ताजा खबरें


बड़ी खबर

बुजुर्गों के सम्मान में सजा बलौदाबाजार का नगर भवन, 180 वरिष्ठ नागरिक हुए सम्मानित; कैरम-शतरंज में लौटी बचपन की उमंग, स्वास्थ्य जांच के साथ 80 प्लस नागरिकों को मिला निःशुल्क बस पास

​रायपुर,03 अक्टूबर 2026/

       वरिष्ठजन समाज के सच्चे मार्गदर्शक और अनुभव का अमूल्य खजाना हैं। उनका जीवन-अनुभव आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा दिखाने का काम करता है। बुजुर्गों का आदर-सत्कार हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति की नींव है और उनका सम्मान करना ही हमारा वास्तविक गौरव है।
      ​उपरोक्त बातें  प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने  आज बलौदाबाजार स्थित नगर भवन में 'अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस' के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही।
​इस दौरान राजस्व मंत्री श्री वर्मा एवं अन्य अतिथियों द्वारा जिले के 180 वरिष्ठ नागरिकों को शॉल व श्रीफल भेंटकर सम्मान प्रदान किया गया।

*​संयुक्त परिवार व्यवस्था को संजोने की आवश्यकता: राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा*

        ​समारोह को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि वरिष्ठजन परिवार रूपी वृक्ष की मजबूत जड़ें होते हैं, जिनकी छांव और मार्गदर्शन से पूरा परिवार फलता-फूलता है। उन्होंने आज के एकल परिवार प्रणाली पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बिखरते संयुक्त परिवारों को संजोकर रखना समय की मांग है और युवा पीढ़ी को अपने बुजुर्गों के अनुभवों से सीख लेकर उनका आदर करना चाहिए।
     ​कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष और कलेक्टर ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया और वरिष्ठजनों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

*​खेलों में झलकी बचपन की उमंग, स्वास्थ्य शिविर और बस पास की सुविधा*

       ​समारोह का मुख्य आकर्षण बुजुर्गों के लिए आयोजित मनोरंजक गतिविधियां रहीं। कैरम और शतरंज प्रतियोगिता में वरिष्ठ नागरिकों ने पूरे जोश और बचपन के उत्साह के साथ भाग लिया, जिसकी उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
​इस अवसर पर वरिष्ठजनों के कल्याण के लिए बहुआयामी पहल भी देखने को मिली। इस कार्यक्रम के दौरान शिविर लगाकर उपस्थित सभी वृद्धजनों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण व उपचार किया गया। इसके साथ ही 80 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए मौके पर ही निःशुल्क बस पास बनाने की सुविधा प्रदान की गई।
       ​इस आयोजन में पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, भारत स्काउट एवं गाइड के राज्य उपाध्यक्ष, जिला पंचायत उपाध्यक्ष , जनपद उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सीईओ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य वृद्धजन उपस्थित थे।

और भी

छत्तीसगढ़ में पारंपरिक उपचार पद्धति को मिल रही नई पहचान, 06 जिलों के 312 वैद्यों का हुआ प्रमाणीकरण; मार्च 2027 तक 1 हजार वैद्यों को प्रमाणित करने का लक्ष्य

रायपुर, 3 अक्टूबर 2026/छत्तीसगढ आदिवासी, स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड (छत्तीसगढ़ शासन, वन विभाग) द्वारा  25 सितंबर से 30 सितंबर तक छत्तीसगढ़ के 06 जिलों कोण्डागांव, नारायणपुर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद के 312 वैद्यों का प्रमाणीकरण किया गया। 

वन विभाग छत्तीसगढ़ शासन के अंतर्गत बोर्ड एवं काउन्सिल आफ इंडिया (QCI) से वैद्यों के प्रमाणीकरण करने के लिये अधिकृत संस्था सेंटर फॉर ट्रेड टेस्टिंग एंड सर्टिफिकेशन ऑफ स्किल्ड वर्कर्स (CTTC) द्वारा वैद्यों का प्रमाणीकरण किया गया । जिसमें 05 प्रकार की उपचार विधाओ सामान्य बीमारी, पीलिया, आर्थराइटिस, बोन सेटिंग एवं जहरीले बाइट का उपचार शामिल हैं। 

वैद्यों का प्रमाणीकरण प्रकिया दो चरणों के परीक्षण उपरांत किया जाता हैं।  परीक्षण प्रक्रिया अंतर्गत प्रथम दिवस आवेदन फार्म की जांच, वैद्यों के उपचार विधाओ का मौखिक परीक्षण, ताजी औषधि पौधों तथा कच्चे औषधि पौध उत्पाद की पहचान, औषधि निर्माण की विधि तथा  मरीजों को दी जाने वाली औषधि की मात्रा का परीक्षण किया जाता है । प्रमाणीकरण प्रक्रिया के दूसरे दिवस में वैद्यों के घरों पर जाकर उनके उपचार करने की सजीव परीक्षण तथा मरीजों से फीडबैक लिया जाता है । 

छत्तीसगढ़ में 25 से 30 सितंबर तक विभिन्न जिलों में आयोजित परीक्षणों में 312 वैद्यों को प्रमाणीकृत किया गया। इनमें कोंडागांव के 60, नारायणपुर के 23, कांकेर के 60, धमतरी के 135 तथा गरियाबंद एवं महासमुंद के कुल 34 वैद्य शामिल हैं। छत्तीसगढ़ शासन एवं बोर्ड मार्च 2027 तक 1 हजार वैद्यों के प्रमाणीकरण का लक्ष्य पूरा करने के लिए तेजी से कार्य कर रहे हैं।

और भी

वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह में बस्तर ने बढ़ाया संरक्षण की दिशा में कदम, पहली बार आयोजित संभाग स्तरीय टाइगर प्रोटेक्शन कार्यशाला में वन कर्मियों ने सीखी बाघों की पहचान और ट्रैकिंग की बारीकियां

​रायपुर, 3 अक्टूबर 2026/वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप के विशेष मार्गदर्शन और निर्देशानुसार, बस्तर संभाग में वन्यप्राणियों के संरक्षण और उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग को लेकर एक महत्वपूर्ण संभाग स्तरीय कार्यशाला की शुरुआत हुई है। वन विद्यालय, जगदलपुर में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन द्वारा किया जा रहा है। संभाग स्तर पर इस तरह की कार्यशाला का आयोजन पहली बार किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य मैदानी स्तर पर काम करने वाले वन कर्मचारियों की कार्यक्षमता को बढ़ाना है।


​विशेषज्ञों ने दी बाघ संरक्षण और ट्रैकिंग की बारीकियां
प्रशिक्षण सत्र के दौरान राज्य वन्यजीव बोर्ड के सदस्य श्री गौरव निलानी और एसडीओ श्री योगेश रात्रे ने प्रेजेंटेशन के जरिए वन कर्मियों को वन्यजीव संरक्षण के गुर सिखाए। प्रशिक्षण में मुख्य रूप से कई विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
​बाघ की विशेषताएं, उनका रहन-सहन, क्षेत्र (Territory) की पहचान और उनका व्यवहार। ​बाघ और तेंदुए के पगमार्क (पैर के निशान) तथा अन्य फील्ड साइन्स  में अंतर करना। ​नर और मादा बाघ की पहचान, पगमार्क के पैड इंप्रेशन और फोटोग्राफिक पहचान की तकनीक।
​बाघ के शिकार करने के तरीके, खरोंच के निशान और क्षेत्रीय मार्किंग की पहचान।
​कैमरा ट्रैप और मैदानी निगरानी की आधुनिक तकनीकें। वन्यजीव अपराधों को रोकने और मुखबीर तंत्र को मजबूत करने के उपाय।
​
कार्यशाला के पहले दिन सैद्धांतिक जानकारी देने के बाद सभी प्रतिभागियों की एक परीक्षा भी आयोजित की गई, ताकि सीखे गए ज्ञान का आकलन किया जा सके। इस आयोजन का दूसरे दिन  फील्ड विजिट और प्रैक्टिकल एक्सरसाइज करवाया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को जंगल में जाकर पगमार्क और अन्य वन्यजीव संकेतों की पहचान करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

​कार्यशाला में मुख्य वन संरक्षक (बस्तर) सुश्री स्टाइलो मंडावी, मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) श्री उत्तम गुप्ता, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक श्री गौतम नारायण पड़ीभार सहित वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

एशिया कप विजेता कवर्धा की बेटी गीता यादव से मिले उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, बोले—अंतरराष्ट्रीय हॉकी में गीता ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा

रायपुर, 03 अक्टूबर 2026/ उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक श्री विजय शर्मा ने अपने कवर्धा निवास कार्यालय में जूनियर महिला एशिया कप-2026 की विजेता भारतीय हॉकी टीम की सदस्य गीता यादव से मुलाकात कर उन्हें महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्होंने कहा कि आगे भी सफलता के नए कीर्तिमान प्राप्त करें। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कवर्धा की बेटी ने देश-प्रदेश का मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया है। इस दौरान श्री शर्मा ने गीता से उनकी अब तक की खेल यात्रा, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के अनुभव, प्रशिक्षण और भविष्य के लक्ष्यों के बारे में विस्तार से बातचीत की।

       कबीरधाम जिले के बोड़ला की रहने वाली गीता यादव ने चीन के मोकी में आयोजित एएचएफ महिला जूनियर एशिया कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय टीम ने 13 सितंबर को खेले गए रोमांचक फाइनल में मेजबान चीन को 1-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी बार महिला जूनियर एशिया कप का खिताब जीता और एफआईएच जूनियर महिला विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया।

       टूर्नामेंट में मिडफील्डर के रूप में खेलीं गीता ने अपनी प्रतिभा की विशेष छाप छोड़ी। उन्होंने प्रतियोगिता में कुल चार गोल किए। मलेशिया के विरुद्ध भारत की 11-1 की बड़ी जीत में गीता ने दो गोल दागे, वहीं जापान के खिलाफ 7-0 की जीत में भी उन्होंने दो गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

       उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने गीता की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि एक सामान्य किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। गीता ने अपनी प्रतिभा से कवर्धा के साथ पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता क्षेत्र की नई पीढ़ी, विशेषकर खेलों में आगे बढ़ने का सपना देख रही बेटियों के लिए प्रेरणादायी है।

        मुलाकात के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा और गीता यादव के बीच कवर्धा में खेल एवं खिलाड़ियों के प्रोत्साहन, स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में खेलों की संभावनाओं को और विस्तार देने को लेकर भी चर्चा हुई। श्री शर्मा ने गीता से उनके अनुभव और खिलाड़ियों की जरूरतों के बारे में जानकारी ली।

*बोड़ला से भारतीय टीम तक का शानदार सफर*

         गीता ने हॉकी की शुरुआती शिक्षा कोच शिवा चौहान से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बिलासपुर स्थित खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को निखारा। लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर वह राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचीं और बाद में टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम से भी जुड़ीं। गीता ने वर्ष 2024 में नीदरलैंड और बेल्जियम दौरे से अपने अंतरराष्ट्रीय सफर की शुरुआत की। इसके बाद वह अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरों में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
         उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा से हुई मुलाकात के दौरान गीता ने अपनी खेल यात्रा के अनुभव साझा किए। श्री शर्मा ने उन्हें भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ आगे बढ़ते हुए देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

और भी

सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौते और कथित भ्रष्टाचार की शिकायत ने पकड़ा तूल, लोक निर्माण विभाग ने चार सदस्यीय जांच समिति बनाकर तीन दिन में मांगी रिपोर्ट

रायपुर. 3 अक्टूबर 2026. लोक निर्माण विभाग ने राजनांदगांव-खैरागढ़ मुख्य मार्ग के नवीनीकरण एवं उन्नयन कार्य तथा राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं में कथित गुणवत्ताहीन निर्माण और भ्रष्टाचार की शिकायत की जांच के लिए चार वरिष्ठ अधिकारियों की समिति बनाई है। समिति निर्माण कार्यों के विभिन्न पहलुओं और शिकायत की जांच कर तीन दिनों में प्रमुख अभियंता को रिपोर्ट सौंपेगी। जांच समिति में मुख्य अभियंता श्री व्ही.एस. कोरम, अधीक्षण अभियंता श्री राजीव नशीने तथा कार्यपालन अभियंता श्री प्रभात सक्सेना और श्री सी.एस. ओगरे शामिल हैं।

*इन बिंदुओं पर जांच करेगी समिति*

लोक निर्माण विभाग द्वारा गठित जांच समिति राजनांदगांव-खैरागढ़ सड़क एवं राजनांदगांव-मोहला-मानपुर सड़क परियोजनाओं की किसी स्वतंत्र संस्था से उच्च स्तरीय जाँच कराने, जीएसबी (GSB), डब्लूएमएम (WMM) सब-ग्रेड, डामरीकरण, बिटुमिन की मात्रा, सड़क की मोटाई, घनत्व, ग्रेडेशन, लेवल एवं अंडुलेशन सहित सभी तकनीकी मानकों की प्रयोगशाला से जांच जैसी बिंदुओं पर जांच करेगी।

समिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता के लिए उत्तरदायी अधिकारियों एवं कार्यपालन एजेंसी की भूमिका, जांच पूर्ण होने तक संबंधित कार्यों के भुगतान पर रोक लगाने पर विचार करने, गुणवत्ता से समझौता, वित्तीय अनियमितता या भ्रष्टाचार सिद्ध होने पर संबधितों के विरूद्ध कार्यवाही तथा डोंगरगांव-कुमरदा सहित जिन स्थानों पर सड़क उखाड़कर छोड़ी गई है, वहां तत्काल सुरक्षित आवागमन हेतु मरम्मत, चेतावनी संकेत एवं वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित कराने के संबंध में अपनी रिपोर्ट देगी।

और भी

गांधी जयंती पर बेटियों के सम्मान की बड़ी पहल: वीबी-जी राम जी योजना से धूमा में बना ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ का पहला बालिका शौचालय, 6,671 ग्रामीण स्कूलों में सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य

रायपुर, 02 अक्टूबर 2026/ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर स्वच्छता और बेटियों के सम्मान का संदेश देते हुए धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड की ग्राम पंचायत धूमा में  ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के अंतर्गत प्रथम बालिका शौचालय का उद्घाटन किया गया। विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत निर्मित यह शौचालय राज्य में चल रहे ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

     गुलाबी रंग से सजे नव-निर्मित बालिका शौचालय के उद्घाटन के दौरान छोटी बच्चियों ने भी हाथों में इसी संदेश वाली तख्तियां लेकर स्वच्छता, सुरक्षा और बेटियों के सम्मान का संदेश दिया। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और बच्चों की भागीदारी ने गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

*6 अगस्त को शुरू हुआ था ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान*
      मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 6 अगस्त 2026 को वीबी-जी राम जी के अंतर्गत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ किया था। अभियान 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के 6,671 शासकीय विद्यालयों में लगभग 286.85 करोड़ रुपए की लागत से बालिका शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण विद्यालयों में पढ़ने वाली बालिकाओं को सुरक्षित और स्वच्छ शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा के अनुकूल वातावरण तैयार करना है।

*निर्माण से उद्घाटन तक, धूमा में लगातार हुई निगरानी*
      धूमा का यह बालिका शौचालय एक दिन में तैयार हुई पहल नहीं है। विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने भी अपने कुरूद विकासखंड के भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत धूमा पहुंचकर बालिका शौचालय के निर्माण कार्य का मैदानी निरीक्षण किया था। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति देखने के साथ कार्य में लगे श्रमिकों से मजदूरी भुगतान की जानकारी भी ली थी और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए थे। करीब एक महीने बाद गांधी जयंती के अवसर पर इसका उद्घाटन अभियान के उद्देश्य को धरातल पर उतरते हुए दिखाता है।

       ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के तहत शासन का मिशन है कि 26 जनवरी 2027 तक राज्य के हर स्कूल में बालिकाओं के लिए शौंचालय सुनिश्चित हो।

और भी

छत्तीसगढ़ में निवेश की नई संभावनाओं को वैश्विक मंच देने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सिंगापुर पहुंचे, SING फोरम 2026 में नई औद्योगिक नीति, संसाधन और निवेश अवसरों से दुनिया को कराएंगे रूबरू

रायपुर 3 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय राज्य में निवेश की नई संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से आज सिंगापुर पहुंचे। सिंगापुर पहुंचने पर भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने मुख्यमंत्री श्री साय का आत्मीय स्वागत किया।

भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा प्रथम SING फोरम 2026 में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़  को नमित किया गया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ को अपनी उपलब्धियों, विकास की अपार संभावनाओं और निवेश के आकर्षक अवसरों को वैश्विक निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ की ओर से सहभागिता करेंगे। फोरम के दौरान आयोजित CEO राउंडटेबल में वे सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा करेंगे। इस दौरान प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों को प्रमुखता से रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का दृढ़ प्रयास है कि नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, सुदृढ़ अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन तथा उभरते क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय की SING फोरम 2026 में सहभागिता वैश्विक निवेशकों के समक्ष छत्तीसगढ़ की विकास संभावनाओं और निवेश अवसरों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।

और भी

दिवंगत आरक्षकों के परिवारों के लिए जशपुर पुलिस की संवेदनशील पहल, डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर दो आश्रितों को मिली आरक्षक जीडी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति

जशपुर। पुलिस विभाग केवल कानून-व्यवस्था और सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने दिवंगत अधिकारी-कर्मचारियों के परिवारों के सुख-दुख में भी साथ खड़ा है। इसी मानवीय पहल की मिसाल जशपुर पुलिस में देखने को मिली है। दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रित परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति दिलाने की विभागीय प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा करते हुए स्वर्गीय आरक्षक जगलाल राम की पत्नी श्रीमती प्रियंका भगत तथा स्वर्गीय आरक्षक बलपंथ राम के पुत्र टीकेश रवि को आरक्षक जीडी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह की संवेदनशील पहल और निर्देश के बाद दोनों मामलों में विभागीय प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया गया। पुलिस विभाग ने दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार अनुकंपा नियुक्ति की कार्रवाई पूरी की, जिससे दोनों परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक संबल मिलने का रास्ता खुला है।

बताया गया कि स्वर्गीय आरक्षक जगलाल राम, आरक्षक क्रमांक 302, की पुलिस विभाग में भर्ती 25 अक्टूबर 2009 को हुई थी। उनके निधन के बाद परिवार के हित और भविष्य को ध्यान में रखते हुए उनकी पत्नी श्रीमती प्रियंका भगत को आरक्षक जीडी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति दी गई है। इसी तरह स्वर्गीय आरक्षक बलपंथ राम, आरक्षक क्रमांक 441, की पुलिस विभाग में भर्ती 4 अप्रैल 2007 को हुई थी। उनके निधन के पश्चात उनके पुत्र टीकेश रवि को आरक्षक जीडी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है।

अनुकंपा नियुक्ति मिलने से दोनों परिवारों को न केवल आर्थिक सहारा मिला है, बल्कि परिवार के सदस्य को पुलिस विभाग से जुड़े रहने का अवसर भी मिला है। विभाग की ओर से नव-नियुक्त आरक्षकों को आगे की जिम्मेदारियों के निर्वहन में हरसंभव सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया है।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग के प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिजन एक परिवार की तरह हैं। विभाग के किसी सदस्य के असमय निधन से उसके परिवार पर आने वाली कठिन परिस्थितियों में पूरा पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है। अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य आश्रित परिवार को आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करना तथा उन्हें आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने नव-नियुक्त आरक्षकों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

और भी

बच्चों के दैनिक जीवन से जोड़कर गणित सिखाने की पहल, मनोरा के विभिन्न संकुलों में प्राथमिक शिक्षकों को ठोस सामग्रियों से गणितीय संक्रियाएं समझाने का दिया गया प्रशिक्षण

मनोरा । जशपुर जिले में विकासखंड मनोरा के बहेरना ,सोगडा, सरडीह  खरसोता और मनोरा संकुल में  जोन स्तरीय प्राथमिक शाला के गणित शिक्षकों की बैठक में गणित की संक्रियाओ को सरलतम ढंग से खेल खेल में गणितीय अवधारणाओं को स्पष्ट करने की बातें बताई गई। यह गणित प्रशिक्षण विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री तरुण कुमार पटेल के मार्गदर्शन में विकासखंड मनोरा को  जोनों में बांट कर आयोजित की गई थी जिसमें विकासखंड मनोरा के प्राथमिक शालाओं में गणित पढ़ने वाले सभी शिक्षकों की सहभागिता रही। 
बैठक में प्राथमिक शाला के बच्चों को सरल ढंग से गणितीय संक्रियाओं को सिखाने के तरीकों पर डेमो किया गया। बच्चों में कंकड़ पत्थर तीली बंडल व अन्य ठोस सामग्री  जो हमारे आसपास परिवेश में उपलब्ध हो की सहायता से गणितीय अवधारणा स्पष्टता बनाते हुए कार्य करने को लेकर चर्चा की गई। इसके उपरांत संख्या प्रतीकों का इस्तेमाल करने से सभी बच्चों में अवधारणात्मक समझ स्पष्ट होगी। यह प्रशिक्षण अजीम प्रेमजी फाउंडेशन एवं गणित के मास्टर ट्रेनर्स के सहयोग से संपन्न हुआ। बहेरना जोन स्तरीय प्रशिक्षण में
 विकासखंड स्रोत समन्वयक आशुतोष शर्मा उपस्थित हो कर शिक्षकों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि संकुल बैठक में होने वाली अकादमिक चर्चा एवं गतिविधियों का उपयोग हमारी शालाओं में नियमित हो तभी हमारे बच्चे इससे लाभान्वित होंगे। अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन के मुकेश ने कहा कि प्राथमिक शाला के बच्चों को संख्या और संक्रिया सिखाने के लिए हमें बच्चों के दैनिक जीवन से जोड़ना आवश्यक है। साथ ही ईएलपीएस (ELPS)पद्धति के जरिए ठोस वस्तुओं से शुरुआत करें पाठ्य पुस्तक में इस तरह की ढेर सारी गतिविधियों दी गई हैं  जिन्हें कराने से बच्चे आसानी से संबंधित अवधारणाओं को सीखेंगे। प्रशिक्षण बैठक में शिक्षकों को समूहों में बांटकर कक्षा 1 से 4 तक के पेडागोजी नोट पर डेमो कराया गया।  समूहों ने अपना अपना प्रस्तुतिकरण दिया। इसके माध्यम से सभी प्रतिभागियों ने एक दूसरे से गणितीय संक्रियाओं को समझा। बहेरना एवं अंधरझर संकुल के कार्यक्रम को सफल बनाने में उपेंद्र कुमार पंकज एवं जेपी यादव संकुल समन्वयक का सहयोग रहा सोगडा जोन में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के नीलाभ्र सर एवं सुरेश तिर्की  जी का सहयोग रहा। इसी तरह सभी जोन में मास्टर ट्रेनर्स और संकुल शैक्षिक समन्वयक के सहयोग से सफल बैठक सह प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ।

और भी

बरसात में बुरी तरह जर्जर हुआ वनमार्ग, गहरे गड्ढों में फंस रहे थे वाहन और परेशान हो रहे थे स्कूली बच्चे, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की पहल पर बादलखोल अभ्यारण्य में सड़क मरम्मत का काम शुरू

नारायणपुर। बादलखोल अभ्यारण्य के घने वन क्षेत्र के बीच बसे बुटूंगा, गायलूंगा और कलिया जैसे गांवों के ग्रामीणों के लिए बरसात का मौसम इस बार सड़क की बदहाली के कारण परेशानी भरा रहा। गांवों तक पहुंचने वाले वनमार्ग की हालत इतनी खराब हो गई थी कि जगह-जगह सड़क 2 से 3 फीट गहरे गड्ढों में तब्दील हो गई थी। कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों के बीच वाहनों का गुजरना किसी चुनौती से कम नहीं था। सबसे अधिक परेशानी स्कूली विद्यार्थियों, स्कूल बसों, निजी बसों और छोटे वाहन चालकों को उठानी पड़ रही थी।

बछरांव से गायलूंगा तक जाने वाला यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। रोजाना दर्जनों छोटे-बड़े वाहन इस सड़क से होकर गुजरते हैं। स्कूल बसों का भी इसी मार्ग से आवागमन होता है। लेकिन लगातार बारिश के कारण कच्ची सड़क की हालत बिगड़ती चली गई। कई स्थानों पर सड़क का स्वरूप इस कदर बिगड़ गया कि वाहन चालकों को गड्ढों और कीचड़ के बीच रास्ता तलाशकर आगे बढ़ना पड़ता था। कई वाहन रास्ते में फंसने लगे थे, वहीं छोटे वाहनों के लिए तो यह मार्ग लगभग मुश्किल भरा हो गया था।

सड़क खराब, तो बढ़ गया कई किलोमीटर का सफर

सड़क की बदहाली का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं था। बुटूंगा, गायलूंगा और कलिया सहित आसपास के ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामों के लिए आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही थी। सड़क की खराब स्थिति के चलते छोटे वाहनों को कलिया से साहीडांड़ और फिर बगीचा मार्ग की ओर से होकर जाना पड़ रहा था। इससे ग्रामीणों का समय और दूरी दोनों बढ़ रही थी।

सबसे बड़ी चिंता स्कूली बच्चों को लेकर बनी हुई थी। बरसात के दौरान जब सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और कीचड़ हो गया था, तब स्कूल बसों के संचालन में भी दिक्कतें आने लगी थीं। अभिभावकों को भी बच्चों के सुरक्षित आवागमन को लेकर चिंता बनी रहती थी।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय तक पहुंचाई आवाज

लगातार बिगड़ती सड़क की स्थिति को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने मामले की जानकारी मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय तक पहुंचाई। ग्रामीणों ने सड़क की दुर्दशा से अवगत कराते हुए जल्द से जल्द मरम्मत कराने की मांग रखी, ताकि गांवों का संपर्क सुचारू हो सके और स्कूली बच्चों सहित आम राहगीरों को राहत मिल सके।

ग्रामीणों की समस्या मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय तक पहुंचते ही मामले में तत्काल पहल की गई। कैंप कार्यालय की ओर से अम्बिकापुर सीसीएफ को सड़क की स्थिति को देखते हुए जल्द मरम्मत कराने के लिए कहा गया। इसके बाद बादलखोल अभ्यारण्य के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर नारायणपुर गेम रेंजर सिद्धार्थ भारती ने तत्काल सड़क मरम्मत का काम शुरू करा दिया।

सड़क पर मशीन और अमला उतरा, ग्रामीणों को मिली राहत की उम्मीद

मरम्मत कार्य शुरू होने के बाद सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों को भरने और मार्ग को आवागमन के योग्य बनाने का काम किया जा रहा है। लंबे समय से बदहाल सड़क को लेकर परेशान ग्रामीणों के लिए यह पहल राहत लेकर आई है। अब उम्मीद है कि सड़क के सुधरने के बाद स्कूल बसों सहित छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन पहले की अपेक्षा सुगम हो सकेगा।

बादलखोल अभ्यारण्य के बीच बसे इन गांवों के लिए सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ा महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। ऐसे में सड़क की मरम्मत शुरू होने से ग्रामीणों में संतोष देखने को मिल रहा है।

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की त्वरित पहल की क्षेत्र में सराहना

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या लंबे समय से परेशानी का कारण बनी हुई थी, लेकिन बारिश के दौरान स्थिति बेहद खराब हो गई थी। ग्रामीणों ने जब अपनी समस्या मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय तक पहुंचाई तो वहां से संबंधित अधिकारियों तक बात पहुंची और जल्द ही मरम्मत का काम शुरू हो गया।

क्षेत्रवासियों ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए त्वरित पहल करने के लिए मुख्यमंत्री सहित कैंप कार्यालय के स्टाफ  के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के माध्यम से उनकी समस्या संबंधित अधिकारियों तक पहुंची और अब सड़क मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है, जिससे आने वाले दिनों में क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

और भी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में अवैध खनिज परिवहन पर सख्ती, रेत-पत्थर से भरे 6 ट्रैक्टर जब्त

रायपुर, 3 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. के निर्देश पर खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल द्वारा सतत जांच अभियान चलाया जा रहा है। विभागीय दल ने आज विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए रेत एवं पत्थर का अवैध परिवहन करते कुल 6 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया।

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बस्ती-बगरा क्षेत्र में रेत से भरे 4 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त कर सुरक्षार्थ कोडगार चौकी में रखा गया है। इसी तरह सारबहरा क्षेत्र में पत्थर से भरे एक ट्रैक्टर वाहन तथा अंडी क्षेत्र में रेत से भरे एक ट्रैक्टर वाहन को जब्त कर सुरक्षार्थ अमरपुर पुलिस लाइन में रखा गया है।

विभाग द्वारा सभी संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रकरणों में निर्धारित अर्थदंड अथवा समझौता राशि खनिज मद में जमा कराए जाने के बाद नियमानुसार वाहनों को मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने खनिज विभाग को जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर सतत निगरानी रखते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागीय अमले को क्षेत्र में नियमित जांच करने तथा अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के मामलों में तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए उनकी गुणवत्तापूर्ण जांच और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

और भी

निजी फोटो-वीडियो वायरल कर युवती और परिवार को जान से मारने की धमकी, जशपुर पुलिस ने दिल्ली से आरोपी को दबोचा

जशपुर। निजी तस्वीर और वीडियो वायरल करने के साथ युवती व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में जशपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के 24 वर्षीय आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा, पिता कृष्ण पाल, निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी और पीड़िता की पहचान वर्ष 2024 में 4Fun एप्लीकेशन के माध्यम से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पीड़िता पर दबाव बनाकर वीडियो कॉल के दौरान उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो प्राप्त कर लिए तथा उनकी स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से इन तस्वीरों और वीडियो को व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित कर दिया। इतना ही नहीं, बातचीत बंद करने पर पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।

मामले में 19 वर्षीय पीड़िता ने 21 जनवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली जशपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 23/2026 के तहत बीएनएस की धारा 79, 351 तथा आईटी एक्ट की धारा 67 और 67(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

दिल्ली में मिला आरोपी, पुलिस टीम ने दबोचा

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के गृह ग्राम उत्तर प्रदेश में उसकी तलाश की, लेकिन वह घटना के बाद से फरार था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी टीम को सक्रिय किया तथा उसके संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी। इसी दौरान आरोपी के दिल्ली में होने की जानकारी पुलिस को मिली।

जानकारी मिलने के बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में सिटी कोतवाली जशपुर से विशेष पुलिस टीम दिल्ली भेजी गई। टीम ने तलाश कर आरोपी को दिल्ली से हिरासत में लिया और जशपुर लेकर पहुंची।

मोबाइल फोन भी जब्त, व्हाट्सएप और गैलरी की जांच

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसमें दो सिम कार्ड उपयोग में पाए गए। पुलिस के अनुसार मोबाइल के व्हाट्सएप और गैलरी का गवाहों की मौजूदगी में अवलोकन किया गया तथा मोबाइल अवलोकन पंचनामा तैयार कर आवश्यक स्क्रीनशॉट भी लिए गए। पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने और आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता एवं आरक्षक अविनाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जशपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया अथवा किसी ऑनलाइन माध्यम पर निजी तस्वीर या वीडियो के दुरुपयोग, ब्लैकमेलिंग, धमकी अथवा अश्लील सामग्री के प्रसारण की स्थिति में चुप न रहें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।

और भी

मोबाइल के पैसे को लेकर विवाद, लकड़ी के फाड़े से दो वार और फिर जंगल में शव ठिकाने लगाने की कोशिश; बगीचा हत्याकांड में आरोपी कृष्णा उर्फ कैलाश गिरफ्तार

जशपुर/बगीचा, 3 अक्टूबर 2026। बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम जुरगुम-तुर्रापानी जंगल में 23 सितंबर को मिले अज्ञात पुरुष के शव की गुत्थी जशपुर पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस जांच में मृतक की पहचान ग्राम विमड़ा निवासी राजेश दास के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में पुलिस ने ग्राम झगरपुर निवासी कृष्णा उर्फ कैलाश यादव (30 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मोबाइल फोन के बकाया एक हजार रुपये को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने लकड़ी के फाड़े से राजेश के सिर पर दो बार वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को टेकरी के पीछे फेंक दिया और पुलिस से बचने के लिए हत्या में प्रयुक्त हथियार, मृतक का मोबाइल तथा घटना के समय पहने कपड़े अलग-अलग नदियों में फेंक दिए।

पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर को ग्राम जुरगुम-तुर्रापानी जंगल क्षेत्र में रपटा पुलिया के पास टेकरी के पीछे एक अज्ञात पुरुष का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। ग्रामीण मनियारो बाई ने शव देखने के बाद गांव में इसकी जानकारी दी, जिसके बाद युगल किशोर साय ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर जांच शुरू की। मृतक के शरीर पर पीले रंग की टी-शर्ट और ग्रे रंग का लोवर था, जबकि सिर के पीछे चोट और खून के निशान मिले थे। चेहरे को बाद में जंगली जानवर द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिए जाने के कारण तत्काल मृतक की पहचान नहीं हो सकी।

मामले में थाना बगीचा में मर्ग क्रमांक 124/2026 धारा 194 BNSS के तहत मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सकीय जांच में मृत्यु को हत्यात्मक बताया गया। इसके बाद थाना बगीचा में अपराध क्रमांक 256/2026, धारा 103(1) BNS के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों से सामने आया आरोपी

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों, मृतक के परिजनों और उसके साथियों से पूछताछ की। तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह ग्राम झगरपुर निवासी कृष्णा उर्फ कैलाश यादव पर गया। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने घटना की जानकारी देते हुए अपराध स्वीकार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि मृतक राजेश दास से मोबाइल फोन के बकाया एक हजार रुपये को लेकर उसका विवाद चल रहा था। 23 सितंबर को आरोपी राजेश दास और एक अन्य व्यक्ति अलग-अलग स्थानों पर गए थे। बाद में दूसरे व्यक्ति को रास्ते में उतारने के बाद आरोपी और राजेश दास लाल रंग की स्विफ्ट कार से जुरगुम रपटा पुलिया की ओर गए। यहां मोबाइल के बकाया पैसे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने राजेश को कार से नीचे उतरने को कहा और जमीन पर पड़े लकड़ी के फाड़े से उसके सिर पर दो बार वार कर दिया। राजेश के जमीन पर गिरने के बाद आरोपी ने शव को उठाकर टेकरी के पीछे फेंक दिया।

पुलिस से बचने साक्ष्य मिटाने की कोशिश

पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने मामले से जुड़े साक्ष्यों को मिटाने का भी प्रयास किया। घटना में प्रयुक्त लकड़ी का फाड़ा और मृतक का मोबाइल मैनी नदी में फेंक दिया गया, जबकि घटना के समय पहने कपड़ों को डोड़की नदी में फेंकने की बात आरोपी ने बताई। इसके अलावा आरोपी ने घटना में प्रयुक्त लाल रंग की स्विफ्ट कार को भी धोकर उसमें मौजूद संभावित साक्ष्यों को नष्ट करने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उक्त कार उसके घर से बरामद कर ली है।

पुलिस ने आरोपी कृष्णा उर्फ कैलाश यादव के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार किया। साक्ष्य नष्ट करने के प्रयास के चलते हत्या की धारा 103(1) BNS के साथ धारा 238 BNS भी जोड़ी गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक विक्रांत कुमार सोन, सहायक उप निरीक्षक नरेश मिंज सहित थाना बगीचा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और भी

सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव-गांव विशेष ग्राम सभा का आयोजन, विकास के मुद्दों पर मंथन के साथ ग्रामीणों को दिलाई बाल विवाह रोकथाम और नशा मुक्ति की शपथ

जशपुर 3 अक्टूबर 2026/ जिले में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सहित गांव के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।
2 अक्टूबर 2026 गांधी जयंती के अवसर पर ग्रामवासियों ने अपने गांव को स्वच्छ रखने की भी शपथ ली।

कुरकुंगा के पंचायत भवन में आयोजित विशेष ग्राम सभा में ग्रामीणों के साथ गांव के विकास से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही ग्रामीणों एवं किशोर-किशोरियों को बाल विवाह रोकथाम एवं नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने अपनी पंचायत को बाल विवाह मुक्त एवं नशा मुक्त पंचायत बनाने का संकल्प लिया।

इसी क्रम में जशपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत पैंकू तथा बगीचा विकासखंड के ग्राम बिमड़ा के पंचायत भवन में भी विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। ग्राम सभाओं में ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए गांव के समग्र विकास में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

और भी

गांधी जयंती पर जशपुर की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन, ग्रामीणों ने तय की गांवों के विकास की दिशा; स्वच्छता अभियान के उत्कृष्ट स्वच्छाग्रहियों, स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान

जशपुर 3 अक्टूबर 2026/ भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय के निर्देश एवं कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार 02 अक्टूबर 2026 गांधी जयंती के अवसर पर जिला जशपुर की समस्त ग्राम पंचायतों में *रिफॉर्म उत्सव को जन योजना अभियान (PPC) के साथ एकीकृत कर* विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया।


इस अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026* के तहत स्वच्छता कार्यक्रम भी आयोजित किये गये।
 
रिफॉर्म उत्सव पर चर्चा:भारत सरकार द्वारा नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने हेतु किये गये सुधारों की जानकारी फ्लिप चार्ट, पोस्टर एवं वीडियो के माध्यम से दी गई। 

ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों को संकलित कर *विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) एवं ग्राम पंचायत विकास योजना के बारे में विस्तृत चर्चा किया गया।

ग्राम सभा के अन्य प्रमुख निर्णय: सड़कों पर आवारा मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने हेतु जुर्माना ,शास्ति लगाने का संकल्प, PAI 2.0, समर्थ पंचायत पोर्टल पर ऑनलाइन कर अधिरोपण,वी बी राम जी  के तहत 

125 दिन रोजगार गारंटी, मोर गांव मोर पानी महाअभियान, पीएम आवास प्लस 2.0 की पी डब्लू एल सूची का अनुमोदन।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छाग्रहियों, स्वच्छता दीदियों एवं सफाई मित्रों को ग्राम सभा के माध्यम से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

साथ ही सभी पंचायतों में स्वच्छता शपथ, श्रमदान, सार्वजनिक स्थलों की सफाई एवं स्वच्छता रैली का आयोजन किया गया। 


रिफॉर्म उत्सव के अंतर्गत विभिन्न विभागों के विषयों को सम्मिलित करते हुए जनजागरुकता अभियान चलाकर प्रचार प्रसार भी किया गया। 
समस्त ग्रामों से अधिक जनसंख्या में ग्रामीण जनों ने अपनी उपस्थिति देकर विशेष ग्राम सभा को सफल बनाया।

और भी

शटर के ताले काटकर उड़ाए थे 132 मोबाइल, कुनकुरी पुलिस ने झारखंड-पश्चिम बंगाल में दबिश देकर 5 आरोपियों को दबोचा, 1.80 लाख रुपए बरामद, बांग्लादेश तक जुड़े मोबाइल चोरी के तार

कुनकुरी। कुनकुरी में मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर 132 मोबाइल हैंडसेट चोरी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कमीशन के रूप में बची 1 लाख 80 हजार रुपए की राशि बरामद की है। सीसीटीवी फुटेज, टावर डंप लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की जांच झारखंड और पश्चिम बंगाल तक पहुंची।

मामला कुनकुरी के तपकरा रोड स्थित मोबाइल दुकान का है। दुकान संचालक पंकज कुमार पारिक ने 12 अगस्त को थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 अगस्त की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। अगले दिन सुबह बैंक कर्मचारी द्वारा दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचने पर शटर के दोनों ताले कटे मिले और दुकान के अंदर मोबाइल के डिब्बे बिखरे पड़े थे। जांच करने पर बिक्री के लिए रखे गए कुल 132 मोबाइल हैंडसेट गायब मिले।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण के साथ ही प्रार्थी और गवाहों के बयान, सीसीटीवी फुटेज, टावर डंप लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के समीप स्थित अन्नपूर्णा होटल से भी अहम सुराग मिला, जहां घटना से जुड़े दो आरोपियों के खाना खाने आने और मोबाइल नंबर दिए जाने की जानकारी सामने आई।

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम झारखंड के साहेबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के मुर्गीटोली मध्य नारायणपुर पहुंची और आरोपी तौसिफ राजा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने कबीर शेख के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया तथा चोरी के मोबाइल सेंटू शेख को बिक्री के लिए देने की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन में सामने आया कि चोरी किए गए मोबाइलों में से 50-50 मोबाइल सत्यजीत मंडल और अब्दुल बारी उर्फ रूबेल को तथा 34 मोबाइल इकबाल हुसैन उर्फ राणा को बिक्री किए गए थे। मोबाइल बिक्री से प्राप्त करीब 17 लाख रुपए की राशि तीनों के बीच बांटे जाने की जानकारी भी जांच में सामने आई है।

इस मामले में पुलिस ने अलग-अलग तिथियों में कार्रवाई करते हुए 25 अगस्त, 14 सितंबर, 27 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 को कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में तौसिफ राजा, सेंटू शेख, इकबाल हुसैन उर्फ राणा, अब्दुल बारी उर्फ रूबेल खुराना और अब्दुल अजीज शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी सेंटू शेख से कमीशन के रूप में बची 1 लाख 80 हजार रुपए की राशि बरामद कर जब्त की है। इसके अलावा आरोपियों द्वारा घटना में इस्तेमाल किए गए व्यक्तिगत मोबाइल फोन भी साक्ष्य के तौर पर जब्त किए गए हैं।

जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि चोरी किए गए मोबाइल हैंडसेट को बांग्लादेश में बिक्री के लिए भेजे जाने की बात सामने आई है। मामले में चार अन्य आरोपियों की पहचान पुलिस द्वारा कर ली गई है, जो फिलहाल फरार हैं। पुलिस उनकी लगातार तलाश कर रही है। वहीं बांग्लादेश में बताए जा रहे चोरी के मोबाइलों की बरामदगी के लिए विधि अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

थाना कुनकुरी में मामले में अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई में निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षक नसरुद्दीन अंसारी, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले सहित साइबर सेल जशपुर और थाना कुनकुरी के पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही।

और भी

सेवा संकल्प अभियान में बुजुर्गों को मिला सम्मान, 500 वरिष्ठजनों को शॉल-श्रीफल, दिव्यांगों को व्हीलचेयर और 40 हितग्राहियों को स्वामित्व प्रमाण पत्र—मंत्री टंक राम वर्मा ने गिनाई जनकल्याणकारी योजनाएं

​रायपुर, 02 अक्टूबर 2026/

          छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत गांधी जयंती व अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर धमतरी के मेनोनाइट हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। 
     कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने जिले के लगभग 500 महिला एवं पुरुष वृद्धजनों से आत्मीय भेंट कर उन्हें शॉल एवं श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया।
      ​इस दौरान मंत्री श्री वर्मा ने विभिन्न हितग्राहीमूलक गतिविधियों के तहत 40 लोगों को स्वामित्व प्रमाण पत्र  सौंपे। साथ ही दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को व्हीलचेयर व आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

*​गोद भराई, पोषण किट वितरण और स्वास्थ्य जांच*

      राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में मंत्री श्री वर्मा ने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म पूरी कर उन्हें पोषण किट भेंट की। उन्होंने परिसर में लगाए गए विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली और स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर स्वयं ब्लड प्रेशर की जांच भी कराई।

*​बुजुर्गों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक*

        समारोह को संबोधित करते हुए  मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक परिवार, समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उनका जीवन संघर्ष और अनुभव नई पीढ़ी को सही दिशा दिखाता है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान किसी एक आयोजन तक सीमित न रहकर हमारी दिनचर्या का हिस्सा होना चाहिए।
      ​उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में यह अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 'अंत्योदय' भावना के अनुरूप केंद्र व राज्य सरकारें स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाएं दे रही हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में किसानों के हित में धान खरीदी, महिलाओं के लिए 'महतारी वंदन' योजना और 'एक पेड़ मां के नाम' जैसे अभियानों को प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

*​देहदान-अंगदान की सराहना और नशामुक्ति का आह्वान*

         प्रभारी मंत्री ने देहदान और अंगदान करने वाले नागरिकों के योगदान को मानवता की सर्वोच्च सेवा बताया। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। जब युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र निर्माण, शिक्षा और सेवा में लगेगी, तभी एक सशक्त भारत का निर्माण होगा।
       ​इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरुण सार्वा ने बुजुर्गों के मार्गदर्शन को समाज की सबसे बड़ी पूंजी बताया, वहीं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष श्री निरंजन सिन्हा ने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है।कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने स्वागत भाषण में कहा कि जिला प्रशासन वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन के लिए निरंतर प्रयासरत है।
      ​कार्यक्रम में नगर निगम सभापति, जिला पंचायत सभापति, जनपद अध्यक्ष, डीएफओ सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक व अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

बरसात खत्म होते ही रफ्तार पकड़ेगा छत्तीसगढ़ का सड़क-पुल निर्माण अभियान, 672 करोड़ 22 लाख रुपए से 24 बड़े कार्यों की निविदा मंजूर; गांव से शहर तक कनेक्टिविटी होगी मजबूत, आवागमन होगा तेज और सुरक्षित


 
रायपुर 2 अक्टूबर 2026/बरसात के बाद प्रदेश में सड़क और पुल निर्माण के कार्य तेजी से धरातल पर उतरेंगे। राज्य शासन ने इसके लिए तैयारियां पूरी करते हुए 672 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपए के 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दे दी है। इनमें नई सड़कों और पुलों के निर्माण के साथ मौजूदा सड़कों के उन्नयन, चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, विद्युतीकरण और सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग ने संबंधित अधिकारियों को चयनित ठेकेदारों एवं निर्माण एजेंसियों को यथाशीघ्र कार्यादेश जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश में मजबूत सड़क एवं पुल अधोसंरचना का निर्माण राज्य सरकार की विकास प्राथमिकताओं में शामिल है। बेहतर सड़कें गांवों और शहरों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच को सुगम बनाती हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से आवागमन बेहतर होगा और व्यापार, पर्यटन सहित स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्वीकृत परियोजनाओं का लाभ लोगों तक जल्द पहुंचे, इसके लिए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए और निर्माण की गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में सड़क और पुल अधोसंरचना के विस्तार के लिए योजनाबद्ध ढंग से काम कर रही है। लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रदेशभर में 24 महत्वपूर्ण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी गई है। अधिकारियों को कार्यादेश जारी कर बरसात के बाद निर्माण कार्यों को तत्काल गति देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाएगा, जिससे प्रदेशवासियों को बेहतर, तेज और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग द्वारा मंजूर 24 कार्यों में नई सड़कों के सात कार्य, पुल एवं पहुंच मार्गों के दो कार्य, सड़कों के उन्नयन के तीन कार्य तथा चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के 12 कार्य शामिल हैं।

*दुर्ग, धमतरी, राजनांदगांव सहित विभिन्न जिलों में बनेंगी नई सड़कें*

लोक निर्माण विभाग ने दुर्ग जिले में पुलगांव पुल मुख्य मार्ग से अंजोरा-रसमड़ा राज्य मार्ग में पुल-पुलिया सहित 5.28 किलोमीटर फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए 28 करोड़ 2 लाख 70 हजार रुपए की निविदा को मंजूरी दी है। धमतरी जिले में राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर फोरलेन गौरव पथ के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत की गई है।

राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में पुल-पुलियों सहित आठ किलोमीटर फोरलेन परिक्रमा पथ के लिए 46 करोड़ 22 लाख 8 हजार रुपए, बिलासपुर जिले में 17.61 किलोमीटर झाल से नगपुरा मार्ग के लिए 29 करोड़ 91 लाख 92 हजार रुपए, महासमुंद जिले में पुल-पुलियों सहित 6.50 किलोमीटर सल्डीह-बहादुरपुर मुख्य जिला मार्ग के लिए 11 करोड़ 27 लाख 98 हजार रुपए, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 7.60 किलोमीटर सिविलदाग-नीलकंठपुर सड़क के लिए 14 करोड़ 13 हजार रुपए तथा रायगढ़ जिले में 3.40 किलोमीटर उर्दना-कृष्णापुर-खैरपुर मार्ग के लिए 13 करोड़ 74 लाख 29 हजार रुपए की निविदा को मंजूरी दी गई है।

*अरपा और खारून नदी पर बनेंगे उच्च स्तरीय पुल*

राज्य शासन ने बिलासपुर जिले में लोधीपारा (सरकंडा)-कोनी मार्ग में अरपा नदी पर उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के लिए 17 करोड़ 63 लाख 32 हजार रुपए तथा चोरहादेवरी-परसदा मार्ग में खारून नदी पर उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग के लिए 7 करोड़ 68 लाख 16 हजार रुपए की निविदा को स्वीकृति प्रदान की है। इन पुलों के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

*करीब 79 करोड़ रुपए से तीन महत्वपूर्ण सड़कों का होगा उन्नयन*

लोक निर्माण विभाग ने सड़क उन्नयन के तीन कार्यों के लिए कुल 78 करोड़ 96 लाख 74 हजार रुपए की निविदाओं को मंजूरी दी है। इनमें बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 37 करोड़ 37 लाख 96 हजार रुपए लागत का पुल-पुलिया सहित 18 किलोमीटर परसवार-चलगली मार्ग, रायपुर में 17 करोड़ 32 लाख 31 हजार रुपए लागत से अभनपुर के पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के 2.60 किलोमीटर हिस्से का फोरलेन उन्नयन तथा रायगढ़ में 24 करोड़ 26 लाख 47 हजार रुपए लागत का 12.30 किलोमीटर कोड़ातराई-पुसौर-सूरजगढ़ सड़क का उन्नयन शामिल है।

*धमतरी में कई महत्वपूर्ण मार्गों का होगा चौड़ीकरण और मजबूतीकरण*

धमतरी जिले में मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया राष्ट्रीय राजमार्ग-30 में 3.75 किलोमीटर चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 45 लाख 12 हजार रुपए, पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा (बी) मार्ग में पांच किलोमीटर चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 13 करोड़ 32 लाख 82 हजार रुपए, नौ किलोमीटर छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के लिए 23 करोड़ 12 लाख 46 हजार रुपए तथा 10 किलोमीटर अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा सड़क के लिए 19 करोड़ 42 लाख 22 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है।

राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग में 23 किलोमीटर लंबाई के मजबूतीकरण एवं डामरीकरण के लिए 11 करोड़ 70 लाख 83 हजार रुपए की निविदा को भी मंजूरी दी गई है।

*रायगढ़ में फोरलेन सड़कों के साथ होगा विद्युतीकरण*

रायगढ़ जिले के रायगढ़-लोइंग-महापल्ली मुख्य जिला मार्ग में पांच किलोमीटर हिस्से के फोरलेन चौड़ीकरण एवं विद्युतीकरण के लिए 59 करोड़ 49 लाख 4 हजार रुपए तथा रायगढ़-कोतरा-नंदेली राज्य मार्ग के पांच किलोमीटर हिस्से में फोरलेन चौड़ीकरण एवं विद्युतीकरण के लिए 47 करोड़ 77 लाख 76 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत की गई है।

*कांकेर से सरगुजा तक मजबूत होगा सड़क नेटवर्क*

विभाग ने कांकेर-भानुप्रतापपुर-संबलपुर राज्यीय राजमार्ग में पुल-पुलियों सहित 36.80 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 85 करोड़ 83 लाख 4 हजार रुपए की निविदा को मंजूरी दी है।

बेमेतरा जिले में देवकर-साजा-खम्हरिया मुख्य जिला मार्ग के 30.80 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 30 करोड़ 22 लाख 88 हजार रुपए, दुर्ग जिले में भिलाई-सिरसा-औरी-मोतीपुर मुख्य जिला मार्ग के 15.50 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 16 लाख 16 हजार रुपए, सरगुजा जिले में 28 किलोमीटर लंबे सोनतराई-मैनपाट मार्ग के मजबूतीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 26 करोड़ 7 लाख 34 हजार रुपए तथा महासमुंद जिले में बिहाझर-गांजर-रेवा मार्ग की 25.90 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 59 करोड़ 89 लाख 21 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है।

*गुणवत्ता पर विशेष नजर, निर्धारित समय-सीमा में पूरे होंगे कार्य*

राज्य शासन ने संबंधित सभी कार्यपालन अभियंताओं को अनुबंधित कार्यों का संपादन एवं पर्यवेक्षण विभागीय मापदंडों के अनुसार सुनिश्चित करते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन कार्यों को किसी अन्य को सबलेट नहीं किया जा सकेगा तथा कार्य संपादन के लिए पॉवर ऑफ अटॉर्नी मान्य नहीं होगी।

कार्यपालन अभियंताओं को अनुबंधित समयावधि में कार्यों को पूर्ण कराने तथा प्रशासकीय स्वीकृति एवं आबंटन की सीमा में अनुबंध के अनुसार कार्य संपादित कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

और भी