शाला प्रवेश उत्सव में झलकी शिक्षा, संस्कार और जनसहभागिता की मिसाल, सरबकोंबो स्कूल में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का भव्य स्वागत, छात्राओं को मिली साइकिलें और बच्चों को बांटी गईं निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें

नारायणपुर । विकासखंड बगीचा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरबकोंबो में शाला प्रवेश उत्सव उत्साह, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के बीच गरिमामय वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर पूरे दिन उत्सव के माहौल में सराबोर रहा। जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों की बड़ी उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। समारोह में शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया गया।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा कार्यालय से एबीओ दिलीप टोप्पो एवं बीआरसी राठौर विशेष रूप से शामिल हुए। दोनों अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता का सबसे बड़ा आधार शिक्षा, अनुशासन और निरंतर परिश्रम है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन से अध्ययन करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण से हुई। इसके बाद प्रवेश द्वार पर पुष्पवर्षा, तिलक और बैज लगाकर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, आकर्षक समूह नृत्य और प्रेरणादायक नाटक सहित कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियों की अतिथियों एवं अभिभावकों ने जमकर सराहना की।
शाला प्रवेश उत्सव के दौरान कक्षा 9वीं में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर और पुष्प अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया गया। उन्हें छत्तीसगढ़ शासन की ओर से निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया ताकि वे बिना किसी आर्थिक बाधा के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को संवार सकें। वहीं दूरस्थ क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली कक्षा 9वीं की छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिलें प्रदान की गईं। अतिथियों ने छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा जीवन में ऊंचे लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि क्षेत्र की जनपद सदस्य श्रीमती प्रिया सुरेश जैन ने जनपद निधि से निर्मित विद्यालय परिसर के नए शेड का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन एवं विकास समिति (एसएमडीसी) के अध्यक्ष अमृत दास मानिकपुरी ने की। अपने संबोधन में श्रीमती प्रिया सुरेश जैन ने कहा कि विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के हित से जुड़े हर कार्य में उनका पूरा सहयोग रहेगा तथा अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान ग्राम पंचायत सरबकोंबो की सरपंच श्रीमती शशिकिरण एक्का, ग्राम पंचायत रामसमा की सरपंच श्रीमती आरती खाखा, ग्राम पंचायत साहीडाँड़ के सरपंच रतन साय , उपसरपंच सुरेश कुमार जैन, वार्ड पंच नंदकिशोर गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपसरपंच सुरेश कुमार जैन ने विद्यालय के लिए तीन नए पंखे उपलब्ध कराने की घोषणा कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
संकुल के प्रधान पाठक नंदराम जांगड़े, वरिष्ठ शिक्षक विनोद कुमार वैद्य, विनोद राम चौहान सहित संकुल के सभी शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी समारोह में शामिल हुए। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं बल्कि संस्कार, अनुशासन, व्यक्तित्व निर्माण और जीवन मूल्यों की पाठशाला भी है। विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और कठिन परिश्रम को जीवन का मूल मंत्र बनाने का आह्वान किया गया।
पूरा आयोजन संस्था के प्राचार्य महेश केरकेट्टा के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मंच संचालन शिक्षक अमित कुमार जैन ने प्रभावी और आकर्षक शैली में किया। कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ शिक्षक विनोद कुमार वैद्य ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों और उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर एसएमडीसी अध्यक्ष अमृत दास मानिकपुरी के सौजन्य से सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और ग्रामीणों के लिए स्नेहभोज का आयोजन किया गया। शिक्षा, सामाजिक सहभागिता और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के संकल्प के साथ संपन्न हुआ यह शाला प्रवेश उत्सव क्षेत्र में लंबे समय तक चर्चा का विषय बना रहा।
