भागते रहे तस्कर... पीछा करती रही पुलिस', जंगल में छोड़नी पड़ी कारें - 3 कारों से 552 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार, एक करोड़ 20 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
जशपुर। सरगुजा रेंज में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "ऑपरेशन आघात" के तहत जशपुर पुलिस को अब तक की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक मिली है। जिले के कुनकुरी और बगीचा थाना क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन कारों से कुल 552 किलो 160 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त तीन कारों को भी जब्त कर लिया है। जब्त गांजा और वाहनों की कुल कीमत 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
पूरी कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। वहीं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर की पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह से प्राप्त महत्वपूर्ण इनपुट को जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल संयुक्त पुलिस टीम गठित की। सरगुजा संभाग के विभिन्न जिलों के बीच बेहतर समन्वय और थाना-चौकियों के स्तर पर सूचनाओं के आदान-प्रदान का ही परिणाम रहा कि तस्करों के इस बड़े नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकी।
पुलिस के अनुसार 14 जुलाई की शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक इनोवा कार (OD 17 J 0205) में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर तपकरा-कुनकुरी मार्ग से अंबिकापुर की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर थाना कुनकुरी पुलिस ने जय स्तंभ चौक के पास नाकेबंदी की। शाम करीब 6.35 बजे संदिग्ध इनोवा वहां पहुंची, जिसे रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को तेज रफ्तार से भगाकर फरार होने लगा। पुलिस ने लगातार पीछा किया। ग्राम बोड़ोछापर-पुटपुटी के पास चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकला।
पुलिस ने इनोवा की तलाशी ली तो उसकी डिक्की से भूरे रंग की प्लास्टिक टेप से पैक किए गए 295 पैकेटों में कुल 311 किलो 350 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 46 लाख 70 हजार 250 रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त इनोवा कार, जिसकी कीमत लगभग 15 लाख रुपये है, उसे भी पुलिस ने जब्त कर लिया। फरार चालक की तलाश लगातार जारी है।
इसी दौरान दूसरी कार्रवाई थाना बगीचा और थाना नारायणपुर की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को सूचना मिली थी कि ब्रेजा कार (OD 02 BH 9811) और आर्टिगा कार (OD 16 N 9229) ओडिशा से अंबिकापुर की ओर जा रही हैं और इनमें गांजा तस्करी से जुड़े लोग सवार हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकेबंदी कर दोनों वाहनों का पीछा शुरू किया। ग्राम मझगांव के पास डोडकी नदी के किनारे ब्रेजा कार का चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग गया, जबकि पुलिस ने आर्टिगा कार को घेरकर रोक लिया।
दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर 240 पैकेटों में कुल 240 किलो 810 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 36 लाख 12 हजार 150 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आर्टिगा कार में सवार दो युवकों ने अपना नाम सचिन्द्र राउत (29 वर्ष), निवासी बरा खाई, थाना लेपड़ीपाड़ा, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) तथा मोहम्मद समीर (26 वर्ष), निवासी मेहताब रोड, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) बताया। दोनों ने स्वीकार किया कि वे मुख्य गांजा तस्करों के लिए रेकी करने का काम कर रहे थे ताकि रास्ते में पुलिस की गतिविधियों की जानकारी तस्करों तक पहुंचा सकें। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया है।
दोनों मामलों में कुल 552 किलो 160 ग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 82 लाख 82 हजार 400 रुपये है। इसके अलावा जब्त किए गए तीन वाहनों में इनोवा की कीमत लगभग 15 लाख रुपये, ब्रेजा की 10 लाख रुपये तथा आर्टिगा की 13 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस का कहना है कि सरगुजा रेंज में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। मामले की जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेप किस राज्य में पहुंचाई जानी थी तथा इसके पीछे सक्रिय पूरे गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं।
जशपुर पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 की शुरुआत से अब तक नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में 1269.071 किलोग्राम गांजा (करीब 4 करोड़ रुपये मूल्य), 1840 नग कफ सिरप (करीब 13.50 लाख रुपये), 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर, 130 गांजा के पौधे तथा 875 नशीले इंजेक्शन जब्त किए जा चुके हैं। इस अवधि में 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त 14 वाहनों को भी जब्त किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक (क्राइम ब्रांच) भावेश समरथ, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश जायसवाल, थाना प्रभारी कुनकुरी राकेश यादव, थाना प्रभारी नारायणपुर कोमल सिंह नेताम, थाना प्रभारी बगीचा गौरव पांडे सहित कुनकुरी, नारायणपुर और बगीचा थाना पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर पुलिस के अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराई गई खुफिया सूचना ने इस बड़ी कार्रवाई को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।
