ताजा खबरें


बड़ी खबर

बगीचा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने आए फरियादी के साथ एक परिवार के पांच सदस्यों ने की जमकर मारपीट ,पुलिस के मना करने पर पुलिस वालों से करने लगे धक्का मुक्की,आरक्षक को पालतू कुत्ते से कटवाया.....SSP ने दी सख्त हिदायत, गुंडा गर्दी किसी भी कीमत पर नहीं की जाएगी बर्दाश्त

जशपुर :- बगीचा थाना परिसर में घुसकर एक परिवार ने रिपोर्ट करने आये ग्रामीण से जमकर मारपीट की है।मामले में बगीचा पुलिस ने हमलावर पिता पुत्र मां बेटी समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
           पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार  प्रार्थी दीपक जयसवाल निवासी बगीचा, जो कि थाना में मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराने आया था,  उसी समय आरोपी सागिर हुसैन , साबिर हुसैन, जाकिर हुसैन तथा उसके घर की महिलाएं थाना पहुंचकर थाना परिसर में ही प्रार्थी दीपक जयसवाल व उसके भाई तथा उसके साथ आए व्यक्तियों के साथ हाथ मुक्का से मारपीट शुरू कर दिए । मारपीट होता देखकर थाना पहरा  ड्यूटी में तैनात  ,आरक्षक क्रमांक 644 धनेश्वर राम के द्वारा आरोपीगणों को प्रार्थी व उसके साथियों के साथ थाना परिसर में मारपीट करने से मना किया गया, जिस पर आरोपीगण उत्तेजित होकर आरक्षक धनेश्वर मिंज के साथ झूमा झटकी करने  लगे, जिससे आरक्षक धनेश्वर राम गिर गया, तभी बीच बचाव करने आए थाना के स्टाफ प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह व एएसआई राजकुमार पैकरा के साथ भी आरोपियों के द्वारा धक्का मुक्की की गई।  आरोपियों ने अपने पालतू कुत्ते को इशारा करते हुए, पुलिस वालो को काटने हेतु कहने पर ,पालतू कुत्ते ने आरक्षक धनेश्वर राम के पैर में  गंभीर रूप से काट लिया ।जिससे धनेश्वर राम घायल हो गया  ।मौके पर अन्य पुलिस स्टाफ के पहुंचने पर आरोपीगण थाना से भाग गए  थे। 


           पुलिस के द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपियों के विरुद्ध बी एन एस की धारा 296,351(2), 118(1), 191(2), 132  के तहत अपराध पंजीबद्ध कर  विवेचना में लिया गया व घटना के संबंध में  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह को सूचित करने पर उनके द्वारा  मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए, पुलिस के साथ झूमा झटकी और आरक्षक धनेश्वर राम के पालतू कुत्ते से काटने से  गंभीर रूप से घायल होने से तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी  बगीचा को निर्देश दिया गया I 
           आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु  विशेष टीम के द्वारा प्रातः रेड कार्यवाही कर आरोपीगण को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार कर ,न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है ।
              मामले की कार्यवाही व आरोपियों की गिरफ्तारी में  थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक संतलाल आयाम , एएसआई उमेश प्रभाकर ,  एएसआई बैजंती किंडो , एएसआई नरेश मिंज , प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह  , आरक्षक विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम क्रमशः 1. जाकिर हुसैन पिता रियाज मोहमद 55 साल 
2. सागीर हुसैन पिता जाकिर हुसैन 22 साल 
3. रिजवाना खातून पति जाकिर हुसैन 42 साल 
4. सहेला खातून पिता जाकिर हुसैन 23 साल 
5. सबीना खातून पिता जाकिर हुसैन 25 साल  सभी निवासी कोरिया कर्मा, थाना बरही, जिला हजारीबाग (झारखण्ड)  वर्तमान निवास -  बस स्टैंड पारा बगीचा वार्ड नंबर 07 थाना बगीचा जिला जशपुर

मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जावेगा, थाना परिसर में पुलिस के साथ विवाद करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

और भी

कलेक्टर के साप्ताहिक बैठक में नदारत रहे नगर पालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय और कृषि विभाग के उप संचालक एम आर भगत को कारण बताओ नोटिस हुआ जारी 

जशपुर : कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने मंगलवार को साप्ताहिक समय सीमा की बैठक लेकर आगामी 21 जून को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 21 जून को रणजीता स्टेडियम में राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे इसके लिए सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि जिन जिन अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई उसका सभी गंभीरता से पालन करेंगे।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, महाविद्यालय के बच्चों, जनप्रतिनिधिगण,
समाज सेवी और एनजीओ, मीडिया के पत्रकारों के साथ आम नागरिकों को योग दिवस पर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया हैं। 

कलेक्टर ने ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत , नगरीय निकाय और सभी विभागों के अधिकारियों को समाज कल्याण के अंतर्गत yoga.ayush.gov.in और yoga-sangam में पंजीयन करवाने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जी का जशपुर ,दुलदुला, कुनकुरी और तपकरा में विभिन्न कार्यक्रम में शामिल होंगे इसके सभी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, अपर कलेक्टर प्रदीप कुमार साहू सभी एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर ने साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में अनुपस्थित नगर पालिका अधिकारी श्री योगेश्वर उपाध्याय और कृषि विभाग के उप संचालक श्री एम आर भगत को बैठक में अनुपस्थित होने के कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने योग दिवस के कार्यक्रम के लिए कार्यक्रम स्थल पर वाटर प्रूफ पंडाल, बिजली, पानी, बैठक व्यस्था , जनरेट, बेरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था के सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन और साप्ताहिक समय सीमा के लम्बित प्रकरणों की गहन समीक्षा किए और निराकरण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

और भी

आदिवासी गांवों की तरक्की को मिलेगी नई रफ्तार.....दंतेवाड़ा में शुरू हो रही कोल्ड स्टोरेज की सुविधा,किसानों को मिलेगा बेहतर दाम

*दंतेवाड़ा में शुरू हो रही कोल्ड स्टोरेज की बड़ी सुविधा*

रायपुर /दंतेवाड़ा जिले में खेती और जंगल से मिलने वाली उपज को लंबे समय तक सुरक्षित रखने और किसानों को उनकी मेहनत का पूरा मूल्य दिलाने के लिए एक बड़ी शुरुआत की जा रही है। जिले के पातररास गांव में केन्द्र सरकार और छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से पहली बार एक ऐसा आधुनिक केंद्र बनाया जा रहा है जहां कोल्ड स्टोरेज, खाद्यान्न और वनोपज को खराब होने से बचाने के लिए रेडिएशन जैसी तकनीक का इस्तेमाल होगा। यह कार्य प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना के तहत हो रहा है। यह पूरे देश में सरकारी स्तर पर बनने वाली अपनी तरह की पहली सुविधा है। इस परियोजना से बस्तर की तस्वीर बदलेगी। 

*अब उपज नहीं होगी बर्बाद, बढ़ेगी आमदनी*

बस्तर क्षेत्र में इमली, महुआ, जंगली आम, देशी मसाले और मोटे अनाज जैसे बाजरा जैसी उपज होती है। लेकिन सही तरीके से उन्हें संरक्षित रखने और बेचने की सुविधा नहीं होने से हर साल 7 से 20 प्रतिशत उपज खराब हो जाती है। अब जो सुविधा बन रही है, उसमें कोल्ड स्टोरेज, फ्रीजर, रेडिएशन मशीन, और सामान ढोने के लिए बड़े ट्रक होंगे। इससे ये चीजें लम्बे समय तक सुरक्षित रखी जा सकेंगी। उत्पादों का टिकाऊपन बढ़ेगा, बर्बादी रुकेगी और किसानों को ज्यादा दाम मिलेंगे।

*क्या-क्या होगा इस सुविधा में*

इस परियोजना की लागत करीब 25 करोड़ रुपये है और इसे जिला परियोजना आजीविका कॉलेज सोसायटी चला रही है। यह संस्था खासतौर पर आदिवासी इलाकों में रोजगार बढ़ाने के लिए बनी है। पातररास गांव में बनने वाली इस परियोजना में 1500 मीट्रिक टन की क्षमता वाला कोल्ड स्टोरेज, 1000 मीट्रिक टन का फ्रोजन स्टोरेज, 5 छोटे-छोटे कोल्ड रूम,फलों को जल्दी ठंडा करने के लिए ब्लास्ट फ्रीजर,पकने वाली चीजों के लिए अलग चौंबर,रेडिएशन मशीन जिससे चीजें लंबे समय तक खराब न हों, सामान ले जाने वाले 3 बड़े ट्रक तथा बिजली बचाने के लिए 70 किलोवॉट का सोलर सिस्टम लगेगा।

यह सुविधा हर साल 10 हजार मीट्रिक टन से ज्यादा उपज को सुरक्षित रखने में मददगार साबित होगी और इसका फायदा दंतेवाड़ा के अलावा बस्तर, बीजापुर, सुकमा, कोंडागांव और नारायणपुर जैसे जिलों के किसानों और वनोपज संग्राहकों को मिलेगा। इस परियोजना के लिए 10 करोड़ रुपये केंद्र सरकार की योजना से तथा 14.98 करोड़ रुपये जिला खनिज निधि से व्यय किये जायेंगे। अब तक इस तरह की प्रोजेक्ट के ज्यादातर काम निजी कंपनियों ने किए हैं, लेकिन पहली बार सरकार खुद ऐसी सुविधा बना रही है, जिससे आदिवासी इलाकों में सरकारी योजनाओं के भरोसे को भी मजबूती मिलेगी।

*रोजगार और आमदनी में होगा इजाफा*

इस सुविधा से प्रतिवर्ष लगभग 8.5 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने की उम्मीद है। इसका सीधा फायदा किसानों, वनोपज संग्रहणकर्ताओं और स्थानीय युवाओं को मिलेगा, क्योंकि यहां काम करने के लिए लोगों की जरूरत होगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़ेगा और कई लोगों को अपने गांव में ही रोजगार मिल सकेगा। यह पहल वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित इलाकों में स्थायी रोजगार और शांति की दिशा में भी मददगार साबित होगी।

*जल्द ही होगा काम शुरू, तैयार है बाजार*

इस सुविधा के लिए जमीन मिल चुकी है और रेडिएशन तकनीक देने वाली संस्था बीआरआईटी के साथ समझौता भी हो चुका है। काम पूरा होने में करीब 24 महीने लगेंगे, यानी 2 साल में सुविधा पूरी तरह शुरू हो जाएगी। प्रशासन ने रायपुर और विशाखापत्तनम जैसे बड़े शहरों में बाज़ार भी तैयार कर लिए हैं, जहां से बस्तर के बने प्रोडक्ट्स को देश-विदेश में भेजा जाएगा। खास बात ये है कि बस्तर के नाम से खास ब्रांड तैयार करने की योजना भी बन रही है, ताकि यहां के उत्पादों की पहचान अलग बने और ज्यादा दाम मिल सके।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कहना है कि यह सिर्फ एक प्रोजेक्ट नही, बल्कि आदिवासी भाई-बहनों के भविष्य की नींव है। हमारे वनोपज संग्राहकों और किसानों को अब अपने उत्पाद का बेहतर दाम मिलेगा, सामान लंबे समय तक खराब नहीं होगा और वे सीधे बड़े बाजार से जुड़ सकेंगे। यह पूरी व्यवस्था बस्तर के लोगों के लिए, बस्तर के लोगों द्वारा चलाई जाएगी।

यह परियोजना इस बात का प्रमाण है कि अगर नीति, सरकारी संसाधन और लोगों की मेहनत साथ आ जाएं, तो गांव की अर्थव्यवस्था भी चमक सकती है। यह मॉडल अब दूसरे आदिवासी इलाकों के लिए भी एक उदाहरण बनेगा, जहां जनजातीय समुदायों को उनका हक और सम्मान दोनों मिल सके। यह परियोजना बस्तर की तस्वीर को नया आयाम देगी।

और भी

मुख्यमंत्री सेन समाज के महिला जिला अध्यक्षों एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में हुए शामिल.....सामाजिक भवन निर्माण हेतु 20 लाख रूपये की घोषणा

रायपुर / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि सेन समाज प्रगतिशील समाज है, इसका गौरवशाली इतिहास रहा है। हमारे सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक क्षेत्र में इस समाज का योगदान अतुलनीय है। यह समाज छत्तीसगढ़ की तरक्की और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे है। मुख्यमंत्री श्री साय आज राजधानी रायपुर में आयोजित सेन समाज के महिला जिला अध्यक्षों एवं प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने बालोद नगर में सेन समाज के सामाजिक भवन हेतु 20 लाख रूपये की स्वीकृति घोषणा की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने सेन महाराज की तैल्यचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित एवं दीप प्रज्वलन कर किया। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में आगे कहा कि किसी भी समाज मे परिवर्तन के लिए शिक्षा बहुत आवश्यक है। आज समाज में महिलाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। महिला के शिक्षित होने से पूरा परिवार को इसका लाभ मिलता है। सशक्त महिला से ही सशक्त समाज एवं सशक्त समाज से सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। हमारी सरकार का दृढ़ विश्वास है कि महिलाएँ समाज निर्माण की आधारशिला हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में सेन समाज के प्रतिभाओं जैसे स्वर्गीय श्री कर्पूरी ठाकुर जी सहित अनेक लोगों के योगदान का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सेन समाज सामाजिक विसंगतियों को दूर करने के लिए सार्थक कदम उठा रहा है, यह प्रसन्नता का विषय है। हमारी सरकार सेन समाज के विकास और उत्थान के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने को तैयार है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य के अन्नदाताओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने विभिन्न योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है। महिलाओं के लिए कई योजनाएँ शुरू की हैं,जो प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद कर रही है। हमारी सरकार आने के बाद हमने मोदी की गारंटी में शामिल महतारी वंदन योजना को लागू किया। आज प्रदेश की 70 लाख महिलाएँ इससे लाभान्वित हो रही हैं। महतारी वंदन योजना के तहत हमारी सरकार ने छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों को आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान की है, ताकि वे अपने परिवार और समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आगे कहा केन्द्र द्वारा संचालित बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की शुरुआत कर लिंगानुपात में सुधार, बालिका शिक्षा को बढ़ावा और समाज में महिलाओं के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का उद्देश्य रखा गया है। हमारी बेटियां हमारा गौरव हैं। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के माध्यम से हम उनकी शिक्षा और सुरक्षा को सुनिश्चित कर रहे हैं। कार्यक्रम को विधायक श्री पुरंदर मिश्रा एवं नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। 

इस अवसर पर सेन समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं, कलाकारों, महिला सामाजिक कार्यकर्ताओं का साल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्प कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, छत्तीसगढ़ सर्व सेन समाज प्रदेश अध्यक्ष श्री पुनीत सेन, सहित बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित थे।

और भी

सार्थक एवं रक्षक अभियान का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ,,,,,,पुलिस जवान, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और छात्राएं हुईं सम्मानित

रायपुर /मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के 15 वें स्थापना दिवस समारोह के मौके पर बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता लाने के लिए सार्थक एवं रक्षक अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल आडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि राज्य के सुदूर अंचलों में बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि सार्थक एवं रक्षक जैसे नये अभियान जनमानस में बच्चों के अधिकारों के लिए जागरूक करने में कारगर सिद्ध होंगे। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही सशक्त समाज का निर्माण हो सकता है। छत्तीसगढ़ राज्य के सुदूर अंचल खासकर बस्तर एवं सरगुजा संभाग में कम उम्र में ही बच्चे कामकाज की तलाश में अन्य शहरों के तरफ चले जा जाते हैं, पर जानकारी के अभाव में कई बार शोषण के शिकार हो जाते हैं। आयोग की जिम्मेदारी है कि ऐसे बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें रोजगार से जोड़ते हुए शासन की योजनाओं से लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बच्चों और युवाओं पर केन्द्रित अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। हमारी सरकार गांव-गांव तक स्कूल, कॉलेज, कोचिंग की सुविधा मुहैया करा रही है। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में प्रयास, नालन्दा परिसर एवं दिल्ली में ट्राईबल यूथ हॉस्टल जैसे कार्यों के माध्यम से छात्रों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।  

छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा ने आयोग की कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। गौरतलब है कि सार्थक अभियान बाल अधिकारों के प्रति जागरूकता लाने एवं रक्षक अभियान विश्वविद्यालयों में बाल अधिकार संरक्षण कानूनों की विशेष जानकारी प्रदान करने के लिए संचालित की जा रही है। आयोग के स्थापना दिवस समारेाह में बाल अधिकारों की जागरूकता के लिए बेहतर कार्य करने वाले पुलिस के जवानों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की नई मार्गदर्शिका बुकलेट, रक्षक बुकलेट एवं गुड टच, बेड टच सेफ टच, मानव तस्करी, एवं शिक्षा के अधिकार पर आधारित कार्टून पुस्तकों का भी विमोचन किया गया। 

इस अवसर पर विधायक सर्वश्री सुनील सोनी, श्री पुरंदर मिश्रा, श्री गुरु खुशवंत साहेब, नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सलीम राज सहित अनेक जनप्रतिनिधि और आयोग से जुड़े संगठन और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

और भी

कलेक्टर ने राजस्व विभाग के कार्यों की ली समीक्षा बैठक,,,,,,सभी एसडीएम को अपने तहसीलों का नियमित निरीक्षण करने कलेक्टर ने दिए निर्देश

जशपुरनगर / कलेक्टर रोहित व्यास ने मंगलवार को जिला कार्यालय सभाकक्ष में राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में कलेक्टर ने नामांतरण, बटांकन, सीमांकन, खाता विभाजन, अभिलेख शुद्धता, राजस्व के लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। 
         कलेक्टर ने राजस्व न्यायालयों के अंतर्गत प्राप्त समस्त आवेदनों को प्राप्ति के उपरांत जल्द से जल्द ऑनलाइन एंट्री करते हुए समय सीमा में आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आधार प्रविष्टियां, नक्शा अपडेट, वन अधिकार पत्र के प्रकरणों को विशेष ध्यान देकर निराकरण करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को भू अर्जन के प्रकरणों की भी जानकारी लेते हुए उनका निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों राजस्व (एसडीएम) को नियमित रूप से तहसीलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
           उन्होंने समीक्षा के दौरान शासकीय विभागों, विभिन्न सामाजिक संगठनों को भूमि आबंटन की स्थिति की भी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने असर्वेक्षित ग्रामों की स्थिति की जानकारी लेते हुए जल्द से जल्द सर्वे कार्य करवाने को कहा। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, एसडीएम ओंकार यादव, आकांक्षा त्रिपाठी, ऋतुराज बिसेन, नंदजी पांडेय सहित तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

और भी

जल जीवन मिशन के 06 ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त व 114 ठेकेदारों को जारी किया गया कारण बताओ नोटिश

जशपुरनगर : /कलेक्टर श्री रोहित व्यास के अध्यक्षता में जिला जल स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित कर जल जीवन मिशन की कार्यों की समीक्षा की गई। जल जीवन मिशन अंतर्गत विभिन्न अनुबंधों के अंतर्गत कार्य किये जा रहे ठेकेदारों के कार्यों में धिमी प्रगति के कारण जिले के 3333 योजनाओं में से केवल 1072 योजना पूर्ण होने पर कलेक्टर द्वारा घोर नाराजगी व्यक्त की गई जिसके कारण 06 ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त करने व 114 ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिश जारी कर जवाब संतोषजनक प्राप्त नहीं होने की स्थिति में सभी ठेकेदारों के अनुबंध निरस्त करने के निर्देश कार्यपालन अभियंता को दिये गये।
    कलेक्टर द्वारा सभी ठेकेदार को शीघ्र कार्य पूर्ण कर जल प्रदाय सुनिश्चित करने हेतु स्पष्ट निर्देश दिये गये। अन्यथा सक्त दण्डात्मक कार्यवाही एवं किये गये औचित्यहीन भुगतान की वसूली ठेकेदारों से किये जाने का निर्देश विभाग को दिया गया।

और भी

कलेक्टर ने समाज कल्याण एवं जनपद पंचायतों के कार्यों की समीक्षा,बैठक में ग्रामीण सचिवालयों के नियमित संचालन हेतु दिए निर्देश

जशपुर  / जनपद पंचायतों एवं समाज कल्याण विभाग के कार्यों की समीक्षा हेतु मंगलवार को कलेक्टर रोहित व्यास द्वारा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कलेक्टर ने धरती आबा योजना एवं पीएम जनमन योजनान्तर्गत विभिन्न विभागों की 25 से अधिक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही को दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी 15 दिनों में योजनान्तर्गत सम्मिलित 417 ग्रामों में आधारभूत संरचना की आवश्यकता का विश्लेषण करने को कहा। 
          उन्होंने मनरेगा योजना अंतर्गत पुराने लंबित निर्माण कार्यों को समय पर पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों द्वारा की गई मैदानी भ्रमण की जानकारी लेते हुए सभी को नियमित रूप से कार्यस्थलों पर जा कर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। सुशासन तिहार में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्राप्त मांगों के अनुसार आधार वेरिफिकेशन उपरांत शौंचालयों की स्वीकृति करने को कहा साथ ही सामुदायिक शौंचालयों के लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक ग्राम में घर घर कचरा कलेक्शन एवं सेग्रिगेशनव शेड की व्यवस्था करने एवं स्वसहायता समूह को इस हेतु प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए।
            कलेक्टर ने बिहान योजनांतर्गत समूह निर्माण गति को तीव्र करने को भी कहा। उन्होंने जनपद स्तर पर मृत व्यक्तियों की जानकारी लेकर राशनकार्ड से ऐसे लोगों का नाम विलोपित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम आवास योजनांतर्गत पीएम जनमन आवास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करवाने के निर्देश दिए।
             उन्होंने जिले के समस्त ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सचिवालयों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिसके अंतर्गत सभी प्राप्त आवेदनों को एक सप्ताह के भीतर ऑनलाइन दर्ज करने एवं दीवार लेखन द्वारा इसका प्रचार प्रसार करने को कहा। इसके अतिरिक्त अधिकारियों को नियमित रूप से सचिवालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
          कलेक्टर द्वारा समाज कल्याण विभाग की सभी योजनाओं की समीक्षा की गयी। इसके साथ ही 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम हेतु सभी ग्राम पंचायतों में योगाभ्यास का आयोजन कर लोगों को नियमित दिनचर्या के रूप में योग को अपनाने हेतु प्रेरित करने को कहा। इसके लिए उन्होंने इस योग अभ्यास में स्कूल, कॉलेज के युवाओं के साथ स्थानीय ग्रामीणों को शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को 21 जून को योगाभ्यास के साथ योग रैली, वृक्षारोपण एवं लोगों को पौधा वितरण करवाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, अतिरिक्त सीईओ प्रदीप राठिया, उप संचालक समाज कल्याण टीपी भावे एवं सभी जनपदों के सीईओ उपस्थित रहे।

और भी

मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग के कर्मियों को सौंपी वाहनों की चाबी ..... 48 वाहनों को झंडी दिखाकर किया रवाना

रायपुर / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि हमारी सरकार सड़क परिवहन और यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है। परिवहन और यातायात सुरक्षा में लगे उड़नदस्ता दल को 48 नवीन वाहनों की तैनाती से दुर्घटनाओं में निश्चित रूप से कमी आएगी, यातायात सुग़म होगा और लोगों में ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर जागरूकता बढ़ेगी। श्री साय आज अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर परिवहन विभाग के निरीक्षकों को इन वाहनों की चाबी सौंपी। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार सड़क यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। नवीन शासकीय वाहनों की मदद से परिवहन उड़नदस्ता दल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। उड़नदस्ता दल की कार्यक्षमता में वृद्धि, सड़क दुर्घटनाओं में कमी, सुरक्षा मानकों का बेहतर क्रियान्वयन और यातायात व्यवस्था में सुधार व अनुशासन बनाए रखने में यह पहल मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इससे दूरदराज के क्षेत्रों में भी परिवहन दस्ते की निगरानी और पहुंच सुनिश्चित होगी। 

ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील

मुख्यमंत्री श्री साय ने हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने और ट्रैफिक नियमों का पालन कर दूसरों के जीवन की रक्षा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही हम एक सुरक्षित, संयमित और संवेदनशील सड़क परिवेश का निर्माण कर सकते हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोगों से नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील भी की। 

इस अवसर पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, सचिव सह परिवहन आयुक्त श्री एस. प्रकाश, अपर परिवहन आयुक्त श्री डी. रविशंकर सहित परिवहन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

और भी

ऑपरेशन अंकुश : पशु तस्करी का फरार आरोपी साजिद को जशपुर पुलिस ने रांची से धर दबोचा



  जशपुर :  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में पुराने प्रकरणों के फरार आरोपियों की धर पकड़ हेतु, ऑपरेशन अंकुश के तहत अभियान चलाया गया है, इसी क्रम में थाना तुमला क्षेत्रांतर्गत वर्ष 2024 के एक पशु तस्करी के मामले में फरार आरोपी को जशपुर पुलिस के द्वारा झारखंड राज्य से हिरासत में लेकर लाया गया है।
           मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 26.05.2024 को थाना तुमला पुलिस के द्वारा , ग्राम बारों में  रात्रि लगभग 11.00 बजे संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी, कि इसी दौरान गंझियाडीह की ओर से एक टाटा मैजिक(छोटा हाथी )वाहन क्रमांक JH01EU9753 के आने पर पुलिस के द्वारा उसे हाथ देकर रोकने का प्रयास किया गया, परंतु उक्त वाहन के द्वार पुलिस को देखकर, वाहन को न रोक कर , गाड़ी को तेज गति से चलाते हुए भागने का प्रयास किया जा रहा था, जिस पर संदेह होने पर थाना तुमला पुलिस के द्वारा संदेही वाहन का पीछा किया गया, पुलिस को पीछा करते देख  आरोपियों ने कुछ दूरी। पर जंगल के पास वाहन को, छोड़ कर, जंगल का फायदा उठा कर भाग गए थे। पुलिस के द्वारा जब संदेही  वाहन की चेकिंग की गई तो, उसमें रस्सी से बंधा हुआ,तीन नग गौ वंश बरामद हुआ था, पुलिस ने आरोपियों को चिन्हित कर लिया था,  पुलिस के द्वारा मामले के फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही थी।
       इसी दौरान पुलिस को मुखबीर व पुलिस की टेक्निकल टीम की मदद से पता चला कि मामले का आरोपी साजिद अंसारी रांची क्षेत्रांतर्गत अपने गृह ग्राम पकरिया, जिला रांची में है, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के द्वारा पुलिस टीम गठित कर आरोपी साजिद की धर पकड़ हेतु, झारखंड रवाना की गई, जहां जशपुर पुलिस की टीम ने ग्राम पकरिया, थाना चान्हो, जिला रांची (झारखंड) से आरोपी साजिद को हिरासत में लेकर वापस लाया गया है।
     पुलिस की पूछताछ पर आरोपी साजिद के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
      मामले की विवेचना व फरार आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तुमला श्री कोमल सिंह नेताम, सहायक उप निरीक्षक श्री टेकराम सारथी, आरक्षक देव सिंह एक्का व सुरेश मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
   मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि पशु तस्करी के मामले में फरार एक आरोपी को झारखंड राज्य से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, पुलिस ने और भी लंबे समय से फरार आरोपीयों को चिन्हित किया है, ऑपरेशन अंकुश जारी रहेगा।

और भी

स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जशपुरनगर  की छात्रा प्रिन्सी लकड़ा मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित



  जशपुर : जिला मुख्यालय में स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट (अंग्रेजी माध्यम) नवीन आदर्श उच्चतर  माध्यमिक विद्यालय जशपुर नगर अपनी विशिष्ट राज्य स्तरीय उपलब्धियां के लिए जाना जाता है इसी कड़ी में इस विद्यालय की कक्षा आठवीं की छात्रा कु प्रिन्सी लकड़ा आज चित्रकला के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट उपलब्धियां के लिए रायपुर में माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के कर कमरों द्वारा प्रशस्ति पत्र प्राप्त की, उल्लेखनीय है कि आज राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की स्थापना दिवस के उपलक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया गया है जिसमें असाधारण प्रतिभाशाली बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाना है
      संस्था के प्राचार्य विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि यह विद्यालय पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों के  व्यक्तित्व के चहुमुखी विकास के लिए कृत संकल्पित है  इसी कड़ी में  पढ़ाई के साथ - साथ शाला की अतिरिक्त गतिविधियों के अंतर्गत प्रिंसी लकड़ा के  चित्रकला की रूचि को प्रोत्साहित किया गया जिसके परिणाम स्वरुप पढ़ाई के साथ-साथ इस छात्रा ने यह विशेष उपलब्धि हासिल कर प्रदेश स्तर पर विद्यालय एवं माननीय मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर  का मान बढ़ाया है. प्राचार्य ने शाला परिवार की ओर से प्रिन्सी लकड़ा और उनके परिवार को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दी.

 प्रिंसी लकड़ा के साथ सम्मान समारोह में उपस्थित उनकी माता श्रीमती पुनीता लकड़ा ने बताया कि उनकी बेटी की बाल्यकाल  से ही चित्रकला के क्षेत्र में रुचि थी किंतु उनकी इस प्रतिभा को प्रोत्साहित और निखारने का काम विद्यालय के माध्यम से संभव हो पाया  इसके लिए वह विद्यालय परिवार की आभारी है उनका कहना है कि माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी के द्वारा उनकी बेटी को सम्मानित किया जाना अत्यंत गर्व की बात है


    छात्र प्रिंसी लकड़ा ने अपने उदगार को व्यक्त करते हुए कहा कि बालिका किसी क्षेत्र में कम नहीं है वह अपनी इस कला को और अधिक निखारना चाहती है.प्रिन्सी लकड़ा ने चित्रकला के माध्यम से अपने विचारों एवं भावनाओं को व्यक्त किया, विषय के आधार पर चित्रों का आकार एवं रेखाओं की स्पष्टता एवं रंगों का संयोजन आदि तत्वों को ध्यान में रखते हुए सुंदर व स्पष्ट प्रभावशाली प्रतिभा का प्रदर्शन छात्रा ने किया जिसके फलस्वरूप उसे छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की  स्थापना दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम 2025 में माननीय मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया गया, यह बालिका, उनके परिवार,  विद्यालय  एवं जशपुर जिले की विशेष उपलब्धि है

और भी

योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने जिले में मनाया जा रहा है योग सप्ताह,तीसरे दिन भी19 ग्रामों में लोगों ने किया उत्साह के साथ योगाभ्यास

जशपुर / करो योग रहो निरोग इस प्रेरणादायी संदेश के साथ जिले में योग सप्ताह का अयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को योग के लाभों से अवगत कराना और उन्हें नियमित योग अभ्यास के लिए प्रेरित करना है। आज तीसरे दिन 19 ग्रामों में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
   आज जिले के जशपुर विकासखंड अंतर्गत शा.प्रा.शाला तेलीटोली एवं शा. हाई स्कूल पोरतेंगा। मनोरा विकासखंड अंतर्गत शा. प्रा. शाला आमगांव एवं शा. प्रा. शाला गिधा। बगीचा विकासखंड अंतर्गत शा. हाई स्कूल सरकोम्बो, शा. प्रा. शाला गायवुडा, शा. प्रा. शाला एकम्बा और शा. प्रा. शाला महुआडीह। कांसाबेल विकासखंड अंतर्गत शा.उ. मा. वि. टांगरगांव एवं शा.उ. मा. वि. चोंगरीबहार। कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत शा. प्रा. शाला कलिबा और शा. प्रा. शाला बनकोम्बो। दुलदुला विकासखंड अंतर्गत शा.उ. मा. वि. बंगुरकेला। फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत शा.उ. मा. वि. तपकरा और शा. प्रा. शाला डुमरिया। पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत पंचायत भवन कछार, शा. प्रा. शाला सुसडेगा, शा. प्रा. शाला कुकुरभूका और हाई स्कूल मैदान बुलडेगा में योग संबंधी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। 
    जिसमें  छात्रों, शिक्षकों, अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। योग कार्यक्रम में प्रशिक्षकों के द्वारा शलभासन, उत्तानपादासन, वृक्षासन, ताड़ासन, पद्मासन, पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणयाम का अभ्यास कराया गया और योग से होने वाले लाभों की जानकारी दी गई। उल्लेखनीय है कि ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य शासन के निर्देशानुसार 15 से 21 जून तक योग महाकुंभ योग को उत्सव के रूप में मनाने एवं अधिक से अधिक जनसामान्य को प्रेरित करने हेतु योग सप्ताह के रूप में विविध योग संबंधी गतिविधियों का आयोजन जिले में किया जा रहा है।

और भी

केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक2 परीक्षा परिणाम में प्रथम स्थान पर

रायपुर : रायपुर संभाग के कुल 37 केंद्रीय विद्यालय में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 रायपुर का कक्षा दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम सर्वश्रेष्ठ रहा साथ ही कक्षा नवी से 12वीं तक के परीक्षा परिणाम और अन्य उपलब्धियां के आधार पर विद्यालय को रायपुर संभाग में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ यह अत्यंत अधिकारों का विषय है हमारे शिक्षकों का कार्य और उनकी मेहनत सराहनीय है
            बच्चों के सर्वांगीण विकास में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 रायपुर को वार्षिक प्राचार्य सम्मेलन कोरबा में सम्मानित किया गया

और भी

वर्षों बाद गणित और विज्ञान के व्याख्याता मिलने पर अभिभावकों और छात्रों में खुशी

रायपुर : मोहला मानपुर जिले के हाई स्कूल वासड़ी में वर्षों बाद गणित और विज्ञान के व्याख्याता मिलने पर अभिभावकों और छात्रों में खुशी देखी जा रही है। अभिभावकों ने कल स्कूल में पहुंचकर   खुशी अपनी जाहिर की। उन्होंने  शिक्षकों की युक्तिकरण योजना की प्रशंसा करते हुए  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और  प्रशासन के  प्रति  धन्यवाद ज्ञापित किया। अभिभावकों ने कहा कि युक्तिकरण की योजना के कारण ही उन्हें इतने सालों बाद विज्ञान और गणित के व्याख्याता मिल पाए हैं।

और भी

बरसात शुरू होते ही झटके खाने लगी बिजली, उपभोक्ता परेशान - Electricity Consumers Upset in Narayanpur

नारायणपुर :  बरसात शुरू होते ही बिजली की आंख मिचौली शुरू हो गई है. बारिश में उत्पन्न होने वाली तकनीकी खराबी से निपटने के लिए नारायणपुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति लगातार बहाल रहे इसे लेकर विभाग  लगातार काम कर रहा है. इसके बाद भी नारायणपुर में बिजली की समस्याओं से उपभोक्ताओं को परेशानी हो रही है. बारिश होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था ठप पड़ जाती है.शहरी क्षेत्र में  कुछ हद तक बिजली दुरुस्त है, लेकिन ग्रामीण इलाकों में बिजली को लेकर आज भी परेशानी बनी हुई है

      कई दिनों उमश भरी गर्मी की तपिश झेल रहे लोगों को बिजली की आंख मिचौली से परेशानी झेलना पड़ रहा है। नारायणपुर में इन दिनों कई बार बिजली गुल हो रही है। लाइन जाते ही लोगों को गर्मी से परेशानी बढ़ जाती है। गर्मी की तपिश से बचने के लिए लोग पंखा, कूलर का सहारा लेते जरूर हैं लेकिन लाइन कटते ही ये उपकरण बंद हो जाते हैं।खास कर शाम के समय प्रति दिन बिजली गुल हो रही है। बिजली कटते ही लोग अपने अपने घरों से बाहर निकल कर खुले खेत में जाकर बैठ जाते हैं। ताकि शरीर में हवा लगे। इस उमस भरी गर्मी से राहत मिले। इस परिस्थिति में सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को उठाना पड़ रहा है।  किसान भाइयों की समस्या भी है। स्कूली बच्चे, प्रतियोगी परीक्षा तैयारी करने वाले छात्र भी बिजली संकट के बीच परेशान हो रहे हैं।

     बिजली उपभोक्ताओं को लगातार  रूप से बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है,एक ओर लोग इस उमस भरी गर्मी से परेशान हैं, वही बिजली सही ढंग से नही मिलने से व्यवसाय पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।बिजली आपूर्ति सही तरीके से हो,ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सकें। शाम ढलते ही बिजली गुम हो जाती है, कभी कभी आधी रात में भी बिजली आंख मिचौली करती रहती है। इस हालत में बिजली नहीं रहने से बिजली संचालित उपकरण शो पीस की वस्तु बनकर रह जाती है।  विभागीय कर्मचारियीं की उदासीनता  और लगे घटिया सामग्री के बार बार खराब के कारण जमीनी हकीकत कुछ और रहता है

और भी

मुख्यमंत्री श्री साय से छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के पदाधिकारियों ने की सौजन्य मुलाकात,ओलम्पिक दिवस आयोजन हेतु किया आमंत्रित


 रायपुर,: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की और श्री साय को 23 जून को ओलम्पिक दिवस के मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। 
इस अवसर पर  छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव श्री विक्रम सिसोदिया, प्रदेश वालीबॉल संघ अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री श्री महेश गागड़ा, छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ उपाध्यक्ष श्री सुनील रामदास एवं संयुक्त सचिव श्री प्रशांत रघुवंशी उपस्थित थे। इस दौरान छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी गई। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के प्रदेश अध्यक्ष है।
1542

और भी

आईआईएम में उद्यमिता प्रशिक्षण से बदली दंतेवाड़ा के युवाओं की जीवन की दिशा

रायपुर, : / कभी चुनौतियों से जूझते रहे दंतेवाड़ा के युवाओं के जीवन में अब उम्मीद की एक नई किरण जगी है। यह बदलाव आया है एक अनोखी और अभूतपूर्व पहल के माध्यम से जिसके केंद्र में हैं भारतीय प्रबंधन संस्थान आईआईएम रायपुर, दंतेवाड़ा जिला प्रशासन और छत्तीसगढ़ सरकार। 

13 जून 2025 को जब आईआईएम रायपुर में उद्यमिता सर्टिफिकेट प्रोग्राम बैच-2 का समापन हुआ, तो मंच पर केवल प्रमाण पत्र नहीं बांटे गए, बल्कि युवाओं के सपनों को पंख दिए गए। यह दो महीने का आवासीय कार्यक्रम, जिसमें दंतेवाड़ा के 50 चयनित युवाओं को उद्योग, व्यवसाय और नवाचार के विविध आयामों की गहराई से शिक्षा दी गई। 

दंतेवाड़ा के युवा, जो कभी सीमित अवसरों और अस्थिर परिस्थितियों के बीच जीते थे, अब अपने व्यवसायिक सपनों की स्पष्ट तस्वीर देख पा रहे हैं। आईआईएम में उद्यमिता प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके दंतेवाड़ा के राकेश यादव का कहना है कि इस प्रशिक्षण ने सिखाया कि हमारे जंगल का महुआ और इमली भी रोज़गार का आधार बन सकते हैं।अब मैं सिर्फ सपने नहीं देखता, उन्हें साकार करने की दिशा में बढ़ चुका हूं। किरंदुल के अभिषेक गुप्ता, बीजापुर के तेजस्व कुमार और नीलम पांडे जैसे प्रतिभागियों ने बताया कि आईआईएम का प्रशिक्षण उनके जीवन के लिए एक टर्निंग प्वाइंट साबित हो रहा है। शिल्पा कुमारी जो बचेली से है ने कहा कि  प्रशिक्षण से हमनें न केवल व्यवसाय शुरू करने की तकनीक सीखी बल्कि हमें यह भी ज्ञान मिला कि कैसे हम अपने क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा का उपयोग करके आत्मनिर्भर बन सकते है। कभी संसाधनों की कमी से जूझने वाले ये युवा अब उद्यमिता के प्रशिक्षण से आत्मविश्वास से भर चुके हैं।

इस कार्यक्रम की सफलता में अहम भूमिका निभाई दंतेवाड़ा जिला प्रशासन ने। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की पहल और सतत् मार्गदर्शन से यह सपना साकार हुआ। प्रशासन ने न केवल युवाओं की पहचान की, बल्कि उन्हें आईआईएम रायपुर जैसे संस्थान में भेजकर यह दिखा दिया कि अगर सोच बदल दी जाए, तो हालात भी बदल सकते हैं।

आईआईएम रायपुर ने 23 अप्रैल से 13 जून तक इन युवाओं को केवल प्रशिक्षण नहीं दिया, बल्कि उनके अंदर के नेतृत्व और नवाचार की चिंगारी को ज्वाला में बदल दिया। व्यवसाय योजना बनाना, मार्केटिंग, ब्रांडिंग, मूल्य संवर्धन, डिजिटल उपकरणों का प्रयोग आदि हर पहलू को व्यावहारिक तरीके से सिखाया गया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रशिक्षण के दौरान युवाओं से मिलकर उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं में असीम ऊर्जा है। यदि सही दिशा और प्रशिक्षण मिले, तो वे न केवल अपने लिए, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन सकते हैं। मुख्यमंत्री के सहज, व्यावहारिक और उत्साहवर्धक नेतृत्व ने प्रतिभागियों में नया आत्मबल भर दिया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि बस्तर के भविष्य की नींव है। जो क्षेत्र कभी संघर्ष और अशांति के लिए जाना जाता था, अब वहां महुआ आधारित उद्योग, इमली प्रसंस्करण इकाइयाँ, और स्थानीय पर्यटन जैसे नए व्यवसाय पनप रहे हैं। यह कहानी केवल दंतेवाड़ा के 50 युवाओं की नहीं, बल्कि पूरे बस्तर की है। एक ऐसे बस्तर की जो अब नकारात्मक छवियों से ऊपर उठकर उद्यमिता, आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास की मिसाल बन रहा है। जिला प्रशासन और आईआईएम रायपुर के इस सामूहिक प्रयास ने यह साबित कर दिया कि अगर मंशा साफ हो और मार्गदर्शन सटीक, तो हर बाधा अवसर में बदली जा सकती है।

और भी

नवीन शिक्षा सत्र के पहले दिन शिक्षकों ने बच्चों को तिलक लगाकर एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर किया स्वागत

कुनकुरी:- कुनकुरी विकासखंड में स्थित प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली में ग्रीष्मकालीन अवकाश पश्चात नवीन शिक्षा सत्र के प्रथम दिवस पर विद्यालय पहुंचे बच्चों का स्वागत उत्सव के रूप में किया गया। प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता एवं शिक्षक महेश तिर्की ने तिलक लगाकर एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर बच्चों का स्वागत किया। प्रथम दिवस पर प्रधान पाठक बच्चों से रूबरू हुए और ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान उनके द्वारा किए गए विभिन्न कार्यों को जाना। बच्चों ने बताया कि हमें विद्यालय खुलने का इंतजार था, आज विद्यालय आकर बहुत अच्छा लग रहा है। प्रधान पाठक ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस सत्र हम सभी मिलकर विद्यालय को नयी ऊंचाई तक लेकर जाएंगे चाहे वह संज्ञानात्मक क्षेत्र हो या सह संज्ञानात्मक क्षेत्र या फिर विद्यालय परिसर को सुंदर बनाना, इस सत्र हमारा प्रयास होगा कि सामुदायिक सहभागिता से स्मार्ट क्लास की सुविधा उपलब्ध कराई जाए ताकि आप और अच्छी तरह से विषयों को समझ सकें। शिक्षक महेश तिर्की ने कहा कि ग्यारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 15 जून से 21 जून तक *योग महाकुंभ - योग उत्सव* की शुरुआत हो गई है, शासन के निर्देशानुसार विद्यालय में भी प्रतिदिन इसका आयोजन किया जाना है इसलिए 17 जून से पहला कालखंड योगाभ्यास से प्रारंभ होगा जिसका समय प्रातः 7.00 से 8.00 बजे तक का होगा आगे उन्होंने कहा कि इस योग सत्र में आप सभी अपने पालकों, पड़ोसियों को भी शामिल होने हेतु निवेदन करें।
अंत में प्रधान पाठक ने उपस्थित सभी बच्चों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

और भी