जिला अस्पताल की पार्किंग से स्कूटी चोरी का 4 दिन में खुलासा, नंबर मिटाकर पहचान छिपाने की कोशिश भी नहीं आई काम, जशपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन किया बरामद
ताजा खबरें


बड़ी खबर

जिला अस्पताल की पार्किंग से स्कूटी चोरी का 4 दिन में खुलासा, नंबर मिटाकर पहचान छिपाने की कोशिश भी नहीं आई काम, जशपुर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन किया बरामद

जशपुर। जिला अस्पताल परिसर से दिनदहाड़े हुई स्कूटी चोरी के मामले का जशपुर पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गई स्कूटी बरामद कर ली है। आरोपी ने अस्पताल की पार्किंग में खड़ी स्कूटी में चाबी लगी देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पहचान छिपाने के लिए उसने वाहन के आगे और पीछे लिखे नंबर भी मिटा दिए थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता और मुखबिर की सूचना के आधार पर वह गिरफ्त में आ गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी टिकैतगंज निवासी अनिमा लकड़ा, जो जिला अस्पताल जशपुर में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत हैं, ने सिटी कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 9:15 बजे उन्होंने अपनी हीरो मैस्ट्रो स्कूटी क्रमांक CG-10 U-5513 को जिला अस्पताल स्थित सिटी स्कैन यूनिट के सामने पार्क किया था। ड्यूटी समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 2:15 बजे लौटने पर स्कूटी पार्किंग से गायब मिली। अज्ञात व्यक्ति द्वारा वाहन चोरी किए जाने पर थाना सिटी कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने चोरी गए वाहन और संदिग्ध व्यक्तियों की लगातार तलाश शुरू की। जांच के दौरान 13 जुलाई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मिलन चौक जशपुर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की स्कूटी के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जागेश्वर विश्वकर्मा (35 वर्ष) निवासी ग्राम तमया, थाना सन्ना, जिला जशपुर बताया। पहले उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने जिला अस्पताल परिसर से स्कूटी चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि अस्पताल परिसर में खड़ी स्कूटी में चाबी लगी हुई थी। इसी का फायदा उठाकर वह स्कूटी लेकर अपने गांव चला गया। बाद में वाहन की पहचान छिपाने के लिए उसने स्कूटी के आगे और पीछे अंकित पंजीयन नंबर को मिटा दिया। इसके बाद जब वह उसी स्कूटी से दोबारा जशपुर आया तो पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की हीरो मैस्ट्रो स्कूटी बरामद कर विधिवत जब्त कर ली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जशपुर पुलिस ने बताया कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत इस मामले का भी त्वरित खुलासा किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन पार्क करते समय उसमें चाबी न छोड़ें तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां अवश्य बरतें।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उपनिरीक्षक मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा तथा आरक्षक शोभनाथ सिंह और विनोद तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image