कुनकुरी में मोबाइल दुकान का शटर काटकर 150 मोबाइल पार, झारखंड से शातिर आरोपी गिरफ्तार—सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुला चोरी का राज, साथी फरार; चोरी के मोबाइल की बरामदगी के लिए पुलिस की दबिश जारी
ताजा खबरें


बड़ी खबर

कुनकुरी में मोबाइल दुकान का शटर काटकर 150 मोबाइल पार, झारखंड से शातिर आरोपी गिरफ्तार—सीसीटीवी और तकनीकी जांच से खुला चोरी का राज, साथी फरार; चोरी के मोबाइल की बरामदगी के लिए पुलिस की दबिश जारी

जशपुरनगर। कुनकुरी में मोबाइल दुकान का शटर काटकर करीब 150 मोबाइल फोन चोरी करने के मामले में जशपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, होटल से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले के एक आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तौसीफ रजा (35), निवासी मुर्गीटोली, मध्य नारायणपुर, थाना राजमहल, जिला साहेबगंज, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिट्ठू बैग और मोबाइल हैंडसेट भी जब्त किया है। वहीं चोरी के करीब 150 मोबाइल फोन आरोपी के फरार साथी के पास होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी गिरफ्तारी और मोबाइल बरामदगी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

मामला कुनकुरी थाना क्षेत्र के कठौतिया मोबाइल शॉप का है। दुकान संचालक पंकज कुमार पारिक ने 12 अगस्त को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 अगस्त की रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे। अगले दिन सुबह सूर्योदय बैंक के एक कर्मचारी ने दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी। दुकान पहुंचने पर शटर में लगे दोनों ताले कटे मिले और अंदर मोबाइल के डिब्बे अस्त-व्यस्त पड़े थे। जांच करने पर अलग-अलग कंपनियों के करीब 150 मोबाइल हैंडसेट गायब मिले।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कुनकुरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 148/2026, धारा 331(4), 305(ए), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि वारदात को दो लोगों ने मिलकर अंजाम दिया था। घटनास्थल के पास स्थित एक होटल में दो संदिग्धों के खाना खाने और होटल संचालक को मोबाइल नंबर दिए जाने की जानकारी भी पुलिस को मिली।

सीसीटीवी फुटेज, होटल से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों को जोड़ते हुए पुलिस संदिग्धों तक पहुंची। तकनीकी जांच के आधार पर एक आरोपी की पहचान तौसीफ रजा के रूप में हुई। इसके बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम झारखंड रवाना की गई। लगातार पतासाजी के बाद टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया और उसे कुनकुरी लाकर पूछताछ की।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में उसने बताया कि दोनों काफी समय से मोबाइल दुकानों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। इसके लिए झारखंड से निकलकर ओडिशा, आंध्रप्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में मोबाइल दुकानों की रेकी की जा रही थी। इसी दौरान कुनकुरी की कठौतिया मोबाइल शॉप को चोरी के लिए चिन्हित किया गया।

वारदात की रात दोनों आरोपी दुकान के पीछे पहुंचे और अपने साथ लाए औजार से शटर के दोनों ताले काट दिए। इसके बाद दुकान में घुसकर बिक्री के लिए रखे मोबाइल फोन पिट्ठू बैग में भरकर वहां से फरार हो गए। कुछ दूरी पर जाकर दोनों ने मोबाइल के कवर और डिब्बे अलग कर झाड़ियों में फेंक दिए और केवल मोबाइल हैंडसेट अपने साथ रखे। इसके बाद दोनों बस के जरिए वहां से निकल गए।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए मोबाइल फोन उसके दूसरे साथी के पास हैं। पुलिस ने दूसरे आरोपी की पहचान भी कर ली है, लेकिन वह अभी फरार है। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के साथ ही करीब 150 चोरी किए गए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया पिट्ठू बैग और आरोपी का मोबाइल हैंडसेट जब्त किया है। विवेचना के दौरान आरोपी की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर प्रकरण में धारा 3(5) बीएनएस जोड़ी गई। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक राकेश यादव, निरीक्षक गौरव पांडे, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर प्रसाद वारले, पीएसआई देविका मंडावी, नीता कुर्रे, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक चंद्र शेखर बंजारे और आरक्षक नंदलाल यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की कार्रवाई से मोबाइल दुकान में हुई बड़ी चोरी का एक सिरा खुल गया है, जबकि फरार आरोपी और चोरी के मोबाइल की बरामदगी को लेकर कार्रवाई लगातार जारी है।

Leave Your Comment

Click to reload image