जशपुर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं! बिना नम्बर प्लेट और स्टंटबाजों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, रातभर चली ताबड़तोड़ कार्रवाई में 22 बाइक जब्त, शहर में मचा हड़कंप
ताजा खबरें


बड़ी खबर

जशपुर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों की खैर नहीं! बिना नम्बर प्लेट और स्टंटबाजों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, रातभर चली ताबड़तोड़ कार्रवाई में 22 बाइक जब्त, शहर में मचा हड़कंप

जशपुरनगर 13 अफ़्रैल 2026 । शहर की सड़कों पर बेखौफ दौड़ रही बिना नम्बर प्लेट और मोडिफाइड बाइकों पर आखिरकार जशपुर पुलिस का शिकंजा कस ही गया। बीती रात कोतवाली पुलिस ने ऐसा सख्त चेकिंग अभियान चलाया कि नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई लोग रास्ता बदलते नजर आए तो कई पुलिस की पकड़ में आकर अपनी गलती पर पछताते दिखे।

दरअसल, जिले में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को साफ निर्देश दिए हैं कि बिना नम्बर प्लेट, ओवर स्पीड, मोडिफाइड गाड़ियों और स्टंटबाजों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इसी के बाद से पूरे जिले में पुलिस सख्ती के मूड में आ गई है।

इन्हीं निर्देशों के तहत कोतवाली जशपुर पुलिस ने रात में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर घेराबंदी कर एक-एक वाहन की जांच की गई। इस दौरान पुलिस ने बिना नम्बर प्लेट, तेज रफ्तार, मोडिफाइड और नाबालिगों द्वारा चलाई जा रही कुल 22 मोटरसाइकिलों को पकड़ा।

कार्रवाई के दौरान 19 बाइक ऐसी मिलीं जिनमें नम्बर प्लेट ही नहीं थी। पुलिस ने इन सभी वाहनों को मौके पर ही जब्त कर लिया और चालकों को सख्त हिदायत दी कि पहले वाहन में नम्बर प्लेट लगवाएं, तभी आगे की प्रक्रिया होगी। अगले दिन नम्बर लिखवाने के बाद इन चालकों से चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 5700 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

वहीं एक युवक तेज रफ्तार में बाइक दौड़ाते पकड़ा गया, जिस पर पुलिस ने 1000 रुपये का अलग से चालान किया। बाकी दो वाहनों के खिलाफ कार्रवाई अभी जारी है, जिससे साफ है कि पुलिस इस मामले में किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।

चेकिंग के दौरान पुलिस का सख्त रवैया देख कई वाहन चालक बहाने बनाते नजर आए, लेकिन पुलिस ने किसी की एक नहीं सुनी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सीधे कार्रवाई की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाइश भी दी कि ट्रैफिक नियमों का पालन करना उनकी खुद की सुरक्षा के लिए जरूरी है।

पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि अगर कोई वाहन चालक दोबारा बिना नम्बर प्लेट या नियमों का उल्लंघन करते पकड़ा गया तो वाहन जब्त कर सीधे न्यायालय में पेश किया जाएगा। खासकर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने को लेकर पुलिस बेहद सख्त नजर आ रही है।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन चलाने न दें। अगर नाबालिग वाहन चलाते पकड़े गए तो उनके पालकों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जशपुर पुलिस ने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सड़क सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी है। नियमों का पालन कर ही हादसों से बचा जा सकता है। फिलहाल पुलिस की इस सख्ती से साफ संकेत मिल रहा है कि आने वाले दिनों में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के लिए जशपुर की सड़कों पर अब कोई जगह नहीं बचने वाली है।

Leave Your Comment

Click to reload image