जशपुर में इंटीग्रिटी एजुकेशन के डिप्लोमा वितरण समारोह में बोले डीआईजी लाल उमेद सिंह, अनुशासन, तकनीकी जागरूकता और जिम्मेदारी से ही मिलेगी सफलता
ताजा खबरें


बड़ी खबर

जशपुर में इंटीग्रिटी एजुकेशन के डिप्लोमा वितरण समारोह में बोले डीआईजी लाल उमेद सिंह, अनुशासन, तकनीकी जागरूकता और जिम्मेदारी से ही मिलेगी सफलता

जशपुर। शहर की प्रतिष्ठित कंप्यूटर शिक्षण संस्था इंटीग्रिटी एजुकेशन एआईएसईसीटी (AISECT) अधिकृत कौशल एवं ज्ञान प्रदाता केंद्र में डीसीए (DCA) एवं पीजीडीसीए (PGDCA) के विद्यार्थियों का डिप्लोमा एवं अंकसूची वितरण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री लाल उमेद सिंह रहे, जिनकी प्रेरणादायी मौजूदगी समारोह का मुख्य आकर्षण रही।

अपने संबोधन में डीआईजी श्री लाल उमेद सिंह ने कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। निरंतर मेहनत, अनुशासन, ईमानदारी और सकारात्मक सोच ही व्यक्ति को अपने लक्ष्य तक पहुंचाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे तकनीक का सदुपयोग करें और डिजिटल दुनिया में बढ़ते साइबर अपराधों से हमेशा सतर्क रहें। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक और साइबर फ्रॉड से बचने के लिए जागरूक रहने की सलाह देते हुए कहा कि तकनीक जितनी उपयोगी है, उतनी ही जिम्मेदारी के साथ उसका इस्तेमाल करना भी आवश्यक है।

डीआईजी ने सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी भी है। हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से दूरी तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन की भी रक्षा की जा सकती है।

उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा ही देश का भविष्य है। यदि युवा अपने कौशल के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करेंगे तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उनके प्रेरक विचारों से विद्यार्थियों में उत्साह का संचार हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की निदेशक श्रीमती अंजना शर्मा ने की। संस्था के प्रबंधक श्री हिमालय शर्मा एवं डॉ. आर्या शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया। समारोह में डीसीए एवं पीजीडीसीए पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को डिप्लोमा एवं अंकसूची प्रदान की गई। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में संस्था के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में मुख्य अतिथि डीआईजी श्री लाल उमेद सिंह ने विद्यार्थियों के साथ स्मृति स्वरूप सामूहिक छायाचित्र भी खिंचवाए।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1996 से संचालित इंटीग्रिटी एजुकेशन (शर्मा कंप्यूटर्स) जशपुर जिले में कंप्यूटर शिक्षा के क्षेत्र का अग्रणी संस्थान है, जो एआईएसईसीटी के अधिकृत कौशल एवं ज्ञान प्रदाता केंद्र के रूप में युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए तकनीकी और कौशल आधारित प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image