गुरु चरणों में उमड़ेगी अटूट श्रद्धा... पड़ाव वाराणसी में गुरु पूर्णिमा पर उमड़ेगा लाखों भक्तों का जनसैलाब, तीन दिनों तक धर्म, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का महापर्व
नारायणपुर। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पवित्र गुरु पूर्णिमा पर्व पर उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित पड़ाव में अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम् एवं अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम के पावन परिसर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। श्रद्धा, भक्ति और गुरु-शिष्य परंपरा के इस महापर्व में देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को लेकर आश्रम परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव के साथ ही श्री सर्वेश्वरी समूह का 66वां अखिल भारतीय वार्षिक अधिवेशन भी आयोजित होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में आध्यात्मिक प्रवचन, गुरु दर्शन-पूजन, सामूहिक प्रार्थना, विचार-विमर्श, भजन-कीर्तन, युवा एवं महिला सम्मेलन सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
29 जुलाई को होगा गुरु दर्शन-पूजन का मुख्य आकर्षण
आयोजन के तहत 29 जुलाई (बुधवार) को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सुबह ध्वजोत्थोलन एवं प्रार्थना के बाद श्रद्धालुओं के लिए गुरु दर्शन एवं गुरु पूजन का मुख्य कार्यक्रम होगा। इस दौरान देशभर से पहुंचे लाखों श्रद्धालु अपने पूज्य गुरु के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। दोपहर में प्रसाद वितरण किया जाएगा, जबकि शाम को विशिष्टजनों के उद्बोधन एवं पूज्य बाबा के आशीर्वचन होंगे। रात्रि में भजन-कीर्तन के साथ आध्यात्मिक वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।
गुरु पूर्णिमा के पावन एवं पुण्य अवसर पर समस्त श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुपद संभव बाबा जी के दिव्य एवं मंगलमय दर्शन का दुर्लभ सौभाग्य प्राप्त होगा। श्रद्धालु गुरुचरणों में शीश नवाकर उनका पावन आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य भी मिलेगा। आध्यात्मिक श्रद्धा, भक्ति और गुरु-कृपा से सराबोर इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
तीन दिनों तक होंगे विविध धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम
महोत्सव का शुभारंभ 28 जुलाई को सफाई एवं श्रमदान से होगा। इसके साथ पत्रकार वार्ता और विभिन्न शाखा पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श आयोजित किया जाएगा। वहीं 30 जुलाई को सामूहिक पाठ, श्री सर्वेश्वरी समूह के अखिल भारतीय वार्षिक अधिवेशन तथा युवा एवं महिला सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें समाजहित एवं संगठन के विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम
आयोजन समिति के अनुसार लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए आवास, पेयजल, भोजन, चिकित्सा, सुरक्षा, पार्किंग तथा यातायात की विशेष व्यवस्था की जा रही है। स्वयंसेवकों की बड़ी टीम पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा में तैनात रहेगी ताकि सभी श्रद्धालु सुगमता से गुरु दर्शन कर सकें।
गुरु-शिष्य परंपरा का अद्भुत संगम
गुरु पूर्णिमा महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा, सेवा, समर्पण और आध्यात्मिक चेतना का विराट उत्सव माना जाता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर भारी उत्साह है और लाखों लोग अपने गुरु के श्रीचरणों में उपस्थित होकर आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए पड़ाव वाराणसी पहुंचेंगे।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से समय पर पहुंचकर गुरु पूर्णिमा महोत्सव में सहभागी बनने और इस आध्यात्मिक पर्व को सफल बनाने की अपील की है।

