चरित्र पर संदेह बना पत्नी की हत्या की वजह, वारदात के बाद पति ने रची खाट से गिरने की झूठी कहानी; कब्र से शव निकलवाकर कराया पोस्टमार्टम तो सामने आई सच्चाई
ताजा खबरें


बड़ी खबर

चरित्र पर संदेह बना पत्नी की हत्या की वजह, वारदात के बाद पति ने रची खाट से गिरने की झूठी कहानी; कब्र से शव निकलवाकर कराया पोस्टमार्टम तो सामने आई सच्चाई

जशपुर। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र के ग्राम खजूरबहार में पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। चरित्र को लेकर संदेह के चलते पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी और वारदात को छिपाने के लिए खाट से गिरकर मौत होने की झूठी कहानी परिजनों को सुना दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपनी बात पर परिजनों और समाज के लोगों को विश्वास दिलाकर मृतका का अंतिम संस्कार कराने के बजाय शव को दफन भी करवा दिया। हालांकि, मृतका की बहन को घटना की परिस्थितियों पर संदेह हुआ और उसने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की। इसके बाद पुलिस ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें मौत की प्रकृति हत्यात्मक सामने आई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

 बहन की संदिग्ध मौत पर उठाए सवाल, पुलिस तक पहुंचा मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका पार्वती बाई (52 वर्ष) का विवाह ग्राम खजूरबहार निवासी मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम (62 वर्ष) के साथ हुआ था। बीते 6 नवंबर 2026 को शाम करीब 5 बजे मृतिका की बहू ने उसकी छोटी बहन सीता बाई (45 वर्ष), निवासी कुडमुरा नंदीटोली, थाना नारायणपुर को फोन कर पार्वती बाई की मृत्यु होने की सूचना दी थी। सूचना मिलने के बाद अगले दिन सीता बाई ग्राम खजूरबहार पहुंची। वहां उसने अपनी बड़ी बहन को घर के कमरे में मृत अवस्था में पाया। मृतका के सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे तथा खून भी निकला हुआ था।

इस दौरान मृतका के पति मुखलाल राम ने परिजनों को बताया कि पार्वती बाई खाट से नीचे गिर गई थी, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। पति की बात पर भरोसा करते हुए परिजनों और समाज के लोगों ने 7 नवंबर को मृतका के शव को दफन कर दिया। लेकिन बहन की मौत की परिस्थितियों और शरीर पर मौजूद चोट के निशानों को लेकर सीता बाई के मन में संदेह बना रहा। उसे आशंका हुई कि पार्वती बाई की मौत सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि उसके साथ मारपीट किए जाने के कारण हुई है। आखिरकार उसने 20 नवंबर को थाना कुनकुरी पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई और पुलिस से सच्चाई सामने लाने की मांग की।

 कब्र से निकलवाया गया शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि

मामले की गंभीरता को देखते हुए कुनकुरी पुलिस ने मर्ग क्रमांक 80/2026 के तहत जांच शुरू की। पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े लोगों के बयान दर्ज किए और परिस्थितियों की बारीकी से जांच की। संदेह की पुष्टि के लिए विधिवत वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए दफन किए गए शव को कब्र से बाहर निकलवाया गया और पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु की प्रकृति हत्यात्मक होना बताया। इसके बाद यह स्पष्ट हो गया कि पार्वती बाई की मौत खाट से गिरने के कारण नहीं हुई थी, बल्कि उसकी हत्या की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने आरोपी पति की ओर से परिजनों को बताई गई कहानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

 चरित्र को लेकर संदेह बना हत्या की वजह, टांगी से किया हमला

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका के पति मुखलाल राम के विरुद्ध अपराध क्रमांक 226/2026, धारा 103(1) एवं 238(क) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। संदेही पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह अपनी पत्नी के चरित्र को लेकर संदेह करता था।

आरोपी के कथन के अनुसार, 6 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 से 1 बजे के बीच उसने अपनी पत्नी को किसी व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसी बात को लेकर वह आक्रोशित हो गया और घर में रखे टांगी के पासा भाग से पत्नी के सिर, माथे और सीने पर दो-तीन बार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण पार्वती बाई की मृत्यु हो गई।

 हत्या के बाद खाट से गिरने की झूठी कहानी सुनाकर छिपाई सच्चाई

पुलिस के मुताबिक, पत्नी की मौत के बाद आरोपी ने खुद को बचाने और घटना की वास्तविकता छिपाने के लिए नई कहानी गढ़ी। उसने परिजनों को बताया कि पार्वती बाई खाट से नीचे गिर गई थी और सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। आरोपी की बात पर विश्वास करते हुए परिजनों और समाज के लोगों ने शव को दफन कर दिया। इस तरह हत्या की घटना को दुर्घटना बताकर छिपाने का प्रयास किया गया। लेकिन मृतका की बहन द्वारा जताए गए संदेह और पुलिस की जांच के चलते आखिरकार मामले की सच्चाई सामने आ गई।

घर से बरामद हुआ वारदात में इस्तेमाल टांगी

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस का बेंट लगा लोहे का टांगी उसके घर से बरामद कर विधिवत जप्त किया है। विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुखलाल राम उर्फ सुखलाल राम (62 वर्ष), निवासी ग्राम खजूरबहार चौहान पारा, थाना कुनकुरी, जिला जशपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की विवेचना और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

इस मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा, सहायक उप निरीक्षक ईश्वर सिंह वारले, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आरक्षक आदित्य साय एवं आरक्षक चंद्रशेखर बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image