ताजा खबरें


बड़ी खबर

यूनिटी मार्च की तैयारी पूरी, 12 नवंबर को घरघोड़ा से तमनार तक निकलेगी पदयात्रा,वित्त मंत्री श्री चौधरी,सांसद श्री राधेश्याम राठिया सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में लोग होंगे शामिल

रायगढ़, 11 नवम्बर 2025/ भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रायगढ़ जिले में 12 नवम्बर को आयोजित होने वाले ‘यूनिटी मार्च’ की तैयारी पूरी कर ली गई है। यह आयोजन सरदार पटेल के योगदान, उनके दृढ़ नेतृत्व और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का एक सार्थक प्रयास होगा। यह पदयात्रा घरघोड़ा के गायत्री मंदिर से प्रातः 9.30 बजे प्रारंभ होकर झरियापाली, देवगढ़, जरेकेला, बासनपाली होते हुए तमनार में संपन्न होगी। लगभग 12 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में प्रत्येक दो से ढाई किलोमीटर पर पड़ाव रखे गए हैं, जहाँ सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही उनके जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को साझा किया जाएगा। 
           इस पद यात्रा में प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी, लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत वालंटियर्स सहित विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संस्थानों के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होंगे। वित्त मंत्री श्री चौधरी एवं सांसद श्री राठिया ने जिलेवासियों से इस यात्रा में सम्मिलित होकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने नागरिकों से कहा है कि शांति, अनुशासन और सौहार्द बनाए रखते हुए उत्साहपूर्वक इस आयोजन में अवश्य भाग लें। गौरतलब है कि आयोजन की सफलता हेतु कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में प्रशासन द्वारा अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है, वहीं सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग है। पदयात्रा के दौरान आम नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते सभी आवश्यक तैयारी सुविधा हेतु पूरी कर ली गई है।

और भी

कलेक्टर ने बस स्टैंड सार्वजनिक जगहों और आश्रय स्थल में अलाव जलाने के दिए निर्देश 

पत्थलगांव बस स्टैंड में राहगीरों के लिए अलाव व्यस्था की गई 


जशपुर 11 नवम्बर 25/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सभी नगरीय निकाय में कड़ाके की ठंड को देखते हुए सार्वजनिक जगहों बस स्टैंड, आश्रय स्थल में अलाव की व्यस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
       इसी कड़ी में पत्थलगांव एसडीएम श्री ऋतुराज सिंह बिसेन ने सार्थक पहल करते हुए बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों में अलाव की व्यवस्था  किए है ताकि आम नागरिकों और राहगीरों को ठंड से राहत मिल सके।

और भी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के स्टॉल का किया अवलोकन,छत्तीसगढ़िया स्वाद से महक उठा केवड़िया

रायपुर, 11 नवंबर 2025/गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित भारत पर्व में छत्तीसगढ़ की झलक हर आगंतुक के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने भारत पर्व का अवलोकन किया तथा छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने पर्यटन मंडल के अधिकारियों से राज्य के प्रमुख पर्यटक स्थलों और योजनाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, परंपराएं और लोककला पूरे भारत में अपनी अनोखी पहचान रखती हैं। छत्तीसगढ़ अब तेजी से भारत के उभरते हुए पर्यटन केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है।”

*छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन खींच रहे हैं आगंतुकों का ध्यान: मुख्यमंत्री ने भी लिया छत्तीसगढ़िया व्यंजनों का स्वाद*

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्टूडियो किचन में पर्यटन मंडल छत्तीसगढ़ द्वारा संचालित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, रायपुर की छात्राओं द्वारा तैयार पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया। अमारी का शरबत, करील के कबाब, चौसेला रोटी, बफौरी और फरा जैसे व्यंजनों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध पाक-कला और संस्कृति की झलक पेश की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आईएचएम रायपुर की छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि “ये छात्राएं छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर की संवाहक हैं, जो अपनी प्रतिभा से राज्य का गौरव बढ़ा रही हैं।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य एवं जीएम श्री वेदव्रत सिरमौर भी उपस्थित थे।

*हस्तकला और लोकसंस्कृति पर गर्व*

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अंबिकापुर के बुनकरों द्वारा तैयार कोसा वस्त्रों की खरीदारी की और शिल्पियों से बातचीत की। उन्होंने भारत पर्व में प्रस्तुति देने आए छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक दल से भी मुलाकात कर उन्हें प्रोत्साहित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, वेशभूषा और लोकनृत्य हमारी पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। हमारा उद्देश्य है कि इन परंपराओं को राष्ट्रीय मंच पर और सशक्त रूप से प्रस्तुत किया जाए।”

भारत पर्व में छत्तीसगढ़ के लोकनृत्य, हस्तशिल्प, पारंपरिक खानपान और समृद्ध पर्यटन स्थलों की झलक देखने के लिए बड़ी संख्या में आगंतुक पहुंच रहे हैं और राज्य की सजीव संस्कृति से अभिभूत हो रहे हैं।

और भी

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश,जिले में अवैध धान खरीदी बिक्री पर करे कड़ी कार्रवाई - कलेक्टर श्री व्यास

जशपुरनगर 11 नवम्बर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व विभाग के अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। उन्होंने बैठक में अनुविभाग एवं तहसीलवार लंबित राजस्व प्रकरणों की जानकारी लेते हुए विशेष अभियान चलाकर प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री व्यास ने जिले में 15 नवंबर से शुरू होने वाले धान खरीदी के मद्देनजर राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी सक्रिय एवं सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में पंजीकृत किसानों से समर्थन मूल्य पर सहकारी समितियों के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी। जिले में कही भी अवैध धान की खरीदी या बिक्री नहीं होनी चाहिए। वाहनों के परिवहन पर लगातार नजर बनाए रखे। साथ ही एसडीएम, तहसीलदार अपने अधीनस्थ अमलों के साथ लगातार गश्त करे तथा चेकपोस्ट का भी निरीक्षण करे। कही भी अवैध धान के खरीदी, बिक्री एवं भंडारण की सूचना मिलने पर प्रकरण तैयार कर कड़ी कार्रवाई करें। साथ ही अवैध धान एवं संबंधित वाहन को जप्त करने की भी कार्यवाही करे। उन्होंने जिले में बनाए गए 21 चेकपोस्ट पर अंतर्जिला वाहनों की बेहतर निगरानी के लिए सीसीटीवी भी लगवाने के निर्देश दिए। इस दौरान बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, जिले के एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य राजस्व अधिकारी शामिल हुए।

          राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि राजस्व विभाग के अधिकारी गंभीरतापूर्वक कार्य करते हुए नामांतरण, डायवर्सन, भू-अर्जन, त्रुटि सुधार, सीमांकन, स्वामित्व योजना, आर.बी.सी. 6-4 के प्रकरणों सहित सभी लंबित मामलों का समय-सीमा के भीतर निराकरण करें। उन्होंने स्वामित्व योजना, मसाहती गांव सर्वेक्षण, डिजिटल हस्ताक्षर से अभिलेख सत्यापन, किसान किताब में आधार प्रविष्टि, भू-नक्शा अद्यतन, भू-बंटन रिकार्ड दुरुस्ती और त्रुटि सुधार की प्रगति की भी समीक्षा की। साथ ही समय सीमा में सभी प्रकरणों को निराकृत करने को कहा। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के मैदानी अमलों आरआई एवं पटवारियों को लंबित प्रकरणों के निराकरण सुनिश्चित करने सक्रियतापूर्वक कार्य के लिए तत्पर किया जाए।
कलेक्टर ने बैठक में एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार न्यायालयों में लंबित प्रकरणों को भी अभियान चलाकर शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान कहा कि जनहित के मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और पारदर्शिता के साथ प्रकरणों का निराकरण किया जाए।

और भी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से कैडिला फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड के समूह अध्यक्ष राज प्रकाश व्यास  ने की मुलाकात

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से कैडिला फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड के समूह अध्यक्ष राज प्रकाश व्यास  ने की मुलाकात

कैडिला फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड के समूह अध्यक्ष श्री राज प्रकाश व्यास ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की और छत्तीसगढ़ में फार्मा निर्माण इकाई की स्थापना में रुचि व्यक्त की।

कंपनी के पास देश-विदेश में 10 अत्याधुनिक निर्माण संयंत्र हैं, जिनमें गुजरात, जम्मू, राजस्थान, अमेरिका और इथियोपिया शामिल हैं।

और भी

जिले के 282 ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त घोषित कर जारी किए जाएंगे प्रमाण पत्र, दावा-आपत्ति 24 नवम्बर तक

रायगढ़, 11 नवम्बर 2025/ बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के तहत जिले के 282 ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त घोषित कर प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। यदि किसी प्रस्तावित ग्राम पंचायत में विगत दो वर्षों में बाल विवाह होने की कोई जानकारी या प्रमाण उपलब्ध हो, तो दावा-आपत्ति 24 नवम्बर तक प्रस्तुत कर सकते है। गौरतलब है कि कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन में वर्ष 2025-26 में जिले की 40 प्रतिशत ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है। जिले अंतर्गत 282 ग्राम पंचायतों से विगत दो वर्षों के दौरान बाल विवाह न होने संबंधी प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन पंचायतों को बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत घोषित कर प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे। 
           महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि संबंधित ग्राम पंचायतों की सूची जिले की वेबसाइट https://raigarh.gov.in में अपलोड की गई है तथा यह सूची सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जनपद पंचायतों एवं बाल विकास परियोजना अधिकारियों के कार्यालयों के सूचना पटल पर भी प्रदर्शित की गई है। उन्होंने समस्त जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, नागरिकों एवं संस्थाओं से आग्रह किया है कि यदि किसी प्रस्तावित ग्राम पंचायत में विगत दो वर्षों में बाल विवाह होने की कोई जानकारी या प्रमाण उपलब्ध हो, तो वे अपनी दावा-आपत्ति निर्धारित तिथि तक शाम 5.30 बजे तक कार्यालयीन समय में महिला एवं बाल विकास विभाग रायगढ़ के कार्यालय में लिखित दस्तावेज एवं अभिलेख सहित प्रस्तुत कर सकते हैं।

और भी

सरगुजा संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर में 13 नवंबर को लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा बैठक

जशपुरनगर, 11 नवम्बर 2025/ सरगुजा संभाग के विभिन्न विभागों में लंबित पेंशन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के उद्देश्य से संभागायुक्त कार्यालय, अम्बिकापुर में 13 नवम्बर 2025 को प्रातः 11:00 बजे समीक्षा बैठक आयोजित की गई है। यह बैठक कार्यालय के सभाकक्ष में होगी।
    कमिश्नर कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार सरगुजा, जशपुर, कोरिया, बलरामपुर, सूरजपुर और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिलों के लंबित पेंशन प्रकरणों की सूची तैयार कर ली गई है। सभी संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित सभी लंबित पेंशन प्रकरणों की अद्यतन जानकारी एवं संपूर्ण विवरण बैठक से पूर्व कमिश्नर कार्यालय को उपलब्ध कराएं तथा निर्धारित तिथि को अनिवार्य रूप से बैठक में उपस्थित रहें।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर ने मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में हासिल की उल्लेखनीय उपलब्धि,22,805 मीट्रिक टन मत्स्य उत्पादन, 

जशपुरनगर, 11 नवम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन की नीतियों एवं शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जशपुर जिला आज मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। मत्स्य उत्पादन न केवल पोषण सुरक्षा का माध्यम है, बल्कि यह बड़े पैमाने पर ग्रामीण रोजगार सृजन का भी एक सशक्त माध्यम बन चुका है। प्रदेश में मत्स्य पालन को प्रोत्साहन देने हेतु शासन द्वारा निरंतर नवाचारों को अपनाया जा रहा है। किसानों को आधुनिक तकनीकों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा उन्हें अनुदान राशि भी प्रदान की जा रही है। इन प्रयासों से मत्स्य उत्पादक किसान आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से अग्रसर हैं। पिछले 22 महीनों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्यवन से जिले में मत्स्य बीज स्पॉन उत्पादन 18.50 करोड़, मत्सय बीज स्टे.फ्राय उत्पादन 2.55 करोड़, तथा मत्स्य बीज संचयन 2.94 करोड़ तक पहुँच गया है। जिले में कुल 22,805 मीट्रिक टन मत्स्य उत्पादन दर्ज किया गया।
       ग्रामीण स्तर पर मत्स्य पालन को बढ़ावा देने हेतु 77.677 हेक्टेयर ग्रामीण तालाबों और 295.270 हेक्टेयर जलाशयों का पट्टा आबंटन किया गया। साथ ही 8 मछुआ सहकारी समितियों को शासन द्वारा नवीन योजना के अंतर्गत अनुदान स्वीकृत किया गया। मछुआरों के सामाजिक सुरक्षा के लिए 6,904 हितग्राहियों को मत्स्यजीवि दुर्घटना बीमा योजना के तहत लाभान्वित किया गया है। वहीं अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के 63 हितग्राहियों द्वारा मौसमी तालाबों में मत्स्य बीज संवर्धन का लाभ दिया गया है। साथ ही सामान्य एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग 817 लाभार्थियों ने 50 प्रतिशत अनुदान पर फिंगरलिंग क्रय कर संचयन कार्य किया है। सामान्य एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के 430 हितग्राहियों को नाव-जाल वितरण और 227 लाभार्थियों को फुटकर मछली विक्रय योजना के तहत आर्थिक सहायता दी गई है। इसी प्रकार से झींगा पालन के क्षेत्र में भी 55 इकाइयों की स्थापना से मत्स्य व्यवसाय में विविधता आई है।

*प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिला बल*

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना मत्स्य पालन क्षेत्र में नीली क्रांति लाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई एक महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना का मुख्य लक्ष्य देश में मत्स्य उत्पादन में वृद्धि करना, मत्स्य निर्यात को दोगुना करना तथा बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करना है। यह योजना मछुआरों और मत्स्य पालकों को बुनियादी सुविधाओं, आधुनिक उपकरणों तथा वित्तीय सहायता के माध्यम से सशक्त बनाती है। इसके अंतर्गत मत्स्य पालन से जुड़े हितग्राहियों को आकस्मिक मृत्यु, स्थायी विकलांगता अथवा अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में बीमा सुरक्षा भी प्रदान की जाती है। साथ ही मछली पालन को एक व्यवसाय के रूप में शुरू करने के लिए ऋण पर सब्सिडी प्रदान करता है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजनार्त्गत हितग्राहियों को स्वयं की भूमि में तालाब, पोखर संवर्धन, पौंण्डर लाइनर के निर्माण हेतु अनुसूचित जाति एवं जनजाति के हितग्राहियों एवं महिलाओं को 60 प्रतिशत तक एवं सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के हितग्राहियों को 40 प्रतिशत तक की अनुदान राशि प्रदान की जाति है।  इस योजना के तहत जिले में 41 हेक्टेयर में स्वयं की भूमि में तालाब निर्माण, 7.6 हेक्टेयर में संवर्धन पोखर निर्माण, और 11 बायोफ्लॉक पॉण्ड लाइनर इकाइयों की स्वीकृति दी गई है। साथ ही 162 हितग्राहियों को सेविंग कम रिलीफ योजना के अंतर्गत सहायता प्राप्त हुई है।

और भी

सिविल अस्पताल खरसिया में 50 टीबी मरीजों को वितरित किए गए फूड बास्केट

रायगढ़, 11 नवम्बर 2025/ प्रधानमंत्री टीवी मुक्त भारत योजना के तहत मंगलवार को सिविल अस्पताल खरसिया में 50 टीबी मरीजों को फूड बास्केट का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशन एवं सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जगत एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस दौरान शारदा एनर्जी नहरपाली, रायगढ़ के सहयोग से टीबी मरीजों को पोषण सामग्री से युक्त फूड बास्केट प्रदान किए गए। इस पहल का उद्देश्य मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहायता करना है।
           इस अवसर पर स्वास्थ्य अमले द्वारा सभी मरीजों को नियमित रूप से दवाई का सेवन करने, पौष्टिक आहार लेने एवं समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की सलाह दी गई। साथ ही, उपस्थित चिकित्सकों ने टीबी जैसी गंभीर बीमारी से बचाव और जागरूकता के लिए समुदाय को सहयोग करने का आह्वान किया। इस दौरान सिविल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा डॉ.वीएस राठिया, जिला क्षय अधिकारी डॉ.जी.के.चौधरी, सर्जरी विशेषज्ञ डॉक्टर ललीता राठिया, सुनील कुमार यादव जिला पीएमडीटी कोऑर्डिनेटर, गोपाल कृष्ण साहू सांख्यिकी सहायक, श्रीमती प्रमिला साहू ट्रीटमेंट सुपरवाइजर टीबी, शारदा एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के सीएमओ डॉक्टर महेश लाल, श्री अतीत नामदेव एचआर हेड, मिस्टर सुनील कांतिकार फाइनेंस हेड, डॉ नीरज सिंह चंदेल एफएमओ एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

शासकीय हाईस्कूल सिथरा की 24 छात्राओं को ,लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया के द्वारा किया साइकिल वितरण

रायगढ़, 11 नवम्बर 2025/ शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क सरस्वती सायकल योजना अंतर्गत विकासखण्ड धरमजयगढ़ के शासकीय हाईस्कूल सिथरा में लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया ने विद्यालय की 24 छात्राओं को साइकिल का वितरण किया।
          इस अवसर पर सांसद श्री राठिया ने छात्राओं को मेहनत, निष्ठा और ईमानदारी के साथ अध्ययन करते हुए जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह साधन है जो ग्रामीण अंचल की बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाता है। उन्होंने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे समाज और देश का नाम रोशन करें। विद्यालय परिवार और विद्यार्थियों की मांग पर सांसद श्री राठिया ने विद्यालय परिसर में साइकिल स्टैण्ड निर्माण के लिए 3 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की। बालिकाओं ने साइकिल प्राप्त कर सांसद का आभार व्यक्त किया और बेहतर भविष्य के सपनों को साकार करने का संकल्प लिया।
          इस अवसर पर श्री रविनारायण राठिया, श्री तारा सिंह राठिया, श्री भरत साहू, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष श्री महेश चैनानी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री जगन्नाथ यादव, श्री संजय गुप्ता, श्री रामानंद राठिया, जनप्रतिनिधि गण, सरपंच, उपसरपंच, गणमान्य नागरिक, अभिभावक, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

और भी

रियापारा के श्री रविंद्र नाथ गोपाल का पीएम सूर्य घर योजना से बिजली बिल हुआ लगभग शून्य, अब हर महीने हजारों की बचत

रायगढ़, 11 नवम्बर 2025/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विजन “ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत” को साकार करने की दिशा में भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना रायगढ़ जिले में जन-जन तक पहुँच रही है। इसी क्रम में रायगढ़ जिले के रियापारा निवासी श्री रविंद्र नाथ गोपाल ने जुलाई माह में अपने घर की छत पर सौर ऊर्जा प्रणाली लगवाकर आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश की है। पहले जहां उन्हें हर महीने लगभग 3,000 रूपये तक का बिजली बिल देना पड़ता था, वहीं अब उनका बिजली खर्च लगभग समाप्त हो गया है। श्री गोपाल, जो एक मध्यमवर्गीय परिवार से आते हैं, गर्मी के दिनों में बढ़ते बिजली खर्च से काफी परेशान रहते थे। इसी दौरान उन्हें केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में जानकारी मिली। योजना की शर्तें और लाभ जानने के बाद उन्होंने आवेदन किया, और कुछ ही समय में स्वीकृति मिलने पर जुलाई महीने में उनके घर की छत पर सोलर पैनल स्थापित कर दिए गए। तेज धूप वाले जुलाई माह से ही यह सोलर सिस्टम सक्रिय हो गया और उनके घर की अधिकांश विद्युत आवश्यकताएं सौर ऊर्जा से पूरी होने लगीं। इससे उनकी ग्रिड बिजली पर निर्भरता काफी घट गई और बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई। 
               श्री गोपाल बताते हैं कि जुलाई में सोलर सिस्टम लगवाना मेरे जीवन का सबसे सही निर्णय था। अब हर महीने बिजली बिल की चिंता नहीं रहती। सूरज की रोशनी से अपनी बिजली बनाना गर्व और आत्मनिर्भरता दोनों का अनुभव देता है। उनका यह अनुभव दर्शाता है कि यदि नागरिक सरकारी योजनाओं की सही जानकारी प्राप्त कर समय पर पहल करें तो न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बन सकते हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। रियापारा के श्री रविंद्र नाथ गोपाल की यह पहल अन्य परिवारों के लिए प्रेरणा बन गई है कि सूर्य की ऊर्जा अपनाकर स्वच्छ, सस्ती और टिकाऊ बिजली का लाभ लिया जा सकता है। बता दे कि इस योजना के तहत 03 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट पर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर 1 लाख 08 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान कर रही हैं। शेष राशि के लिए बैंकों द्वारा शून्य प्रोसेसिंग शुल्क और 6 प्रतिशत ब्याज दर पर आसानी से ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए नागरिकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। रायगढ़ के अधिकांश मोहल्लों में अब घरों की छतें सोलर पैनलों से चमक रही हैं।

और भी

रायगढ़ : बहादुर बच्चों ने पानी में डूबते बच्चे की बचाई थी जान,बालवीर राकेश और आर्यन का कलेक्टर ने किया सम्मान कहा ऐसे साहसी बच्चे हमारे समाज के लिए बनी प्रेरणा

रायगढ़, 11 नवम्बर 2025/ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने आज जिला कलेक्टोरेट में दो साहसी बच्चों राकेश मिंज और आर्यन खेस से भेंट कर उनके अदम्य साहस की सराहना की। इन दोनों बच्चों ने अपने साहस और सूझबूझ से 5 वर्षीय बालक दादू मिंज को नाले के बहते पानी में डूबने से बचाकर उसकी जान बचाई थी।
           घटना 24 सितम्बर 2025 की है, जब लगातार बारिश के कारण उरांव पंडरीपानी प्राथमिक स्कूल के पास बालसमुंद नाले में पानी भर गया था। इसी दौरान खेलते-खेलते 05 वर्षीय बालक दादू मिंज नाले में गिर गया और डूबने लगा। उसी समय पास में मौजूद प्राथमिक शाला उरांव पंडरीपानी के छात्र राकेश मिंज और आर्यन खेस ने बिना किसी भय के नाले में कूदकर उसे बाहर निकाला। दोनों बच्चों ने साहस दिखाते हुए बालक को पानी से निकालकर प्राथमिक उपचार दिया, जिससे उसकी जान बच गई।
           कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने दोनों बाल वीरों की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि, ऐसे साहसी बच्चे हमारे समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने बच्चों से स्नेहपूर्वक बातचीत करते हुए जब पूछा कि उन्हें क्या चाहिए, तो उन्होंने मासूमियत से चॉकलेट मांगी। कलेक्टर ने मुस्कुराते हुए कहा कुछ और मांगों जिस पर बच्चों ने साइकिल की मांग की। कलेक्टर ने तुरंत संबंधित अधिकारी को बच्चों को साइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इन बहादुर बच्चों के बेहतर भविष्य निर्माण के लिए हर संभव सहयोग करेगा। साथ ही कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने दोनों बच्चों के नाम राज्य वीरता पुरस्कार हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश संबंधित विभाग के अधिकारी को दिए। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री एल.आर.कच्छप और प्राथमिक शाला उरांव पंडरीपानी के प्रधान पाठक श्री जितेंद्र कुमार मिश्रा मौजूद रहे।

और भी

अहमदाबाद के टेक्सटाइल एसोसिएशन समूह ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की मुलाकात, कपड़ा उद्योग में निवेश की रुचि दिखाई

अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम के दौरान नारोल टेक्सटाइल्स इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड एनवायरो मैनेजमेंट (NTIEM) के अध्यक्ष श्री चंपालाल जी. अग्रवाल के नेतृत्व में अहमदाबाद टेक्सटाइल एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से निर्धारित मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ में पर्यावरण अनुकूल टेक्सटाइल प्रसंस्करण उद्योग के विकास में सहयोग की इच्छा व्यक्त की। कंपनी ने अपने कॉमन एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (CETP) की क्षमता को 100 MLD से बढ़ाकर 130 MLD करने और छत्तीसगढ़ में कपड़ा उद्योगों के लिए आधुनिक एवं टिकाऊ सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

और भी

वाडीलाल ग्रुप छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण इकाई लगाएगा, मुख्यमंत्री से हुई अहमदाबाद में मुलाकात

अहमदाबाद 11 नवम्बर 2025 ; अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम के दौरान प्रतिष्ठित वाडीलाल ग्रुप ने छत्तीसगढ़ में निवेश की गहरी रुचि दिखाई। समूह के प्रबंध निदेशक श्री देवांशु गांधी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर राज्य में आइसक्रीम, फ्रोजन फूड और अन्य प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्माण की इकाई स्थापित करने का प्रस्ताव रखा।

श्री गांधी ने कहा कि कंपनी अब तक पश्चिमी और उत्तरी भारत में अपने उत्पादों का सफल संचालन कर रही है, और अब वह पूर्वी भारत, विशेषकर छत्तीसगढ़ में अपने उत्पादन और वितरण नेटवर्क को बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने वाडीलाल ग्रुप के इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग और सुगम प्रक्रियाएँ उपलब्ध कराएगी।

वेल्सपन समूह सहित उद्योगपतियों ने छत्तीसगढ़ में निवेश की इच्छा जताई

अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम के दौरान वेल्सपन समूह के निदेशक व एसोचैम गुजरात के अध्यक्ष श्री चिन्तन ठाकर ने एसोचैम गुजरात के सह अध्यक्ष श्री जेमिन शाह सहित अन्य कंपनी के प्रमुखों के साथ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से भेंट की। उद्योगपतियों ने छत्तीसगढ़ के खनिज, धातु, उर्वरक, पेट्रो केमिकल, एनर्जी  और सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की और राज्य में औद्योगिक सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई।

टोरेंट ग्रुप ने छत्तीसगढ़ में 23,100 करोड़ निवेश का दिया प्रस्ताव

अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में टोरेंट ग्रुप के उपाध्यक्ष श्री जिनल मेहता ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। उन्होंने छत्तीसगढ़ में बिजली क्षेत्र में 22,900 करोड़ रुपये तथा फार्मा सेक्टर में 200 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए। इन परियोजनाओं से लगभग 5,200 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। श्री मेहता ने राज्य में औद्योगिक वातावरण और निवेश के अनुकूल नीतियों की सराहना की।

और भी

इन्वेस्टर कनेक्ट : अहमदाबाद में छत्तीसगढ़ को मिल बड़ा निवेश प्रस्ताव,गुजरात और छत्तीसगढ़ मिलकर विकसित भारत के निर्माण में निभाएंगे अहम भूमिका - सीएम विष्णुदेव साय

33,000 करोड़ से अधिक के निवेश, 10,532 से अधिक रोजगार का खुला रास्ता

अहमदाबाद, 11 नवंबर 2025- अहमदाबाद में इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को लगभग 33 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने थर्मल पावर प्लांट, ग्रीन स्टील मैन्युफैक्चरिंग, सोलर सेल, फार्मास्युटिकल उत्पाद और मेडिकल फूड सप्लीमेंट जैसे क्षेत्रों की बड़ी कंपनियों को निवेश प्रस्ताव पत्र (इन्वेस्टमेंट लेटर्स) सौंपे। छत्तीसगढ़ को प्राप्त निवेश प्रस्ताव से राज्य में 10,532 से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। 

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अहमदाबाद में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट मीट में देश के शीर्ष उद्योगपतियों और बिजनेस लीडर्स से राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। उद्योगपतियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग, निवेश और नवाचार की धरती गुजरात में आकर वे बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात के कण-कण में उद्यम बसा है, और दुनिया का कोई ऐसा कोना नहीं जहां गुजराती भाइयों की मौजूदगी न हो। उन्होंने कहा गुजरात और छत्तीसगढ़ मिलकर विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे।

श्री साय ने कहा कि गुजरात जिस तरह देश और दुनिया की अर्थव्यवस्था को गति दे रहा है, उसी दिशा में छत्तीसगढ़ भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गुजरात के पास उद्यम है, तो छत्तीसगढ़ के पास ऊर्जा, खनिज, कुशल जनशक्ति और आकर्षक औद्योगिक नीति है जो निवेशकों के लिए किसी वरदान से कम नहीं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने बीते 22 महीनों में 350 से अधिक सुधार किए हैं, जिससे उद्योग लगाना आसान हुआ है। राज्य में सिंगल विंडो सिस्टम के तहत एनओसी अब त्वरित रूप से जारी हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति में उद्योगों को विशेष अनुदान और प्रोत्साहन दिए गए हैं। बस्तर और सरगुजा जैसे जनजातीय क्षेत्रों में उद्योग लगाने पर अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक राज्य में ₹7.5 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।

श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ कोयला उत्पादन में देश में दूसरे स्थान पर है और हाल ही में आयोजित एनर्जी समिट में ₹3.5 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। राज्य में थर्मल, हाइडल, सोलर और वन आधारित उद्योगों की बड़ी संभावनाएं हैं।

उन्होंने बताया कि नवा रायपुर को आईटी और एआई डेटा सेंटर हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों ने निवेश में रुचि दिखाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है, जिससे हॉस्पिटैलिटी और वेलनेस सेक्टर में भी निवेश की संभावनाएं खुली हैं।

कार्यक्रम में सीएसआईडीसी के अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, उद्योग विभाग के सचिव श्री रजत कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत, सीएसआईडीसी के प्रबंध संचालक श्री विश्वेश कुमार एवं अन्य अधिकारी भी शामिल रहे। 

*इन कंपनियों ने निवेश की घोषणा की*
 
1. लीजियम लाइफ साइंसेस प्राइवेट लिमिटेड- यह कंपनी फार्मास्यूटिकल उत्पाद और मेडिकल फूड सप्लीमेंट्स बनाती है। कंपनी ने ₹101 करोड़ का निवेश प्रस्ताव रखा है, जिससे 750 रोजगार सृजित होंगे।


2. टोरेंट पावर लिमिटेड, अहमदाबाद- कंपनी ने ₹22,900 करोड़ की लागत से 1600 मेगावाट थर्मल पावर प्लांट लगाने का प्रस्ताव दिया है, जिससे छत्तीसगढ़ की ऊर्जा क्षमता को नई दिशा मिलेगी। इससे 5000 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। 

3. टोरेंट फार्मास्युटिकल लिमिटेड-  फार्मास्युटिकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के लिए 200 करोड़ रुपये निवेश की योजना बताई है। इससे 200 लोगों को रोजगार मिलेगा।

4. ओनिक्स थ्री एनर्सोल प्राइवेट लिमिटेड- यह कंपनी ग्रीन हाइड्रोजन, ग्रीन अमोनिया और ग्रीन स्टील मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करेगी। इसमें ₹9,000 करोड़ का निवेश और 4,082 रोजगार प्रस्तावित हैं।

5. माला क्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड, सूरत- यह कंपनी सोलर सेल (2GW क्षमता) निर्माण यूनिट लगाएगी। इसके लिए ₹700 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है, जिससे 500 लोगों को रोजगार मिलेगा।

6. मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की स्थापना के लिए ₹300 करोड़ का निवेश प्रस्ताव दिया गया है। यह स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम कदम होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार भी बढ़ेगा।

7. सफायर सेमीकॉम प्राइवेट लिमिटेड- यह कंपनी सेमी कन्डक्टर के निर्माण क्षेत्र में छत्तीसगढ़ में 120 करोड़ का निवेश करेगी, जिससे 4000 रोजगार सृजन होगा।

और भी

शराबी पति ने मामूली विवाद पर अपनी ही पत्नी को टांगी से  कर दी हत्या,पुलिस ने किया, गिरफतार भेजा जेल


       ,


   जशपुर 11 नवम्बर 2025 :     पुलिस ने बताया कि संतोष राम उम्र 36 साल, निवासी कुरकुरिया, चौकी पंडरा पाठ ने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसके गांव का आरोपी लरंग राम व उसकी पत्नी मृतिका संतोषी बाई,  दिनांक 10.11.25 को पड़ोसी गांव पकरी टोली गए थे, वहां से पैदल वापस लौटते वक्त, रास्ते में ग्राम शरधापाठ, अंबाकोना के पास, मृतिका को अपने गांव कुरकुरिया की एक परिचित महिला खेत में काम करती हुई दिखाई देने पर, मृतिका संतोषी बाई के द्वारा चिल्लाकर उसे बुलाया जा रहा था, व आरोपी लरंग साय, वहीं खेत के मेड़ में लेटा हुआ था, व शराब के नशे में था,तभी आरोपी लरंग राम, नाराज हो गया व उसकी पत्नी मृतिका संतोषी बाई से वाद विवाद करने लगा, विवाद के दौरान ही आरोपी लरंग राम के द्वारा शराब के नशे में , अपने पास रखी टांगी से मृतिका संतोषी बाई पर हमला कर दिया गया। जिससे मृतिका संतोषी बाई की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
    रिपोर्ट पर तत्काल चौकी पंडरा पाठ में आरोपी लरंग राम के विरुद्ध हत्या के लिए बी एन एस की धारा 103(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।
    पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना स्थल पहुंच, घटना स्थल का निरीक्षण कर, शव का पंचनामा किया गया व शव का डॉक्टर से पोस्ट मार्टम भी कराया गया।
 आरोपी लरंग राम घटना कारीत कर, फरार हो गया था, जिसे कि पुलिस के द्वारा, मुखबिर की सूचना पर, ग्राम शरधापाठ जंगल से घेरा बंदी कर हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस के द्वारा आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी को भी जप्त कर लिया गया है।
  पुलिस की पूछताछ पर आरोपी लरंग राम के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।
 मामले की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पंडरा पाठ उप निरीक्षक सतीश सोनवानी, प्रधान आरक्षक विनोद केरकेट्टा, आरक्षक अरुण राम, दिलेश्वर भगत व बिलचियूस लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
   मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि चौकी पंडरा पाठ क्षेत्र में एक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी की टांगी से मारकर हत्या कर दी थी, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में विकास को मिल रही नई गति: वित्त विभाग से कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख परियोजनाओं को मिली प्रशासकीय स्वीकृति

रायपुर, 11 नवम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले के अंतर्गत  विधानसभा कुनकुरी में विभिन्न परियोजनाओं के लिए वित्त विभाग द्वारा प्रशासकीय स्वीकृति और सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई है।

वित्त विभाग ने तुमला से मेडर (ओडिशा सीमा) तक 12.80 किलोमीटर लंबे सड़क निर्माण कार्य के लिए ₹27.73 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस मार्ग के बन जाने से सीमावर्ती गांवों की कनेक्टिविटी सुधरेगी और व्यापारिक एवं सामाजिक गतिविधियों को बल मिलेगा।

इसी प्रकार, विकासखंड कांसाबेल की मैनी नदी पर बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई योजना के लिए ₹79.38 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना से किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा उपलब्ध होगी तथा कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।

कुनकुरी में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए वित्त विभाग ने नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय भवन निर्माण हेतु ₹359 करोड़ की सैद्धांतिक सहमति प्रदान की है। इससे आदिवासी अंचल के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा और स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी।

साथ ही, विकासखंड फरसाबहार की कोकिया व्यपवर्तन योजना के लिए ₹16.17 करोड़ की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे सिंचाई और जल प्रबंधन की दिशा में क्षेत्र को दीर्घकालिक लाभ होगा।

और भी

प्रवासी छत्तीसगढ़वासी राज्य के सांस्कृतिक राजदूत, छत्तीसगढ़ की संस्कृति को विश्व में दे रहे पहचान - मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

*प्रवासी छत्तीसगढ़वासी राज्य के सांस्कृतिक राजदूत, छत्तीसगढ़ की संस्कृति को विश्व में दे रहे पहचान - मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

रायपुर, 11 नवम्बर 2025/ अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और लोक-कला ने विदेश की भूमि पर अपनी विशेष छाप छोड़ी। इस कार्यक्रम में NACHA (North America Chhattisgarh Association) के बे एरिया चैप्टर ने उल्लेखनीय भूमिका निभाई। उन्होंने विशेष रूप से छत्तीसगढ़ राज्य को समर्पित एक आकर्षक स्टॉल लगाया, जिसमें राज्य के विशिष्ट उत्पादों, हस्तशिल्प, लोककला और पारंपरिक आभूषणों का सुंदर प्रदर्शन किया गया। इस स्टॉल के माध्यम से छत्तीसगढ़ की कला-संस्कृति और हस्तशिल्प की विविधता को प्रदर्शित किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों ने अत्यंत सराहा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य का मनमोहक प्रदर्शन, जिसने वहां मौजूद भारतीय प्रवासी समुदाय और अन्य देशों के प्रतिनिधियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में प्रस्तुत यह लोकनृत्य न केवल मनोरंजन का माध्यम बना, बल्कि उसने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की आत्मा को भी सजीव कर दिया।

NACHA के सदस्यों ने बताया कि उनका उद्देश्य छत्तीसगढ़ की संस्कृति, भाषा और लोक परंपरा को विश्व के विभिन्न हिस्सों तक पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़वासी अपने मूल राज्य की पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इस आयोजन ने उन्हें अपनी जड़ों से भावनात्मक रूप से जोड़ने का एक सशक्त अवसर प्रदान किया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने NACHA बे एरिया चैप्टर के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि उनका यह प्रयास छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपराओं को वैश्विक मंच पर स्थापित करने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रवासी छत्तीसगढ़वासी राज्य के “सांस्कृतिक राजदूत” हैं, जो अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए छत्तीसगढ़ की अस्मिता, संस्कृति और मूल्यों को पूरी दुनिया में  स्थापित कर रहे हैं।

और भी