ताजा खबरें


बड़ी खबर

वन खेल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ अखिल भारतीय फिर बना चैम्पियन, रचा इतिहास , मुख्यमंत्री और वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने दी बधाई 

रायपुर, 16 नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ ने अखिल भारतीय वन खेल प्रतियोगिता में एक बार फिर इतिहास रच दिया है। देहरादून में हुई 28वीं अखिल भारतीय वन खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडल तालिका में पहला स्थान हासिल किया है। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने 150 मेडल और 578 अंक के साथ लगातार दूसरे वर्ष चैम्पियनशिप अपने नाम की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों और टीमों को बधाई देते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दी है।

उल्लेखनीय है कि 28वीं ऑल इंडिया फ़ॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट 12 नवम्बर से 17 नवम्बर तक देहरादून में आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने 74 गोल्ड, 34 रजत, 42 कांस्य लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। छत्तीसगढ़ की ओर से इस प्रतियोगिता में भाग लेने 253 सदस्यों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कई उत्कृष्ट व्यक्तिगत प्रदर्शन भी छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने किया। इनमें सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी निखिल ज़ाल्को ने तैराकी में 5 स्वर्ण, सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी संगीता राजगोपालन बैडमिंटन एवं टेनिस में 4 स्वर्ण, 1 रजत, सर्वश्रेष्ठ एथलीट महिला ओपन थोटा संकीर्तन ने 5 स्वर्ण पदक प्राप्त कर “गोल्डन गर्ल का खिताब पाया। इसी प्रकार सर्वश्रेष्ठ एथलीट (पुरुष वेटरन) सुखनंदन लाल धु्रव ने 5 स्वर्ण, सर्वश्रेष्ठ एथलीट (महिला वेटरन) चारुलता गजपाल 4 स्वर्ण ने पदक प्राप्त किया।

छत्तीसगढ़ ने लगातार 13वीं बार ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। इस खेल-कूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह तथा उत्तराखंड के वन मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने संयुक्त रूप से ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की। छत्तीसगढ़ की ओर से यह ट्रॉफी सुश्री शालिनी रैना ने ग्रहण की। अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा और वन बल प्रमुख श्री व्ही. श्रीनिवास राव ने सभी खिलाड़ियों को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। 

अखिल भारतीय वन खेल-कूद प्रतियोगिता में केरल ने 31 गोल्ड लेकर द्वितीय स्थान और कर्नाटक ने 25 गोल्ड मेडल लेकर तीसरा स्थान हासिल किए। जबकि मेजबान उत्तराखंड छठे स्थान पर रहा। इस प्रतियोगिता को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए एक विशेष पहल भी की गई। इसके तहत “एक खेल-एक वन” की अवधारणा पर सभी मेडल जीतने वाले खिलाड़ी के नाम पर एक पेड़ लगाया गया, जिससे खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी मिला।

और भी

जिला पंचायत सीईओ ने  जिला स्तरीय 12 शिक्षकों का किया सम्मानित , विनोबा ऐप के माध्यम से स्कूलों में नवाचारी शिक्षा को दिया जा रहा प्रोत्साहन  


 जशपुर, 17 नवम्बर 2025 
जिला कलेक्टर रोहित व्यास और मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन  में ओपन लिंक्स फाऊंडेशन (विनोबा एप) द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। यह कार्यक्रम  जिले में जिला शिक्षा अधिकारी पी के भटनागर के दिशा निर्देश और यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता के माध्यम से संचालित कराया जा रहा है । उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालंन अधिकारी अभिषेक कुमार ने बोलेगा बचपन और पोस्ट ऑफ मन्थ विजेता शिक्षकों को प्रमाण पत्र एवं  उपहार देकर सम्मानित किया। इस संबंध में अभिषेक कुमार  ने कहा विनोबा एप शिक्षकों के लिए सीखने और प्रेरणा के लिए बहुत अच्छा प्लेटफार्म है। सभी शिक्षकों को बधाई संदेश के साथ भविष्य में और बड़ी उपलब्धि के लिए  प्रेरित किए । ओपन लिंक्स फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर अज़हर शेख ने बताया विनोबा एप मे बोलेगा बचपन एक क्लब है जिसमे बोलेगा बचपन के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में कविता, कहानी वाचन  और बच्चों के आत्मविश्वास स्तर को बढ़ाने का कार्य किया जाता है। इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाता है विनोबा के प्रोजेक्ट ऑफिसर सोमनाथ साहू  ने बताया विनोबा एप की ओर से जिले मे शिक्षकों द्वारा नवाचार को साझा करने, अन्य शिक्षकों से सीखने तथा दस्तावेजीकरण हेतु एप जिले के शिक्षकों के लिए बनाया गया है । उल्लेखनीय है कि विनोबा भावे की टीम जिले में शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए एफएलएन,  जवाहर नवोदय, जेईई , नीट जैसे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में सहयोग के साथ दैनिक उपस्थिति का डाटा कलेक्शन का कार्य यशस्वी जशपुर के समन्वय में कर रही है। इस कार्यक्रम के तारतम्य में विनोबा एप में जिले के समस्त शासकीय  प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का उपस्थित दर्ज किया जाता है एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों को अपलोड किया जाता है।  इस अवसर पर जिला स्तरीय विजेता हुई प्राथमिक शाला होंगरोटोली के श्रीमति प्रिया गुप्ता, प्राथमिक कन्या आश्रम कांसाबेल के श्रीमति सुमन रवानी, प्राथमिक शाला पंडरीअंबा के लोकेश कुमार, प्राथमिक शाला दीपाटोली के श्रीमति आरती ओहदार,  प्राथमिक शाला रजला के वंदना माझी,  प्राथमिक शाला छिंदभर्री के श्रीमति  संतोषी डनसेना,  जिला स्तरीय बोलेगा बचपन के अंतर्गत प्राथमिक शाला दीपाटोली के लव कुमार गुप्ता,  माध्यमिक शाला दुलदुला के ललिता गुप्ता,  माध्यमिक शाला लोदाम के श्रीमती सीमा प्रधान को  उपहार वितरण कर सम्मानित किया गया। साथ ही बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी के साथ बोलेगा बचपन कार्यक्रम में जशपुर की ओर प्रतिनिधित्व किए सेजेस बगीचा के कार्तिक कुमार सिन्हा और प्राथमिक शाला जामटोली के श्रीमती रत्ना गुरु को प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया । सभी विजेता शिक्षकों को यशस्वी जशपुर के सदस्य संजीव शर्मा, अवनीश पांडे ने बहुत बहुत बधाई दी है  ।

और भी

बाल दिवस के शुभ अवसर पर संकल्प शिक्षण संस्थान में मनाया गया बाल दिवस महोत्सव,पुलिस अधीक्षक ने दसवीं  के टॉपर्स बच्चों  को किया सम्मानित 

जशपुर 17 नवम्बर 2025 
बाल दिवस के शुभ अवसर पर संकल्प शिक्षण संस्थान में बहुत धूमधाम से बाल दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य विनोद गुप्ता के द्वारा नेहरू जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और उनके उद्बोधन के द्वारा की गई  उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारे देश के विद्यार्थियों में राष्ट्र प्रेम की भावना होनी चाहिए और अपने कर्तव्यों के प्रति सजग होकर कार्य करना चाहिए उन्होंने बच्चों से कहा कि नेहरू जी की लिखी किताब भारत एक खोज जरूर पढ़ें क्योंकि इससे आपके ज्ञान में वृद्धि होगी और काफी कुछ सीखने को मिलेगा। यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा  ने अपने उद्बोधन में कहा गया कि आज बच्चे ही हमारे भारत का भविष्य है नेहरू जी के सपनों को पूरा करते हुए बच्चों को पूरी निष्ठा और लगन से शिक्षा प्राप्त कर सफलता प्राप्त करनी चाहिए। संस्थान के शिक्षकों के द्वारा बच्चों के लिए स्वादिष्ट स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी ।उन्होंने अपने हाथों से बच्चों को वितरित किया और स्वल्पाहार के पश्चात सभी कक्षाओं के लिए अलग-अलग खेलों का भी आयोजन किया गया जिसमें  बच्चों को आकर्षक खेल बैलून फूलाव, दूसरे का फोड़ो अपना बचाव , जलेबी दौड़ रस्साकसी , बॉल पासिंग गेम, म्यूजिकल चेयर, और मैजिक रुकने पर ग्रुप बनाओ जैसे और भी मनोरंजन खेल कराया गया  और प्रत्येक खेल के बाद प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय आने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। शिक्षकों के द्वारा संस्थान के सभी बच्चों के लिए पुरस्कार की व्यवस्था की गई थी। इस कार्यक्रम का संचालन सीमा गुप्ता एवं ज्योति श्रीवास्तव के द्वारा किया गया। शिक्षक प्रभात मिश्रा और राजेंद्र प्रेमी के द्वारा गीत की प्रस्तुति दी गई। खेलों के आयोजन में अश्विनी सिंह, ममता सिन्हा मनीषा भगत,दिलीप सिंह दीपक ग्वाला, अवनीश पाण्डे ने अपनी भूमिका का निर्वहन किया। इस कार्यक्रम के अलावा शिक्षिका सीमा गुप्ता के निर्देशन पर कक्षा नवी के बच्चों ने प्लास्टिक के उपयोग के विरोध में बनाए गए अपने अपने स्लोगन का प्रदर्शन भी किया ।जिसकी सराहना सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने की।कार्यक्रम के पश्चात बच्चों को स्वादिष्ट भोजन के रूप में पुलाव ,मिर्ची बड़ा, चटनी, सब्जी परोसी गई। बच्चों के साथ शिक्षकों ने भी भोजन का आनंद लिया। भोजन की व्यवस्था शांति कुजूर के द्वारा की गई थी इस कार्यक्रम में संकल्प शिक्षण संस्थान के समस्त शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम के पश्चात ज्योति श्रीवास्तव सीमा गुप्ता और दीपक महतो के द्वारा बच्चों को सिटी कोतवाली ले जाया गया । इस बार राज्य की मेरिट सूची में संकल्प शिक्षण संस्थान के 12 बच्चों ने अपना स्थान बनाया था। जिसके लिए उन्हें सम्मानित करने के लिए पुलिस विभाग के द्वारा उन्हें आमंत्रित किया गया था।जहां बाल सुरक्षा सप्ताह के तहत सिटी कोतवाली में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यह कार्यक्रम 14 नवंबर से 20 नवंबर तक चलेगा। जिसमें इसके प्रथम दिवस 14 नवंबर को टॉपर्स बच्चों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। यह कार्यक्रम एस एस पी शशि मोहन सिंह के निर्देश के अनुसार सिटी कोतवाली में आयोजित किया गया। जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, वरिष्ठ समाजसेवी मनीजर राम ,अतिरिक्त पुलिस निरीक्षक अनिल सोनी ,डीएसपी चंद्रशेखर परमा एवं मंजू लता बाज , आर आई ,अमरजीत खूंटे, पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारी,संकल्प शिक्षण संस्थान और कल्याण आश्रम के बच्चे और शिक्षक उपस्थित थे। यहां उपस्थित बच्चों एवं अतिथियों को नसरुद्दीन अंसारी के द्वारा साइबर क्राइम और उससे बचने के उपाय भी बताए गए। यहां मंचासीन अतिथियों के द्वारा बच्चों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा संकल्प के बच्चों ने थाने का भ्रमण भी किया और डी एस पी मंजुलता बाज के द्वारा बच्चों को कोतवाली से संबंधित जानकारी दी गई। इसके पश्चात बच्चों को स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय में हो रहे राज्य स्तरीय साइंस एग्जीबिशन का भी भ्रमण कराया गया। जहां बच्चों ने पूरे राज्य से आए हुए बच्चों द्वारा बनाए गए साइंस मॉडल का अवलोकन किया।

और भी

रायगढ़ में 21 और पुसौर में 22 नबम्बर को भव्य कैरियर गाइडेंस महोत्सव,देश के ख्यातिप्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं कैरियर गुरु आनंद कुमार देंगे युवाओं को सफलता का मंत्र

रायगढ़, 17 नवम्बर 2025। प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर कैरियर निर्माण की दिशा में राज्य शासन द्वारा लगातार प्रभावी पहलें की जा रही हैं। इसी क्रम में रायगढ़ जिले में आगामी 21 शुक्रवार  और 22 नवंबर शनिवार को एक भव्य और प्रेरणादायी आयोजन का साक्षी बनने बनेगा, जब देश के ख्यातिप्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं कैरियर  गुरु श्री आनंद कुमार जिले के हजारों विद्यार्थियों और युवाओं से रूबरू होंगे। यह आयोजन प्रदेश के वित्तमंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी के विशेष पहल से आयोजित किया जा रहा है। विशाल कैरियर गाइडेंस सेशन 21 नंवबर को रायगढ़ के रामलीला मैदान में और 22 नंवबर को पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में होने जा रहा है। आयोजन स्थल पर प्रवेश पूर्ण नि:शुल्क है। 

 कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश में दोनों आयोजनों की तैयारियाँ युद्धस्तर पर जारी हैं। उन्होंने आज समय सीमा की बैठक में आयोजन की तैयारियों के लेकर जिला स्तरीय अधिकरियो को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रामलीला मैदान और  और इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में विशाल मंच, विद्यार्थियों और युवाओं के बैठने की बेहतर व्यवस्था, साउंड सिस्टम, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को भव्य और गरिमापूर्ण स्वरूप देने के लिए प्रशासन के अमले पूरी तत्परता से लगे हुए है। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने विभागों को अलग अलग दायित्व सौपा कर प्राथमिकता में सभी तैयारियां पूरा करने के निर्देश दिए है। 

*21 नंवबर को रायगढ के रामलीला मैदान में विशाल कैरियर गाइडेंस सेशन*

देश के ख्यातिप्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं कैरियर गुरु श्री आनंद कुमार 21 नवंबर, शुक्रवार को रायगढ़ के रामलीला मैदान में दोपहर 3:30 बजे से रात्रि तक जिले के युवाओं को कैरियर गाइडेंस देंगे।
इस विशाल कार्यक्रम में रायगढ़, लैलूंगा, धरमजयगढ़, तमनार और घरघोड़ा क्षेत्र के 93 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों तथा 17 महाविद्यालयों के लगभग 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा शामिल होंगे।
युवा अपने प्रश्न पूछ सकेंगे, कैरियर से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव ले सकेंगे और जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाले उनके अनुभवों से नई ऊर्जा प्राप्त करेंगे।

*22 नवंबर : पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में कैरियर युवा महासम्मेलन*

अगले दिन 22 नवंबर शनिवार को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालय पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में क्षेत्र के हजारों युवाओं का अभिनव कैरियर मार्गदर्शन सत्र आयोजन होगा। पुसौर और खरसिया विकासखंड के 40 स्कूलों और 3 महाविद्यालयों के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा इसमें सम्मिलित होंगे। पुसौर क्षेत्र में इस तरह का विशाल कैरियर गाइडेंस आयोजन पहली बार हो रहा है, जिसे लेकर युवाओं में उत्साह चरम पर है। इस आयोजन में जिले के प्रतिभाशाली युवा-युवतियाँ देश के सबसे लोकप्रिय मोटिवेशनल आइकॉन श्री आनंद कुमार से सीधे संवाद कर सकेंगे।
आयोजन स्थल पर प्रतियोगी परीक्षाओं, कैरियर चयन एवं समसामयिक विषयों पर आधारित एक क्विज प्रतियोगिता भी कराई जाएगी, जिसमें छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।

*कैरियर मार्गदर्शन : भविष्य संवारने का अवसर*

कक्षा 11वीं और 12वीं हर विद्यार्थी के जीवन का निर्णायक पड़ाव होता है। यही समय होता है जब युवा अपनी रुचियों, क्षमताओं और सपनों को पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ते हैं। यह कार्यक्रम युवाओं को उनके बेहतर कैरियर के लिए आत्मचिंतन, सही करियर चयन, और भविष्य की ठोस योजना बनाने में मदद मिलने जा रहा है। 

*कार्यक्रम की विशेषताएँ*

• पंजीकृत विद्यार्थियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क प्रवेश
• अध्ययन योजना, अभ्यास तकनीक और परीक्षा रणनीति पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन
• इंटरएक्टिव प्रश्नोत्तर एवं संशय समाधान सत्र
• विज्ञान, वाणिज्य, कला आदि सभी क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की पहचान
• सिर्फ ट्रेंड नहीं, बल्कि योग्यता आधारित करियर चयन पर फोकस

और भी

अवैध धान की को लेकर प्रशासन मुस्तैद,राजस्व टीम ने चेकपोस्टों का किया आकस्मिक निरीक्षण

जशपुरनगर 17 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान के आवागमन पर कड़ी निगरानी रखने जिला प्रशासन द्वारा सतत कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में राजस्व विभाग की टीम ने विगत देर रात झारखंड सीमा पर स्थित विभिन्न चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। राजस्व टीम में तहसीलदार  जयश्री राजनपथे, नायब तहसीलदार अरुण कुमार, फूड इंस्पेक्टर आलोक टोप्पो, मंडी निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी शामिल रहे। टीम ने भलमंडा, सकरडेगा एवं साईंटांगाटोली चेकपोस्टों का निरीक्षण किया, जो झारखंड राज्य से लगे हुए सीमावर्ती बैरियर हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चेकपोस्टों पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र तथा वाहनों की जांच प्रक्रिया को बारीकी से परखा। अवैध धान परिवहन रोकने के लिए आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

     इस दौरान संबंधित ग्रामों के सरपंच एवं सचिव भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उन्हें स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने तथा अवैध धान के आवागमन को रोकने में सक्रिय सहयोग देने के लिए प्रोत्साहित किया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती इलाकों में सतत निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

और भी

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जनदर्शन में सुनी आमजन की समस्याएँ

जशपुरनगर 17 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में आम नागरिकों से सीधे रूबरू होकर उनकी समस्याएँ एवं मांगों की जानकारी ली। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्यवाही की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे उन्हें अपनी समस्या के समाधान की स्थिति स्पष्ट रूप से ज्ञात हो सके। उन्होंने जनसुविधाओं से जुड़े प्रकरणों पर संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया।

     आज आयोजित जनदर्शन में कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से राजस्व प्रकरण, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, अधोसंरचना निर्माण, आजीविका उन्नयन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने संबंधित आवेदन शामिल थे। कलेक्टर ने अधिकारियों को जनहित के इन सभी प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निपटाने के निर्देश दिए।

और भी

जशपुर की बेटियों ने सुन्दरगढ़ उड़ीसा के 4वां एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय नेशनल स्पोर्ट्स मीट में रचा नया इतिहास

जशपुरनगर 17 नवम्बर 2025/ सुन्दरगढ़ उड़ीसा में आयोजित 4वॉ एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय नेशनल स्पोर्ट्स मीट में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय ढुढरुडांड़, बटईकेला और कांसाबेल की दो प्रतिभाशाली छात्राएँ अंडर 14 डबल बैडमिंटन में मीनाक्षी लकड़ा और संजना भगत ने स्वर्ण पदक जीतकर अद्वितीय उपलब्धि हासिल की है। 
        
      मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी बैडमिंटन खिलाड़ीयों को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सबसे गर्व की बात यह है कि न सिर्फ स्कूल की पहली राष्ट्रीय जीत है, बल्कि जशपुर जिले के इतिहास में पहली बार किसी भी स्कूल की छात्राओं ने नेशनल स्तर पर गोल्ड जीता है। यह उपलब्धि जशपुर जिला, एकलव्य मॉडल आवासी विद्यालय परिवार और आदिवासी समुदाय के लिए एक सुनहरा अध्याय  साबित हुई है।
      विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती ललिता चौहान ने कहा कि यह सफलता विद्यालय के लिए गौरव का प्रतीक है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। इस अवसर पर प्राचार्या ने कलेक्टर श्री रोहित व्यास और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री संजय सिंह को भी धन्यवाद कहा, क्योंकि जब-जब विद्यालय को उनके सहयोग व मार्गदर्शन की आवश्यकता पड़ी, उन्होंने हमेशा साथ दिया। बच्चों को प्रशिक्षित करने वाले पीटीआई अमरदीप सिंह जी को भी प्राचार्या ने धन्यवाद दिया। टीम को प्रशिक्षित करने वाले पीटीआई अमरदीप सिंह ने बताया कि दोनों छात्राओं ने कठोर अभ्यास, निरंतर फिटनेस ट्रेनिंग और अनुशासन के दम पर यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है।
           मीनाक्षी और संजना अब जशपुर के हर छात्र के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। दोनों ने कहा कि उनका लक्ष्य आगे और बड़े टूर्नामेंट में जशपुर और विद्यालय का नाम और ऊँचा करना है। जशपुर के इतिहास में पहली एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की बेटियों ने नेशनल में लिखा स्वर्णिम अध्याय। यह जीत पूरे जिले और राज्य के लिए सम्मान और प्रेरणा का नया प्रतीक है।

और भी

कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भारतीय न्याय संहिता सम्बंधित बैठक ली,अब एक क्लिक में मिलेगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट

जशपुरनगर 17 नवम्बर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह ने आज जिला कार्यालय में भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 एवं साक्ष्य अधिनियम 2023 के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि नए कानूनों से न्यायिक प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, समयबद्ध तथा जनहित परक बनेगी। उन्होंने पुलिस सहित अन्य विभाग के अधिकारियों को नए कानून के प्रावधानों को गंभीरता पूर्वक पालन करने के निर्देश दिए। जिससे आमजनों के प्रकरणों का निराकरण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित हो। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह ने कहा कि समय पर मेडिकल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने से जांच और न्यायिक प्रक्रिया तेज होती है, जिससे आमजन को सीधे रूप से सहूलियत होती है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि प्रकरणों का पारदर्शी एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो सके। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, लोक अभियोजन अधिकारी, लोक अभियोजक, जेल अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन सहित खंड चिकित्सा अधिकारीगण मौजूद रहे।

*पोस्टमार्टम, मेडिकल रिपोर्टिंग को समयबद्ध बनाना अनिवार्य* - कलेक्टर ने नए कानूनों के प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाएगी। किसी भी प्रकरण में अभियुक्त की मेडिकल रिपोर्ट तुरंत तैयार कर अपलोड की जाएगी। वहीं बलात्संग से संबंधित मामलों में पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट सात दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के माध्यम से सभी मेडिकल अधिकारियों को इन प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।


*मेडलीपर पोर्टल से तत्काल उपलब्ध होगी पीएम रिपोर्ट* -  बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने बताया कि जिले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए आमजन को भटकना नहीं पड़ेगा। चिकित्सक मेडलीपर पोर्टल में पीएम रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड करेंगे। जिससे जांचकर्ता अधिकारी, पुलिस एवं कोर्ट के अधिकारी एक क्लिक में रिपोर्ट की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह व्यवस्था पीड़ितों एवं उनके परिजनों के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होगी और प्रकरणों के त्वरित निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मेडलीपर पोर्टल पर सभी मेडिकल अधिकारियों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण कराया जाए और उनका उचित प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे समय सीमा के भीतर पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल लीगल रिपोर्ट, विसरा रिपोर्ट, केमिकल पैथोलॉजी रिपोर्ट एवं रेडियोलॉजी रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड कर सकें। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था न केवल पारदर्शिता बढ़ाएगी बल्कि नागरिकों को त्वरित सेवा उपलब्ध कराने में भी सहायक होगी।


*वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी पेशी—समय व संसाधनों की बचत* -  बैठक में नए कानूनों के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी सुनिश्चित करने के प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि जहाँ न्यायालय के निर्देशानुसार सशरीर पेशी आवश्यक नहीं है, वहाँ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी कराई जाएगी। जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी तथा प्रकरणों के निराकरण की गति बढ़ेगी। जेल विभाग के अधिकारियों को इस व्यवस्था का प्रभावी उपयोग करने निर्देशित किया गया। उन्होंने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा अधिसूचित की जा चुकी है। आवश्यकतानुसार इसका उपयोग न्यायालयीन कार्यवाही में वीसी के लिए किया जा सकता है।

और भी

जल जीवन मिशन: मुण्डाडीह में 92 घरेलू नल कनेक्शन क्रियाशील,ग्रामवासियों को शुध्द पेय जल उपलब्ध कराया जा रहा है

जशपुरनगर 17 नवम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जल जीवन मिशन योजना का बेहतर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए हैं।
इसी कड़ी में जिला मुख्यालय से लगभग 70 कि.मी. की दूरी पर स्थित गारीघाट पंचायत का राजस्व ग्राम मुण्डाडीह में जल जीवन मिशन के अंतर्गत तीन उच्च स्तरीय जलागार स्थापित कर कुल 92 क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से संपूर्ण ग्रामवासियों को शुध्द पेय जल उपलब्ध कराया जा रहा है।
         जल जीवन मिशन योजना के आने से पूर्व ग्रामीणों को अपनी दैनिक जल की आवश्यकताओं के लिए हैण्डपंप एवं कुंओं पर पूर्ण रूप से आश्रित थे। मुख्यतः महिलाएं पानी हेतु लाईन लग कर पानी भरने का कार्य सुबह शाम किया करती थी. बारिश के दिनों में पानी प्रदूषित होने की वजह से ग्रामीणों को पेट खराब, डायरिया इत्यादि बीमारीयों का भी सामना करना पड़ता था।
         आज की स्थिति में योजना के आने के बाद अब ग्रामीणों को पानी भरने नहीं जाना पड़ता एवं तबीयत खराब होने की समस्या में भी कमी आई है। सभी ग्रामीणों को घर में नल के माध्यम से पानी मिलने से सभी ग्रामीण खुश है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले हम हैण्डपंप एवं कुओं के द्वारा पानी भरने से परेशान थे पर अब वैसी समस्या नहीं है हम सभी खुश हैं ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया हैं।

ग्रामीणों की सहमती एवं शपथ के माध्यम से इस ग्राम का हर घर जल सर्टिफिकेट कर दिया गया है एवं जल सभा के माध्यम से ग्रामीणों को योजना का सुचारू रूप से संचालित करने के नियमों को समझा कर लंबे समय तक योजना के संचालन को भी सुनिश्ति किया गया है।

और भी

जशपुर के शासकीय कन्या विजय भूषण सिंह देव महाविद्यालय जशपुर में  होगा रोजगार मेला का आयोजन

जशपुरनगर 17 नवम्बर 2025/ जिला रोजगार अधिकारी ने बताया की शासकीय कन्या विजय भूषण सिंह देव महाविद्यालय जशपुर में 21 नवम्बर 2025 को रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला में वृन्दावन पब्लिक स्कूल, लुड़ेग कोतबा, बागबहार, पण्डरीपानी एवं योकोहामा ट्री इंडिया लिमिटेड से विभिन्न पदों के लिए रिक्तियॉ प्राप्त हुई है। 
          प्राप्त रिक्तियों में वृन्दावन पब्लिक स्कूल, लुड़ेग कोतबा, बागबहार, पण्डरीपानी में प्राचार्य के 4, हिन्दी शिक्षक के 8, अंगेजी शिक्षक के 8, गणित शिक्षक के 6, विज्ञान शिक्षक के 6, प्री-प्रायमरी वर्ग के 15, संगीत शिक्षक के 2 लेखापाल के 4, वाहन चालक के 4 पद शामिल हैं। इसी प्रकार योकोहामा ट्री इंडिया लिमिटेड में अप्रेंटिस वुमन ट्रेनी के 500 एवं ऑपरेटर आई.टी.आई अन्य डिप्लोमा के पद शामिल हैं।  
           इच्छुक अभ्यार्थी 21 नवम्बर को समय प्रातः 11ः00 बजे से अपना समस्त मूल प्रमाण पत्र के साथ शासकीय कन्या विजय भूषण सिंह देव महाविद्यालय जशपुर में उपस्थित होकर रोजगार मेला में भाग ले सकते है।

और भी

विश्वसनीयता मीडिया की सबसे बड़ी ताकत : जनसंपर्क विभाग द्वारा राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर विचार गोष्ठी का आयोजन

रायपुर, 16 नवम्बर 2025/राष्ट्रीय प्रेस दिवस के मौके पर आज जनसंपर्क संचालनालय में  विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस विचार गोष्ठी में संपादकों, वरिष्ठ पत्रकारों और जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए।

वरिष्ठ संपादक जयप्रकाश मिश्रा ने कहा कि कुछ लोग अपने हितों को सुरक्षित रखने के लिए भ्रामक सूचनाओं को आगे बढ़ाने के लिए एक साथ एक ही तरह की भ्रामक सामग्री को भेजते हैं, जिससे उसका एल्गोरिदम बढ़ जाता है और पाठक भ्रमित होकर उसे सच मान बैठता है। उन्होंने दिल्ली मेट्रो का उदाहरण देते हुए कहा कि श्रीधरन जी जब भी मेट्रो में किसी तरह की रूकावट आती थी तब तुरंत ही सूचना प्रचार माध्यमों में समाचार जारी कर तकनीकी त्रुटि को ठीक करने में लगने वाला संभावित समय भी बता देते थे। जब सही और गुणवत्तापूर्ण सूचनाएं आगे बढ़ती हैं तो भ्रामक सूचनाएं ठहर नहीं पाती। 

संपादक श्री रवि भोई ने कहा कि खबरों की सच्चाई अहम है इससे समझौता नहीं करना चाहिए। भले ही समय लगता हो लेकिन पुष्टि के पश्चात ही खबरे प्रसारित करना चाहिए। संपादक श्री एएन द्विवेदी ने कहा कि सूचनाओं की गुणवत्ता और उनके प्रसारण से पड़ने वाले प्रभाव के आधार पर बेहद गंभीरता बरतते हुए इन्हें जनसामान्य को प्रेषित किया जाना चाहिए। इसमें छोटी चूक भी बड़ी दुर्घटना का रूप ले लेती है। वरिष्ठ पत्रकार श्री अशोक साहू ने कहा कि पत्रकारिता में विश्वसनीयता के मानदंडों पर यदि काम किया जाए तो किसी तरह की भ्रामक सूचना जाने की आशंका नहीं रहती। 

अपर संचालक श्री उमेश मिश्रा ने कहा कि मीडिया की विश्वसनीयता लोकतंत्र का आधार स्तंभ है, इसे किसी भी कीमत पर बनाए रखना जरूरी है। मीडिया को तकनीकी बदलाव के चलते तेजी से फैलती गलत सूचनाओं पर अपनी जिम्मेदारी के साथ-साथ सतर्कता बरतनी होगी। 

अपर संचालक श्री आलोक देव ने कहा कि मीडिया की सबसे बड़ी ताकत है उसकी विश्वसनीयता। मीडिया सिर्फ खबरे नहीं देता, प्रेस मार्गदर्शन करता है, संदेह दूर करता है और विश्वास का निर्माण करता है। उप संचालक श्री सौरभ शर्मा ने कहा कि आज का दौर एआई का है ऐसे समय में गलत सूचनाओं का एल्गोरिथम बढ़ने से व्यापक रूप से हमारे बीच पहुंचता है। हमें ऐसी सूचनाओं को जांच-परख कर ही प्रसारित करना चाहिए। कार्यक्रम में अरविन्द मिश्रा सहित अनेक लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनसंपर्क विभाग के अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।

और भी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात में मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा की,भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना की टीम के साथ की बातचीत 

दिल्ली : 16 NOV 2025 : प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कल गुजरात के सूरत में निर्माणाधीन बुलेट ट्रेन स्टेशन का दौरा किया और मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना की टीम से भी बातचीत की और गति तथा समय सारिणी के लक्ष्यों के पालन सहित परियोजना की प्रगति के बारे में जानकारी ली। कर्मियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि परियोजना बिना किसी कठिनाई के सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है।

केरल की एक इंजीनियर ने गुजरात के नवसारी स्थित नॉइज़ बैरियर फ़ैक्टरी में काम करने का अपना अनुभव साझा किया, जहाँ सरिया के पिंजरों की वेल्डिंग के लिए रोबोटिक इकाइयाँ स्थापित की जा रही हैं। श्री मोदी ने उनसे पूछा कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन के निर्माण के अनुभव को उन्होंने व्यक्तिगत रूप से कैसा महसूस किया और इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बारे में वे अपने परिवारों के साथ क्या साझा करती हैं। उन्होंने देश की पहली बुलेट ट्रेन में योगदान देने पर गर्व व्यक्त किया और इसे अपने परिवार के लिए एक "ड्रीम प्रोजेक्ट" और "गर्व का क्षण" बताया।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्र सेवा की भावना पर विचार करते हुए इस बात पर ज़ोर दिया कि जब राष्ट्र के लिए काम करने और कुछ नया योगदान देने की भावना जागृत होती है, तो यह अत्यधिक प्रेरणा का स्रोत बन जाती है। उन्होंने भारत की अंतरिक्ष यात्रा के साथ तुलना करते हुए याद दिलाया कि देश का पहला उपग्रह प्रक्षेपित करने वाले वैज्ञानिकों को कैसा महसूस हुआ होगा और आज कैसे सैकड़ों उपग्रह प्रक्षेपित किए जा रहे हैं।

 बेंगलुरु की एक अन्य कर्मचारी, श्रुति, मुख्य इंजीनियरिंग प्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने कठोर डिज़ाइन और इंजीनियरिंग नियंत्रण प्रक्रियाओं के बारे में बताया। श्रुति ने बताया कि कार्यान्वयन के प्रत्येक चरण में, उनकी टीम फायदे और नुकसान का मूल्यांकन करती है, समाधानों की पहचान करती है और दोषरहित कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए विकल्पों की खोज करती है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि यदि यहाँ प्राप्त अनुभवों को ब्लू बुक की तरह दर्ज और संकलित किया जाए, तो देश बुलेट ट्रेनों के बड़े पैमाने पर कार्यान्वयन की दिशा में निर्णायक रूप से आगे बढ़ सकता है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत को बार-बार प्रयोग करने से बचना चाहिए और इसके बजाय मौजूदा मॉडलों से सीखों को दोहराना चाहिए। श्री मोदी ने इस बात पर बल दिया कि अनुकरण तभी सार्थक होगा जब यह स्पष्ट समझ हो कि कुछ कदम क्यों उठाए गए। उन्होंने आगाह किया, कि अनुकरण बिना किसी उद्देश्य या दिशा के हो सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे रिकॉर्ड बनाए रखने से भविष्य के विद्यार्थियों को लाभ हो सकता है और राष्ट्र निर्माण में योगदान मिल सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा, "हम अपना जीवन यहीं समर्पित करेंगे और देश के लिए कुछ मूल्यवान छोड़ जाएँगे।"

एक कर्मचारी ने एक कविता के माध्यम से अपनी प्रतिबद्धता को भावपूर्ण शब्दों में व्यक्त किया, जिस पर प्रधानमंत्री ने उनके समर्पण की प्रशंसा और सराहना की। केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव इस दौरे के अवसर पर मौजूद थे।

और भी

राज्य में अवैध परिवहन किए जा रहे 1 नवम्बर से आज तक 19 हजार 320 क्विंटल धान जब्

रायपुर, 16 नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारम्भ होने के पूर्व से ही प्रदेश में अवैध परिवहन से आने वाले धान की कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पिछले एक नवंबर से 16 नवंबर तक लगभग 19 हजार 320 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इस बार मार्कफेड द्वारा राज्य में अवैध परिवहन के जरिए अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ आने वाले धान को रोकने के लिए राज्य के सीमावर्ती जिलों में चेकपोस्ट और कलेक्टर की अध्यक्षता में टॉस्कफोर्स भी बनाए गए हैं। इसके साथ ही मार्कफेड में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था की सतत् निगरानी की जा रही है। 

मार्कफेड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले एक नवंबर से 16 नवंबर के अवधि में सीमावर्ती विभिन्न जिलों से छत्तीसगढ़ राज्य में अवैध परिवहन के माध्यम से आने वाले धान में सर्वाधिक महासमुंद जिले में 4266 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इसी प्रकार बलरामपुर जिले में 4139 क्विंटल, सूरजपुर जिले में 1750 क्विंटल, रायगढ़ जिले में 1201 क्विंटल, जशपुर जिले में 1157 क्विंटल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 967 क्विंटल, कोण्डागांव जिले में 869 क्विंटल, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 687 क्विंटल, राजनांदगांव 607 क्विंटल, मुंगेली में 490 क्विंटल, बलौदाबाजार में 386 क्विंटल, बिलासपुर में 273 क्विंटल, कोरिया में 253 क्विंटल, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 250 क्विंटल, सरगुजा में 240 क्विंटल, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 228 क्विंटल, दंतेवाड़ा में 220 क्विंटल, बस्तर जिले में 218 क्विंटल, सक्ती में 137 क्विंटल, सुकमा में 130 क्विंटल, बालोद में 123 क्विंटल, गरियाबंद में 122 क्विंटल, जांजगीर-चांपा में 119 क्विंटल, कवर्धा में 90 क्विंटल, कोरबा में 85 क्विंटल, रायपुर में 84 क्विंटल, धमतरी में 72 क्विंटल, नारायणपुर में 53 क्विंटल, दुर्ग में 38 क्विंटल, बेमेतरा में 32 क्विंटल, मोहला-मानपुर-चौकी में 27 क्विंटल धान जब्त किए गए हैं। 

उल्लेखनीय है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पूर्व प्रदेश में अवैध धान परिवहन और संग्रहण पर सख्त निगरानी जारी रखते हुए आज दो महत्वपूर्ण कार्रवाईयाँ की गईं। मार्कफेड के इंटीग्रेटेड कंट्रोल सिस्टम से प्राप्त 600 बैग (231.5 क्विंटल) अवैध धान संबंधी अलर्ट पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कोंडागांव जिले की टीम ने मौके पर पहुंचकर धान जप्त किया। सीमावर्ती जिलों में निगरानी बढ़ाए जाने और त्वरित अलर्ट-रिस्पॉन्स सिस्टम की बदौलत अन्य राज्यों से धान की अवैध आमद को रोकने में प्रभावी सफलता मिल रही है।

इसी क्रम में, रात्री गश्त के दौरान ग्राम त्रिशूली, थाना सनवाल क्षेत्र में अशोक सिंह पिता रामचरित्र के घर के बाहर बने शेड में दो अलग-अलग स्थानों पर कुल 222 कट्टा धान पाया गया। विवाद की स्थिति को देखते हुए दिन में पुनः तहसीलदार रामचंद्रपुरपुर, थाना प्रभारी सनवाल, महिला पुलिस, तथा मंडी कर्मचारियों की मौजूदगी में विस्तृत जांच की गई और धान की विधिवत जप्ती की कार्रवाई पूरी की गई। शासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता और अवैध गतिविधि को हर स्तर पर जीरो टॉलरेंस के साथ रोका जाएगा।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मार्कफेड द्वारा धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए एकीकृत कंट्रोल सेंटर के माध्यम से रियल-टाइम निगरानी की जा रही है। साथ ही अवैध परिवहन के माध्यम से राज्य में आने वाले धान को रोकने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा सतत् निगरानी रखी जा रही है।

और भी

राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं

रायपुर 16 नवंबर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस 16 नवंबर के अवसर पर मीडिया जगत से जुड़े सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता हमारे लोकतंत्र की विशेषता और आधारशिला है। निष्पक्ष प्रेस और निर्भीक पत्रकारिता स्वस्थ लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। मीडिया नागरिकों को उनके अधिकार और दायित्व के प्रति सचेत कर देशहित व लोकहित के प्रति जागरूक करता  है। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय प्रेस दिवस भारत जैसे जीवंत लोकतंत्र में स्वतंत्र और निष्पक्ष प्रेस के महत्व और योगदान को याद करने का दिन है।  

मुख्यमंत्री श्री साय ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आशा व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया अपनी प्रखरता, संवेदनशीलता और सत्यनिष्ठा के साथ लोकतंत्र के पथ को और अधिक प्रकाशमान करता रहेगा।

और भी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  गुजरात में की छत्तीसगढ़ के  मुख्यमंत्री श्री साय की  तारीफ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  गुजरात में की छत्तीसगढ़ के  मुख्यमंत्री श्री साय की  तारीफ
रायपुर 16 नवंबर 2025/ प्रधानमंत्री  श्री  नरेंद्र  मोदी  ने कल  गुजरात के डोडियापाड़ा में धरती आबा  भगवान बिरसा मुंडा की  जयंती  पर आयोजित  जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा की छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जनजातीय समाज से आते हैं। वे छत्तीसगढ़ का कायापलट कर रहे हैं। श्री नरेंद्र मोदी ने कहा की वे पिछले दिनों छत्तीसगढ़ गए थे, वहां  जनजातीय  गौरव के  प्रतीक शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर भव्य जनजातीय संग्रहालय का निर्माण किया गया है।

और भी

किसान गंगाराम इस बार धान बेचकर मिले पैसों से खुद का वाहन खरीदेंगे,केंद्रों में सुविधाए रहे सुदृढ़ किसानों को न हो परेशानी

जशपुर 16 नवंबर 25/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 नवम्बर से धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो गया है। जशपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 हेतु धान खरीदी का शुभारंभ गम्हरिया चौक स्थित धान खरीदी केंद्र में सांसद श्री राधेश्याम राठिया द्वारा किया गया। शुभारंभ अवसर पर ग्राम झीलिंग के किसान श्री गंगा यादव ने सर्वप्रथम अपना धान विक्रय किया।

किसान श्री गंगा यादव ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष लगभग 150 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा था, जिससे प्राप्त लाभ से उन्होंने एक दुकान की शुरुआत कर आर्थिक रूप से प्रगति की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष वे वाहन क्रय करने की योजना बना रहे हैं। श्री यादव ने शासन द्वारा खरीदी केंद्रों में की गई सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र में सभी व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित रूप से उपलब्ध हैं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में माइक्रो-एटीएम सुविधा, टोकन ‘तुंहर द्वार’ व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि किसानों को धान विक्रय प्रक्रिया में आसानी और पारदर्शिता मिल सके।

और भी

जशपुर के पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के थर्ड सीजी एनसीसी एयर स्क्वाड्रन के कैडेट्स जगदलपुर में उड़ान का प्रशिक्षण कर रहे हैं प्राप्त

जशपुरनगर, 16 नवंबर 2025/ जिले के युवाओं का आसमान में उड़ान भरने का सपना अब तेजी से साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के विशेष प्रयासों का परिणाम है कि जशपुर के पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय को थर्ड सीजी एनसीसी एयर स्क्वाड्रन की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसी क्रम में यहां के एनसीसी कैडेट्स अब जगदलपुर में अगले चरण का उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। विद्यालय के पांच कैडेट्स आकाश बंजारे, आर्यन निकुंज, अथर्व भगत, अंश कुमार भगत और उत्कर्ष यहां पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनके कोच कमलेश विश्वकर्मा है। इससे पहले जशपुर में पहली बार रायपुर के बाहर बेस फ्लाइंग ट्रेनिंग का प्रथम चरण सफलतापूर्वक आयोजित हुआ था। अब दूसरे चरण के लिए जगदलपुर को चयनित किया गया है। आगामी चरण अंबिकापुर, बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई में प्रस्तावित हैं। यह सभी आयोजन रायपुर ग्रुप तथा मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एनसीसी निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किए जा रहे हैं।  
     प्रशिक्षण सिंगल इंजन ट्वीन सीटर वायरस एसडब्ल्यू 80 विमान से  विभिन्न उड़ान कोर्सों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस माइक्रोलाइट विमान में उड़ान भरना कैडेट्स के लिए न केवल हवाई प्रशिक्षण का पहला अवसर है, बल्कि सीमित समय और नियंत्रित वातावरण में उनके निर्णय लेने के कौशल को विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन भी है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेना, भारतीय वायुसेना, जिला प्रशासन तथा पुलिस विभाग का सतत सहयोग मिल रहा है। साथ ही कैडेट्स को एनसीसी के मूलमंत्र एकता और अनुशासन को आत्मसात करते हुए राज्य के भविष्य, विकास और राष्ट्रनिर्माण की मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश भी दिया जा रहा है।

*मुख्यमंत्री श्री साय ने जेएनवी के एयर एनसीसी के लिए चयनित 25  विद्यार्थियों को एनसीसी कैडेट्स का बैच‌ लगाकर पंजीयन की शुरुआत की थी*

मुख्यमंत्री ने विगत दिवस पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय  के एयर एनसीसी के लिए चयनित 25 मेधावी विद्यार्थियों को एनसीसी कैडेट्स का बैच‌ लगाकर पंजीयन की शुरुआत की थी। इनमें 13 बालिकाएं और 12 बालक शामिल हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने एनसीसी दिवस समारोह के दौरान इच्छा व्यक्त की थी कि छत्तीसगढ़ में केवल रायपुर में ही एयर एनसीसी और उड़ान का प्रशिक्षण दिया जाता है, जबकि जगदलपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर और जशपुर जैसे स्थानों पर भी हवाई पट्टियों की सुविधा उपलब्ध है। मुख्यमंत्री की इस पहल के सकारात्मक परिणामस्वरूप मार्च माह में जशपुर आगडीह हवाई पट्टी को 3 सीजी एयर एनसीसी स्क्वाड्रन के लिए स्वीकृति प्रदान की गई और एक माइक्रोलाइट विमान को प्रशिक्षण हेतु जशपुर भेजा गया। इस दौरान लगभग 100 कैडेट्स को उड़ान का वास्तविक अनुभव प्रदान किया।

और भी

कलेक्टर ने ईचकेला की क्रिकेट खिलाड़ी बालिकाओं को किया प्रोत्साहित,टूर्नामेंट में सभी टीमों को हराकर सरगुजा ज़ोन ने जीता गोल्ड मेडल

जशपुरनगर 16  नवम्बर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने रविवार को जशपुर विकास खंड के ग्राम ईचकेला पहुंचकर क्रिकेट खिलाड़ी बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया और राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल मिलने पर अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने बालिकाओं प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जशपुर जिले के बच्चे हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। खेल में भी जशपुर के बच्चे बहुत आगे है कोई सा भी खेल हो क्रिकेट हो फूटबॉल, दौड़ हो सभी में बढ़िया प्रदर्शन रहता है।
अनुसूचित जनजाति बच्चे हुनरमंद रहते हैं और उनकी प्रतिभा उन्हें आगे बढ़ाती है।

जिला प्रशासन बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहायता करेंगी बच्चों को खेलने के लिए अच्छा खेल अभ्यास मैदान की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

बच्चों को बेट बाल बालिंग मशीन एवं बच्चों की मांग अनुसार जिला प्रशासन खेल सामग्री देंगी।

उन्होंने बच्चों को राष्ट्रीय स्तर में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि शासकीय प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास इचकेला के अधीक्षिका श्रीमती पंडरी बाई की  क्रिकेट के प्रति जुनून और लगातार प्रयास से  क्रिकेट का कोचिंग 3-4 साल से लगातार दिलाया जा रहा है। जिसका परिणाम अभी अंडर 17 के बच्चों ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया।

कोच संतोष कुमार और श्री शंकर सोनी की लगातार मेहनत का नतीजा है कि जिले के बच्चे पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान प्राप्त किए है। ये सफलता जशपुर के लिए बहुत गौरव की बात। सरगुजा संभाग से आकांक्षा रानी ने सर्वाधिक स्कोर किया एवं बोलिंग में नीतिका, गायत्री और अलका रानी ने बोलिंग में अच्छा प्रदर्शन किया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री हरिओम द्विवेदी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री संजय सिंह , सरपंच पंच और अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

           उल्लेखनीय है कि 25 वीं स्कूल राज्य अंडर 17 गर्ल्स क्रिकेट टूर्नामेंट 6-9 नवंबर को कांकेर में हुआ। पूरे छत्तीसगढ़ से इनमें 5 ज़ोन रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा ने भाग लिया। इस टूर्नामेंट में सभी टीमों को हराकर सरगुजा ज़ोन ने गोल्ड मेडल जीता। सरगुजा टीम में लुथरन स्कूल इचकेला के खिलाड़ियों का काफी योगदान रहा, जिसमें आकांक्षा रानी, अमिषा लकड़ा, जिज्ञासा कुजुर, अनन्या सिदार, गायत्री बाई, अभिलाषी बरा, अविना बाई, झूमुर तिर्की, दीपिका भगत, अलका रानी कुजुर और नितिका बाई शामिल थी। अंबिकापुर से अंशिका राज आर्यन और कुनकुरी से 2 खिलाड़ी शामिल थे। ये सभी खिलाड़ी ईचकेला होस्टल में रहकर 3-4 साल से नियमित अभ्यास कर रहे हैं, उसी का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ की चौंपियन टीम बन पाई।

और भी