ताजा खबरें


बड़ी खबर

सोगड़ा आश्रम में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सह चिकित्सा शिविर सम्पन्न,जरूरतमंदो को बांटे गए पावर वाले चश्मे,कम्बल वितरण भी किया गया

जशपुर/नारायणपुर :10 नवम्बर 2025:  बाबा भगवान राम ट्रस्ट,ब्रम्हनिष्ठालय,सोगड़ा आश्रम एवं श्री सर्वेश्वरी समूह प्रार्थना गृह,गुमला झारखण्ड के संयुक्त तत्वाधान में 9 नवम्बर 2025 दिन रविवार को छत्तीसगढ़ एवं झारखण्ड के सीमावर्ती दूरस्थ ग्राम  हीरादह धाम,रमजा में एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सह चिकित्सा शिविर सम्पन्न हुआ।
शिविर का शुभारंभ प्रातः 10 बजे ट्रस्ट के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा गुरूपद संभव राम जी द्वारा परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के चित्र पर पूजन-आरती उपरांत नारियल फोड़कर किया गया।तत्पश्चात उनके द्वारा पूरे शिविर का निरीक्षण करने के पश्चात् शिविर प्रारंभ हुआ जो कि सांय 4ः30 तक लगातार चलता रहा। शिविरमें कुल 603 मरीजो की चिकित्सा की गयी। निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में कुल 351 मरीजो का नेत्र परीक्षण कर 309 मरीजों को ट्रस्ट द्वारा पावर वाले चश्मे वितरित किये गये। मरीजो का नेत्र परीक्षण जशपुर के श्री टी.पी.कुशवाहा एवं श्री एल.पी.मांझी नेत्र सहायक द्वारा किया गया।


        कई रोगों की चिकित्सा हेतु जशपुर के ही वरिष्ठ सर्जन डॉ. आर.के.सिंह जी ने अपनी सेवाए प्रदान की। शिविर मंे कुल 252 अन्य रोगों के मरीजो का परीक्षण,परामर्श उपरांत दवाईयां प्रदान की गयी। शिविर में हीरादह धाम ग्राम के अतिरिक्त कोब्जा,रमजा,कोण्डरा,सुरसांग आदि ग्रामों से मरीजों का लगातार आगमन होता रहा। शिविर को सफल बनाने में गम्हरिया आश्रम के संतोष मिश्र,अखिलेष प्रसाद यादव,वेद तिवारी,प्रतीक सिंह ,प्रवीण सिन्हा कमल दूबे,श्री नायक जी एवं सर्वेश्वरी प्रार्थना गृह गुमला एवं श्री सर्वेश्वरी  महिला संगठन गुमला का अत्यंत सराहनीय  योगदान रहा।
         पूज्यपाद बाबा गुरूपद संभव राम जी के प्रेरणा से श्री सर्वेश्वरी महिला संगठन द्वारा इस शिविर में जरूरतमंद लोगो के बीच ऊनी कम्बल का भी वितरण किया गया। इस अवसर पर श्री सर्वेश्वरी प्रार्थना गृह गुमला के उपाध्यक्ष श्री विनय कुमार लाल द्वारा उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए बाबा भगवान राम ट्रस्ट एवं श्री सर्वेश्वरी समूह द्वारा देश भर में चलाए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के बारे में भी संक्षेप में बताया गया।

और भी

राष्ट्रीय सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैंपियनशिप-2025 का रोमांच रायपुर में:मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बढ़ाया युवाओं का हौसला

रायपुर 9 नवम्बर 2025/राजधानी रायपुर के बूढ़ापारा आउटडोर स्टेडियम में आज रोमांच, ऊर्जा और साहस से भरपूर राष्ट्रीय सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैंपियनशिप-2025 का आयोजन किया गया। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित  करते हुए कहा कि यह आयोजन खेल  युवा शक्ति, अनुशासन, साहस और जिम्मेदारी का उत्सव है। देशभर से आए 100 से अधिक प्रोफेशनल राइडर्स और हजारों दर्शकों की उपस्थिति ने इसे राष्ट्रीय स्तर का आकर्षण बना दिया है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि जैसे रजत जयंती महोत्सव के दौरान एयरोबेटिक शो ने आसमान में देशभक्ति का जोश जगाया, वैसे ही यह सुपरक्रॉस चैंपियनशिप ज़मीन पर युवाओं के जुनून को नई उड़ान दे रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह सिर्फ एक रेस नहीं, बल्कि अनुशासन, जिम्मेदारी और सुरक्षा का पाठ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन अनमोल है, इसलिए हमेशा हेलमेट पहनें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और जिम्मेदार नागरिक बनें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना, स्पोर्ट्स टूरिज़्म और मोटर स्पोर्ट्स जैसे नए क्षेत्रों को बढ़ावा देने के लिए ठोस प्रयास कर रही है। छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित यह चैंपियनशिप राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला रही है और युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोल रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे सुरक्षित रेस करें, अपने कौशल का प्रदर्शन करें और दर्शक जिम्मेदारी के साथ इस खेल का आनंद लें।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्री गुरु श्री खुशवंत साहेब, लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री उज्ज्वल दीपक, अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में दर्शकगण उपस्थित थे।

और भी

बगीचा : 108 कुण्डीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ के भूमि पूजन मंत्रोच्चारण के साथ प्रारंभ हुआ तैयारियों का शुभारंभ

 

जशपुर 09 नवंबर 2025 : अखिल विश्व गायत्री परिवार के द्वारा बगीचा में शक्ति संवर्धन 108 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ के भूमि पूजन का समारोह रविवार 9 नवम्बर को बगीचा स्थित हाई स्कूल के पास दशहरा ग्राउंड में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर गायत्री परिवार, प्रज्ञापीठ बगीचा के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चारण एवं यज्ञ के वैदिक विधान के साथ भूमि पूजन संपन्न किया गया। कार्यक्रम में शांतिकुंज प्रतिनिधि सुखदेव निर्मलकर,छत्तीसगढ़ जोन प्रभारी आदर्श दीदी, समन्वयक छत्तीसगढ़ युवा प्रकोष्ठ ओम प्रकाश राठौर,उपजोन समन्वयक एसजे द्विवेदी, सह समन्वयक डी आर चौहान,जिला समन्वयक काशीराम श्रीवास, जिला ट्रस्टी सहादुल सिंह समेत जिले व क्षेत्र से आए गायत्री परिजन श्रद्धालु जन,नगरवासी एवं आसपास के ग्रामों से बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।मुख्य यजमान के रूप में विकास अग्रवाल एवं विक्रम बरार ने सपत्नीक देव आह्वान किया।नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा,सज्जन जैन,बजरंग अग्रवाल,संतोष गुप्ता,रमेश गुप्ता समेत अन्य नागरिकों ने सभी आगंतुकों का भाव भरा अभिनंदन किया।

भूमि पूजन के साथ ही आगामी 10 से 13 दिसम्बर 2025 तक बगीचा में आयोजित होने वाले 108 कुण्डीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत हो गई है। आयोजन में शान्तिकुञ्ज, हरिद्वार उत्तराखंड के प्रज्ञा पुरोहितों द्वारा राष्ट्र जागरण, संस्कार संवर्धन एवं जनजागरण के विविध कार्यक्रम होंगे।

आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से इस दिव्य महायज्ञ में सपरिवार सम्मिलित होकर राष्ट्रनिर्माण के इस अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया।

शांतिकुंज प्रतिनिधि सुखदेव निर्मलकर ने बताया कि 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ बगीचा के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही है।यह देवकार्य है जिससे जन जन में पवित्रता के साथ देवत्व का भाव उदय होगा।

राष्ट्र को सशक्त और समृद्ध बनाने के लिए बड़े यज्ञीय आयोजनों का क्रम अखिल विश्व गायत्री परिवार के द्वारा चलाया जा रहा है।जो परिणाम देने वाला कार्यक्रम होता है।समाज में सभी के विचार शुद्ध हों,व्यसनमुक्ति के क्रम चलें,युवाओं में सद्कार्यों को करने की ऊर्जा आए,आदर्श ग्राम योजना,सप्त सूत्रीय आंदोलन शिक्षा,स्वास्थ्य,नशा उन्मूलन, सत्संकल्प पाठ,व्यक्ति निर्माण से लेकर राष्ट्र निर्माण का सूत्र देते हुए सभी परिजनों से बढ़ चढ़ कर गुरु कार्य करने का आवाहन किया गया।

और भी

छत्तीसगढ़ में जैव ईंधन के उत्पादन में 3,500 करोड़ रुपये का हो रहा निवेश,सीबीडीए द्वारा बायोफ्यूल एक्सपो तथा सेमीनार का आयोजन

रायपुर, 09 नवम्बर 2025/छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल विकास प्राधिकरण द्वारा राजधानी रायपुर में बायोफ्यूल एण्ड बायो एनर्जी एक्सपो का आयोजन 7 से 9 नवंबर तक स्थानीय श्रीराम बिजेनस पार्क में किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल रोडमैप विजन 2024-29 पर आयोजित सेमीनार में बायोफ्यूल तकनीक पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल विकास प्राधिकरण के सीईओ श्री सुमित सरकार ने छत्तीसगढ़ की जैव ईंधन रोडमैप की चर्चा करते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य को बायोफ्यूल के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की पहल की जा रही है। 

 सीईओ श्री सुमित सरकार ने बताया कि छत्तीसगढ़ में निजी कंपनियों ने छत्तीसगढ़ औद्योगिक नीति 2024-2030 के अनुरूप, लगभग 3,500 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। गेल और बीपीसीएल जैसी ओजीएमसी ने विभिन्न यूएलबी में 8 एमएसडब्ल्यू/बायोमास आधारित संपीड़ित बायोगैस संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। ओएनजीसी ग्रीन और एचपीसीएल ग्रीन वर्तमान में सीबीजी उत्पादन इकाइयाँ स्थापित करने के लिए विभिन्न स्थानों का सर्वेक्षण कर रही हैं।

 राज्य में चावल, मक्का और चने के अवशेषों का उपयोग करके बायोएथेनॉल और कम्प्रेस्ड बायोगैस बनाने के लिए फीडस्टॉक-आधारित परीक्षण किया जा रहा हैं। इसके साथ ही कृषि अपशिष्ट को सब्सट्रेट के रूप में उपयोग करके एंजाइम उत्पादन परीक्षण और नए माइक्रोबियल स्ट्रेन का संवर्धन हो रहा है। उन्होंने बताया कि बायो-विमानन ईंधन के क्षेत्र में सीबीडीए अब बायोमास-आधारित हाइड्रोजन के उत्पादन की तैयारी कर रहा है, जिसका उपयोग बाद में हाइड्रोप्रोसेस्ड एस्टर और फैटी एसिड तकनीक के माध्यम से एसएएफ उत्पादन के लिए किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में अधिशेष चावल को प्राथमिक फीडस्टॉक के रूप में उपयोग करके बायोएथेनॉल उत्पादन के लिए पहले ही एक मानक संचालन प्रक्रिया विकसित कर ली है। हाल ही में, राष्ट्रीय शर्करा संस्थान (एनएसआई), कानपुर के सहयोग से, सीबीडीए बायोफ्यूल कॉम्प्लेक्स स्थल, ग्राम गोढ़ी, जिला दुर्ग में एक वैकल्पिक फीडस्टॉक स्थापित करने के लिए चुकंदर की खेती पर परीक्षण शुरू किया है। अगला कदम इथेनॉल उत्पादन के लिए इसकी क्षमता का परीक्षण करना है, जिससे भारत के 20 प्रतिशत मिश्रण लक्ष्य और उससे आगे की उपलब्धि में सहायता मिलेगी, जिससे इस पहल की निरंतर सफलता सुनिश्चित होगी।

इस सेमीनार में गैल के सीजीएम श्री मोहम्मद नजीब कुरैशी और डीजीएम जितेन्द्र पाण्डेय ने छत्तीसगढ़ में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन के पाइप लाईन नेटवर्क के बारे में जानकारी दी। बीपीसीएल के डीजीएम श्री संजय ठाकुर ने छत्तीसगढ़ में कम्प्रेस बायोगैस की संभावनाओं के बारे में प्रस्तुतीकरण दिया। इसी प्रकार रिलायंस इंडस्ट्रीज के डीजीएम श्री सुशील वर्मा ने धान से कम्प्रेस बायोगैस उत्पादन के बारे में जानकारी दी।

  इसी प्रकार आरईवीवाय के इन्वारमेंटल साल्यूशन प्रा.लि. के फाउंडर डायरेक्टर डॉ. वनिता प्रसाद ने बायोगेस प्लांट के संचालन, एट्रीएम इनोवेशन प्रा.लि. पुणे के डायरेक्टर श्री राजेश दाते ने एनोरोबिक काम्पोस्टिंग सिस्टम, इंग्रोटेक एक्वा इंजीनियर्स प्रा.लि. संबलपुर के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री सुकांत कुमार मेहेर ने एसटीपी प्लांट से कम्प्रेस बायोगैस की उत्पादन की संभावनाओं और एईसी एग्रीटेक प्रा.लि. के सीईओ श्री जितेन्द्र नारायण ने कम्प्रेस बायोगैस पॉलिसी, प्रोक्योरमेंट और प्राइसिंग के बारे में जानकारी दी।

और भी

भाजपा मंडल दोकड़ा के कार्यकर्ताओं की हुई अहम बैठक संपन्न,वंदे मातरम राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने पर उल्लासपूर्वक किया गया गायन......


नारायणपुर 09 नवम्बर 2025 : भारतीय जनता पार्टी मंडल दोकड़ा की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन बगिया में किया गया, जिसमें संगठनात्मक विषयों एवं SIR को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष श्री सुनील कुमार गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।बैठक के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष श्री गुप्ता ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ता में एकजुटता, तथा आगामी कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचारधारा-आधारित पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे जन-जन तक केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।बैठक में वंदे मातरम राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन किया और देशभक्ति की भावना के साथ उल्लास व्यक्त किया।

    इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने भी कार्यकताओं को प्रमुखता से संगठन की मजबूती एवं शासन की योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने की अपील की इस अवसर पर मंडल प्रभारी श्री उमाशंकर भगत, लाल वरिष्ठ भाजपा नेता ठाकुर पुरुषोत्तम सिंह, मंडल अध्यक्ष  रवि यादव, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश चौधरी सहित मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
      बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने तथा आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार करने पर भी चर्चा की। बैठक का समापन देशभक्ति के नारों और वंदे मातरम के जयघोष के साथ हुआ।

और भी

वर्ल्ड कप विजेता महिला क्रिकेट टीम की आकांक्षा सत्यवंशी ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात,खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ कर रही है कार्य - मुख्यमंत्री

रायपुर, 09 नवंबर 2025 / “छत्तीसगढ़ मेरी जन्मभूमि और कर्मभूमि है। यहीं की मिट्टी, यहां के लोग, यहां की शिक्षा और संस्कारों ने मुझे यह मुकाम हासिल करने की ताकत दी है।”यह कहना था विश्वकप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की फिजियोथेरेपिस्ट और छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी का, जिन्होंने आज मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात कर अपनी खुशियां साझा कीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आकांक्षा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “आपकी सफलता पूरे छत्तीसगढ़ की सफलता है। महिला क्रिकेट टीम के वर्ल्ड कप अभियान में छत्तीसगढ़ की बेटी के शामिल होने से प्रदेशवासियों को यह महसूस हुआ कि हम सभी इस जीत में सहभागी हैं।”इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आकांक्षा को मेडल पहनाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आकांक्षा सत्यवंशी की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि “आपने यह सिद्ध कर दिया है कि छत्तीसगढ़ की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। आपकी सफलता आने वाली पीढ़ियों की बेटियों को प्रेरित करेगी।”उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल, शिक्षा और कौशल विकास के अवसरों को विस्तार देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि और भी युवा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल अलंकरण सम्मान को पुनः प्रारंभ कर रही है। साथ ही, ओलंपिक में शामिल होने वाले और पदक प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सुदूर अंचलों की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के लिए ‘बस्तर ओलंपिक’ जैसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य अपने खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिसके लिए कई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा सत्यवंशी ने मुख्यमंत्री के साथ इस ऐतिहासिक जीत की खुशी साझा करते हुए कहा, “वर्ल्ड कप जीतना भारतीय महिला टीम की सफलता के साथ ही छत्तीसगढ़ का भी सम्मान है। मुझे गर्व है कि मैं अपने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए इस जीत में योगदान दे पाई।” उन्होंने बताया कि यद्यपि वे मैदान में सक्रिय खिलाड़ी के रूप में नहीं थीं, लेकिन खिलाड़ियों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य, फिटनेस और रिकवरी को बनाए रखने की जिम्मेदारी उनकी रही।“मैं अपनी टीम के साथ हमेशा चट्टान की तरह खड़ी रही। यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मैं टीम को जीत तक पहुंचाने की यात्रा में साथ रही।”

आकांक्षा ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि “यदि लक्ष्य सच्चा हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता — बस ज़रूरत है निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास की।”

इस अवसर पर आकांक्षा ने मुख्यमंत्री को भारतीय महिला टीम की जर्सी भेंट की और वर्ल्ड कप अभियान की कुछ रोचक यादें साझा कीं।

*नियमित दिनचर्या, संयमित खानपान और योग — फिट रहने का मंत्र*

फिजियोथेरेपिस्ट आकांक्षा ने मुख्यमंत्री के साथ खिलाड़ियों की फिटनेस पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के साथ महिला क्रिकेट टीम की मुलाकात का उल्लेख करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री हमेशा कहते हैं कि खेल जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए, और यह हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। फिटनेस को लेकर उनकी सीख हर किसी को स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन जीने के लिए प्रेरित करती है।"

आकांक्षा ने मुख्यमंत्री से उनके फिटनेस का रहस्य पूछा, जिस पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा —
“हम सभी प्रधानमंत्री से प्रेरित हैं। उनकी सक्रियता, ऊर्जा और अनुशासन से हम सीखते हैं। संतुलित आहार, योग और नियमित दिनचर्या ही फिट रहने का मेरा मंत्र है।”

उल्लखेनीय है कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की वर्ल्ड कप जीत में छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी बतौर फिजियोथेरेपिस्ट और स्पोर्ट्स साइंस विशेषज्ञ टीम के साथ रहीं और खिलाड़ियों की फिटनेस व मानसिक मजबूती को बनाए  रखने में अहम योगदान दिया।आकांक्षा सत्यवंशी ने बतौर फिजियोथेरेपिस्ट और स्पोर्ट्स साइंस एक्सपर्ट, भारतीय टीम का हिस्सा बनकर खिलाड़ियों की फिटनेस, रिकवरी और प्रदर्शन को सर्वोच्च स्तर पर बनाए रखने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
इस उपलब्धि को देखते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने आकांक्षा को 10 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान करने की घोषणा की है।

दुर्ग में जन्मी आकांक्षा का परिवार रायपुर में निवासरत है, जबकि उनका पैतृक गांव कवर्धा है। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा और फिजियोथेरेपी में बैचलर की पढ़ाई छत्तीसगढ़ में पूरी की, जबकि मास्टर्स डिग्री कटक से प्राप्त की। पढ़ाई के दौरान ही उनका झुकाव खेल और फिजियो साइंस के प्रति स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा था।

साल 2019 में आकांक्षा ने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट टीम (CSCS) के साथ बतौर फिजियोथेरेपिस्ट अपने पेशेवर करियर की शुरुआत की। केवल छह वर्षों के छोटे से सफर में उन्होंने अपने समर्पण, मेहनत और प्रोफेशनलिज़्म के बल पर राष्ट्रीय खेल जगत में विशेष पहचान बनाई। साल 2022 में उन्हें भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम के साथ वर्ल्ड कप अभियान में शामिल किया गया।इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की फिटनेस मैनेजमेंट, रिकवरी सेशन, मानसिक दृढ़ता और ऊर्जा संतुलन पर विशेष ध्यान दिया, जिसके परिणामस्वरूप टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।

और भी

बाबा भगवान राम ट्रस्ट, जशपुर द्वारा आयोजित निःशुल्क मिर्गी चिकित्सा शिविर  73 मरीजों को दवाई किया गया वितरण


 जशपुर 09 नवम्बर 2025 : अघोर पीठ, वामदेव नगर, गम्हरिया, जशपुर जिला-जशपुर में आज दिनांक 9 नवम्बर 2025 रविवार को बाबा भगवान राम ट्रस्ट, जशपुर द्वारा आयोजित निःशुल्क मिर्गी चिकित्सा शिविर सम्पन्न हुआ। शिविर में कुल 73 मरीजों को संस्था द्वारा निर्मित मिर्गी रोग की फकीरी एवं आयुर्वेदिक दवा का वितरण किया गया। इन मरीजों में 6 बच्चे भी थे।
          शिविर का शुभारम्भ प्रातः 5:00 बजे परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी एवं पूज्यपाद गुरुपद संभव राम जी के चित्र पर विधिवत पूजन-आरती उपरान्त प्रारम्भ किया गया। चूंकि मिर्गी की यह फकीरी दवा पान के पते पर सूर्योदय के पूर्व ही देने का विधान है इसलिये अधिकांश मरीजों को उनके सहयोगियों के साथ एक दिन पूर्व ही आश्रम में बुला लिया गया था। प्रातः पूजन उपरान्त उन्हें फकीरी दवा दी गयी और साथ में मिर्गी की आयुर्वेदिक दवा भी वितरित की गयी। दवा वितरित करने हेतु विशेष रुप से वैद्य रंजीत सिंह जी एवं उनके सहयोगी श्री धर्मेन्द्र सिंह जी को आमंत्रित किया गया था। शिविर में रांची,गुमला,सिमडेगा ,चतरा देवघर ,टाटा,डाल्टनगंज,लातेहार (झारखण्ड) रायपुर, दुर्ग लैंलूँगा,कुसमी बेमेतरा,सरगुजा रायगढ़, कोरबा, चिरमिरी, जांजगीर-चांपा ,बलरामपुर पत्थलगांव,कांसाबेल,मनोरा जशपुर (छत्तीसगढ़),सीधी ,सिहोर (मध्यप्रदेश) वीरमित्रपुर,राजगंगपुर उड़ीसा आदि क्षेत्रों से मरीज उपस्थित थे। दवा वितरण पश्चात् वैद्य रंजीत सिंह जी द्वारा औषधि सेवनकाल में किये जाने वाले परहेज एवं सावधानियों को विस्तार से बताया गया। 
         अगला शिविर पुनः तीन माह के बाद 08 फरवरी 2026 को इसी अघोर पीठ, वामदेव नगर, गम्हरिया आश्रम में आयोजित किया जायेगा। साथ ही मरीजो को यह भी निर्देशित  भी किया गया कि अगले शिविर में दवा लेने हेतु 07 फ़रवरी 2026 को ही सायकाल में आश्रम परिसर में उपस्थित हो जाये। शिविर को सफल बनाने में पी०के० श्रीवास्तव, संतोष मिश्र, प्रशांत सिंह,सत्येन्द्र सिंह (मामा), अखिलेश यादव, वेद तिवारी, शिवम अक्षय सिंह का विशेष योगदान रहा।
          उल्लेखनीय है कि बाबा भगवान राम ट्रस्ट के वर्तमान अध्यक्ष पूज्यपाद गुरुपद संभव राम जी के निर्देशन में विगत कई वर्षों से किये जा रहे ऐसे मिर्गी चिकित्सा शिविरों में अनेकानेक मरीज लाभान्वित हो चुके हैं।

और भी

गौण खनिज साधारण रेत उत्खनन पट्टा खदानों के ई-नीलामी के लिए निविदा खोलने की नई तिथि घोषित, 11 नवम्बर दिन मंगलवार को सुबह 11 बजे से शुरू

रायगढ़, 09 नवम्बर 2025। जिला खनिज कार्यालय, रायगढ़ द्वारा जानकारी दी गई है कि जिले में छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत (उत्खनन एवं व्यवसाय) नियम, 2025 के अंतर्गत प्रथम चरण में 05 रेत उत्खनन पट्टा खदानों के आवंटन के लिए इलेक्ट्रॉनिक-नीलामी (रिवर्स ऑक्शन) की प्रक्रिया जारी है। इसके लिए निविदा आमंत्रण सूचना 10 अक्टूबर 2025 को जारी की गई थी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तकनीकी और वित्तीय बोली प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 6 नवम्बर 2025 शाम 5:30 बजे तक निर्धारित थी तथा निविदा खोलने की तिथि 07 नवम्बर 2025 रखी गई थी,लेकिन एमएसटीसी पोर्टल में उत्पन्न तकनीकी समस्या के कारण उस दिन केवल 02 रेत खदान बरभौना एवं बायसी की निविदाएं खोली जा सकीं एवं अधिमानी बोलीदारों का चयन किया जा सका।

शेष 03 रेत खदानें कंचनपुर, लेबड़ा और पुसल्दा की निविदाएं तकनीकी समस्या के कारण नहीं खोली जा सकीं। अब उक्त 3 रेत खदानों की निविदा खोलने एवं अधिमानी बोलीदार चयन की कार्यवाही 11 नवम्बर 2025, दिन मंगलवार को सुबह 11 बजे से सृजन सभाकक्ष, कलेक्टर कार्यालय परिसर, रायगढ़ में संपादित की जाएगी।

जिला खनिज अधिकरी ने इच्छुक सभी निविदाकारों एवं संबंधित पक्षों से अनुरोध करते हुए कहा कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर निविदा खोलने की प्रक्रिया में भाग ले सकते है।

और भी

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर ‘यूनिटी मार्च’ - 12 नवम्बर को घरघोड़ा से तमनार तक निकलेगी एकता यात्रा

रायगढ़, 9 नवम्बर 2025// भारत के लौह पुरुष, स्वतंत्र भारत के एकीकरण के शिल्पकार एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रायगढ़ जिले में 12 नवम्बर को ‘यूनिटी मार्च’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सरदार पटेल के योगदान, उनके दृढ़ नेतृत्व और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का एक सार्थक प्रयास होगा। इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारियाँ पूरे उत्साह के साथ अंतिम चरण में हैं। आयोजन की सफलता हेतु जिला प्रशासन द्वारा अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है, वहीं सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सजग है।
     यह पदयात्रा घरघोड़ा के गायत्री मंदिर से प्रातः 9.30 बजे प्रारंभ होकर झरियापाली, देवगढ़, जरेकेला, बासनपाली होते हुए तमनार में संपन्न होगी। लगभग 12 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में प्रत्येक दो से ढाई किलोमीटर पर पड़ाव रखे गए हैं, जहाँ सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही उनके जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंगों को साझा किया जाएगा। इस एकता यात्रा में लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत वालंटियर्स सहित विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संस्थानों के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

कलेक्टर ने नागरिकों से की सक्रिय भागीदारी की अपील

कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि “12 नवम्बर हमारे जिले के लिए गौरव का दिन होगा। सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित यह यूनिटी मार्च राष्ट्र की एकता, अखंडता और सेवा भावना का प्रतीक बनेगा। हम सभी को इस अवसर पर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए।” उन्होंने जिलेवासियों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों से इस यात्रा में सम्मिलित होकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक ने शांति, अनुशासन और सौहार्द बनाए रखने का किया आग्रह

पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस और दूरदर्शिता से देश को एक सूत्र में पिरोया। यूनिटी मार्च उसी भावना को पुनर्जीवित करने का अवसर है। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा, यातायात और अनुशासन की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। नागरिकों से उन्होंने अनुरोध किया कि वे शांति, अनुशासन और सौहार्द बनाए रखते हुए उत्साहपूर्वक भाग लें, क्योंकि जनभागीदारी ही इस आयोजन की वास्तविक सफलता है।

प्रतियोगिताएँ, स्वास्थ्य शिविर और स्वच्छता अभियान भी होंगे आयोजित

लौह पुरुष की जयंती के उपलक्ष्य में यूनिटी मार्च से पूर्व वाद-विवाद, निबंध, कला एवं पोस्टर प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं। इनके विषयों में बारडोली सत्याग्रह, ‘सरदार’ उपाधि की पृष्ठभूमि, 565 रियासतों का विलय और सरदार पटेल के प्रेरक प्रसंग प्रमुख रहेंगे। इसके साथ ही योग एवं फिटनेस शिविर, नुक्कड़ नाटक, नशा मुक्ति हेतु युवा शपथ कार्यक्रम, तथा सार्वजनिक स्थलों पर स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, डायबिटीज परीक्षण और टीकाकरण जैसी सेवाएँ उपलब्ध होंगी। यह आयोजन न केवल सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रति श्रद्धांजलि है, बल्कि यह राष्ट्र की एकता, अखंडता और सेवा के संकल्प का प्रतीक भी बनेगा। एक ऐसे भारत के निर्माण की दिशा में, जिसका स्वप्न लौह पुरुष ने देखा था।

और भी

गोकुला अष्टमी पूजा में मुख्यमंत्री का संभावित दौरा,तैयारियों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण,अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश


जशपुरनगर, 09 नवम्बर 2025/  यज्ञ नगर गोकुल धाम कण्डोरा में 12 नवंबर को आयोजित  गोकुला अष्टमी पूजा महोत्सव 2025 में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के संभावित दौरे को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, एसडीएम श्री नन्द जी पांडेय  सहित महाकुल यादव समाज के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
    निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थल व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात और आमजन की सुविधा से संबंधित तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

और भी

जिला प्रशासन के जागरूकता का असर : सांप काटने पर परिजनों ने दिखाई  तत्परता बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाने पर बची जान 


 
जशपुर 9 नवम्बर 25 /विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन के जागरूकता का असर दिखने लगा है  पत्थलगांव के पालीडीह निवासी 13 वर्षीय लक्ष्मी सिदार पिता प्रदीप सिदार अपने परिजनों के साथ खेत के किनारे मेड पर बैठी थी। परिजन खेत में धान काटने में व्यस्त थे, तभी अचानक एक जहरीले सांप ने लक्ष्मी के पैर में काट लिया।
परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए बिना समय गंवाए उसे तुरंत सिविल अस्पताल पत्थलगांव पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच में पुष्टि की कि बच्ची को जहरीले सांप ने डसा है। रक्त सैंपल रिपोर्ट आते ही डॉक्टरों ने तत्काल एंटी-वेनम इंजेक्शन देकर उपचार शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से बच्ची की जान बच गई और अब उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस घटना से एक बार फिर यह साबित हुआ कि सर्पदंश की स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचना ही जीवन रक्षक कदम है। डॉक्टरों ने ग्रामीणों से अपील की है कि ऐसी किसी भी स्थिति में गुनिया-झाड़फूंक के बजाय सीधे स्वास्थ्य केंद्र जाएं। जशपुर जिला प्रशासन ने भी पिछले कुछ वर्षों से सर्पदंश के मामलों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि पारंपरिक झाड़-फूंक से बचें और तत्काल चिकित्सा सहायता लें। प्रशासनिक प्रयासों का असर अब दिखने लगा है l सर्पदंश से मौत के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है, और लोग अब प्राथमिक उपचार के लिए अस्पतालों का रुख कर रहे हैं।

और भी

हाथी मानव द्वंद को कम कर जागरूकता लाने गजरथ यात्रा पहुंचा कांसाबेल,,अब तक 92 स्कूलों में 9800 छात्राओं को  हाथी के गतिविधि की दी गई जानकारी 

जशपुरनगर  09 नवंबर 2025/विगत कई वर्षों से जशपुर जिला हाथी विचरण क्षेत्र रहा है एवं हाथियों की उपस्थिति निरंतर बनी हुई है। यहां की भौगोलिक संरचना तथा घने वनक्षेत्र एवं अन्तर्राज्य सीमा से लगे होने के कारण कई स्थलों से हाथियों का प्रवेश जशपुर जिले में होता है। जिससे हाथी मानव द्वंद की घटनायें होने की संभावनाएं बनी रहती है। 
             जशपुर वनमण्डल द्वारा  हाथी मानव द्वंद को न्यूनतम करने उद्देश्य से 21 जून 2025 को गजरथ यात्रा 2025 का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा किया गया है।
           गजरथ यात्रा हाथी प्रभावित अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर दौरा कर हाथी के व्यवहार एवं गतिविधियां के संबंध में विशेष रूप से हाथी प्रभावित क्षेत्रों के स्कूलों में कक्षा 06 वीं से 12वीं के छात्र व छात्राओं को जानकारी देकर जागरूक करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही गांव के चौपालों में चलचित्र के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों में जागरूकता लाने का कार्य करेगी।
      गजरथ यात्रा फरसाबहार, कुनकुरी बगीचा एवं पत्थलगांव विकासखण्ड अन्तर्गत आने वाले 92 स्कूलों में हाथी के व्यवहार एवं गतिविधियां की जानकारी लगभग 9800 छात्र व छात्राओं देकर गजरथ यात्रा कांसाबेल विकासखण्ड में पहुंचकर अब तक 04 स्कूलों के 903 छात्र व छात्राओं को हाथी के व्यवहार एवं गतिविधि की जानकारी दिया गया। वर्तमान में कांसाबेल विकासखंड में निरंतर गजरथ यात्रा अपना कार्य कर रही है।

और भी

जशपुर जम्बुरी : पर्यटकों ने चार दिनों तक प्रकृति की गोद में एडवेंचर का भरपूर आनंद लिया 

जशपुर 9 नवम्बर 25/ तीसरे दिन की शुरुआत हुई देश देखा से, जहाँ प्रतिभागियों ने स्वादिष्ट स्थानीय नाश्ता किया और हल्की-फुल्की गतिविधियों के साथ दिन की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जशपुर जम्बुरी का आयोजन किया जा रहा है।
  
कलेक्टर श्री रोहित व्यास के मार्गदर्शन में और जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार दिशा निर्देश में 6 से 9 नवम्बर तक सफलता पूर्वक जशपुर जम्बुरी कार्यक्रम का संचालन किया गया।
 वन मंडला अधिकारी श्री शशि कुमार,डिप्टी कलेक्टर श्री समीर बड़ा और रोजगार अधिकारी सुश्री दुर्गेशवरी सिंह सक्रिय  रूप से शामिल रहे, जिन्होंने सभी गतिविधियों के सुचारू संचालन और व्यवस्थाओं में योगदान दिया।

हमारे सहयोगियों ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई: ट्रिप्पी हिल्स ने ऑन-ग्राउंड संचालन, लॉजिस्टिक्स और प्रचार-प्रसार में व्यापक योगदान दिया, जिससे हर गतिविधि व्यवस्थित और यादगार बनी। वहीं, होमस्टेज़ ऑफ़ इंडिया ने प्रचार, ब्रांडिंग और आउटरीच में सहयोग किया इसके साथ ही स्थानीय मीडिया ने भी जम्बुरी के प्रचार प्रसार में विशेष सहयोग दिया है। जशपुर जम्बुरी को सफल बनाने में जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और‌ आम नागरिकों का विशेष योगदान दिया है। जिसके कारण जशपुर जम्बुरी सफलता की ऊंचाई छू रहा है। 


नाश्ते के बाद प्रतिभागियों ने रोमांचक रॉक क्लाइम्बिंग, जुमारिंग, रैपलिंग, ज़िपलाइनिंग और बोल्डरिंग जैसी गतिविधियों में भाग लिया, जिससे देश देखा जीवंत और उत्साहपूर्ण हो उठा।

सुबह के रोमांच के बाद प्रतिभागियों को दो समूहों में बाँटा गया।

पहला समूह रवाना हुआ मयाली की ओर, जहाँ उन्होंने कयाकिंग, एक्वा साइक्लिंग, एटीवी राइड्स, पेंटबॉल, पैरामोटरिंग और हॉट एयर बलूनिंग का आनंद लिया। मयाली डैम के किनारे परोसे गए स्वादिष्ट स्थानीय भोजन के बाद यह समूह शाम तक वापस देश देखा लौट आया।

दूसरा समूह देश देखा से सारूडीह, रानीदाह और जशपुर संग्रहालय गया, जहाँ प्रतिभागियों ने जशपुर की सांस्कृतिक विरासत, कला और प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव किया।

शाम को सभी प्रतिभागी सरना एथनिक रिज़ॉर्ट पहुँचे, जहाँ महिला स्वसहायता समूह (SHG) द्वारा प्रस्तुत अद्भुत आदिवासी सांस्कृतिक कार्यक्रम ने वातावरण को जीवंत कर दिया। रंगीन परिधान, ढोल की थाप और ऊर्जा से भरे नृत्य ने जशपुर की असली आत्मा को मंच पर प्रस्तुत किया।

रात ढलते-ढलते दोनों समूह फिर देश देखा में मिले। सितारों से भरे आसमान के नीचे जलती कैम्पफायर की गर्माहट, हंसी-मज़ाक और अनुभवों की बातें दिन का समापन यादगार बना गईं।

और भी

मुख्यमंत्री से इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. लवली शर्मा ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर 09नवंबर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ की कुलपति डॉ. लवली शर्मा ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री साय को डॉ. शर्मा ने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा बनाई पेंटिंग भेंट की और विश्वविद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों के विषय में चर्चा की।

और भी

लोक निर्माण विभाग द्वारा उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव या किसी भी निजी कार्यक्रम का कोई भुगतान नहीं,सोशल मीडिया में प्रसारित जानकारी तथ्यहीन एवं भ्रामक

रायपुर. 8 नवम्बर 2025. कतिपय सोशल मीडिया में प्रसारित उप मुख्यमंत्री-सह-लोक निर्माण मंत्री के परिवार के निजी कार्यक्रम का भुगतान लोक निर्माण विभाग द्वारा किये जाने संबंधी समाचार तथ्यहीन एवं भ्रामक है। लोक निर्माण विभाग द्वारा उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव या किसी भी निजी कार्यक्रम का कोई भुगतान नहीं किया गया है। आरटीआई के तहत विभाग द्वारा प्रदान की गई जानकारी में सोशल मीडिया में प्रसारित किसी भी बिल का कोई उल्लेख नहीं है। इन बिलों से विभाग का कोई संबंध नहीं है। लोक निर्माण विभाग के बेमेतरा संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री डी.के. चंदेल ने इस संबंध में वस्तुस्थिति की विस्तार से जानकारी दी है।

श्री चंदेल ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के बेमेतरा संभाग के अंतर्गत व्ही.आई.पी. कार्यक्रमों में लगाए गए टेंट-पंडाल से संबंधित किये गये भुगतान की जानकारी श्री अब्दुल वाहिद रवानी आत्मज अब्दुल मजीद रवानी, निवासी वार्ड नंबर 21, बाजार पारा बेमेतरा, जिला-बेमेतरा को सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत कार्यपालन अभियंता, लोक निर्माण विभाग भवन/सड़क, संभाग बेमेतरा के पत्र क्रमांक 4630/सू.अ.लि./25, दिनांक 28.08.2025 को जानकारी प्रदान किया गया है। श्री रवानी द्वारा सूचना का अधिकार के माध्यम से बेमेतरा संभाग में दिनांक 18.06.2025 को गुरूनानक टेंट हाऊस एवं केटरर्स, गुरूदेव टेंट हाउस एवं केटरर्स, खालसा टेंट केटरिंग एवं लाइट को किये गये भुगतान राशि रू. 3.97 करोड़ के बिल व्हाउचर सहित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के प्रोटोकॉल एवं कलेक्टर महोदय के आदेश की प्रति कार्यपालन अभियंता ने दिनांक 28.08.2025 को जानकारी प्रदान की है। विभाग द्वारा प्रदान की गई जानकारी में ऐसे किसी भी बिल का कोई उल्लेख नहीं है और विभाग का ऐसे किसी भी बिल से कोई संबंध नहीं है, जो सोशल मीडिया में भ्रामक रूप से प्रसारित हो रही है। जिन कार्यक्रमों का भुगतान किया गया है, उसका विवरण निम्नानुसार है -

1. दिनांक 19, 20 एवं 21 दिसंबर 2024 को बेमेतरा जिला के नवागढ़ में 3 दिवसीय मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में लगाये गये टेंट पंडाल आदि की व्यवस्था का 1,76,30,694/- रूपये भुगतान हुआ है।


2. दिनांक 25.01.2024 को जिला बेमेतरा के जूनी सरोवर ग्राम में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में लगे टेंट व्यवस्था का 71,16,646/- रूपये भुगतान हुआ है।

3. दिनांक 04.07.2024 को जिला बेमेतरा के अंधियारखोर ग्राम में मंत्री के कार्यक्रम में लगे टेंट व्यवस्था का 17,99,088/- रूपये भुगतान हुआ है।

4. दिनांक 24.02.2024 को ग्राम बेमेतरा के मंडी परिसर में विकसित भारत कार्यक्रम में लगे टेंट व्यवस्था का 11,88,084/- रूपये भुगतान हुआ है।

5. दिनांक 14.01.2025 को ग्राम संबलपुर में मंत्री के कार्यक्रम में लगे टेंट व्यवस्था का 10,11,450/- रूपये भुगतान हुआ है।

6. बेमेतरा संभाग अंतर्गत दिनांक 28.06.2024 को सिंधौरी में वर्चुअल कार्यक्रम, दिनांक 04.07.2024 को अंधियारखोर में शासकीय कार्यक्रम, दिनांक 12.08.2024 से 14.08. 2024 तक तिरंगा यात्रा कार्यक्रम, दिनांक 20.10.2024 को बेमेतरा में वाचनालय का लोकार्पण कार्यक्रम, दिनांक 14.01.2025 को ग्राम दाढ़ी में भूमिपूजन का कार्यक्रम, दिनांक 14.01.2025 को संबलपुर में भूमिपूजन का कार्यक्रम, दिनांक 07.10.2025 को प्रभारी मंत्री की समीक्षा बैठक, दिनांक 12.10.2024 को बेमेतरा के मंडी प्रांगण में कार्यक्रम, दिनांक 15.11.2024 को टाउन हॉल में जनजाति गौरव दिवस का कार्यक्रम, दिनांक 19.12.24 से 21.12.24 तक नवागढ़ में पंथी प्रतियोगिता के कार्यक्रम हुए हैं। इन सभी कार्यक्रमों में लाइटिंग, साउंड एवं एल.ई.डी. व्यवस्था आदि कार्य हेतु 33,29,310/- रूपये भुगतान हुआ है।

7. दिनांक 24.02.2024 को ग्राम नवागढ़ के बस स्टैंड में विकसित भारत कार्यक्रम का 14,13,957/- रूपये भुगतान हुआ है।

8. दिनांक 28.06.2024 को बेमेतरा के न्यायालयीन परिसर के उद्घाटन समारोह के वर्चुअल कार्यक्रम में लगे टेंट व्यवस्था का 14,24,071/- रूपये भुगतान हुआ है।

9. दिनांक 14.01.2025 को ग्राम दाढ़ी में मंत्री के कार्यक्रम में लगे टेंट व्यवस्था का 3,67,552/- रूपये भुगतान हुआ है।

10. दिनांक 26.01.2025 को बेमेतरा के बेसिक ग्राउंड में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में लगे टेंट व्यवस्था का 14,21,302/- रूपये भुगतान हुआ है।

11. दिनांक 05.11.2024 को ग्राम बेमेतरा के बेसिक स्कूल ग्राउंड में राज्योत्सव कार्यक्रम में लगे टेंट व्यवस्था का 13,39,689/- रूपये भुगतान हुआ है।

12. दिनांक 15.08.2024 को ग्राम बेमेतरा के बेसिक स्कूल ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में लगे टेंट व्यवस्था का 16,77,024/- रूपये भुगतान हुआ है।

इस प्रकार उपरोक्त भुगतान से स्पष्ट है कि किसी भी निजी कार्यक्रम का और विशेषकर दिनांक 09.08.2024 के किसी कार्यक्रम जिसे लेकर विभाग और उप मुख्यमंत्री के बारे में भ्रामक जानकारी फैलाई गई है, का भुगतान लोक निर्माण विभाग द्वारा नहीं हुआ है।

समस्त कार्यक्रमों का विस्तृत माप पुस्तिका, देयक की कॉपी तथा कार्यक्रमों की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कार्यालयीन अभिलेख में उपलब्ध है। भुगतान करने के पूर्व सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता श्री निर्मल सिंह ठाकुर के द्वारा सिर्फ ऊपर उल्लेखित 12 कार्यक्रमों का भुगतान आदेश पारित किया गया है तथा समस्त भुगतान वर्तमान कार्यपालन अभियंता (श्री डी.के. चंदेल) के द्वारा किया गया है तथा नियमानुसार समस्त शासकीय प्रयोजनार्थ किये गये टेंट आदि के भुगतान पूर्व माप का रिकार्ड उप अभियंताओं एवं अनुविभागीय अधिकारियों के द्वारा किया गया है। किसी भी निजी कार्यक्रम के लिए कोई भुगतान नहीं हुआ है।

लोक निर्माण विभाग ने बताया है कि उप मुख्यमंत्री के किसी भी निजी कार्यक्रम का कोई भी भुगतान विभाग द्वारा नहीं किया गया है। विभाग द्वारा ऐसी कोई भी भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के ऊपर यथासमय विधिसम्मत कार्यवाही की जाएगी।

और भी

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना :शासकीय मदद से गणेशराम का किडनी प्रत्यारोपण सफल, मुख्यमंत्री से मिल कर परिवार ने जताया आभार

रायपुर, 08 नवम्बर 2025/छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना अब उन परिवारों के लिए संजीवनी बन चुकी है, जिनके लिए गंभीर बीमारियों का खर्च उठाना संभव नहीं होता। इस योजना ने एक बार फिर जशपुर जिले के बगीचा निवासी 48 वर्षीय किसान गणेशराम यादव को नई ज़िंदगी दी है।

गणेशराम की दोनों किडनियाँ खराब हो चुकी थीं। कई महीनों से डायलिसिस पर चल रहे गणेशराम की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। डॉक्टरों ने उन्हें किडनी प्रत्यारोपण की सलाह तो दी, लेकिन उपचार का खर्च सुनकर परिवार की उम्मीदें टूटने लगीं। एक किसान परिवार के लिए इतना बड़ा खर्च उठाना असंभव था - परिवार असहाय खड़ा था, और हर दिन जीवन की आस धीरे-धीरे समाप्त होती जा रही थी।

इसी कठिन समय में उन्हें कुनकुरी सदन के माध्यम से मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी मिली। परिवार ने तत्परता से पहल की, आवश्यक दस्तावेज़ तैयार किए गए, और बिना किसी जटिल प्रक्रिया के योजना के अंतर्गत उनका पूरा उपचार निःशुल्क स्वीकृत हो गया।

गणेशराम को रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में भर्ती कराया गया। उनके उपचार के लिए उनकी 64 वर्षीय माता सरस्वती यादव ने अपने बेटे के लिए निःसंकोच किडनी दान कर दी — इस प्रकार एक माँ ने अपने बेटे को दूसरी बार जीवनदान दिया।
किडनी प्रत्यारोपण सफल रहा, और गणेशराम अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। घर लौटने के बाद उनका परिवार पुनः खुशियों से भर उठा है।

स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने के पश्चात् गणेशराम अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित निवास में मिले। उनकी आँखों में कृतज्ञता और भावनाओं की नमी थी। मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए गणेशराम ने कहा कि“अगर यह योजना नहीं होती, तो शायद मैं आज ज़िंदा नहीं होता। सरकार ने हमारी  जीवन की टूटी हुई आस को फिर से लौटा दिया।”

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गणेशराम और उनके परिवार से आत्मीय मुलाकात करते हुए उनके उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि, “प्रदेश का प्रत्येक नागरिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पाने का अधिकारी है। हमारी सरकार का प्रयास है कि कोई भी व्यक्ति आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रहे — यही सच्चे अर्थों में जनसेवा है।”

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में मानवीयता और करुणा को नया आयाम दे रही है।

और भी

मयाली में संभाग स्तरीय सरस मेला का जिला पंचायत अध्यक्ष  सालिक साय ने किया शुभारंभ

 जशपुरनगर 8 नवम्बर 2025/ महिलाओं के द्वारा तैयार उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए जिले के कुनकुरी विकास खंड के मयाली नेचर कैम्प में 6 से 9 नवम्बर तक चार दिवसीय संभाग स्तरीय सरस मेला – 2025 का आयोजन किया जा रहा है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने सरस मेला का शुभारंभ किया इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार जनपद सीईओ कुनकुरी श्री प्रमोद सिंह डिप्टी कलेक्टर श्री समीर बड़ा जनप्रतिनिधिगण और स्व सहायता समूह की महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।
 
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारा जशपुर जिला तेजी से विकास के क्षेत्र में प्रगति कर रहा है।
 
जिला प्रशासन द्वारा लोगों को मनोरंजन उपलब्ध कराने के लिए जशपुर जम्बुरी और संभाग स्तरीय सरस मेला का आयोजन सराहनीय है।
इससे लोगों को आनंद तो आ ही रहा है साथ ही स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा की हमारे जशपुर को भी लोग पहचाने लगे हैं। 

 पर्यटन के क्षेत्र में जशपुर तेजी से आगे बढ़ रहा है।  अन्य राज्यों और जिलों से लोग घुमने फिरने जशपुर आ रहें हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे जशपुर की दीदीयां  महुआ से विभिन्न प्रकार के उत्पाद तैयार कर रही है जैसे महुआ का लड्डू महुआ कुकीज,इसके साथ ही रागी से भी समूह की दीदीयों द्वारा उत्पाद तैयार किया जा रहा है। जिसकी मांग अन्य राज्यों में जबरदस्त बनी हुई है।
मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने भी स्व सहायता समूह की दिदियों का उत्साह वर्धन किया और तैयार सामग्री की प्रशंसा की
उन्होंने कहा सरस मेला के माध्यम से स्व सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत होने का अवसर मिल रहा है। इसके लिए बिहान की सभी दीदीओं को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता की अनूठी झलक देखने को मिल रही है।  जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने कहा कि विकासखण्ड कुनकुरी के ग्राम मयाली में 06 से 09 नवम्बर तक आयोजित इस मेले में सरगुजा संभाग के सभी जिलों जशपुर, सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से आई स्व-सहायता समूह की महिलाएँ अपने हुनर और मेहनत का प्रदर्शन कर रही हैं। मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचलों की महिलाओं को उनके उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराना, पारंपरिक ज्ञान और कौशल को पहचान दिलाना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। यहाँ 15 से अधिक स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प, वनोपज आधारित वस्तुएँ, बांस उत्पाद, मिलेट आइटम, वस्त्र निर्माण, मसाले और आचार-पापड़ जैसे अनेक घरेलू उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जा रही है। मेला स्थल पर स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है और उपभोक्ता महिलाओं के परिश्रम की प्रशंसा कर रहे हैं।

      सरस मेला में हल्दी, धनिया, मिर्च पाउडर, जीरा फुल, चावल, दाल, बाजरा, गेहूँ आटा और बेसन की बिक्री कर रही हैं। बलरामपुर जिले के शांति स्व-सहायता समूह की नीतू मंडल  ने बताया कि उनके समूह की महिलाएँ   वस्त्र निर्माण का कार्य करती हैं, जिससे समूह को 60 से 70 हजार रुपये की आमदनी होती है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की ईशा रजक, सिद्धबाबा महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी (एफपीओ) ग्राम नागपुर सेमरा से जुड़ी हैं। उन्होंने बताया कि जीरा फुल चावल, आचार, दाल और पापड़ की बिक्री से वे अब लखपति महिला उद्यमी बनने की ओर अग्रसर हैं। 

 जशपुर कांसाबेल की रानी मुस्कान स्व-सहायता समूह जीराफुल राइस, बांस टोकरी, सजावटी सामान, माला, ईयरिंग, पापड़ और आचार की बिक्री कर रही हैं। फरसाबहार खुटगांव की माधुरी निकुंज (निकुंज महिला समूह) हल्दी-मिर्च मसाला का विक्रय कर रही है।

और भी

प्रदेश में 15 नवम्बर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी,अवैध धान खरीदी बिक्री पर होगी कड़ी कार्यवाही

जशपुरनगर 08 नवम्बर 2025/ खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारी को लेकर आज कलेक्टोरेट के मंत्रणा सभाकक्ष में प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू ने की। उन्होंने जिले में धान उपार्जन कार्य को सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर ने कहा कि राज्य शासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले में 15 नवम्बर से धान खरीदी प्रारंभ की जाएगी। इसके लिए सभी उपार्जन केन्द्रों में आवश्यक तैयारियां समयपूर्व पूर्ण कर ली जाएं। अपर कलेक्टर ने धान उपार्जन में संलग्न नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने केन्द्रों का निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करें तथा यह सुनिश्चित करें कि खरीदी प्रारंभ होने से पहले माप-तौल यंत्र, बारदाने, किसानों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, सीसीटीवी, इंटरनेट एवं परिवहन व्यवस्था आदि पूरी तरह से तैयार रहें। अपर कलेक्टर ने कहा कि इस बार धान खरीदी की संपूर्ण निगरानी सतर्क मोबाइल ऐप के माध्यम से की जाएगी। इसमें धान खरीदी केंद्रों से धान लोड होकर जाने वाले गाड़ियों की लोडिंग के पहले और लोडिंग के बाद की फोटो सतर्क ऐप में अपलोड की जाएगी। साथ ही वाहन की राइस मिल तक जाने की रूटवार जीपीएस के माध्यम से ट्रैकिंग की जाएगी। साथ ही किसी भी प्रकार की शिकायत एवं समस्या का सतर्क ऐप के माध्यम से ऑनलाइन निगरानी कर त्वरित निराकरण भी किया जाएगा। प्रशिक्षण में सभी अधिकारी कर्मचारियों को सतर्क मोबाइल एप्लीकेशन उनके मोबाइल में डाउनलोड कराया गया। साथ ही उसके उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान प्रशिक्षण बैठक में जिला खाद्य अधिकारी श्री आशीष चतुर्वेदी, सभी एसडीएम, तहसीलदार, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी, नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक, विपणन अधिकारी, कृषि विभाग, सहकारी संस्थाओं एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

      अपर कलेक्टर श्री साहू ने बैठक में कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रत्येक केंद्र में सहकारी समितियों, विपणन संघ, नागरिक आपूर्ति निगम, खाद्य विभाग और सहकारी बैंक के अधिकारी समन्वयपूर्वक कार्य करें। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध धान खरीदी बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। अवैध धान की खरीदी बिक्री होने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। निगरानी के लिए नोडल अधिकारी सहित उड़न दस्ता दल का भी गठन किया गया है। सभी अधिकारी कर्मचारी अपने दायित्वों का निष्ठा पूर्वक निर्वहन करेंगे। धान खरीदी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही एवं अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ भी कार्यवाही की जाएगी। अपर कलेक्टर ने कहा कि खरीदी के दौरान प्रतिदिन की स्थिति की समीक्षा कर कोई भी समस्या होने पर उसका त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों के भुगतान की प्रक्रिया समयबद्ध एवं पारदर्शी हो। खरीदी के दौरान गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन कर्मचारियों की ड्यूटी उपार्जन कार्य में लगाई गई है, उन्हें स्पष्ट निर्देश और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं ताकि खरीदी प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।

और भी