पंडरीपानी के सुकबासुपारा में 49 लाख की लागत से बनेगा खेल मैदान एवं मिनी स्टेडियम ,जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय की अनुशंसा पर मिली स्वीकृति, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा खेल अभ्यास एवं प्रदर्शन का बेहतर मंच
ताजा खबरें


बड़ी खबर

पंडरीपानी के सुकबासुपारा में 49 लाख की लागत से बनेगा खेल मैदान एवं मिनी स्टेडियम ,जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय की अनुशंसा पर मिली स्वीकृति, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलेगा खेल अभ्यास एवं प्रदर्शन का बेहतर मंच

जशपुरनगर/पत्थलगांव। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में खेल अधोसंरचनाओं के विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार पहल की जा रही है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत पत्थलगांव अंतर्गत सुकबासुपारा मिडिल स्कूल, पंडरीपानी में 49 लाख रुपये की लागत से खेल मैदान एवं मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य की स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के खिलाड़ियों, युवाओं और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने निर्माण कार्य के लिए अनुशंसा की थी। उनकी पहल और अनुशंसा के फलस्वरूप 49 लाख रुपये की लागत से खेल मैदान एवं मिनी स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति मिली है। इससे ग्रामीण अंचल के बच्चों और युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

*खेल प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर – सालिक साय*

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में विकास के साथ-साथ खेल सुविधाओं का भी निरंतर विस्तार किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्हें उचित मंच और संसाधन उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। सुकबासुपारा में खेल मैदान एवं मिनी स्टेडियम का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे युवाओं को खेल गतिविधियों से जुड़ने, नियमित अभ्यास करने और अपनी प्रतिभा को जिला एवं राज्य स्तर तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

*क्षेत्रवासियों ने श्री साय का जताया आभार*

सुकबासुपारा मिडिल स्कूल पंडरीपानी में खेल मैदान एवं मिनी स्टेडियम निर्माण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों ने कहा कि इस निर्माण से क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को खेलकूद के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा तथा ग्रामीण अंचल में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा।

Leave Your Comment

Click to reload image