ताजा खबरें


बड़ी खबर

जल जीवन मिशन के 06 ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त व 114 ठेकेदारों को जारी किया गया कारण बताओ नोटिश

जशपुरनगर : /कलेक्टर श्री रोहित व्यास के अध्यक्षता में जिला जल स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित कर जल जीवन मिशन की कार्यों की समीक्षा की गई। जल जीवन मिशन अंतर्गत विभिन्न अनुबंधों के अंतर्गत कार्य किये जा रहे ठेकेदारों के कार्यों में धिमी प्रगति के कारण जिले के 3333 योजनाओं में से केवल 1072 योजना पूर्ण होने पर कलेक्टर द्वारा घोर नाराजगी व्यक्त की गई जिसके कारण 06 ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त करने व 114 ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिश जारी कर जवाब संतोषजनक प्राप्त नहीं होने की स्थिति में सभी ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त करने के निर्देश कार्यपालन अभियंता को दिये गये।
    कलेक्टर द्वारा सभी ठेकेदार को शीघ्र कार्य पूर्ण कर जल प्रदाय सुनिश्चित करने हेतु स्पष्ट निर्देश दिये गये। अन्यथा सक्त दण्डात्मक कार्यवाही एवं किये गये औचित्यहीन भुगतान की वसूली ठेकेदारों से किये जाने का निर्देश विभाग को दिया गया।

और भी

कलेक्टर ने समाज कल्याण एवं जनपद पंचायतों के कार्यों की समीक्षा,बैठक में ग्रामीण सचिवालयों के नियमित संचालन हेतु दिए निर्देश

जशपुर  / जनपद पंचायतों एवं समाज कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा हेतु मंगलवार को कलेक्टर रोहित व्यास द्वारा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कलेक्टर ने धरती आबा योजना एवं पीएम जनमन योजनान्तर्गत विभिन्न विभागों की 25 से अधिक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही को दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी 15 दिनों में योजनान्तर्गत सम्मिलित 417 ग्रामों में आधारभूत संरचना की आवश्यकता का विश्लेषण करने को कहा। 
          उन्होंने मनरेगा योजना अंतर्गत पुराने लंबित निर्माण कार्यों को समय पर पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों द्वारा की गई मैदानी भ्रमण की जानकारी लेते हुए सभी को नियमित रूप से कार्यस्थलों पर जा कर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। सुशासन तिहार में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्राप्त मांगों के अनुसार आधार वेरिफिकेशन उपरांत शौंचालयों की स्वीकृति करने को कहा साथ ही सामुदायिक शौंचालयों के लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक ग्राम में घर घर कचरा कलेक्शन एवं सेग्रिगेशनव शेड की व्यवस्था करने एवं स्वसहायता समूह को इस हेतु प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
            कलेक्टर ने बिहान योजनांतर्गत समूह निर्माण गति को तीव्र करने को भी कहा। उन्होंने जनपद स्तर पर मृत व्यक्तियों की जानकारी लेकर राशनकार्ड से ऐसे लोगों का नाम विलोपित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम आवास योजनांतर्गत पीएम जनमन आवास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।
             उन्होंने जिले के समस्त ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सचिवालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिसके अंतर्गत सभी प्राप्त आवेदनों को एक सप्ताह के भीतर ऑनलाइन दर्ज करने एवं दीवार लेखन द्वारा इसका प्रचार प्रसार करने को कहा। इसके अतिरिक्त अधिकारियों को नियमित रूप से सचिवालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
          कलेक्टर द्वारा समाज कल्याण विभाग की सभी योजनाओं की समीक्षा की गयी। इसके साथ ही 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम हेतु सभी ग्राम पंचायतों में योगाभ्यास का आयोजन कर लोगों को नियमित दिनचर्या के रूप में योग को अपनाने हेतु प्रेरित करने को कहा। इसके लिए उन्होंने इस योग अभ्यास में स्कूल, कॉलेज के युवाओं के साथ स्थानीय ग्रामीणों को शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को 21 जून को योगाभ्यास के साथ योग रैली, वृक्षारोपण एवं लोगों को पौधा वितरण करवाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, अतिरिक्त सीईओ प्रदीप राठिया, उप संचालक समाज कल्याण टीपी भावे एवं सभी जनपदों के सीईओ उपस्थित रहे।

और भी

मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग के कर्मियों को सौंपी वाहनों की चाबी ..... 48 वाहनों को झंडी दिखाकर किया रवाना

रायपुर / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि हमारी सरकार सड़क परिवहन और यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है। परिवहन और यातायात सुरक्षा में लगे उड़नदस्ता दल को 48 नवीन वाहनों की तैनाती से दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी, यातायात सुग़म होगा और लोगों में ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर जागरूकता बढ़ेगी। श्री साय आज अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर परिवहन विभाग के निरीक्षकों को इन वाहनों की चाबी सौंपी। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। नवीन शासकीय वाहनों की मदद से परिवहन उड़नदस्ता दल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। उड़नदस्ता दल की कार्यक्षमता में वृद्धि, सड़क दुर्घटनाओं में कमी, सुरक्षा मानकों का बेहतर क्रियान्वयन और यातायात व्यवस्था में सुधार व अनुशासन बनाए रखने में यह पहल मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इससे दूरदराज के क्षेत्रों में भी परिवहन दस्ते की निगरानी और पहुंच सुनिश्चित होगी। 

ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील

मुख्यमंत्री श्री साय ने हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने और ट्रैफिक नियमों का पालन कर दूसरों के जीवन की रक्षा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही हम एक सुरक्षित, संयमित और संवेदनशील सड़क परिवेश का निर्माण कर सकते हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोगों से नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील भी की। 

इस अवसर पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, सचिव सह परिवहन आयुक्त श्री एस. प्रकाश, अपर परिवहन आयुक्त श्री डी. रविशंकर सहित परिवहन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

और भी

ऑपरेशन अंकुश : पशु तस्करी का फरार आरोपी साजिद को जशपुर पुलिस ने रांची से धर दबोचा



  जशपुर :  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुराने प्रकरणों के फरार आरोपियों की धर पकड़ हेतु, ऑपरेशन अंकुश के तहत अभियान चलाया गया है, इसी क्रम में थाना तुमला क्षेत्रांतर्गत वर्ष 2024 के एक पशु तस्करी के मामले में फरार आरोपी को जशपुर पुलिस के द्वारा झारखंड राज्य से हिरासत में लेकर लाया गया है।
           मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 26.05.2024 को थाना तुमला पुलिस के द्वारा , ग्राम बारों में  रात्रि लगभग 11.00 बजे संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी, कि इसी दौरान गंझियाडीह की ओर से एक टाटा मैजिक(छोटा हाथी )वाहन क्रमांक JH01EU9753 के आने पर पुलिस के द्वारा उसे हाथ देकर रोकने का प्रयास किया गया, परंतु उक्त वाहन के द्वार पुलिस को देखकर, वाहन को न रोक कर , गाड़ी को तेज गति से चलाते हुए भागने का प्रयास किया जा रहा था, जिस पर संदेह होने पर थाना तुमला पुलिस के द्वारा संदेही वाहन का पीछा किया गया, पुलिस को पीछा करते देख  आरोपियों ने कुछ दूरी। पर जंगल के पास वाहन को, छोड़ कर, जंगल का फायदा उठा कर भाग गए थे। पुलिस के द्वारा जब संदेही  वाहन की चेकिंग की गई तो, उसमें रस्सी से बंधा हुआ,तीन नग गौ वंश बरामद हुआ था, पुलिस ने आरोपियों को चिन्हित कर लिया था,  पुलिस के द्वारा मामले के फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी।
       इसी दौरान पुलिस को मुखबीर व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि मामले का आरोपी साजिद अंसारी रांची क्षेत्रांतर्गत अपने गृह ग्राम पकरिया, जिला रांची में है, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के द्वारा पुलिस टीम गठित कर आरोपी साजिद की धर पकड़ हेतु, झारखंड रवाना की गई, जहां जशपुर पुलिस की टीम ने ग्राम पकरिया, थाना चान्हो, जिला रांची (झारखंड) से आरोपी साजिद को हिरासत में लेकर वापस लाया गया है।
     पुलिस की पूछताछ पर आरोपी साजिद के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
      मामले की विवेचना व फरार आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तुमला श्री कोमल सिंह नेताम, सहायक उप निरीक्षक श्री टेकराम सारथी, आरक्षक देव सिंह एक्का व सुरेश मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
   मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि पशु तस्करी के मामले में फरार एक आरोपी को झारखंड राज्य से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, पुलिस ने और भी लंबे समय से फरार आरोपीयों को चिन्हित किया है, ऑपरेशन अंकुश जारी रहेगा।

और भी

स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जशपुरनगर  की छात्रा प्रिन्सी लकड़ा मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित



  जशपुर : जिला मुख्यालय में स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट (अंग्रेजी माध्यम) नवीन आदर्श उच्चतर  माध्यमिक विद्यालय जशपुर नगर अपनी विशिष्ट राज्य स्तरीय उपलब्धियां के लिए जाना जाता है इसी कड़ी में इस विद्यालय की कक्षा आठवीं की छात्रा कु प्रिन्सी लकड़ा आज चित्रकला के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट उपलब्धियां के लिए रायपुर में माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के कर कमरों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्राप्त की, उल्लेखनीय है कि आज राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की स्थापना दिवस के उपलक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया गया है जिसमें असाधारण प्रतिभाशाली बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाना है
      संस्था के प्राचार्य विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि यह विद्यालय पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के  व्यक्तित्व के चहुमुखी विकास के लिए कृत संकल्पित है  इसी कड़ी में  पढ़ाई के साथ - साथ शाला की अतिरिक्त गतिविधियों के अंतर्गत प्रिंसी लकड़ा के  चित्रकला की रूचि को प्रोत्साहित किया गया जिसके परिणाम स्वरुप पढ़ाई के साथ-साथ इस छात्रा ने यह विशेष उपलब्धि हासिल कर प्रदेश स्तर पर विद्यालय एवं माननीय मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर  का मान बढ़ाया है. प्राचार्य ने शाला परिवार की ओर से प्रिन्सी लकड़ा और उनके परिवार को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी.

 प्रिंसी लकड़ा के साथ सम्मान समारोह में उपस्थित उनकी माता श्रीमती पुनीता लकड़ा ने बताया कि उनकी बेटी की बाल्यकाल  से ही चित्रकला के क्षेत्र में रुचि थी किंतु उनकी इस प्रतिभा को प्रोत्साहित और निखारने का काम विद्यालय के माध्यम से संभव हो पाया  इसके लिए वह विद्यालय परिवार की आभारी है उनका कहना है कि माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के द्वारा उनकी बेटी को सम्मानित किया जाना अत्यंत गर्व की बात है


    छात्र प्रिंसी लकड़ा ने अपने उदगार को व्यक्त करते हुए कहा कि बालिका किसी क्षेत्र में कम नहीं है वह अपनी इस कला को और अधिक निखारना चाहती है.प्रिन्सी लकड़ा ने चित्रकला के माध्यम से अपने विचारों एवं भावनाओं को व्यक्त किया, विषय के आधार पर चित्रों का आकार एवं रेखाओं की स्पष्टता एवं रंगों का संयोजन आदि तत्वों को ध्यान में रखते हुए सुंदर व स्पष्ट प्रभावशाली प्रतिभा का प्रदर्शन छात्रा ने किया जिसके फलस्वरूप उसे छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की  स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम 2025 में माननीय मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया गया, यह बालिका, उनके परिवार,  विद्यालय  एवं जशपुर जिले की विशेष उपलब्धि है

और भी

योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने जिले में मनाया जा रहा है योग सप्ताह,तीसरे दिन भी19 ग्रामों में लोगों ने किया उत्साह के साथ योगाभ्यास

जशपुर / करो योग रहो निरोग इस प्रेरणादायी संदेश के साथ जिले में योग सप्ताह का अयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के लाभों से अवगत कराना और उन्हें नियमित योग अभ्यास के लिए प्रेरित करना है। आज तीसरे दिन 19 ग्रामों में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
   आज जिले के जशपुर विकासखंड अंतर्गत शा.प्रा.शाला तेलीटोली एवं शा. हाई स्कूल पोरतेंगा। मनोरा विकासखंड अंतर्गत शा. प्रा. शाला आमगांव एवं शा. प्रा. शाला गिधा। बगीचा विकासखंड अंतर्गत शा. हाई स्कूल सरकोम्बो, शा. प्रा. शाला गायवुडा, शा. प्रा. शाला एकम्बा और शा. प्रा. शाला महुआडीह। कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत शा.उ. मा. वि. टांगरगांव एवं शा.उ. मा. वि. चोंगरीबहार। कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत शा. प्रा. शाला कलिबा और शा. प्रा. शाला बनकोम्बो। दुलदुला विकासखंड अंतर्गत शा.उ. मा. वि. बंगुरकेला। फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत शा.उ. मा. वि. तपकरा और शा. प्रा. शाला डुमरिया। पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत पंचायत भवन कछार, शा. प्रा. शाला सुसडेगा, शा. प्रा. शाला कुकुरभूका और हाई स्कूल मैदान बुलडेगा में योग संबंधी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। 
    जिसमें  छात्रों, शिक्षकों, अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। योग कार्यक्रम में प्रशिक्षकों के द्वारा शलभासन, उत्तानपादासन, वृक्षासन, ताड़ासन, पद्मासन, पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणयाम का अभ्यास कराया गया और योग से होने वाले लाभों की जानकारी दी गई। उल्लेखनीय है कि ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य शासन के निर्देशानुसार 15 से 21 जून तक योग महाकुंभ योग को उत्सव के रूप में मनाने एवं अधिक से अधिक जनसामान्य को प्रेरित करने हेतु योग सप्ताह के रूप में विविध योग संबंधी गतिविधियों का आयोजन जिले में किया जा रहा है।

और भी

केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक2 परीक्षा परिणाम में प्रथम स्थान पर

रायपुर : रायपुर संभाग के कुल 37 केंद्रीय विद्यालय में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 रायपुर का कक्षा दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम सर्वश्रेष्ठ रहा साथ ही कक्षा नवी से 12वीं तक के परीक्षा परिणाम और अन्य उपलब्धियां के आधार पर विद्यालय को रायपुर संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ यह अत्यंत अधिकारों का विषय है हमारे शिक्षकों का कार्य और उनकी मेहनत सराहनीय है
            बच्चों के सर्वांगीण विकास में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 रायपुर को वार्षिक प्राचार्य सम्मेलन कोरबा में सम्मानित किया गया

और भी

वर्षों बाद गणित और विज्ञान के व्याख्याता मिलने पर अभिभावकों और छात्रों में खुशी

रायपुर : मोहला मानपुर जिले के हाई स्कूल वासड़ी में वर्षों बाद गणित और विज्ञान के व्याख्याता मिलने पर अभिभावकों और छात्रों में खुशी देखी जा रही है। अभिभावकों ने कल स्कूल में पहुंचकर   खुशी अपनी जाहिर की। उन्होंने  शिक्षकों की युक्तिकरण योजना की प्रशंसा करते हुए  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और  प्रशासन के  प्रति  धन्यवाद ज्ञापित किया। अभिभावकों ने कहा कि युक्तिकरण की योजना के कारण ही उन्हें इतने सालों बाद विज्ञान और गणित के व्याख्याता मिल पाए हैं।

और भी

बरसात शुरू होते ही झटके खाने लगी बिजली, उपभोक्ता परेशान - Electricity Consumers Upset in Narayanpur

नारायणपुर :  बरसात शुरू होते ही बिजली की आंख मिचौली शुरू हो गई है. बारिश में उत्पन्न होने वाली तकनीकी खराबी से निपटने के लिए नारायणपुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति लगातार बहाल रहे इसे लेकर विभाग  लगातार काम कर रहा है. इसके बाद भी नारायणपुर में बिजली की समस्याओं से उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है. बारिश होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था ठप पड़ जाती है.शहरी क्षेत्र में  कुछ हद तक बिजली दुरुस्त है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में बिजली को लेकर आज भी परेशानी बनी हुई है

      कई दिनों उमश भरी गर्मी की तपिश झेल रहे लोगों को बिजली की आंख मिचौली से परेशानी झेलना पड़ रहा है। नारायणपुर में इन दिनों कई बार बिजली गुल हो रही है। लाइन जाते ही लोगों को गर्मी से परेशानी बढ़ जाती है। गर्मी की तपिश से बचने के लिए लोग पंखा, कूलर का सहारा लेते जरूर हैं लेकिन लाइन कटते ही ये उपकरण बंद हो जाते हैं।खास कर शाम के समय प्रति दिन बिजली गुल हो रही है। बिजली कटते ही लोग अपने अपने घरों से बाहर निकल कर खुले खेत में जाकर बैठ जाते हैं। ताकि शरीर में हवा लगे। इस उमस भरी गर्मी से राहत मिले। इस परिस्थिति में सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को उठाना पड़ रहा है।  किसान भाइयों की समस्या भी है। स्कूली बच्चे, प्रतियोगी परीक्षा तैयारी करने वाले छात्र भी बिजली संकट के बीच परेशान हो रहे हैं।

     बिजली उपभोक्ताओं को लगातार  रूप से बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है,एक ओर लोग इस उमस भरी गर्मी से परेशान हैं, वही बिजली सही ढंग से नही मिलने से व्यवसाय पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।बिजली आपूर्ति सही तरीके से हो,ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सकें। शाम ढलते ही बिजली गुम हो जाती है, कभी कभी आधी रात में भी बिजली आंख मिचौली करती रहती है। इस हालत में बिजली नहीं रहने से बिजली संचालित उपकरण शो पीस की वस्तु बनकर रह जाती है।  विभागीय कर्मचारियीं की उदासीनता  और लगे घटिया सामग्री के बार बार खराब के कारण जमीनी हकीकत कुछ और रहता है

और भी

मुख्यमंत्री श्री साय से छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के पदाधिकारियों ने की सौजन्य मुलाकात,ओलम्पिक दिवस आयोजन हेतु किया आमंत्रित


 रायपुर,: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की और श्री साय को 23 जून को ओलम्पिक दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। 
इस अवसर पर  छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव श्री विक्रम सिसोदिया, प्रदेश वालीबॉल संघ अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ उपाध्यक्ष श्री सुनील रामदास एवं संयुक्त सचिव श्री प्रशांत रघुवंशी उपस्थित थे। इस दौरान छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी गई। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के प्रदेश अध्यक्ष है।
1542

और भी

आईआईएम में उद्यमिता प्रशिक्षण से बदली दंतेवाड़ा के युवाओं की जीवन की दिशा

रायपुर, : / कभी चुनौतियों से जूझते रहे दंतेवाड़ा के युवाओं के जीवन में अब उम्मीद की एक नई किरण जगी है। यह बदलाव आया है एक अनोखी और अभूतपूर्व पहल के माध्यम से जिसके केंद्र में हैं भारतीय प्रबंधन संस्थान आईआईएम रायपुर, दंतेवाड़ा जिला प्रशासन और छत्तीसगढ़ सरकार। 

13 जून 2025 को जब आईआईएम रायपुर में उद्यमिता सर्टिफिकेट प्रोग्राम बैच-2 का समापन हुआ, तो मंच पर केवल प्रमाण पत्र नहीं बांटे गए, बल्कि युवाओं के सपनों को पंख दिए गए। यह दो महीने का आवासीय कार्यक्रम, जिसमें दंतेवाड़ा के 50 चयनित युवाओं को उद्योग, व्यवसाय और नवाचार के विविध आयामों की गहराई से शिक्षा दी गई। 

दंतेवाड़ा के युवा, जो कभी सीमित अवसरों और अस्थिर परिस्थितियों के बीच जीते थे, अब अपने व्यवसायिक सपनों की स्पष्ट तस्वीर देख पा रहे हैं। आईआईएम में उद्यमिता प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके दंतेवाड़ा के राकेश यादव का कहना है कि इस प्रशिक्षण ने सिखाया कि हमारे जंगल का महुआ और इमली भी रोज़गार का आधार बन सकते हैं।अब मैं सिर्फ सपने नहीं देखता, उन्हें साकार करने की दिशा में बढ़ चुका हूं। किरंदुल के अभिषेक गुप्ता, बीजापुर के तेजस्व कुमार और नीलम पांडे जैसे प्रतिभागियों ने बताया कि आईआईएम का प्रशिक्षण उनके जीवन के लिए एक टर्निंग प्वाइंट साबित हो रहा है। शिल्पा कुमारी जो बचेली से है ने कहा कि  प्रशिक्षण से हमनें न केवल व्यवसाय शुरू करने की तकनीक सीखी बल्कि हमें यह भी ज्ञान मिला कि कैसे हम अपने क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा का उपयोग करके आत्मनिर्भर बन सकते है। कभी संसाधनों की कमी से जूझने वाले ये युवा अब उद्यमिता के प्रशिक्षण से आत्मविश्वास से भर चुके हैं।

इस कार्यक्रम की सफलता में अहम भूमिका निभाई दंतेवाड़ा जिला प्रशासन ने। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की पहल और सतत् मार्गदर्शन से यह सपना साकार हुआ। प्रशासन ने न केवल युवाओं की पहचान की, बल्कि उन्हें आईआईएम रायपुर जैसे संस्थान में भेजकर यह दिखा दिया कि अगर सोच बदल दी जाए, तो हालात भी बदल सकते हैं।

आईआईएम रायपुर ने 23 अप्रैल से 13 जून तक इन युवाओं को केवल प्रशिक्षण नहीं दिया, बल्कि उनके अंदर के नेतृत्व और नवाचार की चिंगारी को ज्वाला में बदल दिया। व्यवसाय योजना बनाना, मार्केटिंग, ब्रांडिंग, मूल्य संवर्धन, डिजिटल उपकरणों का प्रयोग आदि हर पहलू को व्यावहारिक तरीके से सिखाया गया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रशिक्षण के दौरान युवाओं से मिलकर उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं में असीम ऊर्जा है। यदि सही दिशा और प्रशिक्षण मिले, तो वे न केवल अपने लिए, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन सकते हैं। मुख्यमंत्री के सहज, व्यावहारिक और उत्साहवर्धक नेतृत्व ने प्रतिभागियों में नया आत्मबल भर दिया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि बस्तर के भविष्य की नींव है। जो क्षेत्र कभी संघर्ष और अशांति के लिए जाना जाता था, अब वहां महुआ आधारित उद्योग, इमली प्रसंस्करण इकाइयाँ, और स्थानीय पर्यटन जैसे नए व्यवसाय पनप रहे हैं। यह कहानी केवल दंतेवाड़ा के 50 युवाओं की नहीं, बल्कि पूरे बस्तर की है। एक ऐसे बस्तर की जो अब नकारात्मक छवियों से ऊपर उठकर उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास की मिसाल बन रहा है। जिला प्रशासन और आईआईएम रायपुर के इस सामूहिक प्रयास ने यह साबित कर दिया कि अगर मंशा साफ हो और मार्गदर्शन सटीक, तो हर बाधा अवसर में बदली जा सकती है।

और भी

नवीन शिक्षा सत्र के पहले दिन शिक्षकों ने बच्चों को तिलक लगाकर एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर किया स्वागत

कुनकुरी:- कुनकुरी विकासखंड में स्थित प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली में ग्रीष्मकालीन अवकाश पश्चात नवीन शिक्षा सत्र के प्रथम दिवस पर विद्यालय पहुंचे बच्चों का स्वागत उत्सव के रूप में किया गया। प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता एवं शिक्षक महेश तिर्की ने तिलक लगाकर एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर बच्चों का स्वागत किया। प्रथम दिवस पर प्रधान पाठक बच्चों से रूबरू हुए और ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान उनके द्वारा किए गए विभिन्न कार्यों को जाना। बच्चों ने बताया कि हमें विद्यालय खुलने का इंतजार था, आज विद्यालय आकर बहुत अच्छा लग रहा है। प्रधान पाठक ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस सत्र हम सभी मिलकर विद्यालय को नयी ऊंचाई तक लेकर जाएंगे चाहे वह संज्ञानात्मक क्षेत्र हो या सह संज्ञानात्मक क्षेत्र या फिर विद्यालय परिसर को सुंदर बनाना, इस सत्र हमारा प्रयास होगा कि सामुदायिक सहभागिता से स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए ताकि आप और अच्छी तरह से विषयों को समझ सकें। शिक्षक महेश तिर्की ने कहा कि ग्यारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 15 जून से 21 जून तक *योग महाकुंभ - योग उत्सव* की शुरुआत हो गई है, शासन के निर्देशानुसार विद्यालय में भी प्रतिदिन इसका आयोजन किया जाना है इसलिए 17 जून से पहला कालखंड योगाभ्यास से प्रारंभ होगा जिसका समय प्रातः 7.00 से 8.00 बजे तक का होगा आगे उन्होंने कहा कि इस योग सत्र में आप सभी अपने पालकों, पड़ोसियों को भी शामिल होने हेतु निवेदन करें।
अंत में प्रधान पाठक ने उपस्थित सभी बच्चों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

और भी

विधायक के हाथों हुआ रौनियार दर्पण स्मारिका सह वैवाहिक दर्पण का विमोचन....रौनियार गुप्ता समाज के 200 से अधिक लोग रहे उपस्थित

सीतापुर : रौनियार (गुप्ता) समाज छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में रौनियार दर्पण परिवार द्वारा प्रकाशित "रौनियार विवाह दर्पण सह स्मारिका 2025" का विमोचन 15 जून 2025 को सीतापुर के सरईपारा (गुतुरमा) स्थित मैरिज गार्डन में सीतापुर विधायक माननीय श्री राम कुमार टोप्पो जी तथा समाज के गणमान्य हस्तियों के करकमलों से संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में रौनियार समाज के 200 से अधिक पदाधिकारी सदस्य एवं आमजन उपस्थित रहे।

रौनियार समाज की सक्रिय घटक "रौनियार दर्पण परिवार" ने इस पत्रिका हेतु सामग्री, लेख, जानकारी संकलित किया। पत्रिका में समाज में उत्कृष्ट का कार्य करने वाले विभूतियों, मेधावी छात्र-छात्राओं के सुयश, समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने व्यक्तित्व तथा 350 से अधिक विवाह योग्य युवक युवतियों का डाटा प्रकाशित किया गया है। रौनियार दर्पण पत्रिका में छत्तीसगढ़ के विभिन्न शहरों में निर्मित हो रहे समाज के सामुदायिक भवन/धर्मशाला तथा अन्य धरोहरों का विवरण प्रकाशित है। इसके साथ ही रौनियार समाज के जनप्रतिनिधि जो पिछले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में चुनकर आए हैं उनकी सूची भी प्रकाशित की गई है। उल्लेखनीय है कि समाज के कुल 95 सदस्य पिछले वर्ष चुनाव जीतकर आये है, जिनमें 1 नगर पंचायत अध्यक्ष, 3 जनपद उपाध्यक्ष, 18 उप सरपंच और 66 पंच शामिल हैं।
सही मायनों में यह पत्रिका सामाजिक जागरूकता, विकास, संगठन की एकता और उन्नति के लिए समाज का दर्पण है। पत्रिका में नारी सशक्तिकरण, जागरूकता, आत्मनिर्भरता, उनकी उपलब्धियां, विचार और सम्मान सहित विभिन्न पर्व एवं त्योहार को उल्लास और आनंद से मनाए गए चित्र और लेख को प्रमुखता से स्थान दिया गया है।
सरईपारा (सीतापुर) मैरिज गार्डन में संपन्न विमोचन समारोह में माननीय विधायक रामकुमार टोप्पो जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। उनके साथ इकाई संयोजक श्री रामचरण गुप्ता, रौनियार पितामह श्री शिवशंकर गुप्ता, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री गोपाल रौनियार वरिष्ठ समाजसेवी जगन्नाथ गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील गुप्ता, जनपद उपाध्यक्ष श्री प्रमोद कुमार गुप्ता एवं पूर्व युवा अध्यक्ष श्री संतोष कुमार गुप्ता मंचासीन रहे। 
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ महर्षि कश्यप जी की आरती और भारत के राष्ट्रगान जन गण मन से हुआ। इसके पश्चात गणमान्य लोगों के उद्बोधन हुए तथा शाम ठीक 8 बजे पत्रिका का विमोचन किया गया। सभा के अंत में जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक श्री टोप्पो जी ने समाज को राजनीतिक सामाजिक और व्यापारिक उपलब्धियां के लिए बधाई दी। रौनियार दर्पण पत्रिका के अवलोकन पश्चात उन्होंने कहा पत्रिका की सामग्री अत्यंत उपयोगी है। अपने समाज की प्रतिभाओं और उत्कृष्ट विभूतियों को प्रोत्साहित तथा सम्मानित करने का यह कार्य अन्य समाज के लिए भी अनुकरण के योग्य है। वे इस सोच और प्रयास के लिए रौनियार दर्पण परिवार को साधुवाद देते हैं।

विमोचन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय जी भी आमंत्रित थी, रायपुर में होने के कारण वे शामिल नहीं हुईं परन्तु उन्होंने विमोचन से ठीक पहले टेलिफोनिक संदेश के माध्यम से समाज को बधाई देते हुए इस नेक कार्य के लिए रौनियार दर्पण टीम की सराहना की। उन्होंने समाज की मातृशक्तियो को उनकी जागरूकता, समर्पण और सक्रियता के लिए प्रशंसा की और छोटी बहन कहा।

कार्यक्रम में रौनियार दर्पण परिवार के संस्थापक यतींद्र गुप्ता एवं मंदिश गुप्ता, मुकेश गुप्ता, राजेश गुप्ता, उमेश गुप्ता, रामनिवास गुप्ता, मनोज गुप्ता, विशाल गुप्ता, डॉ शैलेश गुप्ता, कुंदन गुप्ता, रंजीत गुप्ता, राजकपूर गुप्ता, धर्मपाल गुप्ता, राधेश्याम गुप्ता तथा महिला मंच से अमृता गुप्ता, नीलू गुप्ता, ज्योति गुप्ता, कविता गुप्ता, जय गुप्ता, संगीता गुप्ता, मीनाक्षी गुप्ता, आशा गुप्ता, सोमा गुप्ता, सुनीता गुप्ता आदि उपस्थित रहे। सभा का संचालन यतींद्र गुप्ता ने किया।

और भी

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 18 जून को मनाया जाएगा विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस,,,,,किया जाएगा मरीजों को निःशुल्क चिकित्सीय प्रबंधन*

जशपुरनगर, / विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस प्रति वर्ष 19 जून को मनाया जाता है। इसी परिप्रेक्ष्य में समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 18 जून 2025 को 'विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस' मनाया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री रोहित व्यास के मार्गदर्शन में समस्त आयुष्मान मंदिरों में 18 जून 2025 को होने वाला आरोग्य मेला को 'विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस थीम आधारित आयोजन किया जाएगा।
   सिकल सेल एक आनुवंशिक विकार है। विश्व सिकल सेल जागरूकता  दिवस का उद्देश्य सिकल सेल रोग के बारे में लोगों की जानकारी एवं समझ बढ़ाना तथा रोगियों और उनके परिवार तथा उनकी देखभाल करने वालों द्वारा अनुभव की जाने वाली चुनौतियों के बारे में भी लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस 2008 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा घोषित किया गया था, जो सिकल सेल रोग को एक सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या के रूप में मान्यता देता है। 

विश्व सिकल सेल जागरूकता दिवस का महत्व

 यह दिवस सिकल सेल रोग के बारे में लोगों की जानकारी और समझ बढ़ाने के लिए है। इसके साथ ही रोग से पीड़ित लोगों और उनके परिवारों के समर्थन को बढ़ावा देना, सिकल सेल रोग के इलाज और रोकथाम के लिए शोध को प्रोत्साहित करना और रोग से पीड़ित लोगों के लिए स्वास्थ्य देखभाल में सुधार करने के लिए प्रयास करता है।
    इस दिवस में समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में सिकल सेल के संबंध में जागरूक करने के साथ ही  सिकल सेल मरीजों को निःशुल्क चिकित्सीय प्रबंधन किया जाएगा।इसके साथ ही सिकल सेल स्क्रीनिंग तथा स्क्रीनिंग किये गये व्यक्तियों को सिकल सेल जेनेटिक कार्ड प्रदाय करना और सिकल सेल से संबंधित भेदभाव को कम किये जाने हेतु व्यापक जागरूकता, समुदाय आधारित कार्यकम  आदि किया जाएगा।

और भी

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जनदर्शन में सुनी आमजनों की समस्याएं

जशपुरनगर : कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में आम नागरिकों की समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को  प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
   इसके साथ ही उन्होंने प्राप्त आवेदनों का निराकृत होने पर उसकी सूचना संबंधित व्यक्ति को देने के लिए कहा, ताकि उनको अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। आज जनदर्शन में कुल 58 आवेदन प्राप्त हुए।  इसमें मुख्य रूप से राजस्व संबंधी मामले, राशन कार्ड, स्कूल में प्रवेश, स्वास्थ्य सहायता प्रदान करने संबंधित मामले सहित विभिन्न विषयों से संबंधित मांगें शामिल थीं।

और भी

सरपंच एवं जनप्रतिनिधियों ने तिलक लगाकर  निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें वितरित कर बच्चों का हुआ शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन

जशपुर, / सिंगीबहार में आयोजित धरती आबा शिविर में प्राथमिक शाला सिंगीबहार एवं संकुल केंद्र के बच्चों हेतु नवीन शिक्षण सत्र में प्रवेश हेतु शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सरपंच सुनीता पैकरा, जनपद सदस्य ममता सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया। इस अवसर पर बच्चों को मिठाई और निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों का भी वितरण किया गया। सरपंच द्वारा सभी बच्चों के स्वागत के लिए न्योता भोज का भी आयोजन किया गया। जहां सभी जनप्रतिनिधियों ने बच्चों को भोजन कराया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी  मिथलेश पैकरा, बीईओ दुर्गेश देवांगन, बीआरसी देवेंद्र सिंह, संकुल प्राचार्य अनिल किस्पोट्टा, शैक्षिक समन्वयक संकुल शैक्षिक समन्वयक अशोक यादव एवं समस्त पालक, छात्र छात्राएं एवं शिक्षकों  उपस्थित रहे।

और भी

पुलिस कार्यप्रणाली में उर्दू-फारसी के कठिन शब्दों की जगह होगी अब सरल हिंदी में.....

रायपुर - प्रदेश की पुलिस व्यवस्था को और अधिक जनसुलभ, पारदर्शी और संवादात्मक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा के निर्देश के पश्चात अब राज्य की पुलिस कार्यप्रणाली में प्रयुक्त होने वाले कठिन, पारंपरिक एवं आम नागरिकों की समझ से बाहर उर्दू-फारसी शब्दों को हटाकर उनकी जगह पर सहज और प्रचलित हिंदी शब्दों का उपयोग किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा है कि आम नागरिक जब किसी शिकायत, अपराध सूचना अथवा अन्य कार्य से थाने जाता है, तो वह अक्सर पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर या अन्य दस्तावेजों की भाषा को लेकर असमंजस में रहता है। अन्य भासाओ के शब्द आम लोगों के लिए अनजाने होते हैं, जिससे वे न तो अपनी बात ठीक से समझा पाते हैं और न ही पूरी प्रक्रिया को ठीक से समझ पाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस का उद्देश्य नागरिकों की सहायता और सुरक्षा है, तो उसकी भाषा भी ऐसी होनी चाहिए जो नागरिकों की समझ में आए और उनके विश्वास को बढ़ाए।

उपमुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पुलिस महानिदेशक द्वारा सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को एक आधिकारिक पत्र जारी किया गया है, जिसमें स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया है कि पुलिस की व्यवहारिक कार्यवाहियों में प्रयुक्त कठिन, पारंपरिक शब्दों को सरल और स्पष्ट हिंदी में बदला जाए। इसके लिए एक शब्द सूची भी तैयार की गई है, जिसमें पुराने कठिन शब्दों के स्थान पर उपयोग किए जाने योग्य सरल विकल्प सुझाए गए हैं।

इस पत्र में यह भी निर्देशित किया गया है कि सभी अधीनस्थ अधिकारियों को इस विषय में अवगत कराया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि यह आदेश केवल औपचारिकता भर न रहे, बल्कि इसका वास्तविक कार्यान्वयन प्रदेश की प्रत्येक पुलिस चौकी, थाने और कार्यालय में दिखे। 

छत्तीसगढ़ पुलिस अब केवल कानून का पालन कराने वाली संस्था न होकर जनसंवाद का माध्यम भी बनेगी। भाषा के इस सरलीकरण से शिकायतकर्ता को अपनी बात स्पष्ट रूप से कहने, सुनने और समझने में सुविधा होगी। एफआईआर जैसी प्रक्रिया, जो अब तक केवल अधिवक्ताओं या पुलिस कर्मियों की समझ में आती थी, वह अब आम नागरिक के लिए भी बोधगम्य हो सकेगी।

1 अदम तामील-सूचित न होना
2 इन्द्राज -टंकन
3 खयानत-हड़पना
4 गोश्वारा-नक्शा
5 दीगर-दूसरा
6 नकबजनी -सेंध
7 माल मशरूका लूटी-चोरी गई सम्पत्ति
8 मुचलका-व्यक्तिगत बंध पत्र
9 रोजनामचा-सामान्य दैनिकी
10 शिनाख्त-पहचान
11 शहादत-साक्ष्य
12 शुमार-गणना
13 सजायाफ्ता- दण्ड प्राप्त
14 सरगना -मुखिया
15 सुराग -खोज
16 साजिश -षडयंत्र
17 अदालत दिवानी -सिविल न्यायालय
19 फौजदारी अदालत- दांडिक न्यायालय
20 इकरार नामा -प्रतिज्ञापन
21 बनाम विक्रय -पत्रक
22 इस्तिफा -त्याग-पत्र
23 कत्ल-हत्या
24 कयास -अनुमान
25 खसरा क्षेत्र- पंजी
26 खतौनी -पंजी
27 गुजारिश -निवेदन
28 जब्त -कब्जे में लेना
29 जमानतदार -प्रतिभूति दाता
30 जमानत -प्रतिभूति
31 जरायम- अपराध
32 जबरन -बलपूर्वक
33 जरायम पेशा -अपराधजीवी
34 जायदादे मशरूका -कुर्क हुई सम्पत्ति
35 दाखिलखारिज- नामांतरण
36 सूद -ब्याज
37 हुजूर -श्रीमान/महोदय
38 हुलिया -शारीरिक लक्षण
39 हर्जाना क्षति-प्रतिपूर्ति
40 हलफनामा-शपथ-पत्र
41 दफा- धारा
42 फरियादी -शिकायतकर्ता
43 मुत्तजर्रर -चोट
44 इत्तिलानामा- सूचना पत्र
45 कलमबंद करना -न्यायालय के समक्ष कथन 
46 गैरहाजिरी -अनुपस्थिति
47 चस्पा- चिपकाना
48 चश्मदीद- प्रत्यक्षदर्शी
49 जलसाजी- कूटरचना
50 जिला बदर -निर्वासन
51 जामतलाशी -वस्त्रों की तलाशी
52 वारदात- घटना
53 साकिन- पता
54 जायतैनाती- नियुक्ति स्थान
55 हाजा स्थान-परिसर
56 मातहत -अधीनस्थ
57 जेल हिरासत -कब्जे में लेना
58 फौती -मृत्यु सूचना
59 इस्तगासा- छावा
60 मालफड -जुआ का माल मौके पर बरामद होना
61 अर्दली -हलकारा
62 किल्लत मुलाजमान- कर्मगण की कमी
63 तामील कुनन्दा- सूचना करने वाला
64 इमदाद -मदद
65 नजूल -राज भूमि
66 फरार -भागा हुआ
67 फिसदी- प्रतिशत
68 फेहरिस्त -सूची
69 फौत- मृत्यु
70 बयान- कथन
71 बेदखली-निष्कासन
72 मातहत- अधीन
73 मार्फत- द्वारा
74 मियाद -अवधी
75 रकबा-क्षेत्रफल
76 कास्तकार- कृषक
77 नाजिर -व्यवस्थापक
78 अमीन राजस्व -कनिष्ठ अधिकारी
79 राजीनामा -समझौता पत्र
80 वारदात -घटना
81 संगीन -गंम्भीर
82 विरासत -उत्तराधिकार
83 वसियत- हस्तांन्तरण लेख
84 वसूली -उगाही
85 शिनाख्त- पहचान
86 सबूत साक्ष्य-प्रमाण
87 दस्तावेज- अभिलेख
88 कयास -अनुमान
89 सजा -दण्ड
90 सनद -प्रमाण पत्र
91 सुलहनामा-समझौता पत्र
92 अदम चौक- पुलिस असंज्ञेय हस्ताक्षेप, अगोग्य अपराध की सूचना
93 कैदखाना- बंदीगृह
94 तफतीश/तहकीकात -अनुसंधान/जाँच/विवेचना
95 आमद/रवाना/रवानगी-आगमन, प्रस्थान
96 कायमी-पंजीयन
97 तेहरीर- लिखित या लेखीय विवरण
98 इरादतन- साशय
99 खारिज/खारिजी/रद्द निरस्त/निरस्तीकरण
100 खून आलुदा रक्त-रंजित/रक्त से सना हुआ
101 गवाह/गवाहन- साक्षी/साक्षीगण
102 गिरफ्तार/हिरासत -अभिरक्षा
103 तहत् -अंतर्गत
104 जख्त, जख्मी, मजरूब -चोट/घाव घायल/आहत
105 दस्तयाब -खोज लेना/बरामत
106 मौका ए वारदात-घटना स्थल
107 परवाना- परिपत्र/अधिपत्र
108 फैसला- निर्णय
109 हमराह -साथ में

और भी

महाकुंभ योग सप्ताह के अंतर्गत 19 ग्रामों ने लोगों ने किया योगाभ्यास

जशपुर, / ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 15 जून से 21 जून तक महाकुम्भ-योग उत्सव के रूप में मनाते हुए अधिक से अधिक जनसामान्य को योग के प्रेरित करने उद्देश्य से जिले में योग सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। जिसके द्वितीय दिवस में 19 ग्रामों में योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
           इस अवसर पर जनपद पंचायत जशपुर अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला कदमटोली एवं शासकीय माध्यमिक शाला लोदाम, जनपद पंचायत मनोरा के शासकीय प्राथमिक शाला सराईडीह एवं शासकीय प्राथमिक शाला सोनक्यारी, जनपद पंचायत बगीचा के शासकीय प्राथमिक शाला रेंगले, शासकीय प्राथमिक शाला पोस्कट, शासकीय हाई स्कूल चम्पा, शासकीय प्राथमिक शाला सराईपानी, जनपद पंचायत कांसाबेल शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बटईकेला एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छेराघोघरा, जनपद पंचायत कुनकुरी के शासकीय प्राथमिक शाला गोरिया एवं शासकीय प्राथमिक शाला केराडीह, जनपद पंचायत दुलदुला के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चराईडांड, जनपद पंचायत फरसाबहार के ग्राम  शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सिंगीबहार एवं शासकीय हाई स्कूल गंझियाडीह, जनपद पंचायत पत्थलगांव के सरस्वती शिशु मंदिर लुड़ेग, शासकीय प्राथमिक शाला सुखरापारा, शासकीय प्राथमिक शाला मयूरनाचा, शासकीय बालक माध्यमिक शाला सुरंगपानी में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों, शिक्षकों, शासकीय अधिकारी- कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बढ़चढ़ कर योगाभ्यास में भाग लिया। योग प्रशिक्षकों द्वारा शशकासन, शलभासन, उत्तानपादासन, उष्ट्रासन, वृक्षासन, ताड़ासन, त्रिकोणासन, वक्रासन, भुजंगासन, पद्मासन, पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायामों का अभ्यास कराया गया और योग से होने वाले लाभों की जानकारी दी गयी। 
        उल्लेखनीय है कि इस योग सप्ताह के अंतर्गत 21 जून को जशपुरनगर के रणजीता स्टेडियम में अंतराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय भी जनप्रतिनिधियों एवं आम जनों के साथ योगाभ्यास कार्यक्रम में भाग लेंगे।

और भी