72 घंटे तक गूंजा हरिनाम, बगीचा का वृन्दावन भवन बना आस्था का महासागर – प्रदेशभर की कीर्तन मंडलियों ने बहाया भक्ति का सागर, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया महाप्रसाद और महसूस की दिव्य ऊर्जा

नारायणपुर 13 अफ़्रैल ।बगीचा विकासखंड अंतर्गत वृन्दावन भवन में आयोजित 72 घंटे का श्री हरिनाम अखंड कीर्तन इस वर्ष भी भक्ति, आस्था और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम बनकर सामने आया। विगत चार वर्षों से महकुल यादव समाज सेवा समिति, विकासखंड बगीचा द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली।
7 अप्रैल से 11 अप्रैल तक चले इस अखंड कीर्तन में न केवल जिले, बल्कि प्रदेश और अन्य राज्यों से भी कीर्तन मंडलियों ने पहुंचकर भक्ति रस की सरिता प्रवाहित की। पूरे आयोजन स्थल पर हरिनाम संकीर्तन की गूंज ने माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।

कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या विष्णु देव साय एवं क्षेत्रीय विधायक रायमुनि भगत की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की महत्ता को और बढ़ा दिया। दोनों अतिथियों ने श्रद्धापूर्वक कीर्तन में भाग लेकर आयोजन की सराहना की।
इस अवसर पर महकुल समाज सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष परमेश्वर यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद यादव, हरीश खूंटियां, प्रदेश महामंत्री रविशंकर यादव, नरसिंह सागर, पूर्व जिला अध्यक्ष गणेश यादव, जशपुर जिला अध्यक्ष अशोक यादव, सरगुजा जिला अध्यक्ष नरसिंह यादव सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई। आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना रहा।
