एक दिवसीय अवकाश लेकर जुटे विद्युत विभाग के बाह्यस्त्रोत कर्मचारी, बैठक में बनी रणनीति; बगिया पहुंच मुख्यमंत्री के नाम सौंपेंगे मांग पत्र
ताजा खबरें


बड़ी खबर

एक दिवसीय अवकाश लेकर जुटे विद्युत विभाग के बाह्यस्त्रोत कर्मचारी, बैठक में बनी रणनीति; बगिया पहुंच मुख्यमंत्री के नाम सौंपेंगे मांग पत्र

जशपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) के जिला जशपुर अंतर्गत कार्यरत बाह्यस्त्रोत (मेंटेनेंस) कर्मचारियों ने मंगलवार को एक दिवसीय अवकाश लेकर बन्दरचुंवा के साप्ताहिक बाजार परिसर में बैठक आयोजित की। बैठक में जिले के विभिन्न वितरण केंद्रों एवं उपसंभागों से पहुंचे कर्मचारियों ने अपनी लंबे समय से लंबित मांगों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बाह्यस्त्रोत कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके तहत बैठक समाप्त होने के कुछ घंटे बाद सभी कर्मचारी मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, बगिया पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम आवेदन देंगे तथा अपनी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग करेंगे।

कर्मचारियों ने बताया कि वर्तमान में उन्हें मात्र 9,200 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता है, जबकि समान प्रकृति का कार्य करने वाले संविदा कर्मचारियों को 19,500 रुपये मासिक वेतन दिया जाता है। उन्होंने वेतन में समानता लाने, सभी बाह्यस्त्रोत कर्मचारियों को विभाग में सम्मिलित करने तथा ठेकेदार के माध्यम से भुगतान की व्यवस्था समाप्त कर विभाग द्वारा सीधे बैंक खातों में समय पर वेतन जमा कराने की मांग की है।

बैठक में कर्मचारियों ने यह भी कहा कि उनसे एलटी, 11 केवी एवं 33 केवी विद्युत लाइनों पर जोखिमपूर्ण कार्य कराया जाता है। इसके अलावा नए विद्युत विस्तार कार्यों का सर्वे, उपभोक्ताओं से संबंधित दस्तावेज वितरण सहित अनेक जिम्मेदारियां भी निभानी पड़ती हैं। कई बार 24 घंटे तक आपातकालीन सेवाओं में कार्य करने के बावजूद केवल सामान्य कार्यदिवस का ही वेतन मिलता है। समय पर वेतन नहीं मिलने और कम मानदेय के कारण आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मचारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो भविष्य में लोकतांत्रिक तरीके से आगे की रणनीति बनाई जाएगी। फिलहाल सभी कर्मचारियों ने पत्र के माध्यम मुख्यमंत्री से उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर न्यायोचित निर्णय लेने की मांग करेंगे ।

Leave Your Comment

Click to reload image