पोस्ट ऑफ द मंथ’ सम्मान से चमके नवाचारी शिक्षक, विनोबा ऐप ने बदली पढ़ाई की तस्वीर, गांव-गांव में अब नवाचार और आत्मविश्वास की गूंज
जशपुर 23 अफ़्रैल 2026 । जिले में अब स्कूल सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रहे, बल्कि नवाचार और रचनात्मकता के केंद्र बनते जा रहे हैं। जिला प्रशासन की पहल और शिक्षकों की मेहनत ने शिक्षा व्यवस्था में ऐसा रंग भरा है कि अब हर स्कूल से कुछ नया सीखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को ‘पोस्ट ऑफ द मंथ’ जैसे सम्मान से नवाजा गया, जिससे पूरे शिक्षा महकमे में उत्साह का माहौल है।
कलेक्टर रोहित व्यास और सीईओ अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में ओपन लिंक्स फाउंडेशन द्वारा संचालित विनोबा ऐप ने जशपुर के शिक्षकों को एक ऐसा मंच दे दिया है, जहां वे अपने नए-नए प्रयोग साझा कर रहे हैं और एक-दूसरे से सीख भी रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार सिन्हा के निर्देशन और “यशस्वी जशपुर” टीम के समन्वय से यह पहल अब एक मजबूत अभियान बन चुकी है।
सम्मान समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार सिन्हा ने साफ कहा कि यह सम्मान सिर्फ एक शिक्षक की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि जो शिक्षक आज सम्मानित हुए हैं, वे बाकी शिक्षकों के लिए मिसाल बनें और शिक्षा में नवाचार की इस लौ को और तेज करें।
कार्यक्रम में ओपन लिंक्स फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर अज़हर शेख ने ‘बोलेगा बचपन’ क्लब की खास जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल से बच्चों में मंच पर बोलने का आत्मविश्वास बढ़ रहा है—कविता, कहानी और अभिव्यक्ति के जरिए बच्चे अब खुलकर सामने आ रहे हैं।
वहीं प्रोजेक्ट ऑफिसर सोमनाथ साहू ने बताया कि विनोबा ऐप सिर्फ एक ऐप नहीं, बल्कि शिक्षकों के लिए डिजिटल क्रांति है। इसके जरिए नवाचारों का दस्तावेजीकरण हो रहा है, साथ ही एफएलएन, नवोदय, जेईई और नीट जैसी परीक्षाओं की तैयारी में भी बच्चों को मदद मिल रही है।
सम्मानित होने वाले शिक्षकों में सेजेस बगीचा की शिल्पा पाण्डेय, रेंगोला की सलोमी केरकेट्टा, अंकिराकोना की सरस्वती सिदार, पहाड़ी कोरवा आश्रम की अपर्णा चौबे और कारुमहुआ की अपोलिना केरकेट्टा ने पोस्ट ऑफ द मंथ में बाजी मारी। वहीं स्पर्धा विजेताओं में ममता कायता, शारदा पैंकरा, रामलखन यादव और अनूप रजक ने अपनी शानदार उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के अंत में यशस्वी जशपुर की टीम ने सभी शिक्षकों को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
