ताजा खबरें


बड़ी खबर

बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत लिंग आधारित हिंसा समाप्ति के लिए छात्राओं को कानूनी अधिकार, हेल्पलाइन व सुरक्षा उपायों की दी गई जानकारी

जशपुरनगर 08 दिसंबर 2025/ जिले में 25 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक चल रहे लिंग आधारित हिंसा उन्मूलन जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संकल्प स्कूल जशपुर में ‘‘बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ’’ योजना के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम नवा बिहान, सखी वन स्टॉप सेंटर तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत छात्राओं को लिंग आधारित हिंसा के बढ़ते स्वरूप, घरेलू हिंसा, साइबर प्रताड़ना, स्टॉकिंग, मानसिक उत्पीड़न, शारीरिक हिंसा एवं विद्यालय/सामाजिक परिवेश में घटित होने वाली संवेदनशील घटनाओं के उदाहरणों के माध्यम से जागरूक करने से हुई। विशेषज्ञों ने बताया कि कैसे ऐसी घटनाओं को पहचानें, किस तरह तुरंत सहायता प्राप्त करें और कौन-कौन से प्लेटफॉर्म पर शिकायत दर्ज की जा सकती है। छात्राओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन शिकायत पंजीकरण प्रक्रिया का प्रदर्शन कर विस्तार से समझाया गया। इसमें थाना, महिला डेस्क, सखी वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर शिकायत पोर्टल के उपयोग से लेकर ई - एफआईआर, नागरिक सुविधा पोर्टल, तथा महिला सुरक्षा ऐप जैसी सुविधाओं की भी जानकारी दी गई। उक्त जागरूकता कार्यक्रम में नवा बिहान से संरक्षण अधिकारी, सखी वन स्टॉप सेंटर की काउंसलर, सहयोगी कर्मचारी, शिक्षण स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को न केवल जानकारी देना, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग, आत्मविश्वासी और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना रहा।

      कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञ वक्ताओं ने हिंसा के प्रकार, कारण, पहचान के संकेत और उसके निराकरण पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने छात्राओं को बताया कि हिंसा की किसी भी स्थिति में महिला को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने हेतु वन स्टॉप सेंटर किस प्रकार कानूनी सहायता, चिकित्सीय सुविधा, काउंसलिंग एवं सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराता है। साथ ही पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह निषेध कानून, साइबर सुरक्षा नियम, तथा महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों के प्रावधानों को भी सरल भाषा में समझाया गया।
प्रतिभागियों को प्रिंटेड सूचना सामग्री व हेल्पलाइन विवरण भी वितरित किए गए, ताकि वे अपने परिवार व समुदाय में इन जानकारियों का प्रसार कर सकें। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए विशेषज्ञों ने उन्हें स्व-सम्मान, कानूनी अधिकारों और सुरक्षित वातावरण के महत्व पर प्रेरित किया।

और भी

जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई : कांसाबेल क्षेत्र में तीन स्थानों से कुल 1,480 क्विंटल अवैध धान जप्त

जशपुरनगर 08 दिसंबर 2025/ जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान भंडारण, अवैध परिवहन तथा कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजस्व एवं खाद्य विभाग ने तहसील कांसाबेल क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 1,480 क्विंटल (3,700 बोरी) अवैध धान जप्त कर प्रशासनिक कब्जे में लिया गया।
पहली कार्रवाई में ग्राम नारियलडांड में लालचंद के मकान में पंकज पैकरा द्वारा अवैध रूप से संचित 300 बोरी (120 क्विंटल) धान जप्त किया गया। धान की गिनती एवं सत्यापन के बाद इसे नियमानुसार आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चेटबा के सुपुर्द किया गया। दूसरी कार्रवाई में ग्राम चेटबा में राजस्व विभाग की टीम ने शेष कुमार साहू के फार्म हाउस में अवैध रूप से रखे गए 400 बोरी (160 क्विंटल) धान को जप्त किया। उक्त धान को भी नियमों के अनुसार सहकारी समिति चेटबा के सुपुर्द किया गया। तीसरी और सबसे बड़ी कार्रवाई में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम चेटबा में ही कृषक लकेश्वर साय के घर पर दबिश दी, जहाँ से लगभग 1000 बोरी (400 क्विंटल) अवैध धान बरामद किया गया। मौके पर धान की गिनती कर पंचनामा तैयार किया गया तथा संपूर्ण धान को सहकारी समिति चेटबा को सुपुर्द कर दिया गया।

       अधिकारियों ने बताया कि जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की पारदर्शिता एवं किसान हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी अभियान चला रहा है। धान का अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए राजस्व, खाद्य, पुलिस, सहकारिता और मार्कफेड विभाग की संयुक्त टीमें मैदानी स्तर पर सघन निरीक्षण कर रही हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की हानि न हो तथा उपार्जन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।

और भी

प्रदेश में गाइडलाइन दरों एवं उपबंधों के पुनरीक्षण पर केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड के महत्वपूर्ण निर्णय

रायपुर, 08 दिसंबर 2025/प्रदेश में गाइडलाइन दरों के पुनरीक्षण के संबंध में प्राप्त सुझावों, ज्ञापनों और प्रस्तावों पर व्यापक परीक्षण करने के बाद केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के नगरीय विकास, रियल एस्टेट सेक्टर और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि नगरीय क्षेत्रों में 1400 वर्ग मीटर तक के भूखंडों की इंक्रीमेंटल आधार पर गणना की वर्तमान प्रणाली को समाप्त कर दिया जाए। अब पुनः पूर्व प्रचलित उपबंध लागू होंगे, जिसके तहत नगर निगम क्षेत्र में 50 डेसिमल, नगर पालिका में 37.5 डेसिमल और नगर पंचायत में 25 डेसिमल तक स्लैब दर से मूल्यांकन किया जाएगा। इस बदलाव से मूल्यांकन प्रक्रिया सरल होने के साथ ही पारदर्शिता भी बढ़ेगी।

बहुमंजिला भवनों में फ्लैट, दुकान एवं कार्यालय के अंतरण पर सुपर बिल्ट-अप एरिया के आधार पर बाजार मूल्य की गणना का प्रावधान भी हटा दिया गया है। अब मूल्यांकन बिल्ट-अप एरिया के आधार पर किया जाएगा। यह प्रावधान मध्यप्रदेश शासन के समय से लागू था, जिसे बदलने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। नए प्रावधान से वर्टिकल डेवलपमेंट को गति मिलेगी और शहरी भूमि का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होगा।

केंद्रीय बोर्ड ने बहुमंजिला भवनों एवं कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के लिए मूल्यांकन में छूट के नए प्रावधान भी लागू किए हैं। अब बेसमेंट और प्रथम तल पर 10 प्रतिशत तथा द्वितीय तल एवं उससे ऊपर के तल पर 20 प्रतिशत की कमी के साथ मूल्यांकन किया जाएगा। इस निर्णय से मध्यम वर्ग को किफायती दरों पर फ्लैट और व्यावसायिक स्थान मिलने में मदद मिलेगी।

कमर्शियल कॉम्प्लेक्सों में 20 मीटर से अधिक दूरी पर स्थित संपत्तियों के लिए 25 प्रतिशत कमी के साथ भूखंड की दरों का मूल्यांकन किया जाएगा। 20 मीटर की दूरी का आकलन मुख्य मार्ग की ओर से निर्मित हिस्से से किया जाएगा, जिससे वास्तविक स्थिति के आधार पर अधिक न्यायसंगत मूल्यांकन संभव होगा।

केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड ने जिला मूल्यांकन समितियों को यह भी निर्देशित किया है कि हाल ही में दरों में वृद्धि के बाद प्राप्त आपत्तियों, ज्ञापनों और सुझावों का परीक्षण कर 31 दिसंबर तक गाइडलाइन दरों में पुनरीक्षण के प्रस्ताव भेजें। इन प्रस्तावों का विश्लेषण कर बोर्ड आगामी गाइडलाइन दरों पर अंतिम निर्णय लेगा।

इन सभी निर्णयों को तत्काल प्रभाव से लागू घोषित किया गया है, जिससे राज्य में रियल एस्टेट सेक्टर में स्थिरता, पारदर्शिता और किफायती आवास उपलब्ध कराने के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी।

और भी

मटासी के पीडीएस राशन दुकान से 60 बोरी चावल 6 बोरी शक्कर ले उड़े चोर

मटासी का चावल गोदाम

मटासी पंचयात भवन का कमरा जंहा शक्कर रखा हुआ था

नारायणपुर : सरकारी उचित मूल्य की दुकान में चोरों ने धावा बोलकर तकरीबन 70 से 80 बोरी चावल 6 बोरी शक्कर  राशन पर हाथ साफ कर दिया। सरपंच अर्जुन लकड़ा द्वारा ने पुलिस थाना पहुंचकर रिपोर्ट लिखाई जा रही है।  

    उक्त चोरी की वारदात नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मटासी की है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नारायणपुर थानांतर्गत ग्राम मटासी की सरपंच  ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके गांव के पीडीएस दुकान मेंं  एक माह के राशन में चावल,  शक्कर का आबंटन किया किया गया है।प्रार्थी सरपंच अर्जुन ने शिकायत दर्ज करते हुए बताया कि वह खाद्य सामग्री विक्रेता भी है। 8 दिसम्बर की रात शासकीय उचित मूल्य की दुकान मटासी के गेट का ताला तोडकर अंदर घुसकर चोरों ने 60 से 70 बोरी चावल एवं 6 बोरी शक्कर  सामान की चोरी कर ली। 

  ज्ञात हो कि आज  हितग्राहीयों को राशन बांटने थे जिनका राशन सामग्री पंचायत भवन में रखा गया है। जब सुबह हितग्राही चावल लेने पहुंचे सरपंच के पहुचने पर देखा कि पंचयात भवन का ग्रिल गेट का ताला टूटा हुआ मिला अंदर जा कर देखा तो 60 से 70 बोरी चावल गायब दिखा। बगल कमरा का भी ताला टूटा मिला जंहा से शक्कर की बोरी भी गायब मिली। आज रविवार व सोमवार की दरम्यानी रात को किसी अज्ञात चोरों ने गोदाम का ताला तोड़ कर उसमें रखे 60 बोरी चावल,  6 बोरी शक्कर को पार कर दिया। चावल लेने आये हितग्राहियों ने परिसर में वाहन का चक्का के निशान को दिखाते हुए बताया कि वाहन से चोरी हुई होगी। 
पुलिस ने सरपंच की लिखित शिकायत पर अज्ञात चोर के विरूद्ध मामला संज्ञान में लेते हुए  आगे की कार्यवाही में जुटी।

और भी

कुनकुरी नगर को मिला सेहत का बड़ा तोहफ़ा, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नेचुरोपैथी भवन निर्माण के लिए दी 2 करोड़ 62 लाख रूपये की सौगात....

जशपुरनगर। कुनकुरी नगर की स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने नेचुरोपैथी भवन निर्माण के लिए 2 करोड़ 62 लाख रुपए की मंजूरी प्रदान की है। निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। भवन तैयार हो जाने के बाद कुनकुरी नगरवासियों को प्राकृतिक चिकित्सा की अत्याधुनिक सुविधा अपने ही नगर में उपलब्ध होगी।यह भवन न सिर्फ लोगों को आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की ओर प्रोत्साहित करेगा, बल्कि ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को उपचार के लिए बड़ी राहत भी देगा। अब बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर दराज जाने की आवश्यकता नहीं होगी।नगरवासियों ने इस दूरदर्शी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति गहरा आभार जताते हुए कहा कि यह सुविधा स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक नई दिशा और नई उम्मीद लेकर आएगी।


स्वास्थय के क्षेत्र में नई ऊंचाई को छूता जशपुर 

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई सौगातें मिल चुकी है, मेडिकल कॉलेज के लिए बड़ा कदम 359 करोड़ की वित्त विभाग से सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है,220 विस्तर अस्पताल के लिए 32 करोड़ की मंजूरी, नर्सिंग महाविद्यालय भवन के 8 करोड़ की मंजूरी, फिजियोथेरेपी महाविद्यालय के 14 करोड़ की मंजूरी,कल्याण आश्रम अत्याधुनिक चिकित्सालय भवन के लिए 35 करोड़ की मंजूरी,ग़िनाबहर में मातृत्व शिशु चिकित्सालय भवन निर्माण के 8 करोड़ की मंजूरी, कोतबा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के 4 करोड़ की मंजूरी सहित कई सौगातें जिले वासियों को स्वास्थ्य सुविधाएं के लिए वरदान साबित होंगी।

और भी

मार्कफेड ने जारी किए 1 नवंबर से 06 दिसम्बर तक के आंकड़े,छत्तीसगढ़ में अवैध भण्डारण, परिवहन एवं बेचते हुए लगभग 1 लाख 52 हजार क्विंटल धान जब्त

रायपुर, 7 दिसम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारम्भ होने के पूर्व से ही प्रदेश में अवैध धान के भण्डारण एवं परिवहन से आने वाले धान की कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पिछले एक नवंबर से 6 दिसम्बर तक प्रदेश के विभिन्न जिलों से एक लाख  51 हजार 809 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इस बार मार्कफेड द्वारा राज्य में अवैध परिवहन के जरिए अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ आने वाले धान को रोकने के लिए राज्य के सीमावर्ती जिलों में चेकपोस्ट और कलेक्टर की अध्यक्षता में टॉस्कफोर्स भी बनाए गए हैं। इसके साथ ही मार्कफेड में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था की सतत् निगरानी की जा रही है। 

मार्कफेड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले एक नवंबर से 6 दिसम्बर के अवधि में मण्डी अंिधनियम 1972 के तहत  सीमावर्ती विभिन्न जिलों से छत्तीसगढ़ राज्य में अवैध परिवहन के माध्यम से आने वाले धान पर कार्यवाही की जा रही है। इनमें सर्वाधिक महासमुंद जिले में 25,718 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इसी प्रकार धमतरी में 23,859 क्विंटल रायगढ़ जिले में 21,331 क्विंटल, राजनांदगांव 14,977 क्विंटल, बलरामपुर जिले में 9771 क्विंटल, बेमेतरा में 6490 क्विंटल, कवर्धा में 5734 क्विंटल, बालोद में 4595 क्विंटल, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 3770 क्विंटल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 2868 क्विंटल, जशपुर जिले में 2771 क्विंटल, सूरजपुर जिले में 2650 क्विंटल, दुर्ग में 2350 क्विंटल, जांजगीर-चांपा में 2014 क्विंटल, बलौदाबाजार में 1855 क्विंटल, बीजापुर जिले में 1842 क्ंिवटल, रायपुर में 1679 क्विंटल, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 1583 क्विंटल, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1500 क्विंटल, बस्तर जिले में 1560 क्विंटल, मोहला-मानपुर-चौकी में 1402 क्विंटल, गरियाबंद में 1393 क्विंटल, कोरबा में 1346 क्विंटल, सरगुजा में 1282 क्विंटल, कोरिया में 1237 क्विंटल, सक्ती में 1201 क्विंटल, कोण्डागांव जिले में 1148 क्विंटल, बिलासपुर में 1060 क्विंटल, कांकेर जिले में 1012 क्ंिवटल, मुंगेली में 917 क्विंटल, दंतेवाड़ा में 445 क्विंटल, नारायणपुर में 323 क्विंटल, सुकमा में 216 क्विंटल धान जब्त किए गए हैं। 

उल्लेखनीय है कि सीमावर्ती जिलों में निगरानी बढ़ाए जाने और त्वरित अलर्ट-रिस्पॉन्स सिस्टम की बदौलत अन्य राज्यों से धान की अवैध आमद को रोकने में प्रभावी सफलता मिल रही है।शासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता और अवैध गतिविधि को हर स्तर पर जीरो टॉलरेंस के साथ रोका जाएगा।खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मार्कफेड द्वारा धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए एकीकृत कंट्रोल सेंटर के माध्यम से रियल-टाइम निगरानी की जा रही है। साथ ही अवैध परिवहन के माध्यम से राज्य में आने वाले धान को रोकने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा सतत् निगरानी रखी जा रही है।

और भी

प्रदेश में धान खरीदी का महाअभियान तेजी के साथ जारी,टोकन तुंहर एप्प‘ से किसानों को मिल रही है सहुलियत

रायपुर, 07 दिसंबर 2025/राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला तेजी के साथ जारी हैं। पिछले माह के 14 नवंबर से शुरू हुए धान खरीदी महाअभियान में पांच दिसम्बर को सवेरे 10 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार 22 लाख 39 हजार 433 लाख मीट्रिक टन से  अधिक की धान की खरीदी हो चुकी है। अब तक 4 लाख 39 हजार 511 पंजीकृत किसानों ने धान बेचा है। धान खरीदी के एवज में किसानों को बैंक लिंकिंग व्यवस्था के तहत भुगतान हेतु मार्कफेड द्वारा 5277 करोड़ रूपए जारी किए गए है। चालू खरीफ सीजन के लिए इस वर्ष 27 लाख 30 हजार 96 किसानों ने पंजीयन कराया है, जिसमें 31 लाख 51 हजार 771 हेक्टेयर रकबा शामिल है। 

राज्य में सभी जिलों में धान खरीदी जारी है। धान खरीदी से अब तक  महासमुंद जिला सर्वाधिक 15 लाख 19 हजार 650 क्विंटल धान खरीदकर पहले पायदान पर है। वहीं गरियाबंद जिले 6 लाख 73 हजार 495 क्विंटल धान खरीदकार दूसरे नम्बर पर है। इसी तरह बिलासपुर जिले 6 लाख 73 हजार 65 क्विंटल धान खरीदकर तीसरे स्थान हासिल की है। हांलाकि कांकेर जिला 6 लाख 15 हजार 431 क्विंटल धान खरीदी कर चौथे पायदान पर बने हुए है। पांच लाख क्विंटल से अधिक धान खरीदी वाले जिले में धमतरी और मुंगेली जिले शामिल हैं, वहीं  चार लाख क्विंटल से अधिक खरीदी वाले जिले सूरजपुर, बलौदाबाजार-भाटापारा, बेमेंतरा, बालोद और कोण्डागांव शामिल हैं।  किसानों को अब तक 8 लाख 97 हजार 779 टोकन जारी किए गए हैं। वहीं आगामी दिवस 8 दिसम्बर को धान खरीदी के लिए किसानों को 50 हजार 234 टोकन जारी हुए हैं।  इस वर्ष शुरू किए गऐ टोकन तुहर एप्प ऑनलाईन व्यवस्था से किसानों को काफी सहुलियत मिल रही है। किसान समितियों द्वारा की जा रही सभी आवश्यक व्यवस्थाओं से संतुष्ट हैं। राज्य शासन गठित राज्य और जिला स्तरीय दलों द्वारा प्रदेश सहित राज्य के सीमावर्ती इलाकों में अवैध धान परिवहन, भंडारण तथा विक्रय पर कड़ी निगरानी की जा रही है। 

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार धान खरीदी के साथ-साथ किसानों को समर्थन मूल्य का भुगतान भी शुरू कर दिया गया है। राज्य के किसानों से क्रय किए गए धान के मूल्य भुगतान के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने मार्कफेड को 26,200 करोड़ रूपए की बैंक गांरटी पहले से दे रखी है। किसानों को धान बेचने में किसी भी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए सभी केन्द्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई है। धान खरीदी की व्यवस्था पर निगरानी के लिए सभी केन्द्रों में अधिकारी तैनात किए गए हैं। राज्य स्तर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और जिला स्तर के अधिकारी लगातार दौरा कर धान खरीदी एवं केन्द्रों की व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। 

राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी न होने पाए इसको लेकर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। बाहर से धान की आवक की रोकथाम के लिए चेकपोस्ट पर अधिकारी तैनात किए गए हैं। जगह-जगह मॉलवाहकों की औचक जांच भी की जा रही है। 

किसानों का मानना है कि धान खरीदी के लिए राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई टोकन तुंहर एप्प की ऑनलाईन व्यवस्था से टोकन प्राप्त करने और धान बेचने में सहुलियत हो रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व और किसान हितैषी नीतियों के चलते किसानों को जहां उनकी मेहनत का वाजिम दाम मिला हैं, वहीं किसानों का सम्मान भी बढ़ा है। बता दें कि सरकार अपने घोषणा के अनुरूप प्रति एकड़ 21 क्विंटल समर्थन मूल्य एवं कृषि उन्नति योजना के तहत 31 सौ रूपए प्रति क्विंटल की भाव से धान खरीदी कर रही है।

और भी

हर क्षेत्र में सफलता का पहला कदम शिक्षा ही है : सीएम श्री साय,नव-मुख्यमंत्री ने निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और दी उन्हें शुभकामनाएँ 

रायपुर, 07 दिसंबर 2025/सामाजिक विकास का वास्तविक आधार शिक्षा है। चाहे जीवन जीने की कला हो, व्यापार हो, कृषि हो या कोई अन्य क्षेत्र — हर क्षेत्र में सफलता का पहला कदम शिक्षा ही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्व रविदास समाज के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री श्री साय ने मंच पर सभी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उन्हें शुभकामनाएँ दीं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रारंभ से ही शिक्षा के स्तर को उन्नत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। राज्य गठन के समय जहाँ मात्र एक मेडिकल कॉलेज था, वहीं आज प्रदेश में लगभग 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। इसी प्रकार, छत्तीसगढ़ में आईआईटी, ट्रिपल-आईटी, आईआईएम, लॉ यूनिवर्सिटी, एम्स, सिपेट जैसे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना से स्थानीय युवाओं को बड़े अवसर प्राप्त हुए हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि समाज को मजबूत और संगठित होना समय की आवश्यकता है, क्योंकि संगठित समाज ही राष्ट्र निर्माण में निर्णायक भूमिका निभाता है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मूलमंत्र — “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” — का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्हीं मार्गदर्शक सिद्धांतों के अनुसार राज्य सरकार 23 महीनों से सभी वर्गों के हित में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हाल के महीनों में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं जिसमें अन्नदाताओं के लिए कृषक उन्नति योजना, प्रत्येक परिवार को पक्का मकान देने हेतु प्रधानमंत्री आवास योजना, माताओं और बहनों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाली महतारी वंदन योजना, दूरस्थ अंचलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु शिक्षक युक्तियुक्तकरण जैसे कदम शामिल हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अब तक विभिन्न विभागों में 10 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं पूर्ण निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई हैं, जिससे युवाओं में नया विश्वास उत्पन्न हुआ है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने नई उद्योग नीति लागू की है, जिससे स्थानीय लोगों को अधिक अवसर, रोज़गार और स्वरोजगार प्राप्त हो सकेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने समाज के लोगों से आग्रह किया कि वे अधिकाधिक संख्या में शासन की योजनाओं का लाभ लेकर अपने जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएँ।

कार्यक्रम को छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री ध्रुव कुमार मिर्धा ने भी संबोधित किया और नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।

इस अवसर पर सर्व रविदास समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष श्री विजय मेहरा, रायपुर संभाग आयुक्त श्री महादेव कांवरे, श्री दिलीप वासनीकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

और भी

सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर मुख्यमंत्री ने सैनिकों एवं शहीद परिवारों के कल्याण हेतु किया अंशदान

*

रायपुर 7 दिसंबर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य सैनिक कल्याण बोर्ड के सचिव ब्रिगेडियर विवेक शर्मा ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय को सशस्त्र सेना झंडा दिवस के प्रतीक स्वरूप सम्मान बैज लगाया तथा संचालनालय सैनिक कल्याण द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियों एवं योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि “सशस्त्र सेना झंडा दिवस हमारे वीर सैनिकों और उनके परिवारों के त्याग, साहस और राष्ट्रसमर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। देश की सुरक्षा में निरंतर तैनात हमारे जवानों का योगदान अतुलनीय है।” उन्होंने आगे कहा कि इस दिवस का संदेश है कि राष्ट्र की रक्षा में लगे हमारे जवानों और शहीद परिवारों के प्रति हम सभी अपनी जिम्मेदारी समझें और उनके कल्याण हेतु सहयोग की भावना से आगे आएं।

मुख्यमंत्री ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर सैनिकों एवं उनके परिवारों के कल्याण हेतु अपनी ओर से अंशदान भी प्रदान किया। 

इस अवसर पर सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते तथा पद्मश्री उषा बारले भी उपस्थित थीं।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से कुंभकार समाज के प्रतिनिधि मंडल की सौजन्य मुलाकात

रायपुर, 7 दिसंबर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से विगत दिवस राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ कुंभकार समाज के प्रतिनिधि मंडल ने सौजन्य भेंट की। प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री श्री साय को आगामी जनवरी 2025 में रायपुर जिले के ग्राम नवागांव (कोलियारी) में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय महाधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आमंत्रण के लिए समाज के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का धन्यवाद किया तथा आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि कुंभकार समाज की पारंपरिक कला, श्रमशीलता और सांस्कृतिक योगदान छत्तीसगढ़ की सामाजिक संरचना को समृद्ध बनाते हैं। राज्य सरकार सभी समाजों के विकास और सहभागिता के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

प्रतिनिधि मंडल में समाज के सलाहकार श्री रतन लाल चक्रधारी, श्री बी.पी. चक्रधर, प्रदेश अध्यक्ष श्री नंद कुमार चक्रधारी, महामंत्री श्री हेमलाल कौशिक, कोषाध्यक्ष श्री जयप्रकाश कुंभकार, श्री दौवा राम चक्रधारी सहित अन्य वरिष्ठ सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

और भी

विकासखंड स्तरीय शालेय शतरंज प्रतियोगिता, सांसद खेल महोत्सव एवं युवा उत्सव 2025 के कार्यक्रम संपन्न


     
मनोरा 07 सिसम्बर 25
जिला कलेक्टर जशपुर श्री रोहित व्यास के विशेष पहल एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार खेल एवं युवा कल्याण व शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयास से  क्रमशः विकास खंड स्तरीय शालेय शतरंज प्रतियोगिता, सांसद खेल महोत्सव एवं युवा उत्सव 2025 का आयोजन स्वामी आत्मानंद विधालय मनोरा के प्रांगण-मैदान में दिनाँक 06 दिसम्बर 2025 को जशपुर विधायक माननीया श्रीमती रायमुनि भगत के मुख्य आतिथ्य में विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनोरा तरुण कुमार पटेल एवं रघुनाथ राम मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।
      इस अवसर पर शांति भगत जिला पंचायत सदस्य जशपुर हैप्पी कमल कुजूर जनपद उपाध्यक्ष मनोरा सुषमा सिंह पूर्व जनपद सदस्य मनोरा- जगपति भगत, रंजीत भगत, शोषण टोप्पो, कांता भगत, प्रभाकर यादव मंडल अध्यक्ष, रामदास यादव मंडल महामंत्री, यदुनंदन नायक मंडल उपाध्यक्ष, आशुतोष राय, हदीश अंसारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। तदुपरांत विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा स्वागत उदबोधन व शतरंज, युवा उत्सव एवं सांसद खेल महोत्सव कार्यक्रम की पृष्टभूमि पर प्रकाश डाला गया। सभा को संबोधित करते हुए श्रीमती शांति भगत ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा आज इस खेल मैदान में आपको खेलता देख मुझे बहुत अच्छा लगा मैं भी आपकी उम्र में इसी मैदान में खेला करती थी आप सभी को शुभकामनाएं हैं आप जिला में भी अच्छा प्रदर्शन करें अच्छा खेलें अच्छा पढ़ें और अच्छे नागरिक बनकर देश की सेवा करें।
         जशपुर विधायक माननीय रायमुनी भगत ने बच्चों को प्रेरित करते हुए नंबर वन बनने की सलाह दी बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि अन्य महान लोगों की तरह हम भी महान बन सकते हैं क्योंकि सबकी तरह हमारे भी हाथ पांव नाक कान हैं हमें अच्छी सोच के साथ अच्छे कार्य करना है आगे बढ़ना है और देश को आगे बढ़ाना है माननीय विधायक में अपने समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की जानकारी बच्चों को गीत के माध्यम से बतायी तो बच्चे झूम उठे इनके गीत पर बच्चियों नें मांदर बजाया और विधायक मैडम के साथ नृत्य भी किये।
*विकासखंड स्तरीय स्तरीय शालेय शतरंज प्रतियोगिता*:- विद्यालय स्तर से चयनित 18 प्रतिभागियों का 04 राउंड में प्रतियोगिता हुई जिसमें से विजेता- उपविजेता व चयनित 08 प्रतिभागियों को ट्राफी एवं प्रमाण पत्र देकर समानित किया गया। शतरंज प्रतियोगिता अंतर्गत राजवर्धन पीएमश्री सेजेस मनोरा ने विजेता और मनीष राम हाई स्कूल शैला से उपविजेता रहे।
  *विकासखण्ड स्तरीय सांसद खेल महोत्सव 2025* 
प्रतियोगिता में बालक बालिका 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, गेदी दौड़, फुगड़ी नाच,, वॉलीबॉल,कबड्डी, खो-खो  रस्साकस्सी प्रतियोगिता ने 310 प्रतिभागियों ने हिस्सेदारी सुनिश्चित की जिसमे से सभी खेल विधा से प्रथम एवं द्वितीय चयनित प्रतिभागियों को पुरस्कृत किये गये।
 *युवा उत्सव कार्यक्रम*
 कार्यक्रम अंतर्गत सामुहिक लोक नृत्य-गीत, व्यक्तिगत लोक  नृत्य-गीत, कहानी, कविता, चित्रकला प्रतियोगिता विज्ञान मेला, हस्तशिल्प, कृषि उत्पाद पर स्टाल के माध्यम से प्रतियोगिता आयोजित हुई जिसके अंतर्गत 186 प्रतिभागियों ने हिस्सदारी सुनिश्चित की एवं विधा अनुसार प्रथम एवं द्वितीय चयनित प्रतिभागियों को मुख्य अथिति के कर कमलों से पुरस्कृत किये गये।
कार्यक्रम को सुव्यवस्थित संचालित करने में एबीईओ जगतपाल,बी.आर.सी.सी आशुतोष शर्मा, कार्यक्रम कवरेज प्रभारी प्रवीण पाठक, मंडल संयोजक श्री मनोज सिंह ,अधीक्षक विनोद भगत, उल्लास प्रभारी विपिन विकास खरे, संशोधन मिंज  प्राचार्य आत्मानंद विद्यालय मनोरा, कविता-कहानी लेखन-पेंटिंग प्रभारी किशोर यादव, मंच/पुरुस्कार व्यवस्था प्रभारी श्री प्रेमलाल बर्मन, श्री महेंद्र नाथ सिंह, अजीत सिदार पी.टी.आई.-सुमन एक्का, प्रतिमा खेस, राजेश मिंज एवं खेलकूद सम्पन्न कराने में ड्यूटी में संलग्न सभी कर्मचारी एवं विशष रुप से सभी संकुल प्राचार्य एवं संकुल समन्वयकों का योगदान सराहनीय रहा तथा कायालयीन समस्त स्टाफ का विशेष सहयोग मिला।

और भी

जशपुर में विकासखंड स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता मुख्य अतिथि, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत की उपस्थिति में हुआ शुभारंभ


जशपुर 07 दिसम्बर 25

कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक कुमार के निर्देश पर शतरंज को बढ़ावा देने हेतु प्रारंभ किए गए “चेकमेट एट जशपुर” कार्यक्रम के अंतर्गत आज जशपुर में विकासखण्ड स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद अध्यक्ष गंगाराम भगत, जशपुर मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय सहाय उपस्थित रहे। जशपुर विकासखण्ड के 18 स्कूलों के 36 खिलाड़ियों के बीच पाँच राउंड की प्रतिस्पर्धा के पश्चात घोषित परिणामों में सावन कुमार केंद्रीय विद्यालय जशपुर ने प्रथम स्थान, रॉलेन रफेल लकड़ा सेंट जोसेफ्स हायर सेकेंडरी शांति भवन जशपुर ने द्वितीय स्थान, पार्थ प्रधान स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उ.मा.वि. नवीन आदर्श जशपुर ने तृतीय स्थान, आयुष कुमार साहू शासकीय उ.मा.वि. लोदाम ने चतुर्थ स्थान, अंकित कुमार यादव शासकीय उ.मा.वि. गम्हरिया ने पांचवा स्थान, मिथलेश यादव स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय जशपुर ने छठवां स्थान, गौरव सरस्वती शिशु मंदिर जशपुर ने सातवां तथा संदीप राम कल्याण आश्रम उ.मा.वि. जशपुर ने आठवां स्थान प्राप्त किया। 

ये शीर्ष 8 खिलाड़ी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में जशपुर विकासखण्ड का प्रतिनिधित्व करेंगे, जो पत्थलगांव में आयोजित होगी। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती कल्पना टोप्पो, एबीईओ टुमनू गोसाईं सहित व्यायाम शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

और भी

वीर शहीदों की स्मृति में तथा सेवारत और भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान में मनाया गया सशस्त्र सेना झंडा दिवस

रायगढ़, 7 दिसम्बर 2025/  मातृभूमि की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की स्मृति में तथा सेवारत और भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान में आज जिले में सशस्त्र सेना झंडा दिवस गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कलेक्टोरेट परिसर स्थित सृजन सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीएम श्री अपूर्व टोप्पो ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ के अमर शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने सैनिकों के अद्वितीय योगदान और उनके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सेना परिवार से जुड़ाव गर्व का विषय है। उन्होंने सैनिकों के सर्वांगीण सहयोग का आश्वासन देते हुए नागरिकों से उनका सम्मान बनाए रखने का आग्रह किया। 
     एनसीसी कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण तेवतिया ने सैनिकों के बलिदान को याद करते हुए समाज के सभी वर्गों से उनके प्रति सम्मान और सहयोग की भावना बनाए रखने की अपील की। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर हरीशचंद्र तिवारी ने झंडा दिवस का इतिहास और महत्व विस्तार से बताया। उन्होंने लोगों से उदारतापूर्वक दान कर सैनिकों के योगदान को सम्मानित करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर रायगढ़ के हॉनरी सूबेदार मेजर सुखू राम बारबा (विशिष्ट सेवा पदक) को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के पश्चात जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, भूतपूर्व सैनिकों और एनसीसी कैडेट्स के साथ गांधी चौक में जनसहभागिता अभियान आयोजित किया गया। इसमें नागरिकों को झंडा दिवस अभियान में भाग लेकर सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
      गौरतलब है कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर टोकन झंडा वितरण द्वारा एकत्रित दान राशि वीर शहीदों, भूतपूर्व और सेवा निवृत्त सैनिकों के कल्याण हेतु विभिन्न योजनाओं में उपयोग की जाती है। जिले के सभी शासकीय कार्यालय, उद्योग-धंधे, विद्यालय, महाविद्यालय और निजी संस्थान झंडा वितरण कर सहयोग के लिए आमंत्रित किए गए हैं। कार्यक्रम में एनसीसी कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण तेवतिया, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर हरीशचंद्र तिवारी, मुख्य महाप्रबंधक उद्योग श्रीमती अंजू नायक, उपायुक्त नगर निगम, जिला कोषालय अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़, भूतपूर्व सैनिक और एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।

और भी

रायगढ़ जिले  में रकबा समर्पण बना धान खरीदी व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत ,अब तक 184.1415 हैक्टेयर रकबा समर्पित

रायगढ़, 7 नवंबर 2025। खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 में रायगढ़ जिले में राज्य शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी एक महापर्व के रूप में नजर आने लगी है। जिले के किसानों में इस वर्ष धान विक्रय को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। किसानों को उनके वास्तविक धान उपज की खरीदी में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने संपूर्ण प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू और किसान हितैषी बनाया है। जिले के सभी 105 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी व्यवस्थित रूप से जारी है।

धान खरीदी व्यवस्था की निगरानी स्वयं कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी द्वारा की जा रही है । वे लगातार उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि तौल प्रक्रिया पारदर्शी रहे, किसानों को प्रतीक्षा न करनी पड़े, टोकन प्रणाली सुचारू चले, और केंद्रों में बोरे, तौल मशीनें, छाया, पानी आदि की समुचित व्यवस्था उपलब्ध रहे।
कलेक्टर द्वारा धान के अवैध परिवहन, भंडारण और बिचौलियों द्वारा अमानक धान बेचने जैसी गतिविधियों पर कड़ाई से निगरानी रखी जा रही है। वे प्रतिदिन खरीदी की समीक्षा कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दे रहे हैं कि खरीदी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
धान खरीदी के दौरान एक महत्वपूर्ण प्रवृत्ति इस वर्ष विशेष रूप से उभरकर सामने आई है। जिले के किसान स्वयं प्रेरित होकर अपना शेष रकबा समर्पित कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि राज्य शासन द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है तथा केंद्र सरकार के एमएसपी के अतिरिक्त राज्य शासन की कृषक उन्नति योजना के तहत दी जाने वाली अंतर राशि को मिलाकर प्रति क्विंटल 3,100 रुपए समर्थन मूल्य तय किया गया है।
किसानों ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि यदि वास्तविक उपज बेचने के बाद वे अपने शेष रकबे का समर्पण नहीं करेंगे, तो उनके खातों में उपलब्ध शेष स्थान का दुरुपयोग होने की आशंका बनी रहती है। इसलिए पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसान आगे आकर स्वयं अपना रकबा समर्पित कर रहे हैं।
धान खरीदी शुरू होने से लेकर अब तक जिले में पारदर्शिता की मिसाल पेश करते हुए रायगढ़ जिले में शुक्रवार की अद्यतन स्थिति के अनुसार कुल 184.1415 हैक्टेयर रकबा समर्पण दर्ज किया जा चुका है।
रकबा समर्पण की दृष्टि से रायगढ़ जिला प्रदेश के सर्वाधिक समर्पण करने वाले जिलों में शामिल हो चुका है।
 खाद्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक 
जिले में अब तक 3,457 सीमांत किसान, 1,987 लघु किसान और 1,737 बड़े किसान धान विक्रय कर चुके हैं। कुल मिलाकर 7,181 किसानों से 3,92,113.60 क्विंटल धान खरीदा जा चुका है। भुगतान की स्थिति भी संतोषजनक है। राज्य शासन द्वारा धान बेच चुके  किसानों को 9,204.90 लाख रुपए का भुगतान उनके खातों में अंतरित किया चुका है। इसके साथ ही सहकारी समितियों द्वारा 1,522.19 लाख रुपए की ऋण वसूली भी की गई है।

धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता लाने किसान के रहे रकबा समर्पण

रायगढ़ में इस वर्ष धान खरीदी महापर्व ने नई पहचान बनाई है। किसानों ने अपने वास्तविक उपज की खरीदी के बाद स्वयं आगे आकर 184.1415 हैक्टेयर रकबा का समर्पण किया है, जिससे खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता का स्तर और भी मजबूत हुआ है। जिले के 7,181 किसानों से अब तक 3.92 लाख क्विंटल से अधिक धान खरीदा जा चुका है। किसानों को 92.04 करोड़ रुपए का भुगतान तथा 1,522.19 लाख रुपए की ऋण वसूली की गई है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी की सतत मॉनिटरिंग और सख्त निर्देशों के चलते उपार्जन केंद्रों में व्यवस्था सुचारू, पारदर्शी बन रही है।

और भी

महिला स्व-सहायता समूहों को वन मण्डल जशपुर द्वारा जस्क्राफ्ट निर्माण हेतु 10 लाख की चक्रीय निधि प्रदान

जशपुरनगर, 07 दिसंबर 2025/ जशपुर वनमंडल द्वारा कोटानपानी जागृति, इस्माइल, राखी एवं जागरण स्वच्छता स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को जस्क्राफ्ट निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की चक्रीय निधि का चेक प्रदान किया गया। कोटानपानी की सरपंच ने कार्यक्रम में चारों समूहों को प्रतीकात्मक रूप से चेक प्रदान कर महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की इस महत्वपूर्ण पहल को आगे बढ़ाया। वन विभाग की यह पहल स्थानीय महिलाओं को जस्क्राफ्ट उत्पादन में कौशल विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में नई गति प्रदान करेगी।
    वनमण्डलाधिकारी श्री शशि कुमार ने बताया कि स्व-सहायता समूहों को सशक्त करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में जस्क्राफ्ट को विशिष्ट पहचान दिलाना और स्थानीय उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देना विभाग का प्रमुख लक्ष्य है। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद महिलाओं ने चक्रीय निधि उपलब्ध कराने के लिए वन विभाग के प्रति आभार प्रकट किया और जस्क्राफ्ट निर्माण में उत्कृष्ट प्रदर्शन का संकल्प भी लिया।

और भी

जिले के कृषि सखियों ने रांची में कृषि विज्ञान केंद्र का किया भ्रमण,उन्नत प्रशिक्षण से सीखे कौशल विकास के गुर

जशपुरनगर 07 दिसंबर 2025/ जिले की 45 कृषि सखियों का दल 5 दिसंबर 2025 को रामकृष्ण मिशन–कृषि विज्ञान केंद्र ‘दीपायन’ रांची पहुंचा। जहाँ उन्होंने विभिन्न आजीविका गतिविधियों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्राप्त किया। यह दल मनोरा विकासखंड से चयनित कृषि सखियों का था। जिनके लिए यह परिभ्रमण कार्यक्रम राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ जिला पंचायत जशपुर द्वारा आयोजित किया गया।

*उन्नत तकनीकों का अवलोकन* - 
कृषि सखियों ने दीपायन केंद्र में मुर्गी पालन, गाय पालन, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसे आजीविका आधारित कार्यों पर प्रायोगिक एवं तकनीकी जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने हस्तकला से संबंधित सामग्रियों तथा केंद्र में उपलब्ध विभिन्न कृषि यंत्रों व तकनीकों का भी अवलोकन किया। प्रशिक्षण उपरांत कृषि सखियों ने विवेकानंद कृषि विश्वविद्यालय का भ्रमण कर कृषि वैज्ञानिकों से बातचीत की। इस दौरान वैज्ञानिकों ने धान की खेती को लाइन विधि और श्री विधि से करने के लाभ तथा अधिक उत्पादन प्राप्त करने के तरीकों को विस्तार से समझाया। कृषि सखियों ने स्वदेशी बीज भंडारण से संबंधित लैब का निरीक्षण भी किया।

*अनुभव से मिलेगा लाभ* - 
कृषि सखियों ने बताया कि इस तरह के परिभ्रमण से उन्हें नवीन जानकारियाँ प्राप्त होती हैं, जो ग्राम पंचायत के किसानों को उन्नत कृषि तकनीक से जोड़ने में महत्वपूर्ण साबित होंगी। उन्होंने कहा कि यह अनुभव भविष्य में आजीविका बढ़ाने तथा उत्पादन सुधारने में सहायक रहेगा। इस संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन जशपुर कलेक्टर श्री रोहित व्यास के नेतृत्व तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। 

       उल्लेखनीय है कि इसी प्रकार के परिभ्रमण कार्यक्रम जशपुर जिले के सभी आठ विकासखंडों की कृषि सखियों एवं पशु सखियों के लिए भी आयोजित किए जाने हैं। इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य ‘बिहान’ की दीदियों को उन्नत कृषि, उद्यानिकी एवं पशुपालन तकनीक से परिचित कर उत्पादन, आय और रोजगार बढ़ाना है, ताकि शत-प्रतिशत महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाते हुए ‘लखपति दीदी’ के लक्ष्य की दिशा में अग्रसर किया जा सके।

और भी

दुलदुला के पतराटोली के पास हुए सड़क दुर्घटना पर मुख्यमंत्री ने जताया गहरा दुःख

जशपुरनगर 7 दिसंबर  2025/ पतराटोली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 पर  हुई भीषण सड़क दुर्घटना में पाँच लोगों के दुखद निधन की सूचना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस दर्दनाक घटना पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हादसे में पाँच लोगों की असमय मृत्यु का समाचार अत्यंत व्यथित करने वाला है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन घड़ी में उनकी संवेदनाएँ पीड़ित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगतों की आत्माओं को शांति प्रदान हो और परिजनों को इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति मिले।

      उल्लेखनीय है कि बीती रात कटनी-गुमला नेशनल हाईवे एनएच 43 पर दुलदुला थाना क्षेत्र के पतराटोली के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जिसमें आई-20 कार में सवार 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक दुलदुला क्षेत्र के खटंगा गांव के निवासी सभी दोस्त थे। वे आस्ता क्षेत्र से रात में वापस घर लौट रहे थे। तभी पतराटोली के पास मालवाहक ट्रेलर से कार की सीधी टक्कर हो गई। दुर्घटना में कार में सवार सभी 5 लोगों की मृत्यु हो गई।

और भी

सशस्त्र सेना झण्डा दिवस : कलेक्टर ने भूतपूर्व सैनिकों के परिवारों के लिए अधिक से अधिक अंशदान राशि सहयोग करने की अपील 

जशपुर 7 दिसंबर 25/ सशस्त्र सेना झण्डा दिवस के अवसर पर आज कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला सैनिक बोर्ड जशपुर रोहित व्यास को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ले. कर्नल प्रभात कुमार ठाकुर (से.नि.) के द्वारा लेपल पिन लगाया गया।

कलेक्टर ने सभी  नागरिकों से अधिक से अधिक अंशदान राशि सहयोग करने की अपील 

इस अवसर पर  कल्याण संयोजक श्री हेमन्त कुमार सार्वा, अधीक्षक श्री सूरज यादव, श्री महादेव यादव, श्री अकाश मण्डल, श्री राजू राम, श्री एमानुएल तिर्की उपस्थित रहे। विदित हो कि देश की सुरक्षा में शहीद हुए सैनिको के आश्रितों के कल्याण हेतु 07 दिसम्बर को सशस्त्र सेना झण्डा दिवस मनाया जाता है। सशस्त्र सेना झंडा दिवस द्वारा एकत्रित की गई राशि भूतपूर्व सैनिक, युद्ध में अपंग हुए सैनिकों व उनके परिवार के कल्याण पर खर्च की जाती है।

और भी