ताजा खबरें


बड़ी खबर

जशपुर शहर के मटन-मछली व्यवसाईयों के साथ बुधवार को नगर पालिका के सभागार में बैठक का किया गया है आयोजन 


जशपुर:  शहर में अव्यवस्थित ढंग से चल रहे मांसहार बाजार को व्यस्थित करने की कवायद नगर सरकार ने शुरू कर दी है। शहर के मटन-मछली व्यवसाईयों के साथ बुधवार को पालिका के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया है। इस बैठक में शहर के साप्ताहिक बाजार में संचालित तात्कालिक रूप से व्यस्थित करने और इसे सुनियोजित तरीके से शहर से बाहर शिफ्ट करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। सीएमओ योगेश्वर उपाध्याय ने बताया कि लंबे समय से मांसाहार बाजार को शहर से बाहर शिफ्ट करने की मांग शहरवासियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा की जा रही है। इसे देखते हुए इस बैठक का आयोजन किया गया है। उन्होनें बताया कि इस बैठक में व्यवसाईयों से उनकी राय ली जाएगी ताकि बाजार शिफ्ट करने के दौरान कोई समस्या ना हो। उल्लेखनिय है कि 10 जून 2022 को इस मटन मार्केट को लेकर उस समय बड़ा बवाल हो गया था जब कुछ लोगों ने कथित रूप से एक दुकान से गौमांस पकड़ने का दावा किया था। घटना के बाद शहर में तनाव की स्थिति बन गई थी। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने मांसाहार बाजार को शहर से बाहर टिकैतगंज रोड में शिफ्ट करने की योजना बनाते हुए,जमीन का चिन्हांकन भी कर दिया था। लेकिन इस योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। कुछ महिनों के बाद इस बाजार को सरकारी शराब दुकान के पास बांकी नदी के किनारे शिफ्ट करने की योजना बनाई गई। लेकिन नदी का पानी प्रदूषित होने की आशंका जताते हुए स्थानीय रहवासियों ने नगर सरकार की इसयोजना का कड़ा विरोध किया। इससे यह योजना भी बंद हो गई थी। अब एक बार फिर नगर सरकार इस समस्या के निदान के लिए सक्रिय हुई है।

और भी

CG News : परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल...प्रतिशत नहीं आई तो छात्रा ने कर ली खुदकुशी...पढ़ें पूरी खबर

Chhattisgarh News : कोरबा. परीक्षा में कम प्रतिशत आने से दुखी 9वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. छात्रा की लाश घर के कमरे में लटकी मिली. इस घटना के बाद परिजनों का रो-रो कर बुराहाल हो गया है. 

पूरा मामला कोरबा जिले के बालको नगर क्षेत्र का है. 14 वर्षीय छात्रा जानवी राजपूत ने 9वीं में 78 प्रतिशत लाई है. उन्होंने इससे अधिक परसेंट आने की अपेक्षा रखी थी. कम प्रतिशत आने पर जानवी ने सुसाइड कर ली. बताया जा रहा कि पिता ने बेटी को हौसला देने नए कपड़े और मिठाई भी बांटे थे.

फिलहाल, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और मामले की जांच कर रही.

और भी

बड़ी खबर : शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश...25 अप्रैल से स्कूलों में गर्मी की छुट्टी...पढ़ें पूरी खबर

Chhattisgarh News/रायपुर। 25 अप्रैल से स्कूलों में गर्मी छुट्टी का ऐलान कर दिया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश में लिखा है, वर्तमान में प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी व लू के कारण छात्रों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को दृष्टिगत रखते हुये राज्य शासन एतद् द्वारा शासकीय, अनुदान प्राप्त, गैर अनुदान प्राप्त, अशासकीय शालाओं हेतु घोषित ग्रीष्मकालीन अवकाश में आंशिक संशोधन करते हुये, 25.04.2025 से 15.06.2025 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित करता है।

फिलहाल, यह आदेश शिक्षकों हेतु लागू नहीं होगा तथा विभागीय समसंख्यक आदेश की शेष कण्डकाएं यथावत रहेंगी।

और भी

कलेक्टर रोहित व्यास की पहल पर बगिया के बच्चों ने सीखा टेलीस्कोप बनाना।

जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर शासकीय हाई स्कूल बगिया में तीन दिवसीय प्रकाशिकी यंत्रों से संबंधित प्रशिक्षण एवं प्रायोगिक वर्कशॉप आयोजित हुआ। शिक्षा विभाग के प्रभारी अधिकारी प्रशांत कुशवाहा और जिला शिक्षा अधिकारी पीके भटनागर के मार्गदर्शन में कांसाबेल विकासखंड के साथ ही पीएम श्री सेजेस मनोरा में भी कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए प्रकाशिकीय यंत्र के संबंध में प्रशिक्षण और प्रयोगिक वर्कशॉप दिल्ली की एस्ट्रोकुलुम स्पेस टेक रिसर्च आर्गेनाईजेशन के सहयोग से  कराया गया।

             दिल्ली से आए हुए ट्रेनर्स वेश केसरी और प्रिया रानी ने विद्यार्थियों को टेलिस्कोप मेकिंग करना सीखाया। वर्कशॉप में  प्रकाश, प्रकाशिकी, आंखों की संरचना, आंखें कार्य कैसे करती हैं, और देखने में वह हमारी किस तरह मदद करती हैं, आसमान के पैटर्न के रिकॉग्निशन‌ , टेलिस्कोप की कार्यप्रणाली, उसके पार्ट्स के कार्य की अवधारणाओं के विषय में बताने के साथ टेलिस्कोप असेंबल करना एवं चंद्रमा और ग्रहों का टेलिस्कोप के माध्यम से गेजिंग करना शामिल रहा। बगिया में आयोजित इस वर्कशॉप में सेजेस दोकड़ा, हाई स्कूल चोंगरीबहार, हायर सेकेंडरी बंदरचुआ और हाई स्कूल बगिया के लगभग 100 विद्यार्थी सहभागी रहे।
     संकल्प के प्राचार्य विनोद गुप्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर  जशपुर के द्वारा यह कार्यक्रम जिले के सभी विकासखंडों में कराया जा रहा है।प्रत्येक वर्कशॉप 3 दिनों तक चल रहा है। अभी तक चार विकासखंडों जशपुर ,मनोरा, पत्थलगांव और कांसाबेल में कार्यक्रम आयोजन पूर्ण हो चुका है। 
       कार्यक्रम आयोजन में यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा,अवनीश पांडेय , बीईओ गोपाल राम, एबीईओ के कुंभकार, विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य संजय कश्यप , अयोध गुप्ता की भी भूमिका रही।

और भी

सोच समझ कर करें सोशल मीडिया पर दोस्ती :  जशपुर पुलिस ने युवती का अश्लील वीडियो वायरल करने वाला आरोपी को ढूंढ लाई दिल्ली से,युवती की प्राइवेट वीडियो, कर दिया था सोशल मीडिया में वायरल

जशपुर : पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार थाना कुनकुरी क्षेत्रांतर्गत एक प्रार्थीया ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसके द्वारा वर्ष 2023 में मेट्रोमैनी साइट शादी डॉट कॉम पर, शादी के संबंध में अपना बायोडाटा अपलोड किया गया था, जिस पर आरोपी रोहित प्रसाद ने मोबाईल फोन के माध्यम से उसे रिक्वेस्ट भेजा तो, प्रार्थिया के द्वारा उक्त रिक्वेस्ट को स्वीकार कर लिया गया  व मैसेज के माध्यम से पीड़िता युवती व आरोपी रोहित प्रसाद के मध्य मोबाइल नंबर का आदान प्रदान हुआ, फिर दोनों के मध्य मोबाइल फोन के माध्यम से बातचीत होने लगी। इसी दौरान दिनांक 21.12.23 को आरोपी रोहित प्रसाद के द्वारा पीड़ित युवती के साथ व्हाट्सअप वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत किया गया, व बातचीत के दौरान पीड़िता को बहला फुसलाकर कर उसकी निजी अंग को प्रदर्शन करने हेतु कहने पर, पीड़िता के द्वारा आरोपी पर विश्वास करते हुए अपने निजी अंगों का प्रदर्शन किया गया, जिसे की आरोपी रोहित प्रसाद के द्वारा अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया गया ।
               पीड़िता को गलती का अहसास होने पर, वह आरोपी रोहित प्रसाद से बातचीत करना बंद कर दी, तब आरोपी रोहित प्रसाद के द्वारा अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किए गए, पीड़िता के प्राइवेट वीडियो को सोशल मीडिया में अपलोड कर वायरल कर दिया गया है।
      रिपोर्ट पर थाना कुनकुरी में  आरोपी रोहित प्रसाद के विरुद्ध भा. द. वि. की धारा 509(ख) व 67(ए) आईटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया।
             चूंकि मामला अत्यंत संवेदनशील था अतः वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर के नेतृत्व व दिशा निर्देश में थाना कुनकुरी से पुलिस टीम आरोपी की पतासाजी में लगी हुई थी, पीड़िता से प्राप्त आरोपी के मोबाइल नंबर को पुलिस की साइबर टीम के द्वारा लगातार सर्विलांस में रखा जा रहा था, कि आरोपी रोहित प्रसाद का लोकेशन सागरपुर दिल्ली में मिलने पर, तत्काल पुलिस टीम दिल्ली रवाना होकर सागरपुर से आरोपी रोहित प्रसाद को हिरासत में लेकर वापस ले आई।पुलिस के द्वारा आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन को जप्त कर लिया गया है। अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
               मामले के आरोपी रोहित प्रसाद उम्र 27 वर्ष निवासी सबरी मठ (सावरी बक्सी जी)  थाना जलालपुर, जिला सारन (बिहार) के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
         मामले की विवेचना व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश यादव, साइबर सेल से उप निरीक्षक, थाना कुनकुरी से सहायक उप निरीक्षक श्री ईश्वर वारले, आरक्षक चंद्रशेखर बंजारे व नंदलाल यादव की सराहनीय भूमिका रही है।
          मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस महिला संबंधी अपराधों के प्रति अत्यंत संवेदनशील है, आरोपी रोहित प्रसाद को दिल्ली से हिरासत में लेकर लाया गया है, महिला संबंधी अपराधों में लिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जावेगा।

और भी

मुख्यमंत्री ने फोन में जाना बिरहोर बस्ती में समस्याओं का हाल,सीएम ने कहा स्थानीय समस्याओं का निराकरण करने कलेक्टर को देंगे निर्देश

जशपुर/नारायणपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल से जल्द ही मुख्य बिरहोर बस्ती तक जाने हेतु सड़क और पुलिया निर्माण,पानी की समस्या,मोबाइल नेटवर्क टावर की समस्या दूर होगी,इसके लिए  मुख्यमंत्री साय ने पद्म श्री
जगेश्वर राम यादव को इस समस्या को अवगत कराने को कहा है,स्वयं भी यंहा की समस्या को शीघ्र ही निदान करने कलेक्टर को निर्देशित करने की बात कही। यह जनहित का कार्य पद्म श्री जगेश्वर यादव के प्रयास से संभव होता दिखाई दे रहा है।

वीडियो देखने के लिए क्लिक करे


      ज्ञात हो कि मंगलवार की सुबह पद्म श्री जगेश्वर यादव ग्राम बेहराखार पंचायत के बिरहोर बस्ती शंकर नगर पहुंचे।यहां उनके द्वारा निवासरत कुल 30 बिरहोर परिवार की कुशलता जानने का प्रयास किया गया और उनकी समस्या जान उसका निदान जल्द कराए जाने का बात कहा।इसी दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पद्म श्री जगेश्वर यादव को फोन आया।जिसमें मुख्यमंत्री ने बिरहोर जाती के लोगों से फोन में बात कराने का बात जगेश्वर यादव से कहा। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री साय को बताया कि बिरहोर निवासरत बस्ती में मुख्य बिरहोर बस्ती तक जाने हेतु सड़क और पुलिया निर्माण,पानी की समस्या,मोबाइल नेटवर्क टावर का गंभीर समस्या है।इसका समय पर निदान आवश्यक है।जिसे सुन मुख्यमंत्री ने जल्द निराकरण का आश्वासन दिया और कहा कि इस मामले में कलेक्टर जशपुर को अवगत कराया जाए।श्री यादव ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि वह भी इस मामले में कलेक्टर जशपुर को कह दें,जिस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि कलेक्टर से कह कर इसका जल्द निदान कराया जायेगा।

और भी

21 अप्रैल का इतिहास : पानीपत की पहली लड़ाई में बाबर की जीत से भारत में मुगल शासन की नींव पड़ी...पढ़ें आज का इतिहास

21 अप्रैल का इतिहास : पानीपत की पहली लड़ाई में बाबर की जीत से भारत में मुगल शासन की नींव पड़ी 

नई दिल्ली। इक्कीस अप्रैल का दिन देश के इतिहास में एक निर्णायक मोड़ लेकर आया। वर्ष 1526 में वह 21 अप्रैल का ही दिन था, जब काबुल के शासक जहीरूद्दीन मोहम्मद बाबर और दिल्ली की सल्तनत के सम्राट इब्राहिम लोदी के बीच पानीपत की पहली लड़ाई हुई।

इस लड़ाई में बाबर ने जहां तोपों का इस्तेमाल किया, वहीं लोदी ने हाथियों की परंपरागत ताकत के दम पर जंग लड़ी, लेकिन बाबर की सेना संख्या में कम होने के बावजूद लोदी की सेना पर भारी पड़ी। इस लड़ाई में लोदी मारा गया और भारत में मुगल साम्राज्य की नींव पड़ी। 

देश-दुनिया के इतिहास में 21 अप्रैल की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार हैं- 

1451 : लोदी वंश का संस्थापक बहलोल खां लोदी दिल्ली का शासक बना। 

1526 : मुगल शासक बाबर और इब्राहिम लोदी के बीच पानीपत की पहली लड़ाई में इब्राहिम लोदी मारा गया और भारत में मुगल शासन की नींव पड़ी। 

1895 : अमेरिका में विकसित पहले फिल्म प्रोजेक्टर 'पैनटॉप्टिकॉन' का प्रदर्शन किया गया। 

1926 : इंग्लैंड की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का जन्म। उनका पूरा नाम एलिजाबेथ एलेक्जेंद्रा मेरी है और सबसे लंबे समय तक इंग्लैंड पर शासन करने का रिकार्ड उनके नाम पर है। 

1938 : ‘सारे जहां से अच्‍छा हिंदोस्‍ता हमारा’... के रचयिता मशहूर शायर मोहम्मद इकबाल का पाकिस्तान के लाहौर में निधन। 

1941 : यूनान ने नाजी जर्मनी के समक्ष आत्मसमर्पण किया। 

1945 : दूसरे विश्व युद्ध के दौरान सोवियत संघ की सेना ने जर्मनी के बर्लिन शहर के कुछ बाहरी इलाक़ों पर कब्जा कर लिया। इसे हिटलर के खिलाफ एक बड़ी जीत माना गया।

1960 : ब्रासीलिया शहर को ब्राजील की राजधानी बनाया गया। 

1975 : दक्षिण वियतनाम के राष्ट्रपति थिऊ ने इस्तीफा दिया। 

1987: श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में बम धमाके में 100 से ज्यादा लोगों की मौत। कार में रखे विस्फोटक में धमाके का आरोप लिट्टे पर लगा। घटना में 300 लोग घायल भी हुए।

1989 : चीन के थ्येनआन मन चौराहे पर छात्रों का विशाल प्रदर्शन। 

1996 : भारतीय वायु सेना के अधिकारी संजय थापर को पैराशूट के जरिए उत्तरी धुव्र पर उतारा गया। 

2023: ब्रिटेन के उप प्रधानमंत्री डोमिनिक राब ने इस्तीफा दिया। 

2024: मालदीव के संसदीय चुनाव में राष्ट्रपति मुइज्जू की पार्टी ने प्रचंड बहुमत हासिल किया।

और भी

राज्य स्तरीय एफ एल एन नवाजतन वारियर्स सम्मान के लिए चयनित हुए शिक्षक

जशपुर : राज्य स्तरीय टीम एफएलएन और नवाजतन शिक्षक समूह द्वारा आयोजित एफएलएन सह नवाजतन वॉरियर्स सम्मान हेतु जशपुर जिले से श्रीमती रजनी बिंझवार शिक्षक प्राथमिक शाला जरिया विकास खंड मनोरा श्रीमती आरतीओहदार एवं श्रीमती कविता भगत विकास खंड फरसाबहार से चयनित  किये गये हैं इस सम्मान का उद्देश्य जमीन से जुड़े ऐसे शिक्षकों को प्रोत्साहित करना है जो अपनी कक्षा में 100% नियमित बच्चों को दक्ष बना रहे हैं नवाजतन वारियर्स सम्मान हेतू छत्तीसगढ़ प्रदेश के 100 शिक्षकों का चयन किया गया है। सम्मान  हेतू प्रदेश के लगभग 1500 शिक्षकों द्वारा आवेदन किया गया था जिसमें से राज्य स्तरीय टीम के द्वारा ऑनलाइन और ऑफलाइन अवलोकन कर 100 शिक्षकों का चयन किया गया है। दरअसल नवा जतन में यह ध्यान रखा गया है कि स्तरवार सीखने के प्रतिफल (लर्निंग आउटकम) किस तरह सीखने की दक्षता पर कार्य करेंगे इसलिए सीखने के प्रतिफल को पुनर्संयोजित (refurbished) भी किया गया है, जिससे बच्चों के सीखने में हुए क्षति की भरपाई शिक्षक कक्षा शिक्षण के दौरान तेज़ गति से कर सकते हैं।

और भी

CG Breaking : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली रवाना...केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ होगी अहम बैठक...पढ़ें पूरी खबर

Chhattisgarh News/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय देर रात रायपुर से दिल्ली रवाना हुए. रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से महत्वपूर्ण बैठक होनी है. यह बैठक भारतीय न्याय संहिता (BNS) को लेकर हो रही है.

बता दें कि इस अहम बैठक में बीएनएस के तहत अब तक की गई कार्रवाई के साथ-साथ ही धाराओं में आने वाली दिक्कतों को लेकर भी समीक्षा की जाएगी.

फिलहाल, भारतीय न्याय संहिता के लागू होने के बाद से देशभर में इसके विभिन्न प्रावधानों को लेकर चर्चाएं चल रही हैं. ऐसे में मुख्यमंत्री साय और गृह मंत्री अमित शाह के बीच कल महत्वपूर्ण चर्चा हो सकती है.

और भी

Recipe : गर्मियों में रहना है कूल और रिफ्रेशिंग, तो इस रेसिपी से बनाएं ताजे आमों का रसीला आमरस

लाइफस्टाइल डेस्क : गर्मी का सीजन यानी आम ही आम। यह मौसम आम के दीवानों के लिए बेहद खास होता है। फलों का राजा आम कई लोगों का पसंदीदा फल होता है और यही वजह है कि भारत में आमों की एक नहीं कई किस्मे मिलती हैं। लोग अपनी पंसद के मुताबिक इन आमों को खाते हैं। स्वाद में बेहतरीन आम सेहत के लिए भी काफी शानदार होता है। साथ ही इसे खाया भी कई तरीकों से जाता है।

कुछ लोग इसे सीधा काटकर खाते हैं, तो कुछ इससे बना मैंगोशेक पीना पसंद करते हैं। वहीं, कुछ लोग इससे बनी आइसक्रीम भी बड़े चाव से खाते हैं। हालांकि, इन सबके अलावा लोग आम से बना आमरस भी काफी पसंद करते हैं। यह भारत में गर्मियों में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला एक ड्रिंक है। ऐसे में आज इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे घर पर कैसे बनाएं स्वादिष्ट और रिफ्रेशिंग आमरस-

2-3 पके हुए आम (अल्फांसो, केसर या कोई भी मीठा-रसदार आम)

स्वाद के लिए चीनी या गुड़ (आम की मिठास के आधार पर)

एक चुटकी इलायची पाउडर

केसर के कुछ रेशे

दूध या पानी

गार्निश करने के लिए कटे हुए ड्राई फ्रूट्स

बनाने का तरीका

सबसे पहले आमों को अच्छी तरह से धो लें। फिर उन्हें छीलें और पल्प को टुकड़ों में काटकर बीज निकाल दें।

अब आम के टुकड़ों को ब्लेंडर या फूड प्रोसेसर में डालें।

फिर आमों को चखें और अगर वे पर्याप्त मीठे नहीं हैं, तो अपने स्वादानुसार चीनी या गुड़ डालें।

इसके बाद अगर आप चाहें, तो एक चुटकी इलायची पाउडर और केसर के कुछ रेशे डालें।

अब आमों और अन्य सामग्रियों को तब तक ब्लेंड करें जब तक आपको एक स्मूद, बिना किसी गांठ वाली प्यूरी न मिल जाए।

अगर आमरस बहुत गाढ़ा है, तो आप अपनी मनचाही स्थिरता के लिए थोड़ा दूध या पानी मिला सकते हैं।

तैयार आमरस को एक कटोरे या कंटेनर में डालें और इसे ढक दें। फिर कम से कम 30 मिनट से एक घंटे तक फ्रिज में रखें। आमरस ठंडा होने पर सबसे अच्छा लगता है।

ठंडे आमरस को अलग-अलग बाउल में डालें और कटे हुए मेवे से गार्निश करें।

आम के फायदे

आम में विटामिन सी और ए भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं, जो आपकी इम्युनिटी को मजबूत करते हैं और बीमारियों को रोकने में मदद करते हैं।

आम पाचन स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसमें एमाइलेज नामक डाइजेस्टिव एंजाइम्स का एक ग्रुप होता है, जो डाइजेशन को बेहतर बनाता है।

इसमें कई सारे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो ब्लड वेसल्स को आराम देकर हार्ट हेल्थ बेहतर करने में मदद करते हैं। साथ ही वह लो ब्लड प्रेशर की समस्या को भी दूर करता है।

आम को डाइट में शामिल करने से एनीमिया, कोलेरा या टीबी जैसी समस्याओं से बचाता है।

एक अध्ययन में पता चला है कि खाना खाने से पहले आम खाने से लंबे समय तक आपका पेट भरा रहता है, जिससे आप ओवरईटिंग से बच जाते हैं।

और भी

राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस पर मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं,जनसंपर्क जनमत, जनचेतना और जनसेवा का त्रिवेणी संगम: सीएम श्री साय

रायपुर :मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस के अवसर पर प्रदेश के समस्त जनसंपर्क अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनसंचार क्षेत्र से जुड़े सभी प्रतिनिधियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जनसंपर्क आज मात्र सूचना के प्रसार का माध्यम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास और संवाद की सशक्त कड़ी है। शासन की योजनाओं, नीतियों और जनहितकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुँचाने में जनसंपर्क की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ जनसंपर्क की भूमिका और भी व्यापक हो गई है। आज जनसंपर्क की लोगों को शासन की योजनाओं के प्रति   जागरूक करने में अहम भूमिका  है। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों के विस्तार के इस युग में विश्वसनीय, सटीक और संवेदनशील संप्रेषण पहले से कहीं अधिक आवश्यक हो गया है। ऐसे में जनसंपर्क की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। जनसंपर्क जनमत, जनचेतना और जनसेवा के त्रिवेणी संगम की तरह है। इसकी सक्रियता, संवेदनशीलता और संप्रेषण क्षमता जितनी सशक्त होगी, छत्तीसगढ़ में सुशासन की छवि उतनी ही मजबूत होगी। सही सूचना, सही समय पर, सही स्वरूप में जब आमजन तक पहुँचती है, तभी लोकतंत्र में विश्वास और सहभागिता मजबूत होती है।

और भी

जिले में संचालित संकल्प और आत्मानंद शिक्षण संस्थान के 15 विद्यार्थियों ने जेईई मेन्स परीक्षा क्वालीफाई कर जिले का नाम किया रोशन 

*संकल्प  से 15 विद्यार्थी जे.ई.ई. मैन्स परीक्षा में क्वालीफाईl*

जशपुर : जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर रोहित व्यास एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में खनिज न्यास निधि मद से संचालित संकल्प शिक्षण संस्थान एवं आत्मानंद के 15 छात्र-छात्राओं ने माह अप्रैल 2025 में आयोजित जे.ई.ई. मेन्स की परीक्षा  क्वालीफाई की है ।
     अनुज कुमार राम 92.16, रोशनदीप लकड़ा 90.22, जितेंद्र यादव 81.24, नितेश सिंह ने 86.51 परसेंटाइल प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस वर्ष भी संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर के द्वारा अन्य स्कूलों के विद्यार्थियों को क्रैस कोर्स कराया गया था। क्रैश कोर्स करने वाले 03 विद्यार्थियों ने भी परीक्षा क्वालीफाई की है। इस वर्ष संकल्प जशपुर से 8, संकल्प कुनकुरी से 5 और स्वामी आत्मानंद नवीन आदर्श जशपुर से 02 विद्यार्थी परीक्षा में सफल रहे हैं। क्वालीफाई  करने वाले विद्यार्थी जशपुर से अनुज कुमार राम, जितेंद्र यादव, रितु, निर्मल केरकेट्टा, स्वजल भगत , विजय पैंकरा, पुनेश्वर राम, रुचिका रूथ केरकेट्टा , स्वामी आत्मानंद जशपुर से   और संकल्प कुनकुरी से रोशन दीप लकड़ा, नितेश सिंह, अनीशा एक्का, श्लेश विजय पैंकरा, आयुष पाल मिंज स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय  के। ओम सागर नारंगे और नेहा गुप्ता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जे.ई.ई. की परीक्षा क्वालीफाई करते हुए जिले का नाम रोशन किया है । 
             अब जिले से क्वालीफाई कुल 15 बच्चे एडवांस परीक्षा में शामिल होंगे। ये सभी बच्चे  अप्रैल 2025 में आयोजित जे.ई.ई. मेन्स की परीक्षा में शामिल हुए थे । 
     संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर के प्राचार्य विनोद कुमार गुप्ता ने जानकारी दी है कि जिन विद्यर्थियो ने  जे.ई.ई. मैन परीक्षा क्वालीफाई कर ली है उन्हें जेईई एडवांस  परीक्षा की तैयारी संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर  के द्वारा करायी जायेगी। ऐसे विद्यार्थी  संकल्प शिक्षण  संस्थान जशपुर से सम्पर्क कर सकते हैं। सभी बच्चों का परीक्षा से पहले दो बार टेस्ट भी लिया जायेगा। एडवांस  की परीक्षा 18 मई को होनी है।
     संकल्प के विद्यार्थियों की इस सफलता पर कलेक्टर जशपुर रोहित व्यास, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक कुमार,   शिक्षा के प्रभारी अधिकारी प्रशांत कुशवाहा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद भटनागर , संकल्प कुनकुरी प्राचार्य व्हाई आर कैवर्त, यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा,एवं संकल्प के सभी शिक्षकों ने बधाई और शुभकामनाएँ दी है l

और भी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी में डायलिसिस सेंटर  बना किडनी मरीजों के लिए वरदान,अब तक सैकड़ो मरीजो का हो चुका है डायलिसिस सेशन

जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुनकुरी में चार बिस्तरों वाले डायलिसिस सेंटर किडनी के मरीजों के लिए वरदान साबित हो रहा है। यह डायलिसिस सेंटर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह सुविधा यहां शुरू होने पर कुनकुरी और आसपास के मरीजों को बाहर अन्य जगहों में जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। इससे उनके पैसों की भी बचत हो रही है। 
    कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में  अत्याधुनिक डायलिसिस मशीन लगाएं गए हैं।  21 फरवरी 2025 से शुरू हुए इस डायलिसिस सेंटर में अब तक 315 से अधिक डायलिसिस सेशन हो चुके हैं। रोजाना  2 से 3 मरीज डायलिसिस के लिए यहां पर आते हैं।
   जशपुर जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत गरीब और जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क डायलिसिस सेवाएँ प्रदान करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। वर्तमान में जिला चिकित्सालय जशपुर में 5 बिस्तरों वाली डायलिसिस यूनिट, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव में 3 बिस्तरों वाली डायलिसिस यूनिट संचालित हैं। इसी कड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी में 4 बिस्तरों वाली डायलिसिस यूनिट प्रारंभ की गई थी।
    मुख्यमंत्री श्री साय के कुशल नेतृत्व में  राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और उन्नत बनाने के लिए कृतसंकल्पित है।  इसी कड़ी में कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए बजटीय प्रावधान किए गए हैं। इसके साथ ही जशपुर में प्राकृतिक चिकित्सा एवं फिजियोथेरेपी केंद्र, शासकीय नर्सिंग कॉलेज और  शासकीय फिजियोथेरेपी कॉलेज स्थापित करने का निर्णय लिया है। जिससे जिले के नागरिकों को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएँ मिल सकेंगी।

और भी

PBKS vs RCB Pitch Report : आज बल्‍लेबाजों का होगा राज या गेंदबाज जमाएंगे धाक...जानें मुल्‍लांपुर स्टेडियम की पिच का मिजाज

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 37वें मैच में रविवार को पंजाब किंग्‍स की टक्‍कर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगी। दिन का यह पहला मुकाबला चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम मुल्लांपुर में खेला जाएगा। इस मैच में आरसीबी के पास पिछली हार का बदला लेने का मौका होगा। गुरुवार को पंजाब किंग्‍स और बेंगलुरु के बीच टक्‍कर हुई थी। बारिश से प्रभावित इस मैच में पंजाब किंग्‍स ने 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। यह मुकाबला 14-14 ओवर का खेला गया था। 

मुल्लांपुर स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर क्रिकेट स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। इसकी मुल्लांपुर स्टेडियम की पिच पर गेंद बड़े आराम से बल्ले पर आती है। ऐसे में जमकर छक्‍के-चौके भी लगते हैं। यही कारण है कि इस ग्राउंड पर आईपीएल 2025 में बड़े स्‍कोर देखने को मिले हैं। हालांकि, गेंदबाजों का कमाल भी देखने को मिला है। यहां की पिच से तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मदद मिल सकती हैं। हालांकि, जब गेम आगे बढ़ेगा बल्‍लेबाज अपने शॉट आसानी से लगा पाएंगे। कोलकाता के खिलाफ इसी ग्राउंड पर लीग के इतिहास का सबसे कम स्कोर डिफेंड हुआ है।

18वें सीजन में अब तक खेले गए 3 मुकाबले

आईपीएल 2025 में इस मैदान पर अब तक 3 मैच खेले गए हैं। इस दौरान पंजाब ने 2 मैच जीते हैं, साथ ही राजस्‍थान को 1 मुकाबले में जीत मिली है। 3 में से 2 मुकाबलों में स्‍कोर 200 के पार गया है। वहीं पंजाब और कोलकाता के बीच पिछला मुकाबला रोामांचक रहा था। इस लो स्‍कोरिंग मैच में पंजाब की टीम 111 रन ही बना सकी थी। जवाब में कोलकाता 95 रन पर ढेर हो गई थी।

और भी

बड़ी खबर : बिगड़ते कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का 21 अप्रैल को हल्लाबोल...मुख्यमंत्री निवास घेराव को लेकर PCC चीफ दीपक बैज ने की बैठक...पढ़ें पूरी खबर

Chhattisgarh News/रायपुर. छत्तीसगढ़ में लचर कानून व्यवस्था को लेकर 21 अप्रैल को कांग्रेस मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेगी. इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राजीव भवन में वरिष्ठ नेताओं, ब्लाक अध्यक्षों तथा रायपुर के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की. इस दौरान मुख्यमंत्री निवास के घेराव को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई. पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जवाबदेही सौंपी गई है. कानून व्यवस्था और महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध को लेकर मुख्यमंत्री निवास घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये सभी को पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया.

फिलहाल, इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यनारायण शर्मा, प्रभारी महामंत्री मलकित सिंह गैदू, एआईसीसी पूर्व सचिव विकास उपाध्याय, पंकज शर्मा, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, पूर्व अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष महेन्द्र सिंह छाबड़ा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद चौबे, मदन तालेड़ा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, कन्हैया अग्रवाल, शहर जिला अध्यक्ष गिरिश दुबे, पूर्व महापौर ऐजाज ढेबर, महामंत्री दीपक मिश्रा, सकलेन कमादार, शिव सिंह ठाकुर, श्री कुमार मेमन, सीमा वर्मा, शारिक रईस खान, अजय अग्रवाल, मो. सिद्दीक, प्रशांत ठेंगड़ी, नवीन चंद्राकर, उपस्थित थे.

और भी

धोखाधड़ी में आठ साल से फ़रार आरोपी बैंक मैनेजर को औरंगाबाद महाराष्ट्र से ढूंढ लाई जशपुर पुलिस

 
 जशपुर : पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी  गांझू राम नागवंशी, व दिल साय नाग, दोनों निवासी ग्राम कुकरीचोली, थाना बागबहार के द्वारा पुलिस को शिकायत मिली थी, जनक यादव, निवासी माटी पहाड़, गंगा यादव निवासी कुकरी चोली, पीताम्बर यादव निवासी छाता सराई , दनार्दन यादव निवासी छाता सराई, मुरली धर यादव निवासी छाता सराई के द्वारा प्रार्थी गांझू राम नागवंशी से वर्ष 2013- 14 में राशन कार्ड में बीस हजार रु सरकारी पैसा मिल रहा है, बोलकर उसके राशन कार्ड व वोटर आईडी कार्ड को मांग कर ले लिया गया था, व तात्कालीन बैंक मैनेजर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा बागबहार, अनुराग दास के साथ मिलकर, फर्जी दस्तावेज तैयार कर, केसीसी ऋण 3 लाख 10 हजार रुपए को स्वीकृत कराकर, प्रार्थी गांझू राम नागवंशी को सरकारी पैसा बीस हजार रुपए मिल रहा कहकर फर्जी दस्तावेजों में अंगूठा लगवा लिया गया व केसीसी की स्वीकृति राशि को ब्रांच मैनेजर सहित उक्त सभी  आरोपियों के द्वारा निकाल कर गबन कर लिया गया।
         इसी प्रकार प्रार्थी दिल साय नाग निवासी कुकरी चोली थाना बागबहार के मामले में भी उक्त आरोपियों के द्वारा प्रार्थी दिल साय नाग के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर, दिल साय नाग की जगह अन्य व्यक्ति ननकी राम राउत की फोटो चस्पा कर, व प्रार्थी दिल साय नाग का फर्जी हस्ताक्षर कर, तात्कालीन बैंक मैनेजर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा बागबहार, अनुराग दास के साथ मिलकर 2 लाख पचास हजार रुपए, केसीसी ऋण निकाल लिए थे। इस मामले में तात्कालीन सरपंच कुकरी चोली, श्रीमती रूखमणि नाग के द्वारा फर्जी ननकी राम राउत की फोटो को दिल साय नाग के नाम से सत्यापित किया गया था।
         दोनो प्रार्थियों को मामले की जानकारी तब हुई, जब सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा बागबहार से केसीसी ऋण वापसी हेतु उनको नोटिस प्राप्त हुआ। 
       रिपोर्ट पर थाना बागबहार में आरोपी जनक यादव, गंगा यादव, पीताम्बर यादव,  दनार्धन यादव, मोहर साय, लोदो राम,ननकी राम राउत, तत्कालिन महिला सरपंच श्रीमती रूखमणि नाग व तात्कालीन बैंक मैनेजर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा बागबहार अनुराग दास के विरुद्ध जालसाजी, धोखाधड़ी व ठगी के लिए भा.द.वि की धारा 420,467,468 व 120बी के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था।
               विवेचना दौरान पुलिस के द्वारा प्रार्थियों के केसीसी ऋण से संबंधित दस्तावेजों को जप्त कर, आरोपियों के लिपि व हस्ताक्षर नमूनों को हस्तलिपि विशेषज्ञ रायपुर परीक्षण हेतु भेजा गया है।
         उक्त मामले में अपराध सबूत पाए जाने पर मामले के आरोपी जनक यादव, गंगा यादव, पीताम्बर यादव,  दनार्धन यादव, मोहर साय, ननकी राम राउत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, एक आरोपी लोदो राम की मृत्यु हो चुकी है, व तात्कालीन सरपंच श्रीमती रूखमणि नाग, माननीय उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत पर है।
           पूरे प्रकरण में जशपुर पुलिस के द्वारा तात्कालीन बैंक मैनेजर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा बागबहार अनुराग दास की संलिप्तता की जांच की जा रही थी, जांच दौरान बैंक मैनेजर अनुराग दास के द्वारा दस्तावेजों की सही से जांच न कर, आरोपियों के साथ मिलकर फर्जी तरीके से केसीसी ऋण की रकम निकालने की पुष्टि होनेपर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में थाना बागबहार की पुलिस टीम के द्वारा आरोपी तात्कालीन बैंक मैनेजर सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा बागबहार बागबहार को औरंगाबाद (महाराष्ट्र) से हिरासत में लेकर  वापस लाई है।
     पुलिस की पूछताछ में आरोपी बैंक मैनेजर के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
      
             प्रकरण की विवेचना कार्यवाही एवं आरोपी की गिरफ्तारी में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पत्थलगांव श्री धुर्वेश जायसवाल,थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक  श्री अशोक शर्मा,आरक्षक राजेंद्र रात्रे, योगेन्द्र पटेल की  सराहनीय भूमिका रही है।
    मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि अनुराग दास को औरंगाबाद से ढूंढने में पुलिस को सफलता मिली है, अग्रिम कानूनी कार्यवाही की जा रही है
               

और भी

छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के राजेश चटर्जी निर्विरोध प्रांताध्यक्ष हुए  निर्वाचित 

जशपुर : छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन की प्रांतीय आमसभा का भव्य आयोजन दुर्ग जिले के भिलाई स्थित विवेकानंद हॉल, स्मृति नगर में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर प्रांतीय निर्वाचन अधिकारियों द्वारा सर्वप्रथम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया।जिसके पश्चात दावा-आपत्ति प्राप्त नहीं होने के पश्चात निर्वाचन प्रक्रिया के अनुसार नामांकन स्वीकार किए गए।
 प्रदेश भर से पधारे जिला अध्यक्षों एवं प्रांतीय पदाधिकारियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अंतर्गत संगठन की एकता एवं प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए सर्वसम्मति से प्रांतीय पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन किया। प्रांताध्यक्ष,वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष,प्रमुख महामंत्री, महामंत्री,कोषाध्यक्ष पद पर एकल आवेदन प्राप्त होने के कारण सम्पूर्ण निर्वाचन निर्विरोध सम्पन्न हुआ।प्रांताध्यक्ष पद पर राजेश चटर्जी,वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर राजेन्द्र सिंह(दद्दा), उपाध्यक्ष पद पर चंद्रशेखर चन्द्राकर एवं चंद्रभान सिंह निर्मलकर,प्रमुख महामंत्री सतीश ब्यौहरे,महामंत्री आकाश राय,कोषाध्यक्ष  राजेन्द्र चन्द्राकर निर्विरोध निर्वाचित हुए। प्रांतीय प्रबंधकारिणी के गठन हेतु शेष पदाधिकारियों का मनोनयन का अधिकार आमसहमति से नव निर्वाचित प्रांतीय कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को दिया गया। निर्वाचन अधिकारी द्वय दीपक चौधरी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ बी के दास ने निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा करते हुए निर्वाचित पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया। 
  वरिष्ठ उपाध्यक्ष(उप प्रांताध्यक्ष) राजेन्द्र सिंह (दद्दा) ने उपरोक्त जानकारी देते हुए कहा है कि प्रांतीय प्रबंधकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन होना संगठन के भीतर आपसी समन्वय, विश्वास एवं एकजुटता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। 
 आम सभा में प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी ने ऑडिट रिपोर्ट वर्ष 2024-25 प्रस्तुत किया,जिसका अनुमोदन आमसभा में किया गया।
आमसभा में सरगुजा से मोहम्मद सुल्तान आज़ाद,संजय त्रिपाठी, कोरिया से राजेन्द्र सिंह दद्दा, के आर देशमुख, पवन कुमार कामड़े, जीवन लाल चन्द्राकर, दिग्विजय सिरमौर, डॉ संगीता चन्द्राकर,राधेश्याम साहू,पी आर झाड़े, खेमराज सिंह,अरुण ध्रुवे, रविन्द्र सिंह पोर्ते,जॉय चक्रवर्ती, राकेश साहू, देवेंद्र बंछोर,के के धुरंधर,महेंद्र वर्मा,बलदाऊ सिंह पटेल,रामकुमार डड़सेना, अविनाश तिवारी, बिहारी लाल शर्मा,पवन सिंह,श्रीमती देवमणि साहू,नीलम सोनी,बस्तर से आर. डी. तिवारी, भानुशंकर नागराज,चेतन राम जैन,डॉ.अखिलेश त्रिपाठी, मुंगेली से  रामकृष्ण वैष्णव,विक्रम सिंह ठाकुर,देश बंधु शर्मा,नरोत्तम दस मांडले, सहित समस्त जिलों के प्रतिनिधि सैकड़ों की संख्या में उपस्थित रहे।आमसभा को प्रत्येक जिला के प्रमुख पदाधिकारियों ने खुलकर विचार रखा। जशपुर जिला अध्यक्ष विनोद गुप्ता , महामंत्री संजीव शर्मा , कोषाध्यक्ष अवनीश पांडेय , उपाध्यक्ष  साटिन राज , एलन साहू , जशपुर ब्लॉक अध्यक्ष संजय दास  ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी एवं संगठन की भावी दिशा के प्रति उत्साह प्रकट करते हुए कहा कि उम्मीद है नवनिर्वाचित पदाधिकारी पूर्व की भांति कर्मचारियों के हित में कार्य करेंगे ।

और भी

कलेक्टर ने मधेश्वर एवं मयाली में पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के लिए पर्यटन केंद्र को आकर्षक बनाने की गई चर्चा

जशपुर, : मधेश्वर महादेव पहाड़ क्षेत्र एवं मयाली ईको पर्यटन क्षेत्र को विकसित करने के लिए कलेक्टर रोहित व्यास ने शुक्रवार को परियोजना निर्माण पर परिचर्चा हेतु बैठक आयोजित की। इस बैठक में कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर क्षेत्र को श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा अनुसार विकसित करने पर चर्चा की गई। इस अवसर पर मयाली ईको पर्यटन क्षेत्र में मरीन ड्राइव की तर्ज पर पाथवे निर्माण, लाइटिंग, वृक्षारोपण, बच्चों के लिए किड्स जोन, वाटर स्पोर्ट्स, पिकनिक स्पॉट, रोप एडवेन्चर, पैगोड़ा, बर्ड वॉच टावर, स्वागत द्वार निर्माण आदि पर चर्चा की गई। पर्यटकों को लुभाने के लिए मधेश्वर महादेव में आकर्षक लेसर लाइटिंग करवाने, पक्षी प्रेमियों के लिए प्रवासी पक्षियों के दर्शन हेतु बर्ड वॉच निर्माण पर भी चर्चा की गई।
       इस अवसर पर कलेक्टर ने मयाली क्षेत्र के विकास के समय अधिक से अधिक प्राकृतिक वस्तुओं के प्रयोग करने को कहा। यहां पर पर्यटकों के लिए मड हाउस, ट्री हाउस, लॉग हाउस, स्विस कॉटेज निर्माण के साथ मंगल कार्यों के लिए मांगलिक भवन निर्माण पर भी चर्चा हुई। इस दौरान पर्यटकों को खाने पीने की अच्छी व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए आकर्षक कैंटीन का निर्माण करने पर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा इस निर्माण कार्य के साथ साथ विभिन्न गतिविधियों के द्वारा स्थानीय लोगों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर दिलाने पर विचार किया गया।
   मधेश्वर महोत्सव का होगा आयोजन
       मधेश्वर महादेव पहाड़ क्षेत्र के निकट श्रद्धालुओं की सुविधा के विस्तार के लिए कलेक्टर ने बने गुफा मंदिर में व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर क्षेत्र में पहली बार मधेश्वर महोत्सव का आयोजन इस वर्ष किये जाने की पहल की जा रही है। जिसके तहत यहां मेले का आयोजन किया जाएगा। मधेश्वर महादेव के जल अभिषेक के लिए कांवर यात्रा भी प्रारम्भ की जाएगी। पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने सभी ब्लास्टिंग कार्यों पर तत्काल रोक लगाते हुए बिना अनुमति ब्लास्टिंग कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुफा मंदिर क्षेत्र को विकसित करने के लिए परियोजना निर्माण पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों से विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर डीएफओ जितेंद्र उपाध्याय, निखिल अग्रवाल, एसडीएम नंदजी पांडे, पार्षद अमन शर्मा, भरत सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

और भी