मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जिले में 65 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
ताजा खबरें


बड़ी खबर

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जिले में 65 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

जशपुरनगर, 09 मई 2026/ मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजनांतर्गत शुक्रवार को जिले के विभिन्न परियोजना क्षेत्रों में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 65 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम में हिन्दू एवं ईसाई दोनों समुदायों के जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। विशेष बात यह रही कि परियोजना बगीचा में एक दिव्यांग (मूकबधिर) जोड़ा भी विवाह समारोह में शामिल हुआ, जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
     परियोजना बगीचा में 13 हिन्दू एवं 07 ईसाई सहित कुल 20 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देने जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मोनिका टोप्पो, सुश्री आशिका कुजूर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती गायत्री नागेश, जनपद उपाध्यक्ष श्री अरविन्द गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रभात सिदाम, श्री मुकेश शर्मा, सैनिक बोर्ड अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र गुप्ता, जनपद सदस्य सविता नागेश, सीईओ जनपद पंचायत बगीचा, बीईओ बगीचा एवं बीआरसीसी संयोजक बगीचा उपस्थित रहे। परियोजना कांसाबेल में 09 हिन्दू एवं 03 ईसाई कुल 12 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती सरिता भगत, जनपद उपाध्यक्ष श्री प्रमोद गुप्ता, श्री सुनील गुप्ता, पूर्व जनपद अध्यक्ष श्री मोतीलाल भगत, जनपद सदस्य श्रीमती शिप्रा दास, सरपंच कांसाबेल श्री अनिल खलखो, उपसरपंच श्री अमित अग्रवाल, पूर्व युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष श्री सुभाष गुप्ता, वरिष्ठ सदस्य श्री अनूप कश्यप एवं श्री संजय सिंह उपस्थित रहे।
     इसी प्रकार परियोजना बागबहार में 06 हिन्दू एवं 26 ईसाई कुल 32 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में श्री आनंद शर्मा, श्री मनी मुन्नी अग्रवाल, श्रीमती मीना चौहान, श्री चन्द्रचूर्ण बंजारा, जनपद सदस्य एवं बाल विकास समिति सदस्य श्री कलम विश्वकर्मा, श्री प्रितम शर्मा, श्रीमती पदमनी परहा, श्रीमती सुमित्रा पैंकरा एवं जनपद सदस्य सुश्री कुमारी नाग उपस्थित रहीं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े के लिए 50 हजार रुपये की सहायता राशि का प्रावधान किया गया है। इसमें 8 हजार रुपये आयोजन व्यय, 7 हजार रुपये की उपहार सामग्री तथा वधु को 35 हजार रुपये का चेक एवं वैवाहिक प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है। सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान नवदंपत्तियों को सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Leave Your Comment

Click to reload image