ताजा खबरें


बड़ी खबर

नक्सलवाद पर निर्णायक विजय से बदलता छत्तीसगढ़ का भविष्य — विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान, अब विकास-विश्वास-समृद्धि के नए युग में प्रवेश करेगा प्रदेश, विजय शर्मा ने दी ऐतिहासिक सफलता पर बधाई

रायपुर 31 मार्च 2026/छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की समाप्ति की दिशा में मिली ऐतिहासिक सफलता के बीच आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से उनके नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री को नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में मिली इस बड़ी उपलब्धि पर बधाई देते हुए पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ अब विकास, विश्वास और समृद्धि के नए युग की ओर अग्रसर होगा। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद वर्षों तक प्रदेश की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा बना रहा और विशेष रूप से बस्तर अंचल लंबे समय तक लाल आतंक के साये में रहा।मुख्यमंत्री ने कहा कि अब परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं और नक्सल प्रभावित सभी क्षेत्रों में विकास की मुख्यधारा मजबूत हो रही है। बस्तर सहित पूरे प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण तैयार हो रहा है, जिससे आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, स्पष्ट नीति और प्रभावी रणनीति को दिया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में भयमुक्त और सुरक्षित छत्तीसगढ़ का सपना आज साकार हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी शहादत ने इस सफलता की नींव रखी है। उन्होंने सुरक्षाबलों के अदम्य साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके अथक प्रयासों का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नक्सलमुक्त वातावरण में अब छत्तीसगढ़ तेज गति से विकास के नए सोपान गढ़ेगा और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी सशक्त पहचान स्थापित करेगा।

और भी

मुख्यमंत्री श्री साय की पहल पर 2 सड़कों की मिली स्वीकृति, ग्रामीणों को होगी बड़ी सहूलियत,बच्छरांव गंगुटोली से स्कूल और कुसुमटोली से खुरसागाड़ा तक अब बनेगी पक्की सड़क: मुख्यमंत्री साय की पहल से शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच होगी आसान..5 करोड़ 10 लाख रुपये स्वीकृत, 

जशपुरनगर 31 मार्च 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पहल पर मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के अंतर्गत जशपुर जिले में दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन के आधार पर इन कार्यों के लिए कुल 5 करोड़ 10 लाख 08 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा।

     स्वीकृत कार्यों में जशपुर जिले के बच्छरांव गंगुटोली से शासकीय स्कूल बच्छरांव तक 1.00 किलोमीटर लंबाई की सड़क निर्माण शामिल है, जिसके लिए 1 करोड़ 15 लाख 53 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार ग्राम बच्छरांव (कुसुमटोली) से बच्छरांव (खुरसागाड़ा) तक 4.20 किलोमीटर लंबाई की सड़क निर्माण हेतु 3 करोड़ 94 लाख 55 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सड़कों के निर्माण से बच्छरांव क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। विशेष रूप से विद्यार्थियों को स्कूल तक पहुंचने में आसानी होगी, वहीं ग्रामीणों को बाजार, स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासकीय कार्यालयों तक पहुंचने में समय और लागत दोनों की बचत होगी।

      सड़क निर्माण से क्षेत्र में कृषि और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। किसान अपनी उपज को आसानी से बाजार तक पहुंचा सकेंगे, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी। साथ ही आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं की पहुंच भी तेज और सुगम होगी। यह स्वीकृति क्षेत्रीय विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और ग्रामीण जनजीवन की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार आएगा।

और भी

“प्रदेश की लाइफलाइन को मिला मेगा बूस्ट: CM विष्णुदेव साय ने 370 हाईटेक एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी, अब 15-30 मिनट में पहुंचेगी जीवनरक्षक 108 सेवा

रायपुर 31 मार्च 2026/प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक पहल की गई। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने 300 बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) एवं 70 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (ALS) एम्बुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के सभी जिलों के लिए रवाना किया। इसके साथ ही 108 एम्बुलेंस की समस्त सेवाएं प्रदेशभर में तत्काल प्रभाव से प्रारंभ हो गई हैं,  जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सहायता सुनिश्चित होगी।

इस पहल के अंतर्गत पहली बार प्रदेश में 5 नियोनेटल ALS एम्बुलेंसों की शुरुआत की गई है, जो नवजात शिशुओं की आपातकालीन देखभाल के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगी। यह सेवा राज्य की नवजात सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है तथा गंभीर स्थिति में नवजात शिशुओं को सुरक्षित रूप से उच्च स्तरीय उपचार केंद्रों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

 मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं निरंतर सुदृढ़ हो रही हैं और पिछले दो वर्षों में इस क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का भरोसा सरकारी अस्पतालों में लगातार बढ़ा है, जहां उन्हें समय पर उपचार मिल रहा है। उप-स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण एवं उन्नयन के कारण अब लोगों को छोटे-छोटे इलाज के लिए दूर शहरों की ओर नहीं जाना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जाए, ताकि हर जरूरतमंद मरीज तक समय पर स्वास्थ्य सहायता पहुंच सके। उन्होंने कहा कि 108 एम्बुलेंस सेवा का यह विस्तार आम जनता के विश्वास को और सशक्त करेगा कि संकट की घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ उनके साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पहली बार शुरू की गई 5 नियोनेटल ALS एम्बुलेंस सेवा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नवजात शिशुओं के जीवन की सुरक्षा के प्रति सरकार की गंभीरता और प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से आज का दिन राज्य के लिए ऐतिहासिक है और इससे लाखों लोगों को त्वरित चिकित्सा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का दूसरा राज्य बन गया है, जहां नियोनेटल एम्बुलेंस सेवा शुरू की गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार प्रकट करते हुए ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है और आने वाले समय में इसमें और तेजी देखने को मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि एम्बुलेंस सेवा में किसी भी प्रकार की देरी या कमी की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, जिसके लिए विशेष मॉनिटरिंग सिस्टम तैयार किया गया है।

प्रदेश में एम्बुलेंस सेवा की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु यह लक्ष्य निर्धारित किया गया है कि शहरी क्षेत्रों में 15 मिनट एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर एम्बुलेंस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद तक समय पर सहायता पहुंच सके।

नियोनेटल एम्बुलेंस सेवा को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। इनमें प्रशिक्षित नवजात इमरजेंसी तकनीशियन, 24×7 ईएमटी एवं पायलट की उपलब्धता के साथ विशेषज्ञ चिकित्सक का ऑनलाइन मार्गदर्शन सुनिश्चित किया गया है। इन एम्बुलेंसों में इन्क्यूबेटर, वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, सिरिंज पंप, नेब्युलाइज़र, सक्शन मशीन, पर्याप्त ऑक्सीजन सपोर्ट एवं 41 प्रकार की आपातकालीन दवाओं सहित सभी आवश्यक जीवनरक्षक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जो इन्हें “चलते-फिरते नवजात आईसीयू” के रूप में स्थापित करती हैं।

इसके अतिरिक्त, BLS एवं ALS एम्बुलेंसों में मरीजों को मौके पर ही प्राथमिक एवं उन्नत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए बीपी मॉनिटर, पल्स ऑक्सीमीटर, ईसीजी मॉनिटर, ग्लूकोमीटर जैसी जांच सुविधाओं के साथ ऑक्सीजन सपोर्ट, नेब्युलाइजेशन एवं अन्य आपातकालीन उपचार व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। गंभीर मरीजों के सुरक्षित स्थानांतरण हेतु पोर्टेबल वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर मॉनिटर, सिरिंज पंप, लैरिंजोस्कोप सहित अन्य उन्नत उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। यह समग्र पहल प्रदेश के शहरी एवं दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभ, त्वरित एवं प्रभावी उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए नागरिकों के लिए एक मजबूत जीवनरक्षक तंत्र के रूप में स्थापित होगी।

इस अवसर पर विधायक श्री मोती लाल साहू, विधायक श्री इंद्र कुमार साहू, सीजीएमएससी के अध्यक्ष श्री दीपक म्हस्के, स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया, संचालक स्वास्थ्य सेवाएं श्री संजीव झा, प्रबंध संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन श्री रणबीर शर्मा, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा श्री रितेश अग्रवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दी 5 सड़कों के लिए 16 करोड़ 30 लाख की मंजूरी,क्षेत्र वासियों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार...


जशपुरनगर 31 मार्च 2026  जिले में सड़क विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 5 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए लगभग 16 करोड़ 30 लाख रुपये की बड़ी सौगात दी है। इससे क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुगम होगा और विकास को मजबूती मिलेगी।सड़क निर्माण की मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र वासियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है। जिले के तिरसोठ से सत्तिपारा आंगनबाड़ी भवन से बटूराबहार गांधी चौक तक मार्ग निर्माण के लिए 2 करोड़ 27 लाख,
बेल्डेगी के नवापारा से चन्द्रपुर मार्ग निर्माण के लिए 2 करोड़ 98 लाख, NH 43 से छुरीपहरी चौराअम्मा मार्ग निर्माण के लिए 2 करोड़ 48 लाख,खुटगांव से घोघरजोर पहुँच मार्ग निर्माण के लिए 4 करोड़ 52 लाख,दूदूगजोर से पालीडीह तक मार्ग निर्माण के लिए 4 करोड़ 5 लाख रूपये की मंजूरी दी गई है ।इन सड़कों के निर्माण से जिले के दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय लोगों में इस मंजूरी को लेकर उत्साह का माहौल है और इसे विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।


मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जिले को सड़क निर्माण के लिए करोड़ों की दी सौगात


मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के सड़कों के निर्माण के लिए पिटारा खोल दिया है,अब तक सड़क निर्माण के लिए एक हजार करोड़ रुपए से भी अधिक की राशि की मंजूरी मिल चुकी है।जिससे पहुंच विहीन दूरस्थ गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने की दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं,सड़क की गुणवत्ता को लेकर भी सीएम साय ने उच्च अधिकारियों को भी लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश जारी कर चुके हैं।साथ ही सड़क निर्माण गुणवत्ता के साथ समय सीमा पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।जिले के लिए कई सड़कों का निर्माण कार्य शुरू हो चुकी है , जिससे आवागमन को लेकर राजगीरों को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है।

और भी

कलेक्टर रोहित व्यास का सख्त निर्देश: आश्रम-छात्रावासों पर कड़ी नजर, भोजन-सुरक्षा से लेकर रात में अधीक्षक की मौजूदगी तक हर पहलू की होगी जांच, लापरवाही पर सीधी कार्रवाई तय - बैठक में नदारत नेशनल हाईवे अधिकारी को थमाया कारण बताओ नोटिस

जशपुर 31 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सोमवार को साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर आश्रम और छात्रावास के निरीक्षण के लिए बनाए गए नोडल अधिकारी को प्रतिमाह निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा बालक और बालिका छात्रावासों के लिए अलग अलग नोडल अधिकारी बनाया गया है। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी को भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था, दरवाजे खिड़की की स्थिति और शौचालय किचन की साफ सफाई की व्यस्था की विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने नोडल अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आश्रम, छात्रवास में होस्टल अधीक्षक रात में निवास करते हैं कि नहीं इसके भी जानकारी रिपोर्ट में देंगे 

उन्होंने कहा बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने लापरवाही करने वाले छात्रावास अधीक्षक की जानकारी निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारीयों को देने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में नेशनल हाईवे के अधिकारी के अनुपस्थित होने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री घोषणा और मुख्यमंत्री जनदर्शन और कलेक्टर जनदर्शन के लंबित प्रकरणों का निराकरण गंभीरता से करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के घोषणा के कार्यों में बंदरचुआं बस स्टैंड के कार्य, जशपुर में दिव्यांग बच्चों के स्कूल के निर्माण कार्य,सोनार समाज का सामाजिक भवन बगीचा का मंगल भवन,पुल पुलिया और सड़क निर्माण कार्य, आदि अन्य कार्यों की विस्तार से समीक्षा किए और संबंधित अधिकारियों को समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा सभी निजी अस्पताल प्रत्येक माह के 9 और 24 तारीख को गर्भवती महिलाओं स्वास्थ्य जांच सोनोग्राफी और अन्य महिलाओं का नियमित जांच करेंगे।
इस संबंध में सभी प्राइवेट अस्पताल से प्रमाण पत्र लेने के लिए कहा है। 

कलेक्टर ने कहा कि प्राइवेट अस्पताल शासन के नियमों का उलंघन करते पाए गए तो कारवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने वरिष्ठ पत्रकार स्व. मधुकर खेर की पुण्यतिथि पर किया नमन

रायपुर 31 मार्च 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय मधुकर खेर की पुण्यतिथि (31 मार्च) पर उन्हें स्मरण करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में हिंदी और अंग्रेजी पत्रकारिता को समृद्ध करने में उनका योगदान अमूल्य है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि स्व. श्री मधुकर खेर ने अपनी निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहितकारी पत्रकारिता के माध्यम से समाज को जागरूक करने, जनसमस्याओं को सामने लाने और सकारात्मक बदलाव को प्रेरित करने का कार्य किया। उनकी लेखनी न केवल सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रही, बल्कि जनचेतना को प्रखर बनाने का माध्यम भी बनी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि श्री खेर का समर्पण और उनकी पत्रकारिता की विरासत आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है। उनके विचार, सिद्धांत और मूल्य हमें निष्पक्ष, सशक्त और समाजोन्मुखी पत्रकारिता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

और भी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महावीर जयंती की प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

रायपुर 31 मार्च 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी के सत्य, अहिंसा, करुणा और अपरिग्रह के सिद्धांत आज भी मानव जीवन के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों को अपनाकर समाज में शांति, सद्भाव और संतुलन स्थापित किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भगवान महावीर का जीवन हमें आत्मसंयम, त्याग और सह-अस्तित्व की भावना के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उनका संदेश केवल किसी एक वर्ग के लिए नहीं, बल्कि समूची मानवता के लिए प्रासंगिक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे भगवान महावीर की शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में आत्मसात करें और समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की सहायता के लिए सदैव आगे आएं।

और भी

की चाल में बड़ा उलटफेर: ऊर्जा, अवसर और सतर्कता का संगम—31 मार्च 2026 का राशिफल बताता है किन राशियों की चमकेगी किस्मत और किसे रहना होगा सावधान

नारायणपुर 31 मार्च 2026 । आज का दिन ग्रह-नक्षत्रों की विशेष चाल के कारण जीवन के कई क्षेत्रों में बदलाव और संतुलन लेकर आ रहा है। दिन की शुरुआत ऊर्जा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता के साथ होगी, जिससे अधूरे कार्यों को पूरा करने की प्रेरणा मिलेगी। वहीं दिन का दूसरा भाग व्यवहारिकता, योजना और जिम्मेदारियों की ओर मोड़ेगा।
आज कुछ राशियों को करियर और आर्थिक क्षेत्र में लाभ मिलेगा, तो कुछ को रिश्तों और स्वास्थ्य के मामले में सतर्क रहना होगा। कुल मिलाकर यह दिन अवसरों और सीख से भरा रहेगा।

मेष राशि (Aries)
आज का दिन आपके लिए बेहद ऊर्जावान और सकारात्मक रहने वाला है। सुबह से ही मन में नए उत्साह का संचार होगा और आप अपने कार्यों को तेजी से पूरा करने की कोशिश करेंगे। जो कार्य लंबे समय से अटके हुए थे, उनमें आज गति आएगी।
कार्यक्षेत्र में आपके प्रदर्शन की सराहना होगी और अधिकारी वर्ग आपसे प्रभावित हो सकता है। व्यवसाय से जुड़े लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं। हालांकि, अत्यधिक आत्मविश्वास या जल्दबाजी में लिए गए फैसले नुकसान दे सकते हैं, इसलिए हर कदम सोच-समझकर उठाएं।
पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा और किसी करीबी से शुभ समाचार मिल सकता है। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन मानसिक थकान से बचने के लिए आराम जरूरी है।

वृषभ राशि (Taurus)
आज का दिन आर्थिक दृष्टि से आपके लिए लाभकारी साबित हो सकता है। पुराने निवेश से लाभ मिलने के योग बन रहे हैं और नई योजनाओं में निवेश के लिए भी दिन अनुकूल है।
परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा, जिससे संबंधों में मधुरता आएगी। हालांकि, आपकी जिद या हठी स्वभाव रिश्तों में तनाव पैदा कर सकता है, इसलिए व्यवहार में लचीलापन रखें।
कार्यस्थल पर स्थिरता बनी रहेगी और सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। स्वास्थ्य की दृष्टि से दिन सामान्य रहेगा, लेकिन खान-पान में संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।

मिथुन राशि (Gemini)
आज का दिन आपके लिए संपर्कों और संवाद का है। नए लोगों से मुलाकात होगी और पुराने संपर्कों से लाभ मिल सकता है।
करियर में प्रगति के नए रास्ते खुल सकते हैं और यदि आप किसी नई स्किल को सीखना चाहते हैं, तो आज शुरुआत करने के लिए उत्तम समय है।
हालांकि, आपका मन कई दिशाओं में भटक सकता है, जिससे एकाग्रता में कमी आएगी। इसलिए जरूरी है कि आप अपने लक्ष्य पर फोकस बनाए रखें।
परिवार और मित्रों का सहयोग मिलेगा और दिन आनंददायक रहेगा।

कर्क राशि (Cancer)
आज आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत मिल रहे हैं। धन से जुड़े मामलों में सफलता मिल सकती है और कोई पुराना रुका हुआ पैसा वापस मिलने की संभावना है।
पारिवारिक जीवन में खुशहाली बनी रहेगी, लेकिन भावनात्मक निर्णय लेने से बचना होगा।
कार्यस्थल पर आपके प्रयासों की सराहना होगी और आपकी जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं।
स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन मानसिक तनाव से बचने के लिए योग और ध्यान का सहारा लें।

सिंह राशि (Leo)
आज का दिन आपके लिए आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता से भरा रहेगा। आप जहां भी जाएंगे, लोग आपकी ओर आकर्षित होंगे और आपकी बातों को महत्व देंगे।
करियर और व्यवसाय में उन्नति के संकेत हैं और कोई बड़ा अवसर हाथ लग सकता है।
हालांकि, अहंकार और क्रोध से बचना बेहद जरूरी है, क्योंकि ये आपके रिश्तों और काम दोनों को प्रभावित कर सकते हैं।
परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी और सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।

कन्या राशि (Virgo)
आज का दिन आपके लिए योजनाओं को अमल में लाने का है। आपकी विश्लेषण क्षमता और व्यवहारिक सोच आपको सफलता दिलाएगी।
दिन के दूसरे भाग में कोई महत्वपूर्ण निर्णय लेना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
कार्यस्थल पर आपके काम की प्रशंसा होगी और आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा।
स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और मन में संतोष बना रहेगा।

तुला राशि (Libra)
आज का दिन संतुलन और समझदारी से काम लेने का है। रिश्तों में सुधार होगा और पुराने विवाद खत्म हो सकते हैं।
करियर में नए अवसर मिल सकते हैं, लेकिन निर्णय लेते समय जल्दबाजी से बचना होगा।
मानसिक शांति के लिए ध्यान और योग का सहारा लेना लाभदायक रहेगा।
आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी, लेकिन खर्चों पर नियंत्रण जरूरी है।

वृश्चिक राशि (Scorpio)
आज आपके करियर में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। आपकी नेतृत्व क्षमता उभरकर सामने आएगी और अधिकारी वर्ग आपसे प्रभावित होगा।
आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी और आय के नए स्रोत बन सकते हैं।
हालांकि, परिवार को समय देना जरूरी होगा, अन्यथा रिश्तों में दूरी आ सकती है।
स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन तनाव से बचना जरूरी है।

धनु राशि (Sagittarius)
आज का दिन नई शुरुआत के लिए अनुकूल है। यदि आप किसी नए प्रोजेक्ट या योजना पर काम शुरू करना चाहते हैं, तो समय आपके पक्ष में है।
यात्रा के योग बन सकते हैं और यह यात्रा आपके लिए लाभकारी साबित हो सकती है।
स्वास्थ्य का ध्यान रखें और खान-पान में लापरवाही न करें।
परिवार और मित्रों का सहयोग मिलेगा, जिससे आत्मविश्वास बढ़ेगा।

मकर राशि (Capricorn)
आज का दिन दीर्घकालीन योजनाओं पर काम करने का है। आपकी मेहनत का फल मिलने का समय आ गया है और आर्थिक मामलों में स्थिरता आएगी।
कार्यस्थल पर आपके निर्णय महत्वपूर्ण साबित होंगे और आपको नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं।
धैर्य और अनुशासन बनाए रखें, यही आपकी सफलता की कुंजी होगी।
पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा।

कुंभ राशि (Aquarius)
आज का दिन रणनीति और योजना बनाने के लिए उपयुक्त है। भविष्य को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेना लाभदायक रहेगा।
खर्चों पर नियंत्रण रखना जरूरी होगा, अन्यथा आर्थिक दबाव बढ़ सकता है।
नेटवर्किंग और संपर्कों से लाभ मिलने के संकेत हैं।
स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन मानसिक शांति बनाए रखना जरूरी है।

मीन राशि (Pisces)
आज का दिन आत्मचिंतन और धैर्य का है। आप अपने जीवन के लक्ष्यों को लेकर अधिक स्पष्टता महसूस करेंगे।
रिश्तों में मजबूती आएगी और परिवार का सहयोग मिलेगा।
भावनात्मक निर्णय लेने से बचें और हर स्थिति में व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाएं।
स्वास्थ्य सामान्य रहेगा और मन में संतोष बना रहेगा।


हनुमान जी की पूजा करें, हनुमान चालीसा का पाठ करें, लाल वस्त्र या गुड़-चना का दान करें। इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर होगी और जीवन में सकारात्मकता बढ़ेगी।

और भी

संवेदनशील नेतृत्व की सशक्त मिसाल: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिव्यांग चंदूलाल की पुकार सुनी, सुरक्षा घेरा हटवाकर मंच पर बुलाया, मिनटों में दी सहायता राशि और दिलाया मोटराइज्ड ट्राईसिकल

रायपुर 30 मार्च 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के संवेदनशील और जनहितकारी शासन की एक भावुक झलक आज चंदखुरी में देखने को मिली, जब उन्होंने एक दिव्यांग ग्रामीण की समस्या को न केवल सुना, बल्कि मौके पर ही उसका समाधान सुनिश्चित कर मानवता और उत्तरदायी नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया।

चंदखुरी निवासी दिव्यांग श्री चंदूलाल वर्मा के लिए यह दिन जीवन का अविस्मरणीय क्षण बन गया। वे मुख्यमंत्री से मिलने की आशा लेकर कायस्थ मंगल भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्ति के बाद जब वे मुख्यमंत्री से मिलने के लिए आगे बढ़े, तो सुरक्षा कारणों से उन्हें रोक दिया गया।इसी दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की नजर उन पर पड़ी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षाकर्मियों को निर्देश दिया कि श्री वर्मा को मंच पर बुलाया जाए। यह एक छोटा-सा निर्णय था, लेकिन चंदूलाल के जीवन में बड़ा बदलाव लेकर आया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से मिलते ही चंदूलाल ने अपनी व्यथा साझा की। उन्होंने बताया कि वे पहले राजमिस्त्री का कार्य करते थे, लेकिन शुगर की बीमारी और डायबिटिक फुट के कारण उनके पैरों में गंभीर समस्या हो गई, जिससे चलना-फिरना कठिन हो गया। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे अब कोई कार्य नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें बैटरी संचालित ट्राईसिकल की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अत्यंत संवेदनशीलता के साथ उनकी पूरी बात सुनी और तत्काल सहायता राशि प्रदान करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि उन्हें शीघ्र मोटराइज्ड ट्राईसिकल उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री के निर्देशों का त्वरित पालन सुनिश्चित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष श्री प्रतीक बैस ने तत्काल प्रक्रिया पूर्ण कर चंदूलाल वर्मा को मोटराइज्ड ट्राईसिकल उपलब्ध कराया।
अपनी खुशी व्यक्त करते हुए चंदूलाल भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि “मैंने सोचा भी नहीं था कि मुख्यमंत्री मुझसे मिलेंगे और मेरी समस्या का इतना जल्दी समाधान हो जाएगा। मैं उनका दिल से आभारी हूँ। धन्यवाद विष्णु भईया।”

यह घटना केवल एक व्यक्ति की सहायता भर नहीं, बल्कि यह दर्शाती है कि राज्य सरकार का उद्देश्य हर नागरिक तक संवेदनशीलता, पहुंच और त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री का यह व्यवहार सुशासन के उस मॉडल को मजबूत करता है, जिसमें हर जरूरतमंद की आवाज सीधे शासन तक पहुंचती है और समाधान भी उतनी ही तेजी से मिलता है।

और भी

तेजी, पारदर्शिता और जवाबदेही से छत्तीसगढ़ बना आवास निर्माण का मॉडल: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,छत्तीसगढ़ ने रचा इतिहास: चालू वित्तीय वर्ष में 6 लाख से अधिक ग्रामीण आवास पूर्ण

रायपुर 30 मार्च 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ ने ग्रामीण आवास निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में 6 लाख से अधिक आवास पूर्ण किए हैं, जो इस वर्ष देश में सर्वाधिक है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, प्रधानमंत्री जनमन योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के सशक्त एवं समन्वित क्रियान्वयन से यह उपलब्धि संभव हो पाई है, जिससे प्रदेश आवास निर्माण के क्षेत्र में एक प्रभावी मॉडल के रूप में उभरा है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस उपलब्धि पर कहा कि छत्तीसगढ़ ने ग्रामीण आवास निर्माण में एक नया इतिहास रचते हुए “सबको आवास” के संकल्प को तेजी से साकार किया है। उन्होंने बताया कि सरकार के प्रथम कैबिनेट निर्णय में 18 लाख आवास स्वीकृत कर इस दिशा में ठोस शुरुआत की गई और वर्तमान में सर्वे सूची में शामिल सभी पात्र हितग्राहियों को कवर कर लिया गया है, जिससे यह सुनिश्चित हुआ है कि कोई भी पात्र परिवार आवास से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत 5.87 लाख, प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत 13 हजार तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 10 हजार से अधिक आवास पूर्ण किए गए हैं।योजनाओं के प्रभावी समन्वय से 6 लाख से अधिक आवासों का लक्ष्य पार किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह उपलब्धि वर्ष 2016 में योजना प्रारंभ होने के बाद प्रदेश में किसी एक वित्तीय वर्ष में सर्वाधिक आवास पूर्ण होने का रिकॉर्ड है, जो तेज क्रियान्वयन और प्रभावी मॉनिटरिंग को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति दे रही है। “डीलर दीदी” मॉडल के तहत 9 हजार से अधिक महिला स्व-सहायता समूह सदस्य आवास निर्माण सामग्री की आपूर्ति कर “लखपति दीदी” बनकर आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं। इसके साथ ही हजारों महिला स्व-सहायता समूहों को आजीविका के अवसर प्राप्त हुए हैं।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ का यह मॉडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन, समावेशी विकास और सुशासन की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में स्थापित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि 6 हजार से अधिक राजमिस्त्रियों को प्रशिक्षित किया गया है, जिनमें 1200 से अधिक “रानी मिस्त्री” शामिल हैं। साथ ही आत्मसमर्पित नक्सलियों को भी इस पहल से जोड़कर उन्हें सम्मानजनक आजीविका के अवसर प्रदान किए गए हैं।उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए टोल-फ्री नंबर 18002331290 संचालित है। पिछले 10 महीनों में इस पर 1500 से अधिक शिकायतें एवं सुझाव प्राप्त हुए, जिनका त्वरित निराकरण किया गया है। हर माह की 7 तारीख को सभी ग्राम पंचायतों में “आवास दिवस” के माध्यम से जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। इसके साथ-साथ ग्राम पंचायत स्तर पर क्यूआर कोड आधारित सूचना प्रणाली से जानकारी सहज उपलब्ध हो रही है।

छत्तीसगढ़ का यह मॉडल अब केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं रहकर महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन, समावेशी विकास और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में स्थापित हो रहा है, जो राज्य के सतत एवं संतुलित विकास की मजबूत आधारशिला सिद्ध होगा।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने चंदखुरी में माता कौशल्या एवं भगवान श्रीराम के किए दर्शन: प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

रायपुर 29 मार्च 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज चंदखुरी स्थित माता कौशल्या मंदिर पहुंचकर माता कौशल्या एवं भगवान श्रीराम के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
 
इस अवसर पर  छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

और भी

कायस्थ मंगल भवन का लोकार्पण: सामाजिक एकजुटता और विकास की नई पहल- कायस्थ समाज का देश-प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान: मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय

रायपुर 30 मार्च 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज चंदखुरी में कायस्थ मंगल भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कायस्थ समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता कौशल्या की पावन भूमि चंदखुरी में इस मंगल भवन का शुभारंभ होना पूरे समाज के लिए खुशी और गौरव का विषय है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कायस्थ समाज सदैव से एक प्रबुद्ध और जागरूक समाज रहा है, जिसने देश एवं प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन से लेकर सामाजिक जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में इस समाज की सक्रिय भूमिका रही है, जो प्रेरणादायी है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार द्वारा तैयार किए गए विजन डॉक्यूमेंट में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है और उन्हें विश्वास है कि कायस्थ समाज इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन इस बात का प्रतीक है कि जब समाज संगठित होकर कार्य करता है, तो बड़े से बड़ा लक्ष्य भी सहजता से प्राप्त किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर प्रदेश में कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हो रहे विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि आज अंबिकापुर से दिल्ली और कलकत्ता के लिए सीधी हवाई सेवा प्रारंभ की गई है, जिससे प्रदेशवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपने बजट में सीजी वायु योजना का प्रावधान किया है, जिसके तहत छत्तीसगढ़ के सभी हवाई अड्डों का विकास किया जाएगा। साथ ही कार्गो सेवा भी प्रारंभ की गई है, जिससे किसान अपने उत्पाद राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार तक आसानी से पहुंचा सकेंगे।

इस अवसर पर नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ मंगल भवन का निर्माण समाज की एक महत्वपूर्ण आवश्यकता की पूर्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह भवन किसी एक समाज के लिए नहीं, बल्कि सर्व समाज के उपयोग के लिए बनाया गया है। यहां सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा सकेगा, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह भवन आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा और क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

वी.वाय. हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. पूर्णेंदु सक्सेना ने कहा कि इस मंगल भवन का निर्माण पूरे समाज के सहयोग से संभव हुआ है और इसके लिए सभी लोग बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि माता कौशल्या की पावन भूमि पर इस भवन का निर्माण होना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है और यह भवन निश्चित रूप से शुभ कार्यों में उपयोगी सिद्ध होगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, सहित कायस्थ समाज के समाज के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल लॉन्च कर दी बड़ी सौगात —हवाई चप्पल से हवाई जहाज़ तक — सरगुजा के सपनों को मिली उड़ान, अंबिकापुर से दिल्ली–कोलकाता सीधी फ्लाइट सेवा का शुभारंभ 

रायपुर, 30 मार्च 2026 // प्रदेश में हवाई संपर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी से अंबिकापुर–दिल्ली - कोलकाता हवाई सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रमुख शहरों को विमान सेवाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जिससे आमजन को भी सुलभ हवाई यात्रा का लाभ मिल सके।
             मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की यह परिकल्पना रही है कि “हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सके” और छत्तीसगढ़ में यह सपना अब साकार होता दिख रहा है। उन्होंने सरगुजा अंचल के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय सांसद के प्रयासों से यह महत्वपूर्ण सुविधा संभव हो पाई है। राजधानी दिल्ली और कोलकाता से सीधा जुड़ाव होने से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने आगे बताया कि प्रदेश में हवाई सेवाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है और हाल ही में बिलासपुर एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग सुविधा भी प्रारंभ हुई है। इसके साथ ही बजट में ‘सीजी वायु’ योजना के माध्यम से घरेलू विमान सेवाओं के सुचारू संचालन का प्रावधान भी किया गया है। रायपुर एयरपोर्ट पर कार्गो सेवा प्रारंभ होने से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
      उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि अंबिकापुर (दरिमा) में 72-सीटर विमान के संचालन से दिल्ली–अंबिकापुर–कोलकाता के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे प्रदेश को बड़ी सुविधा प्राप्त हुई है। उन्होंने यह भी बताया कि बिलासपुर में नाइट लैंडिंग सुविधा शुरू होने के साथ-साथ दक्षिण छत्तीसगढ़ में जगदलपुर में भी एयर कनेक्टिविटी का विस्तार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से मंत्री श्री राजेश अग्रवाल एवं सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने भी मुख्यमंत्री को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं। 

             उल्लेखनीय है कि   निर्धारित शेड्यूल के तहत यात्रियों को आने-जाने दोनों दिशाओं में सुविधा उपलब्ध होगी तथा बिलासपुर क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी सुदृढ़ होगी। अम्बिकापुर सरगुजा संभाग का मुख्यालय होने के साथ उत्तर छत्तीसगढ़ का प्रमुख प्रशासनिक, शैक्षणिक एवं वाणिज्यिक केंद्र है। यह क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों, वन संपदा एवं खनिज भंडार से समृद्ध है। साथ ही मैनपाट, तातापानी एवं विविध जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थलों के कारण यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं विद्यमान हैं।
हवाई सेवा के प्रारंभ होने से सरगुजा संभाग सीधे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जुड़ जाएगा। इससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी, निवेश के अवसर बढ़ेंगे तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार उपलब्ध होगा। 

*एलायंस एयर का फ्लाइट शेड्यूल (सप्ताह में 4 दिन)*
             विमानन कंपनी एलायंस एयर द्वारा इन उड़ानों का संचालन किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए टिकट बुकिंग आधिकारिक वेबसाइट पर प्रारंभ हो चुकी है।

          उल्लेखनीय है कि माँ महामाया एयरपोर्ट, दरिमा का विकास केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान) के अंतर्गत किया गया है। वर्ष 1950 में निर्मित इस हवाई पट्टी का विस्तार कर रनवे को 1500 मीटर से बढ़ाकर 1800 मीटर किया गया, जिससे अब एटीआर जैसे बड़े विमान यहां संचालित हो सकते हैं। माँ महामाया एयरपोर्ट दरिमा, अम्बिकापुर लगभग 365 एकड़ में फैला हुआ है, एयरपोर्ट के सिविल एवं विद्युतीकरण कार्य हेतु राशि रू. 48.25 करोड़ की स्वीकृति दी गई थी, जिससे इस एयरपोर्ट में सभी कार्य डीजीसीए मानक अनुरूप कराया गया है। मां महामाया एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का उन्नयन 72 यात्रियों के अनुरूप कराया गया। हवाई अड्डे में लगभग 100 वाहन की पार्किंग की व्यवस्था के साथ टर्मिनल भवन तक फोरलेन सड़क का निर्माण कराया गया है।

*दिल्ली रूट (सोमवार और बुधवार)*

सोमवार (फ्लाइट नं. 91613): दिल्ली से बिलासपुर होते हुए सुबह 11:35 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। वापसी में दोपहर 12:00 बजे अम्बिकापुर से सीधे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी। बुधवार (फ्लाइट नं. 91614): दिल्ली से सुबह 10:25 बजे अम्बिकापुर आगमन और दोपहर 12:00 बजे बिलासपुर होते हुए दिल्ली प्रस्थान करेगी।

*कोलकाता रूट (गुरुवार और शनिवार)*

शनिवार (फ्लाइट नं. 91763): कोलकाता से बिलासपुर होते हुए सुबह 10:00 बजे अम्बिकापुर आगमन और 10:25 बजे सीधे कोलकाता प्रस्थान करेगी। गुरुवार (फ्लाइट नं. 91765): कोलकाता से सुबह 08:50 बजे अम्बिकापुर आगमन और 09:15 बजे बिलासपुर होते हुए कोलकाता प्रस्थान करेगी।

और भी

संवेदनशीलता और स्मार्ट टेक्नोलॉजी से सशक्त होगी नई पुलिसिंग — 859 प्रशिक्षुओं के साथ छत्तीसगढ़ पुलिस को मिला युवा बल,वर्दी केवल अधिकार नहीं, जनता के विश्वास की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है — मुख्यमंत्री

रायपुर 30 मार्च 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज चंदखुरी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी में आयोजित उप निरीक्षक संवर्ग के दीक्षांत (पासिंग आउट परेड) समारोह में शामिल हुए। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। इस अवसर पर सूबेदार, उप निरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर संवर्ग के अधिकारियों को सफल प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस सत्र में कुल 859 प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण पूर्ण किया, जिनमें 54 सूबेदार, 528 उप निरीक्षक (जीडी), 02 उप निरीक्षक (कंप्यूटर), 01 उप निरीक्षक (रेडियो), 01 उप निरीक्षक (अंगुली चिन्ह), 68 उप निरीक्षक (एसबी) तथा 205 प्लाटून कमांडर शामिल हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन सभी प्रशिक्षुओं के जीवन का एक यादगार पड़ाव है, जहाँ से वे राष्ट्र और छत्तीसगढ़ महतारी की सेवा के लिए संकल्पित होकर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कठोर प्रशिक्षण के बाद प्राप्त यह उपलब्धि न केवल प्रशिक्षुओं के लिए, बल्कि उनके परिजनों और पूरे प्रदेश के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने उल्लेख किया कि पिछले वर्ष जब उन्होंने इन्हीं युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए थे, तब उनके पास प्रतिभा थी, और आज प्रशिक्षण के बाद उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का समावेश हो चुका है, जो उन्हें एक सफल अधिकारी बनाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने पुलिस सेवा को अत्यंत प्रतिष्ठित एवं जिम्मेदारीपूर्ण बताते हुए कहा कि किसी भी प्रतिष्ठित सेवा का आधार सत्यनिष्ठा होती है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को प्रेरित करते हुए कहा कि पुलिस का मूल दायित्व नागरिकों की रक्षा करना है।  जब भी कोई नागरिक असुरक्षित महसूस करता है, तो सबसे पहले पुलिस के पास ही जाता है। इसलिए जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वर्दी केवल अधिकार नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा का संकल्प और उससे जुड़ी प्रतिष्ठा का प्रतीक है, जिसे हर परिस्थिति में बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी कभी आसान नहीं होती, लेकिन क्षमता और समर्पण के साथ इसे सफलतापूर्वक निभाया जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान किए गए कठिन परिश्रम की तरह ही सेवा में भी निरंतर प्रयास और समर्पण से संतोष और सफलता प्राप्त होती है। 

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आज का यह निष्क्रमण केवल अकादमी से बाहर निकलना नहीं, बल्कि वास्तविक कार्यक्षेत्र में प्रवेश का संकेत है। उन्होंने इसे सनातन परंपरा के ‘निष्क्रमण संस्कार’ से जोड़ते हुए बताया कि जैसे शिशु पहली बार घर से बाहर निकलता है, उसी प्रकार आज ये प्रशिक्षु सुरक्षित प्रशिक्षण वातावरण से निकलकर व्यापक जिम्मेदारियों वाले सेवा क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पुलिसिंग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। पिछले दो वर्षों में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्वरित बनाया गया है, आधुनिक तकनीक और उपकरणों को पुलिस बल में शामिल किया गया है तथा साइबर अपराधों से निपटने के लिए विशेष इकाइयाँ स्थापित की गई हैं। साथ ही प्रशिक्षण व्यवस्था को अधिक व्यावहारिक और आधुनिक स्वरूप दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य की पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं होगी, बल्कि एक सक्रिय सेवा प्रदाता के रूप में कार्य करेगी, जिसके लिए उसे प्रतिक्रियात्मक से सक्रियात्मक एजेंसी में रूपांतरित होना होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि देश वर्तमान में एक ऐतिहासिक परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है, जिसमें औपनिवेशिक कानूनों के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम जैसे नए कानून लागू किए गए हैं। यह दीक्षांत समारोह इस दृष्टि से विशेष महत्व रखता है कि यह उप निरीक्षकों का पहला बैच है, जिसने इन नवीन संहिताओं के तहत प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये अधिकारी इन कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा, विकास और विश्वास इन तीन स्तंभों पर कार्य कर रही है और पुलिस की भूमिका इन तीनों को सशक्त बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पुलिस को केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज से जुड़कर लोगों का विश्वास जीतना चाहिए, क्योंकि क्षेत्र डर से जीता जा सकता है, लेकिन दिल केवल विश्वास से ही जीता जा सकता है।

उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में स्मार्ट, तकनीक-संचालित और संवेदनशील पुलिस व्यवस्था की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य की पुलिस डिजिटल, तकनीकी और उन्नत साधनों से लैस होगी, लेकिन जनता का विश्वास केवल व्यवहार, आचरण और निष्ठा से ही अर्जित किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब इन प्रशिक्षुओं का जीवन केवल व्यक्तिगत नहीं रहा, बल्कि समाज और राज्य की सेवा के लिए समर्पित हो गया है। उन्होंने सभी अधिकारियों से आह्वान किया कि वे प्रतिदिन अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते समय न्याय, ईमानदारी और मानवता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। अंत में उन्होंने सभी को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे अपनी निष्ठा और समर्पण से छत्तीसगढ़ को सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि ये अधिकारी केवल कानून के रक्षक ही नहीं, बल्कि प्रदेश की आशाओं और विश्वास के संरक्षक भी हैं।

उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने इस अवसर पर प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके सभी उप निरीक्षकों एवं उनके परिजनों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ये प्रशिक्षु छत्तीसगढ़ पुलिस की ताकत को और सुदृढ़ करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भर्ती प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न हुई है, जो शासन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे ऐसा वातावरण बनाएँ जिसमें अपराधियों के मन में कानून का भय और आम नागरिकों के मन में पुलिस के प्रति विश्वास बना रहे।

समारोह में विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं—सर्वेश कुमार, किरण, मीताली बुग्गे, देवेन्द्र सिंह, भरत कुमार, जयप्रकाश राठौर, सचिन यादव, सुंदर मनीष, जितेन्द्र कुमार वैष्णव, जितेंद्र सिंह राजपूत एवं राकेश वैष्णव—को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्री मनोज पिंगुआ, एडीजी श्री दीपांशु काबरा, अकादमी के संचालक श्री अजय यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक पल्लव सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षुओं के परिजन उपस्थित थे।

और भी

“जशपुर के युवाओं को तकनीकी भविष्य की ओर बड़ा कदम — ‘एआई यूथ स्किल’ प्रोग्राम से छात्रों को मिला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सशक्त ज्ञान, डिजिटल युग में आगे बढ़ने की नई दिशा

जशपुर 30 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन जशपुर द्वारा शासकीय राम भजन राय एनईएस महाविद्यालय के सभागार में ऑनलाइन “एआई यूथ स्किल प्रोग्राम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की तकनीकी जानकारी, उपयोगिता एवं विभिन्न क्षेत्रों में इसके बढ़ते प्रयोग से अवगत कराना रहा।

कार्यक्रम में 1Million 1Billion संस्था के विशेषज्ञों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। सत्र के दौरान पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से एआई के शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, चिकित्सा, विज्ञान एवं परिवहन जैसे विविध क्षेत्रों में उपयोग को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया गया। साथ ही विद्यार्थियों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने प्रश्न भी रखे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेन्द्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्तमान समय में एआई एक महत्वपूर्ण तकनीक के रूप में उभर रही है, जो दैनिक जीवन के विभिन्न कार्यों को सरल बना रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को इस अवसर का लाभ उठाकर स्वयं को कौशलयुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में टीआरआई से सुश्री दिव्या प्रियदर्शनी, महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

और भी

“टीबी मरीजों के नाम पर लाखों की गड़बड़ी का खुलासा — जशपुर में हड़कंप, कलेक्टर के निर्देश पर बनी जांच समिति, 15 दिन में सच सामने लाने की सख्त चेतावनी

जशपुरनगर 30 मार्च 2026/ टीबी मरीजों के नाम पर 2.40 लाख रुपये की गड़बड़ी संबंधी शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा संज्ञान लेते हुए जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में कलेक्टर श्री रोहित व्यास की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जांच समिति का गठन किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जशपुर द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार गठित जांच समिति पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कर 15 दिवस के भीतर अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगी। कलेक्टर ने समिति के सदस्यों को सभी तथ्यों, दस्तावेजों एवं संबंधित अभिलेखों का परीक्षण कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए है। सीएमएचओ डॉ जात्रा ने कहा है कि किसी भी प्रकार की अनियमितता को गंभीरता से लिया जाता है तथा पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

और भी

अपर कलेक्टर ने गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप संचालकों ली बैठक ,गैस एजेंसी संचालकों को गौदाम के बाहर और दुकान में सीसीटीवी कैमरे लगाने के दिए निर्देश 

जशपुर 30 मार्च 2026/कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देश में अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू ने कलेक्ट्रेट मंत्रणा सभाकक्ष में जिले के सभी ऑयल कंपनियों के पम्प संचालक एवं गैस एजेंसी संचालकों की बैठक ली गई।
 
जिसमें संचालकों द्वारा पेट्रोल, डीजल एवं गैस की किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं होना बताया गया साथ ही ऑयल कंपनियों से नियमित रूप से सप्लाई प्राप्त होने की जानकारी दी गई l 

बैठक में सभी पेट्रोल डीजल संचालकों को नियमित रूप से स्टॉक की जानकारी प्रेषित करने हेतु निर्देशित किया गया साथ ही जरकीन बोतलों में पेट्रोल डीजल प्रदाय न करने के निर्देश दिए गए एवं गैस एजेंसी परिसर में सीसी टीवी कैमरा चालू हालत में रखे जाने हेतु निर्देशित किया गया। 

सभी गैस एजेंसी संचालकों को अपने कार्यालय में टोल फ्री नंबर एवं क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षक एवं ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के नंबर प्रदर्शित करने के साथ परिसर में सीसी टीवी कैमरा एवं गोदाम स्थल पर भी सीसी टीवी कैमरा स्थापित करने हेतु निर्देशित किया गया ।

और भी

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक ली,राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण समयसीमा में सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जशपुरनगर, 30 मार्च 2026/  कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्टरेट सभाकक्ष में राजस्व विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में संचालित समस्त राजस्व कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सहायक कलेक्टर श्री अनिकेत अशोक अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उन्होंने आधार एवं मोबाइल नंबर अद्यतन, किसान किताब प्रविष्टि, अविवादित एवं फौती नामांतरण, नक्शा अद्यतन, बटांकन, सीमांकन, ई-नामांतरण, स्वामित्व योजना, अभिलेख दुरुस्तीकरण, अभिलेख शुद्धता एवं व्यपर्वतन तथा राजस्व न्यायालय से संबंधित प्रकरणों की गहन समीक्षा की और  निर्देश दिए कि सभी राजस्व प्रकरणों का नियमानुसार शत-प्रतिशत निराकरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
     कलेक्टर श्री व्यास ने जनगणना की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य के महत्व को ध्यान में रखते हुए इसे पूर्ण सावधानी, सटीकता और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।  कलेक्टर श्री व्यास ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा घोषित सभी विकासकार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने  आरबीसी 6-4 के अंतर्गत लंबित प्रकरणों एवं पीड़ित क्षतिपूर्ति राशि संबंधी मामलों का त्वरित निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि इससे प्रभावितों एवं पीड़ितों को समय पर मुआवजा राशि उपलब्ध कराई जा सकेगी। बैठक में एसडीएम और अन्य राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।

और भी