ताजा खबरें


बड़ी खबर

बिरजमनी को मिला पक्का आवास,अब बारिश में नहीं होगी परेशानी,महतारी वंदन योजना से मिल रही आर्थिक संबल

जशपुर 7 दिसंबर 25/ कहते हैं कि अगर संकल्प मजबूत हो और शासन की योजनाएं साथ दें, तो हर सपना साकार किया जा सकता है। मनोरा विकासखंड के ग्राम खरसोटा निवासी श्री राजकुमार महली और उनकी पत्नी श्रीमती बिरजमनी महली की कहानी इसकी जीवंत मिसाल है। प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत इस परिवार को पक्का आवास स्वीकृत हुआ है, और आज उनका पक्के मकान का सपना पूरा हो गया।

श्रीमती बिरजमनी महली बताती हैं कि उनका पुराना कच्चा मकान जर्जर हो चुका था। खासकर बारिश के मौसम में उन्हें और उनके बच्चों को रहने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उन्हें जो नया मकान मिला है, वह उनके जीवन को स्थिरता और सुरक्षा प्रदान करेगा।

“हमने कभी नहीं सोचा था कि अपना पक्का घर बना पाएंगे। 

अपना खुद का पक्का मकान पाकर खुशी से दिल भर आता है। 

 ऐसा कहती हैं बिरजमनी, जिनकी आंखों में अब भविष्य को लेकर आशा और आत्मविश्वास है।

बिरजमनी बताती हैं कि वह खेती और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनके तीन बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। शासन द्वारा उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह ₹1000 की आर्थिक सहायता दी जाती है, जिसे वे भविष्य के उपयोग के लिए सहेज कर रख रही हैं।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का हम हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।

और भी

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं,सहायिकाओं ने करमीटिकरा सुपरवाइजर के ऊपर लगाया गंभीर आरोप,जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास को ज्ञापन सौंप जांच व कार्यवाही की है मांग

पत्थलगांव : महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत पत्थलगांव परियोजना के करमीटीकरा सेक्टर में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं/सहायिकाओं ने सुपरवाइजर के ऊपर गंभीर आरोप लगाया है।उन्होंने इस संबंध में संघ के माध्यम से जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास को ज्ञापन सौंप जांच व कार्यवाही का मांग किया है।
        मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की दोपहर छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ पंजी.409 की जिलाध्यक्ष श्रीमती कविता यादव के नेतृत्व में संघ के पदाधिकारियों संग करमीटीकरा सेक्टर के दर्जनों कार्यकर्ताओं/सहायिकाओं ने जिला मुख्यालय पहुंच सर्व प्रथम जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यालय पहुंच मामले के संबंध में आवेदन दिया।जिसके उपरांत संघ का प्रतिनिधिमंडल जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास से मुलाकात कर राजकुमारी साहू सुपरवाइजर के द्वारा द्वेषपूर्ण भाव से कार्यकर्ताओं/सहायिकाओं को प्रताड़ित करने एवं नियम विरुद्ध मानदेय काटे जाने के संबंध में कार्यवाही और जांच की मांग हेतु आवेदन सौंपे।इस दौरान जिलाध्यक्ष श्रीमती कविता यादव ने बताया कि गत दिनों करमीटिकरा सेक्टर में  हुए बैठक के दौरान ज्ञात हुआ कि पत्थलगांव परियोजना क्षेत्र अंतर्गत करमीटिकरा में पदस्थ राजकुमारी साहू सुपरवाइजर के द्वारा द्वेषपूर्ण भाव से कार्यकर्ताओं/सहायिकाओं को प्रताड़ित किया जा रहा है।गत दिनों उनके विरुद्ध परियोजना कार्यालय में शिकायत किए जाने के बाद लगातार कार्यकताओं की धमकाया जा रहा है और सबूतों से छेड़छाड़ करने अनावश्यक रूप से दबाव बनाने का कार्य किया जा रहा है,जो अत्यंत ही गंभीर विषय है।
     उक्त अधिकारी के द्वारा कुछ कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से टारगेट कर बिना कारण उनका मानदेय काटा जा रहा है,इतना ही नहीं मानदेय काटे जाने के पीछे कारण पूछने पर उनके द्वारा फटकार लगा सही कारणों को बताया नहीं जाता है। ज्यादा पूछने पर कहा जाता है कि आपको सबक सिखाने मानदेय काट रहे है,जिसमें उनके द्वारा मेडिकल अवकाश भी नहीं माना जाता है। उनके द्वारा रविवार या अन्य अवकाश पर भी कार्य करने जोर दिया जाता है जिसमें कार्य नहीं करने की स्थिति में मानदेय काटे जाने का खुला धमकी दिया जाता है।कार्यकर्ताओं के द्वारा मना करने पर रविवार का मानदेय शासन आपको नहीं देता है क्या बोल कर दुर्व्यवहार किया जाता है।
      राजकुमारी साहू सुपरवाइजर के द्वारा किसी कार्यकता या सहायिका के परिवार में आकस्मिक घटना होने पर छुट्टी नहीं दिया जाता है,इस संबंध में उनसे पूछने पर फटकार लगाते हुए कहा जाता है कि जब तक काम पूरा नहीं करोगे तब तक कही नहीं जाना है।
         राजकुमारी साहू सुपरवाइजर के द्वारा जब भी मासिक जानकारी का बैठक लिया जाता है तब  सभी कार्यकर्ताओं को 10 बजे अनिवार्य रूप से पहुंच जाने का दबाव बनाया जाता है और खुद समय का ध्यान नहीं रखते हुए खुद 12:30 बजे आती है,इतना ही नहीं बैठक को अनावश्यक रूप से लम्बा खींचते हुए कार्यालयीन समय का भी ध्यान नहीं रखती,दूर दराज से आने वाले कार्यकताओं को प्रताड़ित करने की नियत से 05:30 बजे या 06:00 बजे छोडती है | चुकी हम में कई कार्यकता सहायिका अपने घर पर छोटे छोटे बच्चों को छोड़कर आये रहते है इस कारण से उनको असमय घर पहुंचने पर परिवार वालों तथा पति से भी दो शब्द सुनना पड़ता है। 
           राजकुमारी साहू सुपरवाइजर के द्वारा कार्यकताओं से इस कदर दुर्व्यवहार किया जाता है कि उनके शब्दों पर नियंत्रण नहीं रहता है,कार्य के दौरान यदि किसी कारण वश गलती से गलत जानकारी भर लेने पर उनके द्वारा कहा जाता है कि जशपुर के आदिवासी लोगों के पास दिमाग नहीं है आप लोग हमेशा दारू नशे करते हो,इस प्रकार के शब्द का प्रयोग उनके द्वारा किया जाता है ।
    कार्यकताओं ने उक्त बैठक में बताया कि कई सारे काम ऑनलाइन मोबाइल के माध्यम से हम लोग को करना होता है जिसमे कभी नेटवर्क की समस्या होने पर काम नहीं हो पाता है तो सभी कार्यकर्ताओं को बोलती है शासन का पैसा खा रहे हो।का करने के लिए 50 हजार का नया मोबाइल ले लो और नहीं कर पाते हो तो ईस्तीफा दे दो काम से बोला जाता है।नेटवर्क वर्क नही होने की समस्या पर टावर खरीद कर आगनवाडी केंद्र पर लगवाने बोला जाता है।
       उनके द्वारा कुछ कार्यकर्ता को टारगेट बना कर रखा गया है वो अक्सर बोलती रहती है कि यहां से जाते जाते 2-4 को साथ लेके जाउंगी बोल कर धमकी देते रहती है,उनका कहना होता है कि आप लोगो को भगवान भी नहीं बचा सकता मेरे से,
उनके द्वारा हमेशा कार्यकर्ताओं पर अभद्र व्यव्हार किया जाता है और कार्यकताओं को पागल, कुत्ता,गन्दी नाली के कीड़े, झकलेट, जैसे गंदे गंदे शब्दों से संबोधित करती है।
उनके द्वारा निरीक्षण के समय हितग्राहियों को सलाह देने के बजाय उनको बोलती है जब औकात नहीं थी तों तिन - तिन बच्चे पैदा करने की क्या जरुरत है, सुपरवाइजर के द्वारा इस प्रकार के शब्द बोलने से हितग्राहियों पर गलत प्रभाव पड़ता है ।
बैठक के दौरान यह भी बात सामने आया कि उनके द्वारा फोटोकॉपी के नाम से 50 रूपये प्रति आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वसूला जाता है,जबकि उक्त फोटोकॉपी का मूल्य मात्र 4 रुपए होता है।झंडा के नाम पर 100 रुपए प्रति आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका वसूला जाता है।यात्रा भत्ता में 30 प्रतिशत कमीशन सीधे तौर पर मांगा जाता है।नहीं देने पर प्रताड़ित करने और रिकवरी का धमकी दिया जाता है,कार्य के आधार पर यात्रा भत्ता ज्यादा होने पर 1500 रुपए से ज्यादा नहीं बनाया जाने का दबाव देते हुए इसके आगे का नहीं बनाए जाने फटकार लगाया जाता है यदि ज्यादा का बना कर जमा किया जाता है तो यात्रा भत्ता रोक दिया जाता है और इसमें 30 प्रतिशत कमीशन मांगा जाता है। कार्यकर्ताओं/सहायिकाओं को मिलने वाला शासन से फ्लेक्सी योजना,पोषण दिवस के आधार पर ईंधन की राशि,सब्जी की राशि सहित अन्य में भारी भरकम कमीशन अनियमितता और गबन का आरोप भी लगा है।
आंगनबाड़ी केंद्रों में समूह के द्वारा गर्म भोजन के वितरण में बरती जा रही लापरवाही और अनियमितता की बात भी बैठक में सामने आया है।
            समूह से सांठ गांठ कर मैडम के पास अनोखा बचत रजिस्टर है,जिनके रिकॉर्ड के अनुसार प्रतिमाह हमेशा ही बचत दिखाई देता है जबकि वास्तविकता में कार्यकर्ताओं का बचत रजिस्टर में बचत नहीं होता है,उक्त अचंभा रजिस्टर मैडम के पास होने से कार्यकर्ताओं को प्रतिमाह उनके अनावश्यक फटकार और डांट का सामना करना पड़ता है।जिस कारण कलेक्टर जशपुर से निवेदन किया गया है की सेक्टर करमीटिकरा के अंतर्गत आने वाले समस्त आ.बा. कार्यकर्ता एवं सहायिका सुपरवाईजर राजकुमारी शाहू के अभद्र व्यव्हार तथा मानसिक दबाव से अत्याधिक परेशान है,उनके विरुद्ध किए गए शिकायत उपरांत सबूतों से छेड़छाड़ करने कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने मामले में भी निष्पक्ष जांच और कार्यवाही का मांग किया जाता है,साथ ही उक्त कृत्य के कारण यहां सुपरवाईजर राजकुमारी साहू को हटा कर उसके स्थान पर अन्य सेक्टर सुपरवाईजर को पदस्थ किये जाने का पुरजोर मांग संघ के तरफ से निवेदन स्वरूप किया जाता है। श्रीमती यादव ने बताया कि कलेक्टर रोहित व्यास ने उक्त आवेदन पर जल्द ही संज्ञान लेकर कार्यवाही का आश्वासन भी हमें दिया है।

और भी

दशकों की प्रतीक्षा समाप्त: कोंडापल्ली में पहली बार मोबाइल नेटवर्क, गांव में उत्सव का माहौल

रायपुर, 07 दिसम्बर 2025/दूरसंचार, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएँ जहाँ देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य जीवन का आधार बन चुकी हैं, वहीं बस्तर संभाग के कुछ सुदूर वनांचलों ने दशकों तक इन सुविधाओं को कभी देखा ही नहीं था। ऐसे ही एक इलाके, बीजापुर जिले के ग्राम कोंडापल्ली, में अभूतपूर्व उत्सव का माहौल देखने को मिला जब गाँव में पहली बार मोबाइल नेटवर्क आया।

कोंडापल्ली तेलंगाना और छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित एक घना वनांचल है, जहाँ वर्षों से सड़क, बिजली और पेयजल जैसी सुविधाएँ उपलब्ध नहीं थीं। ऐसे में गाँव में मोबाइल टॉवर स्थापित होना स्थानीय समुदाय के लिए केवल तकनीकी प्रगति नहीं, बल्कि दुनिया से जुड़ने का प्रतीक बन गया।

जैसे ही टॉवर के सक्रिय होने की घोषणा हुई, ग्रामीणों में उत्साह की लहर दौड़ पड़ी। महिलाएँ, पुरुष, बच्चे — सभी रैली के रूप में टॉवर स्थल तक पहुँचे। पारंपरिक विधि से टॉवर की पूजा-अर्चना की गई। माँदर की थाप पर लोग भावुक होकर नाच उठे। यह दृश्य किसी उत्सव से कम नहीं था।

इस उत्सव में केवल कोंडापल्ली ही नहीं, बल्कि आसपास के गाँवों के लोग भी शामिल हुए। ग्रामीणों ने कहा कि यह उनके लिए केवल एक तकनीकी सुविधा नहीं, बल्कि “बाहरी दुनिया से पहला वास्तविक जुड़ाव” है। सुरक्षा बलों के जवानों ने भी ग्रामीणों की खुशी में शामिल होकर मिठाइयाँ वितरित कीं।

अब मोबाइल नेटवर्क ग्रामीणों के लिए बैंकिंग, आधार, राशन, स्वास्थ्य योजनाओं, पेंशन और शैक्षणिक सुविधाओं का प्रवेश-द्वार बनेगा। जिनके लिए यह सेवाएँ अब तक दूर का सपना थीं, उनके लिए यह दिन जीवन में एक नया अध्याय लेकर आया है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित नियद नेल्ला नार योजना का उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएँ पहुँचाकर लोगों में विश्वास बढ़ाना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है। योजना के तहत सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बैंकिंग, संचार सहित प्रशासनिक सेवाओं को तेज़ी से पहुँचाने का काम किया जा रहा है।

योजना का दायरा व्यापक है — 69 नवीन कैम्पों के आसपास स्थित 403 ग्रामों में 09 विभागों की 18 सामुदायिक सेवाएँ और 11 विभागों की 25 व्यक्तिमूलक योजनाएँ पहुँचाई जा रही हैं, ताकि ग्रामीण किसी भी मूलभूत सुविधा से वंचित न रहें।

इस पूरी प्रक्रिया में संचार अधोसंरचना सबसे प्रभावी साबित हो रही है। पिछले दो वर्षों में इस क्षेत्र में 728 नए टॉवर स्थापित किए गए हैं — जिनमें 116 एलडब्ल्यूई कार्यक्रम से, 115 आकांक्षी जिलों में, और 467 टावर 4G नेटवर्क के रूप में लगाए गए हैं। इसके साथ ही 449 टॉवरों का 2G से 4G में उन्नयन किया गया है।

कोंडापल्ली में नियद नल्ला नार योजना से तेज़ी से बदलाव आए हैं। दिसम्बर 2024 में कैम्प स्थापित होने के बाद पहली बार प्रशासन गाँव तक नियमित रूप से पहुँचने लगा। यहाँ लंबे समय से बंद पड़ी सड़क का पुनर्निर्माण बार्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन ने अपने जिम्मे लिया है और 50 किलोमीटर सड़क का कार्य प्रगति पर है।

गाँव में दो महीने पहले ही पहली बार विद्युत लाइन पहुँची है। बिजली आने के बाद से बच्चों की पढ़ाई, छोटे व्यवसाय और ग्रामीण जीवन में अभूतपूर्व सकारात्मक बदलाव देखे जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा लगातार सेचुरेशन शिविर आयोजित कर सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक परिवार तक पहुँचाया जा रहा है।

कोंडापल्ली में मोबाइल नेटवर्क के आगमन से यह स्पष्ट हो गया है कि विकास की किरण अब उन इलाकों तक भी पहुँच रहा है, जो वर्षों से प्रतीक्षा में थे। संचार सुविधा के इस नए सवेरे ने ग्रामीणों को भरोसा दिया है कि अब उनका गाँव भी राज्य के अन्य हिस्सों की तरह आधुनिक सुविधाओं से जुड़कर आगे बढ़ेगा।

*बीजापुर जिले के कोंडापल्ली में मोबाइल नेटवर्क का पहुँचना सिर्फ एक टॉवर का खड़ा होना नहीं है, यह उन लोगों के सपनों का उठ खड़ा होना है जो वर्षों से दुनिया से कटे हुए थे। हमारी सरकार का संकल्प है कि बस्तर का हर गांव–हर परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े, डिजिटल सुविधाओं तक पहुँचे और अवसरों के नए द्वार उनके लिए खुलें। यह सिर्फ संचार की शुरुआत नहीं, बल्कि विश्वास, बदलाव और नई संभावनाओं के युग का आरंभ है। - मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय*

और भी

खेल के माध्यम से मिलती है अनुशासन की सीख : कौशल्या साय, कुडूकेला नॉकआउट फुटबॉल फाइनल में बेलटोली ने लोधमा को 3–1 से हराया, जीता खिताब....


जशपुरनगर। स्थानीय मैदान में आयोजित नॉकआउट फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांच से भरपूर रहा। लोधमा को 3–1 से हराकर बेलटोली की टीम ने शानदार जीत के साथ चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। खिलाड़ियों के कौशल और टीमवर्क ने दर्शकों को आखिरी मिनट तक बांधे रखा। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि “खेल बच्चों और युवाओं में अनुशासन, नियम पालन और आत्मविश्वास बढ़ाने का सबसे बड़ा माध्यम है। ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।”फाइनल मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीम को 51 हजार रुपए एवं ट्रॉफी, जबकि उपविजेता  की टीम को 31 हजार रुपए एवं ट्रॉफी प्रदान की गई।इस कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष सुशीला साय, डी.डी.सी. अनीता सिंह एवं मलिता बाई, जिला मंत्री संतोष सहाय, मंडल अध्यक्ष उमेश यादव, जनपद उपाध्यक्ष बालेश्वर यादव, संतन राम, तुलाधार यादव, भारती भगत, असलम आजाद कार्यक्रम के अध्यक्ष, मोहम्मद जमीर स्लाम जिन्ना, सुशन्ति बैग, बसंत बैग,कुलदीप ,बेनी कश्यप,कलेश्वर सिंह, असनूलहक सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गण एवं आयोजन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।आयोजन समिति ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है। आने वाले समय में इस टूर्नामेंट को और बड़े स्तर पर कराने की योजना है।

और भी

समाजसेवी विनीत जिंदल चार्टर्ड अकाउंटेंट द्वारा योग ड्रेस का वितरण,स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का प्रयास


कुनकुरी/नारायणपुर:- शनिवार बैगलेस डे पर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत, स्थानीय समाजसेवी विनीत जिन्दल चार्टर्ड अकाउंटेंट ने प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली के स्कूली बच्चों को योग ड्रेस का वितरण किया। इस अवसर पर बच्चों ने अतिथि का स्वागत आरती उतारकर, तिलक लगाकर ,पुष्प गुच्छ भेंटकर एवं गीत गाकर किया। विनीत जिंदल ने कहा इस पहल का उद्देश्य प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए नियमित रूप से योग अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
                      कार्यक्रम का विवरण
इस योग ड्रेस वितरण कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी विनीत जिन्दल द्वारा 22 स्कूली बच्चों को योग ड्रेस बांटे गए, इस अवसर पर योग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें योग प्रशिक्षक के रूप में विद्यालय में पदस्थ शिक्षक महेश तिर्की ने विभिन्न आसनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया। 

              समाजसेवी विनीत जिंदल का संदेश:

समाजसेवी विनीत जिन्दल ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, "योग हमारे जीवन में अनुशासन और संतुलन लाता है। मेरा मानना है कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है"। जब शरीर स्वस्थ रहता है तो पढ़ाई में मन और अच्छे से लगता है, उन्होंने उपस्थित सभी बच्चों से अपील की, कि वे इस योग ड्रेस का उपयोग शनिवार बैगलेस डे पर आयोजित होने वाले योग सत्र में करें,आगे उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में योग को शामिल कर खुद को और अपने परिवारों को स्वस्थ बनाएं।
*विद्यालय एवं बच्चों की सराहना*
 समाजसेवी विनीत जिंदल ने विद्यालय एवं बच्चों की सराहना करते हुए कहा कि आपके विद्यालय में लगे विभिन्न प्रकार के पेड़ - पौधे, पुष्प वाटिका और पोषण वाटिका विद्यालय को और भी आकर्षक बनाते हैं और इस हरियाली के बीच योगाभ्यास करना अद्भुत अनुभव प्रदान करता है, उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा आप सभी के विभिन्न आसनों को देखकर मैं बहुत खुश हुआ आपके शिक्षक बेहतर तरीके से आपको योगाभ्यास कराते हैं,आप सभी मन लगाकर पढ़ाई करें और परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करें।
                 प्रधान पाठक की प्रतिक्रिया:
प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता ने समाजसेवी के इस पहल की सराहना की और समाजसेवी के प्रति आभार व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि बच्चों को योग ड्रेस मिलने से बच्चे योगाभ्यास को और आनंदमय ढंग से सीखेंगे,यह पहल दर्शाती है कि समाजसेवी स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

और भी

हल्बा-हल्बी समाज के प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात कर शक्ति दिवस एवं अमर क्रांतिकारी शहीद गेंद सिंह जी के 201वीं शहादत दिवस समारोह के लिए दिया आमंत्रण

रायपुर 6 दिसंबर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से विगत दिवस राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ हल्बा-हल्बी समाज के प्रतिनिधिमण्डल ने सौजन्य भेंट की।

प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री श्री साय को अवगत कराया कि समाज की ओर से 27 दिसंबर 2025 को दुर्ग के पुलगांव में समाजिक सम्मेलन एवं शक्ति दिवस समारोह, तथा 20 जनवरी 2026 को रायपुर में क्रांतिकारी अमर शहीद गेंद सिंह जी के 201वीं शहादत दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री श्री साय को दोनों महत्वपूर्ण आयोजनों में सादर आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आमंत्रण के लिए हल्बा-हल्बी समाज के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और समाज के सांस्कृतिक गौरव एवं प्रेरणादायी इतिहास की सराहना की। उन्होंने दोनों आयोजनों की सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर श्री महेश गागड़ा, डॉ. देवेंद्र महला, श्री गिरिवर ठाकुर, श्री हृदय राम कोसमा, श्री मिथीर राम सलेंद्र सहित समाज के अनेक वरिष्ठ सदस्य उपस्थित थे।

और भी

पी.एम. सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रायगढ़ का एक ग्राम बनेगा ‘सोलर मॉडल विलेज’,

रायुपर, 06 नवंबर 2025/ केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी पी.एम. सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत रायगढ़ जिले में एक ग्राम को पूर्णतः सौर ऊर्जा आधारित सोलर मॉडल विलेज के रूप में विकसित किया जाएगा। इस दिशा में जिला स्तरीय चयन समिति ने औपचारिक रूप से चयन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। कलेक्टर  की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिले के उन्हीं ग्रामों को प्रतिस्पर्धा में शामिल किया जाएगा, जिनकी जनसंख्या 5 हजार  से अधिक है। चूंकि जिले में इस श्रेणी के ग्राम सीमित संख्या में हैं, इसलिए प्रशासन ने सर्वाधिक जनसंख्या वाले 10 ग्रामों का चयन कर उन्हें छह माह की प्रतिस्पर्धात्मक प्रक्रिया में शामिल करने का निर्णय लिया है।

         उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर  राज्य में नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार को गति देने के लिए जिलों को निरंतर कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हर घर सौर ऊर्जा लक्ष्य को धरातल पर साकार किया जा सके।

       रायगढ़ जिले में केंद्र सरकार द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुसार जिले में प्रतियोगिता के लिए चयनित 10 ग्राम ग्राम पंचायतों में घरघोड़ा विकासखंड का ग्राम कुडुमकेला, तमनार विकासखंड का ग्राम तमनार, रायगढ़ विकासखंड का ग्राम खैरपुर, धरमजयगढ़ विकासखंड का ग्राम विजयनगर, तमनार विकासखंड का ग्राम तराईमाल, लैलूंगा विकासखंड का ग्राम गहनाझरिया, पुसौर विकासखंड का ग्राम गढ़मरिया, धरमजयगढ़ विकासखंड का ग्राम छाल, पुसौर विकासखंड का ग्राम सिसरिंगा, और पुसौर विकासखंड का ग्राम कोडातराई। इन्हीं ग्रामों में से एक ग्राम जिले का पहला सोलर मॉडल विलेज बनेगा।
 
        जिले के सभी विकासखंड से ग्राम  पंचायतों का चयन किया गया है। इन ग्रामों में अब अगले छह माह तक सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने, जनजागरूकता अभियान चलाने, घरेलू एवं सामुदायिक सौर संयंत्रों की स्थापना, तथा योजनाओं के लिए ग्रामीणों द्वारा किए जाने वाले आवेदनों की सतत समीक्षा की जाएगी।

          इस प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए  प्रत्येक चयनित ग्राम में आदर्श ग्राम समिति गठित की जा रही है, जिसमें सरपंच, सचिव, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, डॉक्टर, कृषि विस्तार अधिकारी तथा संबंधित शासकीय अधिकारी सदस्य के रूप में शामिल होंगे। यह समिति डोर-टू-डोर संपर्क कर ग्रामीणों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करेगी। साथ ही पी.एम. कुसुम योजना, जल जीवन मिशन के सोलर डुअल पंप, सोलर हाईमास्ट, सोलर स्ट्रीट लाइट तथा अन्य नवीकरणीय ऊर्जा आधारित व्यवस्थाओं की जानकारी भी प्रदान करेगी।

         क्रेडा के सहायक अभियंता श्री विक्रम वर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता के दौरान प्रत्येक ग्राम अपनी जरूरतों के अनुसार सामुदायिक सौर संयंत्रों के प्रस्ताव तैयार कर जिला स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा।  छह माह की अवधि पूर्ण होने पर जिला स्तरीय समिति द्वारा सभी ग्रामों का मूल्यांकन किया जाएगा। यह मूल्यांकन ग्रामीणों द्वारा स्थापित सौर संयंत्रों की संख्या, योजनाओं के लिए किए गए आवेदनों, सामुदायिक सहभागिता, उपलब्ध ऊर्जा सुविधाओं और सौर संसाधनों के उपयोग की आधारशिला पर किया जाएगा।
इसी मूल्यांकन के आधार पर जिले के पहले सोलर मॉडल विलेज का चयन किया जाएगा और चयनित ग्राम का विस्तृत डी.पी.आर. तैयार कर 15 मार्च 2025 तक ऊर्जा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन को भेजा जाएगा, ताकि उस ग्राम को पूर्णतः सौर ऊर्जा आधारित आदर्श मॉडल ग्राम के रूप में विकसित किया जा सके।

और भी

ऑनलाइन टोकन से आसान हुआ धान खरीदी,मृणाल मंडल ने धान विक्रय का सही मूल्य मिला

रायपुर 06 दिसम्बर 2025/
ऑनलाइन टोकन  प्रणाली ने धान खरीदी प्रक्रिया को सरल और सहज बनाया है l किसान स्वयं ऑनलाइन टोकन के माध्यम से  घर बैठे ही टोकन प्राप्त कर सकते हैं।  समिति में पहुंचते ही  उन्हें बिना किसी परेशानी के धान बेचना आसानी हुआ ।

        जिला बलरामपुर- रामानुजगंज के बलरामपुर विकासखंड के धान उपार्जन केंद्र बरदर में ग्राम रामनगरकला रहने वाले किसान श्री मृणाल मंडल ने अपनी मेहनत से उपजे लगभग 166 बोरी धान का विक्रय किया। समिति में मिली बेहतर व्यवस्था, सहज प्रक्रिया और त्वरित खरीदी ने उन्हें संतुष्ट किया,  मृणाल मंडल बताते हैं कि धान का सर्वाधिक मूल्य ने उनकी मेहनत को सही मूल्य दिलाया है। 21 क्विंटल प्रति एकड़ की दर से धान खरीदी का प्रावधान किसानों के लिए  बड़ी राहत साबित हो रहा है।

          श्री मंडल ने बताया कि समय पर समिति पहुंचना और तुरंत धान की खरीदी होना उनके लिए अत्यंत सुखद अनुभव रहा। बिना लंबी प्रतीक्षा और बिना किसी भागदौड़ और सुव्यवस्थित खरीदी व्यवस्था से धान विक्रय हो गया। उन्होंने बताया की इस बार की उपज के मिले राशि से परिवार की जरूरत, अगली फसल की तैयारी में उपयोग करेंगे। श्री मंडल ने धान खरीदी व्यवस्था को सरल एवं सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त भी किया।

और भी

विद्युत विभाग का बड़ा एक्शन:बकायादारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की शुरुआत,88 बकायादारों के काटे गए कनेक्शन

रायपुर,6 दिसंबर 2025/ बिजली बिल की लगातार बढ़ती राशि पर प्रभावी नियंत्रण तथा लंबे समय से बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं पर कार्यवाही के लिए विद्युत विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।
विगत दिवस बलरामपुर- रामानुजगंज  जिले के बरियो वितरण केंद्र में विशेष वसूली अभियान चलाया गया, जिसके तहत विभागीय टीम ने बड़ी कार्रवाई की।

              मुख्य अभियंता छत्तीसगढ विद्युत वितरण कंपनी अम्बिकापुर क्षेत्र श्री यशवंत शिलेदार के नेतृत्व में ,अधीक्षण अभियंता श्री के.एन. सिंह, कार्यपालन अभियंता बलरामपुर श्री प्रकाश अग्रवाल तथा  जिले में पदस्थ सभी सहायक एवं कनिष्ठ अभियंताओं की संयुक्त टीम सुबह 10:00 बजे ही बरियो पहुंची और बकायादारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की शुरुआत की।

             इस दौरान 88 बड़े बकायादारों के विद्युत कनेक्शन की बकाया राशि 23 लाख96 हज़ार 988 रुपये के लिए काटे गए। 24 बकायादारों ने तत्काल अपने बकाये का भुगतान करते हुए कुल 9 लाख 19 हज़ार 563 रुपये जमा किए।

         मुख्य अभियंता श्री शिलेदार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बकाया वसूली के लिए प्रतिदिन इसी प्रकार सघन मुहिम चलाएं, ताकि बकाया राशि की रिकवरी में तेजी लाई जा सके। उन्होंने निर्देश दिए है कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए हैं, उनके घरों की शाम के समय नियमित जांच की जाए। यदि कोई उपभोक्ता अनाधिकृत रूप से बिजली उपयोग करते पाया जाता है तो उसके विरुद्ध भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आसपास से अनाधिकृत कनेक्शन लेकर बिजली उपयोग करने पर धारा 138 के तहत एफआईआर दर्ज कर न्यायालयीन कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।

            विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बिजली बिल जमा कर कार्य में सहयोग दें अन्यथा नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाएगी।

और भी

राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन 07 दिसंबर

जशपुरनगर 06 दिसंबर 2025/ कलेक्टर  एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण श्री रोहित व्यास और कार्यपालन अधिकारी एवं उपाध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण श्री अभिषेक कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 द्वारा अनुशंसित ‘‘उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम‘‘ अंतर्गत राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण रायपुर एवं भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान नई दिल्ली की पहल पर आयोजित राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन 07 दिसंबर 2025 को किया गया है। परीक्षा जिले में सुबह 10ः00 बजे से  शाम 5ः00 बजे तक आयोजित होगी, जिसमे शिक्षार्थी अपनी सुविधानुसार निर्धारित समय के भीतर शामिल हो सकेंगे। 
   जिला परियोजना अधिकारी श्री नरेन्द्र कुमार सिंन्हा ने बताया कि जिले में शिक्षार्थियों की सुविधा के लिए प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में 907 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। जिले से इन केन्द्रो पर उल्लास प्रवेशिका के 07 अध्याय का अध्ययन कर 200 घंटे पूर्ण कर चुके एवं वर्तमान में अध्ययनरत कुल 14200 शिक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होगें। 
  परीक्षा की मॉनिटरिंग के लिए जिला एवं विकास खण्ड स्तर पर अधिकारियों/कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है तथा कंन्ट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। जिले के 08 विकास खण्डों के समस्त विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी द्वारा परीक्षा केन्द्रों में जोनवार प्राचार्य, संकुल शैक्षिक समन्वयक, केन्द्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक सह मूल्यांकनकर्ता की नियुक्ति आदेश जारी किया गया है। 
  परीक्षा पूर्व जन जागरूकता एवं शिक्षार्थियों को केन्द्र तक लाने हेतु घर-घर जाकर हल्दी चावल बांटकर महापरीक्षा अभियान का न्यौता हमारे ग्राम प्रभारी एवं स्वयंसेवी शिक्षकों द्वारा दिया जा रहा है। साथ ही ग्राम पंचायत स्थित कोटवार से मुनादी भी करायी जा रही है। हमारे जिले के समस्त ग्राम प्रभारियों, स्वयंसेवी शिक्षकों, रोजगार सहायक एवं आंगनबाड़ी कार्यकताओं द्वारा दिवार लेखन, पोस्टर, नारा लेखन, एवं शिक्षार्थी पर्ची बांटी जा रही है शिक्षार्थी पर्ची जिसमें महापरीक्षा अभियान का दिनांक, दिन, समय, एवं केन्द्र का नाम लिखा हुआ है। इस प्रकार समस्त विकास खण्डों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर शिक्षार्थियों को न्यौतापाती किया जा रहा है साथ ही जिला परियोजना अधिकारी द्वारा परीक्षा केन्द्रों में पेयजल, बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित करने के निर्देश विकास खण्डों के समस्त विकास खण्ड शिक्षा अधिकारियों को दिए गए हैं। 
  जिला परियोजना अधिकारी द्वारा यह भी बताया गया कि उक्त कार्यक्रम में 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के  ऐसे महिला, पुरूष शिक्षार्थियों को सम्मिलित किया जा रहा है, जो शिक्षा की मुख्य धारा से वंचित हैं। स्वयंसेवी शिक्षक इन शिक्षार्थियों को उल्लास प्रवेशिका के 07 अध्याय को 200 घंटे में अध्यापन करा कर पूर्ण कराते हैं। परीक्षा तीन घंटे की होगी जिसमें तीन भाग - पढ़ना, लिखना, और अंक गणित प्रत्येक भाग 50 अंकों का होगा। प्रत्येक भाग में न्यनतम 20 अंक लाने पर परीक्षार्थी उत्तीर्ण माने जाएंगे। सफल शिक्षार्थियों को एनआईओएस द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।

और भी

निर्वाचन नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण : दावा आपत्ति 16 दिसम्बर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक,मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 14 फरवरी 2026 को


जशपुरनगर 06 दिसम्बर 2025/भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के संदर्भ में चलाये जा रहे निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। 
              उप जिला निर्वाचन अधिकारी जशपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन 16 दिसम्बर 2025 एवं 14 फरवरी 2026 को किया जाएगा। जारी संशोधित कार्यक्रम अनुसार 11 दिसम्बर 2025 को गणना पत्रक सत्यापन, 16 दिसम्बर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन, 16 दिसम्बर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक दावा आपत्ति, 16 दिसम्बर 2025 से 07 फरवरी 2026 तक सुनवाई और सत्यापन कार्य एवं 14 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन निर्धारित है।

और भी

प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के अंतर्गत अधिसूचित खरीफ एवं रबी दलहनी-तिलहनी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन जिले के नौ समितियों में होगी

जशपुरनगर, 06 दिसंबर 2025/ जिले के किसान भी अपनी दलहन-तिलहन की फसलों को प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) के अंतर्गत प्राईस सपोट स्कीम के तहत अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली, सोयाबीन, चना, मसूर एवं सरसो का विक्रय आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के माध्यम से कर सकेंगे। उप संचालक कृषि ने जानकारी देते हुए बताया कि जिसका पंजीयन का कार्य एकीकृत किसान पोर्टल के माध्यम से 01 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक किया जाएगा।
    उपार्जन की अवधि मूंग, उड़द, मूंगफली एवं सोयाबीन के लिए 01 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक, अरहर एवं सरसों के लिए 15 फरवरी 2026 से 15 मई 2026 तक एवं चना एवं मसूर के लिए 01 मार्च 2026 से 30 मई 2026 तक आदिम जाति सेवा सहकारी समिति बगीचा, बिमड़ा, कुर्रोग, सन्ना, पड्रापाठ, तपकरा, कोनपरा, घरजियाबथान एवं गला में किया जाएगा।  अरहर 8000,  मूंग 8700,  उड़द 7800, मूंगफली 7283,  सोयाबीन 5328,  चना 5875, मसूर 7000,  एवं सरसों 6200, की दर से खरीदी की जाएगी।

और भी

मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की पहल से हादसे में अपना एक पैर गवां चुके पुरेन्द्र का रायपुर में लगेगा नया कृत्रिम पैर,मुख्यमंत्री के प्रति किया आभार व्यक्त

 

जशपुरनगर, 06 दिसंबर 2025/ एक दुःखद हादसे में अपना एक पैर खो चुके श्री पुरेन्द्र यादव को रायपुर में नया कृत्रिम पैर लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार उनका संपूर्ण इलाज तथा कृत्रिम पैर लगाने का समस्त व्यय शासन द्वारा वहन किया जाएगा। यह संवेदनशील पहल दैनिक मजदूरी से जीवनयापन करने वाले श्री पुरेन्द्र के लिए उनके जीवन में एक नई उम्मीद और उत्साह का संचार करने वाली है।
     ग्राम मयुरचुन्दी, तहसील दुलदुला निवासी श्री पुरेन्द्र यादव ने मुख्यमंत्री के नाम कैंप कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि वे मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे, किंतु एक दुर्घटना के बाद उपचार के दौरान डॉक्टरों की सलाह पर उनका एक पैर काटना पड़ा। दूसरे पैर की हड्डी तीन स्थानों से टूटी हुई है, जिस पर अभी भी रॉड लगी है। इस कारण वे चलने-फिरने में पूर्णतः असमर्थ हो गए हैं। उन्होंने बताया कि इस स्थिति ने उनके परिवार को गंभीर आर्थिक संकट में डाल दिया है, क्योंकि घर में उनके अतिरिक्त कोई अन्य कमाने वाला सदस्य नहीं है। 
    श्री पुरेन्द्र ने कैंप कार्यालय से कृत्रिम पैर उपलब्ध कराने का आग्रह किया ताकि वे पुनः अपने पैरों पर खड़े होकर जीवन की मुख्यधारा में लौट सकें। उनकी स्थिति को गंभीरता से समझते हुए कैंप कार्यालय ने तुरंत संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी और रायपुर में कृत्रिम पैर लगाए जाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की। श्री पुरेन्द्र यादव ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त हुए कहा कि शासन की इस  पहल ने उनके जीवन में फिर से विश्वास, साहस और आशा की किरण जगाई है।

और भी

मुख्यमंत्री के सुशासन में प्रदेशभर में धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से जारी,जिले के 46 केन्द्रों में की जा रही खरीदी,किसानों को मिल रहा है उनकी मेहनत का उचित मूल्य

जशपुर 6 दिसंबर 25/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन में प्रदेशभर में धान खरीदी प्रक्रिया सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से जारी है। जशपुर जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप निरंतर की जा रही है। इसी क्रम में दुलदुला विकासखंड के ग्राम पंचायत कस्तूरा स्थित धान खरीदी केंद्र में धान बेचने पहुंचे ग्राम गिद्धादाड़ निवासी किसान श्री अरविंद नायक ने बताया कि “मुख्यमंत्री जी ने हम किसानों के लिए खरीदी केंद्रों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। मैं यहां 50 बोरी धान लेकर आया हूं। समर्थन मूल्य पर खरीदी से हमें वास्तविक लाभ मिल रहा है और हमारी मेहनत का उचित मूल्य प्राप्त हो रहा है। शासन के प्रति धन्यवाद प्रकट करता हूं।”

केंद्र में पेयजल, तिरपाल, मापजांच, किसानों के लिए बैठने की व्यवस्था सहित आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। धान खरीदी कार्य का नियमित निरीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक किसान को समय पर और पारदर्शी तरीके से लाभ मिल सके।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने श्री रामकथा पोस्टर एवं कैलेंडर का किया विमोचन

रायपुर, 06 दिसंबर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से विगत दिवस राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में प्यारे श्री राधाकृष्ण संस्कार मंच, जामुल के प्रतिनिधिमण्डल ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने आगामी श्री रामकथा कार्यक्रम हेतु तैयार किए गए पोस्टर एवं कैलेंडर का विधिवत विमोचन किया।

प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री श्री साय को बताया कि श्री रामकथा का आयोजन 28 दिसंबर 2025 से 06 जनवरी 2026 तक दुर्ग जिले के जामुल नगर में किया जाएगा।  प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री श्री साय को इस पावन आयोजन में सादर आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आमंत्रण के लिए प्यारे श्री राधाकृष्ण संस्कार मंच, जामुल के सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया एवं आयोजन की सफलता हेतु शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर मंच के संरक्षक श्री दिलेश्वर उमरे, संयोजक श्री ईश्वर उपाध्याय, तथा श्री जागेश्वर मल सोनी, श्री उमेश निर्मलकर, श्री नेत राम साहू, श्री जितेंद्र साहू, श्री इंद्रजीत उपाध्याय, श्री वैभव उपाध्याय सहित मंच के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

और भी

जशपुर विधायक रायमुनी भगत ने छात्र दुर्घटना बीमा योजना के तहत जशपुर में प्रभावित विद्यार्थियों के परिजनों को आर्थिक सहायता का चेक किया प्रदान

जशपुर 06 दिसम्बर 2025 : 

जशपुर में छत्तीसगढ़ शासन की छात्र दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के प्रभावित विद्यार्थियों के परिजनों को आर्थिक सहायता का चेक जशपुर विधायक रायमुनि भगत के द्वारा प्रदान किया गया। यह योजना दुर्घटना की स्थिति में प्रभावित विद्यार्थियों के परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से शासन के द्वारा चलाई गई है, जिससे विपरीत परिस्थितियों में परिवारों को तत्काल राहत मिल सके। 

इस अवसर पर सहायक संचालक श्रीमती सरोज खलखो तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती कल्पना टोप्पो उपस्थित रहीं।  जिन विद्यार्थियों के परिजनों को सहायता राशि दी गई, उनमें कु. भगवती बाई कक्षा 12वीं, शास. उ.मा.वि. कस्तुरा, अनुज खाखा कक्षा 11वीं, शास. उ.मा.वि. सरबकोम्बो, चाँदनी बाई कक्षा 10वीं, शास. उ.मा.वि. सरबकोम्बो, कु. बालेश्वरी नाग कक्षा 4थी, शास. प्रा. शा. डीपाटोली तथा अमृत साय  कक्षा 3री, शास. आश्रम शाला बगिया शामिल हैं।

और भी

इस सहकारी समिति में पुराना धान लाते पकड़ा गया किसान, अभद्र व्यवहार पर बी.एन.एस.एस. के तहत मामला किया गया दर्ज,  पढ़े विस्तार से.......

रायगढ़, 5 दिसंबर 2025। जिले में धान खरीदी की पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश पर लगातार कड़ाई व विशेष मॉनिटरिंग की जा रही है। इसी क्रम में आज 05 दिसंबर को सेवा सहकारी समिति केशला में निरीक्षण के दौरान एक गंभीर मामला सामने आया, जिसमें कृषक द्वारा मोबाइल ऐप के माध्यम से टोकन लेकर लाए गए धान की गुणवत्ता और उसकी वास्तविकता पर संदेह उत्पन्न हुआ।
जिला स्तरीय एवं उपार्जन केन्द्र के नोडल अधिकारियों ने जब संबंधित धान की जांच की, तो पाया गया कि कृषक श्री हिमांचल चौहान द्वारा लाया गया धान पुरानी रबी फसल का है। निरीक्षण में धान की नमी मात्र 12.2 प्रतिशत पाई गई, जबकि मौके पर कृषक ने स्वयं स्वीकार किया कि धान पूर्व सीजन का है। यह जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों को दी गई और तहसीलदार एवं कार्यपालिक दण्डाधिकारी लैलूंगा को मौके पर बुलाया गया।
तहसीलदार लैलूंगा द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान स्पष्ट हुआ कि श्री हिमांचल चौहान ने मोबाइल ऐप के माध्यम से 100 क्विंटल का टोकन कटवाकर धान लाया था। जब पुराने धान को नियमों के अनुसार जप्त किया गया, तो कृषक द्वारा न केवल सहयोग से इंकार किया गया, बल्कि समिति परिसर में अभद्र व्यवहार भी किया गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि कृषक ने जप्त धान और ट्रैक्टर को पेट्रोल डालकर जलाने की धमकी तक दे डाली। इसके बाद वह मौके से धान और ट्रैक्टर वहीं छोड़कर फरार हो गया।
अमानक धान तथा ट्रैक्टर को तहसीलदार लैलूंगा द्वारा नियमानुसार जप्त कर समिति प्रबंधक की सुपुर्दगी में दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, कृषक द्वारा किया गया यह कृत्य परिशांति भंग होने की आशंका उत्पन्न करने वाला है।
इस पूरे प्रकरण के आधार पर संबंधित कृषक के विरुद्ध थाना लैलूंगा में 126/135(3) बी.एन.एस.एस. के तहत कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि जिले में धान के अवैध परिवहन, भंडारण तथा मिलावट की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। धान खरीदी में लगे अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है ताकि खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुव्यवस्थित और ईमानदार बनी रहे।
जिला प्रशासन ने कृषकों से अपील की है कि वे स्वच्छ और मानक के अनुरूप धान ही लेकर आएं तथा खरीदी केंद्रों में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या गलत जानकारी देने से बचें।

और भी

75 प्रतिशत सब्सिडी के साथ पर्यटकों के लिए आकर्षक टूर पैकेजों की शुरुआत,मुख्यमंत्री जन पर्यटन प्रोत्साहन योजना से छत्तीसगढ़ पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान

रायपुर 5 दिसंबर 2025/ छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग एवं आईआरसीटीसी मिलकर मुख्यमंत्री जन पर्यटन प्रोत्साहन योजना के तहत रायपुर और बस्तर में पर्यटकों के लिए विशेष टूर पैकेजों की शुरुआत जल्द ही करने जा रहे हैं। यह पहल प्रदेश की सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक विरासत के प्रसार के साथ-साथ पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस योजना के अंतर्गत रायपुर से चार प्रमुख टूर पैकेज संचालित किए जाएंगे, जिनमें रायपुर सिटी टूर, रायपुर सिटी धार्मिक टूर, रायपुर–जगदलपुर सर्किट टूर और रायपुर–सिरपुर–बारनवापारा सर्किट टूर शामिल हैं। प्रत्येक पैकेज में वातानुकूलित वाहन, हिंदी-अंग्रेजी गाइड, भोजन और ट्रैवल इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पर्यटक आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का आनंद ले सकेंगे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि पर्यटन को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह महत्वपूर्ण योजना शुरू की गई है। इससे न केवल आर्थिक विकास को बल मिलेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त होगी।

पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह योजना स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगार के व्यापक अवसर भी उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक समृद्धि हर पर्यटक तक पहुँचे।”

*प्रमुख टूर पैकेज*

*रायपुर सिटी टूर (दिवसीय भ्रमण)*

इस टूर में पर्यटक रायपुर के प्रमुख स्थलों—राम मंदिर, ऊर्जा पार्क, पुरखौती मुक्तांगन, छत्तीसगढ़ ट्राइबल म्यूजियम, नंदनवन जू और कौशल्या माता मंदिर की सैर कर सकेंगे। पैकेज में वातानुकूलित वाहन, हिंदी/अंग्रेजी गाइड, भोजन और यात्रा बीमा शामिल है। प्रस्थान रायपुर रेलवे स्टेशन से होगा।

*रायपुर सिटी धार्मिक टूर (दिवसीय भ्रमण)*

धार्मिक स्थलों पर केंद्रित यह टूर हनुमान मंदिर, मां बंजारी मंदिर, कैवल्य धाम जैन मंदिर, इस्कॉन मंदिर, महामाया मंदिर, दंतेश्वरी माता मंदिर, राम मंदिर और मां कौशल्या माता मंदिर की यात्रा का अनुभव प्रदान करेगा। इस टूर की शुरुआत और समापन भी रायपुर रेलवे स्टेशन से ही होगा।

*रायपुर–जगदलपुर सर्किट टूर (02 रातें / 03 दिन)*

इस पैकेज में बस्तर क्षेत्र के प्राकृतिक और सांस्कृतिक स्थलों—जगदलपुर, चित्रकोट, तीरथगढ़—की यात्रा शामिल है। पर्यटक चित्रकोट जलप्रपात, कुटुमसर गुफा, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान और दंतेश्वरी मंदिर जैसे प्रमुख आकर्षणों का आनंद ले सकेंगे। ठहराव डबल-शेयरिंग होटल में होगा तथा दैनिक भोजन की व्यवस्था रहेगी।

*रायपुर–सिरपुर–बारनवापारा सर्किट टूर (01 रात / 02 दिन)*

यह टूर सिरपुर के ऐतिहासिक मंदिरों और बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य की सैर करवाएगा। पैकेज में स्नैक्स, भोजन, होटल आवास और वातानुकूलित वाहन शामिल हैं। पर्यटकों को जंगल सफारी का रोमांचक अनुभव भी मिलेगा।

*टूर पैकेज की विशेषताएं*

प्रत्येक पैकेज के लिए कम से कम 10 व्यक्तियों का समूह आवश्यक है। यात्रा के दौरान पर्यटकों को पीने का पानी, स्नैक्स, लंच और ट्रैवल इंश्योरेंस दिया जाएगा। 2 से 18 वर्ष तक के बच्चों को 85% और 18 वर्ष से अधिक के वयस्कों को 75% सब्सिडी प्रदान की जाएगी।
सभी पैकेज रायपुर रेलवे स्टेशन से शुरू और समाप्त होते हैं।

*स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा*

इन टूर पैकेजों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए पर्यटन क्षेत्र में नई ऊर्जा लाई जा रही है। पर्यटक इन पैकेजों के जरिए प्रदेश की विविधता और समृद्धि का प्रत्यक्ष अनुभव कर सकेंगे। इस योजना से स्थानीय व्यवसायों को लाभ मिलेगा और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

यह योजना मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पर्यटन को बढ़ावा देने की दूरदर्शी पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य पर्यटन को जन-जन तक पहुँचाकर प्रदेश के आर्थिक विकास को गति देना है। इससे छत्तीसगढ़ के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और पर्यटक राज्य को नए दृष्टिकोण से जानने-समझने का अवसर प्राप्त करेंगे।

*मुख्यमंत्री जन पर्यटन प्रोत्साहन योजना छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में पर्यटन को सुलभ, समृद्ध और आकर्षक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो आने वाले समय में प्रदेश को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। - मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय*

और भी