खूंखार नक्सली हिड़मा के कथित महिमामंडन पर भाजपा का कांग्रेस पर तीखा हमला, विधायक अटल श्रीवास्तव से बिना शर्त माफी की मांग; कहा— शहीदों का अपमान बर्दाश्त नहीं, सड़क से सदन तक होगा विरोध
जशपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने कथित रूप से दुर्दांत नक्सली कमांडर हिड़मा का महिमामंडन कर छत्तीसगढ़ के शहीदों, सुरक्षा बलों और नक्सली हिंसा के पीड़ित परिवारों का अपमान किया है। भाजपा ने विधायक से बिना शर्त सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कांग्रेस नेतृत्व से भी इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है।
प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने जारी बयान में कहा कि हिड़मा जैसे नक्सली का नाम महान विभूतियों के साथ जोड़ना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिड़मा झीरम घाटी, ताड़मेटला तथा बीजापुर-सुकमा समेत कई बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड रहा है और उसके कारण अनेक जवानों तथा निर्दोष आदिवासियों की जान गई। ऐसे व्यक्ति का महिमामंडन लोकतंत्र और राष्ट्र के खिलाफ खड़ा होने जैसा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाकर बस्तर में विकास और शांति का वातावरण बनाने का प्रयास कर रही है। ऐसे समय कांग्रेस नेताओं के कथित बयान उनकी मानसिकता को उजागर करते हैं। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान और प्रदेश नेतृत्व से पूछा कि क्या वे अपने विधायक के बयान का समर्थन करते हैं और यदि नहीं, तो अब तक उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
भाजपा नेता ने कहा कि नक्सली हिंसा में अपने परिजनों को खो चुके परिवारों के लिए इस प्रकार की टिप्पणी उनके जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अटल श्रीवास्तव शीघ्र सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी नहीं मांगते हैं, तो भाजपा इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।
