21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगा प्रति एकड़ 13,839 रुपये का पूरा लाभ : सालिक साय,धान खरीदी उत्सव एवं किसान अभिनंदन समारोह में शामिल हुए जिला पंचायत अध्यक्ष, किसानों का किया सम्मान
ताजा खबरें


बड़ी खबर

21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगा प्रति एकड़ 13,839 रुपये का पूरा लाभ : सालिक साय,धान खरीदी उत्सव एवं किसान अभिनंदन समारोह में शामिल हुए जिला पंचायत अध्यक्ष, किसानों का किया सम्मान

जशपुरनगर। धान खरीदी वर्ष 2026-27 के अंतर्गत डुमरबहार धान मंडी में धान खरीदी उत्सव एवं किसान अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत जशपुर के अध्यक्ष श्री सालिक साय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने किसानों का अभिनंदन करते हुए धान खरीदी व्यवस्था और कृषक उन्नति योजना के तहत मिलने वाली आदान सहायता राशि की जानकारी दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए लगातार निर्णय ले रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों की उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के साथ ही उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

उन्होंने कृषक उन्नति योजना में किए गए महत्वपूर्ण बदलाव की जानकारी देते हुए कहा कि पहले योजना के तहत पूरी आदान सहायता राशि का लाभ लेने के लिए प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचना आवश्यक था, लेकिन अब इस व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब यदि कोई किसान कम उत्पादन अथवा अन्य परिस्थितियों के कारण प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तब भी उसे सत्यापित पंजीकृत रकबे के आधार पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

सालिक साय ने कहा कि यह व्यवस्था उन किसानों के लिए भी राहतकारी है, जिनकी फसल का उत्पादन किसी कारणवश कम हुआ है। अब कम मात्रा में धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी निर्धारित आदान सहायता राशि का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने उपस्थित कृषकों से धान खरीदी व्यवस्था का लाभ उठाने तथा शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ लेने की अपील की।

कार्यक्रम में डुमरबहार के सरपंच, उपसरपंच श्री गोविंद यादव, मनोहर मिंज, भीम प्रसाद, प्रहलाद, इंद्रो भगत, नोडल अधिकारी जगसाय सिदार, गजाधर पैंकरा, मंडी प्रबंधक भास्कर यादव, बबलू यादव, लालू सिंह, कृष्णा पैंकरा, फड़ प्रभारी सहित मंडी के समस्त अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। समारोह में किसानों का अभिनंदन कर उनके कृषि योगदान की सराहना की गई।

Leave Your Comment

Click to reload image