रनपुर में कल निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, मौसी घर के लिए रथ पर सवार होंगे महाप्रभु, तैयारियां पूरी
ताजा खबरें


बड़ी खबर

रनपुर में कल निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, मौसी घर के लिए रथ पर सवार होंगे महाप्रभु, तैयारियां पूरी

नारायणपुर। ग्राम पंचायत रनपुर में भगवान जगन्नाथ, उनके ज्येष्ठ भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा की वार्षिक रथयात्रा को लेकर पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। आगामी 16 जुलाई को क्षेत्र की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में शामिल इस भव्य आयोजन का आयोजन किया जाएगा। रथयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और आयोजन समिति पूरे उत्साह के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है।

इन दिनों स्थानीय कारीगर पारंपरिक शैली में श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान के रथ का निर्माण कर रहे हैं। समिति के सदस्यों की देखरेख में रथ को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि निर्धारित समय पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की प्रतिमाओं को विधि-विधान के साथ रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जा सके। पूरे गांव में धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिल रहा है।

रथयात्रा के दिन सुबह से ही भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के विग्रहों का विशेष पूजन-अर्चन एवं भव्य श्रृंगार किया जाएगा। महाप्रभु को नए वस्त्र, मुकुट और आकर्षक आभूषणों से सजाया जाएगा। भगवान के अलौकिक दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

इसके बाद भगवान जगन्नाथ अपने ज्येष्ठ भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ भव्य रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण के लिए निकलेंगे। धार्मिक मान्यता के अनुसार महाप्रभु अपनी मौसी के घर जाएंगे, जहां वे नौ दिनों तक विराजमान रहेंगे। निर्धारित अवधि पूर्ण होने के बाद भगवान की बहुड़ा यात्रा के माध्यम से पुनः मंदिर में वापसी होगी।

माटीकला बोर्ड के अध्यक्ष सम्भु नाथ चक्रवर्ती ने बताया कि रथयात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भगवान जगन्नाथ, सुभद्रा और बलभद्र विशेष वस्त्रों में सुसज्जित होकर रथ पर विराजमान होंगे और पूरे विधि-विधान के साथ मौसी घर के लिए प्रस्थान करेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Leave Your Comment

Click to reload image