ब्रेकिंग न्यूज : नाबालिक से दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली घटना, जशपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 09 आरोपी चंद घंटों में हिरासत में – चार विशेष टीमों की घेराबंदी से आरोपियों का टूटा हौसला
संवेदनशील मामले में पुलिस की बड़ी सफलता, डीआईजी और एसएसपी के सख्त निर्देश पर रातभर चली कार्रवाई, आरोपियों को भेजा जा रहा न्यायिक रिमांड पर
जशपुर / 21 फरवरी 2026।
नाबालिक बालिका से दुष्कर्म जैसे गंभीर और संवेदनशील मामले में ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना नारायणपुर क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए सूचना मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर 09 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने लगातार दबिश देकर सभी आरोपियों को पकड़ लिया।
मेहमानी से लौट रही महिला और नाबालिक को रास्ते में रोका, छेड़छाड़ के बाद मुख्य आरोपी ने किया दुष्कर्म – अन्य आरोपी बने रहे मूकदर्शक
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 17 फरवरी 2026 को प्रार्थी की 35 वर्षीय भतीजी एवं 13 वर्षीय नाबालिक बेटी अपने रिश्तेदार के घर से मेहमानी कर वापस अपने गृह ग्राम लौट रही थीं। इसी दौरान शाम के समय थाना थाना क्षेत्र के एक चौक के पास पहले से मौजूद नौ युवकों ने उन्हें रोक लिया और छेड़छाड़ करने लगे।
इस दौरान भयभीत महिला किसी तरह मौके से भागकर घर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग चुके थे। घटना के दो दिन बाद नाबालिक बालिका ने अपने परिजनों को बताया कि एक आरोपी उसे जबरन कुछ दूरी पर ले गया और उसके मना करने के बावजूद जमीन पर पटककर दुष्कर्म किया, जबकि अन्य आरोपी दूर खड़े होकर घटना को देखते रहे।
आरोपियों ने पैसों का लालच देकर मामले को दबाने की कोशिश की, शिकायत करने पर जान से मारने की दी धमकी
घटना की जानकारी गांव में फैलने के बाद आरोपीगण प्रार्थी के पास पहुंचे और पैसे देकर मामला दबाने का प्रयास किया। साथ ही थाना में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। लेकिन पीड़ित परिवार ने साहस दिखाते हुए दिनांक 20 फरवरी 2026 को थाना नारायणपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई।
बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज, पीड़िता का कराया गया स्वास्थ्य परीक्षण
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना नारायणपुर में आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137, 87, 96, 64, 65(1), 70(1), 70(2), 127(2), 351(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5 एवं 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई। पुलिस द्वारा पीड़िता का तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चार विशेष टीमों का गठन, ताबड़तोड़ दबिश देकर सभी आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देकर मामले से जुड़े सभी 09 आरोपियों को हिरासत में ले लिया, जिनमें एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- नीरज लकड़ा, उम्र 23 वर्ष (मुख्य आरोपी)
- 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक
- समीर मिंज, 28 वर्ष
- तेलेस्फोर मिंज, 40 वर्ष
- आनंद मिंज, 38 वर्ष
- रितेश कुमार टोप्पो, 29 वर्ष
- सुनीत तिर्की, 30 वर्ष
- अविनाश तिर्की, 25 वर्ष
- सत्या मिंज, 24 वर्ष
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा जाएगा।
पुलिस टीम की सक्रियता से मिली सफलता, कई अधिकारियों और जवानों ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक राकेश कुमार यादव, सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, नरेश मिंज, अनिल कामरे, प्रधान आरक्षक छविकांत पैंकरा, अनानियुस टोप्पो, उमेश मिंज, दामिनी टोप्पो, आरक्षक जितेन्द्र गुप्ता, नंदलाल यादव, अशोक कंसारी, अमित तिर्की, विमल टोप्पो एवं उमेश भारद्वाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश – महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नाबालिक बालिका से दुष्कर्म जैसे गंभीर मामले में सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है और ऐसे मामलों में दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
