सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं, ऋषियों और धर्मग्रंथों के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट करने के आरोप में कुनकुरी पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, मोबाइल और जियो सिम जब्त
जशपुर। सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं, ऋषियों एवं धर्मग्रंथों के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कुनकुरी पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हेमंत कुमार बेदी (52 वर्ष), निवासी ग्राम बिहावल, पतराटोली, चौकी दोकड़ा, थाना कांसाबेल, जिला जशपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 199 एवं 299 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और उसमें लगा जियो कंपनी का सिम भी जब्त किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को चराईडांड़ निवासी एवं विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष करनैल सिंह (54 वर्ष) ने कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने 15 अक्टूबर को फेसबुक पर हेमंत बेदी नामक व्यक्ति के अकाउंट से एक पोस्ट देखी थी। आरोप है कि उक्त पोस्ट में हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं एवं ऋषियों के संबंध में आपत्तिजनक और अशोभनीय टिप्पणियां की गई थीं। शिकायतकर्ता ने कहा कि इस पोस्ट से हिंदू धर्मावलंबियों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं तथा समाज में आक्रोश की स्थिति बनी। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायत के आधार पर कुनकुरी पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 199 एवं 299 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने शिकायतकर्ता एवं गवाहों के बयान दर्ज किए और संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट के संबंध में जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास, पकड़ा गया आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस टीम आरोपी हेमंत कुमार बेदी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराने पहुंची। इस दौरान आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने फेसबुक अकाउंट से हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और उसमें लगा जियो सिम जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में अपराध से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को 17 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। फिलहाल प्रकरण की अग्रिम विवेचना जारी है।
धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
इस मामले में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन तथा कुनकुरी एसडीओपी राजेश कुमार साहू के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा, प्रधान आरक्षक गोविंद यादव, रामानुजम पांडे, दलेश्वर यादव, आरक्षक जितेंद्र गुप्ता एवं नगर सैनिक अजय श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना गंभीर विषय है। किसी भी व्यक्ति द्वारा धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास किए जाने पर उसके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। जशपुर पुलिस जिले में शांति, कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
