धक रहेगा। यात्रा लाभदायक सिद्ध हो सकती है।

शुभ रंग: हरा
शुभ अंक: 5

♋ कर्क राशि

आज भावनाओं में बहकर कोई महत्वपूर्ण निर्णय न लें। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत रंग लाएगी, लेकिन सफलता पाने के लिए धैर्य बनाए रखना होगा। व्यापार में सामान्य लाभ रहेगा। परिवार के किसी सदस्य की सलाह आपके लिए लाभदायक सिद्ध हो सकती है। आर्थिक मामलों में सावधानी रखें। जीवनसाथी के साथ संबंध बेहतर होंगे। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन तनाव से बचने का प्रयास करें।

शुभ रंग: क्रीम
शुभ अंक: 2

♌ सिंह राशि

आज आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता में वृद्धि होगी। कार्यक्षेत्र में आपकी प्रतिभा की सराहना होगी। नौकरी में पदोन्नति या वेतन वृद्धि की चर्चा हो सकती है। व्यापार में बड़ा लाभ मिलने की संभावना है। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। परिवार में किसी शुभ कार्य की योजना बन सकती है। प्रेम संबंध मजबूत होंगे। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।

शुभ रंग: सुनहरा
शुभ अंक: 1

♍ कन्या राशि

आज योजनाबद्ध तरीके से किया गया कार्य सफलता दिलाएगा। नौकरी में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। व्यापारियों को नए अनुबंध मिलने की संभावना है। आर्थिक मामलों में लाभ रहेगा। विद्यार्थियों को पढ़ाई में मन लगेगा। परिवार का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य की दृष्टि से नियमित दिनचर्या बनाए रखें।

शुभ रंग: हरा
शुभ अंक: 5

♎ तुला राशि

आज संतुलित सोच और शांत स्वभाव आपको सफलता दिलाएगा। नौकरी और व्यवसाय दोनों में प्रगति होगी। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। किसी पुराने मित्र से मुलाकात हो सकती है। दांपत्य जीवन सुखद रहेगा। प्रेम संबंधों में विश्वास बढ़ेगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।

शुभ रंग: गुलाबी
शुभ अंक: 6

♏ वृश्चिक राशि

आज का दिन आत्मविश्वास से भरपूर रहेगा। लंबे समय से रुके हुए कार्य पूरे हो सकते हैं। व्यापार में लाभ होगा और नौकरी में अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ सकती है। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

शुभ रंग: मैरून
शुभ अंक: 8

♐ धनु राशि

भाग्य आज आपका पूरा साथ देगा। करियर में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे। व्यापार में विस्तार की योजना सफल हो सकती है। आर्थिक लाभ के अच्छे संकेत हैं। परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलने की संभावना है। यात्रा शुभ रहेगी।

शुभ रंग: पीला
शुभ अंक: 3

♑ मकर राशि

आज मेहनत का पूरा फल मिलने के योग हैं। नौकरी में पदोन्नति या नई जिम्मेदारी मिल सकती है। व्यापार में नए सौदे लाभदायक रहेंगे। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। परिवार का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, लेकिन पर्याप्त आराम करना जरूरी होगा।

शुभ रंग: नीला
शुभ अंक: 8

♒ कुंभ राशि

आज रचनात्मक कार्यों में सफलता मिलेगी। नौकरी में नए अवसर प्राप्त होंगे। व्यापार में लाभ और विस्तार के संकेत हैं। मित्रों और परिवार का पूरा सहयोग मिलेगा। प्रेम जीवन सुखद रहेगा। आर्थिक मामलों में सोच-समझकर निवेश करें। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।

शुभ रंग: आसमानी
शुभ अंक: 4

♓ मीन राशि

आज मानसिक शांति और आत्मविश्वास बना रहेगा। रुके हुए कार्य पूरे होंगे। नौकरी और व्यापार में लाभ मिलने के योग हैं। आर्थिक स्थिति बेहतर होगी। परिवार के साथ सुखद समय बिताने का अवसर मिलेगा। धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।

शुभ रंग: पीला
शुभ अंक: 7

1 जुलाई 2026 का दिन अधिकांश राशियों के लिए सकारात्मक ऊर्जा, नए अवसर और आत्मविश्वास लेकर आया है। जो लोग लंबे समय से किसी कार्य के पूरा होने की प्रतीक्षा कर रहे थे, उन्हें शुभ समाचार मिल सकता है। आर्थिक मामलों में समझदारी और संयम लाभदायक रहेगा। परिवार और मित्रों का सहयोग मनोबल बढ़ाएगा। सकारात्मक सोच, धैर्य और निरंतर प्रयास आपको सफलता की ओर ले जाएंगे।

और भी

रामगढ़ की ऐतिहासिक विरासत को मिलेगी वैश्विक पहचान, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की करोड़ों की सौगात, पहाड़ी कोरवा बच्चों का कराया शाला प्रवेश, टूरिज्म इन्फ्लूएंसर्स हुए सम्मानित

रायपुर, 30 जून 2026/रामगढ़ केवल एक सांस्कृतिक आयोजन का केंद्र नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपरा, प्रकृति पूजा, आस्था, इतिहास और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। सरगुजा की यह पवित्र भूमि प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर है। अनेक प्राचीन ग्रंथों में रामगढ़ का उल्लेख मिलता है, जो इसकी ऐतिहासिक महत्ता को प्रमाणित करता है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज सरगुजा जिले के ऐतिहासिक दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव-2026 के  समापन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जनश्रुतियों के अनुसार त्रेतायुग में वनवास के दौरान भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण ने इस क्षेत्र में समय व्यतीत किया था। सीताबेंगरा गुफा आज भी श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है तथा रामगढ़ की हवाओं और शिलाओं में रामायण की स्मृतियां आज भी जीवंत हैं।

उन्होंने कहा कि सीताबेंगरा गुफा भारत की सबसे प्राचीन नाट्यशालाओं में से एक मानी जाती है, जहां हजारों वर्ष पूर्व सांस्कृतिक आयोजन और नाट्य प्रस्तुतियां होती थीं। वहीं जोगीमारा गुफा अपनी प्राचीन भित्तिचित्र कला के लिए विश्वविख्यात है। हाथीपोल जैसी प्राकृतिक शैल संरचना तथा यहां के प्राचीन शिल्प हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के साक्षी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकवि कालिदास द्वारा मेघदूतम् की रचना इसी क्षेत्र में किए जाने का उल्लेख मिलता है, जिससे रामगढ़ का साहित्यिक महत्व और अधिक बढ़ जाता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार रामगढ़, सीताबेंगरा और जोगीमारा जैसी ऐतिहासिक धरोहरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। यहां पर्यटक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इस क्षेत्र के इतिहास, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य से परिचित हो सकें। उन्होंने कहा कि जिस भव्यता के साथ इस वर्ष रामगढ़ महोत्सव का आयोजन हुआ है, उसी भव्यता के साथ यह महोत्सव प्रतिवर्ष आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सरगुजा जिले में 2,387 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। प्रदेश में लोगों के पक्के आवास का सपना तेजी से साकार हो रहा है। 18 लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति प्रदान की गई है तथा प्रतिदिन लगभग 1,600 आवास बनकर तैयार हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस के कारण बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली है। पुनर्वासित नक्सलियों तथा विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) परिवारों को भी आवास उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किसानों से 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। 13 लाख किसानों को दो वर्षों का बकाया बोनस प्रदान किया गया है। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत महिलाओं के खातों में प्रतिमाह 1,000 रुपये अंतरित किए जा रहे हैं। रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 49 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या दर्शन कराया गया है। तीर्थयात्रा दर्शन योजना के अंतर्गत देश के 19 प्रमुख तीर्थस्थलों को शामिल किया गया है, जहां वरिष्ठ नागरिक अपनी इच्छा के अनुसार दर्शन कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए विभिन्न विभागों में लगातार भर्ती प्रक्रिया संचालित की जा रही है। आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रारंभ की गई है, जिसके माध्यम से लोगों की शिकायतों का प्रभावी समाधान किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रामगढ़ के विकास के लिए 1 करोड़ रुपये प्रदान करने की घोषणा की। साथ ही क्षेत्रवासियों की मांग पर उदयपुर एवं डूमरडीह को मिलाकर नगर पंचायत के गठन की घोषणा भी की।

इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि रामगढ़ महोत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला और गौरवशाली परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का सशक्त माध्यम है। यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य कर रहा है।

कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम ने सभी को रामगढ़ महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लगभग 50 वर्षों से आयोजित हो रहा यह महोत्सव ऐतिहासिक, पौराणिक और पुरातात्विक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

*मुख्यमंत्री ने पहाड़ी कोरवा बच्चों का कराया शाला प्रवेश, टूरिज्म इन्फ्लूएंसर्स को किया सम्मानित*

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने मंच से विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा समुदाय के छह बच्चों का शाला प्रवेश कराया। उन्होंने बच्चों को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई तथा स्कूल बैग, वॉटर बॉटल सहित अध्ययन सामग्री प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने 26 से 30 जून तक सरगुजा जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर विशेष डॉक्यूमेंट्री तैयार करने वाले टूरिज्म इन्फ्लूएंसर्स को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया।

समापन समारोह में विधायक श्री प्रबोध मिंज, विधायक श्री रामकुमार टोप्पो, विधायक श्रीमती शकुंतला पोर्ते, विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैंकरा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर सहित अन्य विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

और भी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सीताबेंगरा-जोगीमारा की अमूल्य धरोहर का किया अवलोकन, बोले— आने वाली पीढ़ियों के लिए इन्हें सहेजना हमारी जिम्मेदारी

रायपुर 30 जून 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ऐतिहासिक एवं रामवनगमन पर्यटन परिपथ से जुड़े रामगढ़ में आयोजित दो दिवसीय "रामगढ़ महोत्सव-2026" के समापन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने विश्व की प्राचीनतम नाट्यशाला के रूप में विख्यात सीताबेंगरा गुफा का अवलोकन किया तथा इसकी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं स्थापत्य विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही जोगीमारा गुफा के प्राचीन शिलालेख, भित्तिचित्रों तथा क्षेत्र की अनूठी प्राकृतिक धरोहर हाथीपोल का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि रामगढ़ सरगुजा की हजारों वर्ष पुरानी सांस्कृतिक चेतना, कला, आस्था और गौरवशाली इतिहास का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विश्व की प्राचीनतम नाट्यशाला के रूप में विख्यात यह स्थल संस्कृति, इतिहास, साहित्य एवं पर्यटन का अद्भुत संगम है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती केवल प्राकृतिक संपदा से ही समृद्ध नहीं है, बल्कि इसकी सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक विरासत भी विश्व स्तर पर विशिष्ट पहचान रखती है। रामगढ़ जैसी धरोहरें हमारी ऐतिहासिक अस्मिता और सांस्कृतिक गौरव की अमूल्य निधि हैं, जिनका संरक्षण और संवर्धन हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इन धरोहरों के संरक्षण, संवर्धन तथा पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकें और स्थानीय लोगों को भी रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर प्राप्त हों।

उल्लेखनीय है कि रामगढ़ पर्वत की पश्चिमी ढलान पर स्थित सीताबेंगरा एवं जोगीमारा गुफाएँ भारतीय इतिहास, स्थापत्य, शिलालेख एवं चित्रकला की अनुपम धरोहर मानी जाती हैं। मान्यता है कि महाकवि कालिदास ने इन्हीं पहाड़ियों में अपनी कालजयी कृति "मेघदूतम्" की रचना की थी, जिसका आरंभ "आषाढस्य प्रथमदिवसे" से होता है। इसी ऐतिहासिक एवं साहित्यिक स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष आषाढ़ के प्रथम दिवस पर रामगढ़ महोत्सव का आयोजन किया जाता है। लगभग 44 फीट लंबी सीताबेंगरा गुफा में निर्मित प्राकृतिक रंगमंच, जोगीमारा गुफा में तीसरी-दूसरी शताब्दी ईसा पूर्व की भित्तिचित्र परंपरा तथा यहाँ प्राप्त प्राचीन अभिलेख इस क्षेत्र को विश्व स्तर पर विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं।

रामगढ़ की एक अन्य महत्वपूर्ण पहचान "हाथीपोल" नामक प्राकृतिक सुरंग है। लगभग 180 फीट लंबी तथा 15 से 20 फीट ऊँची यह प्राकृतिक सुरंग अपनी अनूठी संरचना के कारण पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। माना जाता है कि वर्षों तक जल प्रवाह के कारण इसका वर्तमान स्वरूप विकसित हुआ। सुरंग के दूसरे छोर पर स्थित सीताबेंगरा एवं जोगीमारा गुफाएँ इस सम्पूर्ण क्षेत्र को और अधिक रहस्यमयी, आकर्षक एवं ऐतिहासिक महत्व प्रदान करती हैं। रामगढ़ पर्वत के निचले शिखर पर स्थित इन कलात्मक गुफाओं का संबंध रामायणकालीन परंपराओं से भी जोड़ा जाता है, जिसके कारण यह स्थल धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।

और भी

मातृशक्ति, प्रकृति और प्रभु श्रीराम के चरणों में मुख्यमंत्री का नमन: राम वाटिका में रुद्राक्ष रोपकर दिया हरित भविष्य का संकल्प, "एक पेड़ माँ के नाम 3.0" अभियान को मिली नई ऊर्जा


        
रायपुर 30 जून 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने  आज अपने सरगुजा प्रवास के दौरान विकासखंड उदयपुर स्थित रामगढ़ के फॉरेस्ट रेस्ट हाउस "राम वाटिका" में स्थापित भगवान श्री राम की प्रतिमा को नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की, इसके साथ ही उन्होंने "एक पेड़ माँ के नाम 3.0" अभियान के अंतर्गत रुद्राक्ष का पौधारोपण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को मातृशक्ति एवं प्रकृति के प्रति श्रद्धा तथा आत्मीय जुड़ाव का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि माँ के नाम पर लगाया गया एक पौधा न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सार्थक पहल है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित भविष्य की सुदृढ़ आधारशिला भी है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएँ तथा उनके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लें, ताकि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करते हुए प्रकृति के संतुलन को बनाए रखा जा सके।

भगवान श्री राम की प्रतिमा को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्री राम का जीवन मर्यादा, सत्य, त्याग एवं कर्तव्यपरायणता का अनुपम आदर्श है, जो युगों-युगों से समस्त मानवता का मार्गदर्शन करता आ रहा है। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से प्रभु श्री राम द्वारा प्रशस्त आदर्श पथ पर चलते हुए सेवा, सद्भाव एवं समर्पण के भाव से समाज एवं राष्ट्र के उत्थान में सहभागी बनने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

और भी

**सहायक शिक्षकों के साथ बड़ा अन्याय! त्रिस्तरीय समयमान वेतनमान स्वीकृत किए बिना विकल्प भरने का आदेश अव्यावहारिक, शिक्षक फेडरेशन ने सरकार से उठाए तीखे सवाल


जशपुर 
छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी तथा जिला अध्यक्ष विनोद गुप्ता , महामंत्री संजीव शर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्रचलित क्रमोन्नति योजनाओं का वित्त विभाग के प्रचलित समयमान वेतनमान में समाहित करने संबंधी 9 जून 26 को सामान्य प्रशासन विभाग का आदेश औचित्यपूर्ण नहीं है।
        उन्होंने बताया कि शासकीय कर्मचारियों के लिए क्रमोन्नति योजना मध्यप्रदेश शासन द्वारा शासकीय सेवा में प्रथम नियमित नियुक्ति से एक ही वेतनमान में 12 एवं 24 वर्ष की सेवा अवधि पूर्ण करने की स्थिति में क्रमोन्नत वेतनमान स्वीकृत किया गया था। जोकि 19/4/99 से प्रभावशील था। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग छत्तीसगढ़ के आदेश 24/4/2006 के द्वारा शिक्षक संवर्ग सहायक शिक्षक वेतनमान 4000-6000 ग्रेड पे 2400 को 12 एवं 24 वर्ष में क्रमशः 5000-8000 (ग्रेड पे 4200) तथा 5500-9000 (ग्रेड पे 4300) स्वीकृत हुआ था।साथ ही,शिक्षक 5000-8000 को 5500-9000,व्याख्याता 5500-9000 को 6500-10500 तथा 7500-12500 का क्रमोन्नत वेतनमान स्वीकृत हुआ था।
          उन्होंने बताया कि वित्त विभाग छत्तीसगढ़ शासन का आदेश 28 अप्रैल 2008 (वित्त निर्देश 11/2008) के द्वारा तत्समय प्रभावशील क्रमोन्नति योजना को संशोधित कर 1 अप्रैल 2006 से समयमान वेतन योजना लागू किया गया था।  परिशिष्ट-1 में प्रारंभिक वेतनमान 4000-6000 (5200-20200+2400) का प्रथम उच्चतर वेतनमान 4500-7000 (5200-20200 +2800) तथा द्वितीय उच्चतर वेतनमान 5000-8000 (9300-34800 +4200) है। लेकिन छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश 24/4/2006 के द्वारा शिक्षक संवर्ग सहायक शिक्षक का वेतनमान 4000-6000 ग्रेड पे 2400 को 12 एवं 24 वर्ष में क्रमशः 5000-8000 (ग्रेड पे 4200) तथा 5500-9000 (ग्रेड पे 4300) स्वीकृत हुआ था। सामान्य प्रशासन विभाग का आदेश 10/3/2017 द्वारा  10 वर्ष एवं 20 वर्ष पश्चात प्रथम एवं द्वितीय क्रमोन्नति स्वीकृत हुआ था।

     फेडरेशन का प्रश्न है कि यदि सहायक शिक्षक क्रमोन्नति योजना का विकल्प लेता है तो उसे अन्य शासकीय सेवक के समान तृतीय उच्चतर वेतनमान का लाभ नहीं मिलेगा। यदि समयमान योजना का विकल्प लेता है तो उसे स्वीकृत नहीं होगा क्योंकि *सहायक शिक्षक को त्रिस्तरीय समयमान वेतनमान का लाभ  स्वीकृत ही नहीं हुआ है।* ऐसे स्थिति में समयमान वेतनमान का विकल्प लेना संभव ही नहीं है।जबकि उच्च वर्ग शिक्षक,व्याख्याता,प्राचार्य को समयमान वेतनमान का लाभ पूर्व स्वीकृत है।उल्लेखनीय है कि समयमान वेतनमान के लाभ हेतु सेवाकाल की गणना सेवा में प्रवेश की तिथि से किया जाता है।छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन ने सहायक शिक्षक संवर्ग को त्रिस्तरीय समयमान वेतनमान स्वीकृत होने के पश्चात ही विकल्प लेने अंतिम तिथि में वृद्धि करने का माँग मुख्यमंत्री, मुख्यसचिव,सचिव सामान्य प्रशासन विभाग एवं सचिव स्कूल शिक्षा से किया है।

और भी

गुरु चरणों में उमड़ेगी अटूट श्रद्धा... पड़ाव वाराणसी में गुरु पूर्णिमा पर उमड़ेगा लाखों भक्तों का जनसैलाब, तीन दिनों तक धर्म, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का महापर्व

नारायणपुर। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पवित्र गुरु पूर्णिमा पर्व पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित पड़ाव में अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम् एवं अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम के पावन परिसर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। श्रद्धा, भक्ति और गुरु-शिष्य परंपरा के इस महापर्व में देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर आश्रम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

गुरु पूर्णिमा महोत्सव के साथ ही श्री सर्वेश्वरी समूह का 66वां अखिल भारतीय वार्षिक अधिवेशन भी आयोजित होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में आध्यात्मिक प्रवचन, गुरु दर्शन-पूजन, सामूहिक प्रार्थना, विचार-विमर्श, भजन-कीर्तन, युवा एवं महिला सम्मेलन सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

29 जुलाई को होगा गुरु दर्शन-पूजन का मुख्य आकर्षण

आयोजन के तहत 29 जुलाई (बुधवार) को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सुबह ध्वजोत्थोलन एवं प्रार्थना के बाद श्रद्धालुओं के लिए गुरु दर्शन एवं गुरु पूजन का मुख्य कार्यक्रम होगा। इस दौरान देशभर से पहुंचे लाखों श्रद्धालु अपने पूज्य गुरु के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। दोपहर में प्रसाद वितरण किया जाएगा, जबकि शाम को विशिष्टजनों के उद्बोधन एवं पूज्य बाबा के आशीर्वचन होंगे। रात्रि में भजन-कीर्तन के साथ आध्यात्मिक वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।

      गुरु पूर्णिमा के पावन एवं पुण्य अवसर पर समस्त श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुपद संभव बाबा जी के दिव्य एवं मंगलमय दर्शन का दुर्लभ सौभाग्य प्राप्त होगा। श्रद्धालु गुरुचरणों में शीश नवाकर उनका पावन आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य भी मिलेगा। आध्यात्मिक श्रद्धा, भक्ति और गुरु-कृपा से सराबोर इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

तीन दिनों तक होंगे विविध धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम

महोत्सव का शुभारंभ 28 जुलाई को सफाई एवं श्रमदान से होगा। इसके साथ पत्रकार वार्ता और विभिन्न शाखा पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श आयोजित किया जाएगा। वहीं 30 जुलाई को सामूहिक पाठ, श्री सर्वेश्वरी समूह के अखिल भारतीय वार्षिक अधिवेशन तथा युवा एवं महिला सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें समाजहित एवं संगठन के विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम

आयोजन समिति के अनुसार लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए आवास, पेयजल, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा, पार्किंग तथा यातायात की विशेष व्यवस्था की जा रही है। स्वयंसेवकों की बड़ी टीम पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में तैनात रहेगी ताकि सभी श्रद्धालु सुगमता से गुरु दर्शन कर सकें।

गुरु-शिष्य परंपरा का अद्भुत संगम

गुरु पूर्णिमा महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा, सेवा, समर्पण और आध्यात्मिक चेतना का विराट उत्सव माना जाता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर भारी उत्साह है और लाखों लोग अपने गुरु के श्रीचरणों में उपस्थित होकर आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए पड़ाव वाराणसी पहुंचेंगे।

आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से समय पर पहुंचकर गुरु पूर्णिमा महोत्सव में सहभागी बनने और इस आध्यात्मिक पर्व को सफल बनाने की अपील की है।

और भी

रात के अंधेरे में शराब तस्करी का खेल हुआ बेनकाब... पुलिस की घेराबंदी से मचा हड़कंप, बाइक की बोरी और झोले से निकली 27 लीटर से अधिक अवैध शराब, आरोपी गिरफ्तार,मोटरसाइकिल जब्त, सीधे भेजा गया जेल...

जशपुर। जिले में नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही जशपुर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी और देसी शराब की तस्करी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना पत्थलगांव पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर देर रात घेराबंदी कर एक बाइक सवार को पकड़ा, जिसके कब्जे से बिक्री के लिए ले जाई जा रही 27 लीटर 300 मिलीलीटर अंग्रेजी एवं देसी शराब जब्त की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 16 हजार 440 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 14 MU 1427 को भी जब्त कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विश्वनाथ शर्मा (54 वर्ष), निवासी ग्राम लुड़ेग, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 जून 2026 की रात करीब 10 बजे थाना पत्थलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति प्लेटिना मोटरसाइकिल में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर ग्राम पालीडीह की ओर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और ग्राम पालीडीह के पास घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक सवार को रोक लिया।

पूछताछ में उसने अपना नाम विश्वनाथ शर्मा बताया। जब पुलिस ने बाइक में रखी बोरी और झोले की तलाशी ली तो उसमें विभिन्न ब्रांडों की बड़ी मात्रा में अंग्रेजी एवं देसी शराब मिली। बरामद शराब में मैकडॉनल नंबर-1 व्हिस्की की 750 एमएल की 2 बोतल, सिंबा कंपनी की 650 एमएल की 12 बीयर बोतलें, मुडोफ व्हिस्की के 180 एमएल वाले 25 पौवे, गोल्डन गोवा व्हिस्की के 180 एमएल वाले 60 पौवे तथा देसी प्लेन मदिरा के 180 एमएल वाले 15 पौवे शामिल हैं। कुल मिलाकर 114 नग शराब, जिसकी मात्रा 27 लीटर 300 मिलीलीटर निकली।

पुलिस ने आरोपी से शराब रखने एवं परिवहन करने के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में पूरी शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अवैध शराब परिवहन का अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक, आरक्षक राजेंद्र रात्रे तथा आरक्षक विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस संबंध में जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पत्थलगांव पुलिस ने अवैध अंग्रेजी एवं देसी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जशपुर पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगी।

और भी

जशपुर के विद्यार्थियों ने रचा सफलता का स्वर्णिम इतिहास: राष्ट्रीय साधन-सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा में रिकॉर्ड 428 आवेदन, 164 विद्यार्थी सफल, 77 को मिलेगी छात्रवृत्ति... सुनियोजित रणनीति, शिक्षकों की मेहनत और 'यशस्वी जशपुर' अभियान ने लिखी कामयाबी की नई इबारत

जशपुर। जिला कलेक्टर श्री रोहित व्यास , जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालंन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार के दिशा निर्देश मे जिले के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय साधन-सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा 2025-26 में जशपुर जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन, यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी श्री विनोद कुमार गुप्ता और ओपन लिंक्स फाउंडेशन के समन्वय मे शिक्षकों और विद्यार्थियों को यह परीक्षा मे भाग लेने हेतु प्रेरित किया गया ।  जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी संस्थाओं के समन्वित प्रयासों का परिणाम है कि पिछले तीन वर्षों कि तूलना  मे  जिले ने सफलता की नई मिसाल स्थापित की है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023-24 में जिले से केवल 66 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 5 विद्यार्थी चयनित जिन्हे छात्रवृत्ति प्राप्त हुई। वर्ष 2024-25 में आवेदन संख्या बढ़कर 84 हुई तथा 31 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर छात्रवृत्ति हासिल की।
वहीं 2025-26 में जशपुर जिले ने अभूतपूर्व प्रगति दर्ज करते हुए 428 विद्यार्थियों का आवेदन सुनिश्चित किया। इनमें से 164 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की तथा 77 विद्यार्थियों का राष्ट्रीय साधन-सह प्रावीण्य छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए चयन हुआ। यह पिछले तीन वर्षों की तुलना में जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
यदि वर्ष 2023-24 और 2025-26 की तुलना की जाए, तो आवेदन करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 66 से बढ़कर 428 हो गई, इसी प्रकार परीक्षा में सफल विद्यार्थियों की संख्या 5 से बढ़कर 164 तथा छात्रवृत्ति प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की संख्या 5 से बढ़कर 77 तक पहुँच गई। यह उपलब्धि जिले में गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक तैयारी और प्रभावी मार्गदर्शन का प्रमाण है।
यह सफलता यशस्वी जशपुर के मार्गदर्शन  मे प्राप्त हुआ। माध्यमिक विद्यालय के सभी प्रधान पाठकों को शाला प्रारंभ के समय ही इस छात्रवृति हेतु प्रशिक्षण दिया गया था। साथ ही सभी संकुल समन्वयकों को भी विद्यार्थियों को फॉर्म भरवाने हेतु प्रेरित करने के लिए प्रशिक्षण दिया गया था। ओपन लिंक्स फाउंडेशन कि ओर से विद्यालय स्तर पर  तीन अभ्यास परीक्षा, पूर्व वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास, समूह प्रशिक्षण तथा डिजिटल माध्यमों विशेषकर विनोबा ऐप के उपयोग ने विद्यार्थियों की तैयारी को और अधिक सशक्त बनाया।
जशपुर जिले का यह प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि यदि सही रणनीति, नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सहयोग तथा शिक्षकों की प्रतिबद्धता एक साथ कार्य करें, तो सीमित संसाधनों में भी उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
यह उपलब्धि न केवल जशपुर जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए एक प्रेरणादायक शिक्षा मॉडल के रूप में उभर रही है। यशस्वी जशपुर के सहयोगी संजीव शर्मा, सदस्य अवनीश पांडे, विनोबा टीम के जितेंद्र सिंह, अजहर शेख, बिपलब देवशर्मा, आनंद कुमार टोप्पो और सोमनाथ साहू ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाए दिया ।

और भी

बूंदाबांदी में भी घंटों गुल हो जाती है बिजली! नारायणपुर सब स्टेशन की बदहाल व्यवस्था से फूटा जनाक्रोश, चार दिन से जमीन पर पड़ा 11 केवी तार, अंधेरे में दहशत के बीच जीने को मजबूर ग्रामीण… आखिर किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है बिजली विभाग?

नारायणपुर । नारायणपुर सब स्टेशन से संचालित होने वाले विभिन्न फीडरों की बिजली व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह चरमरा गई है। हल्की बूंदाबांदी हो या तेज बारिश, क्षेत्र के उपभोक्ताओं को घंटों अघोषित बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे बन चुके हैं कि बारिश शुरू होते ही लोगों को यह अंदेशा हो जाता है कि अब कई घंटों तक बिजली के दर्शन नहीं होंगे।
        क्षेत्रवासियों का कहना है कि नारायणपुर सब स्टेशन से जुड़े अधिकांश फीडरों में मामूली बारिश के दौरान भी फॉल्ट हो जाता है और विभाग को उसे सुधारने में 6 से 7 घंटे तक का समय लग जाता है। इस दौरान ग्रामीणों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो जाती है। पेयजल आपूर्ति, मोबाइल चार्जिंग, ऑनलाइन कार्य, पढ़ाई और छोटे व्यवसायों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।

          ग्रामीणों का कहना है कि पहले जब नारायणपुर क्षेत्र में बिजली लाइनें काफी लंबी थीं, तब भी इतनी गंभीर समस्या नहीं आती थी। लेकिन अब क्षेत्र में कई नए सब स्टेशन बन जाने से फीडरों की दूरी पहले की तुलना में काफी कम हो चुकी है। इसके बावजूद मामूली फॉल्ट सुधारने में विभाग को 6 से 7 घंटे तक लग जाना विभागीय लापरवाही को उजागर करता है। लोगों का कहना है कि यदि नेटवर्क छोटा होने के बाद भी बिजली व्यवस्था पहले से ज्यादा खराब हो गई है तो फिर आखिर विभाग की जिम्मेदारी और जवाबदेही कहां है?
          बरसात शुरू होने से पहले बिजली विभाग हर वर्ष मेंटेनेंस का दावा करता है, लेकिन पहली ही बारिश में बार-बार फॉल्ट होना इन दावों की पोल खोल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते पेड़ों की छंटाई, जर्जर तारों की मरम्मत, इंसुलेटरों का बदलाव और लाइनों की सही तरीके से जांच की गई होती तो आज मामूली बारिश में घंटों तक बिजली बंद नहीं रहती। लोगों का कहना है कि विभाग केवल कागजों में मेंटेनेंस दिखाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर लेता है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आती है।


            इसी बीच नारायणपुर क्षेत्र के सारंगडांड-बेडाटोली मार्ग से विभागीय लापरवाही का एक और गंभीर मामला सामने आया है। सारंगडांड निवासी वेद प्रकाश अंगिरा ने बताया कि लगभग चार दिन पहले 11 केवी बिजली लाइन का तार तीन खंभों से टूटकर जमीन पर गिर गया था। इसकी सूचना तत्काल बिजली विभाग को दे दी गई थी, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी न तो कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचा और न ही टूटे हुए तार को दोबारा खंभों पर चढ़ाने का प्रयास किया गया। परिणामस्वरूप पूरा इलाका पिछले चार दिनों से अंधेरे में डूबा हुआ है और ग्रामीण बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं।
          ग्रामीणों ने बताया कि जिस क्षेत्र में बिजली बंद है, वह चराईमारा जंगल से निकलने वाले जंगली हाथियों का मुख्य मार्ग माना जाता है। जंगल से निकलने के बाद हाथियों का सबसे पहला प्रवेश इसी बस्ती में होता है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में लगातार चार दिनों तक बिजली नहीं रहने से लोगों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। रात होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है और ग्रामीण हर पल किसी अप्रिय घटना की आशंका के बीच रात गुजारने को मजबूर हैं। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में विशेष रूप से भय का वातावरण बना हुआ है।
बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या भी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। मोबाइल फोन, टॉर्च और अन्य आवश्यक उपकरण चार्ज करने के लिए लोगों को कई किलोमीटर दूर सारंगडांड तक जाना पड़ रहा है। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

शीघ्र सुधार की 
 
क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि नारायणपुर सब स्टेशन से जुड़े सभी फीडरों की तकनीकी जांच कराई जाए, टूटे हुए 11 केवी तार को तत्काल ठीक किया जाए तथा मानसून के दौरान बिजली व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए स्थायी समाधान किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बार-बार अघोषित बिजली कटौती और घंटों की परेशानी से राहत मिल सके।

सूचना आपके माध्यम से मिल रही है तत्काल जानकारी लेता हूं,ओर शिघ्र ही तार जोड़ बिजली बहाल किया जाएगा।

                                     लोकनाथ नेताम

                           ए ई विजली विभाग -कुनकुरी 

और भी