खलिहान की जमीन को लेकर खूनी बवाल: बाप-बेटों ने मिलकर किया जानलेवा हमला —महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर घायल, जशपुर पुलिस ने कार्रवाई कर तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
ताजा खबरें


बड़ी खबर

खलिहान की जमीन को लेकर खूनी बवाल: बाप-बेटों ने मिलकर किया जानलेवा हमला —महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर घायल, जशपुर पुलिस ने कार्रवाई कर तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

जशपुर : 23 अफ़्रैल 2026 : जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी पंडरा पाठ के ग्राम अम्बाडीपा में शासकीय काबिज जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद उस वक्त खूनी संघर्ष में बदल गया, जब एक ही परिवार के बाप-बेटों ने मिलकर दूसरे पक्ष पर लाठी, डंडे और लोहे के सब्बल से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और घायल अवस्था में तीन लोगों को अस्पताल पहुंचाना पड़ा। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अम्बाडीपा निवासी जवाहर यादव ने चौकी पंडरा पाठ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके परिवार द्वारा पीढ़ियों से घर के पास स्थित शासकीय जमीन का उपयोग खलिहान और गोठान के रूप में किया जाता रहा है। इसी जमीन को लेकर गांव के ही मदन यादव और उनके बेटे ठाकुर दयाल यादव व सत्यपाल यादव लंबे समय से विवाद करते आ रहे थे और जमीन को अपना बताते हुए आए दिन झगड़ा करते थे।

बताया जा रहा है कि 20 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे प्रार्थी पक्ष के परिवारजन—प्रतिभा, मिथलेश, मंजू यादव और संदीप यादव सहित अन्य सदस्य खलिहान में पैरा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान आरोपी पक्ष भी वहां आ गया और जमीन को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने गुस्से में आकर अपने पास रखे लाठी, डंडे और लोहे के सब्बल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इस हमले में बिहारी यादव, सुमित्रा यादव और जयंती यादव के सिर, माथे और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही चौकी पंडरा पाठ पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए शासकीय अस्पताल बगीचा में भर्ती कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 191(3) एवं 109 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने मदन यादव (61 वर्ष), ठाकुर दयाल यादव (36 वर्ष) और सत्यपाल यादव (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी, डंडे और लोहे के सब्बल भी जप्त कर लिए हैं।

पूरे मामले की कार्रवाई में चौकी प्रभारी पंडरा पाठ उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी, प्रधान आरक्षक विनोद केरकट्टा, आरक्षक मंगल राम, दिनेश भगत और कुंदन नायक की अहम भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा है कि जमीन विवाद को लेकर हिंसा करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और मामले की जांच जारी है।

Leave Your Comment

Click to reload image