ताजा खबरें


बड़ी खबर

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता मोतीपुर पंचायत का विकास मॉडल अब जशपुर में बनेगा मिसाल, बिहार से सीखकर लौटे 43 जनप्रतिनिधि और अधिकारी

जशपुरनगर 16 जून 2026/ ग्राम पंचायतों को सशक्त, आत्मनिर्भर और आदर्श बनाने की दिशा में जशपुर जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पंचायत विकास, जनभागीदारी, स्वच्छता एवं ग्रामीण अधोसंरचना के उत्कृष्ट मॉडल का अध्ययन करने के उद्देश्य से जिले का 43 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल बिहार राज्य के समस्तीपुर जिले के रोसड़ा विकासखंड स्थित राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त मोतीपुर ग्राम पंचायत के अध्ययन भ्रमण पर गया। यह भ्रमण 11 जून से 14 जून 2026 तक आयोजित किया गया। इस अध्ययन भ्रमण में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े अधिकारी - कर्मचारियों के साथ 15 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव शामिल हुए। प्रतिनिधिमंडल में डिप्टी डायरेक्टर पंचायत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, एसडीओ, सब इंजीनियर, फैकल्टी मेंबर, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन, ब्लॉक समन्वयक तथा अन्य अधिकारी भी शामिल रहे। मोतीपुर ग्राम पंचायत को पंचायत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए तीन बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। पंचायत की मुखिया श्रीमती प्रेमा देवी के नेतृत्व में यहां किए गए नवाचार और विकास कार्य देशभर की पंचायतों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हुए हैं। इसी कारण विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधिमंडल समय-समय पर यहां पहुंचकर पंचायत के विकास मॉडल का अध्ययन करते हैं।

      अध्ययन भ्रमण के दौरान जशपुर के प्रतिनिधिमंडल ने पंचायत में विकसित स्मार्ट स्कूल, सुव्यवस्थित बाजार, छठ घाट, मुक्ति धाम, अमृत सरोवर, स्वच्छता प्रबंधन, सौंदर्यीकरण कार्य, जल संरक्षण संरचनाओं एवं सामुदायिक विकास परियोजनाओं का अवलोकन किया। साथ ही योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसहभागिता, संसाधनों के बेहतर उपयोग और पंचायत स्तर पर नवाचारों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मोतीपुर ग्राम पंचायत की ओर से जशपुर के प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने विकास यात्रा एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की तथा सभी सदस्यों को सम्मान स्वरूप टोपी, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए। अध्ययन भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने पंचायत संचालन की व्यवस्थाओं, स्वच्छता मॉडल, सामुदायिक सहभागिता एवं स्थानीय संसाधनों के उपयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि मोतीपुर पंचायत ने यह साबित किया है कि जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से गांवों को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

       प्रतिनिधिमंडल में शामिल सरपंचों एवं सचिवों ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायतों में लौटकर मोतीपुर पंचायत के सफल मॉडल का अध्ययन कर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नवाचारों को लागू करेंगे। विशेष रूप से स्वच्छता, जल संरक्षण, शिक्षा, अधोसंरचना विकास, सामुदायिक सहभागिता एवं ग्राम सौंदर्यीकरण के क्षेत्र में बेहतर कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि इस अध्ययन भ्रमण से उन्हें पंचायतों के समग्र विकास की नई दिशा मिली है। इससे प्राप्त अनुभवों के आधार पर जशपुर जिले की ग्राम पंचायतों में भी नवाचार आधारित विकास कार्यों को बढ़ावा मिलेगा और पंचायतें आत्मनिर्भर एवं आदर्श ग्राम निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकेंगी। अध्ययन भ्रमण से लौटे सभी सदस्यों ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम पंचायत प्रतिनिधियों की क्षमता वृद्धि एवं विकास की नई सोच विकसित करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के अध्ययन भ्रमण आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई, ताकि पंचायतों में उत्कृष्ट कार्यों को बढ़ावा मिल सके और ग्रामीण विकास को नई गति प्राप्त हो।

और भी

जनसंपर्क विभाग की पहलः जशपुर में भव्य फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जा रही मोदी सरकार के 12 वर्षों की विकास, सुशासन और जनकल्याण की गाथा

जशपुरनगर 16 जून 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क विभाग द्वारा तीन दिवसीय भव्य फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। जशपुरनगर के रणजीता स्टेडियम के सामने जुदेव चौक में 16 जून से 18 जून 2026 तक आयोजित प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए ऐतिहासिक विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में किए गए प्रयासों को आकर्षक छायाचित्रों एवं जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ आज पद्मश्री श्री जागेश्वर यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, उपाध्यक्ष श्री यशप्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगा राम भगत, वरिष्ठ नागरिक श्री कृष्णा राय, भरत सिंह, श्री ओमप्रकाश सिन्हा, श्री मुकेश शर्मा, श्री नरेश नंदे, श्री उपेंद्र यादव, श्री मुकेश सोनी, श्री रुपेश सोनी, श्री संतोष सिंह, पार्षद श्री फैजान सरवर खान, श्रीमति शैलेन्द्री यादव, श्री देवधन नायक, प्रिया सिंग, अनुज भगत और विनोद निकुंज सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में हुए परिवर्तनकारी कार्यों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इसमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को प्रदान की गई आर्थिक सहायता, कृषि क्षेत्र में सुधार, ई-नाम प्लेटफॉर्म के माध्यम से कृषि विपणन को बढ़ावा, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, डिजिटल इंडिया अभियान, लखपति दीदी योजना तथा विकसित भारत संकल्प अभियान जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की उपलब्धियों को दर्शाया गया है। प्रदर्शनी स्थल पर स्थापित एलईडी स्क्रीन के माध्यम से शासन की योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितकारी पहलों पर आधारित वृत्तचित्रों का प्रदर्शन किया जा रहा है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

        इस अवसर पर मुख्य अतिथि पद्मश्री श्री जागेश्वर यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है। जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों में देश में विकास की नई धारा प्रवाहित हुई है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है। उन्होंने कहा कि ऐसी फोटो प्रदर्शनी आमजन को शासन की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं से अवगत कराने का प्रभावी माध्यम है।


       फोटो प्रदर्शनी में देश की आधारभूत संरचना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले कार्यों को भी विशेष स्थान दिया गया है। इसमें विश्व के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज, समुद्र पर निर्मित अटल सेतु, राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के विस्तार, वंदे भारत ट्रेनों, सेमीकंडक्टर निर्माण, डिजिटल क्रांति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में देश की सुरक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए किए गए कार्यों को भी दर्शाया गया है। स्वदेशी रक्षा उत्पादन, रक्षा निर्यात में रिकॉर्ड वृद्धि तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत रक्षा क्षेत्र में हुए नवाचारों की जानकारी आमजन को दी जा रही है। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा हितग्राहियों की प्रेरक सफलता की कहानियों को भी प्रदर्शनी में शामिल किया गया है। रंगीन छायाचित्रों, आंकड़ों, ग्राफिक्स और सूचना पटलों के माध्यम से योजनाओं के प्रभाव और उपलब्धियों को सरल एवं आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।


      जनसंपर्क विभाग द्वारा इस अवसर पर ‘जनमन’ पत्रिका, ‘सुशासन के नवीन आयाम’ सहित विभिन्न प्रचार-प्रसार सामग्री का भी निःशुल्क वितरण किया जा रहा है। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवाओं, किसानों और आम नागरिकों की विशेष भागीदारी देखने को मिल रही है। जिला प्रशासन एवं जनसंपर्क विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन कर केंद्र एवं राज्य शासन की जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा देश की उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करें और इस जनजागरूकता अभियान का हिस्सा बनें।

और भी

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर जशपुर में जनकल्याण का महाअभियान, 18 से 20 जून तक लगेंगे वृहद पंजीकरण शिविर, एक ही स्थान पर मिलेंगी केंद्र और राज्य सरकार की दर्जनों योजनाओं की सुविधाएं

जशपुरनगर, 16 जून 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में "विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" अभियान के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की समस्त जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 18 जून से 20 जून 2026 तक जनपद कार्यालय जशपुर में वृहद पंजीकरण शिविर आयोजित किया जाएगा। 
       शिविर में तहसील जशपुर एवं तहसील मनोरा क्षेत्र के समस्त ग्रामवासी शामिल होकर विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। शिविर का संचालन प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 3:00 बजे तक किया जाएगा। शिविर में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत नए पंजीयन, त्रुटि सुधार, पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण तथा योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर के दौरान प्रमुख रूप से आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, विभिन्न पेंशन योजनाओं सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए पंजीयन एवं सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

और भी

जशपुर में प्रशासनिक तैयारियों का  एक्शन प्लान: 21 जून योग दिवस, 18 से 20 जून तक जनकल्याण शिविर, शाला प्रवेश उत्सव और सुशासन तिहार पर कलेक्टर रोहित व्यास ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

जशपुरनगर 16 जून 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सोमवार को साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर सभी विकास खंडों के स्कूलों में शाला प्रवेश उत्सव मनाने के निर्देश दिए हैं।

 उत्सव में जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित करने के लिए कहा गया है।
 
 कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में "विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 18 जून से 20 जून 2026 तक तीन दिवसीय वृहद पंजीकरण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों का पंजीयन एवं लाभ वितरण किया जाएगा। इनमें आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, विभिन्न पेंशन योजनाएं सहित अन्य केंद्र एवं राज्य शासन की प्रमुख योजनाएं शामिल हैं। इस संबंध में कलेक्टर श्री रोहित व्यास द्वारा जिले के सभी कार्यालय प्रमुखों एवं अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व) को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। जारी निर्देशानुसार जिले के सभी राजस्व अनुभागों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। संबंधित अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को शिविर का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो शिविर के सफल संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार और सभी एसडीएम जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टर ने आगामी 21 जून को अंतराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारी के लिए समाज कल्याण विभाग और आयुष विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


  कलेक्टर श्री व्यास ने निर्देश दिए हैं कि शिविर आयोजन से पूर्व ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए मुनादी, कोटवारों के माध्यम से सूचना प्रसारित करने कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों तक जानकारी पहुंच सके और वे शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि वे अपने विभाग से संबंधित योजनाओं के पात्र हितग्राहियों का अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करें तथा उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और पात्र नागरिकों को योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे 18 से 20 जून तक आयोजित होने वाले इन विशेष शिविरों में पहुंचकर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा पात्रता अनुसार पंजीयन कराकर योजनाओं का लाभ उठाएं।

कलेक्टर ने सुशासन तिहार के प्राप्त आवेदनों का निराकरण गंभीरता से करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के घोषणा का क्रियान्वयन बेहतर तरीके से करने के निर्देश सभी अधिकारियों को दिए गए।

और भी

भाजपा के मासिक बैठक में जिलाध्यक्ष भरत सिंह का स्पष्ट संदेश— बूथ होंगे मजबूत तो संगठन होगा अजेय, हर पदाधिकारी को नियमित प्रवास और बूथ सक्रियता की जिम्मेदारी- ‘मन की बात’ और योग दिवस तक का बना व्यापक रोडमैप

जशपुर/नारायणपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला जशपुर की मासिक जिला पदाधिकारी बैठक जिला कार्यालय में आयोजित हुई, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण रणनीति बनाई गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया तथा सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि भाजपा संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी जिला पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अगले माह की बैठक से पहले अपने निर्धारित मंडलों का नियमित प्रवास करें और बूथ समितियों के गठन का कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर उन्हें सक्रिय बनाने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर संगठनात्मक गतिविधियां निरंतर संचालित होनी चाहिए ताकि कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच संपर्क मजबूत बना रहे।

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक कार्यक्रम "मन की बात" को प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों की सहभागिता के साथ सुनने की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। साथ ही आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी बूथों में योग कार्यक्रम आयोजित करने तथा बलिदान दिवस पर महान स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ आधारित कार्ययोजना के साथ जनता के बीच लगातार सक्रिय रहना होगा और जनसंपर्क को प्राथमिकता देनी होगी।

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में बूथ कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने संगठनात्मक समन्वय, सक्रियता और अनुशासन को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने की अपील की।

प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि जिले एवं सभी मंडलों में नियमित बैठकें संगठन को गतिशील बनाए रखने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जितना मजबूत संगठन बूथ स्तर पर होगा, उतनी ही मजबूती के साथ पार्टी आगामी चुनावों में सफलता प्राप्त करेगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से नियमित प्रवास, कार्यकर्ताओं के साथ सतत संवाद और संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, आनंद शर्मा, कपिल साय, रीना बरला, संतोष सहाय, संतोष सिंह, राजकपूर भगत, आलोक सारथी, रूपेश सोनी, श्रीनायक मिश्रा, शरद चौरसिया सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

और भी

क्या आदिवासी विकास विभाग में सब कुछ ठीक नहीं? मंडल संयोजक के इस्तीफे से मचा हड़कंप, सहायक आयुक्त पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप, विभाग में बढ़ा विवाद - सहायक आयुक्त बोले— आरोप पूरी तरह निराधार

पत्थलगांव, जशपुर। आदिवासी विकास विभाग में एक बार फिर विवाद सामने आया है। पत्थलगांव विकासखंड में मंडल संयोजक के पद पर पदस्थ परमानंद पैकरा ने अपने पद से इस्तीफा देते हुए सहायक आयुक्त संजय सिंह पर मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। इस्तीफे के साथ लगाए गए आरोपों ने विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं सहायक आयुक्त ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इसे प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया है।

मिली जानकारी के अनुसार परमानंद पैकरा लंबे समय से पत्थलगांव विकासखंड में मंडल संयोजक के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने अपने इस्तीफे में उल्लेख किया है कि कार्यकाल के दौरान उन्हें लगातार नौकरी से हटाने की बात कही जाती रही, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान और तनावग्रस्त रहने लगे। उनका कहना है कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बार-बार दबाव और प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।

परमानंद पैकरा ने अपने इस्तीफे में यह भी लिखा है कि उन्होंने 16 मार्च 2026 को जशपुर कलेक्टर को एक लिखित शिकायत सौंपकर पूरे मामले की जानकारी दी थी और हस्तक्षेप की मांग की थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बाद भी किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद परिस्थितियां लगातार उनके खिलाफ बनती चली गईं।

पैकरा का कहना है कि 11 जून को छात्रावास का निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की गंभीर कमी या अनियमितता सामने नहीं आई, इसके बावजूद उनके जून माह के वेतन पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया गया। उनका आरोप है कि यह कार्रवाई उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और दबाव बनाने के उद्देश्य से की गई। उन्होंने बताया कि उनका परिवार पूरी तरह उनके वेतन पर निर्भर है और वेतन रुक जाने से आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसी वजह से उन्होंने 14 जून को अपना इस्तीफा देने का फैसला लिया।

मामले के सामने आने के बाद विभागीय हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। कर्मचारियों के बीच भी इस मामले को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग इसे विभागीय तनाव और प्रशासनिक विवाद से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर सहायक आयुक्त संजय सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि परमानंद पैकरा को उनके मूल पद पर भेजने की प्रशासनिक प्रक्रिया चल रही है और उसी के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कर्मचारी के खिलाफ व्यक्तिगत दुर्भावना के आधार पर कार्रवाई नहीं की जाती।

सहायक आयुक्त ने यह भी बताया कि वेतन रोकने की कार्रवाई कलेक्टर द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के बाद लिए गए प्रशासनिक निर्णय के तहत की गई थी। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह विभागीय प्रक्रिया का हिस्सा है और इसे किसी व्यक्ति विशेष से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने मानसिक प्रताड़ना और दबाव बनाए जाने के आरोपों को निराधार और तथ्यहीन बताया।

फिलहाल मंडल संयोजक परमानंद पैकरा के इस्तीफे और उसमें लगाए गए गंभीर आरोपों ने आदिवासी विकास विभाग में नया विवाद खड़ा कर दिया है। मामला अब प्रशासनिक स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। आने वाले दिनों में यदि मामले की जांच होती है तो कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। फिलहाल सभी की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस पूरे प्रकरण में क्या कदम उठाता है और आरोपों की निष्पक्ष जांच कराता है या नहीं।

परमानंद पैंकरा

संजय सिंह-सहायक आयुक्त-जशपुर

और भी

आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति का संगम, बच्चों में नैतिक मूल्य और आध्यात्मिक चेतना विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर 16 जून 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में दक्षिण कौशल पीठाधीश्वर श्री स्वामी राजीव लोचन दास जी महाराज, निर्वाणी अखाड़ा के श्री महंत सुरेंद्र दास जी महाराज, शदाणी दरबार से श्री उदय लाल जी  तथा कबीर आश्रम सोनपैरी के श्री देवकर साहब जी ने सौजन्य भेंट की।

इस अवसर पर संत-महात्माओं ने छत्तीसगढ़ के विद्यालयों में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों एवं नैतिक शिक्षा से जुड़े पारंपरिक श्लोकों और मंत्रों को पुनः शामिल किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

संतों ने कहा कि पूर्व में विद्यालयों में विद्यार्थियों को "गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु, गुरु देवो महेश्वर" जैसे मंत्रों एवं भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराया जाता था, जिससे बच्चों में संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का विकास होता था। समय के साथ ये परंपराएं शैक्षणिक वातावरण से धीरे-धीरे विलुप्त होती गईं, किंतु अब राज्य सरकार द्वारा इन्हें पुनः स्थापित करने की पहल अत्यंत स्वागतयोग्य है।

संत समाज ने कहा कि विद्यालयों में शांतिपाठ, सरस्वती वंदना, भोजन मंत्र तथा अन्य प्रेरणादायी वैदिक एवं सांस्कृतिक प्रार्थनाओं का समावेश बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे नई पीढ़ी भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जुड़ सकेगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र निर्माण और जीवन मूल्यों के विकास का आधार भी है। हमारी सरकार बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालयों में शांतिपाठ, सरस्वती वंदना, भोजन मंत्र एवं अन्य प्रेरणादायी प्रार्थनाओं के समावेश से विद्यार्थियों में अनुशासन, सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक चेतना का विकास होगा। यह पहल नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हुए एक संस्कारित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

संत-महात्माओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को इस पहल के लिए साधुवाद देते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया तथा कहा कि यह निर्णय प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और आध्यात्मिक विरासत को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

और भी

भीषण गर्मी में तालाब बना हाथियों का स्विमिंग पूल! खड़ामाचा में 3 शावकों समेत 7 हाथियों की मस्ती कैमरे में कैद, घंटों चली पानी की अठखेलियां

जशपुर/पत्थलगांव। जशपुर जिले के पत्थलगांव वन परिक्षेत्र के खड़ामाचा क्षेत्र से हाथियों का एक दुर्लभ और आकर्षक नजारा सामने आया है। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए हाथियों का एक दल तालाब में उतर गया, जहां उन्होंने जमकर जलक्रीड़ा की। इस दौरान हाथियों के नहाने और मस्ती करने का वीडियो सामने आया है, जो अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, पिछले करीब डेढ़ महीने से पत्थलगांव वन परिक्षेत्र में लगभग 30 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इसी दल से अलग हुए 7 हाथी और शावक खड़ामाचा क्षेत्र के एक तालाब तक पहुंच गए। वीडियो में 3 शावकों समेत 4 हाथी तालाब के भीतर पानी में खेलते और गर्मी से राहत लेते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि रात को कुछ हाथी पेड़ों के सहारे अपनी पीठ खुजलाते दिखाई दे रहे हैं। हाथियों की यह स्वाभाविक गतिविधि वन्यजीव प्रेमियों के लिए किसी दुर्लभ दृश्य से कम नहीं मानी जा रही है। तालाब में शावकों की अठखेलियां और बड़े हाथियों का बेफिक्र अंदाज लोगों को आकर्षित कर रहा है।

 लोगों द्वारा इस पूरे दृश्य को कैमरे में कैद किया गया, जिसके बाद यह वीडियो तेजी से लोगों के बीच साझा किया जा रहा है। जानकारों के अनुसार, गर्मी के मौसम में हाथी अक्सर जल स्रोतों के आसपास समय बिताते हैं और अपने शरीर का तापमान नियंत्रित करने के लिए पानी में स्नान करते हैं।

इधर वन विभाग भी क्षेत्र में मौजूद हाथियों के दल की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। विभाग के अधिकारी हाथियों की लोकेशन और मूवमेंट की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी संभावित मानव-हाथी संघर्ष की स्थिति से बचा जा सके।

खड़ामाचा में सामने आया यह दृश्य न केवल प्रकृति की खूबसूरती को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि जंगलों में उपलब्ध जल स्रोत वन्यजीवों के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं। हाथियों की इस अनोखी जलक्रीड़ा ने क्षेत्रवासियों को रोमांचित कर दिया है।

और भी

बिजली बिल बढ़ा, लेकिन राहत भी बरकरार! छत्तीसगढ़ में 1 जुलाई से नई टैरिफ दरें लागू, मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत योजना से लाखों उपभोक्ताओं को देगी बड़ी राहत

रायपुर, 16 जून 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई बिजली दरों की घोषणा की गई है। नई दरें 1 जुलाई 2026 से लागू होंगी। आयोग ने बिजली शुल्क में औसतन 6.23 प्रतिशत की वृद्धि की है। आयोग का कहना है कि पिछले वर्षों में बढ़ी महंगाई, कोयला, बिजली उत्पादन और आपूर्ति लागत तथा पूर्व वर्षों के घाटे की भरपाई को देखते हुए यह मामूली वृद्धि, जरूरी और न्यायसंगत है।

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में औसतन 30 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। हालांकि उपभोग के अलग-अलग स्लैब के अनुसार यह बढ़ोतरी 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक रहेगी। शून्य से 200 यूनिट तक खपत करने वाले उपभोक्ताओं के लिए 30 पैसे प्रति यूनिट, 201 से 600 यूनिट तक खपत करने वालों के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट तथा 600 यूनिट से अधिक खपत पर 50 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि निर्धारित की गई है। राज्य के लाखों परिवारों पर बढ़े हुए टैरिफ का वास्तविक प्रभाव केवल 15 से 20 पैसे प्रति यूनिट के आसपास होगा। टैरिफ वृ द्धि करते समय आयोग ने आम जनता और निम्न आय वर्ग के हितों का ध्यान रखा है। 

सरकार की मुख्यमंत्री ऊर्जा राहत योजना के तहत 400 यूनिट तक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक की खपत पर आधा बिजली बिल देने की सुविधा मिल रही है। ऐसे में बड़ी संख्या में निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों पर वास्तविक अतिरिक्त भार अपेक्षाकृत कम रहेगा। अनुमान है कि इन उपभोक्ताओं के बिल पर प्रभाव औसतन केवल 15 से 20 पैसे प्रति यूनिट के बराबर होगा।

इसी प्रकार 201 से 600 यूनिट तक बिजली उपयोग करने वाले कई उपभोक्ता पीएम सूर्यघर योजना के तहत रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाकर अपनी ग्रिड आधारित खपत 400 यूनिट के भीतर कर रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं पर भी बढ़ोतरी का प्रभाव बहुत ही कम होने की संभावना है।

गैर-घरेलू श्रेणी के उपभोक्ताओं की बिजली दरों में औसतन 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। वहीं कृषि पंपों के लिए दरों में 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी घोषित की गई है। हालांकि कृषि उपभोक्ताओं को राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी के कारण इस वृद्धि का सीधा प्रभाव किसानों पर नहीं होगा।

उच्च दाब (एचटी) श्रेणी के औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए भी बिजली शुल्क में संशोधन किया गया है। 220 केवी और 132 केवी श्रेणी में ऊर्जा प्रभार में 30 पैसे प्रति यूनिट तथा डिमांड चार्ज में 25 रुपये प्रति केवीए की वृद्धि की गई है। 33 केवी श्रेणी में 40 पैसे प्रति यूनिट और 11 केवी श्रेणी में 30 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी लागू होगी।

नई टैरिफ व्यवस्था में कुछ विशेष रियायतें भी दी गई हैं। बस्तर और सरगुजा क्षेत्र के आदिवासी विकास प्राधिकरण क्षेत्रों में स्थित छात्रावासों को व्यावसायिक श्रेणी के बजाय घरेलू श्रेणी में शामिल कर राहत प्रदान की गई है। इसके अलावा विलंबित भुगतान अधिभार की व्यवस्था को भी उपभोक्ता हित में सरल बनाया गया है। अब अतिरिक्त शुल्क केवल वास्तविक विलंब अवधि के आधार पर लगेगा। घरेलू और गैर-घरेलू श्रेणी के 10 किलोवाट से अधिक भार वाले उपभोक्ताओं को ऑफ-पीक अवधि में बिजली उपयोग करने पर 20 पैसे प्रति यूनिट की छूट भी मिलेगी।

आयोग के अनुसार संशोधित दरों के बावजूद छत्तीसगढ़ में बिजली शुल्क पड़ोसी राज्यों मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और झारखंड की तुलना में अभी भी कम है। ऐसे में राज्य में उपभोक्ताओं और उद्योगों के लिए बिजली दरें प्रतिस्पर्धी बनी रहेंगी। कुल मिलाकर, बिजली दरों में वृद्धि जरूर हुई है, लेकिन राहत योजनाओं, सब्सिडी और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने वाली नीतियों के कारण आम घरेलू उपभोक्ताओं पर इसका प्रभाव अपेक्षाकृत कम होगा।

और भी

राशिफल: किस राशि पर बरसेगी किस्मत की मेहरबानी, किसे रहना होगा सतर्क और किसके लिए खुलेंगे सफलता के नए द्वार?

♈ मेष राशि

आज का दिन ऊर्जा और आत्मविश्वास से भरपूर रहेगा। कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। नौकरीपेशा लोगों को वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। व्यापार में रुकी हुई योजनाएं गति पकड़ सकती हैं। आर्थिक स्थिति सामान्य से बेहतर रहेगी। परिवार में किसी शुभ समाचार से खुशी का माहौल बनेगा। विद्यार्थियों के लिए मेहनत का फल मिलने के संकेत हैं। स्वास्थ्य में पेट संबंधी समस्याओं से सावधानी रखें।

शुभ रंग: लाल
शुभ अंक: 9

♉ वृषभ राशि

आज धैर्य और समझदारी से काम लेने की आवश्यकता है। किसी पुराने मित्र या रिश्तेदार से मुलाकात हो सकती है। नौकरी में बदलाव की सोच रहे लोगों को अच्छे अवसर मिल सकते हैं। व्यापार में निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल कर लें। पारिवारिक मामलों में आपकी सलाह महत्वपूर्ण साबित होगी। दांपत्य जीवन मधुर रहेगा।

शुभ रंग: सफेद
शुभ अंक: 6

♊ मिथुन राशि

आज आपकी वाणी और बुद्धिमत्ता आपको सफलता दिलाएगी। कार्यक्षेत्र में नए संपर्क बनेंगे जो भविष्य में लाभदायक रहेंगे। आर्थिक मामलों में सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। विद्यार्थियों के लिए दिन अनुकूल है। प्रेम संबंधों में पारदर्शिता बनाए रखें। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।

शुभ रंग: हरा
शुभ अंक: 5

♋ कर्क राशि

भावनात्मक संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा। परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा। नौकरी में पदोन्नति या प्रशंसा मिलने के संकेत हैं। व्यापारियों को लाभदायक सौदे मिल सकते हैं। संपत्ति संबंधी मामलों में प्रगति होगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन तनाव से बचें।

शुभ रंग: क्रीम
शुभ अंक: 2

♌ सिंह राशि

आज नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए दिन विशेष लाभकारी है। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। व्यापार में विस्तार की योजनाएं सफल हो सकती हैं। परिवार में सम्मान बढ़ेगा। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी।

शुभ रंग: सुनहरा
शुभ अंक: 1

♍ कन्या राशि

आज कार्यों में व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ने पर सफलता मिलेगी। नौकरी में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। व्यापार में लाभ के अवसर प्राप्त होंगे। किसी पुराने विवाद का समाधान निकल सकता है। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न करें।

शुभ रंग: हरा
शुभ अंक: 7

♎ तुला राशि

आज संतुलित दृष्टिकोण आपको लाभ दिलाएगा। साझेदारी के कार्यों में सफलता मिलने के योग हैं। आर्थिक मामलों में सुधार होगा। परिवार के साथ आनंददायक समय व्यतीत करेंगे। अविवाहित लोगों के लिए विवाह प्रस्ताव आ सकते हैं। यात्रा के योग बन रहे हैं।

शुभ रंग: गुलाबी
शुभ अंक: 6

♏ वृश्चिक राशि

आज साहस और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। कार्यक्षेत्र में प्रतिस्पर्धियों पर बढ़त बना सकते हैं। व्यापार में लाभ के अच्छे अवसर मिलेंगे। परिवार में किसी सदस्य की उपलब्धि से गर्व महसूस होगा। निवेश के लिए समय अनुकूल है, लेकिन सोच-समझकर निर्णय लें।

शुभ रंग: लाल
शुभ अंक: 8

♐ धनु राशि

भाग्य का साथ मिलने से कई कार्य आसानी से पूरे होंगे। धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी। नौकरी में नई संभावनाएं बन सकती हैं। व्यापार में विस्तार के अवसर मिलेंगे। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा।

शुभ रंग: पीला
शुभ अंक: 3

♑ मकर राशि

आज मेहनत का पूरा फल मिलने की संभावना है। कार्यक्षेत्र में आपके प्रयासों की सराहना होगी। आर्थिक मामलों में सावधानी बरतें और अनावश्यक खर्च से बचें। पारिवारिक जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन पर्याप्त आराम करें।

शुभ रंग: नीला
शुभ अंक: 8

♒ कुंभ राशि

आज नए विचार और योजनाएं सफलता दिला सकती हैं। नौकरी और व्यवसाय दोनों में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। मित्रों और सहयोगियों का साथ मिलेगा। आर्थिक लाभ के योग बन रहे हैं। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। प्रेम जीवन में खुशियां आएंगी।

शुभ रंग: आसमानी
शुभ अंक: 4

♓ मीन राशि

आज रचनात्मक कार्यों में सफलता मिलेगी। कार्यक्षेत्र में नई उपलब्धियां प्राप्त हो सकती हैं। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। परिवार का सहयोग मिलेगा। किसी महत्वपूर्ण व्यक्ति से मुलाकात भविष्य के लिए लाभदायक सिद्ध हो सकती है। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।

शुभ रंग: पीला
शुभ अंक: 7

16 जून 2026 का दिन अधिकांश राशियों के लिए प्रगति, नई संभावनाओं और सकारात्मक बदलावों का संकेत दे रहा है। धैर्य, संयम और सही समय पर सही निर्णय लेने से सफलता के अवसर बढ़ेंगे।

और भी

जशपुर में शतरंज की बिसात पर युवाओं का दमदार प्रदर्शन, संदीप सौरभ बने जिला स्तरीय ओपन रैपिड चैंपियन, अंकित साहू दूसरे और अमन रवानी तीसरे स्थान पर, चेस क्लब को मिले 10 नए बोर्ड से बढ़ा उत्साह

जशपुरनगर। जिले में शतरंज के प्रति बढ़ते उत्साह का शानदार उदाहरण रविवार को देखने को मिला, जब जशपुर चेस क्लब के तत्वावधान में शासकीय विजय भूषण सिंहदेव कन्या महाविद्यालय के सभागार में जिला स्तरीय ओपन रैपिड शतरंज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुल 44 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें लगभग 30 प्रतिभागी बाल एवं किशोर वर्ग से शामिल रहे। प्रतियोगिता का माहौल पूरे समय रोमांच और उत्साह से भरा रहा, वहीं सबसे कम उम्र की प्रतिभागी के रूप में 9 वर्षीय अनाया सृष्टि लकड़ा ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

प्रतियोगिता रैपिड प्रारूप में आयोजित की गई, जिसमें पांच राउंड खेले गए और प्रत्येक खिलाड़ी को 25-25 मिनट का समय प्रदान किया गया। पूरे आयोजन का संचालन स्विस मैनेजर सिस्टम के माध्यम से किया गया, जबकि खिलाड़ियों की पेयरिंग कंप्यूटर सॉफ्टवेयर द्वारा निर्धारित की गई। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी रणनीति, एकाग्रता और सोचने की क्षमता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। चीफ आर्बिटर के रूप में एस.एन.ए. प्रदीप मंडल ने जिम्मेदारी संभाली और पूरे आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराया।

कड़े मुकाबलों के बीच संदीप सौरभ ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर जिला स्तरीय ओपन रैपिड चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। वहीं अंकित साहू ने शानदार खेल दिखाते हुए दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि अमन रवानी तीसरे स्थान पर रहे। उल्लेखनीय है कि अमन रवानी पूर्व में भी जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के विजेता रह चुके हैं, जिससे उनकी निरंतरता और अनुभव का अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अन्य खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए, जिनमें एलेन राफल लकड़ा, नैना भगत, अक्षत कुमार गुप्ता सहित अन्य प्रतिभागी शामिल रहे।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित डिप्टी कलेक्टर समीर बड़ा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में जब बच्चे मोबाइल आधारित खेलों की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं, ऐसे में शतरंज जैसा खेल मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शतरंज बच्चों में एकाग्रता, तार्किक सोच, धैर्य और निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करता है, इसलिए विद्यार्थियों को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ शतरंज खिलाड़ी अरुण महापात्र के सम्मान एवं आशीर्वचन के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रदेश शतरंज संघ के संयुक्त सचिव एस.के. वैष्णव, संभागीय कन्वेनर विश्वनाथ मनियन, वरिष्ठ आर्बिटर शेष रतन जायसवाल तथा सुसिमा वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष सुजीत जायसवाल सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया। इस दौरान सुसिमा वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से जशपुर चेस क्लब को 10 नए चेस बोर्ड भेंट किए गए, जिससे जिले में शतरंज गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। फाउंडेशन के अध्यक्ष सुजीत जायसवाल ने कहा कि संस्था आगे भी शतरंज के विकास के लिए हर संभव सहयोग करती रहेगी।

इस आयोजन में स्थानीय संस्थाओं और समाजसेवियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। अनुराग मेडिकल, डॉ. अशोक लकड़ा, गुप्ता बुक डिपो, डॉ. मंजू मिंज, डॉ. शिशिर मिंज सहित कई सहयोगियों ने प्रतियोगिता के संचालन और पुरस्कार व्यवस्था में सहयोग प्रदान किया। वहीं फास्टट्रेक कंप्यूटर के संचालक आशीष सोनी ने नए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शतरंज बोर्ड उपलब्ध कराए।

समापन अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. माधुरी गुप्ता के प्रतिनिधि के रूप में सहायक प्राध्यापक अलंकृत लकड़ा उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शतरंज के इतिहास और विश्व प्रसिद्ध खिलाड़ी मिखाइल ताल की खेल शैली का उल्लेख किया और कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं बल्कि मानसिक विकास का सशक्त माध्यम है। जशपुर चेस क्लब के अजय गुप्ता ने कहा कि देश के युवा ग्रैंडमास्टर्स आर. प्रज्ञानंद, डी. गुकेश और अर्जुन एरिगैसी की उपलब्धियों से जिले के युवाओं में भी शतरंज के प्रति उत्साह बढ़ रहा है और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अब स्थानीय खिलाड़ी भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

कार्यक्रम की सफलता में क्लब के निदेशक डॉ. अशोक लकड़ा, अजय गुप्ता, डॉ. क्रेसेंसिया, अंकित साहू, शुभम साहू सहित क्लब के सदस्यों, महाविद्यालय की छात्राओं और यूथ क्लब के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में डॉ. अशोक लकड़ा ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए जिले में शतरंज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए नियमित प्रतियोगिताओं के आयोजन का संकल्प दोहराया।

और भी

जशपुर जिले के लिए बड़ी सौगात: रेल परियोजना को मिली राजपत्र अधिसूचना, विधायक रायमुनी भगत ने कहा—यह केवल परियोजना नहीं बल्कि भविष्य बदलने वाला निर्णय, रोजगार और उद्योग को मिलेगा नया बल

जशपुरनगर। जशपुर जिले के बहुप्रतीक्षित लोहरदगा–पत्थलगांव–धर्मजयगढ़ रेल लाइन परियोजना को लेकर महत्वपूर्ण प्रगति सामने आई है। भारत सरकार द्वारा इस रेल परियोजना के संबंध में राजपत्र अधिसूचना जारी किए जाने के बाद क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल है। वर्षों से लंबित इस मांग को लेकर अब परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया को औपचारिक गति मिल गई है।

इस मौके पर जशपुर विधायक ने इसे जिले के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह रेल लाइन जशपुर जिले को देश के प्रमुख रेल नेटवर्क से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी और इससे क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक एवं व्यापारिक विकास को नई रफ्तार मिलेगी। विधायक ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राजपत्र में अधिसूचना जारी होना इस बात का संकेत है कि परियोजना अब जमीनी स्तर पर आगे बढ़ने की दिशा में है।

उन्होंने यह भी कहा कि इस रेल मार्ग के निर्माण से जिले में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, स्थानीय युवाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे तथा व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही किसानों को अपने उत्पाद बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी, जिससे उनकी आय बढ़ने की संभावना भी मजबूत होगी। पर्यटन की दृष्टि से भी यह रेल लाइन महत्वपूर्ण साबित होगी, क्योंकि जशपुर के प्राकृतिक और सांस्कृतिक स्थलों तक पहुंच आसान हो जाएगी।

स्थानीय नागरिकों ने भी इस फैसले का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि आगामी प्रक्रियाएं तेजी से पूरी होंगी ताकि जल्द ही क्षेत्र में रेल सुविधा का सपना साकार हो सके। लोगों का कहना है कि यह परियोजना जशपुर जिले के विकास की तस्वीर बदलने वाली साबित होगी और क्षेत्र को मुख्यधारा के विकास से जोड़ने में मील का पत्थर बनेगी।

और भी

“गरीब कल्याण से वैश्विक नेतृत्व तक 12 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा पर भाजपा का महा संवाद — जशपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं की गूंज, आत्मनिर्भर भारत और विकसित राष्ट्र के संकल्प को बताया स्वर्णिम युग

जशपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के तहत रविवार को जशपुर भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता से पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने प्रस्तावना रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पित हैं।

इसके पश्चात पत्रकार वार्ता को प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने संबोधित करते हुए केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से प्रकाश डाला।

जगन्नाथ पाणिग्रही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12 वर्षों तक देश का सफल नेतृत्व करते हुए भारत को विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के नए शिखर पर पहुंचाया है। यह 12 वर्षों का कार्यकाल भारत के इतिहास का स्वर्णिम और ऐतिहासिक काल रहा है। प्रधानमंत्री स्वयं को प्रधान सेवक मानते हुए "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र के साथ 140 करोड़ देशवासियों की सेवा में निरंतर कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नया भारत एक समृद्ध, सशक्त और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में उभरा है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसानों के हित, युवाओं के रोजगार, जनजातीय विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, पीएम किसान सम्मान निधि, मुद्रा योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना तथा लखपति दीदी जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री, आत्मनिर्भर भारत अभियान, बढ़ता विदेशी निवेश और मजबूत विदेश नीति ने दुनिया में भारत की साख को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। साथ ही कर्तव्य पथ, नया संसद भवन, जनजातीय गौरव दिवस, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसे ऐतिहासिक कार्यों ने देश की सांस्कृतिक विरासत को भी नया सम्मान दिलाया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के संवेदनशील नेतृत्व में छत्तीसगढ़ को भी विकास की नई गति मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों को पक्के मकान मिल रहे हैं। प्रदेश में रेलवे, सड़क और हवाई संपर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है तथा केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

पत्रकार वार्ता में पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, पत्थलगांव विधायक गोमती साय एवं जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने धरमजयगढ़–पत्थलगांव–लोहरदगा नई रेल परियोजना की केंद्रीय राजपत्र में अधिसूचना जारी होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए इसे जशपुर जिले के विकास की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस बहुप्रतीक्षित रेल परियोजना के साकार होने से जशपुर सहित पूरे क्षेत्र में विकास, व्यापार, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्र की वर्षों पुरानी रेल संपर्क की मांग पूरी होने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। साथ ही उन्होंने जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी।

पत्रकार वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश सिन्हा, जिला महामंत्री मुकेश शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, कपिल देव साय, आनंद शर्मा, संतोष सिंह, आलोक सारथी, राजकपूर भगत, श्रीनायक मिश्रा, रूपेश सोनी, मुनेश्वर सिंह केसर, दिनेश प्रसाद, शरद चौरसिया, जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

और भी

किसानों के एग्रीस्टेक पंजीयन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कलेक्टर रोहित व्यास ने राजस्व अमले को दी सख्त चेतावनी — लंबित नामांतरण, सीमांकन, भू-अर्जन और स्वामित्व योजना के प्रकरण समय-सीमा में निपटाने के निर्देश

जशपुरनगर 15 जून 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने बैठक में विभिन्न राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने एग्रीस्टेक पोर्टल में किसान पंजीयन की जानकारी लेते हुए पेंडिंग प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसानों का एग्रीस्टेक ऑनलाइन पंजीयन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है। पंजीयन कार्य को प्राथमिकता में लेते हुए सभी पेंडिंग पंजीयन तेजी से निराकृत करे। इसके लिए कलेक्टर ने कृषि विभाग के एसएडीओ, आरएईओ से समन्वय कर गंभीरतापूर्वक पंजीयन कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एसडीएम को पंजीयन कार्य की नियमित निगरानी रखने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा पंजीयन उपरांत आवेदनों के पेंडिंग अप्रूवल और वेरिफिकेशन कार्यों को भी तेजी से निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके लिए राजस्व अधिकारियों को गंभीरता पूर्वक कार्य करने को कहा। इस दौरान बैठक में सभी एसडीएम सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं अन्य राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।


      बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि रिकॉर्ड अपडेशन की शिकायत नहीं आनी चाहिए। राजस्व प्रकरणों में आदेश पारित होने वाले सभी रिकॉर्डों का ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करें। साथ ही लंबे समय से लंबित राजस्व प्रकरणों में सक्रियता दिखाते हुए सभी को निराकृत करे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नामांतरण, डायवर्सन, भू-अर्जन, त्रुटि सुधार, सीमांकन, स्वामित्व योजना, आरबीसी 6-4 सहित सभी लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाए।  उन्होंने स्वामित्व योजना, मसाहती गांव सर्वेक्षण, किसान किताब में आधार प्रविष्टि, डिजिटल हस्ताक्षर से अभिलेख सत्यापन, भू-नक्शा अद्यतन, भू-बंटन रिकॉर्ड दुरुस्ती तथा त्रुटि सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्यों को तय समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। 

        कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि राजस्व विभाग के मैदानी अमले सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि आम जनता को प्रकरणों के निराकरण में त्वरित लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर निराकरण किए जा सकने वाले प्रकरणों के आवेदन कलेक्टर जनदर्शन में आ रहे है। ऐसे प्रकरणों को स्थानीय स्तर पर ही निराकृत कर लोगों की समस्याओं का समाधान करे। जिससे उन्हें अनावश्यक जिला कार्यालय न आना पड़े।

और भी

स्कूल खुलने से पहले जशपुर पुलिस का बड़ा सुरक्षा अभियान: 15 स्कूल बसों की हुई सघन जांच, चालकों का हेल्थ टेस्ट भी अनिवार्य रूप से कराया गया

जशपुर। जिले में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ से पहले स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस, परिवहन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने रक्षित केंद्र जशपुर में विशेष स्कूल बस जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया। इस दौरान जिले की 15 स्कूल बसों का व्यापक निरीक्षण किया गया तथा बस चालकों एवं परिचालकों के स्वास्थ्य की भी जांच की गई।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पटनवार एवं उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) के.आर. चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करना रहा।

जांच के दौरान स्कूल बसों के पंजीयन प्रमाण पत्र, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC), रोड टैक्स सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सूक्ष्म परीक्षण किया गया। वहीं वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की भी जांच की गई। अधिकारियों ने चालकों और परिचालकों को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन, नशामुक्त रहकर वाहन चलाने तथा बच्चों को सुरक्षित तरीके से बस में चढ़ाने-उतारने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बस चालकों एवं परिचालकों का नेत्र परीक्षण, रक्तचाप (बीपी) और शुगर जांच कर उनके स्वास्थ्य की स्थिति का भी आकलन किया। शिविर में जिला चिकित्सालय जशपुर के चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजू प्रसाद गुप्ता, नेत्र सहायक अधिकारी सविता मिश्रा, स्टाफ नर्स ऐलिन रोस एक्का, वार्ड बॉय निरंजन नायक तथा सामाजिक कार्यकर्ता वृतिका मिश्रा उपस्थित रहे।

पुलिस की वाहन शाखा द्वारा बसों के हेडलाइट, ब्रेक लाइट, स्टीयरिंग, टायर, क्लच, एक्सीलेटर, सीटों की स्थिति, हॉर्न और रिफ्लेक्टर सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जांच की गई। वहीं अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा तथा नगर सेना के जवानों ने बसों में आग लगने जैसी आकस्मिक परिस्थितियों में बचाव और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।

इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, स्पीड गवर्नर, आपातकालीन खिड़की, फर्स्ट एड किट, अग्निशमन यंत्र, स्कूल का नाम, संपर्क नंबर और स्कूल बस की पहचान संबंधी चिन्हों की भी जांच की गई।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस द्वारा स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं, ताकि जिले में स्कूल परिवहन व्यवस्था सुरक्षित, व्यवस्थित और विश्वसनीय बनी रहे।

और भी

नए शिक्षा सत्र से शिक्षा व्यवस्था में नहीं चलेगी कोई लापरवाही: डीईओ नरेंद्र सिन्हा का सख्त फरमान, स्कूलों की तैयारी से लेकर ऑनलाइन उपस्थिति तक हर व्यवस्था आज ही पूरी करने के निर्देश

जशपुर। जिले में 16 जून से शुरू होने वाले नवीन शिक्षा सत्र को लेकर जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा ने समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, बीआरसी, संकुल प्राचार्यों एवं सीएससी को शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि नए सत्र की शुरुआत व्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित की जाएं।

जिला शिक्षा अधिकारी ने निर्देशित किया है कि सभी स्कूलों में शाला भवन, कक्षाओं, परिसर, फर्नीचर, मध्यान्ह भोजन कक्ष तथा बर्तनों की समुचित साफ-सफाई कराई जाए। साथ ही मध्यान्ह भोजन संचालन के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री की उपलब्धता भी पहले से सुनिश्चित की जाए। शिक्षक उपस्थिति पंजी, छात्र उपस्थिति पंजी सहित अन्य सभी आवश्यक अभिलेख तैयार रखने तथा शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के लिए समय-सारणी, पाठ योजना एवं अकादमिक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि 16 जून से नियमित अध्यापन कार्य प्रारंभ किया जा सके।

उन्होंने कहा कि पहले ही दिन से विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएं। शासन के नए निर्देशों के अनुरूप प्रार्थना सभा, मध्यान्ह भोजन से पूर्व तथा संध्या समय आयोजित होने वाली गतिविधियों की भी पूरी तैयारी कर ली जाए और उनके लिए जिम्मेदार प्रभारी नियुक्त किए जाएं।

निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण, गणवेश वितरण तथा आवश्यकता अनुसार साइकिल वितरण की तैयारियां भी अनिवार्य रूप से पूरी करने को कहा गया है। जिन विद्यालयों में पुस्तकों की कमी है वहां बुक बैंक के माध्यम से आवश्यक पुस्तकों का संकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल, संकुल, विकासखंड एवं जिला स्तर पर शाला प्रवेश उत्सव को व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए कक्षा पहली में प्रवेश लेने वाले बच्चों की सूची आंगनबाड़ी केंद्रों से, कक्षा पांचवीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों की सूची प्राथमिक विद्यालयों से तथा कक्षा नौवीं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की सूची मिडिल स्कूलों से प्राप्त करने को कहा गया है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी बच्चा प्रवेश से वंचित न रहे।

उन्होंने कहा कि प्रवेश उत्सव में विद्यार्थियों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, विधायक, सांसद, मंत्री एवं समाज के अन्य प्रतिष्ठित लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बन सके। साथ ही अनियमित एवं ड्रॉपआउट बच्चों को भी इस अभियान के माध्यम से पुनः विद्यालयों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

शासन के नए निर्देशों के अनुसार सभी विद्यालयों में एक सप्ताह के भीतर शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन भी अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीईओ नरेंद्र सिन्हा ने शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति प्रतिदिन वीएसके एप के माध्यम से दर्ज करने को अनिवार्य बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों की उपस्थिति 80 प्रतिशत से अधिक बनाए रखने के लिए सतत प्रयास किए जाएं। इसके अलावा विकासखंड शिक्षा कार्यालयों एवं जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति भी प्रतिदिन सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने बताया कि सचिव एवं संचालक स्तर से इन व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्देशों का गंभीरता से पालन करें और सभी बिंदुओं पर अनुपालन प्रतिवेदन जिला शिक्षा कार्यालय को समय पर प्रेषित करें।

और भी

कलेक्टर रोहित व्यास का सख्त संदेश: किसानों को समय पर मिले खाद-बीज, राशन वितरण में गड़बड़ी पर कार्रवाई और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का होगा तय समय में समाधान

जशपुरनगर, 15 जून 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ग्राम पंचायतों में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, सहकारिता, समाज कल्याण, श्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों का भी निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने पेंशन हितग्राहियों के आधार सीडिंग कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
        खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने राशन वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बरतने, शिकायतों की गंभीरता से जांच करने तथा अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही शेष ई-केवाईसी कार्य को शीघ्र पूर्ण करने तथा संदिग्ध राशन कार्डों की जांच कर अपात्र एवं मृत व्यक्तियों के नाम हटाने की कार्रवाई प्राथमिकता से करने को कहा। श्रम विभाग की समीक्षा में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक श्रमिकों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संगठित एवं असंगठित श्रमिकों के पंजीयन की स्थिति की समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पात्र श्रमिकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्व-सहायता समूहों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, बैंक लिंकेज को मजबूत करने तथा महिला समूहों द्वारा संचालित उद्यमों को ऋण उपलब्ध कराने की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की महिलाओं को अधिक से अधिक संख्या में स्व-सहायता समूहों से जोड़ने  के निर्देश दिए, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सके।

*निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर खाद-बीज बेचने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई*

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने खाद एवं बीज के भंडारण तथा वितरण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के सभी खाद विक्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों को निर्धारित शासकीय दर पर ही उर्वरकों एवं प्रमाणित बीजों की बिक्री हो। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निजी खाद-बीज विक्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर विक्रय पाए जाने पर संबंधित केंद्रों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित निजी विक्रय केंद्रों को सील करने की कार्रवाई करें। इसके अलावा उन्होंने किसानों का शत-प्रतिशत एग्रीस्टैक पंजीयन निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए यह पंजीयन आवश्यक है।

*आंगनबाड़ी केंद्रों में विकसित होंगी पोषण वाटिकाएं*

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने शेष आंगनबाड़ी भवनों एवं शौचालय निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लंबित ई-केवाईसी कार्य जल्द पूरा करने तथा रिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका पदों की भर्ती प्रक्रिया पूर्ण करने को कहा। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में नामांकित सभी बच्चों की आपार आईडी समय पर बनाने के भी निर्देश दिए। साथ ही बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं में कुपोषण को दूर करने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित टेक होम राशन और टीएचआर की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण वाटिका विकसित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे बच्चों को ताजे फल एवं सब्जियां उपलब्ध हो सकेंगी और उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग भी होगा।


*पारंपरिक कुओं को चिन्हित कर जीर्णोद्धार करने में निर्देश*

स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने ओडीएफ प्लस मॉडल, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा संग्रहण व्यवस्था, हाट-बाजारों की साफ-सफाई, व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालय निर्माण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट तथा स्वच्छता श्रमदान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने नए शैक्षणिक सत्र को देखते हुए सभी विद्यालयों, आश्रमों एवं छात्रावास परिसरों में श्रमदान के माध्यम से साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही पारंपरिक कुओं को चिन्हित कर उनके जीर्णोद्धार की कार्रवाई करने को कहा। कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सभी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों से अनिवार्य रूप से यूजर चार्ज वसूलने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण,  पीएम जनमन आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

"नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का विद्यार्थियों को प्रेरक संदेश, कहा– मन लगाकर पढ़ाई करें, शिक्षा ही सफलता और उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव"

रायपुर 15 जून 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 16 जून से नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर प्रदेश के विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें पूरी लगन और उत्साह के साथ पढ़ाई करने का संदेश दिया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि आप सभी बच्चों के सपनों को आकार देने और उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का माध्यम है। उन्होंने बच्चों से पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और उत्साह के साथ नियमित रूप से विद्यालय जाने तथा मन लगाकर पढ़ाई करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का परिश्रम और शिक्षा ही आने वाले समय में बच्चों की सफलता का आधार बनेगी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने तथा ज्ञान, संस्कार और व्यक्तित्व विकास के माध्यम से प्रदेश और देश के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि छत्तीसगढ़ के बच्चे अपनी प्रतिभा, मेहनत और संकल्प के बल पर भविष्य में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे तथा प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगे। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के सफल, उज्ज्वल और प्रेरणादायी भविष्य की कामना की।

और भी