ताजा खबरें


बड़ी खबर

बाल मधुमेह से जूझ रहे बच्चों और परिवारों को मिला नया संबल, जशपुर में रोगी सहायता समूह की बैठक में विशेषज्ञों ने दिए बेहतर जीवन प्रबंधन, नियमित इंसुलिन उपचार और स्वस्थ भविष्य के महत्वपूर्ण मंत्र

जशपुर  17 जून 2026/ बाल मधुमेह (टाइप-1 डायबिटीज) से प्रभावित बच्चों एवं उनके परिवारों को निरंतर उपचार, परामर्श एवं बेहतर जीवन प्रबंधन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य समिति, जशपुर द्वारा यूनिसेफ छत्तीसगढ़ एवं एकम फाउंडेशन के तकनीकी सहयोग से रोगी सहायता समूह (Patient Support Group - PSG) की फॉलो-अप बैठक आयोजित की गई। 

कार्यक्रम में 6 बाल मधुमेह प्रभावित बच्चों एवं उनके 8 अभिभावकों/देखभालकर्ताओं सहित कुल 32 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।

बैठक का उद्देश्य बाल मधुमेह से प्रभावित बच्चों एवं उनके परिवारों को रोग के बेहतर प्रबंधन, नियमित रक्त शर्करा जांच, इंसुलिन उपचार, पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी प्रदान करना तथा उनकी समस्याओं एवं अनुभवों को साझा करने के लिए एक सहयोगात्मक मंच उपलब्ध कराना था।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. जी. एस. जात्रा ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल मधुमेह एक ऐसी स्थिति है जिसके लिए नियमित देखभाल एवं उपचार की आवश्यकता होती है। उन्होंने परिवारों से बच्चों की नियमित जांच, समय पर इंसुलिन सेवन एवं चिकित्सकीय सलाह का पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया तथा आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य विभाग ऐसे बच्चों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि रोगी सहायता समूह की बैठकें बच्चों एवं उनके परिवारों को मानसिक, सामाजिक एवं व्यवहारिक सहयोग प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने परिवारों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े रहने तथा नियमित फॉलो-अप में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में शिशु रोग विशेषज्ञ (Pediatrician) डॉ. जानकी भगत ने बाल मधुमेह के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टाइप-1 डायबिटीज एक ऐसी स्थिति है जिसमें शरीर पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन नहीं बना पाता, जिसके कारण रक्त में शर्करा का स्तर बढ़ जाता है। उन्होंने इंसुलिन के नियमित उपयोग, रक्त शर्करा की निगरानी, संतुलित आहार, शारीरिक गतिविधियों एवं संक्रमण से बचाव के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने यह भी बताया कि उचित देखभाल एवं नियमित उपचार से बाल मधुमेह से प्रभावित बच्चे स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन व्यतीत कर सकते हैं।

जिला एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. उदय भगत ने प्रतिभागियों को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, जांच सुविधाओं एवं नियमित फॉलो-अप की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने परिवारों को उपचार में निरंतरता बनाए रखने तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य संस्थाओं से संपर्क करने की सलाह दी।

बैठक के दौरान बच्चों एवं अभिभावकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान संवादात्मक चर्चा के माध्यम से किया गया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा विशेषज्ञों से रोग प्रबंधन संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डीपीएम राजीव रंजन मिश्रा,जिला कार्यक्रम प्रबंधक, शिशु रोग विशेषज्ञ, जिला एनसीडी नोडल अधिकारी तथा अन्य स्वास्थ्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि बाल मधुमेह के प्रति जागरूकता बढ़ाने, प्रभावित बच्चों को नियमित उपचार एवं परामर्श से जोड़ने तथा उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं जीवन गुणवत्ता सुनिश्चित करने के प्रयास आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। यह कार्यक्रम यूनिसेफ छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र सिंह उपस्थित थे।

और भी

महिला सशक्तिकरण, साइबर सुरक्षा, करियर मार्गदर्शन और सामाजिक जागरूकता को लेकर जशपुर में आयोजित हुई भव्य कार्यशाला, महिलाओं और युवाओं को विशेषज्ञों ने दिए सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सफलता के महत्वपूर्ण मंत्र

जशपुर। महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, करियर निर्माण और सामाजिक नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभाकक्ष, जशपुर में एक दिवसीय महिला सशक्तिकरण, साइबर सुरक्षा, करियर मार्गदर्शन एवं युवा जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, यूनिसेफ, जय हो जशपुर, रौनियार महिला शक्ति, एग्रीकोन समिति एवं रानी दुर्गावती फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार एवं डीएसपी आशा तिर्की उपस्थित रहीं। वहीं प्रशिक्षक के रूप में बाल संरक्षण अधिकारी शीखा, महिला एवं बाल विकास विभाग से अंजना, संगवारी संस्था से ज्योति विक्रम, रितु एवं उमा ने सहभागिता की। कार्यक्रम के संयोजन एवं नेतृत्व की जिम्मेदारी जिला समन्वयक सुश्री शालिनी गुप्ता, विकासखंड प्रमुख गुरुदेव प्रसाद तथा रौनियार महिला शक्ति की अध्यक्ष सीमा गुप्ता ने संभाली।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इस अवसर पर डीएसपी आशा तिर्की ने महिलाओं को साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे, ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी साझा करते हुए महिलाओं को किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की सलाह दी।

जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, व्यवसाय, विज्ञान और सामाजिक नेतृत्व सहित प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही समाजहित में लगातार कार्य कर रही जय हो जशपुर टीम की सराहना करते हुए रौनियार महिला शक्ति को एक प्रेरणादायी और सशक्त महिला समूह बताया।

बाल संरक्षण अधिकारी शीखा ने महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा संबंधी प्रावधानों तथा ऑनलाइन और सामाजिक स्तर पर होने वाली विभिन्न प्रकार की धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रतिनिधि अंजना ने महिलाओं के अधिकार, सुरक्षा योजनाओं एवं आत्मनिर्भरता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान जिला समन्वयक सुश्री शालिनी गुप्ता ने "पढ़ाई का कोना", बाल विवाह उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण तथा सामाजिक जागरूकता के विभिन्न विषयों पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम बताते हुए युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

विकासखंड प्रमुख गुरुदेव प्रसाद ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से साइबर फ्रॉड के विभिन्न प्रकारों और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल युग में सतर्कता को सबसे बड़ा सुरक्षा कवच बताते हुए लोगों को अनजान लिंक, फर्जी कॉल और संदिग्ध ऑनलाइन लेन-देन से बचने की सलाह दी।

रौनियार महिला शक्ति की अध्यक्ष सीमा गुप्ता ने संगठन द्वारा महिलाओं के उत्थान, सामाजिक सहभागिता और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे कार्यों को पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से प्रस्तुत किया। इस दौरान अनीता गुप्ता, मेघा गुप्ता एवं रेनू गुप्ता ने भी महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, सामाजिक नेतृत्व और आत्मनिर्भरता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

वहीं जय हो जशपुर की स्वयंसेविका रिंटा गुप्ता ने पिछले तीन वर्षों के अपने स्वयंसेवी अनुभव साझा करते हुए युवाओं को समाज सेवा से जुड़ने और सकारात्मक बदलाव का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला में जय हो जशपुर के स्वयंसेवक नेहा, गुलशन, रितेश, सुमित्रा, तुलसी और सविता सहित रौनियार समाज एवं महिला शक्ति की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन सीमा गुप्ता द्वारा किया गया।

अंत में सीमा गुप्ता एवं जिला समन्वयक सुश्री शालिनी गुप्ता ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शॉल भेंट कर सम्मानित किया। आयोजन को सफल बनाने में जय हो जशपुर, रौनियार समाज, रानी दुर्गावती फाउंडेशन तथा सभी स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कार्यक्रम का समापन महिला सशक्तिकरण, जागरूकता और साइबर सुरक्षा के संदेश के साथ हुआ। वक्ताओं ने कहा कि एक जागरूक और आत्मनिर्भर महिला ही सुरक्षित एवं सशक्त समाज की मजबूत नींव होती है। कार्यशाला में उपस्थित प्रतिभागियों ने इसे ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी और समाजोपयोगी पहल बताते हुए ऐसे आयोजनों की निरंतरता की आवश्यकता पर बल दिया।

और भी

प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का मुख्यमंत्री ने जताया आभार, कहा– डबल इंजन सरकार में रेल कनेक्टिविटी का हो रहा अभूतपूर्व विस्तार

रायपुर, 17 जून 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भारतीय रेल द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत ₹755 करोड़ की लागत से चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दिए जाने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया है। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ के विकास, औद्योगिक प्रगति और देश की ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में रेल अधोसंरचना का निरंतर विस्तार हो रहा है, जिससे विकास को नई गति मिल रही है।

उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने पर यात्री सुविधाओं में भी उल्लेखनीय सुधार होगा। अतिरिक्त रेल लाइन उपलब्ध होने से ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुचारु होगी, परिचालन संबंधी बाधाएं कम होंगी तथा भविष्य में अतिरिक्त यात्री ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे आम नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवाएं प्राप्त होंगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कोरबा देश की ऊर्जा राजधानी के रूप में महत्वपूर्ण पहचान रखता है और यहां से देश के विभिन्न हिस्सों तक कोयले की आपूर्ति होती है। चांपा-कोरबा रेल खंड साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) तथा महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एमसीएल) की खदानों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इस परियोजना के पूर्ण होने से कोयला परिवहन की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए आवश्यक लॉजिस्टिक आधार और अधिक मजबूत होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में  तीसरी रेल लाइन का निर्माण भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया दूरदर्शी निर्णय है। इससे अतिरिक्त माल परिवहन को सुगम बनाया जा सकेगा और रेल परिचालन अधिक दक्ष एवं प्रभावी होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह परियोजना केवल कोयला परिवहन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी व्यापक लाभ मिलेगा। बेहतर रेल संपर्क से उद्योगों को मजबूती मिलेगी, निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी, व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार होगा तथा रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे कोरबा, जांजगीर-चांपा सहित आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना प्रदेश की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति को नई ऊर्जा प्रदान करेगी तथा विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि मजबूत रेल नेटवर्क, सुदृढ़ लॉजिस्टिक व्यवस्था और बेहतर कनेक्टिविटी के माध्यम से छत्तीसगढ़ देश के विकास में और अधिक प्रभावी योगदान देने के लिए निरंतर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विगत वर्षों में छत्तीसगढ़ को रेल अधोसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्राथमिकता मिली है। प्रदेश के रेल बजट में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा नई रेल लाइनों, दोहरीकरण, तीसरी-चौथी लाइन और आधुनिक रेलवे स्टेशनों के विकास के माध्यम से कनेक्टिविटी को लगातार सशक्त किया जा रहा है। हाल ही में धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में अधिसूचित किया जाना भी इसी विकास दृष्टि का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल परियोजना को विशेष रेल परियोजना के रूप में स्वीकृति मिलना जशपुर सहित पूरे उत्तर छत्तीसगढ़ के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विशेष स्नेह और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। लंबे समय से रेल संपर्क की प्रतीक्षा कर रहे जशपुरांचल को पहली बार रेल नेटवर्क से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। यह परियोजना केवल एक रेल लाइन नहीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक विकास की नई आधारशिला है। इससे पर्यटन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा वनांचल क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से और अधिक मजबूती से जुड़ सकेगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेल एवं शहरी परिवहन अधोसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के विकास पर 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। वर्ष 1853 से 2014 तक 161 वर्षों में छत्तीसगढ़ में लगभग 1100 रूट किलोमीटर रेल लाइन बिछाई गई थी, जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में  प्रदेश का रेल नेटवर्क बढ़कर  2200 रूट किलोमीटर से अधिक होने जा रहा है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रदेश की रेल परियोजनाओं के लिए जहां लगभग 300 करोड़ रुपये का बजट मिलता था, वहीं वर्ष 2026-27 में यह बढ़कर 7,470 करोड़ रुपये हो गया है। साथ ही प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों को 1,680 करोड़ रुपये की लागत से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से विकसित किया जा रहा है, जो छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कुनकुरी को मिली बड़ी सौगात, 33/11 केवी सब स्टेशन में 5 एमवीए का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित, अतिरिक्त 11 केवी फीडर भी हुआ चालू, क्षेत्र वासियों के लिए बड़ी राहत.....

जशपुर 17 जून 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर प्रदेश में विद्युत अधोसंरचना को मजबूत करने के अभियान के तहत कुनकुरी क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कुनकुरी में 3.15 एमवीए क्षमता के पुराने पावर ट्रांसफार्मर को हटाकर 5 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया है। इसके साथ ही कुनकुरी नगर के लिए बहुप्रतीक्षित अतिरिक्त 11 केवी फीडर का निर्माण एवं चार्जिंग कार्य भी पूरा कर लिया गया है।नए ट्रांसफार्मर की स्थापना आसान नहीं थी। इसके लिए विभाग को कई तकनीकी एवं संरचनात्मक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कार्यस्थल पर पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने के लिए दो डीपी को स्थानांतरित किया गया, अनुपयोगी नियंत्रण कक्ष को हटाया गया तथा पुराने ट्रांसफार्मर प्लिंथ की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य किया गया। सभी आवश्यक तैयारियों के बाद आज ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार ट्रांसफार्मर की क्षमता 3.15 एमवीए से बढ़ाकर 5 एमवीए किए जाने से क्षेत्र की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। वहीं अतिरिक्त 11 केवी फीडर शुरू होने से कुनकुरी नगर में विद्युत भार का बेहतर प्रबंधन होगा, ओवरलोडिंग की समस्या कम होगी तथा उपभोक्ताओं को अधिक सुचारू और निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

   मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर किए गए इस कार्य को क्षेत्र के विकास और बेहतर जनसुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों एवं विद्युत उपभोक्ताओं ने इस सौगात का स्वागत करते हुए इसे कुनकुरी की विद्युत व्यवस्था को मजबूत बनाने वाला ऐतिहासिक कदम बताया है।

और भी

सहायक आयुक्त पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाने वाले मंडल संयोजक हटाए गए, मनीष पैंकरा को मिला पत्थलगांव का प्रभार

जशपुरनगर। आदिम जाति कल्याण विभाग में एक अहम प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिला कलेक्टर रोहित व्यास द्वारा जारी आदेश के अनुसार मंडल संयोजक पत्थलगांव का प्रभार संभाल रहे परमानंद पैंकरा को उनके मूल पद पर वापस भेज दिया गया है। उनकी जगह मनीष कुमार पैंकरा को मंडल संयोजक पत्थलगांव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

जारी आदेश के मुताबिक मनीष कुमार पैंकरा, जो वर्तमान में शासकीय प्राथमिक स्तर आदिवासी बालक आश्रम चोंगरीबहार (कांसाबेल) में अधीक्षक ग्रेड-‘स’ के पद पर कार्यरत हैं, आगामी आदेश तक मंडल संयोजक पत्थलगांव की जिम्मेदारी संभालेंगे।

वहीं परमानंद पैंकरा, जो मंडल संयोजक पत्थलगांव का प्रभार देख रहे थे, उन्हें उनके मूल पदस्थापना स्थल पूर्व माध्यमिक शाला छरछोरा, विकासखंड कांसाबेल में वापस भेज दिया गया है।

गौरतलब है कि परमानंद पैंकरा ने कुछ समय पूर्व सहायक आयुक्त  संजय कुमार सिंह पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। यह मामला जिले में काफी चर्चा का विषय बना हुआ था। इसी बीच विभाग द्वारा जारी इस आदेश को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

इस आदेश में कहा गया है कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी तथा संबंधित कर्मचारियों का वेतन-भत्ता उनके मूल पदस्थापना संस्थान से ही आहरित किया जाएगा।

 सूत्रों के अनुसार आगामी दिनों में छात्रावासों और आश्रमों की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन द्वारा अन्य स्तरों पर भी समीक्षा की जा सकती है। फिलहाल मनीष कुमार पैंकरा को नई जिम्मेदारी मिलने और परमानंद पैंकरा की वापसी को लेकर पूरे जिले में चर्चाओं का दौर जारी है।

और भी

राशिफल: बुध की विशेष कृपा से चमकेगी कई राशियों की किस्मत, करियर-कारोबार में बनेंगे सफलता के नए रिकॉर्ड, धन लाभ के प्रबल योग, जानिए मेष से मीन तक सभी 12 राशियों का विस्तृत भविष्यफल

ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति के अनुसार आज का दिन कई राशियों के लिए नए अवसर, आर्थिक लाभ और पारिवारिक सुख लेकर आ सकता है, वहीं कुछ राशियों को धैर्य और संयम के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता होगी। आइए जानते हैं 12 राशियों का विस्तृत राशिफल।

मेष राशि (Aries)

आज का दिन आपके लिए उत्साह और आत्मविश्वास से भरपूर रहेगा। लंबे समय से रुके हुए कार्यों में गति आएगी और कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत की सराहना हो सकती है। नौकरीपेशा लोगों को वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। किसी महत्वपूर्ण परियोजना या जिम्मेदारी में सफलता मिलने की संभावना है।

व्यापारियों के लिए दिन लाभदायक रह सकता है। नए ग्राहकों से संपर्क बढ़ेगा और भविष्य के लिए लाभकारी समझौते हो सकते हैं। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, हालांकि अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखना जरूरी रहेगा।

पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा। घर के किसी सदस्य की उपलब्धि से खुशी का माहौल बनेगा। प्रेम संबंधों में मधुरता बढ़ेगी और जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा।

करियर: नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं।
आर्थिक स्थिति: आय के नए स्रोत बनने के संकेत।
स्वास्थ्य: ऊर्जा बनी रहेगी, लेकिन अधिक भागदौड़ से बचें।
शुभ रंग: लाल
शुभ अंक: 9

वृषभ राशि (Taurus)

आज आपको धैर्य और समझदारी से काम लेना होगा। कार्यक्षेत्र में कुछ चुनौतियां सामने आ सकती हैं, लेकिन आपकी मेहनत और अनुभव उन्हें आसानी से सुलझा देंगे। नौकरी में पदोन्नति या प्रशंसा मिलने की संभावना है।

व्यापार से जुड़े लोगों को लाभ के नए अवसर मिल सकते हैं। निवेश से जुड़े मामलों में जल्दबाजी न करें। आर्थिक मामलों में संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा।

पारिवारिक जीवन में शांति बनी रहेगी। घर में किसी शुभ कार्य की योजना बन सकती है। प्रेम संबंधों में पारदर्शिता बनाए रखें।

करियर: नई जिम्मेदारियों के साथ उन्नति के अवसर।
आर्थिक स्थिति: धन लाभ के योग, लेकिन खर्चों पर नियंत्रण रखें।
स्वास्थ्य: खान-पान का विशेष ध्यान रखें।
शुभ रंग: सफेद
शुभ अंक: 6

मिथुन राशि (Gemini)

बुधवार का दिन आपकी राशि के लिए विशेष रूप से शुभ माना जा रहा है। आपकी वाणी और संवाद क्षमता लोगों को प्रभावित करेगी। कार्यक्षेत्र में आपके सुझावों को महत्व मिलेगा।

व्यवसाय में नए संपर्क बनेंगे और रुका हुआ धन वापस मिल सकता है। विद्यार्थियों के लिए समय अनुकूल है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को अच्छे संकेत मिल सकते हैं।

परिवार में खुशियों का माहौल रहेगा। मित्रों और रिश्तेदारों से सहयोग मिलेगा। प्रेम जीवन में नई ऊर्जा आएगी।

करियर: संपर्कों से लाभ मिलेगा।
आर्थिक स्थिति: धन आगमन के योग।
स्वास्थ्य: मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहेंगे।
शुभ रंग: हरा
शुभ अंक: 5

कर्क राशि (Cancer)

आज भावनाओं पर नियंत्रण रखना आपके लिए लाभदायक रहेगा। किसी महत्वपूर्ण निर्णय को लेने से पहले परिवार या अनुभवी व्यक्ति की सलाह अवश्य लें। नौकरीपेशा लोगों को कार्यस्थल पर सम्मान मिल सकता है।

व्यापार में सामान्य लाभ रहेगा। आर्थिक मामलों में सोच-समझकर कदम उठाएं। किसी पुराने निवेश से लाभ मिलने की संभावना है।

परिवार में किसी बुजुर्ग का स्वास्थ्य चिंता का कारण बन सकता है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में रहेगी। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा।

करियर: वरिष्ठ अधिकारियों का समर्थन मिलेगा।
आर्थिक स्थिति: स्थिरता बनी रहेगी।
स्वास्थ्य: तनाव से बचें और पर्याप्त आराम करें।
शुभ रंग: क्रीम
शुभ अंक: 2

सिंह राशि (Leo)

आज आपकी नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता आपको दूसरों से आगे रखेगी। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए दिन विशेष रूप से शुभ है। मान-सम्मान में वृद्धि होगी।

व्यापार विस्तार की योजनाएं सफल हो सकती हैं। नौकरी में पदोन्नति या नई जिम्मेदारी मिलने के संकेत हैं। आर्थिक रूप से दिन लाभदायक रहेगा।

पारिवारिक वातावरण सुखद रहेगा। संतान पक्ष से शुभ समाचार मिल सकता है।

करियर: प्रतिष्ठा और प्रभाव में वृद्धि।
आर्थिक स्थिति: आय बढ़ने के योग।
स्वास्थ्य: सामान्य रहेगा।
शुभ रंग: सुनहरा
शुभ अंक: 1

कन्या राशि (Virgo)

आज योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर सफलता मिलेगी। कार्यक्षेत्र में आपकी सूझबूझ और मेहनत का सकारात्मक परिणाम मिलेगा। नौकरी और व्यवसाय दोनों में प्रगति के संकेत हैं।

निवेश के लिए समय अच्छा माना जा सकता है, लेकिन विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। परिवार में किसी महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा हो सकती है।

विद्यार्थियों के लिए दिन लाभदायक है। अध्ययन में एकाग्रता बनी रहेगी।

करियर: नई उपलब्धियां प्राप्त हो सकती हैं।
आर्थिक स्थिति: लाभ और बचत दोनों संभव।
स्वास्थ्य: पेट संबंधी समस्याओं से सावधान रहें।
शुभ रंग: हरा
शुभ अंक: 7

तुला राशि (Libra)

आज संतुलित व्यवहार और सकारात्मक सोच आपके लिए सफलता का मार्ग प्रशस्त करेगी। कार्यक्षेत्र में सहयोगियों का समर्थन मिलेगा। सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी।

व्यापार में नए अवसर प्राप्त हो सकते हैं। आर्थिक लाभ के योग हैं। परिवार में सामंजस्य बना रहेगा।

प्रेम संबंधों में मधुरता आएगी और वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा।

करियर: टीमवर्क से सफलता मिलेगी।
आर्थिक स्थिति: लाभ के अच्छे संकेत।
स्वास्थ्य: सामान्य रहेगा।
शुभ रंग: गुलाबी
शुभ अंक: 6

वृश्चिक राशि (Scorpio)

आज का दिन साहस और आत्मविश्वास से भरपूर रहेगा। कठिन कार्यों को भी आप आसानी से पूरा कर सकते हैं। कार्यक्षेत्र में विरोधियों पर बढ़त मिलेगी।

व्यापार में लाभ होगा और रुके हुए कार्य पूरे होंगे। आर्थिक मामलों में सफलता मिलने के संकेत हैं।

परिवार में सुखद वातावरण रहेगा। किसी शुभ समाचार से मन प्रसन्न रहेगा।

करियर: महत्वपूर्ण उपलब्धि मिल सकती है।
आर्थिक स्थिति: धन लाभ के प्रबल योग।
स्वास्थ्य: रक्तचाप और तनाव पर ध्यान दें।
शुभ रंग: मरून
शुभ अंक: 8

धनु राशि (Sagittarius)

भाग्य आज आपका साथ देगा। शिक्षा, करियर और व्यापार से जुड़े मामलों में सकारात्मक परिणाम प्राप्त हो सकते हैं। यात्रा के योग बन रहे हैं।

धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी। आर्थिक मामलों में लाभ होगा। निवेश से अच्छे परिणाम मिल सकते हैं।

परिवार में खुशी का माहौल रहेगा।

करियर: नए अवसर प्राप्त होंगे।
आर्थिक स्थिति: निवेश लाभ दे सकता है।
स्वास्थ्य: स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।
शुभ रंग: पीला
शुभ अंक: 3

मकर राशि (Capricorn)

आज मेहनत और अनुशासन का अच्छा परिणाम मिलेगा। नौकरी और व्यवसाय में प्रगति होगी। लंबे समय से रुके कार्य पूरे हो सकते हैं।

आर्थिक मामलों में सतर्कता आवश्यक है। खर्चों पर नियंत्रण रखें। परिवार के बुजुर्गों का सहयोग मिलेगा।

करियर: पद और प्रतिष्ठा में वृद्धि संभव।
आर्थिक स्थिति: संतुलित रहेगी।
स्वास्थ्य: थकान महसूस हो सकती है।
शुभ रंग: नीला
शुभ अंक: 8

कुंभ राशि (Aquarius)

आज साझेदारी और सहयोग से लाभ मिलने के संकेत हैं। नए संपर्क भविष्य में लाभदायक सिद्ध हो सकते हैं। व्यापार में विस्तार की योजना बन सकती है।

नौकरीपेशा लोगों को नई जिम्मेदारी मिल सकती है। परिवार में प्रसन्नता बनी रहेगी।

करियर: नए अवसर मिलेंगे।
आर्थिक स्थिति: लाभ के संकेत।
स्वास्थ्य: नियमित दिनचर्या बनाए रखें।
शुभ रंग: आसमानी
शुभ अंक: 4

मीन राशि (Pisces)

आज का दिन रचनात्मक कार्यों और नई योजनाओं के लिए अनुकूल रहेगा। नौकरी और व्यवसाय में प्रगति के अवसर प्राप्त होंगे। किसी पुराने मित्र से मुलाकात संभव है।

परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। प्रेम संबंध मजबूत होंगे। आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत हैं।

करियर: प्रतिभा को पहचान मिलेगी।
आर्थिक स्थिति: आय में वृद्धि संभव।
स्वास्थ्य: मानसिक शांति बनी रहेगी।
शुभ रंग: हल्का पीला
शुभ अंक: 7

बुधवार के स्वामी ग्रह बुध माने जाते हैं, जो बुद्धि, व्यापार, वाणी, लेखन, शिक्षा और संचार के कारक हैं। आज हरे वस्त्र धारण करना, गणेश जी की पूजा करना, गाय को हरा चारा खिलाना तथा जरूरतमंद विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री दान करना शुभ माना गया है। ग्रहों की अनुकूलता से अधिकांश राशियों के लिए करियर, व्यापार और पारिवारिक जीवन में सकारात्मक परिणाम मिलने की संभावना है। हालांकि किसी भी बड़े आर्थिक निर्णय से पहले विवेक और सलाह का सहारा लेना लाभकारी रहेगा।

और भी

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का असर: खेत में बैल चराते समय दर्ज कराई शिकायत, प्रशासन खुद पहुंचा घर—खुलवाया बैंक खाता, बनवाया किसान क्रेडिट कार्ड और दिलाई खाद-बीज की सुविधा

रायपुर, 16 जून 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रही है। सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत सराईटीकरा निवासी किसान श्री राजनाथ राजवाड़े का अनुभव इसका सशक्त उदाहरण है, जहां एक फोन कॉल पर प्रशासन ने महज 24 घंटे के भीतर उनकी समस्या का समाधान कर दिया।

श्री राजनाथ राजवाड़े आगामी खरीफ फसल के लिए खाद की व्यवस्था को लेकर चिंतित थे। खेत में बैल चराने के दौरान उन्हें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने अपनी समस्या दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और मात्र दो घंटे के भीतर कृषि विभाग के अधिकारियों ने उनसे संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली तथा सीधे उनके घर पहुंच गए।

जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि शासकीय व्यवस्था के माध्यम से खाद-बीज प्राप्त करने के लिए किसान का सहकारी बैंक में खाता और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) होना आवश्यक है। अधिकारियों ने स्वयं पहल करते हुए किसान को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग दिया। बैंक का समय समाप्त हो जाने के कारण अगले दिन सहकारी बैंक में उनका खाता खुलवाया गया, पासबुक जारी की गई और आवश्यक दस्तावेज जमा कराए गए।

इसके बाद अल्प समय में ही किसान क्रेडिट कार्ड जारी कर दिया गया। केसीसी बनने के साथ ही श्री राजवाड़े को आवश्यक खाद और बीज उपलब्ध करा दिए गए तथा भविष्य में कृषि कार्यों के लिए ऋण एवं नकद सहायता प्राप्त करने का रास्ता भी आसान हो गया।

बिना किसी कार्यालय के चक्कर लगाए समस्या का समाधान मिलने से किसान ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के 24 घंटे के भीतर ही उनका पूरा काम हो गया। उन्हें खाद के लिए भटकना नहीं पड़ा और कृषि विभाग के अधिकारियों ने घर पहुंचकर हर संभव सहायता प्रदान की।

श्री राजनाथ राजवाड़े ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की सराहना करते हुए कहा कि यह व्यवस्था किसानों और आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। उन्होंने किसानों के हित में किए जा रहे संवेदनशील और जनहितकारी प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

और भी

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जनदर्शन में सुनी आमजन की समस्याएँ ,अधिकारियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी निराकरण के दिए निर्देश

जशपुरनगर 16 जून 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों से सीधे रूबरू होकर उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों का ध्यानपूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
       आज आयोजित जनदर्शन में कुल 44 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्रमुख रूप से राजस्व प्रकरण, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, अधोसंरचना निर्माण, आजीविका उन्नयन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ, तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित समस्याएँ और मांगें शामिल थीं। कलेक्टर श्री व्यास ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण करें, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। 
      कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने अधिकारियों को  आवेदनों पर की गई कार्यवाही की जानकारी संबंधित आवेदकों को समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे उन्हें अपने प्रकरण की स्थिति की स्पष्ट जानकारी मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से जनसुविधाओं से जुड़े मामलों, जैसे पेयजल, सड़क, स्वच्छता और शासकीय योजनाओं के लाभ से संबंधित प्रकरणों पर संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया।

और भी

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मोतीपुर पंचायत का विकास मॉडल अब जशपुर में बनेगा मिसाल, बिहार से सीखकर लौटे 43 जनप्रतिनिधि और अधिकारी

जशपुरनगर 16 जून 2026/ ग्राम पंचायतों को सशक्त, आत्मनिर्भर और आदर्श बनाने की दिशा में जशपुर जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पंचायत विकास, जनभागीदारी, स्वच्छता एवं ग्रामीण अधोसंरचना के उत्कृष्ट मॉडल का अध्ययन करने के उद्देश्य से जिले का 43 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बिहार राज्य के समस्तीपुर जिले के रोसड़ा विकासखंड स्थित राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त मोतीपुर ग्राम पंचायत के अध्ययन भ्रमण पर गया। यह भ्रमण 11 जून से 14 जून 2026 तक आयोजित किया गया। इस अध्ययन भ्रमण में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े अधिकारी - कर्मचारियों के साथ 15 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव शामिल हुए। प्रतिनिधिमंडल में डिप्टी डायरेक्टर पंचायत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, एसडीओ, सब इंजीनियर, फैकल्टी मेंबर, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन, ब्लॉक समन्वयक तथा अन्य अधिकारी भी शामिल रहे। मोतीपुर ग्राम पंचायत को पंचायत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए तीन बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। पंचायत की मुखिया श्रीमती प्रेमा देवी के नेतृत्व में यहां किए गए नवाचार और विकास कार्य देशभर की पंचायतों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं। इसी कारण विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधिमंडल समय-समय पर यहां पहुंचकर पंचायत के विकास मॉडल का अध्ययन करते हैं।

      अध्ययन भ्रमण के दौरान जशपुर के प्रतिनिधिमंडल ने पंचायत में विकसित स्मार्ट स्कूल, सुव्यवस्थित बाजार, छठ घाट, मुक्ति धाम, अमृत सरोवर, स्वच्छता प्रबंधन, सौंदर्यीकरण कार्य, जल संरक्षण संरचनाओं एवं सामुदायिक विकास परियोजनाओं का अवलोकन किया। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसहभागिता, संसाधनों के बेहतर उपयोग और पंचायत स्तर पर नवाचारों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मोतीपुर ग्राम पंचायत की ओर से जशपुर के प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने विकास यात्रा एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की तथा सभी सदस्यों को सम्मान स्वरूप टोपी, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए। अध्ययन भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने पंचायत संचालन की व्यवस्थाओं, स्वच्छता मॉडल, सामुदायिक सहभागिता एवं स्थानीय संसाधनों के उपयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि मोतीपुर पंचायत ने यह साबित किया है कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से गांवों को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

       प्रतिनिधिमंडल में शामिल सरपंचों एवं सचिवों ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायतों में लौटकर मोतीपुर पंचायत के सफल मॉडल का अध्ययन कर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नवाचारों को लागू करेंगे। विशेष रूप से स्वच्छता, जल संरक्षण, शिक्षा, अधोसंरचना विकास, सामुदायिक सहभागिता एवं ग्राम सौंदर्यीकरण के क्षेत्र में बेहतर कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि इस अध्ययन भ्रमण से उन्हें पंचायतों के समग्र विकास की नई दिशा मिली है। इससे प्राप्त अनुभवों के आधार पर जशपुर जिले की ग्राम पंचायतों में भी नवाचार आधारित विकास कार्यों को बढ़ावा मिलेगा और पंचायतें आत्मनिर्भर एवं आदर्श ग्राम निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकेंगी। अध्ययन भ्रमण से लौटे सभी सदस्यों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम पंचायत प्रतिनिधियों की क्षमता वृद्धि एवं विकास की नई सोच विकसित करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के अध्ययन भ्रमण आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई, ताकि पंचायतों में उत्कृष्ट कार्यों को बढ़ावा मिल सके और ग्रामीण विकास को नई गति प्राप्त हो।

और भी

जनसंपर्क विभाग की पहलः जशपुर में भव्य फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जा रही मोदी सरकार के 12 वर्षों की विकास, सुशासन और जनकल्याण की गाथा

जशपुरनगर 16 जून 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क विभाग द्वारा तीन दिवसीय भव्य फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। जशपुरनगर के रणजीता स्टेडियम के सामने जुदेव चौक में 16 जून से 18 जून 2026 तक आयोजित प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में किए गए प्रयासों को आकर्षक छायाचित्रों एवं जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ आज पद्मश्री श्री जागेश्वर यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, उपाध्यक्ष श्री यशप्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगा राम भगत, वरिष्ठ नागरिक श्री कृष्णा राय, भरत सिंह, श्री ओमप्रकाश सिन्हा, श्री मुकेश शर्मा, श्री नरेश नंदे, श्री उपेंद्र यादव, श्री मुकेश सोनी, श्री रुपेश सोनी, श्री संतोष सिंह, पार्षद श्री फैजान सरवर खान, श्रीमति शैलेन्द्री यादव, श्री देवधन नायक, प्रिया सिंग, अनुज भगत और विनोद निकुंज सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में हुए परिवर्तनकारी कार्यों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रदान की गई आर्थिक सहायता, कृषि क्षेत्र में सुधार, ई-नाम प्लेटफॉर्म के माध्यम से कृषि विपणन को बढ़ावा, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, डिजिटल इंडिया अभियान, लखपति दीदी योजना तथा विकसित भारत संकल्प अभियान जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की उपलब्धियों को दर्शाया गया है। प्रदर्शनी स्थल पर स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितकारी पहलों पर आधारित वृत्तचित्रों का प्रदर्शन किया जा रहा है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

        इस अवसर पर मुख्य अतिथि पद्मश्री श्री जागेश्वर यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों में देश में विकास की नई धारा प्रवाहित हुई है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि ऐसी फोटो प्रदर्शनी आमजन को शासन की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं से अवगत कराने का प्रभावी माध्यम है।


       फोटो प्रदर्शनी में देश की आधारभूत संरचना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले कार्यों को भी विशेष स्थान दिया गया है। इसमें विश्व के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज, समुद्र पर निर्मित अटल सेतु, राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विस्तार, वंदे भारत ट्रेनों, सेमीकंडक्टर निर्माण, डिजिटल क्रांति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में देश की सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए किए गए कार्यों को भी दर्शाया गया है। स्वदेशी रक्षा उत्पादन, रक्षा निर्यात में रिकॉर्ड वृद्धि तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत रक्षा क्षेत्र में हुए नवाचारों की जानकारी आमजन को दी जा रही है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा हितग्राहियों की प्रेरक सफलता की कहानियों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया है। रंगीन छायाचित्रों, आंकड़ों, ग्राफिक्स और सूचना पटलों के माध्यम से योजनाओं के प्रभाव और उपलब्धियों को सरल एवं आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।


      जनसंपर्क विभाग द्वारा इस अवसर पर ‘जनमन’ पत्रिका, ‘सुशासन के नवीन आयाम’ सहित विभिन्न प्रचार-प्रसार सामग्री का भी निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवाओं, किसानों और आम नागरिकों की विशेष भागीदारी देखने को मिल रही है। जिला प्रशासन एवं जनसंपर्क विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र एवं राज्य शासन की जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा देश की उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करें और इस जनजागरूकता अभियान का हिस्सा बनें।

और भी

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जशपुर में जनकल्याण का महाअभियान, 18 से 20 जून तक लगेंगे वृहद पंजीकरण शिविर, एक ही स्थान पर मिलेंगी केंद्र और राज्य सरकार की दर्जनों योजनाओं की सुविधाएं

जशपुरनगर, 16 जून 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में "विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" अभियान के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की समस्त जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 18 जून से 20 जून 2026 तक जनपद कार्यालय जशपुर में वृहद पंजीकरण शिविर आयोजित किया जाएगा। 
       शिविर में तहसील जशपुर एवं तहसील मनोरा क्षेत्र के समस्त ग्रामवासी शामिल होकर विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। शिविर का संचालन प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 3:00 बजे तक किया जाएगा। शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत नए पंजीयन, त्रुटि सुधार, पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण तथा योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर के दौरान प्रमुख रूप से आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पंजीयन एवं सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

और भी

जशपुर में प्रशासनिक तैयारियों का  एक्शन प्लान: 21 जून योग दिवस, 18 से 20 जून तक जनकल्याण शिविर, शाला प्रवेश उत्सव और सुशासन तिहार पर कलेक्टर रोहित व्यास ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

जशपुरनगर 16 जून 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सोमवार को साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर सभी विकास खंडों के स्कूलों में शाला प्रवेश उत्सव मनाने के निर्देश दिए हैं।

 उत्सव में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने के लिए कहा गया है।
 
 कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में "विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 18 जून से 20 जून 2026 तक तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का पंजीयन एवं लाभ वितरण किया जाएगा। इनमें आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, विभिन्न पेंशन योजनाएं सहित अन्य केंद्र एवं राज्य शासन की प्रमुख योजनाएं शामिल हैं। इस संबंध में कलेक्टर श्री रोहित व्यास द्वारा जिले के सभी कार्यालय प्रमुखों एवं अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जारी निर्देशानुसार जिले के सभी राजस्व अनुभागों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। संबंधित अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को शिविर का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो शिविर के सफल संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार और सभी एसडीएम जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टर ने आगामी 21 जून को अंतराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी के लिए समाज कल्याण विभाग और आयुष विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


  कलेक्टर श्री व्यास ने निर्देश दिए हैं कि शिविर आयोजन से पूर्व ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए मुनादी, कोटवारों के माध्यम से सूचना प्रसारित करने कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों तक जानकारी पहुंच सके और वे शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि वे अपने विभाग से संबंधित योजनाओं के पात्र हितग्राहियों का अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करें तथा उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और पात्र नागरिकों को योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे 18 से 20 जून तक आयोजित होने वाले इन विशेष शिविरों में पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता अनुसार पंजीयन कराकर योजनाओं का लाभ उठाएं।

कलेक्टर ने सुशासन तिहार के प्राप्त आवेदनों का निराकरण गंभीरता से करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के घोषणा का क्रियान्वयन बेहतर तरीके से करने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए गए।

और भी

भाजपा के मासिक बैठक में जिलाध्यक्ष भरत सिंह का स्पष्ट संदेश— बूथ होंगे मजबूत तो संगठन होगा अजेय, हर पदाधिकारी को नियमित प्रवास और बूथ सक्रियता की जिम्मेदारी- ‘मन की बात’ और योग दिवस तक का बना व्यापक रोडमैप

जशपुर/नारायणपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला जशपुर की मासिक जिला पदाधिकारी बैठक जिला कार्यालय में आयोजित हुई, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण रणनीति बनाई गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया तथा सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि भाजपा संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी जिला पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अगले माह की बैठक से पहले अपने निर्धारित मंडलों का नियमित प्रवास करें और बूथ समितियों के गठन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर उन्हें सक्रिय बनाने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर संगठनात्मक गतिविधियां निरंतर संचालित होनी चाहिए ताकि कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच संपर्क मजबूत बना रहे।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक कार्यक्रम "मन की बात" को प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता के साथ सुनने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। साथ ही आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी बूथों में योग कार्यक्रम आयोजित करने तथा बलिदान दिवस पर महान स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ आधारित कार्ययोजना के साथ जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा और जनसंपर्क को प्राथमिकता देनी होगी।

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में बूथ कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने संगठनात्मक समन्वय, सक्रियता और अनुशासन को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने की अपील की।

प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि जिले एवं सभी मंडलों में नियमित बैठकें संगठन को गतिशील बनाए रखने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जितना मजबूत संगठन बूथ स्तर पर होगा, उतनी ही मजबूती के साथ पार्टी आगामी चुनावों में सफलता प्राप्त करेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से नियमित प्रवास, कार्यकर्ताओं के साथ सतत संवाद और संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, आनंद शर्मा, कपिल साय, रीना बरला, संतोष सहाय, संतोष सिंह, राजकपूर भगत, आलोक सारथी, रूपेश सोनी, श्रीनायक मिश्रा, शरद चौरसिया सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

और भी

क्या आदिवासी विकास विभाग में सब कुछ ठीक नहीं? मंडल संयोजक के इस्तीफे से मचा हड़कंप, सहायक आयुक्त पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप, विभाग में बढ़ा विवाद - सहायक आयुक्त बोले— आरोप पूरी तरह निराधार

पत्थलगांव, जशपुर। आदिवासी विकास विभाग में एक बार फिर विवाद सामने आया है। पत्थलगांव विकासखंड में मंडल संयोजक के पद पर पदस्थ परमानंद पैकरा ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए सहायक आयुक्त संजय सिंह पर मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। इस्तीफे के साथ लगाए गए आरोपों ने विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं सहायक आयुक्त ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया है।

मिली जानकारी के अनुसार परमानंद पैकरा लंबे समय से पत्थलगांव विकासखंड में मंडल संयोजक के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने अपने इस्तीफे में उल्लेख किया है कि कार्यकाल के दौरान उन्हें लगातार नौकरी से हटाने की बात कही जाती रही, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान और तनावग्रस्त रहने लगे। उनका कहना है कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बार-बार दबाव और प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

परमानंद पैकरा ने अपने इस्तीफे में यह भी लिखा है कि उन्होंने 16 मार्च 2026 को जशपुर कलेक्टर को एक लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की जानकारी दी थी और हस्तक्षेप की मांग की थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बाद भी किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद परिस्थितियां लगातार उनके खिलाफ बनती चली गईं।

पैकरा का कहना है कि 11 जून को छात्रावास का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की गंभीर कमी या अनियमितता सामने नहीं आई, इसके बावजूद उनके जून माह के वेतन पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया गया। उनका आरोप है कि यह कार्रवाई उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और दबाव बनाने के उद्देश्य से की गई। उन्होंने बताया कि उनका परिवार पूरी तरह उनके वेतन पर निर्भर है और वेतन रुक जाने से आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसी वजह से उन्होंने 14 जून को अपना इस्तीफा देने का फैसला लिया।

मामले के सामने आने के बाद विभागीय हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। कर्मचारियों के बीच भी इस मामले को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग इसे विभागीय तनाव और प्रशासनिक विवाद से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर सहायक आयुक्त संजय सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि परमानंद पैकरा को उनके मूल पद पर भेजने की प्रशासनिक प्रक्रिया चल रही है और उसी के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कर्मचारी के खिलाफ व्यक्तिगत दुर्भावना के आधार पर कार्रवाई नहीं की जाती।

सहायक आयुक्त ने यह भी बताया कि वेतन रोकने की कार्रवाई कलेक्टर द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के बाद लिए गए प्रशासनिक निर्णय के तहत की गई थी। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह विभागीय प्रक्रिया का हिस्सा है और इसे किसी व्यक्ति विशेष से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने मानसिक प्रताड़ना और दबाव बनाए जाने के आरोपों को निराधार और तथ्यहीन बताया।

फिलहाल मंडल संयोजक परमानंद पैकरा के इस्तीफे और उसमें लगाए गए गंभीर आरोपों ने आदिवासी विकास विभाग में नया विवाद खड़ा कर दिया है। मामला अब प्रशासनिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। आने वाले दिनों में यदि मामले की जांच होती है तो कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल सभी की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस पूरे प्रकरण में क्या कदम उठाता है और आरोपों की निष्पक्ष जांच कराता है या नहीं।

परमानंद पैंकरा

संजय सिंह-सहायक आयुक्त-जशपुर

और भी

आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति का संगम, बच्चों में नैतिक मूल्य और आध्यात्मिक चेतना विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर 16 जून 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में दक्षिण कौशल पीठाधीश्वर श्री स्वामी राजीव लोचन दास जी महाराज, निर्वाणी अखाड़ा के श्री महंत सुरेंद्र दास जी महाराज, शदाणी दरबार से श्री उदय लाल जी  तथा कबीर आश्रम सोनपैरी के श्री देवकर साहब जी ने सौजन्य भेंट की।

इस अवसर पर संत-महात्माओं ने छत्तीसगढ़ के विद्यालयों में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों एवं नैतिक शिक्षा से जुड़े पारंपरिक श्लोकों और मंत्रों को पुनः शामिल किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

संतों ने कहा कि पूर्व में विद्यालयों में विद्यार्थियों को "गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु, गुरु देवो महेश्वर" जैसे मंत्रों एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराया जाता था, जिससे बच्चों में संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास होता था। समय के साथ ये परंपराएं शैक्षणिक वातावरण से धीरे-धीरे विलुप्त होती गईं, किंतु अब राज्य सरकार द्वारा इन्हें पुनः स्थापित करने की पहल अत्यंत स्वागतयोग्य है।

संत समाज ने कहा कि विद्यालयों में शांतिपाठ, सरस्वती वंदना, भोजन मंत्र तथा अन्य प्रेरणादायी वैदिक एवं सांस्कृतिक प्रार्थनाओं का समावेश बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे नई पीढ़ी भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जुड़ सकेगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र निर्माण और जीवन मूल्यों के विकास का आधार भी है। हमारी सरकार बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालयों में शांतिपाठ, सरस्वती वंदना, भोजन मंत्र एवं अन्य प्रेरणादायी प्रार्थनाओं के समावेश से विद्यार्थियों में अनुशासन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक चेतना का विकास होगा। यह पहल नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए एक संस्कारित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

संत-महात्माओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को इस पहल के लिए साधुवाद देते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया तथा कहा कि यह निर्णय प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक विरासत को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

और भी

भीषण गर्मी में तालाब बना हाथियों का स्विमिंग पूल! खड़ामाचा में 3 शावकों समेत 7 हाथियों की मस्ती कैमरे में कैद, घंटों चली पानी की अठखेलियां

जशपुर/पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के खड़ामाचा क्षेत्र से हाथियों का एक दुर्लभ और आकर्षक नजारा सामने आया है। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए हाथियों का एक दल तालाब में उतर गया, जहां उन्होंने जमकर जलक्रीड़ा की। इस दौरान हाथियों के नहाने और मस्ती करने का वीडियो सामने आया है, जो अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, पिछले करीब डेढ़ महीने से पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में लगभग 30 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इसी दल से अलग हुए 7 हाथी और शावक खड़ामाचा क्षेत्र के एक तालाब तक पहुंच गए। वीडियो में 3 शावकों समेत 4 हाथी तालाब के भीतर पानी में खेलते और गर्मी से राहत लेते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि रात को कुछ हाथी पेड़ों के सहारे अपनी पीठ खुजलाते दिखाई दे रहे हैं। हाथियों की यह स्वाभाविक गतिविधि वन्यजीव प्रेमियों के लिए किसी दुर्लभ दृश्य से कम नहीं मानी जा रही है। तालाब में शावकों की अठखेलियां और बड़े हाथियों का बेफिक्र अंदाज लोगों को आकर्षित कर रहा है।

 लोगों द्वारा इस पूरे दृश्य को कैमरे में कैद किया गया, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से लोगों के बीच साझा किया जा रहा है। जानकारों के अनुसार, गर्मी के मौसम में हाथी अक्सर जल स्रोतों के आसपास समय बिताते हैं और अपने शरीर का तापमान नियंत्रित करने के लिए पानी में स्नान करते हैं।

इधर वन विभाग भी क्षेत्र में मौजूद हाथियों के दल की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। विभाग के अधिकारी हाथियों की लोकेशन और मूवमेंट की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी संभावित मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति से बचा जा सके।

खड़ामाचा में सामने आया यह दृश्य न केवल प्रकृति की खूबसूरती को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि जंगलों में उपलब्ध जल स्रोत वन्यजीवों के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं। हाथियों की इस अनोखी जलक्रीड़ा ने क्षेत्रवासियों को रोमांचित कर दिया है।

और भी

बिजली बिल बढ़ा, लेकिन राहत भी बरकरार! छत्तीसगढ़ में 1 जुलाई से नई टैरिफ दरें लागू, मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत योजना से लाखों उपभोक्ताओं को देगी बड़ी राहत

रायपुर, 16 जून 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई बिजली दरों की घोषणा की गई है। नई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी। आयोग ने बिजली शुल्क में औसतन 6.23 प्रतिशत की वृद्धि की है। आयोग का कहना है कि पिछले वर्षों में बढ़ी महंगाई, कोयला, बिजली उत्पादन और आपूर्ति लागत तथा पूर्व वर्षों के घाटे की भरपाई को देखते हुए यह मामूली वृद्धि, जरूरी और न्यायसंगत है।

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में औसतन 30 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। हालांकि उपभोग के अलग-अलग स्लैब के अनुसार यह बढ़ोतरी 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक रहेगी। शून्य से 200 यूनिट तक खपत करने वाले उपभोक्ताओं के लिए 30 पैसे प्रति यूनिट, 201 से 600 यूनिट तक खपत करने वालों के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट तथा 600 यूनिट से अधिक खपत पर 50 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि निर्धारित की गई है। राज्य के लाखों परिवारों पर बढ़े हुए टैरिफ का वास्तविक प्रभाव केवल 15 से 20 पैसे प्रति यूनिट के आसपास होगा। टैरिफ वृ द्धि करते समय आयोग ने आम जनता और निम्न आय वर्ग के हितों का ध्यान रखा है। 

सरकार की मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत योजना के तहत 400 यूनिट तक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक की खपत पर आधा बिजली बिल देने की सुविधा मिल रही है। ऐसे में बड़ी संख्या में निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों पर वास्तविक अतिरिक्त भार अपेक्षाकृत कम रहेगा। अनुमान है कि इन उपभोक्ताओं के बिल पर प्रभाव औसतन केवल 15 से 20 पैसे प्रति यूनिट के बराबर होगा।

इसी प्रकार 201 से 600 यूनिट तक बिजली उपयोग करने वाले कई उपभोक्ता पीएम सूर्यघर योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाकर अपनी ग्रिड आधारित खपत 400 यूनिट के भीतर कर रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं पर भी बढ़ोतरी का प्रभाव बहुत ही कम होने की संभावना है।

गैर-घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं की बिजली दरों में औसतन 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। वहीं कृषि पंपों के लिए दरों में 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी घोषित की गई है। हालांकि कृषि उपभोक्ताओं को राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी के कारण इस वृद्धि का सीधा प्रभाव किसानों पर नहीं होगा।

उच्च दाब (एचटी) श्रेणी के औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए भी बिजली शुल्क में संशोधन किया गया है। 220 केवी और 132 केवी श्रेणी में ऊर्जा प्रभार में 30 पैसे प्रति यूनिट तथा डिमांड चार्ज में 25 रुपये प्रति केवीए की वृद्धि की गई है। 33 केवी श्रेणी में 40 पैसे प्रति यूनिट और 11 केवी श्रेणी में 30 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी लागू होगी।

नई टैरिफ व्यवस्था में कुछ विशेष रियायतें भी दी गई हैं। बस्तर और सरगुजा क्षेत्र के आदिवासी विकास प्राधिकरण क्षेत्रों में स्थित छात्रावासों को व्यावसायिक श्रेणी के बजाय घरेलू श्रेणी में शामिल कर राहत प्रदान की गई है। इसके अलावा विलंबित भुगतान अधिभार की व्यवस्था को भी उपभोक्ता हित में सरल बनाया गया है। अब अतिरिक्त शुल्क केवल वास्तविक विलंब अवधि के आधार पर लगेगा। घरेलू और गैर-घरेलू श्रेणी के 10 किलोवाट से अधिक भार वाले उपभोक्ताओं को ऑफ-पीक अवधि में बिजली उपयोग करने पर 20 पैसे प्रति यूनिट की छूट भी मिलेगी।

आयोग के अनुसार संशोधित दरों के बावजूद छत्तीसगढ़ में बिजली शुल्क पड़ोसी राज्यों मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और झारखंड की तुलना में अभी भी कम है। ऐसे में राज्य में उपभोक्ताओं और उद्योगों के लिए बिजली दरें प्रतिस्पर्धी बनी रहेंगी। कुल मिलाकर, बिजली दरों में वृद्धि जरूर हुई है, लेकिन राहत योजनाओं, सब्सिडी और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने वाली नीतियों के कारण आम घरेलू उपभोक्ताओं पर इसका प्रभाव अपेक्षाकृत कम होगा।

और भी

राशिफल: किस राशि पर बरसेगी किस्मत की मेहरबानी, किसे रहना होगा सतर्क और किसके लिए खुलेंगे सफलता के नए द्वार?

♈ मेष राशि

आज का दिन ऊर्जा और आत्मविश्वास से भरपूर रहेगा। कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। नौकरीपेशा लोगों को वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। व्यापार में रुकी हुई योजनाएं गति पकड़ सकती हैं। आर्थिक स्थिति सामान्य से बेहतर रहेगी। परिवार में किसी शुभ समाचार से खुशी का माहौल बनेगा। विद्यार्थियों के लिए मेहनत का फल मिलने के संकेत हैं। स्वास्थ्य में पेट संबंधी समस्याओं से सावधानी रखें।

शुभ रंग: लाल
शुभ अंक: 9

♉ वृषभ राशि

आज धैर्य और समझदारी से काम लेने की आवश्यकता है। किसी पुराने मित्र या रिश्तेदार से मुलाकात हो सकती है। नौकरी में बदलाव की सोच रहे लोगों को अच्छे अवसर मिल सकते हैं। व्यापार में निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल कर लें। पारिवारिक मामलों में आपकी सलाह महत्वपूर्ण साबित होगी। दांपत्य जीवन मधुर रहेगा।

शुभ रंग: सफेद
शुभ अंक: 6

♊ मिथुन राशि

आज आपकी वाणी और बुद्धिमत्ता आपको सफलता दिलाएगी। कार्यक्षेत्र में नए संपर्क बनेंगे जो भविष्य में लाभदायक रहेंगे। आर्थिक मामलों में सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। विद्यार्थियों के लिए दिन अनुकूल है। प्रेम संबंधों में पारदर्शिता बनाए रखें। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।

शुभ रंग: हरा
शुभ अंक: 5

♋ कर्क राशि

भावनात्मक संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा। परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। नौकरी में पदोन्नति या प्रशंसा मिलने के संकेत हैं। व्यापारियों को लाभदायक सौदे मिल सकते हैं। संपत्ति संबंधी मामलों में प्रगति होगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन तनाव से बचें।

शुभ रंग: क्रीम
शुभ अंक: 2

♌ सिंह राशि

आज नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए दिन विशेष लाभकारी है। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। व्यापार में विस्तार की योजनाएं सफल हो सकती हैं। परिवार में सम्मान बढ़ेगा। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी।

शुभ रंग: सुनहरा
शुभ अंक: 1

♍ कन्या राशि

आज कार्यों में व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ने पर सफलता मिलेगी। नौकरी में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। व्यापार में लाभ के अवसर प्राप्त होंगे। किसी पुराने विवाद का समाधान निकल सकता है। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न करें।

शुभ रंग: हरा
शुभ अंक: 7

♎ तुला राशि

आज संतुलित दृष्टिकोण आपको लाभ दिलाएगा। साझेदारी के कार्यों में सफलता मिलने के योग हैं। आर्थिक मामलों में सुधार होगा। परिवार के साथ आनंददायक समय व्यतीत करेंगे। अविवाहित लोगों के लिए विवाह प्रस्ताव आ सकते हैं। यात्रा के योग बन रहे हैं।

शुभ रंग: गुलाबी
शुभ अंक: 6

♏ वृश्चिक राशि

आज साहस और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। कार्यक्षेत्र में प्रतिस्पर्धियों पर बढ़त बना सकते हैं। व्यापार में लाभ के अच्छे अवसर मिलेंगे। परिवार में किसी सदस्य की उपलब्धि से गर्व महसूस होगा। निवेश के लिए समय अनुकूल है, लेकिन सोच-समझकर निर्णय लें।

शुभ रंग: लाल
शुभ अंक: 8

♐ धनु राशि

भाग्य का साथ मिलने से कई कार्य आसानी से पूरे होंगे। धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी। नौकरी में नई संभावनाएं बन सकती हैं। व्यापार में विस्तार के अवसर मिलेंगे। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा।

शुभ रंग: पीला
शुभ अंक: 3

♑ मकर राशि

आज मेहनत का पूरा फल मिलने की संभावना है। कार्यक्षेत्र में आपके प्रयासों की सराहना होगी। आर्थिक मामलों में सावधानी बरतें और अनावश्यक खर्च से बचें। पारिवारिक जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन पर्याप्त आराम करें।

शुभ रंग: नीला
शुभ अंक: 8

♒ कुंभ राशि

आज नए विचार और योजनाएं सफलता दिला सकती हैं। नौकरी और व्यवसाय दोनों में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। मित्रों और सहयोगियों का साथ मिलेगा। आर्थिक लाभ के योग बन रहे हैं। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। प्रेम जीवन में खुशियां आएंगी।

शुभ रंग: आसमानी
शुभ अंक: 4

♓ मीन राशि

आज रचनात्मक कार्यों में सफलता मिलेगी। कार्यक्षेत्र में नई उपलब्धियां प्राप्त हो सकती हैं। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। परिवार का सहयोग मिलेगा। किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति से मुलाकात भविष्य के लिए लाभदायक सिद्ध हो सकती है। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।

शुभ रंग: पीला
शुभ अंक: 7

16 जून 2026 का दिन अधिकांश राशियों के लिए प्रगति, नई संभावनाओं और सकारात्मक बदलावों का संकेत दे रहा है। धैर्य, संयम और सही समय पर सही निर्णय लेने से सफलता के अवसर बढ़ेंगे।

और भी