ताजा खबरें


बड़ी खबर

अंतरिक्ष से रोबोटिक्स तक विद्यार्थियों ने करीब से जाना विज्ञान, कलेक्टर रोहित व्यास की पहल पर सेजेस फरसाबहार में पहुंची साइंस ऑन व्हील्स मोबाइल वैन

जशपुर।

कलेक्टर रोहित व्यास की पहल पर विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अध्ययन को प्रोत्साहित करने और रुचि जागृत करने के उद्देश्य से अन्वेषण कार्यक्रम चलाया गया है। अन्वेषण के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए साइंस ऑन व्हील्स कार्यक्रम आयोजित कराया जा रहा है। विभिन्न वैज्ञानिक और तकनीकी मॉडल से सुसज्जित मोबाइल वैन एक्सपर्ट टीम के साथ शुक्रवार को सेजेस फरसाबहार पहुंचा। 

मोबाइल वैन में मौजूद वैज्ञानिक मॉडल्स, प्रयोगों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान के व्यावहारिक पहलुओं को करीब से समझा। स्पेस टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, सस्टेनेबिलिटी और वॉटर फिल्ट्रेशन जैसे विषयों पर आधारित मॉडल्स एवं गतिविधियों ने विद्यार्थियों की विशेष रुचि बढ़ाई। विद्यार्थियों ने स्वयं गतिविधियों में भाग लेते हुए सवाल पूछे और प्रयोगों के माध्यम से वैज्ञानिक अवधारणाओं को समझा।

ज्वाइंट कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा एवं जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा के निर्देश पर जिले के 16 विद्यालय प्रदर्शन स्थलों पर यह कार्यक्रम आयोजित कराया जा रहा है । अभी तक 14 विद्यालय स्थलों में यहां कार्यक्रम आयोजित हो चुका है जिसमें 48 विद्यालयों के 1400 विद्यार्थी लाभान्वित हुए हैं। साइंस ऑन व्हील्स कार्यक्रम इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड फाउंडेशन के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। ट्रेनर्स सुभाष देवांगन, राजेश कुमार एवं दुर्गेश साहू विद्यार्थियों को विभिन्न वैज्ञानिक गतिविधियों से परिचित करा रहे हैं। कार्यक्रम के माध्यम से विज्ञान की प्रयोगशाला विद्यार्थियों के द्वार तक पहुंच रही है और विज्ञान को केवल किताबों तक सीमित न रखकर उसे प्रयोग, गतिविधि और अनुभव के रूप में समझने का अवसर मिल रहा है। 

कार्यक्रम का समन्वय यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय, बीईओ सी.आर. भगत के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद विद्यालय फरसाबहार के विद्यार्थियों सहित हाई स्कूल कन्या पंडरीपानी, बनगांव, बालक हायर सेकेंडरी पंडरीपानी और हाई स्कूल कंदईबहार के 100 विद्यार्थी शामिल हुए।

और भी

मुख्यमंत्री साय की पहल से आदिवासी अंचल जशपुर में चिकित्सा शिक्षा को मिली नई उड़ान,एमबीबीएस में 41 विद्यार्थियों का प्रवेश, 359 करोड़ का मेडिकल कॉलेज और 220 बिस्तरों का अस्पताल बदलेंगे जिले की स्वास्थ्य तस्वीर

  जशपुरनगर, 12 सितंबर 2026/ आदिवासी बाहुल्य जशपुर जिले में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व एवं सतत प्रयासों से  चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एमबीबीएस प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। निर्धारित 50 सीटों में से प्रथम चरण में 41 नीट क्वालीफाई विद्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है। वर्तमान में दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया जारी है। मेडिकल कॉलेज की निर्धारित 50 सीटों में से 42 सीटें राज्य कोटा, 7 सीटें केंद्रीय कोटा और 01 सीट सेंट्रल पूल के अंतर्गत भरी जाएंगी। 

झारगांव पॉलीटेक्निक कॉलेज में शुरू हुई वैकल्पिक व्यवस्था

मेडिकल कॉलेज के स्थायी भवन के निर्माण तक झारगांव स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज भवन में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। छात्र एवं छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास की व्यवस्था भी की गई है। मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों के प्रयोगात्मक एवं व्यावहारिक अध्ययन के लिए जिला चिकित्सालय में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं मेडिकल कॉलेज का प्रशासनिक कार्यालय जिला चिकित्सालय के समीप निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर अस्पताल भवन में संचालित किया जाएगा। विद्यार्थियों को अध्ययन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित की जा रही हैं। मेडिकल कॉलेज के लिए प्रोफेसर के 14, एसोसिएट प्रोफेसर के 20 और असिस्टेंट प्रोफेसर के 25 पदों सहित अन्य आवश्यक पदों की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।

चराईडांड में बनेगा मेडिकल कॉलेज का स्थायी भवन

जशपुर को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं एवं चिकित्सा शिक्षा के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कुनकुरी के चराईडांड में नवीन शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के स्थायी भवन निर्माण के लिए 359 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही यहां 220 बिस्तरों की क्षमता वाले अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। मेडिकल कॉलेज के स्थायी भवन और अत्याधुनिक अस्पताल के पूर्ण होने से जिले में चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं को भी और मजबूती मिलेगी। इससे जशपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही स्थानीय विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे।

स्वास्थ्य एवं शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मिल रही नई मजबूती

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के विशेष प्रयासों से जशपुर जिले में स्वास्थ्य एवं शिक्षा के बुनियादी ढांचे को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई की शुरुआत और स्थायी भवन के निर्माण के लिए स्वीकृति इसी दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। जिले के फरसाबहार क्षेत्र में सत्य साईं ट्रस्ट द्वारा सत्य साईं मातृ-शिशु अस्पताल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। वहीं संजीवनी एंबुलेंस की संख्या में पर्याप्त वृद्धि की गई है तथा गिनाबहार में 50 बिस्तरों वाले मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य यूनिट का निर्माण भी जारी है। इसके अलावा जिले में नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज एवं नेचुरोपैथी सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। इन संस्थानों के प्रारंभ होने से जशपुर में चिकित्सा शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा तथा जिलेवासियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।

और भी

निर्माण श्रमिकों के सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर मंथन, मुंबई में BOCW सम्मेलन में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर

रायपुर, 12 सितंबर 2026/ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकारों (BOCW) के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और श्रमिक हितों को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुंबई में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन ('National Conference on BOCW') का शुभारंभ हुआ। 11 और 12 सितंबर 2026 तक आयोजित इस सम्मेलन में देशभर के निर्माण श्रमिकों के सुरक्षित, सम्मानजनक और समृद्ध भविष्य पर विस्तृत चर्चा की जा रही है।

       इस राष्ट्रीय सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री श्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती शोभा करंदलाजे, मध्यप्रदेश के श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल और छत्तीसगढ़ के श्रम सचिव श्री हिम शिखर गुप्ता सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए।

      सम्मेलन में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह तथा मंडल सचिव श्री गिरीश रामटेके ने किया। सम्मेलन के दौरान विभिन्न राज्यों ने श्रमिक हित में लागू की गई कल्याणकारी योजनाओं, श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों और नए नवाचारों के अनुभवों को साझा किया। साथ ही निर्माण श्रमिकों तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भविष्य की रणनीतियों पर रणनीति तैयार की जा रही है। यह आयोजन देश के निर्माण श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

और भी

एक के बाद एक फेसबुक पोस्ट और बढ़ता विवाद, आखिरकार कुनकुरी थाने पहुंचा मामला; यूडी मिंज की शिकायत पर अमित पांडे के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में अपराध दर्ज, अब डिजिटल साक्ष्यों की होगी बारीकी से जांच

जशपुर 12 सितंबर 2026

जशपुर जिले के कुनकुरी थाने में कथित पत्रकार अमित पांडे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पूर्व संसदीय सचिव एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष यू.डी. मिंज की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।आरोप है कि अमित पांडे द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर लगातार ऐसे पोस्ट किए जा रहे थे, जिनसे साम्प्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका जताई गई। शिकायत के आधार पर कुनकुरी पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अमित पांडे के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पूर्व में भी जिले के अलग-अलग थानों में शिकायतें की जा चुकी हैं। वहीं, अग्रवाल समाज को लेकर कथित टिप्पणी के मामले में पत्थलगांव थाने में भी शिकायत के बाद जमकर हंगामा हुआ था।अब कुनकुरी थाने में गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज होने के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट, शिकायत में लगाए गए आरोपों और पूरे मामले से जुड़े तथ्यों की जांच करने के बाद मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।

एफआईआर में दर्ज विवरण

(भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 173 (1) के अंतर्गत) सेवा में थाना प्रभारी महोदय थाना कुनकुरी जिला जशपुर (छत्तीसगढ) विषय -अनावेदक अमित पाण्डेय (निवासी अम्बिकापुर) एवं अन्य द्वारा सोशल मीडिया (फेसबुक) पर आवेदक श्री यू.डी. मिंज भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस तथा एक धार्मिक समुदाय विशेष के विरूद्ध सुनियोजित रूप से साम्प्रदायिक वैमनस्य फैलाने वाली राष्ट्रीय एकता के प्रतिकूल असत्य अपमानजनक एवं लोक अपकार कारित करने वाली पोस्टें प्रकाशित / प्रसारित किये जाने के सम्बध में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 196 (1), 197(1), 353(1), 196 (2) सहपठित धारा 61 (2) एवं 45/49 के अन्तर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज किये जाने विषयक। 

आवेदक/प्रार्थी श्री उत्तमदान यू.डी. मिंज आत्मज स्व० एम.ए. मिंज आयु 60 वर्ष पूर्व विधायक (कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र) एवं जिला अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी जशपुर निवासी ग्राम जोकारी, आश्रय पोस्ट जोकारी, तहसील कुनकुरी जिला जशपुर (छत्तीसगढ)। अनावेदक/अभियुक्त (1) अमित पाण्डेय, फेसबुक प्रोफाईल नाम Amit Pandey (प्रोफाईल एवं विवादित पोस्टो के लिंक / URL संलग्नक अनुसार) निवासी अम्बिकापुर जिला सरगुजा (छत्तीसगढ) पूर्ण पता एवं पहचान अन्वेषण से ज्ञातव्य तथा (2) अज्ञात मुख्य षंडयंत्रकारी/दुष्प्रेरक एवं सहयोगी व्यक्ति जिनके कहने / इसारे पर एवं जिनके द्वारा उपलब्ध करायी गई सामग्री एवं दस्तावेजों के आधार पर अनावेदक क्रमांक 1 उपरोक्त कृत्य कर रहा है- अन्वेषण से ज्ञातव्य । 

महोदय सविनय निवेदन है कि 1. यह कि आवेदक कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र का पूर्व विधायक एवं वर्तमान में जिला अध्यक्ष जिला काग्रेस कमेटी, जशपुर है तथा सम्मानित जनप्रतिनिधि एवं सार्वजनिक व्यक्ति है। आवेदक अनुसूचित जनजाति समुदाय से आता है क्षेत्र की लोक शांति एवं साम्प्रदायिक सौहाद्र बनाए रखने में आवेदक का विधिसम्मत हित है तथा उपरोक्त पोस्टो कें आवेदक का प्रत्यक्षत लक्षित किया गया है। 2. यह कि अनावेदक क्रमांक 1 अमित पाण्डेय निवासी, अम्बिकापुर द्वारा अपने सार्वजनिक फेसबुक खाते Amit Pandey से विगत कुछ दिनों में लगातार एवं सुनियोजित ढंग से आवेदक तथा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के विरूद्ध एक सुव्यवस्थित दुष्प्रचार- अभियान के अन्तर्गत निम्नलिखित पोस्टें प्रसारित की गई है (क) उत्तमदान (UD) मिंज ने कांग्रेस में उभरने वाले हर हिंदू नेता को पीटा और पिटवाया। कभी सोचे ऐसा क्यों (ख) जशपुर में कांग्रेस की बर्बादी के प्रमुख जिम्मेदार UD मिंज के नेतृत्व में होगा कांग्रेस का अंतिम संस्कार । Coming soon। (ग) (UD) मिंज के विधायक कार्यकाल के दौरान समुदाय विशेष के गुंडो ने कितना दुर्गंध मचाया था याद है या भूल गए। (घ) विडियो पोस्ट (शीर्षक) UD मिंज की तानाशाही ने मचा दिया सियासी कत्लेआम। (ड.) छल और षडयंत्र के कथित शहंशाह उत्तमदान (UD) मिंज के कर कमलो से सम्पन्न। (च) आक्रोश शीर्षक सहित एक विडियो पोस्ट (अन्तर्वस्तु अन्वेषण में परीक्षणीय)। (छ) अंजुमन इस्लामिया कमेटी, कुनकुरी के पत्र का छायाप्रति संलग्न कर -इस पत्र ने यह साबित कर दिया है कि जशपुर में कांग्रेस पार्टी कहां से संचालित होती है (ज) ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुनकुरी के एक आन्तरिक पत्र का छायाचित्र संलग्न कर कांग्रेस ने 70 वर्षों तक सेकुलरिज्म की आड में हिंदुओं कैसे छला इस ब्लॉक अध्यक्ष का नाम अवश्य पढे। उपरोक्त समस्त पोस्टो के रंगीन स्क्रीनशॉट एवं URL इस आवेदन के साथ संलग्न है। 3. यह कि उपरोक्त में से पोस्ट (क), (ग), (छ) एवं (ज) स्पष्टत साम्प्रदायिक प्रकृति की है इनमें हर हिंदू नेता को पीटा समुदाय विशेष के गुंडो एक राष्ट्रीय दल का किसी धार्मिक एवं समुदाय द्वारा संचालित होना, तथा सेकुलरिज्म की आड में हिंदुओ को छला जैसी शब्दावली का प्रयोग कर धर्म एवं समुदाय के आधार पर दो भिन्न वर्गों के बीच शत्रुता, घृणा एवं वैमनस्य उत्पन्न करने तथा राष्ट्रीय एकता के प्रतिकूल भावना भडकाने का सुविचारित प्रयास किया गया है। 

यह कि पोस्ट (ख), (घ), (ड) एवं (च) आवेदक के विरूद्ध असत्य,अपमानजनक एवं दुर्भावनापूर्ण है, जिनका उद्देश्य आवेदक की सार्वजनिक छवि को आघात पहुंचाना एवं जनमानस में उसके प्रति विद्वेश उत्पन्न करना है, तथा जो उपरोक्त साम्प्रदायिक पोस्टों के साथ मिलकर एक सुनियोजित दुष्प्रचार अभियान का अंग है। 5. यह कि आवेदक का विवाद पोस्ट (छ) एवं (ज) में संलग्न पत्रों की प्रमाणिकता से नहीं अपितु अनावेदक द्वारा उन आन्तरिक/प्रशासनिक पत्रों के साथ की गई साम्प्रदायिक एवं दुर्भावनापूर्ण व्याख्या एवं प्रस्तुति से है, जिसके माध्यम से एक सामान्य प्रशासकिन/संगठनात्मक विषय को धार्मिक रंग देकर वैमन्स्य फैलाया जा रहा है। 6. यह कि उपरोक्त पोस्टों का क्रम, बारम्बारता, उनमें प्रयुक्त स्थानीय/आन्तरिक दस्तावेज एवं संगठित प्रस्तुति से प्रथम दृष्टया स्पष्ट है कि अनावेदक क्रमांक 1 स्वत नहीं, अपितु किसी मुख्य षंडयंत्रकारी/दुष्प्रेरक के कहने एवं इशारे पर, तथा उसके द्वारा उपलब्ध करायी गयी साम्रग्री के आधार पर पूर्व नियोजित सहमति एवं साझा उद्देश्य के अन्तर्गत यह कृत्य कर रहा है। अतः यह अत्यंत आवश्यक है कि इस अभियान का वास्तविक सूत्रधार/मुख्य षडयंत्रकारी कौन है, इसका गहन अन्वेषण कर उसे बेनकाब किया जावे, जो भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 61(2) (आपराधिक षंडयंत्र), एवं धारा 45/49 (दुष्प्रेरण) के परिप्रेक्ष्य में दण्डनीय है। 7. यह कि अनावेदकगण के उपरोक्त कृत्य प्रथम दृष्टया भारतीय न्याय संहिता 2023 की निम्नलिखित संज्ञेय (Cognizable) धाराओं के अन्तर्गत दण्डनीय अपराध गठित करते हैं धारा 196 (1) धर्म/वर्ग आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढावा देना, धारा 197 (1) राष्ट्रीय एकता के प्रतिकूल अभिकथन एवं प्रतिपादन, धारा 353(1) एवं 353(2) - इलेक्ट्रानिक माध्यम से असत्य कथन द्वारा लोक अपकार एवं वर्गों के बीच शत्रुता को बढावा देना, सहपठित धारा 61(2) (आपराधिक षडयंत्र) एवं धारा 45/49 (दुष्प्रेरण)। उपरोक्त अपराध संज्ञेय एवं गैर जमानती प्रकृति के हैं, अतः भा.ना.सु.सं. 2023 की धारा 173(1) के अधीन प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज किया जाना विधि सम्मत एवं अनिवार्य है। 8. यह कि यद्यपि अनावेदक क्रमांक 1 अम्बिकापुर (जिला सरगुजा) का निवासी है, तथा उपरोक्त सामग्री का प्रकाशन, प्रसारण, अवलोकन एवं उसका दुष्प्रभाव जशपुर जिले में हुआ है, अतः इस थाने को प्रथम सूचना दर्ज कर अन्वेषण करने की पूर्ण क्षेत्राधिकारिता प्राप्त है। 9. यह कि अपराध का माध्यम इलेक्ट्रानिक (फेसबुक/मेटा प्लेटफार्म) होने के कारण समस्त विवादित पोस्टों, विडियो एवं अनावेदक के खाते से सम्बद्ध मोबाईल नम्बर, ई-मेल, IP एड्रेस एवं लॉग्स को विलोपित होने से बचाने हेतु Meta Platforms/Facebook को मध्यस्थ (intermediary) के रूप में साक्ष्य संरक्षण हेतु तत्काल निर्देशित किया जाना आवश्यक है। 

संलग्न इलेक्ट्रॉनिक अभिलेख भारतीय साक्ष्य अधिनियम, 2023 की धारा 63 के अधीन प्रमाणपत्र सहित प्रस्तुत किये जायेगे। यह कि उक्त कृत्य से क्षेत्र की लोक-शांति एवं साम्प्रदायिक सौहाद्र भंग होने की प्रबल आशंका है तथा शीघ्र विधिक कार्यवाही न होने पर अपूरणीय क्षति की सम्भावना है। अभ्यर्थना (प्रार्थना) : अतएव सविनय प्रार्थना है कि (अ) अनावेदकगण के विरूद्ध भा. न्या. सं2023 की धारा 196(1), 197(1), 353(1), 196(2) सहपठित धारा 61(2) एवं 45/49 तथा अन्य समस्त सुसंगत धाराओं के अन्तर्गत भा०ना०सु. सं0 2023 की धारा 173(1) के अधीन प्रथम सूना रिपोर्ट दर्ज कर विधिवत अन्वेषण किया जावे, (ब) विशेष रूप से इस तथ्य का अन्वेषण किया जावे कि अनावेदक क्रमांक 1 यह कृत्य किसके कहने /इशारे पर कर रहा है, तथा इस सम्पूर्ण अभियान के मुख्य षडयंत्रकारी/दुष्प्रेरक की पहचान कर उसे बेनकाब किया जावे एवं उसके विरूद्ध भी विधि अनुसार कार्यवाही की जावे (स) Meta Platforms/Facebook को समस्त विवादित पोस्टों, विडियों एवं अनावेदक के खाते से सम्बद्ध इलेक्ट्रोनिक अभिलेख, लॉग्स एवं IP डेटा सुरक्षित रखने तथा प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया जावे। (द) अनावेदक के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर समुचित साक्ष्य संकलित किये जावे। (इ) तदुपरान्त विधि अनुसार समुचित वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जावे। ऐसा करने में आपकी महती कृपा होगी। 

आवेदक उत्तमदान (यू०डी०) मिंज जिला अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी, जशपुर,

और भी

माँ की ममता और प्रकृति की हरियाली को एक सूत्र में पिरो रहा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, सक्ती के जेठा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश

रायपुर 11 सितम्बर 2026/ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देने और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश देते हुए केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज सक्ती जिले के ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया।

केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कदम का पौधा और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बादाम का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के विस्तार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान मातृ सम्मान की भावना को प्रकृति संरक्षण के संकल्प से जोड़ता है। अभियान के माध्यम से लोगों को अपनी माँ के सम्मान में पौधा लगाने के साथ ही उसके संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पौधरोपण के साथ पौधों की देखभाल और उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करने की जिम्मेदारी का भाव भी इस अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

यह अभियान पर्यावरण संरक्षण को केवल शासकीय प्रयास तक सीमित न रखते हुए उसे जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप देने की पहल है। अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता से हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण का संदेश अभियान के माध्यम से दिया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के माध्यम से देशभर में नागरिकों को पौधरोपण से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। इसी कड़ी में सक्ती जिले में केंद्रीय मंत्री श्री चौहान और मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा किया गया पौधरोपण प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देता है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, बिलासपुर संभागायुक्त श्री सुनील जैन, विकसित भारत जीरामजी के आयुक्त श्री तारण प्रकाश सिन्हा, कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री वासु जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

छत्तीसगढ़ के 2 लाख गरीब परिवारों ने नए पक्के घर में किया गृह प्रवेश, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दी 3.65 लाख अतिरिक्त पीएम आवासों की सौगात, मुख्यमंत्री साय बोले—कोई पात्र परिवार नहीं रहेगा आवास से वंचित

रायपुर 11 सितंबर 2026/ छत्तीसगढ़ में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के पक्के आवास के सपने को साकार करने की दिशा में आज एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ा। सक्ती में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के राज्यस्तरीय गृह प्रवेश समारोह में 2 लाख नवनिर्मित आवासों का गृह प्रवेश कराया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से उनके नए घरों की चाबी सौंपी गई।

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 3.65 लाख अतिरिक्त आवासों की बड़ी सौगात दी। उन्होंने नवगठित सक्ती जिले में कृषि विज्ञान केंद्र खोलने तथा बस्तर संभाग में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के सर्वे की समय-सीमा 31 अक्टूबर 2026 तक बढ़ाने की घोषणा भी की। केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने अतिरिक्त आवासों की स्वीकृति संबंधी पत्र मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को सौंपा।

*छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन 1600 से अधिक पीएम आवास हो रहे पूर्ण : केंद्रीय मंत्री श्री चौहान*

केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण इसी संकल्प को जमीन पर साकार करने वाली महत्वपूर्ण योजना है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत आवास निर्माण का कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है और प्रतिदिन 1600 से अधिक आवास पूर्ण किए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विकास कार्यों की सराहना की।

केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने कहा कि सरकार जो कहती है, उसे पूरा करके दिखाती है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ में विकास कार्यों को नई गति मिली है। ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के आवास, सड़क, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से गरीब परिवारों को केवल पक्की छत ही नहीं मिल रही, बल्कि उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, निःशुल्क राशन, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन में व्यापक बदलाव लाने का कार्य किया जा रहा है।

*कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए मिलकर कर रहे काम*

केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि की अपार संभावनाओं वाला प्रदेश है। प्रदेश अब केवल धान के कटोरे के रूप में ही नहीं, बल्कि तेजी से सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में भी अपनी नई पहचान बना रहा है। किसानों की आय बढ़ाने, कृषि में आधुनिक तकनीक को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि सक्ती में कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना से क्षेत्र के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत खेती, फसल विविधीकरण और कृषि संबंधी वैज्ञानिक मार्गदर्शन स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगा।

*गरीब का पक्का घर हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुख्यमंत्री श्री साय*

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि श्री चौहान का छत्तीसगढ़ के प्रति विशेष स्नेह रहा है और उनके प्रत्येक प्रवास से प्रदेश को विकास की नई सौगातें मिली हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आज अपने नए पक्के घर में प्रवेश कर रहे 2 लाख हितग्राही परिवारों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। राज्य सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति देकर अपनी प्राथमिकता स्पष्ट कर दी थी। पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 11.50 लाख से अधिक आवास पूर्ण किए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि आवास सर्वे-2011 और आवास प्लस सर्वे के अंतर्गत आवासों के लक्ष्य की स्वीकृति मिल चुकी है। अब आवास प्लस-प्लस सर्वे में शामिल शेष पात्र परिवारों के लिए भी आवास स्वीकृत करने का अनुरोध केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री से किया गया है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी पात्र गरीब परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे।

*13.85 लाख बहनें बनीं लखपति दीदी*

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में हमारी माताओं-बहनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और बिहान के माध्यम से महिलाओं को आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रदेश में अब तक 13 लाख 85 हजार दीदियां लखपति दीदी बन चुकी हैं। यह महिलाओं की मेहनत, आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में हो रहे बड़े बदलाव का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लगभग 70 लाख माताओं-बहनों को लाभान्वित किया जा रहा है और अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि उनके खातों में अंतरित की जा चुकी है। महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और सेवा सेतु पोर्टल का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि बिजली बिल समाधान योजना के अंतर्गत अब तक 750 करोड़ रुपये से अधिक के बकाया बिजली बिल माफ किए जा चुके हैं।

*ग्रामीण विकास के कई अभिनव अभियानों का शुभारंभ*

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत निर्मित 2 लाख आवासों के गृह प्रवेश के साथ ही विभिन्न ग्रामीण विकास अभियानों और नवाचारों का भी शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से गृह प्रवेश की चाबी प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन का शुभारंभ किया गया। विकसित भारत-जी राम जी के अंतर्गत ‘धार अपार’ और ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान प्रारंभ किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 270 नवीन इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टरों का विमोचन किया गया। साथ ही इन्क्यूबेशन प्रोग्राम ‘अथ उद्यमिता की ओर’ के अंतर्गत चैलेंज फंड इवेंट का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम में आजीविका के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली लखपति दीदियों एवं डीलर दीदियों तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली पंचायतों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।

*अंत्योदय के संकल्प के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ : श्री तोखन साहू*

केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय का चिंतन सरकार के लिए मार्गदर्शक है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में इसी भावना के अनुरूप गरीब, किसान, महिला और समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में विकास को नई गति मिली है और गांवों में बुनियादी सुविधाओं के साथ ही रोजगार एवं आजीविका के अवसर भी बढ़ रहे हैं।

*कोई भी पात्र परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे : उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा*

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में सरकार बनने के बाद 11.50 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। राज्य सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि कोई भी पात्र परिवार पक्के आवास से वंचित न रहे। गरीब परिवारों के साथ नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवारों और आत्मसमर्पण कर समाज की मुख्यधारा में लौटे लोगों के आवास की भी चिंता की जा रही है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है। गांवों में शिक्षा, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में भी तेजी से कार्य हो रहा है। 26 जनवरी 2027 तक प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में बालिका शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पक्के मुक्तिधाम शेड और आवश्यक अधोसंरचना का निर्माण भी वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत कराया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। पंचायतों में कराए जा रहे विकास कार्यों पर बारकोड लगाया जा रहा है। नागरिक इसे स्कैन कर संबंधित विकास कार्य की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे ग्रामीण विकास में पारदर्शिता बढ़ने के साथ आम नागरिक भी विकास कार्यों की निगरानी में सहभागी बनेंगे।

कार्यक्रम के अंत में जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपती कीर्तन चंद्रा सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, लखपति दीदियां, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

और भी

डिग्री हासिल करना ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं, ज्ञान, संस्कार और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी : मंत्री राजेश अग्रवाल, लखनपुर महाविद्यालय के दीक्षारंभ में नवप्रवेशित विद्यार्थियों से किया संवाद

रायपुर, 11 सितंबर 2026। शासकीय नवीन महाविद्यालय लखनपुर में सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार को ‘दीक्षारंभ कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माननीय मंत्री श्री राजेश अग्रवाल शामिल हुए और उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों में नए शैक्षणिक सत्र को लेकर उत्साह और उमंग देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का स्वागत किया गया तथा उन्हें महाविद्यालयीन जीवन की नई यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी गईं। मंत्री श्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें प्रोत्साहित किया तथा नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। 

मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश जीवन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव की शुरुआत है। विद्यार्थी इस अवसर को केवल पढ़ाई और परीक्षा तक सीमित न रखें, बल्कि अपने व्यक्तित्व, ज्ञान और क्षमताओं के विकास के लिए इसका उपयोग करें। उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी ही आने वाले समय में समाज और देश की दिशा तय करेगा। इसलिए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहते हुए अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। महाविद्यालयीन जीवन विद्यार्थियों को अपने सपनों को पहचानने और उन्हें साकार करने का अवसर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी रुचि के क्षेत्र में निरंतर सीखते रहें, नई चुनौतियों को अवसर के रूप में स्वीकार करें और अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा क्षेत्र का नाम रोशन करने का प्रयास करें।

श्री अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण और छोटे शहरों से आने वाले विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है तो केवल उसे सही दिशा देने और निरंतर प्रयास करने की। उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेलकूद, साहित्यिक और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों से किया संवाद

कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री अग्रवाल ने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों की अभिरुचियों और उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। छात्र-छात्राओं ने भी उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। 

*परंपरागत रूप से हुआ स्वागत*

दीक्षारंभ कार्यक्रम की शुरुआत गरिमामय वातावरण में हुई। मंच पर अतिथियों का स्वागत किया गया। नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में स्वागत एवं अभिनंदन की परंपरा के साथ उन्हें महाविद्यालयीन जीवन से परिचित कराने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का तिलक एवं पुष्पगुच्छ से स्वागत करते हुए उन्हें नई शैक्षणिक यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी गईं। 

*नए विद्यार्थियों में दिखा उत्साह*

दीक्षारंभ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं शामिल हुए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर ने नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय के वातावरण से जुड़ने, शिक्षकों एवं सहपाठियों से परिचित होने तथा अपने नए शैक्षणिक जीवन की शुरुआत आत्मविश्वास के साथ करने का अवसर प्रदान किया।

और भी

लखनपुर के गोरता में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने हितग्राहियों को सौंपी ‘खुशियों की चाबी’, पीएम आवास, पीएम जनमन और मुख्यमंत्री आवास के तहत एक साथ हुआ गृह प्रवेश

रायपुर, 11 सितंबर 2026। आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के ग्राम पंचायत गोरता में आज उस समय खुशी का माहौल बन गया, जब प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत निर्मित पक्के मकानों में हितग्राहियों ने विधिवत गृह प्रवेश किया। छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर हितग्राही परिवारों को उनके नए आशियाने की चाबी सौंपी और उन्हें सुखद एवं सुरक्षित गृहस्थ जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर मंत्री श्री अग्रवाल ने विधिवत पूजन एवं फीता काटकर गृह प्रवेश कराया तथा प्रतीकात्मक रूप से हितग्राहियों को ‘खुशियों की चाबी’ प्रदान की।

अपने पक्के घर का सपना साकार होने पर हितग्राही परिवारों के चेहरे पर खुशी और संतोष साफ नजर आया। लंबे समय से सुरक्षित और पक्के आवास की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों के लिए यह दिन नई उम्मीद, सम्मान, स्थायित्व और आत्मविश्वास की शुरुआत लेकर आया।

मंत्री ने सौंपी ‘खुशियों की चाबी’, परिवारों के चेहरे पर खिली मुस्कान

गृह प्रवेश कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने हितग्राही जुगेंद्र राजवाड़े एवं उनकी पत्नी फूलमती को उनके नवनिर्मित पक्के आवास की चाबी सौंपी। जैसे ही परिवार को अपने नए घर की चाबी मिली, परिवार के सदस्यों के चेहरे खुशी से खिल उठे। हितग्राही परिवार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से पक्का घर मिलने पर शासन एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

इसी क्रम में अन्य हितग्राहियों जोगेंद्र राजवाड़े, छीहारो और संतोष सहित अन्य परिवारों को भी मंत्री श्री अग्रवाल ने ‘खुशियों की चाबी’ प्रदान की। उन्होंने हितग्राहियों को नए घर के लिए बधाई देते हुए कहा कि पक्का आवास केवल चार दीवारों का निर्माण नहीं, बल्कि परिवार के सुरक्षित भविष्य, सम्मान और स्थायी आशियाने की मजबूत नींव है।

अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूरा करने हितग्राहियों को किया प्रेरित

कार्यक्रम के दौरान पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने ग्रामवासियों से संवाद भी किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत शेष आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए हितग्राहियों को प्रेरित किया। अधिकारियों ने हितग्राहियों से चर्चा कर आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत लखनपुर की अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह, उपाध्यक्ष श्री कामेश्वर राजवाड़े, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंच, जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती खुशबू शास्त्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एबीपी फेलो और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

‘हर पात्र परिवार को पक्का घर’ के संकल्प को मिल रही गति

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण का उद्देश्य ऐसे पात्र ग्रामीण परिवारों को पक्का एवं सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है, जिनके पास स्वयं का पक्का घर नहीं है। योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को सम्मानजनक जीवन, बेहतर आवासीय सुविधा और सुरक्षित भविष्य उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

ग्राम गोरता में आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम ने इस संकल्प की जमीनी तस्वीर प्रस्तुत की। जब हितग्राही परिवार अपने नए घर में प्रवेश कर रहे थे, तब पूरे गांव में उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण देखने को मिला।

5,596 आवासों में एक साथ गूंजी गृह प्रवेश की खुशियां

सरगुजा जिले में आज प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G), प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (PM-JANMAN) एवं मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (MMAY-G) के तहत निर्मित कुल 5,596 आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 4,967, पीएम जनमन योजना के 398 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 231 आवास शामिल हैं।
विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार अंबिकापुर में कुल 1,235 आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 1,170, पीएम जनमन योजना के 41 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के 24 आवास शामिल हैं। इसी प्रकार बतौली में कुल 737 आवासों में गृह प्रवेश हुआ, जिनमें PMAY-G के 642, PM-JANMAN के 81 और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 14 आवास शामिल हैं। लखनपुर विकासखंड में कुल 1,033 आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 978, पीएम जनमन योजना के 11 और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 44 आवास शामिल हैं। लुंड्रा में कुल 685 आवासों में गृह प्रवेश हुआ, जिनमें PMAY-G के 450, PM-JANMAN के 142 और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 93 आवास शामिल हैं।
इसी तरह मैनपाट विकासखंड में कुल 577 आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम हुआ। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 469, पीएम जनमन योजना के 83 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 25 आवास शामिल हैं। सीतापुर में कुल 626 आवासों में गृह प्रवेश हुआ, जिनमें PMAY-G के 593, पीएम जनमन योजना के 24 और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 9 आवास शामिल हैं। उदयपुर विकासखंड में कुल 703 आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 665, पीएम जनमन योजना के 16 तथा मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 22 आवास शामिल हैं।
जिले के विभिन्न विकासखंडों में एक साथ आयोजित गृह प्रवेश कार्यक्रम ने हजारों ग्रामीण परिवारों के जीवन में नई उम्मीद और खुशियां भर दीं। जिन परिवारों के लिए पक्के घर का सपना लंबे समय से एक आकांक्षा था, आज वही सपना उनके अपने घर की चौखट पर साकार हुआ। पक्की छत, सुरक्षित दीवारों और अपने घर की चाबी के साथ इन परिवारों को न केवल आवास मिला, बल्कि सम्मानजनक जीवन और सुरक्षित भविष्य का भरोसा भी मिला। शासन की आवास योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को पक्का आशियाना उपलब्ध कराने का यह प्रयास सामाजिक सुरक्षा और ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।

और भी

सड़क, पुल-पुलिया, भवन से लेकर पेयजल और आवास तक विकास कार्यों पर अरुण साव सख्त—समय पर काम पूरा नहीं हुआ तो अधिकारियों और एजेंसियों पर होगी कार्रवाई

रायपुर. 11 सितम्बर 2026. उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने आज दंतेवाड़ा में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने चारों विभागों के स्वीकृत, निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा कर कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा योजनाओं का लाभ नागरिकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। 

श्री साव ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को अपनी कार्य शैली और कार्य संस्कृति में बदलाव लाते हुए परिणाम आधारित कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री देवेश ध्रुव भी समीक्षा बैठक में उपस्थित थे।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने बैठक में कहा कि लोक निर्माण विभाग सहित सभी निर्माण एजेंसियां सड़कों, भवनों, पुल-पुलियों एवं अन्य निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। कार्यों में अनावश्यक विलंब होने पर जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी शासकीय कार्यालयों एवं परिसरों को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं नागरिकों के अनुकूल रखने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बनाए जा रहे आवासों के निर्माण में तेजी लाने तथा निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन की पूर्ण हो चुकी योजनाओं को संचालन के लिए ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने को कहा। उन्होंने प्रगतिरत नल जल योजनाओं को शीघ्र पूरा करने तथा ठेकेदारों व संबंधित एजेंसियों के लंबित बिलों के भुगतान के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जल आपूर्ति योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा।

श्री साव ने बरसात की समाप्ति के तुरंत बाद सभी निर्माण कार्यों में तत्परता से गति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आज की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता, सक्रियता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करें। विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन का असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए। वनमंडलाधिकारी श्री रामाकृष्ण रंगानाथा वाय. और अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्रे सहित लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के बस्तर संभागीय कार्यालय और दंतेवाड़ा जिला कार्यालय के अधिकारी बैठक में मौजूद थे।

और भी

जेठा के मंच से सक्ती जिले को 122 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, शिवराज सिंह चौहान और विष्णु देव साय ने किया 38 परियोजनाओं का लोकार्पण-भूमिपूजन, गांवों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुविधाओं को मिलेगा नया विस्तार

रायपुर 11 सितम्बर 2026/ केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में जिले को लगभग 122 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। दोनों अतिथियों ने 121 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक की लागत के कुल 38 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया।

इनमें लगभग 79.25 करोड़ रुपए की लागत के 23 विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा लगभग 42.46 करोड़ रुपए की लागत के 15 विकास कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इन कार्यों से जिले में सड़क संपर्क के विस्तार के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशासनिक और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।

भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में लगभग 25.82 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा, चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण तथा लगभग 15.30 करोड़ रुपए की लागत से छुहीपाली से कटेकोनी बड़े-कर्राखई-ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण शामिल है। इसके साथ ही अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया तक सड़क, नगझर-नवापारा मार्ग और गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया।

शिक्षा और युवाओं के लिए शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा में अतिरिक्त भवन तथा नवीन लाइवलीहुड संस्थान भवन का भूमिपूजन किया गया। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न ग्रामों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन तथा महिलाओं के लिए महतारी सदनों के निर्माण कार्यों की भी आधारशिला रखी गई। 

लोकार्पित प्रमुख कार्यों में लगभग 14.35 करोड़ रुपए की लागत से मालखरौदा क्षेत्र में कलमी नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट, सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक सड़क तथा लगभग 11.35 करोड़ रुपए की लागत से देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई, बेनीपाली होते हुए ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण शामिल है। बुंदेली-अड़भार मार्ग का भी लोकार्पण किया गया।

इसके अलावा जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित सोलर ड्यूल पंप, चन्द्रपुर एवं हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चन्द्रपुर एवं जैजैपुर के नवीन पुलिस थाना भवन, अड़भार पुलिस चौकी भवन, सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन तथा गोबरा में महतारी सदन सहित अन्य विकास कार्य जनता को समर्पित किए गए।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

और भी

बदलती तकनीक के बीच सही करियर चुनने का मंत्र, बरगांव में विद्यार्थियों को AI, रोजगार और स्वरोजगार की दी गई जानकारी

बरगांव। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरगांव में बुधवार को विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देने के उद्देश्य से करियर गाइडेंस, पर्यावरण जागरूकता, जल एवं स्वच्छता पर केंद्रित संयुक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पारंपरिक करियर विकल्पों के साथ बदलती तकनीक, Artificial Intelligence (AI), रोजगार एवं स्वरोजगार के उभरते क्षेत्रों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. आशीष राजपाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती मधु मिश्रा एवं श्री राजेंद्र प्रेमी उपस्थित रहे।  कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम सरपंच श्रीमती आरती बाई एवं श्रीमती शारदा सिंह ने की। शाला प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे ।

‘सही समय पर सही दिशा का चुनाव ही सफलता की कुंजी’

मुख्य अतिथि प्रो. आशीष राजपाल ने विद्यार्थियों के साथ सीधे संवाद करते हुए विभिन्न फैकल्टी एवं विषयों के आधार पर उपलब्ध करियर विकल्पों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल पारंपरिक रोजगार विकल्पों तक सीमित रहना पर्याप्त नहीं है। तकनीक तेजी से बदल रही है और AI आने वाले समय में शिक्षा, रोजगार और व्यवसाय के अनेक क्षेत्रों को प्रभावित करने वाला है।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता को पहचानने तथा उसी के अनुरूप विषय एवं करियर का चयन करने की सलाह दी। उन्होंने विभिन्न पाठ्यक्रमों, कौशल आधारित शिक्षा तथा स्वरोजगार की संभावनाओं की भी विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को भविष्य के लिए अभी से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।विशिष्ट अतिथि श्रीमती मधु मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण को विद्यार्थियों के भविष्य और करियर से जोड़ते हुए कहा कि आने वाले समय में पर्यावरण से जुड़े विषय केवल जागरूकता तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इनके माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अनेक नए अवसर भी विकसित होंगे।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण एक गंभीर और महत्वपूर्ण विषय बन चुका है। जल संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण प्रबंधन, जैव विविधता तथा आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए भविष्य में रोजगार की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति आत्मिक जुड़ाव विकसित करने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

‘एक पौधा मां के नाम’ से दिया भावनात्मक संदेश

कार्यक्रम की शुरुआत में श्री राजेंद्र प्रेमी ने ‘एक पौधा मां के नाम’ गीत प्रस्तुत कर उपस्थित विद्यार्थियों एवं अतिथियों को पर्यावरण संरक्षण से भावनात्मक रूप से जोड़ने का प्रयास किया। गीत के माध्यम से पौधों को मां और जीवन से जोड़ते हुए प्रकृति के संरक्षण का संदेश दिया गया।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। वहीं इको क्लब के छात्र प्रभारी जय अंकित ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया।

जल, स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संकल्प

कार्यक्रम में जल संरक्षण और स्वच्छता को भी विद्यार्थियों के दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों को समझाया गया कि स्वच्छ जल, स्वच्छ परिवेश और सुरक्षित पर्यावरण केवल वर्तमान पीढ़ी की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से भी जुड़ा हुआ विषय है।

कार्यक्रम में करियर और पर्यावरण को एक-दूसरे से जोड़ते हुए विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि भविष्य की सफलता केवल अच्छी नौकरी पाने में नहीं, बल्कि बदलती तकनीक के साथ स्वयं को विकसित करने, नए अवसरों का निर्माण करने और समाज एवं पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने में भी है।इको क्लब प्रभारी डॉ मिथलेश पाठक ने कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित किया कार्यक्रम का सफल संचालन एवं प्रबंधन वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती ज्योति तिर्की ने किया ।कार्यकम को सफल बनाने में विद्यालय के व्याख्याता श्री लोचन साहू श्री प्रियन् ख़ेस श्रीमती सुमन केरकेट्टा श्रीमती जया सिंह,शीत अन्य कर्मचारी श्री राजेश राम बेटल तिग्गा का महत्वपूर्ण योगदान रहा ।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही और उन्होंने करियर, AI, रोजगार, स्वरोजगार तथा पर्यावरण के प्रति संवेग और आत्मिक लगाव को समझा।

और भी

बगिया से रायपुर तक जरूरतमंद मरीजों की मदद की पहल, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के बाद कुनकुरी सदन बना इलाज के लिए आने वाले परिवारों का सहारा—कौशल्या साय ने पहुँचकर जाना मरीजों और परिजनों का हाल

जशपुर/रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय शुक्रवार को रायपुर स्थित कुनकुरी सदन पहुंचीं। उन्होंने वहां ठहरे गंभीर मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली।इस दौरान श्रीमती कौशल्या साय ने मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए उपलब्ध रहने, भोजन तथा मेडिकल चेकअप सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने व्यवस्थाओं के संबंध में संबंधित लोगों से जानकारी लेते हुए मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने की बात कही।

गंभीर मरीजों और परिजनों के लिए सहारा बना कुनकुरी सदन

रायपुर में इलाज के लिए आने वाले जशपुर जिले एवं अन्य जिले के गंभीर मरीजों और उनके परिजनों के लिए कुनकुरी सदन एक महत्वपूर्ण सहारा बनकर सामने आया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर यहां मरीजों एवं उनके परिजनों के ठहरने, भोजन और अस्पताल तक पहुंचने जैसी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।इस पहल से दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से रायपुर इलाज के लिए आने वाले मरीजों को रहने की समस्या से राहत मिल रही है। साथ ही अस्पताल में इलाज और भर्ती की प्रक्रिया में भी उन्हें आवश्यक सहयोग मिल रहा है।

*मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया बना जरूरतमंदों के लिए वरदान*


गंभीर बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों के लिए मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया भी बड़ी उम्मीद का केंद्र बनकर उभरा है। मरीज या उनके परिजन कैंप कार्यालय में आवेदन देकर अपनी समस्या बताते हैं, जिसके बाद प्रकरण पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन और उपचार के लिए उचित अस्पताल भेजने की व्यवस्था की जाती है।
जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यकता अनुसार उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से रायपुर भेजा जाता है। रायपुर पहुंचने के बाद मरीजों को अस्पताल और इलाज की प्रक्रिया में भटकना न पड़े, इसके लिए कुनकुरी सदन में आवश्यक सहयोग और मेडिकल सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की इस पहल से जशपुर सहित अन्य क्षेत्र के गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को इलाज के दौरान रहने, भोजन, अस्पताल तक पहुंचने और आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं एक ही व्यवस्था के माध्यम से मिल रही हैं।मरीजों और उनके परिजनों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था से आर्थिक रूप से कमजोर और दूरदराज से आने वाले परिवारों को काफी राहत मिल रही है।

और भी

खामभाठा पुल निर्माण में लेटलतीफी पर CM साय सख्त, बोले- विकास कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं, तय समयसीमा में पूरा करें निर्माण

रायपुर 11 सितंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रदेश में जनसुविधा से जुड़े विकास एवं निर्माण कार्यों को तय समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी और कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारी निर्माणाधीन कार्यों की नियमित निगरानी करें और जहां भी कार्य की गति धीमी है, वहां बाधाओं को तत्काल दूर कर काम में तेजी लाएं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकास कार्यों में देरी का सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ता है। विशेष रूप से सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े निर्माण कार्यों में समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में लेटलतीफी को गंभीरता से लिया जाएगा और अनावश्यक विलंब के लिए जिम्मेदारी तय की जाएगी।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत खामभाठा क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के कारण स्कूली बच्चों एवं ग्रामीणों को आवागमन में हो रही परेशानी की जानकारी मिलते ही इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने गरियाबंद कलेक्टर श्री रणबीर शर्मा से दूरभाष पर चर्चा कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली और निश्चित समयसीमा तय कर पुल का निर्माण गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही लेटलतीफी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब तलब करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण पूरा होने तक स्कूली बच्चों और क्षेत्रवासियों को किसी भी परिस्थिति में जोखिम उठाकर आवागमन न करना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन तत्काल सुरक्षित और सुगम वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने निर्माणाधीन पुल स्थल पर सुरक्षा के सभी आवश्यक प्रबंध तत्काल करने के निर्देश दिए। उन्होंने खुले एवं खतरनाक तरीके से लगे सरियों को सुरक्षित करने, गहरे गड्ढों और अन्य जोखिमपूर्ण स्थानों को दुरुस्त करने तथा आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग सहित सभी जरूरी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण में आ रही बाधाओं का तत्काल समाधान किया जाए और कार्य में तेजी लाई जाए। अधिकारी पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि स्वीकृत विकास कार्यों का लाभ नागरिकों को निर्धारित समय पर मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुविधा और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

और भी

आमानारा में पहाड़ी कोरवा परिवारों को राशन नहीं मिलने की शिकायत पर मुख्यमंत्री साय सख्त—रायगढ़ कलेक्टर से फोन पर ली जानकारी, जांच में शिकायत सही मिलने पर राशन दुकान निलंबित

रायपुर 11 सितंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से प्रत्येक पात्र परिवार को उसके अधिकार का पूरा राशन समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से पहाड़ी कोरवा सहित विशेष पिछड़ी जनजातियों और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों को राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। राशन वितरण में लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर तत्काल कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अधिकारियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली की नियमित निगरानी के निर्देश देते हुए कहा कि शासन द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा खाद्यान्न वास्तविक हितग्राही तक निर्धारित मात्रा में और समय पर पहुंचे, यह संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों में अधिकारी अतिरिक्त संवेदनशीलता के साथ राशन की उपलब्धता और वितरण की निगरानी करें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत आमानारा गांव में पहाड़ी कोरवा परिवारों को राशन नहीं मिलने की शिकायत को गंभीरता से लिया। उन्होंने रायगढ़ कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी से दूरभाष पर चर्चा कर पूरे प्रकरण की जानकारी ली और प्रभावित पात्र परिवारों को तत्काल राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कलेक्टर से कहा कि शिकायत से जुड़े वितरण अभिलेखों की समुचित जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र परिवार अपने हक के खाद्यान्न से वंचित न रहे। ई-पॉस मशीन में दर्ज वितरण और हितग्राहियों को वास्तव में दिए गए खाद्यान्न का मिलान कर किसी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

जिला कलेक्टर  श्री मयंक चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री श्री साय को अवगत कराया कि शिकायत सामने आते ही मामले की जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित राशन दुकान को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पहाड़ी कोरवा परिवारों एवं अन्य हितग्राहियों को राशन मिलने में कोई व्यवधान न आए, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में चिड़ोडी की राशन दुकान से संबद्ध किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने निर्देश दिए कि इस प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई के साथ ही जिले की सार्वजनिक वितरण प्रणाली की सतत निगरानी की जाए, ताकि ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो। हर हितग्राही को समय पर और गुणवत्ता के साथ राशन वितरण सुनिश्चित हो। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सहज, पारदर्शी और समयबद्ध रूप से पहुंचाना हमारी सुशासन सरकार की प्राथमिकता है। प्रत्येक पात्र परिवार को उसका अधिकार बिना किसी बाधा के मिले, इसके लिए अधिकारी संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।

और भी

भंडारा सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के नागरिकों की मौत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक, बोले- दुख की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है छत्तीसगढ़ सरकार

रायपुर 11 सितंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई भीषण सड़क दुर्घटना में छत्तीसगढ़ के नागरिकों के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकसंतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार एवं स्थानीय प्रशासन से निरंतर समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए भेज दी गई है। छत्तीसगढ़ सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

और भी

यशस्वी जशपुर की समीक्षा बैठक में सीईओ अभिषेक कुमार के सख्त निर्देश—स्कूलों में उपस्थिति, मूल्यांकन और कमजोर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर रहेगी विशेष नजर,

  जशपुरनगर, 11 सितंबर 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार ने आज जिला पंचायत सभाकक्ष में यशस्वी जशपुर कार्यक्रम के अंतर्गत शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों की मासिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक प्रगति, मूल्यांकन परिणाम तथा अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग की आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के प्रदर्शन में सुधार सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों एवं युवाओं का विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के लिए अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता पर जोर देते हुए आगामी सेवा संकल्प अभियान की जानकारी दी तथा विद्यालय स्तर पर किए जाने वाले कार्यों के संबंध में प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।  बैठक में उन्होंने विद्यार्थियों की अपार आईडी एवं जाति प्रमाण पत्र की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही अगस्त माह में विद्यालयों में किए गए पौधारोपण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए । 
        यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी श्री विनोद कुमार गुप्ता ने विद्यालयवार विद्यार्थियों की उपस्थिति, अगस्त माह के मासिक मूल्यांकन, विद्यालयों में कराए गए प्रायोगिक कार्य, विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार तथा अवंती पोर्टल के माध्यम से जेईई एवं नीट परीक्षा की तैयारी की स्थिति की जानकारी दी। बैठक में अपेक्षाकृत शैक्षणिक सहयोग की आवश्यकता वाले विद्यार्थियों की नियमित दैनंदिनी के अवलोकन तथा कक्षा में उनकी नियमित सहभागिता और कार्य सुनिश्चित करने पर विशेष चर्चा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने निर्देशित किया कि मासिक मूल्यांकन के आधार पर ऐसे विषयों एवं अवधारणाओं की पहचान की जाए, जिनमें अधिक संख्या में विद्यार्थियों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा है। इसके बाद संबंधित विषयों की कठिन अवधारणाओं को पुनः स्पष्ट करते हुए रेमेडियल टीचिंग के माध्यम से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता और शैक्षणिक परिणामों में सुधार लाया जाए। उन्होंने विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए नियमित निगरानी, विद्यार्थियों की प्रगति का सतत मूल्यांकन तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, शासकीय हाई एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्य, यशस्वी जशपुर के श्री अवनीश पांडेय, श्री संजय दास सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

और भी

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जशपुर में चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, 17 सितंबर की शाम रणजीता स्टेडियम से लेकर गांव-गांव तक जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

रायपुर 11 सितंबर 2026/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व एवं समर्पण के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जाएगा। 

अभियान के माध्यम से केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। 

अभियान के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों और विकास खंड के अधिकारियों की वर्चुअल बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

 कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को बताया की संबंधित अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
17 सितंबर को भव्य दीप उत्सव मनाया जाएगा।
और सभी घरों में एक दीप अनिवार्य रूप से जलाने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि जिले में 25 गांव का चिन्हांकन किया जा रहा है।
जहां लाभान्वि हितग्राही, स्व सहायता समूह की महिलाएं, महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हितग्राही, प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित हितग्राही अपने घरों में एक दीप अनिवार्य रूप जलाएगी।

इसके साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी का विडियो और फोटो बनाकर सोशल मीडिया में अपलोड करना है।

कलेक्टर ने बताया कि जशपुर जिले में रणजीता स्टेडियम, गौरव पथ, महाराजा चौक, स्व. दिलिप सिंह जुदेव चौक सहित महत्वपूर्ण जगहों में दीया जलाया जाएगा।
इसके साथ ही सभी गांवों और शहरों के अटल चौक, कुनकुरी विकास खंड के विर्सजन तालाब,दोकड़ा, बगिया, और सभी जगहों पर सामूहिक दीप प्रज्ज्वलित किया जाएगा इसके लिए संबंधित अधिकारियों को दीया,बाती और तेल की व्यस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ‌।

कलेक्टर ने कहा कि अलग-अलग थीम पर चूना मार्किंग करके रंगोली बनाने के निर्देश दिए हैं।

रंगोली थीम आपरेशन सिंदूर,पीएम जनमन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, सेवा संकल्प अभियान, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आयुष्मान भारत, आदि अन्य थीम आधारित रंगोली बनाकर दीया जलाना है।
कलेक्टर ने वन विभाग को एक पेड़ मां के नाम 25 हजार पौधे लगाने, महिला बाल विकास विभाग को गोद भराई, बच्चों का अन्नप्राशन सहित अन्य गतिविधियों करना है ‌।

इसके साथ ही विभिन्न गतिविधियां, साईकिल रैली, बाईक रैली, स्वच्छता अभियान, श्रमदान, 25 हजार लोगों का योगा अभ्यास,
प्लास्टिक मुफ्त अभियान, युवाओं के लिए कैरियर काउंसिल,25 हजार लोगों को नशामुक्त अभियान,25 हजार जल संरक्षण संवर्धन के तहत कार्य, आदि अन्य गतिविधियां आयोजित की जानी है।


उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की यात्रा केवल वर्षों का हिसाब नहीं है, बल्कि यह 25 वर्षों की जनसेवा, नेतृत्व और भारत की क्षमता में अटूट विश्वास की कहानी है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से इस यात्रा के प्रति जन-आभार व्यक्त करने के साथ विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से साकार करने का प्रयास किया जाएगा। 

उन्होंने अधिकारियों को अभियान के सभी कार्यक्रमों का बेहतर विभागीय समन्वय के साथ समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि ग्राम, वार्ड, विकासखंड एवं जिला स्तर पर अधिकतम जनभागीदारी के साथ आयोजित करना सुनिश्चित करें। जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के सभी वर्गों को अभियान से जोड़ा जाए।

*17 सितंबर की शाम हर घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’*

अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। इसके तहत प्रत्येक परिवार को दीप प्रज्वलन से जोड़ने की पहल की जाएगी। प्रत्येक दीप को 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा। मैदानी टीम घर-घर पहुंचकर नागरिकों को इस पहल में सहभागी बनने के लिए प्रोत्साहित करेंगी।

*‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ से सामने आएगी नई पीढ़ी की कल्पना*

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत विकसित भारत की संकल्पना और 25 वर्षों की सेवा यात्रा पर आधारित ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बच्चों की कल्पनाओं को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा तथा उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

*‘नमो सेवा गाथा’ से गांव-गांव पहुंचेगी सेवा और बदलाव की कहानी*

‘नमो सेवा गाथा’ के अंतर्गत 17 सितंबर से नुक्कड़ नाट्य का आयोजन किया जाएगा। 2 अक्टूबर को देश के 100 प्रमुख स्थलों पर विशेष मंचन प्रस्तावित है। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से 25 वर्षों के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे आए सकारात्मक बदलाव की कहानियों को सरल, भावनात्मक एवं प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

*‘आंगन का उत्सव’ में माताओं से संवाद और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान*

25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का उत्सव’ आयोजित होगी। इसमें माताओं एवं बच्चों की सहभागिता के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा। पोषण, मातृ सहायता, टीकाकरण तथा महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। योजनाओं से लाभान्वित महिलाएं अपने जीवन में आए बदलाव की कहानियां भी साझा करेंगी।

*‘कहानी बदलाव की’ में सामने आएंगी हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियां*

अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ पहल के तहत शासकीय योजनाओं से सकारात्मक बदलाव का अनुभव करने वाले हितग्राहियों की वास्तविक कहानियां संकलित की जाएंगी। प्रत्येक कहानी में हितग्राही का नाम, स्थान, जिला, संबंधित योजना और जीवन में आए बदलाव की जानकारी दर्ज की जाएगी। इन कहानियों का डिजिटल डेटा बैंक भी तैयार किया जाएगा।

*‘सेवा ज्योति यात्रा’ से जन-जन जुड़ेगा विकसित भारत के संकल्प से*

25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार व्यक्त करने तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प को मजबूत करने के लिए गांव, जिला एवं राज्य स्तर पर जनभागीदारी यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ को व्यापक जनसहभागिता के साथ आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की गई है।

*‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत सेवा गतिविधियों में भाग लेंगे नागरिक*

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत नागरिकों एवं विभिन्न संस्थाओं की सेवा गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। नदी-घाट स्वच्छता सहित विभिन्न सेवा कार्यों को अभियान में शामिल किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, शैक्षणिक संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

*‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ से पात्र हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ*

‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा एवं विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता रहेगी। शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने, उन्हें योजनाओं से जोड़ने तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।

*विविध गतिविधियों से अभियान को मिलेगा व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप*

अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र/भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज‘ तथा ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं। ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के अंतर्गत परिवर्तनकारी स्थलों का भ्रमण तथा ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है।

और भी

अपराध नियंत्रण से लेकर जनता के विश्वास तक—DIG-SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने अपराध समीक्षा बैठक में तय की पुलिसिंग की नई दिशा, गांवों में नियमित भ्रमण से लेकर त्योहारों की सुरक्षा, NDPS नेटवर्क, साइबर अपराध और यातायात व्यवस्था पर दिए व्यापक निर्देश

जशपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए DIG एवं SSP डॉ. लाल उमेद सिंह ने 10 सितंबर को पुलिस कार्यालय जशपुर के सभाकक्ष में अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक तथा विभिन्न पुलिस शाखाओं के प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में अनुभागवार लंबित अपराध, चालान, शिकायत, मर्ग सहित अन्य प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण और शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। विवेचना की गुणवत्ता, साक्ष्य संकलन तथा न्यायालय में प्रभावी पैरवी के माध्यम से दोषसिद्धि दर बढ़ाने के निर्देश दिए गए। राजपत्रित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के विवेचकों के कार्यों की नियमित समीक्षा कर आवश्यक मार्गदर्शन देने को कहा गया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ लंबित एवं स्थायी वारंटों की तामीली में भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बेहतर कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत करने, जबकि लापरवाही करने वालों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

त्योहारों को लेकर पहले से तैयार रहे पुलिस

आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी बैठक में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया। पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पेट्रोलिंग, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के साथ किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। त्योहारों के दौरान आम नागरिकों को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पुलिस की मौजूदगी प्रभावी रूप से दिखाई देने पर जोर दिया गया।

गांवों में भी दिखे पुलिस की सक्रिय मौजूदगी

बैठक में विजिबल पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। थाना क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग, पैदल मार्च और कॉम्बिंग पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ विशेषकर शाम के समय पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सरप्राइज चेकिंग बढ़ाने तथा अपराध की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

ग्राम स्तर पर पुलिस की सक्रिय उपस्थिति को लेकर भी अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई। ग्राम प्रभारी पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्र के गांवों में महीने में 3 से 4 बार भ्रमण करने को कहा गया। ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता व संवेदनशीलता से सुनकर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा किसी भी शिकायतकर्ता को निराश होकर वापस नहीं लौटने देने पर विशेष जोर दिया गया।

गुंडा-बदमाशों और आदतन अपराधियों पर रहेगी नजर

पुलिस अधिकारियों को गुंडा-बदमाशों एवं आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अपराध की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक प्रतिबंधात्मक और वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि जिले में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

नशे के पूरे नेटवर्क तक पहुंचे पुलिस

NDPS मामलों की समीक्षा करते हुए डॉ. लाल उमेद सिंह ने केवल आरोपी की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मादक पदार्थों के स्रोत, परिवहन, सप्लाई, वितरण और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाकर End-to-End Investigation करने पर जोर दिया। नशे के कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान कर उसके प्रत्येक स्तर पर प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके साथ ही अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, गौ-तस्करी, जुआ, सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

साइबर अपराध में तत्काल कार्रवाई, जागरूकता अभियान भी तेज करने के निर्देश

साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौती को देखते हुए साइबर शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। साइबर हेल्पलाइन और पोर्टल से प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने तथा तकनीकी सहायता से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

आम लोगों को OTP, UPI फ्रॉड, फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड सहित अन्य साइबर अपराधों से बचाव के लिए लगातार जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। साइबर सेल प्रभारी डीएसपी भावेश कुमार समरथ को तकनीकी मामलों में त्वरित कार्रवाई और आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

CCTNS और समाधान ऐप की भी होगी नियमित निगरानी

सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को CCTNS पोर्टल पर अपराध, प्रकरण, आरोपी सहित अन्य आवश्यक पुलिस रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस रिकॉर्ड में किसी भी प्रकार की जानकारी लंबित नहीं रहने देने के लिए थाना स्तर पर लगातार निगरानी करने को कहा गया।

होटल, लॉज एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले प्रत्येक आगंतुक का समाधान ऐप के माध्यम से अनिवार्य पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। थाना स्तर पर इसकी नियमित जांच और निगरानी करने को कहा गया।

CM हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में नहीं हो देरी

CM हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए उनका तथ्यात्मक, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए गए। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब नहीं करने की हिदायत दी गई।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, हेलमेट जागरूकता पर जोर

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिले में सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करने और नशे में वाहन चलाने सहित यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।

इसके साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट और सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। पुलिस को केवल कार्रवाई तक सीमित न रहकर लोगों में यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य भी निरंतर करने के निर्देश दिए गए।

जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार की हिदायत

अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आम नागरिकों के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल, डीएसपी भावेश कुमार समरथ, डीएसपी यातायात के.आर. चौहान, डीएसपी शुभम तिवारी सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, रीडर मुकेश झा तथा कार्यालयीन शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी