ताजा खबरें


बड़ी खबर

भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला: 14 नवंबर कोछत्तीसगढ़  पर्यटन-संस्कृति के साथ उद्योगों-कृषि आधारित उद्योगों की संभावनाओं का होगा प्रदर्शन

रायपुुर, 13 नवंबर 2025/  नईदिल्ली के भारत मण्डपम में 14 नवंबर से छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास की छटा बिखरेगी। यहां 27 नवंबर तक भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में एक भारत-श्रेष्ठ भारत की थीम पर छत्तीसगढ़ का आकर्षक पवेलियन बनाया जा रहा है। इस मेले में देश के सभी राज्यों सहित अंतर्राष्ट्रीय स्तर के उद्योगपति और निवेशक भी आयेंगे। मेले में बने छत्तीसगढ़ पवेलियन में राज्य के औद्योगिक विकास की झलक दिखाई जायेगी। यहां छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था, उद्योगों के लिए व्यापक अनुकूल माहौल और व्यवस्थाऐं तथा नई औद्योगिक नीति के बारे में आगंतुकों को पूरी जानकरी दी जायेगी। इस मेले में राज्य की नई औद्योगिक विकास नीति में उपलब्ध निवेश प्रोत्साहन, सुक्ष्म लघु एवं मध्यम ईकाईयों की स्थापना, उनके उत्पादों से संबंधित जानकारियों का भी प्रदर्शन किया जायेगा। मेला अवधि में छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए निवेशेकों के साथ बैठकें, इन्वेस्टर कनेक्ट आदि भी किये जायेंगे।  

इस अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और पर्यटन की संभावना का भी प्रदर्शन किया जायेगा, ताकि संस्कृति और पर्यटन पर आधारित रोजगार मूलक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिये निवेशकों को आकर्षित किया जा सके। मेले में बने पवेलियन में छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्प, वनोपज उत्पादों, खादी ग्रामोद्योग क्षेत्र में उद्योग शुरू करने की संभावनाओं के बारे में भी जानकारी दी जायेगी। पवेलियन में बस्तर क्षेत्र को फोकस करते हुए डिजिटल तकनीकों से सुसज्जित प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। 

अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले के दौरान 24 नवंबर को भारत मण्डपम दिल्ली में छत्तीसगढ़ दिवस भी मनाया जायेगा। शाम 6 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित मंत्रीमण्डल के सदस्य भी शामिल होंगे। यह आयोजन संस्कृति विभाग द्वारा किया जायेगा। छत्तीसगढ़ पवेलियन में हर दिन राज्य की सांस्कृतिक छटा का प्रदर्शन नृतक दलों के माध्यम से किया जायेगा।  यहां छत्तीसगढ़ के ग्रामोद्योग हस्तकला, हथकरघा, चरखा आदि का जीवंत प्रदर्शन, उत्कृष्ट उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की भी व्यवस्था रहेगी।

छत्तीसगढ़ पवेलियन में मिलेट से संबंधी उत्पादों के प्रदर्शन के साथ-साथ मिलेट कैफे भी लगाया जायेगा। इससे लोगों को छत्तीसगढ़ में उगाये जाने वाले लघु धान्यों कोदो, कुटकी, रागी, संवा आदि के उत्पादन, उनके व्यवसाय के लिये आकर्षित किया जा सकेगा। इस मेले में छत्तीसगढ़ में उपलब्ध जैविक और एक्जॉटिक खाद्यन्नों का भी प्रदर्शन होगा, ताकि इन उत्पादकों राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिल सके। लघु वनोपज संघ के द्वारा अपने वनोपजों से बने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री भी कि जायेगी। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एफएमसीजी कंपनियों के माध्यम से इन उत्पादों की मार्केटिंग करने की व्यवस्था का प्रयास किया जायेगा। पवेलियन में छत्तीसगढ़ के आकर्षक पर्यटन स्थलों, उपलब्ध अधोसंरचना और ईको-टूरिज्म के बारे में भी जानकारी दी जायेगी। ताकि अधिक से अधिक लोग छत्तीसगढ़ के बारे में जान सके।

और भी

बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता – छह माओवादी न्यूट्रलाइज,नक्सल उन्मूलन मिशन निर्णायक चरण में - मुख्यमंत्री 

रायपुर, 13 नवंबर 2025/ बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में आज छत्तीसगढ़ पुलिस, जिला रिज़र्व गार्ड (DRG) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त कार्रवाई में सुरक्षाबलों को महत्वपूर्ण सफलता मिली। मुठभेड़ के दौरान छह माओवादी न्यूट्रलाइज किए गए। इसमें ₹8 लाख का इनामी कन्ना ऊर्फ बुचन्ना भी शामिल है, जो लंबे समय से इस क्षेत्र में हिंसा, भय और माओवादी गतिविधियों को संचालित कर रहा था। इस कार्रवाई को लाल आतंक के समूल नाश की दिशा में एक महत्वपूर्ण और निर्णायक उपलब्धि माना जा रहा है। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सुरक्षाबलों की इस सफलता की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पुलिस बलों के उत्कृष्ट समन्वय, साहस और सटीक रणनीति का परिणाम है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन के संकल्प के साथ मिशन मोड में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और सुरक्षा एजेंसियाँ एकजुट होकर इस लड़ाई को निर्णायक अंत तक ले जाएंगी।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने समझी पीड़ा, तुरंत बढ़ाया कदम - श्री रमन निर्मलकर को सौंपा श्रवण यंत्र

रायपुर, 13 नवम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान रायपुर के ब्राह्मणपारा वार्ड निवासी श्री रमन निर्मलकर को श्रवण यंत्र सौंपा।

जनदर्शन में पहुँचे श्री निर्मलकर ने बताया कि बीते कुछ समय से उनकी श्रवण क्षमता पूरी तरह समाप्त हो गई है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे श्रवण यंत्र खरीद नहीं पा रहे थे। उनकी समस्या सुनकर मुख्यमंत्री श्री साय ने फौरन ही उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान किया।

मुख्यमंत्री श्री साय का आभार व्यक्त करते हुए श्री निर्मलकर ने मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि “मुझे फिर से सुनने की क्षमता वापस मिल गई है। मुख्यमंत्री जी ने मेरी समस्या को तुरंत समझा और मदद की, इसके लिए मैं उनका आभारी हूं।”

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा जनदर्शन में आमजन की समस्याओं पर तुरंत संज्ञान लेकर सहायता प्रदान करने की यह पहल जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

और भी

भिलाई के अंकुश देवांगन ने रचा चमत्कार — संगमरमर पर उतारी मोदी जी की सूक्ष्म प्रतिमा,मुख्यमंत्री को भेँट की

रायपुर 13 नवंबर 2025/छत्तीसगढ़ के भिलाई निवासी 55 वर्षीय श्री अंकुश देवांगन ने अपनी अनूठी कला से एक बार फिर सबको आश्चर्यचकित कर दिया। आज जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को एक विशेष फ्रेम भेंट किया, जिसमें संगमरमर को बारीकी से तराशकर बनाई गई प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की छोटी प्रतिमा लगी हुई है। फ्रेम के पीछे अयोध्या स्थित नवनिर्मित श्री रामलला मंदिर की भव्य प्रतिकृति भी उकेरी गई है। इस अद्भुत कृति को देखकर मुख्यमंत्री ने श्री देवांगन की भरपूर प्रशंसा की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।

प्रतिमा को देखने के लिए फ्रेम में एक माइक्रोस्कोपिक लेंस लगाया गया है, जिसकी सहायता से ही प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे के भाव, मुस्कान और बालों की सूक्ष्म रेखाएं स्पष्ट दिखाई देती हैं। संगमरमर के छोटे-से टुकड़े को तराशकर श्री देवांगन ने यह अनोखा कला-चमत्कार सृजित किया है।

श्री अंकुश देवांगन भिलाई स्टील प्लांट में एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं, लेकिन बचपन से ही उनका झुकाव छोटी-छोटी वस्तुओं को आकार देने और उनसे अनूठी कलाकृतियाँ बनाने की ओर रहा है। मात्र 10 वर्ष की आयु में उन्होंने पहली बार लकड़ी का छोटा-सा खिलौना बनाया था। इसके बाद उन्होंने धातु ढालने के सांचे बनाए, मिट्टी की मूर्तियाँ गढ़ीं और अंततः पत्थर तराशने की कला अपनाई। पिछले 45 वर्षों से वे निरंतर माइक्रो आर्ट की दुनिया में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने फ्रेम को हाथ में लेकर बड़े ध्यान से देखा और कहा,“यह केवल कला नहीं, समर्पण और धैर्य का प्रतीक है। अंकुश जी ने प्रधानमंत्री जी के प्रति अपनी भावना को जिस खूबसूरती से व्यक्त किया है, वह काबिल-ए-तारीफ है।”

मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य स्तर पर प्रदर्शनी लगाने का प्रस्ताव देते हुए कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली कलाकारों को प्रोत्साहित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

श्री देवांगन ने बताया कि आधे सेंटीमीटर आकार की इस प्रतिमा को बनाने में उन्हें लगभग दो महीने लगे। दिन में नौकरी और रात में कला—यही उनकी दिनचर्या रही। उन्होंने कहा,“मोदी जी ने राम मंदिर का सपना पूरा किया, इसलिए मैंने दोनों को एक ही फ्रेम में स्थान दिया। यह मेरा छोटा-सा योगदान है।”

मुख्यमंत्री कार्यालय के जनदर्शन में लोग प्रायः अपनी समस्याएँ लेकर आते हैं, लेकिन आज एक व्यक्ति अपनी कला लेकर आया और सबका दिल जीत लिया। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस फ्रेम को अपने कार्यालय में विशेष स्थान पर रखने का निर्णय लिया है।

श्री अंकुश देवांगन का अगला लक्ष्य दुनिया की सबसे छोटी राम सेतु प्रतिकृति बनाना है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा,“जब तक हाथ चलते रहेंगे, कुछ नया बनता रहेगा।”

और भी

दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी की मदद के लिए मुख्यमंत्री आगे आए — जनदर्शन में स्वीकृत किया 90 हजार रुपए का आर्थिक अनुदान

रायपुर, 13 नवंबर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आज रायपुर जिले के अभनपुर से आए दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी श्री पिंटू राम साहू की मांग पर मुख्यमंत्री ने त्वरित निर्णय लेते हुए 90 हजार रुपए का आर्थिक अनुदान स्वीकृत किया। श्री साहू ने व्हीलचेयर और आवश्यक खेल सामग्री खरीदने हेतु सहायता मांगी थी। उनकी परिस्थितियों और आवश्यकता को समझते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें तत्काल चेक प्रदान कर उनकी सहायता की।

आवेदक श्री पिंटू राम साहू ने बताया कि वे पिछले चार वर्षों से खेल जगत से जुड़े हुए हैं। उन्होंने 2 अक्टूबर 2025 को पहली बार रग्बी खेलने के लिए ग्वालियर का दौरा किया था। श्री साहू वर्तमान में बी.ए. फाइनल ईयर के छात्र हैं और दिव्यांगता के बावजूद लगातार खेल में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

मुख्यमंत्री द्वारा आर्थिक सहायता प्राप्त होने पर श्री साहू ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके लिए बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अब वे खेल में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए लगातार मेहनत करेंगे और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।

और भी

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 15 नवम्बर को जिले के गांवों में विशेष ग्रामसभाओं का होगा आयोजन

जशपुरनगर 13 नवम्बर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (रा.) एवं जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को माह नवम्बर 2025 में ग्रामसभाओं के सुचारू आयोजन के निर्देश दिए हैं। छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 6 के अनुसार प्रत्येक तीन माह में एक बार ग्रामसभा का आयोजन आवश्यक है। शासन के निर्देशानुसार वर्ष में निर्धारित तिथियों 23 जनवरी, 14 अप्रैल, 20 अगस्त एवं 02 अक्टूबर के अतिरिक्त माह जून एवं नवम्बर में भी ग्रामसभा आयोजित की जानी है। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद पंचायतवार समय-सारिणी तैयार कर यह सुनिश्चित किया जाए कि एक ही दिन किसी ग्राम पंचायत के एक ग्राम में ही ग्रामसभा आयोजित हो, ताकि सरपंच एवं सचिव ग्रामसभा में उपस्थित रह सकें। कलेक्टर श्री व्यास ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ग्रामसभा सम्मिलनों का आयोजन सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं जनसहभागिता पूर्ण ढंग से किया जाए, ताकि ग्रामीण विकास की दिशा में पंचायतें और अधिक सशक्त बन सकें।

 *ग्रामसभा से पूर्व की तैयारी* - 
ग्रामसभा की सूचना पंचायत के सूचना पटल पर चिपकाने, ग्राम के प्रमुख स्थलों पर चस्पा करने एवं मुनादी कराकर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामसभा प्रभारी की नियुक्ति समयपूर्व की जाएगी तथा सचिवों एवं प्रभारी अधिकारियों का एजेण्डा आधारित एक दिवसीय प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाएगा।


 *ग्रामसभा में चर्चा के विषय व एजेंडे* - 

ग्रामसभा की बैठक में पिछले सम्मेलनों में लिए गए संकल्पों के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी। पंचायतों की पिछली तिमाही की आय-व्यय का वाचन कर अनुमोदन किया जाएगा।
विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की सूची, स्वीकृत राशि, प्राप्त राशि, व्यय राशि तथा कार्य की अद्यतन स्थिति की जानकारी ग्रामसभा में प्रस्तुत की जाएगी। संपत्ति कर अधिरोपण की प्रणाली को ऑनलाइन करने के लिए समर्थ पंचायत पोर्टल के उपयोग पर चर्चा की जाएगी तथा चालू वित्तीय वर्ष के लिए संपत्ति कर दर निर्धारण के बाद कर अधिरोपण प्रारंभ करने का निर्णय लिया जाएगा। ग्राम पंचायतों के वर्तमान एवं भूतपूर्व पदाधिकारियों, अधिकारियों और कर्मचारियों जिनसे पंचायतों के लेखे या बकाया राशि का हिसाब लिया जाना है, उनके नामों की जानकारी भी ग्रामसभा में दी जाएगी। ग्राम पंचायत क्षेत्रों से गुजरने वाली सड़कों पर मवेशियों के कारण हो रही दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपायों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी तथा लोगों में जागरूकता बढ़ाते हुए अपने मवेशियों को खुले नहीं छोड़ने का संकल्प पारित किया जाएगा। सड़कों पर खुला छोड़े जाने की स्थिति में छत्तीसगढ़ पंचायत अधिनियम 1993 के प्रावधानों के तहत जुर्माना या शास्ति अधिरोपित करने की व्यवस्था की जाएगी। ग्राम पंचायतों के पंचायत उन्नति सूचकांक  के परिणामों में सुधार लाने के लिए पारदर्शिता, जवाबदेही और भागीदारी की भावना को बढ़ावा देने पर चर्चा की जाएगी तथा समुदाय को ग्राम पंचायत स्तरीय प्रदर्शन डेटा से अवगत कराया जाएगा। ग्राम में स्थित मुक्तिधामों में साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
जरूरतमंद व्यक्तियों को वितरित खाद्यान की जानकारी ग्रामसभा में प्रस्तुत की जाएगी और लाभान्वित हितग्राहियों के नामों का वाचन किया जाएगा। ग्राम पंचायतों में जन्म, मृत्यु एवं युवा पंजीयन से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी तथा लंबित और निराकृत प्रमाणपत्रों की जानकारी दी जाएगी। मौसमी बीमारियों की रोकथाम और निदान के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा कर ग्रामवासियों में जनजागरूकता फैलाने पर चर्चा की जाएगी। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों द्वारा रोजगार की मांग और उन्हें उपलब्ध कराए गए रोजगार की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। मनरेगा योजना के अंतर्गत किए जाने वाले सभी कार्यों की सूची ग्रामसभा में वाचन की जाएगी। सामाजिक सहायता कार्यक्रमों के अंतर्गत संचालित पेंशन योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण किया जाएगा तथा हितग्राहियों का सत्यापन कराया जाएगा।


*डिजिटल मॉनिटरिंग और पारदर्शिता* - 

कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि ग्रामसभा में लिए गए निर्णयों की अधिकतम 15 मिनट की वीडियो रिकॉर्डिंग की जाए और उसे “ग्रामसभा निर्णय  मोबाइल ऐप में अपलोड किया जाए। ग्रामसभा की सभी गतिविधियों को वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल एवं जीपीडीपी पोर्टल में शत-प्रतिशत अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए।

*15 नवम्बर को विशेष ग्रामसभा, जनजातीय गौरव दिवस पर* - 

कलेक्टर श्री व्यास ने 15 नवम्बर 2025 को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विशेष ग्रामसभा आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। इस दिन ग्रामसभाओं में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।
भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय द्वारा सभासार नामक ए.आई. आधारित पोर्टल तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से ग्रामसभा की कार्यवाही का डिजिटल विवरण तैयार किया जाएगा। इस पोर्टल के उपयोग हेतु निर्धारित एसओपी के अनुसार कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

और भी

रायगढ़ की 3 प्रमुख खबरें : विस्तार से जाने पढ़े पूरी खबर

पुसौर के छपोरा में 33/11 के.वी. उपकेंद्र का होगा निर्माण, 39 ग्रामों को मिलेगा लाभ

वोल्टेज तथा बार-बार फाल्ट की समस्या से उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत

रायगढ़, 13 नवम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आम जनों की सुविधाओं के विस्तार को दृष्टिगत रखते हुए जिले में सड़क, विद्युत सहित अधोसंरचना विकास के कार्य सतत रुप से जारी है। इसी क्रम में 12 नवम्बर को मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना अंतर्गत वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी ने ग्राम छपोरा में 3.15 एमवी, क्षमता वाले 33/11 के.वी. उपकेंद्र का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। इस परियोजना पर 277 लाख रुपये की लागत आएगी। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपकेंद्र पुसौर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।
    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि उपकेंद्र के निर्माण से पुसौर क्षेत्र के 39 ग्रामों की विद्युत आपूर्ति में स्थायित्व और गुणवत्ता आएगी। वर्तमान में इन ग्रामों की बिजली सप्लाई पुसौर एवं झलमला उपकेंद्रों से होती है, जिससे लंबी दूरी और अधिक लोड के कारण रबी सीजन में वोल्टेज की समस्या तथा बार-बार फाल्ट की स्थिति उत्पन्न होती थी। उन्होंने कहा कि यह उपकेंद्र ग्रामीण अंचल के किसानों और उपभोक्ताओं दोनों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा।
            विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता श्री मनीष तनेजा ने बताया कि इस उपकेंद्र से सीधे तौर पर 17 ग्रामों को लाभ प्राप्त होगा, जिनमें छपोरा, ठेंगापाली, कांदागढ़, महलोई, लोहाखान, बोदाझरिया, नेतनागर, झिलगीटार एवं देवलसुरा सहित अन्य गांव शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह कार्य वित्त मंत्री श्री चौधरी के विशेष प्रयासों से स्वीकृत हुआ है, जिससे क्षेत्र के नागरिकों में अपार हर्ष है। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमलता चौहान, जिला पंचायत सदस्य श्री बृजेश गुप्ता, अधीक्षण अभियंता श्री गुंजन शर्मा, एसडीएम रायगढ़ श्री महेश शर्मा, कार्यपालन अभियंता श्री नरेंद्र नायक, सहायक अभियंता श्री लक्ष्मीकांत पटेल, ग्राम सरपंच श्री धनेश्वर प्रधान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

##########################################$$

वन विभाग की बड़ी कार्रवाई-करंट से हाथी की मौत मामले में छह और आरोपी गिरफ्तार, कुल संख्या 16 पहुंची

रायगढ़, 13 नवम्बर 2025/ रायगढ़ वनमंडल के अंतर्गत वन परिक्षेत्र तमनार के ग्राम केराखोल की राजस्व भूमि में गत दिनों एक हाथी की विद्युत प्रवाहित तार के संपर्क में आने से हुई मौत के मामले में वन विभाग ने निर्णायक कार्रवाई करते हुए छह और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकार अब तक इस प्रकरण में कुल 16 व्यक्तियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। घटना 19-20 अक्टूबर 2025 की दरम्यानी रात की है, जब एक हाथी की मृत्यु बिजली के करंट से हो गई थी। विभाग द्वारा इस मामले को गंभीरता से लेते हुए वन अपराध प्रकरण क्रमांक पी.ओर.आर./4781/17 दिनांक 20.10.2025 के तहत वन्यप्राणी अधिनियम 1972 की धारा 9, 51 एवं संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
        जांच के दौरान प्रारंभिक रूप से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इसी कड़ी में 12 नवम्बर को वन विभाग की विशेष टीम ने अन्य छह आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार व्यक्तियों को माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, घरघोड़ा, जिला रायगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम केराखोल के निवासी रामचरण पिता भंवर सिंह राठिया, जयलाल पिता सिदार राठिया, श्रवण कुमार पिता भगेश्वर राठिया, गोविंद पिता हंसराम राठिया, करमसिंह पिता भगतराम राठिया और मकुंद पिता चैतराम राठिया शामिल हैं।
  वनमंडलाधिकारी रायगढ़ ने बताया कि वन्यजीवों की सुरक्षा में लापरवाही या अवैध विद्युत प्रवाह जैसी गतिविधियां गंभीर अपराध की श्रेणी में आती हैं। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा ऐसी घटनाओं पर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई गई है और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वन विभाग ने साथ ही आम नागरिकों से अपील की है कि वे वन्यजीव संरक्षण में सक्रिय सहयोग करें तथा किसी भी अवैध गतिविधि या संदेहास्पद परिस्थिति की सूचना तत्काल विभाग को दें, जिससे वन्यजीवों की सुरक्षा और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखा जा सके।

###################################

किरोड़ीमल नगर समपार फाटक 16 से 18 नवम्बर तक रहेगा बंद

रात्रि 10 बजे से सुबह 8 बजे तक होगा रेलवे लाइन का मरम्मत

रायगढ़, 13 नवम्बर 2025/ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायगढ़ मंडल द्वारा रेल लाइन के वार्षिक मरम्मत कार्य के चलते समपार संख्या 293 (कि.मी. 594/07-09) स्थित रेलवे फाटक को निर्धारित अवधि तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। यह फाटक किरोड़ीमलनगर यार्ड में स्थित है, जहां 16 से 18 नवम्बर तक अप लाइन एवं जनसाधारण उच्चभिट्ठी का वार्षिक रख-रखाव कार्य किया जाएगा। सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रेल पथ) रायगढ़ कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 से 18 नवम्बर तक प्रतिदिन रात्रि 10 बजे से सुबह 8 बजे तक इस फाटक से सड़क यातायात पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। 
    रेल प्रशासन ने नागरिकों एवं वाहन चालकों की सुविधा के लिए अंडरपास तथा मुरारीपाली अंडरपास के नीचे बने सड़क मार्ग को वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग करने की सलाह दी है। साथ ही कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात नियंत्रण हेतु पुलिस प्रशासन को सूचित कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह मरम्मत कार्य रेल लाइन की मजबूती, सुरक्षा एवं ट्रेनों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित रेलवे फाटक को पुनः सामान्य यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।

और भी

अपर कलेक्टर ने धान खरीदी की तैयारी के संबंध में ली बैठक ,46 धान खरीदी केन्द्रों में कर्मचारियों की गई व्यवस्था 


 
जशपुर 13 नवंबर 25/ अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू ने गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में धान खरीदी की तैयारी के संबंध में समीक्षा बैठक ली।
 खरीदी केन्द्रों जशपुर के सभी धान उपार्जन केन्द्र प्रभारी वर्तमान में अनिश्चत कालिन हड़ताल पर होने के कारण राज्य शासन के निर्देश पर जिले के सभी 46 उपार्जन केन्द्र प्रभारियो के स्थान पर दिनांक 12.11.25 को शासकीय कर्मचारियो को नियुक्त किया जा कर आज दिनांक 13.11.25 को अपर कलेक्टर जिला जशपुर की अध्यक्षता में धान उपार्जन के संबंघ में विशेष प्रशीक्षण एव उपार्जन कार्य शासन नियम एवं निर्देशो के आधार पर किये जाने के निर्देश दिए गए हैं।

और भी

बालाझापर में निःशुल्क पशु चिकित्सा शिविर का हुआ आयोजन,120 पशुओं में कृमि नाशक दवाइयों का किया गया वितरण

जशपुरनगर 13 नवम्बर 2025/ पशुधन विकास विभाग जशपुर द्वारा ग्राम बालाझापर में एक दिवसीय बहुउद्देशीय पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में कृषक व पशु पालक अपने पशु का उपचार व सलाह प्राप्त किया। पशु चिकित्सकों के द्वारा पशुओं की विभिन्न बिगारियों की पहचान कर आवश्यक उपचार प्रदान किया गया तथा 120 पशुओं में कृमि नाशक दवाइयों का वितरण किया गया।
         शिविर में उपस्थित ग्रामिणों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। विशेष रूप से केसीसी, पशु नस्ल सुधार कार्यकम अंतर्गत कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण, लिंग वर्गीकृत वीर्य, द्वारा चारा उत्पादन, चारा सरक्षण आदि के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। शिविर में 05 उपचार एवं कृमिनाशक और किलनीनाशक 120-120 दिया गया।
      पशुधन विकास विभाग द्वारा पशु पालकों से अपील किया गया कि विभाग  द्वारा चलाये जा रहे रोग प्रतिबंधात्मक टीकाकरण कार्यक्रम में सत् प्रतिशत सहभागिता दर्ज कराएं एवं पशुधन को सुरक्षित रखने में योगदान दें।

और भी

हाथी द्वारा जनहानि की घटना में की गई विभाग द्वारा  तत्कालिक सहायता राशि 25 हजार की गई प्रदाय

जशपुरनगर 13 नवम्बर 2025/जशपुर वनमण्डल अन्तर्गत कांसाबेल परिक्षेत्र के  ग्राम सिकीपानी में 12 नवम्बर 2025 को प्रातः लगभग 05.30 बजे हाथी द्वारा जनहानि की दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटित हुई। कुनकुरी परिक्षेत्र से आये 12 नग हाथियों का दल कांसाबेल परिक्षेत्र में वितरणस्त था। इस दौरान ग्राम सिकीपानी की निवासी श्रीमती दोरोथिया पन्ना अपने घर के आंगन में नतनी के साथ मौजूद थीं, तभी अचानक दौड़ते हुए एक जंगली हाथी ने उन पर आक्रमण कर दिया। घटना
में श्रीमती दोरोथिया पन्ना की मृत्यु हो गई तथा उनकी नतनी कुमारी आरती पन्ना,  घायल हुई।
            सूचना प्राप्त होते ही परिक्षेत्र कांसाबेल का वन अमला त्वरित रूप से मौके पर पहुंचा तथा घायल बालिका को तत्काल उपचार हेतु स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पत्थलगांव रेफर किया गया। रैपिड रेस्पॉन्स टीम द्वारा निरंतर मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है तथा घटना स्थल के आसपास स्थित लगभग 10 घरों के बुजुर्ग एवं दिव्यांगजनों
को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। मृतका के ज्येष्ठ पुत्र श्री संदीप पन्ना को विभाग द्वारा तात्कालिक सहायता राशि रूपये 25 हजार प्रदाय की गई है।

और भी

बगीचा विकासखण्ड में मुद्रा एवं बैंक क्रेडिट मेला का हुआ आयोजन

जशपुरनगर 13 नवम्बर 2025/ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान अंतर्गत  बगीचा विकासखंड में मुद्रा एवं बैंक क्रेडिट मेला का आयोजन किया गया। जिसमें  बैंक द्वारा 01 करोड़ 50 लाख 50 हजार रूपए 94 समूह को एवं 59 लाख रूपए 59 हितग्राहियों हेतु व्यक्तिगत मुद्रा लोन की स्वीकृति प्रदान की गई।
         मुद्रा एवं बैंक क्रेडिट मेला में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गायत्री नागेश उपस्थित थे। इसी प्रकार विशिष्ट अतिथि में श्री अरविंद गुप्ता, जनपद सदस्य श्रीमती सविता नागेश, दिनेश्वरी केरकेट्टा, जिला पंचायत से डीएलएम श्री वाल्टर भेंगरा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक वित्तीय समावेशन अमीन खान, जिला प्रमुख साधन श्री अखिल प्रसन्ना सेठ, जनपद पंचायत बगीचा से अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री रमेश सोरी, विकासखंड परियोजना प्रबंधक बिहान श्री रंगेश साहू, सह. वि.वि अधिकारी श्री मिशेल खलको,  क्षेत्रीय समन्वयक टीपेन्द्र यादव, अलमा कुजूर, सभी बैंकों से ब्रांच मैनेजर ,पीआरपी एवं बिहान की 360 महिलाएं उपस्थित रहे।
           कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष द्वारा बिहान के महिलाओं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया एवं बैंक मैनेजर द्वारा बिहान की महिलाओं को वित्तीय साक्षरता प्रदान किया गया।

और भी

पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल :-फोर्टीफाइड चावल के प्रचार हेतुअपर कलेक्टर ने  रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

जशपुरनगर 13 नवम्बर 2025/ जिले में कुपोषण उन्मूलन और स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से पोषक तत्वों से युक्त चावल फोर्टीफाइड चावल के प्रचार-प्रसार हेतु रथ को आज अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू ने कलेक्टोरेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ ग्रामीण अंचलों में भ्रमण कर लोगों को फोर्टीफाइड चावल के महत्व की जानकारी देगा और इसके उपयोग के लिए प्रेरित करेगा। इस अवसर पर जिला खाद्य अधिकारी श्री आशीष चतुर्वेदी सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री साहू ने कहा कि शासन की यह पहल आमजन को कुपोषण से मुक्ति दिलाने की दिशा में अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने बताया कि फोर्टीफाइड चावल में आयरन, फोलिक एसिड और विटामिन बी-12 जैसे सूक्ष्म पोषक तत्व मिलाए जाते हैं, जो शरीर में रक्त की कमी को दूर करने, थकान, कमजोरी और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक हैं।

      जिला खाद्य अधिकारी श्री चतुर्वेदी ने इस दौरान यह स्पष्ट किया कि फोर्टीफाइड चावल के बारे में समाज में कई भ्रांतियाँ फैली हुई हैं, जैसे यह कृत्रिम या हानिकारक होता है, परंतु यह गलत है। फोर्टीफाइड चावल पूरी तरह सुरक्षित और प्रमाणित तकनीक से तैयार किया जाता है। यह चावल सामान्य चावल की तरह ही पकाया और खाया जा सकता है। रथ के माध्यम से प्रचार दल गांव-गांव जाकर फोर्टीफाइड चावल के लाभ, उसकी पहचान और उससे जुड़ी गलतफहमियों के बारे में आमजन को जागरूक करेगा। प्रचार रथ में इससे संबंधित प्रेरक पोस्टर- बैनर एवं जागरूकता स्लोगन युक्त ध्वनि संदेश चलाने लाउडस्पीकर लगाए गए है। इसके माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया जाएगा कि फोर्टीफाइड चावल अपनाएं और स्वस्थ जीवन पाएं।

और भी

जिले की ऐतिहासिक उपलब्धि , कृत्रिम गर्भाधान से जन्मी प्रथम पुंगनुर मादा वत्स, पशु नस्ल सुधार में नई दिशा

जशपुर 13 नवंबर 25/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय मत्स्य पालन पशुपालन,रेशम पालन, कृषि के क्षेत्र विस्तार को निरंतर बढ़ावा दे रहे है इसका साकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहा है।
जशपुर जिले ने पशुपालन क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। कृत्रिम गर्भाधान पद्धति के माध्यम से जिले को पहली बार पुंगनुर नस्ल की मादा वत्स (बछिया) प्राप्त हुई है। यह उपलब्धि जिले के पशु चिकित्सालय पत्थलगांव में पदस्थ सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी श्री के.के. पटेल के अथक प्रयासों से संभव हो सकी। श्री पटेल ने ग्राम करमीटिकरा, करूमहुआ के किसान श्री खगेश्वर यादव की देशी गाय को पुंगनुर नस्ल के सांड़ के हिमकृत वीर्य से दिनांक 29 जनवरी 2025 को गर्भित किया था। लगभग 284 दिनों के गर्भकाल के बाद गाय ने 11 नवंबर 2025 को एक स्वस्थ पुंगनुर मादा वत्स को जन्म दिया जो जिले के लिए गर्व का क्षण बन गया।
पुंगनुर गाय का मूल स्थान आंध्रप्रदेश के चित्तूर जिले का पुंगनुर क्षेत्र है। यह गाय विश्व की सबसे छोटी नस्ल के रूप में जानी जाती है। इसकी औसत ऊँचाई 70 से 90 सेंटीमीटर तथा वजन 110 से 200 किलोग्राम तक होता है। यह गाय कम चारा, कम देखभाल और कठिन परिस्थितियों में भी सहज रूप से जीवित रह सकती है।
इसका दूध भले ही 1से 2 लीटर प्रतिदिन ही हो, लेकिन इसमें A2 प्रोटीन की अधिकता होने के कारण यह अत्यंत पौष्टिक और औषधीय गुणों से भरपूर माना जाता है।पुंगनुर गाय का स्वभाव मृदु, स्नेहिल और मित्रवत होता है, जिससे इसे पालतू सहचर पशु के रूप में भी घरों में पाला जा सकता है।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर डॉ. बी.पी. भगत ने सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी श्री के.के. पटेल और किसान श्री खगेश्वर यादव को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल पत्थलगांव बल्कि पूरे जशपुर जिले के लिए गौरव की बात है। इससे पशु नस्ल सुधार की दिशा में नए रास्ते खुलेंगे।इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में भी पशुधन संवर्धन और उच्च नस्ल प्राप्ति संभव है।

और भी

पैरों से चित्र उकेरने वाली पूनम बिटिया के जीवन में मुख्यमंत्री ने भरी नई उम्मीद — अब विशेष विद्यालय में मिलेगा शिक्षण और छात्रवृत्ति

रायपुर 13 नवम्बर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज जनदर्शन में दूर-दूर से मुख्यमंत्री निवास पहुँच रहे लोगों से मुलाकात कर रहे हैं और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी कर रहे हैं। 

आज जनदर्शन की शुरुआत में ही मुख्यमंत्री ने रायपुर के तेलीबांधा की रहने वाली 11 वर्षीय बिटिया पूनम से भेंट की।बिटिया पूनम की माता ने मुख्यमंत्री श्री साय को बताया कि वह सेरेब्रल पाल्सी से जूझ रही है और बातचीत करने में भी असमर्थ है। उन्होंने बताया कि इस चुनौती के बावजूद पूनम अपने पैरों से बहुत सुंदर चित्र बनाती है। मुख्यमंत्री श्री साय ने अत्यंत आत्मीयता से बिटिया पूनम से बात की और उसे स्नेहपूर्वक दुलार किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने पूनम की माता को आश्वस्त करते हुए कहा कि “हम आपके साथ हैं, आपको बिटिया के लिए किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।”

मुख्यमंत्री ने पूनम बिटिया की पढ़ाई की उचित व्यवस्था के लिए उसे विशेष विद्यालय में भर्ती कराने और छात्रवृत्ति प्रदान करने के निर्देश दिए।

और भी

आज का राशिफल : इनका भाग्य होगा मजबूत,जानिए कैसा रहेगा आज आपका दिन, क्या कहते हैं सितारे

मेष राशि
स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से यह समय अनुकूल नहीं है, इसलिए जो भी खाद्य पदार्थ आप ग्रहण करें, उसके प्रति सतर्क रहें. लंबे समय से लंबित मुआवजे और ऋण अंततः आपको प्राप्त होंगे. परिवार के सदस्यों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दें. उनके सुख-दुख में सहभागी बनें, ताकि उन्हें यह आभास हो कि आप वास्तव में उनकी परवाह करते हैं.

वृषभ राशि
किसी भी प्रकार के संघर्ष या विरोध से दूर रहें, क्योंकि इसका आपकी सेहत पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. आज आपके माता-पिता में से कोई आपको धन की बचत करने के बारे में सलाह दे सकता है, उनकी बातों को ध्यान से सुनना आवश्यक है, अन्यथा भविष्य में आपको कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है.

मिथुन राशि
कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है. हिम्मत न हारें और इच्छित परिणाम प्राप्त करने के लिए मेहनत करें. इन विफलताओं को प्रगति का आधार बनाएं. कठिन समय में रिश्तेदार भी सहायक होंगे. दीर्घकालिक निवेश से बचें और अपने मित्रों के साथ समय बिताएं.

कर्क राशि
अपने जीवन को स्थायी न समझें और जीवन के प्रति सजगता बरतें. यदि आप यात्रा पर जाने की योजना बना रहे हैं, तो अपने कीमती सामान की सुरक्षा का ध्यान रखें, क्योंकि चोरी की संभावना बनी रहती है. विशेष रूप से, आज अपने पर्स को बहुत सावधानी से संभालें.

सिंह राशि
नियमित व्यायाम के माध्यम से अपने वजन को नियंत्रित रखें. यदि आप समझदारी से कार्य करते हैं, तो आज आप अतिरिक्त धन अर्जित कर सकते हैं. घर से संबंधित योजनाओं पर विचार करने की आवश्यकता है. आज अचानक किसी से रोमांटिक मुलाकात होने की संभावना है.

कन्या राशि
यदि आप पर्याप्त आराम नहीं कर रहे हैं, तो आपको अत्यधिक थकान का अनुभव होगा और आपको अतिरिक्त विश्राम की आवश्यकता होगी. उन निवेश योजनाओं के बारे में गहराई से जानकारी प्राप्त करें जो आपको आकर्षित कर रही हैं- कोई भी निर्णय लेने से पहले विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें.


तुला राशि
सेहत बढ़िया रहेगी. यूं तो आज आर्थिक पक्ष अच्छा रहेगा लेकिन इसके साथ ही आपको यह ध्यान भी रखना होगा कि आप अपने पैसे को व्यर्थ में खर्च न करें. दोस्त शाम के लिए कोई बढ़िया योजना बनाकर आपका दिन ख़ुशनुमा कर देंगे.

वृश्चिक राशि
शारीरिक व्यायाम और वज़न घटाने की कोशिशें आपके रूप-रंग को निखारने में फ़ायदेमंद साबित होंगी. जिन लोगों ने जमीन खरीदी थी और अब उसे बेचना चाहते हैं उन्हें आज कोई अच्छा खरीदार मिल सकता है और जमीन बेचकर उन्हें अच्छा धन लाभ हो सकता है.

धनु राशि
अगर मुमकिन हो तो लम्बे सफ़र पर जाने से बचें, क्योंकि लम्बी यात्राओं के लिए अभी आप कमज़ोर हैं और उनसे आपकी कमज़ोरी और बढ़ेगी. आज आपको अपने भाई या बहन की मदद से धन लाभ होने की संभावना है. अपने परिवार की भलाई के लिए मेहनत करें.

मकर राशि
अपने जीवन को स्थायी न समझें और जीवन के प्रति सजगता बनाए रखें. संपत्ति से संबंधित लेन-देन सफल होंगे और आपको लाभ देंगे. व्यक्तिगत मुद्दों को सुलझाते समय उदारता का प्रदर्शन करें, लेकिन अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें ताकि उन लोगों को चोट न पहुंचे जो आपसे प्रेम करते हैं और आपकी चिंता करते हैं.

कुम्भ राशि
आज आपका व्यक्तित्व सुगंध की तरह महकेगा और सभी को आकर्षित करेगा. आज आपको आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है – संभव है कि आप अनावश्यक खर्च करें या आपका बटुआ खो जाए – ऐसे मामलों में लापरवाही आपको नुकसान पहुँचा सकती है.

मीन राशि
आज आप बिना किसी परेशानी के विश्राम कर सकेंगे. अपनी मांसपेशियों को आराम देने के लिए तेल से मालिश करें. दीर्घकालिक लाभ के दृष्टिकोण से स्टॉक और म्यूचुअल फंड में निवेश करना लाभकारी रहेगा.

और भी

कलेक्टर के निर्देश पर अधिकारियों ने किए आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण

रायगढ़, 12 नवम्बर 2025/ जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने और हर परिवार को सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा जिला टीकाकरण अधिकारी ने आज रायगढ़ शहर स्थित गांधीनगर-1 एवं सिंघल सॉ मिल के आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में निर्धारित दिवस पर 100 प्रतिशत टीकाकरण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करने के लिए कहा गया है। अधिकारियों ने महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण कार्य की प्रगति का अवलोकन किया तथा उपस्थित विभागीय अमलों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
              निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि सभी गर्भवती माताओं, शिशुवती महिलाओं तथा 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों को नियमित रूप से टीकाकरण सुविधा प्राप्त हो रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को टीकाकरण दिवस आयोजित किया जाता है, जिसमें पात्र हितग्राहियों को संपूर्ण टीकाकरण के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी परामर्श भी दिया जाता है।

और भी

पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास रायगढ़ में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन

रायगढ़, 12 नवम्बर 2025/ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्री जितेन्द्र कुमार जैन के मार्गदर्शन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायगढ़ न्यायाधीश एवं सचिव श्रीमती अंकिता मुदलियार के नेतृत्व में 11 नवंबर को पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास रायगढ़ में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
    जागरूकता शिविर में पोस्ट मैट्रिक आदिवासी बालक छात्रावास रायगढ़ में उपस्थित कुल 33 बालकों को बताया गया कि राष्ट्रीय शिक्षा दिवस भारत के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती के उपलक्ष्य में हर साल 11 नवंबर को मनाया जाता है। यह दिन शिक्षा के महत्व को उजागर करने और देश में उनके अमूल्य योगदान को याद करने के लिए समर्पित है। इसी अनुक्रम में बताया गया कि शिक्षा वह प्रणाली है जिससे जो व्यक्तिगत जीवन को बेहतर बनाता है शिक्षा गरीबी कम करने में मदद करती है और व्यक्तियों को देश के विकास में योगदान करने का अवसर प्रदान करती है। शिक्षा वह दीपक है जो अज्ञानता को दर करता है और विधिक साक्षरता वह सुरक्षा कवच है जो अन्याय से बचाता हैै। साथ ही पैरालिगल वालिंटियर्स द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी गई एवं नालसा एवं सालसा की योजना-जैसे पीडित क्षतिपूर्ति योजना, नालसा हेल्प लाईन नं 15100, बाल श्रम, शिक्षा का अधिकार के बारे में व्यापक जानकारी दी गई। उक्त शिविर का संचालन जिला प्राधिकरण रायगढ़ के पैरालिगल वालिंयिटर्स हरीश षडंगी, आयुष कुमार देवांगन, तरूण कुमार बेहरा द्वारा की गई।

और भी

रायगढ़ में मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण जारी-अब तक 77.37 प्रतिशत मतदाताओं को मिला गणना पत्रक, रायगढ़ सहित सभी तहसीलों में स्थापित किए गए हेल्प डेस्क

रायगढ़, 12 नवम्बर 2025/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार में जिले में निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य 4 नवम्बर से प्रारंभ हो गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश में बूथ लेवल ऑफिसर द्वारा घर-घर जाकर निर्वाचक नामावली में दर्ज मतदाताओं को गणना पत्रक वितरण का किया जा रहा है। 12 नवम्बर तक 77.37 प्रतिशत मतदाताओं को गणना पत्रक वितरण कर दिया गया है। वितरण किए गए गणना पत्रक को संकलित करने एवं बीएलओ एप में मतदाताओं की जानकारी ऑनलाईन एंट्री करने का कार्य भी बूथ लेवल ऑफिसर द्वारा किया जाएगा। मतदाता अपना गणना पत्रक भरते समय पूर्ण सावधानी रखें एवं संदेह की स्थिति में रायगढ़ जिला अंतर्गत जिला मुख्यालय रायगढ़ के अतिरिक्त सभी तहसीलों में मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए है एवं भारत निर्वाचन आयोग द्वारा टोल फ्री नंबर 1950 जारी किया गया है। 
     अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मतदाता को स्वयं भी Voters-eci-gov-in पोर्टल में जाकर गणना प्रत्रक भरने की सुविधा निर्वाचन आयोग के द्वारा दी गई है एवं उक्त पोर्टल की सहायता से मतदाता पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा छ.ग. राज्य से बाहर के मतदाताओं की जानकारी भी उपरोक्त पोर्टल से प्राप्त कर सकते हैं। छत्तीसगढ़ के मतदाता election-cg-gov-in पर भी 2003 विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदान केन्द्रवार मतदाताओं की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 
          बीएलओ द्वारा वितरित किए गए गणना पत्रकों में प्रत्येक मतदाता की 2025 के अनुसार जानकारी पूर्व मुद्रित है। मतदाता को इसमें कुछ आधारभूत जानकारी जैसे जन्मतिथि, आधार नं., मोबाईल नं., माता, पिता एवं पत्नि का नाम तथा उनका ईपिक नं. (वैकल्पिक) एवं नवीनतम पासपोर्ट साईज कलर फोटोग्रॉफ्स बीएलओ को उपलब्ध कराने होंगे तथा बीएलओ की सहायता से पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण 2003 की जानकारी भरते हुए अपना हस्ताक्षर करना होगा। ऐसे मतदाता जिनका नाम 2003 में नहीं है तथा उनके माता-पिता का भी नाम 2003 में नहीं है, उन्हें निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए 13 दस्तावेजों में कोई भी 1 दस्तावेज गणना पत्रक के साथ संलग्न करना अनिवार्य होगा। विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के लिए मतदाताओं के सहयोग हेतु रायगढ़ में विशेष हेल्प डेस्क बनाया गया। हेल्प डेस्क में मास्टर ट्रेनर के द्वारा मतदाताओं को पिछले एसआईआर की जानकारी, ईपिक नंबर तथा वर्तमान में 2025 की संपूर्ण जानकारी के साथ ही साथ गणना पत्रक भरने की जानकारी दी जा रही है। इसी तारतम्य में आज शासकीय नवीन महाविद्यालय चपले के सहायक प्राध्यापक व कर्मचारी एवं छात्राओं ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने तथा गणना पत्रक भरने संबंधी जानकारी प्राप्त किया।

*यहां बनाए गए है हेल्प डेस्क* 
विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के लिए मतदाताओं के सहयोग हेतु रायगढ़ जिला अंतर्गत जिला मुख्यालय रायगढ़ के अतिरिक्त सभी तहसीलों में मतदाताओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए है। इनमें निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालय रायगढ़ मोबा. 6268727610 एवं 7000494371 तथा नगर निगम, रायगढ़ में हेल्प डेस्क बनाया गया है। जिसका मोबा. नंबर 7389057984 एवं 9926113551 है। मतदाता उक्त नंबर पर संपर्क कर सकते है। इसी तरह तहसील कार्यालय पुसौर-6261128828, 9343352040, तहसील कार्यालय सरिया-6260009398 एवं 9993148016, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालय खरसिया- 6260103593 एवं 7415912555, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालय लैलूंगा-9340220814, 9617037805 एवं 8305326526, तहसील कार्यालय मुकडेगा-9893378259 एवं 9907265856, तहसील कार्यालय तमनार-6260509907, 7805020388 एवं 9754886186, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालय धरमजयगढ़-7354948847 एवं 8109524345, तहसील कार्यालय छाल-7000458792 एवं 7999273293, तहसील कार्यालय कापू-8821953514 एवं 9407656771 तथा तहसील कार्यालय घरघोड़ा में हेल्प डेस्क बनाया गया है जिसका मोबा. नंबर 9074684876 एवं 7024301984 है।

और भी