ताजा खबरें


बड़ी खबर

मुख्यमंत्री ने बिलासपुर कलेक्टर से बात कर ट्रेन दुर्घटना की ली जानकारी: प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने दिए निर्देश

रायपुर, 4 नवम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर जिले के पास हुई ट्रेन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद घटना बताया और कहा कि इस दुर्घटना में प्रभावित परिवारों के प्रति राज्य सरकार पूरी संवेदना के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने दूरभाष पर बिलासपुर जिला कलेक्टर से बात कर घटना की विस्तृत जानकारी लेते हुए प्रभावितों की  सहायता के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए। 

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जानकारी दी कि  रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन की टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गई हैं और राहत-बचाव कार्यों में जुटी हैं। घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर रखे हुए है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले यात्रियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और उनके परिजनों को इस दुखद समय में धैर्य प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

और भी

छत्तीसगढ़ से कोस्टा रिका को 12 मीट्रिक टन फोर्टिफाइड राइस कर्नेल का निर्यात: आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि - मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

रायपुर, 4 नवम्बर 2025/छत्तीसगढ़ के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है कि प्रदेश से 12 मीट्रिक टन फोर्टिफाइड राइस कर्नेल (Fortified Rice Kernel – FRK) का निर्यात कोस्टा रिका को किया गया है। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर कहा कि  छत्तीसगढ़ की पहचान न सिर्फ वैश्विक मंच पर सुदृढ़ हो रही है, बल्कि पोषण, गुणवत्ता और समृद्धि के क्षेत्र में राज्य की साख को नई ऊँचाई भी प्राप्त हो रही  है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह उपलब्धि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में कुपोषण के खिलाफ छेड़ी गई उस मुहिम का विस्तार है, जो अब वैश्विक स्तर पर प्रभाव दिखा रही है। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह हमारे किसानों, मिल संचालकों और निर्यातकों के लिए वैश्विक बाजार में नए अवसर और मूल्यवर्धित कृषि निर्यात को बढ़ावा देने वाला सराहनीय कदम है। साथ ही यह आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

फोर्टिफाइड राइस कर्नेल (FRK) में आयरन, फोलिक एसिड और विटामिन-बी12 जैसे आवश्यक पोषक तत्वों का समावेश किया जाता है। यह प्रयास न केवल खाद्य सुरक्षा को सुदृढ़ करता है, बल्कि समाज के पोषण स्तर को भी बेहतर बनाता है। अब छत्तीसगढ़ के उत्पाद वैश्विक बाजार में ‘पोषण के प्रतीक’ के रूप में उभर रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि को “आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़” की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह निर्यात छत्तीसगढ़ के किसानों, मिल संचालकों और उद्योगों की मेहनत, गुणवत्ता और समर्पण का परिणाम है। आज हमारा छत्तीसगढ़ केवल भारत का अन्नदाता नहीं, बल्कि पोषण, नवाचार और गुणवत्ता का वैश्विक ब्रांड बन रहा है। यह गर्व का क्षण है, जो हमारे प्रदेश को वैश्विक व्यापार और पोषण मिशन – दोनों में अग्रणी बनाता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह सफलता न केवल आर्थिक समृद्धि की दिशा में राज्य को आगे बढ़ाएगी, बल्कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘कुपोषण मुक्त भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विज़न को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट करके जानकारी दी है कि छत्तीसगढ़ से 12 मीट्रिक टन फोर्टिफाइड राइस कर्नेल की पहली खेप कोस्टा रिका के लिए निर्यात की गई है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुपोषण के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाते हुए यह वैश्विक स्तर पर किया गया प्रयास न केवल हमारे विदेशी व्यापार को सशक्त करता है, बल्कि हमारे पोषण मिशन को भी नई ऊर्जा प्रदान करता है।यह पहल हमारे किसानों, मिल संचालकों और निर्यातकों को नए बाजार, बेहतर मूल्य प्राप्ति और मूल्यवर्धित कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने के अवसर प्रदान करती है।

और भी

राज्योत्सव 2025: मलखंभ में छात्रों ने अपने सधे हुए शरीर सौष्ठव और लचीलेपन से दर्शकों को किया आश्चर्यचकित

जशपुरनगर, 04 नवंबर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2025 के तहत 3 नवंबर को रणजीता स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल थे। इस अवसर पर  कलाकारों और विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में जहां मनीषा भगत द्वारा प्रस्तुत भरतनाट्यम और सरस्वती कला केंद्र की छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुति कत्थक जैसे शास्त्रीय नृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं स्वप्निल बैंड और संदीप शर्मा बैंड की मधुर धुनों ने ऐसा वातावरण बनाया कि पूरा स्टेडियम तालियों की गूंज और झूमते दर्शकों से भर गया।
    कार्यक्रम में भारत की पारंपरिक खेल विधा मलखंभ का शानदार प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। वनवासी कल्याण आश्रम के विद्यार्थियों ने अपने सधे हुए शरीर सौष्ठव और लचीलेपन से दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। विद्यालय के 26 छात्रों ने  दशरंग, फ्रंटकैच, बगली, तेड़ी, चतुराआसान, एकपाद शिरासन, बैटीकेच, पश्चिमात्सन, हाथ का फारा, पैर का फारा और पिरामिड जैसी कठिन विधाओं का प्रदर्शन कर सभी की वाहवाही लूटी।
    इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, पद्मश्री श्री जागेश्वर यादव, श्री कृष्ण कुमार राय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, रायगढ़ जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, डीएफओ श्री शशि कुमार, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, एसडीएम श्री विश्वास राव मस्के, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी, श्री सुनील गुप्ता, श्री उपेंद्र यादव, श्रीमती शारदा प्रधान सहित जनप्रतिनिधि और  बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

और भी

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जनपद पंचायत एवं एनआरएलएम की समीक्षा बैठक ली,विकास कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

जशपुरनगर, 04 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में जनपद पंचायतों और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन  के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
    कलेक्टर श्री व्यास ने स्वच्छता अभियान से जुड़ी गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण, सेग्रीगेशन शेड, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट, तरल अपशिष्ट प्रबंधन और फीकल स्लज मैनेजमेंट की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समय पर और प्रभावी ढंग से पूरे किए जाएं।कलेक्टर ने ओडीएफ प्लस मॉडल गांवों की प्रगति की समीक्षा की और इसके सफल क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।
   कलेक्टर ने आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत भवनों का निर्माण समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने  कहा कि जनपद पंचायत की सामान्य सभा बैठकों में कोई भी प्रस्ताव अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए, और यदि किसी प्रस्ताव को लंबित रखा जाता है तो उसका स्पष्ट कारण दर्ज होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस योजना के लाभों से अवगत कराने को कहा।बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय कार्यों के लिए राशि आहरित करने के बावजूद कार्य पूर्ण नहीं करने या राशि का दुरुपयोग करने वाले सरपंचों और सचिवों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
    बैठक के दौरान राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन  की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि अधिक से अधिक महिलाओं को बिहान योजना से जोड़ा जाए ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने स्व-सहायता समूहों के बैंक लिंकेज को और मजबूत करने तथा मुद्रा लोन वितरण में तेजी लाने के निर्देश दिए।  इसके अलावा कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का लाभ दिलाने सक्रिय रूप से काम करने के निर्देश दिए ताकि ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। बैठक में जनपद पंचायतों के सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

कलेक्टर ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक ली,राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण समयसीमा में सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

 जशपुरनगर, 04 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व संबंधी कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण समयसीमा में सुनिश्चित करें।
       बैठक में कलेक्टर ने आधार एवं मोबाइल नम्बर अद्यतन, किसान किताब प्रविष्टि, अविवादित नामांतरण, फौती नामांतरण, नक्शा अद्यतन, बटांकन, सीमांकन, ई-नामांतरण, स्वामित्व योजना, अभिलेख दुरुस्त, अभिलेख शुद्धता एवं व्यपर्वतन जैसे मामलों की विस्तृत समीक्षा की । कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी कार्य नियमों के अनुरूप और तय समय पर पूरा करें। कलेक्टर श्री व्यास ने भू-अर्जन एवं मुआवजा से जुड़े प्रकरणों की भी जानकारी ली और इनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। इसके साथ ही डिजिटल हस्तांतरित खसरों की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। 
     इसके अलावा कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने  प्रशासनिक अनुशासन और वित्तीय पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय कार्यों के लिए राशि आहरित करने के बावजूद कार्य पूर्ण नहीं करने या राशि का दुरुपयोग करने वाले सरपंचों और सचिवों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आरबीसी 6-4 के अंतर्गत आने वाले प्रकरणों के तहत  मुआवजा वितरण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई जा सके।
 कलेक्टर श्री व्यास ने  अधिकारियों को स्वास्थ्य केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा जीवन दीप समिति की बैठकें आयोजित कर स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, सभी विकासखंडों के एसडीएम और तहसीलदार मौजूद थे।

और भी

पारिवारिक विवाद में बेटे ने की अपनी ही मां से मारपीट, ईलाज के दौरान हुई मौत, आरोपी बेटा गिरफ्तार, भेजा जेल


 जशपुर 4 नवम्बर 2025 :  पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुलेंद्र राम उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम महुआ कापुटोली, थाना सन्ना ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि  दिनांक 21.10.25 को वह अपने खेत में घास काट रहा था, इसी दौरान दोपहर 2 से 3 बजे के मध्य, उसे किसी के लड़ने झगड़ने का आवाज सुनाई देने पर वह वापस अपने घर लौटा, तब गांव की ही एक लड़की ने बताया कि आरोपी सुंदर साय, अपनी मां के साथ, जान से मारने की धमकी देते हुए, गंदी गंदी, गालियां देकर लात मुक्का से मारपीट कर रहा है, जिस पर प्रार्थी ,गांव के अन्य लोगों को लेकर मृतिका गेंदी बाई  जो कि प्रार्थी की रिश्ते में बड़ी मां थी, को देखने के लिए घटना स्थल गया, वहां जाकर देखा तो पाया कि मृतिका गेंदी बाई उम्र 60 वर्ष के सिर , व चेहरे में चोट के कारण सुजन हो गया था, जिस पर उनके द्वारा तत्काल, मृतिका गेंदी बाई को ईलाज हेतु शासकीय अस्पताल सन्ना ले जाया गया था, स्थिति गंभीर होने पर मृतिका गेंदी बाई को जिला अस्पताल जशपुर रेफर किया गया था, जहां से अग्रिम ईलाज हेतू,मृतिका गेंदी बाई को डी के एस हॉस्पिटल रायपुर ले जाया गया था, स्थिति में सुधार नहीं होने पर, पुनः वहां से ईलाज हेतु अंबिकापुर वापस ला रहे थे, कि दिनांक 01.11.25 को रास्ते में ही मृतिका गेंदी बाई की मौत हो गई। जिसे लेकर वे वापस अपने गांव महुआ कापुटोली ले आए, मृतिका गेंदी बाई की मौत, उसके बेटे आरोपी सुंदर साय के द्वारा किए गए, मारपीट के कारण हुई है।
     प्रार्थी की रिपोर्ट पर तत्काल थाना सन्ना में मर्ग दर्ज कर जांच विवेचना में लिया गया। व शव का पंचनामा कर डॉक्टर से पोस्ट मार्टम कराया गया, शॉर्ट पोस्ट मार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण शरीर में आई चोट के कारण हत्यात्मक बताने पर, पुलिस के द्वारा आरोपी सुंदर साय उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम महुआ कापुटोली के विरुद्ध थाना सन्ना में बी एन एस की धारा 296,351(2),115(2) व 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।
  पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी बेटे सुंदर साय को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ पर आरोपी सुंदर साय के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
     मामले की कार्यवाही व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, आरक्षक अंबुज सिंह, प्रवीण खलखो व बिंदेश्वर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। 
    मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि सन्ना क्षेत्रांतर्गत ग्राम महुआ कापुटोली में एक बेटे ने अपनी मां के साथ मारपीट की थी, जिसकी ईलाज के दौरान मौत हो गई, पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।*

और भी

वन विभाग के स्टॉल में बांस से निर्मित आभूषणों की स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने की प्रशंसा 

जशपुरनगर 04 नवम्बर 2025/ जिला मुख्यालय रणजीता स्टेडियम में आयोजित  राज्योत्सव कार्यकम में वन विभाग का स्टॉल लगाया गया है ।जिसमें जशपुर जिले के वनों से प्राप्त वनौषधि के उपयोग से निर्मित च्यवनप्राश, काँचपाक, शहद आदि उत्पाद स्टॉल में रखे गये है।
इसके अतिरिक्त जशपुर वनमण्डल अन्तर्गत जशक्राफ्ट ब्रांड के तहत वन प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा स्थानीय स्तर पर प्राप्त सामग्रियों बांस एवं सवई घांस के उपयोग से निर्मित झूमके, माला एवं अन्य आभूषण आदि विशेषतौर पर रखे गये हैं।            
                  वनमण्डलाधिकारी श्री शशि कुमार ने  स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल को बांस से निर्मित माला पहनाई गयी। जिस पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने वन विभाग के द्वारा किये गये नवाचार की प्रशंसा करते हुए इसे व्यापक स्तर बढ़ावा देने हेतु निर्देशित किया। जिससे ग्रामीण महिलाओं को रोजगार प्राप्त हो तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिले। साथ ही हाथी मानव द्वंद को न्यूनतम करने हेतु की प्रारंभ की गई गजरथ को रखा गया है जो हाथी मानव द्वंद को न्यूनतम करने हेतु हाथी के गतिविधि एवं व्यवहार की जानकारी एवं जागरूकता का कार्य करते हुए अपनी अहम भूमिका निभा रहा है।

और भी

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं रजत जयंती महोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने हितग्राहियों को किया सामग्री वितरण

जशपुरनगर 04 नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं रजत जयंती महोत्सव कार्यक्रम में विगत दिवस 03 नवम्बर को रणजीता स्टेडियम में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और लाभान्वित 90 हितग्राहियों को सामग्री का वितरण किया गया। इनमें समाज कल्याण विभाग के 08 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र, मोटराईज्ड ट्राईसाकिल, प्रशस्त्रि पत्र एवं चेक राशि का वितरण किया गया।
           इसी प्रकार उद्यान विभाग के स्टॉल से 11 हितग्राहियों को एनएसएम योजना अंतर्गत् धनिया बीज, राजत टमाटर, बैगन, श्रम विभाग स्टॉल से 05 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना एवं मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत सहायता राशि, पशु  चिकित्सा एवं सेवायें से 08 हितग्राहियों को कृत्रिम गर्भाधान अंतर्गत प्रोत्साहन राशि, मैत्री योजना अंतर्गत प्रोत्साहन राशि एवं अनुदान पर सूकरत्रयी वितरण किया गया। कृषि विभाग से 20 हितग्राहियों को बीज और किसान क्रेडिट कार्ड, मत्स्य विभाग से 11 हितग्राहियों को जाल, आईस बॉक्स, 10 वर्षीय ताला व जलाशय पट्टा आदेश, उद्योग विभाग से 01 हितग्राही को टेण्ट हाउस हेतु लॉन, स्वास्थ्य विभाग से 04 हितग्राहियों को आयुष्मान व वय वंदना कार्ड, खेल विभाग से 05 हितग्राहियों को खेल सामग्री कैरम व क्रिकेट कीट, नगरपालिका जशपुर से 05 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री पी.एम. स्वनिधि योजना अंतर्गत् स्ट्रीट वेंडर्स को व्यवसाय करने हेतु  लोन अमाउंट का डमी चेक तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से 06 हितग्राहियों को सुपोषण टोकरी वितरण किया गया साथ ही 06 हितग्राहियों कों महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना, राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के प्रतिभागी को विभागीय योजना का लाभ दिया गया।
                     इसअवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, पद्मश्री श्री जागेश्वर यादव, श्री कृष्ण कुमार राय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, रायगढ़ जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, डीएफओ श्री शशि कुमार, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, एसडीएम श्री विश्वास राव मस्के, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी, श्री सुनील गुप्ता, श्री उपेंद्र यादव, श्रीमती शारदा प्रधान सहित जनप्रतिनिधि और  बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

और भी

रणजीता स्टेडियम में 5 नवम्बर को होगा जिला स्तरीय जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव का आयोजन

जशपुर 4 नवम्बर 25 /राज्य शासन द्वारा करमा महोत्सव के स्थान पर उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव मनाने का निर्णय लिया गया है। उक्त महोत्सव के सुचारू एवं सफल क्रियान्वयन हेतु विस्तृत रूपरेखा  तैयार की गई है। जिसके तहत् दिनांक 3 नवम्बर तक को ग्राम पंचायत स्तर पर 4 नवम्बर तक  विकासखण्ड स्तर एवं 5 नवम्बर को जिला स्तर में उत्तर छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव-2025 का आयोजन किया जाना है।
 पचायत स्तर एवं विकासखण्ड स्तर पर लोक नृत्य महोत्सव आयोजित कर प्रति विकासखण्ड 02 लोक नृत्य दल चयन कर जिला स्तर में भेजना है।
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 नवम्बर को रणजीता स्टेडियम में जिला स्तरीय जनजाति लोक नृत्य महोत्सव 2025 मनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में सभी गणमान्य नागरिक जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों को शामिल होने का आग्रह किया गया है।
जिला स्तर पर आयोजित छत्तीसगढ़ क्षेत्र जनजाति लोक नृत्य महोत्सव में प्रत्येक चयनित दलों को प्रथम पुरस्कार 50 हजार द्वितीय पुरस्कार 25 हजार और तृतीय पुरस्कार 15 हजार दिया जाएगा।
इसी प्रकार जिला स्तर पर चयनित नृत्य दलों को राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार 2 लाख रुपए द्वितीय पुरस्कार 1 लाख रुपए और तृतीय पुरस्कार 50 हजार का रखा गया है।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने स्वयं बाइक चलाकर युवाओं को दिया सुरक्षित ड्राइविंग का संदेश

रजत जयंती वर्ष के अवसर पर रायपुर में होगा एमआरएफ नेशनल सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप 2025 का भव्य आयोजन

रायपुर, 4 नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर राजधानी रायपुर का बूढ़ापारा आउटडोर स्टेडियम आगामी 8 और 9 नवम्बर को रफ्तार, रोमांच और युवाओं के उत्साह का मंच बनेगा। रजत जयंती समारोह की श्रृंखला में आयोजित यह विशेष कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की नई ऊर्जा, नवाचार भावना और युवा सामर्थ्य का प्रतीक होगा।

छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित एमआरएफ नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैम्पियनशिप 2025 का यह भव्य आयोजन न केवल रोमांचक मोटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देगा, बल्कि युवाओं को सुरक्षित ड्राइविंग, हेलमेट पहनने और सड़क पर रेसिंग से बचने जैसे सामाजिक संदेश देने का भी माध्यम बनेगा।

कार्यक्रम से पूर्व आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने स्वयं बाइक चलाकर युवाओं को “सेफ ड्राइविंग” का संदेश दिया। उन्होंने आगामी 8-9 नवंबर को आयोजित नेशनल सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए अपनी  शुभकामनाएं देते हुए कहा, "युवाओं में अपार ऊर्जा है, और उस ऊर्जा को सही दिशा देना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।" मुख्यमंत्री श्री साय ने युवाओं को सेफ ड्राइविंग का संदेश देते हुए कहा कि जीवन अनमोल है इसीलिए दुपहिया चलाते समय हमेशा हेलमेट पहने और ट्रैफिक नियमों का पालन करें ।सड़क पर रेसिंग बिल्कुल ना करें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रजत जयंती वर्ष छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों का उत्सव मनाने के साथ ही नई पीढ़ी में अनुशासन, जिम्मेदारी और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ का युवा केवल गति से नहीं, बल्कि संयम और संकल्प से पहचाना जाए।

छत्तीसगढ़ मोटर स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री उज्जवल दीपक ने बताया कि यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास है। उन्होंने कहा,"हम चाहते हैं कि रफ्तार जुनून बने, जोखिम नहीं — यही इस चैम्पियनशिप की असली सोच है।”

इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि रेसिंग सड़क पर नहीं, बल्कि विशेष रूप से निर्मित सुरक्षित रेसिंग ट्रैक पर होगी, जहाँ सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि इस दो दिवसीय सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप में देश के शीर्ष राइडर्स हिस्सा लेंगे। एमआरएफ के सहयोग से आयोजित यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ को देश के मोटर स्पोर्ट्स मानचित्र पर एक नई और सम्मानजनक पहचान दिलाने जा रही है।

और भी

आज का राशिफल: जानिए क्या कहती है आपकी राशि, कैसा रहेगा आपका दिन, क्या चमकेगी आपकी किस्मत ?

मेष राशि :– जीवनसाथी का परामर्श लाभदायक रहेगा। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। कल का परिश्रम आज लाभ देगा। कामकाज में आ रही बाधा दूर होगी। बाहरी और अंदरूनी सहयोग मिलता चला जाएगा। पर प्रपंच में ना पड़कर अपने काम पर ध्यान दीजिए। आत्मीय श्रेष्ठता बनेगी। शुभांक-2-5-6

वृष राशि :– हित के काम में आ रही बाधा मध्याह्न पश्चात् दूर हो जाएगी। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। श्रेष्ठजनों की सहानुभूतियां होगी। अपने हितैषी समझे जाने वाले ही पीठ पीछे नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे। अपने काम आसानी से बनते चले जाएंगे। शुभांक-3-6-7

मिथुन राशि :- कहीं रुका हुआ पैसा वसूलने में मदद मिल जाएगी। व्यर्थ प्रपंच में समय नहीं गंवाकर अपने काम पर ध्यान दीजिए। कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। दैनिक सुख-सुविधा में वृद्घि होगी। ज्ञानार्जन का वातावरण बनेगा। शुभांक-3-5-7

कर्क राशि :- किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहें। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार मिलेंगे। कुछ एकाग्रता की प्रवृत्ति बनेगी। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। मनोरथ सिद्घि का योग है। शुभांक-4-7-8

सिंह राशि :- अपने हितैषी समझे जाने वाले ही पीठ पीछे नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे। अपना काम दूसरों के सहयोग से पूरा होगा। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। जरा-सी लापरवाही आपको परेशानी में डाल सकती हैं। शुभांक-3-5-7

कन्या राशि :– संयमित भाषा का इस्तेमाल करें। कुछ कार्यक्रम बदलने होंगे। सब्र का फल मीठा होता है अत:धैर्य रखें व अच्छे समय इन्तजार करें। कर्म प्रधान विचार धारा बनाये रखें। शैक्षणिक कार्य आसानी से पूरे होते रहेंगे। काम में लगे रहें लाभ होगा। राजकीय कार्यों से लाभ। शत्रु से सावधान रहें। शुभांक-1-3-

तुला राशि :- महत्वपूर्ण कार्य को समय पर बना लें तो अच्छा ही होगा। आय-व्यय की स्थिति समान रहेगी। कामकाज में आ रही बाधा दूर होगी। बाहरी और अंदरूनी सहयोग मिलता चला जाएगा। लेन-देन में आ रही बाधा को दूर करने के प्रयास सफल होंगे। समाज में मान-सम्मान बढ़ेगा। शुभांक-2-4-6

वृश्चिक राशि :- स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। परिश्रम प्रयास से काम बनाने की कोशिश लाभ देगी। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। बुरी संगति से बचें। नौकरी में सावधानीपूर्वक कार्य करें। अपनों का सहयोग प्राप्त होगा। पत्नी व संतान पक्ष से थोड़ी चिंता रहेगी। शारीरिक सुख के लिए व्यसनों का त्याग करें। शुभांक-3-4-5

धनु राशि :– पठन-पाठन में स्थिति कमजोर रहेगी। अपने अधीनस्त लोगों से कम सहयोग मिलेगा। संतान पक्ष की समस्या समाप्त होगी। खान-पान में सावधानी रखें। व्यापार में प्रगति होगी। भ्रातृपक्ष में विरोध होने की संभावना है। शिक्षा में आशानुकूल कार्य होने में संदेह है। पत्नी का परामर्श लाभदायक रहेगा। शुभांक-2-4-7

मकर राशि :- व्यापार व नौकरी में स्थिति अच्छी रहेगी। आलस्य का त्याग करें। सच्चाई का सहारा लें कार्यसिद्घि होगी। आर्थिक लाभ उत्तम रहेगा। शैक्षणिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी। परिवार में किसी मांगलिक कार्य पर वार्ता होगी। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। लेन-देन में अस्पष्टता ठीक नहीं। समय आपके पक्ष का बना रहेगा। शुभांक-3-5-7

कुम्भ राशि :- जो चल रहा हैं उसे सावधानीपूर्वक संभालें। कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने में रुकावट का एहसास होगा। ले देकर की जा रही काम की कोशिश ठीक नहीं। समय नकारात्मक परिणाम देने वाला बन रहा है। कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने में रुकावट का एहसास होगा। विरोधियों के सक्रिय होने की संभावना है। शुभांक-2-4-6

मीन राशि :- मध्याह्न से ही आशाएं बलवती होंगी। महत्त्वपूर्ण कार्यों को आज ही निबटा लें उसके बाद समय व्ययकारी सिद्घ होगा। भ्रातृपक्ष में विरोध होने की संभावना है। व्यापार व व्यवसाय में ध्यान देने से सफलता मिलेगी। संतोष रखने से सफलता मिलेगी। नौकरी में स्थिति सामान्य ही रहेगी। शुभांक-1-3-5

और भी

छत्तीसगढ़ स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर रणजीता स्टेडियम में हुआ भव्य आयोजन : भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के  सपनों के अनुरूप राज्य तेजी से प्रगति के मार्ग पर अग्रसर: श्री श्याम बिहारी जायसवाल

जशपुरनगर, 03 नवंबर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला मुख्यालय जशपुर के रणजीता स्टेडियम में आज राज्योत्सव 2025 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित  जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ महतारी एवं भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर समारोह का शुभारंभ किया। 
    इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, पद्मश्री श्री जागेश्वर यादव, श्री कृष्ण कुमार राय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, रायगढ़ जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दीपक सिदार, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शांति भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, डीएफओ श्री शशि कुमार, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, एसडीएम श्री विश्वास राव मस्के, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी, श्री सुनील गुप्ता, श्री उपेंद्र यादव, श्रीमती शारदा प्रधान सहित जनप्रतिनिधि और  बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
       इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जिलेवासियों को राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास की नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार राज्य को तीव्र गति से आगे बढ़ा रही है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि जिनकी दूरदृष्टि से यह राज्य अस्तित्व में आया, आज वह उनके सपनों के अनुरूप प्रगति के मार्ग पर अग्रसर है। साथ ही उन्होंने स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव के छत्तीसगढ़ निर्माण में योगदान को भी याद किया।
      मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि जशपुर प्राकृतिक और भौगोलिक दृष्टि से समृद्ध जिला है, जिसे विश्व के सबसे बड़े प्राकृतिक शिवलिंग  मधेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि राज्य में तेजी से नक्सलवाद समाप्त हो रहा है और 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ पूर्ण रूप से नक्सलमुक्त हो जाएगा।
मंत्री श्री जायसवाल ने बताया कि राज्य निर्माण के समय जहां केवल एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं अब छत्तीसगढ़ में 15वां मेडिकल कॉलेज जशपुर में स्थापित होने जा रहा है, जिसे अगले वर्ष से प्रारंभ करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि  राज्य में तेजी से उद्योगों का विकास हो रहा है, मुख्यमंत्री श्री साय के समय साढ़े सात लाख करोड़ रुपए के औद्योगिक निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। किसानों के लिए संवेदनशील सरकार उनके हित में  3100 रुपए प्रति क्विंटल धान की खरीदी कर रही है। शिक्षा के क्षेत्र में हर गाँव में विद्यालय, प्रत्येक ब्लॉक में कॉलेज एवं तकनीकी शिक्षा के लिए आईटीआई संस्थानों की स्थापना की जा रही है। कृषि और उद्यानिकी को उन्नत बनाने के लिए हॉर्टिकल्चर कॉलेजों की स्थापना भी निरंतर जारी है।
     मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि डीएमएफ कोष के माध्यम से जिले के सर्वांगीण विकास के कार्य किए जा रहे हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु महतारी वंदन योजना कारगर सिद्ध हो रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में पत्थलगांव–कुनकुरी–झारखंड सीमा तक चार-लेन ग्रीनफील्ड राजमार्ग का शिलान्यास किया गया है, जिससे रांची और उड़ीसा की दूरी में कमी आएगी। स्वास्थ्य की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिले में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथैरेपी कॉलेज, योग एवं नेचुरोपैथी कॉलेज की स्थापना की जाएगी। इसके अलावा गिनाबहार में 50 बिस्तरों वाला मातृ-शिशु अस्पताल और कल्याण आश्रम अस्पताल का निर्माण भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अधोसंरचना के विकास के लिए  जिले में 100 से अधिक सड़कों एवं  17 बड़े पुल-पुलियों का निर्माण कार्य किया जाएगा। मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सन्ना में आर्चरी अकादमी सहित कई स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही जशपुर, कुनकुरी और पत्थलगांव में आडिटोरियम एवं जशपुर और कुनकुरी में नालंदा परिसर के निर्माण की जा रही है, जिससे प्रतियोगी छात्रों को बेहतर वातावरण मिल सके।
       विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने राज्योत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाकर यहाँ के आदिवासियों, किसानों और आम नागरिकों के सपनों को साकार किया। उन्होंने कहा कि पहली विधानसभा बैठक  राजकुमार कॉलेज के जशपुर हाल में हुई थी, जो जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि आज सभी वर्गों के विकास हेतु योजनाएं बनाई जा रही हैं और उनका क्रियान्वयन तेज़ी से हो रहा है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने प्रतिवेदन के माध्यम से जिले में किए गए विकास कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

और भी

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्वविजेता बनने पर मुख्यमंत्री ने दी बधाई, छत्तीसगढ़ की बेटी आकांक्षा सत्यवंशी का योगदान राज्य के लिए गर्व की बात - सी एम श्री साय

रायपुर, 3 नवम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को विश्वविजेता बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह विजय न केवल पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि छत्तीसगढ़ के लिए भी अत्यंत विशेष महत्व रखती है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली बेटी आकांक्षा सत्यवंशी का योगदान राज्य के लिए गर्व की बात है। कवर्धा जिले की आकांक्षा सत्यवंशी ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम में बतौर फिजियोथैरेपिस्ट और स्पोर्ट्स साइंस एक्सपर्ट खिलाड़ियों की फिटनेस, रिकवरी और प्रदर्शन को सर्वोच्च स्तर पर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि आकांक्षा सत्यवंशी इससे पहले छत्तीसगढ़ महिला क्रिकेट टीम और अंडर-19 भारतीय महिला क्रिकेट टीम से भी जुड़ी रही हैं। खिलाड़ियों की फिटनेस के प्रति उनका समर्पण, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और उत्कृष्ट पेशेवर दक्षता इस ऐतिहासिक जीत में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करती है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आकांक्षा सत्यवंशी जैसी प्रतिभाशाली बेटियाँ आज छत्तीसगढ़ का नाम पूरे देश और दुनिया में रोशन कर रही हैं। उन्होंने आकांक्षा को राज्य की ओर से हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की युवतियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा — “यह जीत नारी शक्ति, परिश्रम और आत्मविश्वास की जीत है। हमें गर्व है कि इस गौरवमयी पल में छत्तीसगढ़ की बेटी ने भी अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है।”

मुख्यमंत्री श्री साय ने आकांक्षा सत्यवंशी को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनकी सफलता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

और भी

छत्तीसगढ़ टेकस्टार्ट 2025 : 4 नवम्बर को होगा आयोजन - स्टार्टअप्स और निवेशकों के लिए बड़ा अवसर

रायपुर, 3 नवम्बर 2025/वाणिज्य एवं उद्योग विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा 4 नवम्बर को छत्तीसगढ़ टेकस्टार्ट 2025 का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन राज्य के स्टार्टअप और टेक्नोलॉजी क्षेत्र को नई दिशा देने के साथ-साथ उसे राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने का प्रयास है।

छत्तीसगढ़ टेकस्टार्ट 2025 में निवेशक, उद्योग जगत के विशेषज्ञ और युवा उद्यमी एक ही मंच पर जुटेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ को आईटी, आईटीईएस और तकनीकी उद्यमिता का अग्रणी केंद्र बनाना है। यह आयोजन नए निवेश को गति देगा, स्टार्टअप्स और उद्योग जगत के बीच साझेदारी के अवसर बढ़ाएगा, तथा डिजिटल प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में राज्य की उभरती क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करेगा।

आयोजन में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) और MeitY स्टार्टअप हब जैसे राष्ट्रीय संस्थान भी भाग लेंगे। कार्यक्रम में नई तकनीक, नवाचार नीतियों और वैश्विक सहयोग के अवसरों पर चर्चा की जाएगी।

राज्य की औद्योगिक विकास नीति 2024–30 के तहत स्टार्टअप्स और आईटी/आईटीईएस निवेशकों के लिए सीड फंडिंग, संचालन सहायता और इनक्यूबेशन सपोर्ट जैसे अनेक प्रोत्साहन दिए जा रहे हैं।

इस अवसर पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ साझेदारी समझौते भी किए जाएंगे ताकि छत्तीसगढ़ के स्टार्टअप्स को मार्गदर्शन, नवाचार और वैश्विक बाजारों तक पहुँच प्राप्त हो सके।

छत्तीसगढ़ टेकस्टार्ट 2025 राज्य को मध्य भारत का प्रमुख नवाचार और तकनीकी केंद्र बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह आयोजन राज्य में एक मजबूत, नवाचार-प्रेरित और वैश्विक स्तर पर जुड़ा हुआ स्टार्टअप वातावरण तैयार करेगा।

“4 नवम्बर को आयोजित होने जा रहा ‘छत्तीसगढ़ टेकस्टार्ट 2025’ राज्य में नवाचार, प्रौद्योगिकी और उद्यमिता के नए युग की शुरुआत करेगा। यह आयोजन न केवल छत्तीसगढ़ के युवाओं में स्टार्टअप संस्कृति और तकनीकी उद्यमिता को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि राज्य को ‘न्यू इंडिया’ के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन मिशन में एक प्रमुख भागीदार के रूप में स्थापित करेगा। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ अभियानों की भावना के अनुरूप है, जो आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में नवाचार और कौशल को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य है कि हर युवा विचार एक अवसर बने, और हर नवाचार राज्य की प्रगति में योगदान दे।”- मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

और भी

रजत महोत्सव : युवाओं के लिए नॉलेज हब साबित हो रही है जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी

जशपुर, 2 नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे प्रदेश में रजत महोत्सव हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जशपुर जिला मुख्यालय में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह के द्वितीय दिवस भी जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी रही।

प्रदर्शनी में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की जानकारी नगरवासियों, ग्रामीणों और हितग्राहियों को दी गई। साथ ही जनमन पत्रिका, सुशासन तिहार 2025 पत्रिका, जशपुर जम्बूरी 2025 और जशपुर किसान कॉल सेंटर की पत्रिका एवं ब्रोशर का वितरण किया गया।

बगीचा विकासखंड के ग्राम सन्ना निवासी श्री आकाश भगत ने बताया कि वे वर्तमान में एसएससी सीजीएल परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। शासन द्वारा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई पत्रिकाएँ जैसे जनमन और सुशासन तिहार 2025 उनके लिए उपयोगी सिद्ध हो रही हैं, क्योंकि इनमें योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी आँकड़ों सहित मिलती है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं में सहायक है।

कुनकुरी से आए ग्रामीण लिबनुस खाखा ने कहा कि “इस प्रदर्शनी में शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिल जाती है, जिससे हमें योजनाओं का लाभ समझने और लेने में आसानी होती है।”

जनसंपर्क विभाग की यह प्रदर्शनी न केवल शासन की योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार कर रही है, बल्कि युवाओं और ग्रामीणों में जानकारी और जागरूकता बढ़ाने का माध्यम भी बन रही है।

और भी

साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्या आवेदनों का निराकरण गंभीरता से करने के निर्देश 

जशपुरनगर 03 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन  में आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। और प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरता से अवलोकन किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय पर इन आवेदनों का निराकरण  करने के निर्देश दिए।
        जनदर्शन के दौरान आज कुल 30 आवेदन प्राप्त हुए है। इनमें मुख्य रूप से राजस्व प्रकरण, आवास आबंटन, जमीन कब्जा, मुआवजा मांग, नक्शा दुरुस्तीकरण, सीमांकन, और विभिन्न आवेदन शामिल थे।

और भी

राज्योत्सव 2025: विविध रंगों से सजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रस्तुतियों ने समां बांधा,प्रधानमंत्री के सबका साथ सबका विकास का नारा सही मायनों में आज जमीन पर हो रहा है चरितार्थ: विधायक श्रीमती रायमुनी भगत

 जशपुरनगर, 03 नवंबर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे हो गए हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में राज्योत्सव 2025 के अवसर पर आज जिला मुख्यालय जशपुर के रणजीता स्टेडियम में विविध रंगों से सजे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत, नाटक और लोककला की शानदार प्रस्तुतियों से वातावरण को उल्लासमय बना दिया। दर्शकगण मंत्रमुग्ध होकर तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे।
     आज के कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत और जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम  सहित अन्य अतिथियों ने छत्तीसगढ़ महतारी और भारत माता के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित किया। इस अवसर पर कृष्ण कुमार राय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, डीएफओ श्री शशि कुमार, अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, एसडीएम श्री विश्वास राव मस्के, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी सहित जनप्रतिनिधिगण और भारी संख्या में लोग मौजूद थे। 
     इस अवसर पर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने छत्तीसगढ़ निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेई के योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के सबका साथ सबका विकास का जो नारा दिया था, सही मायनों में आज जमीन पर चरितार्थ हो रहा है। प्रधानमंत्री के पहल पर जनजातियों के सम्मान के लिए जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है।शहरों से लेकर सुदूर गांवों के विकास के लिए अनेक योजनाओं का निर्माण और उनका तेजी से क्रियान्वयन किया जा रहा है। पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय इलाकों में सड़क, आवास, शिक्षा सहित अनेक योजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। आज जशपुर के विकास के लिए गावों में सड़कों का तेजी से निर्माण हो रहा है। खेलों के विकास के लिए आर्चरी अकादमी सहित अनेक खेल स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है, शिक्षा के लिए नालंदा परिसर, मेडिकल कॉलेज, फिजियोथैरेपी और नर्सिंग कॉलेज का निर्माण की स्वीकृति दी जा चुकी है। 

*नृत्य, संगीत और कविता ने पूरे माहौल को उल्लास से भर दिया, दर्शक झूमते नजर आए*

   कार्यक्रम में डी.पी.एस. स्कूल जशपुर के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सुआ नृत्य ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की झलक दिखाई। वहीं सेजेस अंग्रेजी माध्यम उ.मा.वि. जशपुर के विद्यार्थियों ने मनमोहक असमिया लोकनृत्य की प्रस्तुति दी, जिसने दर्शकों को पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति से रूबरू कराया। शासकीय शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय जशपुर के विद्यार्थियों ने पारंपरिक करमा नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। संत जेवियर्स इंग्लिश मीडियम उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने हरि हरि न न गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जशपुरांचल इंग्लिश मीडियम स्कूल के छात्रों ने हमर सुग्घर छत्तीसगढ़ गीत पर नृत्य कर राज्य की संस्कृति का गौरव बढ़ाया, जबकि संत जेवियर्स हिन्दी मीडियम उच्च माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने महुआ झरे  गीत पर अपनी प्रस्तुति दी।  
     शा.म.ल.बा.क.उ.मा.वि.जशपुर  जशपुर के रखईया गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं संत पॉल इंग्लिश मीडियम स्कूल की छात्राओं ने रानी के फुंडराला गीत पर शानदार प्रदर्शन कर तालियाँ बटोरीं। सेजेस अंग्रेजी मा.उ.मा. विद्यालय की छात्राओं ने नरमोधया थीम पर  और बस्तर मोचो सुंदर माटी आय गीत पर समूह नृत्य के माध्यम से बस्तर की लोकसंस्कृति की झलक प्रस्तुत की।शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गम्हरिया के विद्यार्थियों ने बालिका शिक्षा पर आधारित प्रेरणादायक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि सेजेस हिन्दी माध्यम उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने सरगुजा नाचे समूह नृत्य से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। 
      सेजेस हिन्दी उ.मा.वि. जशपुर के छात्र सनी सिंह द्वारा शानदार क्लासिकल नृत्य की प्रस्तुति दी गई। वहीं स.शि.मं.उ.मा.वि. जशपुर की छात्रा रिद्धि बड़ाईक द्वारा प्रस्तुत मोर छइयां भूइंया गीत ने सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। सेजेस अंग्रेजी मा.उ.मा.वि. जशपुर द्वारा प्रकृति संरक्षण का सन्देश देते हुए ज्ञानपरक नाटक की शानदार प्रस्तुति दी गई। केन्द्रीय विद्यालय जशपुर की छात्रा परिधि गुप्ता द्वारा प्रस्तुत कत्थक नृत्य को सभी ने सराहा। जशपुरांचल इंग्लिस मिडियम स्कूल जशपुर की छात्रा नूतन कुजूर द्वारा जय छत्तीसगढ़ गीत पर प्रस्तुत नृत्य ने सभी को झुमने पर मजबूर कर दिया। जीएनएम नर्सिंग सेंटर की छात्राओं ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर एक मार्मिक और शिक्षाप्रद नाटक की प्रस्तुति दी, जिसे सभी ने सराहा। 
     डी.पी.एस. स्कूल जशपुर की  प्रियंका यादव द्वारा प्रस्तुत भारत नाट्यम और वर्णिका पाठक द्वारा प्रस्तुत कत्थक नृत्य की शानदार प्रस्तुति ने  सभी को रोमांचित किया। वंशिका रजक द्वारा  हमर सुग्घर छत्तीसगढ़ गीत और ये मेरे वतन के लोगों एवं विभा रजक द्वारा प्रस्तुत गीत छूकर मेरे मन को तूने गीत पर शानदार प्रस्तुति दी गई । कार्यक्रम में राजेन्द्र प्रेमी एवं रामाकांत राठौर ने तबला, हारमोनियम और अन्य वाद्य यंत्रों पर मधुर धुनों के साथ ग़ज़ल गायन प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। जीतू चौहान की बांसुरी की धुन और अघनू सौरभ की ढोलक की थाप पर दर्शक झूम उठे। अंत में लक्ष्मण मस्तूरीया सम्मान लेखक एवं कवि मिलन मलरिहा द्वारा प्रस्तुत कविता और गीत  तथा मुकेश कुमार के काव्यपाठ ने कार्यक्रम को साहित्यिक ऊँचाई प्रदान की।

और भी

दोकड़ा के जगन्नाथ मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़, देव उठनी एकादशी में हुआ दीप प्रज्वलन, तुलसी विवाह और भव्य भंडारा का हुआ आयोजन

नारायणपुर/दोकड़ा 03नवम्बर 2025: देव उठनी एकादशी के पावन अवसर पर ग्राम दोकड़ा स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर में रविवार को भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।इस दौरान द्विप प्रज्वलन, तुलसी विवाह सहित अनेक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा और हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे आयोजन को भव्यता प्रदान की।


*दीपों की रोशनी में जगमगाया मंदिर परिसर*


शाम ढलते ही मंदिर परिसर दीपों की झिलमिल रोशनी से जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु और माता तुलसी के विवाह समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लिया। पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तुलसी और शालिग्राम का विवाह संपन्न हुआ। आयोजन स्थल को रंग-बिरंगे पुष्पों, तोरणों और दीपमालाओं से सजाया गया था।

*भजन-कीर्तन और संकीर्तन ने बाँधा माहौल*

शाम को मंदिर में भजन-कीर्तन, संकीर्तन का आयोजन किया गया।ग्राम पुकडेगा के कलाकारों और भजन मंडलियों ने भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की स्तुति में भक्ति गीत प्रस्तुत किए। वातावरण “हरे राम हरे कृष्ण” और “जय श्री हरि” के उद्घोष से गूंजता रहा।

*महाप्रसाद भंडारा में उमड़ी भीड़*


धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात महाप्रसाद भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति के सदस्यों और युवाओं ने व्यवस्था संभालते हुए श्रद्धालुओं को सुचारू रूप से प्रसाद वितरण कराया।

*भक्तों ने की पुण्य स्नान और पूजा-अर्चना*

सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान श्री हरि विष्णु की पूजा-अर्चना करते रहे। महिलाओं ने तुलसी चौरा पर दीप जलाकर परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर भगवान विष्णु के शयन से जागरण दिवस का उत्सव मनाया।

*धार्मिक एकता और आस्था का संगम*

आयोजन समिति ने बताया कि देव उठनी एकादशी का पर्व धर्म, आस्था और लोक परंपरा का अद्भुत संगम है। इस दिन से विवाह, मांगलिक कार्य और शुभ अवसरों की शुरुआत मानी जाती है। श्री जगन्नाथ मंदिर दोकड़ा में इस वर्ष यह पर्व पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।

और भी