ताजा खबरें


बड़ी खबर

रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर : यह पहला ट्रेन है जंहा यात्रियों को अब केवल शाकाहारी भोजन ही परोसा जाएगा,नॉन वेज पर लगा पूर्ण प्रतिबन्ध

नई दिल्ली : रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर है। अब शाकाहारी यात्रियों को ट्रेन यात्रा के दौरान भोजन को लेकर किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं होगी। नई दिल्ली से कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को भारत की पहली पूरी तरह शाकाहारी ट्रेन बना दिया गया है।

इस ट्रेन में यात्रियों को अब केवल शाकाहारी भोजन ही परोसा जाएगा। यह फैसला उन यात्रियों को ध्यान में रखकर लिया गया है जो धार्मिक कारणों से या अपनी पसंद के अनुसार शाकाहारी भोजन करना पसंद करते हैं। पहले कई यात्रियों को इस बात की चिंता रहती थी कि ट्रेन में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन एक साथ बनाया जाता है, जिससे भोजन की शुद्धता को लेकर संदेह रहता था। लेकिन अब इस समस्या का समाधान हो गया है।

कटरा एक धार्मिक स्थल है और वहां जाने वाले अधिकतर यात्री शाकाहारी होते हैं। ऐसे में इस रूट पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में पूरी तरह शाकाहारी भोजन परोसने का फैसला यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। रेलवे का लक्ष्य है कि यात्रियों को एक पवित्र वातावरण में यात्रा का अनुभव मिले।

और भी

बीजापुर के गंगालूर उन्मूलन अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने 8 नक्सलियों को किया ढेर,राइफल, वीएलजी लॉन्चर सहित कई हथियार बरामद

रायपुर : छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत एक बड़ी सफलता मिली है। थाना गंगालूर क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में अब तक 08 नक्सलियों के शव सहित इंसास राइफल, वीएलजी लॉन्चर सहित कई हथियार बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबलों को आशंका है कि इस मुठभेड़ में कई और नक्सली मारे गए या घायल हुए होंगे। फिलहाल, क्षेत्र में सघन सर्चिग अभियान जारी है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस सफलता पर सुरक्षाबलों की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार नक्सल उन्मूलन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यह सुरक्षाबल के जवानों की बड़ी सफलता है, उनके साहस को सलाम करता हूं। जवान मजबूती के साथ नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी का संकल्प है कि 31 मार्च 2026 तक देश-प्रदेश से नक्सलवाद का अंत करेंगे। हम इस संकल्प को पूरा करने में सफल हो रहे हैं, नक्सलवाद अपनी अंतिम सांसे गिन रहा है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य बस्तर को

पूरी तरह नक्सलमुक्त बनाना और आदिवासी समुदाय के विकास को तेज़ करना है। मुख्यमंत्री ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में माओवादियों से हिंसा छोड़कर आत्मसमर्पण करने और सरकार की पुनर्वास योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा संचालित नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 31 जनवरी 2025 को डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा 202 एवं केरिपु 222 वाहिनी की संयुक्त टीम को पश्चिम बस्तर डिवीजन में माओवादियों की उपस्थिति की जानकारी मिली थी। इसी आधार पर सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के लिए निकली। इस दौरान 01 फरवरी की सुबह साढ़े आठ बजे से रुक-रुक कर कई बार मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने 08 नक्सलियों को मार गिराया और उनके ठिकानों से विस्फोटक सामग्री एवं आधुनिक हथियार बरामद किए।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बस्तर अंचल के नक्सल प्रभावित ईलाकों में नए सुरक्षा कैम्पों की स्थापना कर वहां के लोगों को सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही नियद नेल्ला नार योजना के तहत गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास और लोगों को शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों का लाभ पहुंचा रही है। नियद नेल्ला नार योजना में शामिल गांवों में सड़कों का निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत जैसी सुविधाओं का विकास और रोजगार को बढ़ावा दे रही है, जिससे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी शांति स्थापित करने में मदद मिल रही है।

और भी

दो माह से गंभीर रूप से बीमार 60 वर्षीय हाथी की मौत,किया गया अंतिम संस्कार


 बीते दिन शुक्रवार को एक वृद्ध मखना हाथी (नर हाथी) की मृत्यु हो गई। यह हाथी लगभग 60 वर्ष का था और पिछले दो माह से गंभीर रूप से बीमार था। धरमजयगढ़ वनमंडल के छाल परिक्षेत्र स्थित बेहरामार परिसर में यह मौत हुई है। हाथी के शरीर पर कई स्थानों, विशेषकर चारों पैर, ऊपरी उदर भाग और पुष्ट भाग में गहरे घाव थे, जिनसे लगातार मवाद (पस) निकल रहा था। वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर, वन्यप्राणी चिकित्सकों ने 19 दिसंबर 2024 को करतला वन परिक्षेत्र (कोरबा वनमंडल) में इसका उपचार किया था। इसके बाद लगातार इसकी निगरानी की गई और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवाएं दी जाती रहीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 जनवरी 2025 को यह हाथी करतला वन परिक्षेत्र से धरमजयगढ़ वनमंडल के छाल परिक्षेत्र में प्रवेश कर गया, जहां इसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी गई और दवाएं दी जाती रहीं। हाथी ट्रैकर्स, हाथी मित्र दल और वन विभाग के कर्मियों द्वारा लगातार उसकी गतिविधियों की निगरानी की गई। हालांकि, कुछ दिनों तक स्वास्थ्य में सुधार दिखा, लेकिन बाद में स्थिति बिगड़ने लगी। 29 और 30 जनवरी 2025 को हाथी की गतिविधियों में कमी देखी गई और वह दिनभर 10-12 घंटे तक एक ही स्थान पर रहने लगा। बेहतर उपचार के लिए 30 जनवरी 2025 को सूरजपुर जिले के रमकोला हाथी राहत एवं पुनर्वास केंद्र से दो कुमकी हाथी मंगवाए गए।

31 जनवरी 2025 को बेहरामार परिसर (छाल परिक्षेत्र) में वन्यप्राणी चिकित्सकों की समिति द्वारा कुमकी हाथियों की सहायता से उपचार किया जा रहा था। इसी दौरान हाथी अचानक बैठ गया और गहरी सांसें लेने लगा। शाम 4 बजे वन्यप्राणी चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शाम हो जाने के कारण शव विच्छेदन संभव नहीं था, इसलिए वनरक्षकों को सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात किया गया। 1 फरवरी 2025 की सुबह 9 बजे, जिला स्तरीय पशु चिकित्सकों की टीम ने शव विच्छेदन किया। रिपोर्ट के अनुसार, हाथी की मृत्यु गंभीर संक्रमण के कारण हुई। इसके बाद नियमानुसार 10×10 फीट का गड्डा खोदकर उसका दफन किया गया। धरमजयगढ़ वनमंडल एक हाथी प्रभावित क्षेत्र है, जहां वन विभाग हाथियों की सतत ट्रैकिंग और निगरानी की जा रही है।

और भी

प्रदेश में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने पर सरकार ने गम्भीरता लेते हुए रोकथाम के लिए अधिकारियों को दिये निर्देश

रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में बर्ड फ्लू के प्रकरण की पुष्टि होने पर इसे गंभीरता से लेते हुए राज्य भर में बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए विस्तृत दिशा निर्देश दिए हैं। राज्य में बर्ड फ्लू की रोकथाम के लिए रेपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है। राज्य एवं जिला स्तर पर कंट्रोल रूम का गठन करते हुए सभी कलेक्टरों और पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को एहतियाती कदम उठाने, सतर्कता बरतने और बायोसेक्युरिटी निर्देशों का पालन के निर्देश भी दिए गए हैं। गौरतलब है कि प्रदेश के रायगढ़ जिले स्थित शासकीय कुक्कट पालन प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू (एवियन एनफ्लूएंजा) के मामले की पुष्टि हुई है। 30 जनवरी 2025 को कुक्कट पालन प्रक्षेत्र में बड़ी संख्या में पक्षियों की अकस्मिक मृत्यु की सूचना के बाद, पशु चिकित्सकों की एक टीम गठित की गई थी। जांच के बाद राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान, भोपाल ने 31 जनवरी 2025 को बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि की है। संचालक पशु चिकित्सक सेवाएं के निर्देश पर बर्ड फ्लू के रोकथाम के लिए रायगढ़ जिले में प्रभावित कुक्कट पालन प्रक्षेत्र के 1 किलोमीटर क्षेत्र को इन्फेक्टेड जोन घोषित कर कुक्कट, अंडे, आहार और अन्य सामग्रियों का विनिष्टीकरण किया गया है. प्रभावित क्षेत्र के 1 से 10 किलोमीटर के दायरे को सर्वलेंस जोन घोषित कर पोल्ट्री और अंडे की दुकानों को बंद कर दिया गया है और सीरो सर्वलेंस कार्य शुरू कर दिया गया है. जिला प्रशासन रायगढ़ द्वारा कुक्कुट पालकों को भारत सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर मुआवजा देने के निर्देश भी दिए गए हैं. रायगढ़ कुक्कुट प्रक्षेत्र में इन्फेक्टेड जोन से पोल्टी प्रोडक्ट की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है. पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को पर्सनल प्रोटेक्शन इक्यूपमेंट किट का उपयोग भी करने कहा गया है. संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं द्वारा आम जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, क्योंकि संक्रामित क्षेत्र में सभी आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है. पोल्ट्री उत्पादों का सेवन स्वच्छता और सावधानी से किया जा सकता है, क्योंकि ये पोषण से भरपूर होते हैं और कुपोषण दूर करने में मदद करते हैं. उन्होंने कहा कि यह भी सुनिश्चित किया है कि राज्य के अन्य हिस्सों में बर्ड फ्लू के मामलों की कोई सूचना नहीं मिली है. एवियन एनफ्लूएंजा एक घातक संक्रामक रोग है, जो पक्षियों में फैलता है. हालांकि अब तक भारत में इस वायरस के मानवों में संक्रमण का कोई मामला नही देखा गया है,फिर भी वायरस के लक्षण ओर संक्रमण के जोखिम को लेकर सभी लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है

और भी

होली क्रॉस कन्या विद्यालय घोलेंग,एवं महारानी लक्ष्मी बाई कन्या विद्यालय की छात्राओं ने जाबो कार्यक्रम के तहत निकाली मतदाता जागरूकता रैली

जशपुर: जिला निर्वाचन अधिकारी रोहित व्यास और जाबो कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सीईओ जिला पंचायत अभिषेक कुमार के निर्देश पर स्थानीय नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से जिले में जाबो कार्यक्रम के तहत गतिविधियां कराई जा रही हैं। होली क्रॉस कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घोलेंग के राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राओं ने भी जाबो कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता रैली निकाली।  छात्राओं ने हाथ में बैनर लिए घोलेंग के गली मोहल्लों में नारे लगाते हुए लोगों को मतदान करने का संदेश दिया।

 

 महारानी लक्ष्मी बाई कन्या विद्यालय की छात्राओं ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली

जिला निर्वाचन अधिकारी रोहित व्यास के निर्देश और जाबो कार्यक्रम के नोडल अधिकारी सीईओ जिला पंचायत अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में स्थानीय नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से गतिविधियां कराई जा रही हैं। गुरुवार को महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने गर्ल्स कॉलेज से होते हुए स्टेट बैंक , महाराजा चौक , सिटी कोतवाली के रास्ते रैली कर मतदान का संदेश दिया।  राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राओ ने बैनर पकडकर  नारे लगाते हुए मतदान करने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती गीता झा, शिक्षिकाएं श्रीमती अनिमा कुजूर, श्रीमती भूमिका बाघव, श्रीमती ज्योति चाणक्य, श्रीमती प्रतिभा सिंह भी रैली में शामिल रहे।

और भी

खेल विभाग की समीक्षा बैठक संपन्,खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों में आगे बढ़ाने हर संभव सहायता दिया जाएगा  - कलेक्टर 

 

जशपुर: कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज  कलेक्टर मंत्रणा सभागार में जिले के अंतर्गत समस्त खेल संघो एवं खेल प्रशिक्षकों का बैठक लिया गया। खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों में आगे बढ़ाने और उनको जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विस्तार से चर्चा की गई उन्होंने जिले के खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं खेल अधो संरचनाओं के विकास पर  विस्तार चर्चा किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार ,डिप्टी कलेक्टर श्री विश्वास राव मस्के जिला खेल अधिकारी और रोजगार अधिकारी सुश्री दुर्गेशवरी सिंह प्राचार्य श्री विनोद गुप्ता उपस्थिति थे।

बैठक में सभी खेल संघों का विभाग में पंजीयन जिले में पूर्व से स्थित खेल अधोसंरचनाओं के विकास ,मरम्मत पर आवश्यक चर्चा।

 विभिन्न खेल गतिविधियों हेतु खेल उपकरण , प्रशिक्षण एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के संबंध में आवश्यक चर्चा किया गया पूर्व से संचालित बैडमिंटन, स्वीमिंग, ताइक्वांडो जिम आदि के उचित संचालन हेतु समिति गठन एवं नियम शर्तों के संबंध में आवश्यक चर्चा।

जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने हेतु आवश्यक प्रावधान करने के संबंध में चर्चा। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नवाचार एवं संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा किया गया।

और भी

बाबा भगवान राम ट्रस्ट का 65 वाँ स्थापना दिवस समारोह ब्रह्मनिष्ठालय सोगड़ा आश्रम में हुआ संपन्न,701 मरीजो का उपचार एवं 442 को दिया गया पावर चश्मा

जशपुर : निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन भी बाबा भगवान राम ट्रस्ट जशपुर का 65 वाँ स्थापना दिवस 30 जनवरी गुरुवार को ट्रस्ट के मुख्यालय ब्रह्मनिष्ठालय सोगड़ा आश्रम में सोल्लास मनाया गया इस पुनीत अवसर पर ट्रस्ट के उद्देश्यों के अनुरूप एक निशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया एवं जरूरतमंद वृद्ध जनों के बीच कंबल साड़ियां एवं बालिकाओं के बीच वस्त्र वितरण भी किया गया निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय खरसोता विकासखंड मानोरा जिला जशपुर के प्रांगण में आयोजित किया गया इस शिविर में कुल 701 मरीजों की चिकित्सा की गई जिसमें नेत्र संबंधित 471 मरीजों को नेत्र परीक्षण कर 442 मरीजों को ट्रस्ट द्वारा पावर वाले चश्मे वितरित किया गया वहीं अन्य रोगों के तीन 230 मरीज के जांच उपरांत उन्हें दवाएं प्रदान  की गयी शिविर में 25 मोतियाबिंद के भी मरीज पाए गए वहीं लगभग 28 मरीज का रक्त परीक्षण भी किया गया शिविर का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी एवं ट्रस्ट के वर्तमान अध्यक्ष पूज्यपाद गुरुपद संभव राम जी के चित्र पर विधिवत पूजन आरती पश्चात नारियल फोड़ कर किया गया मरीज का नेत्र परीक्षण टी पी कुशवाहा एवं श्रीमती सविता नंदे जी द्वारा किया गया वहीं अन्य रोगों के लिए जशपुर के वरिष्ठ सर्जन डॉक्टर आर के सिंह ने अपनी सेवाएं प्रदान की शिविर में जरूरतमंद लोगों एवं बालिकाओं के बीच कंबल साड़ी एवं वस्त्र वितरण भी किया गया सिविल को सफल बनाने में  प्रवीण कुमार सिन्हा,कमल दुबे ,तरुण कुमार पटेल  ,ओहदार जी एवं सर्वेश्वरी समूह शाखा गुमला के कृष्ण कुमार गुप्ता मुन्ना ,गौरी सारंगी  ,उदय गुप्ता मोहन गोप के साथ गम्हरिया आश्रम के प्रवीन्द्र कुमार श्रीवास्तव ,सत्येंद्र सिंह ,वेद प्रकाश तिवारी ,शंकर यादव एवं सोगड़ा आश्रम के अनुराग सिंह ,शंभू अग्रवाल एवं संघर्ष साय का विशेष योगदान रहा ।सायंकाल में ट्रस्ट के मुख्य कार्यालय का दीपों से श्रृंगार कर विशेष पूजा अर्चना आरती कर राष्ट्र एवं जनकल्याण हेतु कामना की गयी।

और भी

बजट 2025 : बजट में इनकम टैक्स को लेकर बड़ा ऐलान,अब 12 लाख तक की आय पर कोई टैक्स नहीं लगेगा,वरिष्ठ नागरिकों के टीडीएस सीमा 50,000 से बढ़ाकर 1 लाख कर दी गई 

नईदिल्ली, : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट में इनकम टैक्स को लेकर बड़ा ऐलान किया है। अब 12 लाख तक की आय पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। मानक कटौती को मिलाकर ये सीमा 12.75 लाख रुपये तक हो जाएगी।

इस दौरान संसद में मोदी-मोदी के नारे लगने लगे।

वित्त मंत्री ने बताया कि अगले हफ्ते संसद में नया इनकम टैक्स विधेयक पेश किया जाएगा।

अब पिछले 4 साल का आईटीआर एकसाथ फाइल कर सकेंगे। नई घोषणा के बाद अब 4 लाख तक आय पर कोई टैक्स नहीं लगेगा।4 से 8 लाख तक की आय पर 5 प्रतिशत, 8 से 12 लाख पर 10 प्रतिशत, 12 से 16 लाख पर 15 प्रतिशत, 16 से 20 लाख पर 20 प्रतिशत, 20 से 24 लाख पर 25 प्रतिशत और 24 लाख से ज्यादा की सालाना आय पर 30 प्रतिशत टैक्स लगेगा।

वरिष्ठ नागरिकों के लिए टीडीएस सीमा 50,000 से बढ़ाकर 1 लाख कर दी गई है।

बजट पेश होने से एक दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था, मैं देवी लक्ष्मी से प्रार्थना करता हूं कि देश के गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को उनका आशीर्वाद मिले।

इससे पहले विशेषज्ञों ने बताया था कि सरकार आयकर दाताओं को नए टैक्स रिजीम अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहती हैं। इस वजह से भी उम्मीदें थीं कि इनकम टैक्स को लेकर कुछ घोषणा हो सकती है।

बजट में घोषणा होने से पहले नई टैक्स रिजीम में 6 टैक्स स्लैब थे।

इसमें 3 लाख रुपये की आय पर 0 प्रतिशत टैक्स लगता था। इसके बाद 3 से 7 लाख रुपये की सालाना आय पर 5 प्रतिशत, 7 से 10 लाख रुपये तक की आय पर 10 प्रतिशत, 10 से 12 लाख आय पर 15 प्रतिशत, 12 से 15 लाख आय पर प्रतिशत और 15 लाख से ज्यादा आय पर 30 प्रतिशत टैक्स लगता था।

पुरानी व्यवस्था में 2.5 लाख रुपये तक की आय टैक्स फ्री है। 2.5-5 लाख रुपये की आय पर 5 प्रतिशत टैक्स लगता है।

हालांकि, 5 लाख तक की आय वालों को आयकर अधिनियम की धारा 87ए के तहत 12,500 रुपये की छूट मिलती है, जिससे 5 लाख तक की आय पर टैक्स शून्य हो जाता है।

इसके बाद 5-10 लाख आय पर 20 प्रतिशत और 10 लाख से ऊपर 30 प्रतिशत टैक्स है।

वित्त मंत्री ने कहा, सरकार अगले हफ्ते नया इनकम टैक्स बिल लाने जा रही है, जिससे टैक्स प्रणाली को और आसान और पारदर्शी बनाया जाएगा। अब सरकार की सोच है पहले भरोसा, फिर जांच। यानी, करदाता को बेवजह नोटिस और परेशानियां नहीं झेलनी पड़ेंगी। इसके साथ ही केवाईसी प्रक्रिया भी आसान की जाएगी, जिससे बैंक और अन्य वित्तीय कामों में कम कागजी झंझट होगा। कुल मिलाकर यह नया विधेयक करदाताओं के लिए राहत और सहूलियत लेकर आएगा।

और भी

बजट 2025:अन्नदाताओं को मिली बड़ी सौगात,किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की लिमिट 3 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई 

दिल्ली : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट पेश की हैं बजट की शुरुआत में ही उन्होंने किसानों के लिए कई बड़े ऐलान कर दिए हैं। किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की लिमिट 3 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी गई है।

इसके अलावा खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता के लिए राष्ट्रीय तेल मिशन, राष्ट्रीय उच्च पैदावार बीज मिशन और प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना की भी घोषणा की है।

वित्त मंत्री ने बजट में बिहार में मखाना बोर्ड बनाने का ऐलान किया।

उन्होंने कहा, बिहार के लोगों के लिए एक विशेष अवसर है। मखाना के उत्पादन, प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन में सुधार के लिए राज्य में मखाना बोर्ड की स्थापना की जाएगी। इन गतिविधियों में लगे लोगों को एफपीओ में संगठित किया जाएगा। मखाना किसानों को सहायता और प्रशिक्षण और यह सुनिश्चित करने के लिए भी काम किया जाएगा कि उन्हें सभी प्रासंगिक सरकारी योजनाओं का लाभ मिले।

वित्त मंत्री ने प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना का भी ऐलान किया है। ये योजना शुरुआती चरण में 100 जिलों में शुरू होगी, जहां खेती की पैदावार

कम है।

इस योजना से किसानों को आधुनिक खेती, नई तकनीक और बेहतर वित्तीय सहायता मिलेगी।

इसमें कम पैदावार, आधुनिक फसल गहनता और औसत से कम ऋण मापदंडों वाले 100 जिले शामिल किए जाएंगे। इससे 1.7 करोड़ किसानों को फायदा होगा।

किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से 7.7 करोड़ किसानों, मछुआरों को लोन मिलता रहेगा। इसकी सीमा 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख की जाएगी।

पूर्वी क्षेत्र में निष्क्रिय पड़े यूरिया संसाधनों को सक्रिय किया गया है। असम के नामरूप में 12.7 टन सालाना क्षमता का यूरिया संयंत्र लगाया जाएगा।

कपास उत्पादकता मिशन के तहत उत्पादकता में पर्याप्त बढ़ोतरी होगी और कपास के लंबे रेशे वाली किस्मों को बढ़ावा दिया जाएगा। किसानों की आमदनी को बढ़त मिलेगी।

अगले 6 साल में मसूर, तुअर जैसी दालों की पैदावार बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा।

वित्त मंत्री ने कहा, सब्जियों व फलों का उत्पादन बढ़ाने और लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए व्यापक कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। सरकार दालों में आत्मनिर्भर बनने के लिए 6 साल का एक कार्यक्रम शुरू करेगी, तुअर (अरहर), उड़द और मसूर पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। केंद्रीय एजेंसियों में पंजीकरण और करार करने वाले किसानों से 4 साल के दौरान एजेंसियां दलहन खरीदेंगी।

और भी

 ‘रूप नहीं गुण को देखो‘, ‘पढ़ाई का कोना‘ और ‘आज क्या सीखा‘ अभियानों का कलेक्टर रोहित व्यास ने किया शुभारंभ,बच्चों के लिए 200 ग्रामों में अभियान का किया जाएगा संचालन

जशपुर : शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के मंत्रणा सभाकक्ष में कलेक्टर रोहित व्यास, छत्तीसगढ़ यूनिसेफ एसबीसी स्पेशलिस्ट अभिषेक सिंह के द्वारा जिले में जिला प्रशासन, समग्र शिक्षा, यूनिसेफ एवं अलायंस फॉर बिहेवियर चेंज के द्वारा संचालित  ‘रूप नहीं गुण को देखो‘, ‘पढ़ाई का कोना‘ और ‘आज क्या सीखा‘ अभियानों का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम जशपुर जिले की अभिनव पहल है, जिसके माध्यम से अभिभावकों में शिक्षा के प्रति व्यवहार की समझ बढ़ाने में सहायता मिलेगी ताकि शिक्षा में व्यापक और सतत परिवर्तन की नींव पड़ सके। सामाजिक एवं व्यवहार परिवर्तन के सिद्धांत से सुसज्जित इन कार्यक्रमों में समाज के सभी प्रभावशाली वर्गों को समाहित किया जायेगा। जिसमें समाज प्रमुख, सीएसओ, महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं, एनएसएस, एनवायकेएस, माईभारत युवा स्वयंसेवक आदि स्थानीय स्कूलों के साथ मिलकर अभिभावकों की सहभागिता सुनिश्चित कराएंगे। 
       इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास ने कहा कि किशोरों की उम्र संवेदनशील होती है, उनमें शारीरिक बनावट को लेकर आने वाली हीन भावना उनके आत्मविश्वास को कम करती है। बच्चों का सर्वांगिण विकास तभी संभव है जब उनका पूर्ण मानसिक विकास हो। प्रथम चरण में जिले के 200 ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम का संचालन किया जायेगा। परिणाम के आधार पर जिले के अन्य ग्राम पंचायतों में भी इसका विस्तार किया जायेगा। जशपुर एसएसपी शशिमोहन सिंह ने कहा कि रूप की अपेक्षा गुण का विकास किशोरों के समग्र विकास में क्रांति ला सकता है।  
        बेहतर शिक्षा परिणाम के लिए अभिभावक की सहभागिता के संवेदनशील विषय पर विचार रखते हुए छत्तीसगढ़ यूनिसेफ एसबीसी स्पेशलिस्ट अभिषेक सिंह ने कहा कि हर बच्चा अद्वितीय होता है, उसकी पहचान इसी से होनी चाहिए। उन्होंने रूप नहीं गुण पर विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि लिंग भेद, मोटा-पतला, काला-गोरा आदि से प्रभावित हुए बिना गुण का विकास करना प्राथमिकता होना चाहिए। समग्र शिक्षा परियोजना के डीएमसी गणेश सिन्हा ने कहा कि विद्यालयों के शिक्षक समुदाय से मिलकर एक बेहतर माहौल तैयार करेंगे। 
         इस प्रशिक्षण में अपने बच्चों की पढ़ाई को रुचिकर बनाने और सहभागी होने के लिए अभिभावकों द्वारा उनसे आज क्या सीखा प्रश्न करने के महत्व पर भी प्रशिक्षित किया। वहीं किशोर बालक-बालिकाओं में अपने शारीरिक बनावट के प्रति उदासीनता और उससे गिरते आत्मसम्मान और आत्मविश्वास के निराकरण के लिए राज्य कॉर्डिनेटर सर्वत नकवी ने प्रशिक्षित किया। उन्होंने बताया कि माता-पिता का समर्थन बच्चों में अपने शरीर के प्रति सकारात्मक छवि और आत्मविश्वास को बढ़ाने में मदद कर सकता है। तकनीकी पहलू का अभ्यास करवाकर किशोरों में अपने गुण को विकसित करने को कहा। 
         इस अवसर पर जिला समन्वयक तेजराम सारथी विकासखंड समन्वयक शालिनी गुप्ता समग्र शिक्षा के जिला अधिकारी गणेश सिन्हा, एनआरएलएम के डीपीएम विजय शरण प्रसाद, चेयरमैन और अलायंस फॉर बिहेवियर चेंज के स्टेट नोडल मनीष कश्यप सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और जय हो स्वयंसेवक गुरु देव प्रसाद, नेहा एक्का, रिन्टा गुप्ता उपस्थित रहे। 
       रूप नहीं गुण को देखो कार्यक्रम जिला प्रशासन, समग्र शिक्षा एवं यूनिसेफ़ की एक अभिनव पहल है जिसके माध्यम से 7 से 18 वर्ष के बच्चों एवं किशोरों के लिए माता-पिता, अभिभावकों को एक सहायक और गैर-न्यायिक वातावरण बनाने के लिए उत्साहित किया जा रहा है। इससे किशोरावस्था से जुड़ी लैंगिक और शारीरिक बनावट संबंधित रुढियों और असुरक्षा की भावना को संबोधित करना लक्षित किया गया है। ‘पढ़ाई का कोना‘ में एक सुव्यवस्थित और आरामदायक पढ़ने का स्थान बना कर बच्चों की सीखने की दक्षता को बढ़ावा देने के साथ ही पढ़ने हेतु साकारात्मक मानसिकता का विकास करने का प्रयास किया जा रहा है। आज क्या सीखा के द्वारा अभिभावकों और उनके पढ़ने वाले बच्चों के परस्पर सहभागिता को बढ़ाते हुए स्कूल जानेवाले बच्चों से अभिभावक यह जानें कि वे रोज स्कूल में क्या सीख रहे हैं।

और भी

रेल यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी,रेलवे ने 2 से 5 फरवरी तक 8 ट्रेनों को कर दिया है रद्द,जाने-कौन कौन सी ट्रेन हुई है रद्द

छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों की परेशानी रूकने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन किसी न किसी वजह से ट्रेनें रद्द हो रही है। इसी बीच एक बार फिर रेलवे ने 8 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। दरअसल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (एससीईआर) ने ट्रैफिक और पावर ब्लॉक के कारण 2 से 5 फरवरी तक अपनी 8 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। इसके साथ ही 2 अन्य ट्रेनों को उनके गंतव्य से पहले ही समाप्त कर दिया जाएगा। यह निर्णय बैकुंठ-सिलियारी सेक्शन में रिलीविंग गर्डर की डी-लांचिंग कार्य को पूरा करने के लिए लिया गया है।

02 फरवरी, 2025 को 68719 (बिलासपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर) रद्द रहेगी। 02 फरवरी, 2025 को 68728 (रायपुर-बिलासपुर मेमू पैसेंजर) रद्द रहेगी। 02 फरवरी, 2025 को 68734 (बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू पैसेंजर) रद्द रहेगी। 02 फरवरी, 2025 को 68733 (गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू पैसेंजर) रद्द रहेगी। 04 फरवरी, 2025 को 58201 (बिलासपुर-रायपुर पैसेंजर) रद्द रहेगी। 04 फरवरी, 2025 को 58207 (रायपुर-जूनागढ़ रोड पैसेंजर) रद्द रहेगी। 05 फरवरी, 2025 को 58208 (जूनागढ़-रायपुर रोड पैसेंजर) रद्द रहेगी। 05 फरवरी, 2025 को 58204 (रायपुर-कोरबा पैसेंजर) रद्द रहेगी।

और भी

भाजपा जिलाध्यक्ष का बड़ा बयान,कहा डीडीसी क्षेत्र 7 में भाजपा समर्थित कोई भी करें आवेदन,जीता हुआ प्रत्याशी का पार्टी करेगी स्वागत

कुनकुरी : पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने बड़ा फैसला किया है,डीडीसी क्षेत्र क्रमांक 07 में भाजपा के दावेदारों की लंबी फेहरिस्त को देख भारतीय जनता पार्टी ने निर्णय लिया है कि यहां से अधिकृत प्रत्याशी का घोषणा नहीं किया जायेगा।

उक्ताशय की जानकारी देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह ने कहा कि डीडीसी क्षेत्र क्रमांक 07 में भाजपा के द्वारा अधिकृत प्रत्याशी का घोषणा नहीं किया जायेगा,यहां दावेदारी मुक्त कर दिया गया है।जिसमें भाजपा समर्थित ऐसे कार्यकर्ता दावेदारी करें जिन्होंने चुनाव लड़ने आवेदन मंडल अध्यक्षों के पास सौंपा है,उक्त प्रत्याशियों के लिए भाजपा कार्यकर्ता अपने स्तर से समर्थन करने में स्वतंत्र भी हैं। और जो भी प्रत्याशी चुनाव जीत कर सामने आयेगा भाजपा उसका पुष्प गुच्छा से स्वागत कर पार्टी में शामिल रखेगी।यह अहम निर्णय लेने के पीछे एकमात्र कारण भाजपा कार्यकर्ताओं के लंबी लिस्ट है जिसमें किसी भी दावेदारों को नाराज नहीं किया जाना प्रतीत होना बताया जा रहा है।

और भी

सोशल मीडिया पर गलत खबर फैलाई जा रही है जिस पर ध्यान न दें,जानें प्रयागराज में किस दिन लागू रहेगा डायवर्जन स्कीम

प्रयागराज : यदि आप उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित भव्य महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाने जा रहे हैं तो सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें।

दरअसल, सोशल मीडिया पर एक खबर फैलाई जा रही है कि प्रयागराज में 4 फरवरी तक वाहनों की एंट्री पर प्रतिबंध है। वायरल इस खबर को लेकर डीएम प्रयागराज रवींद्र कुमार मंदार ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर 4 फरवरी तक प्रयागराज में वाहन प्रवेश प्रतिबंध का दावा करने वाली वायरल खबर पूरी तरह से निराधार है। उन्होंने बताया कि मौनी अमावस्या के लिए जिला प्रशासन, मेला प्रशासन द्वारा डायवर्जन स्कीम लागू की गई थी।

प्रशासन द्वारा डायवर्जन स्कीम लागू की गई थी। लेकिन अब पुलिस द्वारा डायवर्जन स्कीम को हटाया जा रहा है। 31 जनवरी, 1 फरवरी और 4 फरवरी को किसी भी तरह से वाहन पर प्रतिबंध नहीं रहेगा। 2 और 3 को वसंत पंचमी के स्नान पर लागू डायवर्जन स्कीम लागू होगी। योजना मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश की बहुत अलग प्रक्रिया है, मेला अधिकारी और डीआइजी सभी को इसकी जानकारी देंगे कमिश्नरी क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर किसी भी तरह से कोई प्रतिबंध नहीं है।

दूसरी ओर शुक्रवार को संगम तट पर श्रद्धालुओं ने सुबह-सुबह आस्था की डुबकी लगाई और पूर्जा अर्चना की। संगम घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालु स्नान कर घर लौटते हुए भी दिखाई दिए।

वहीं, बसंत पंचमी के स्नान पर्व को ध्यान में रखते हुए महाकुंभ नगर में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मेडिकल फोर्स मैदान में सक्रिय हो गई है। महाकुंभ नगर में 360 बेड की क्षमता वाले 23 अस्पताल श्रद्धालुओं की देखभाल के लिए तैयार किए गए हैं। इसे जांचने के लिए स्पेशल मेडिकल टीम ने संपूर्ण मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। एंबुलेंस और आपातकालीन सुविधाओं की समीक्षा कर तैनाती को सुनिश्चित किया गया।

और भी

बेटियों की शादी करने की चिंता होगी दूर,51000 देगी सरकार,बेटियों के खाते में आएंगे 35 हजार

लखनऊ : अब माता-पिता के लिए बेटियों की शादी करने की चिंता दूर हो जाएंगी। जी हां, आप मत्स्य पालक हैं तो आपके लिए एक राहत भरी खबर है। इनकी बेटियों के विवाह के लिए अब रुपये की दिक्कत नहीं आएगी। शादी आपको करनी है, लेकिन 51 हजार रुपये शगुन के रूप में मत्स्य पालक विभाग देगा। इससे पैसे के अभाव में मत्स्य पालकों की बेटियों की शादी नहीं रुकेगी। जनपद में तीन हजार से अधिक मत्सय पालक पंजीकृत है। यह मत्स्य पालक एक बीघे से लेकर आठ बीघे तक के तालाब में मछली पालन करते हैं। इसमें ज्यादातर मत्स्य पालकों की आर्थिक स्थिति कमजोर है। अब ऐसे लोगों को बेटियों की शादी करने के लिए पैसे की चिंता नहीं सताएगी।

शासन से उनको मदद मिलेगी।

प्रत्येक बेटियों के हाथ पीले करने के लिए मत्स्य विभाग 51 हजार रुपये खर्च करेगा। इसमें 35,000 रुपये कन्या के खाते में और 16,000 रुपये विवाह खर्चों के लिए दिए जाएंगे। यह सुविधा दो लाख रुपये से कम आय वाले एक वर्ष से अधिक समय से मस्त्य पालन करने वाले पालकों को मिलेगी। इस योजना का लाभ केवट, आखेटक, मल्लाह, निषाद,बिंद समेत 13 जातियों को मिलेगा। इससे उनको काफी सहूलियत मिलेगी। समाज कल्याण विभाग की तरह मत्स्य पालन विभाग भी सामूहिक विवाह करने जा रहा है। विभाग को जल्द लक्ष्य मिल जाएगा। मत्स्य पालन विभाग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विकास कुमार दीपांकर ने बताया कि मत्स्य पालकों की बेटियों की शादी के लिए 51 हजार रुपये शासन स्तर से खर्च होगा। विवाह में उपहार दिया जाएगा। साथ ही उनके खाते में भी पैसा भेजा जाएगा। वहीं दूसरी ओर, एक तरफ सरकार गरीब एवं असहाय पात्र व्यक्तियों को सरकारी आवास का लाभ देकर उनके जीवन स्तर को सुधारने का काम कर रही है और उनके लिए काफी रुपए खर्च कर रही है फिर भी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के अनदेखी के चलते पात्र ग्रामीण लोग आवास के लाभ से वंचित हो रहे हैं।{स्रोत-एजेंसी}

और भी

जशपुर पुलिस की सराहनीय पहल : 35 वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत जशपुर जिले में 440 हेलमेट निःशुल्क किया गया वितरण

जशपुर में 350, पत्थलगांव में 60 एवं कुनकुरी में 30 नग  हेलमेट निःशुल्क वितरण किया गया

 कार्यक्रम में आमजनों के साथ पत्रकारों को भी हेलमेट वितरित किया गया

 हेलमेट वितरण करने का उद्देष्य लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है,

 पिछले दिवस सड़क दुर्घटना में कमी लाने हेतु जिले के 400 वाहनों में रेडियम पट्टी लगाई जा चुकी है।

जशपुर :  जिले में 35 वें राष्ट्री सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लगातार विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज के नेतृत्व में यातायात पुलिस जशपुर द्वारा गम्हरिया राष्ट्रीय राजमार्ग, कुनकुरी जयस्तंभ चौक एवं पत्थलगांव में कुल 440 नग हेलमेट निःशुल्क वितरण करते हुये यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।  

       इस कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना, यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देना, और लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए प्रेरित करना।  

कार्यक्रम की मुख्य बातें-

1. निःशुल्क हेलमेट वितरण,

                कार्यक्रम के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट प्रदान किए गए।  

2. यातायात जागरूकता कार्यक्रमः-

   - रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे एवं सहायक उप निरीक्षक सुनेष्वर साय पैकरा यातायात शाखा जशपुर के द्वारा नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइस दी गई। साथ ही जशपुर, पत्थलगांव एवं कुनकुरी में हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नो पार्किंग में वाहन न खड़ा करने, और नशे में वाहन न चलाने की आवश्यकता को रेखांकित किया गया।  

 वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने और नाबालिग बच्चों को वाहन न देने की अपील की गई।  

3. जान-माल की सुरक्षा पर बलः-यातायात नियमों का पालन न करने से होने वाले जान-माल की हानि पर प्रकाश डालते हुए सुरक्षित वाहन चालन की महत्ता समझाई गई।  

यातायात पुलिस की अपीलः-

- हमेशा यातायात नियमों का पालन करें।  
- वाहन के सभी दस्तावेज दुरुस्त रखें।  
- बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट के वाहन न चलाएं।  
- नशे की स्थिति में वाहन चलाने से बचें।  
- नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने से परहेज करें।  

                                    इस पहल का उद्देश्य जिले में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना और सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करना है। विदित हो कि पिछले दिवस सड़क दुर्घटना में कमी लाने हेतु जिले के 400 वाहनों में रेडियम पट्टी लगाई जा चुकी है।
                                    निशुल्क हेलमेट वितरण में समाजसेवी श्री अभय सोनी जशपुर एवं श्री राधेश्याम जिंदल कुनकुरी का विशेष योगदान रहा है।जशपुर पुलिस सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने की अपील करती है।
                         वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह द्वारा कहा गया है कि:- जशपुर की आम जनता से अपील है कि दोपहिया वाहन को बिना हेलमेट पहने चलाने से अत्यधिक संख्या में जनहानि हो रही है, आप सभी से आग्रह है कि बिना हेलमेट पहने दोपहिया वाहन की सवारी न करें।

और भी

ऑपरेशन शंखनाद : पुलिस द्वारा दो अलग अलग  गौ तस्करी के मामले में  04 आरोपियों को किया गिरफ्तार, 7 गौवंश को तस्करों के चंगुल से कराया मुक्त,  गौ तस्करी में शामिल एक पिकअप वाहन को भी नारायणपुर में किया गया है जप्त, 

जशपुर:  जशपुर पुलिस द्वारा ऑपरेशन शंख नाद के तहत लगातार गौ तस्करों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है, जशपुर पुलिस द्वारा अब तक  लगभग 750 गौ वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया जा चुका है।
       इसी क्रम में जशपुर पुलिस द्वारा ऑपरेशन शंख नाद के तहत् थाना दुलदुला व थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत गौ तस्करों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है  तथा 07 नग गौ वंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया गया है।
   थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 29.01.25 को पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली की कुछ व्यक्ति 04 नग गौ वंशों को क्रूरता पूर्वक मारते पीटते हुए  थाना दुलदुला क्षेत्रांतर्गत झारखंड राज्य के बार्डर से सटे ग्राम जाम पानी, बड़काडांड  थाना दुलदुला से झारखंड राज्य  की ओर ले जा रहे हैं, सूचना पर तत्काल थाना दुलदुला पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए, ग्राम जाम पानी, बड़का डांड पहुंच गौ तस्करों को पकड़ने हेतु घेराबंदी की गई,  पुलिस द्वारा तीन गौ तस्करों क्रमशः 1.रामधनी राम पिता भदवा राम , उम्र 54 वर्ष, निवासी झोलंगा, थाना लोदाम जिला जशपुर।
2. देवनाथ लकड़ा पिता चूटरी लकड़ा , उम्र 57 वर्ष, निवासी झोलंगा, थाना लोदाम जिला जशपुर।
3. रजाक खान पिता अलीतन खान , उम्र 40 वर्ष, निवासी साई टांगर टोली थाना लोदाम, जिला जशपुर,को हिरासत में ले लिया गया है तथा गौ तस्करों के कब्जे से 04 नग गौ वंशों को सुरक्षित मुक्त कराया गया है। मामले में एक आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है, जिसे शीघ्र ही पकड़ लिया जाएगा।
                   आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबूत पाए जाने से थाने में 4,6,10 छ ग कृषक पशु परि अधि 2004 के तहत् अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जाएगा।
  थाना नारायणपुर के मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली की एक आरोपी पिक अप वाहन क्रमांक JH 01EX 5339 में तीन नग गौ वंशों को परिवहन कर जशपुर की ओर जा रहा है, जिस पर थाना नारायणपुर पुलिस द्वारा तत्काल कारवाही करते हुए नारायणपुर जशपुर मार्ग में नाकाबंदी की गई थी, इसी दौरान उक्त पिकअप वाहन आता दिखाई देने पर पुलिस द्वारा पिकअप वाहन को रोक कर तलाशी ली गई, जिसके पीछे ट्रॉली में तीन नग गौ वंश को लोड किया गया था, जिसके संबंध में आरोपी वाहन चालक से पूछताछ करने पर कोई  वैध दस्तावेज पेश नहीं करने पर आरोपी चालक जय राम यादव पिता जशींदर यादव उम्र 29 वर्ष निवासी भीतघरा  , अंबाडीह थाना बगीचा के विरुद्ध थाना नारायणपुर में 4,6,10 छ ग कृषक पशु परि अधि 2004 के तहत् अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया है तथा उसके कब्जे से तीन नग गौ वंशों को मुक्त कराया गया व गौ तस्करी में शामिल उक्त पिकअप वाहन क्रमांक JH 01EX 5339 को जप्त कर लिया गया है, जिसे राज सात की कार्यवाही की जावेगी।
          
     उक्त मामलों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस की सक्रियता को देखते हुए गौ तस्करों ने तस्करी के पैटर्न में बदलाव किया है, पुलिस द्वारा भी अपनी सूचना तंत्रों को सक्रिय किया गया है, गौ तस्करों के विरुद्ध लगातार कार्यवाही की जा रही है।

और भी

भारत के स्वंत्रता संग्राम में प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में शासकीय कार्यालयों में किया गया 2 मिनट का मौन धारण

जशपुर : भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की स्मृति में आज 30 जनवरी को जशपुर जिला कलेक्टर कार्यालय सहित अन्य शासकीय कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने 2 मिनट का मौन धारण कर नमन किया।
           कलेक्टरेट कार्यालय में कलेक्टर श्री रोहित व्यास के साथ कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समय 11.00 बजे 2 मिनट का मौन धारण कर शहीदों याद किया।

और भी

गणतंत्र दिवस पर सरगुजा शैक्षणिक संभाग के दसवीं एवं बारहवीं में मेधावी छात्रों को पं. रेवती रमण मिश्र स्मृति पुरस्कार प्रदान किया गया 

जशपुर : प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर पं. रेवती रमण मिश्र फाउण्डेशन के द्वारा सरगुजा शैक्षणिक संभाग में दसवीं तथा बारहवीं की प्रावीण्य सूची में आए मेधावी छात्रों को नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र का वितरण पुरस्कार के संस्थापक अनूप कुमार मिश्र के द्वारा फाउण्डेशन के कार्यालय में किया गया।
इस संक्षिप्त किन्तु गरिमामय कार्यक्रम का प्रारंभ छात्रों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन से हुई. इसके बाद उपस्थित लोगों ने पं. रेवती रमण मिश्र के चित्र पर माल्यार्पण किया, तथा उनको श्रद्धांजलि के रूप में उनके द्वारा लिखित राष्ट्रभक्ति गीत "मातृभूमि का प्यार हृदय में लेकर हम जीते हैं" का सामूहिक सस्वर वाचन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ साहित्यकार प्रभुनारायण वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस के दिन मेधावी छात्रों को पुरस्कार वितरण देश के विकास में शिक्षा और अध्ययन की महत्ता को दर्शाता है. आज के दिन हमारा जो संविधान लागू हुआ, वह भी एक महत ग्रंथ है. जिस राष्ट्रभक्ति की कविता का यहां वाचन हुआ उसमें वर्णित शबरी के बेर, दुःशासन के कुकर्म, शेषनाग पर टिकी पृथ्वी, विष्णु का वामन अवतार सभी पौराणिक संदर्भ शिक्षा और अध्ययन से ही जुड़े हैं।
इसके उपरान्त चयनित छात्र छात्राओं को पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र वितरित किया गया.
कक्षा 12वीं के
आयूषी गुप्ता   जशपुर   96.80%   ₹5000/
पीयूष कुमार कन्नौजिया बरतीकला   95.60%   ₹4000/
साहिल खान   बरतीकला  95.20%   ₹2500/
नीरज शर्मा   शिवनन्दनपुर   95.20%   ₹2500/
कक्षा 10वीं के
आराधना कुजूर   जशपुर   98.67%   ₹3000/
अर्पिता शैली कुजूर   जशपुर   98.17%   ₹2000/
सिध्दांत सिंह   बैकुंठपुर   98.00%   ₹2000/
दिमित्रा सिंह खड़ग  जशपुर   97.83%   ₹2000/
प्रिति समदूर   पत्थलगांव   97.83%   ₹2000/
रसीना चौहान   पत्थलगांव   97.83%   ₹2000/
रत्नेश प्रधान   कुनकुरी   97.83%   ₹2000/
अंशिका गुप्ता   जरहाडीह    97.67%    ₹2000/
उमा बरेठ   जशपुर नगर  97.67%   ₹2000
मोना यादव   जशपुर नगर   97.17%   ₹2000/
आयुष साहू   जशपुर नगर  97.17%    ₹2000/
पुरस्कार के संस्थापक अनूप कुमार मिश्र ने सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिये हार्दिक शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय गीत वन्दे मातरम के सामूहिक गान से हुआ।
कार्यक्रम में अरुण कुमार त्रिपाठी की विशेष उपस्थिति रही.
संभाग से बाहर होने के कारण
सिमरन शब्बा   जशपुर   99.50%  ₹4000/
श्रेयांस कुमार यादव   जशपुर   98.33%   ₹2000/
करीना सिंह   पत्थलगांव   97.67%   ₹2000/
सलोनी सिंह   पत्थलगांव   97.33%   ₹ 2000/
शिप्रा तिवारी   महेन्द्रगढ़   97.17%   ₹2000/ 
को बाद में सम्मानित किया जाएगा।

और भी