रात के अंधेरे में शराब तस्करी का खेल हुआ बेनकाब... पुलिस की घेराबंदी से मचा हड़कंप, बाइक की बोरी और झोले से निकली 27 लीटर से अधिक अवैध शराब, आरोपी गिरफ्तार,मोटरसाइकिल जब्त, सीधे भेजा गया जेल...
जशपुर। जिले में नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही जशपुर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी और देसी शराब की तस्करी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। थाना पत्थलगांव पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर देर रात घेराबंदी कर एक बाइक सवार को पकड़ा, जिसके कब्जे से बिक्री के लिए ले जाई जा रही 27 लीटर 300 मिलीलीटर अंग्रेजी एवं देसी शराब जब्त की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 16 हजार 440 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 14 MU 1427 को भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विश्वनाथ शर्मा (54 वर्ष), निवासी ग्राम लुड़ेग, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 जून 2026 की रात करीब 10 बजे थाना पत्थलगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति प्लेटिना मोटरसाइकिल में भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर ग्राम पालीडीह की ओर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और ग्राम पालीडीह के पास घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक सवार को रोक लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम विश्वनाथ शर्मा बताया। जब पुलिस ने बाइक में रखी बोरी और झोले की तलाशी ली तो उसमें विभिन्न ब्रांडों की बड़ी मात्रा में अंग्रेजी एवं देसी शराब मिली। बरामद शराब में मैकडॉनल नंबर-1 व्हिस्की की 750 एमएल की 2 बोतल, सिंबा कंपनी की 650 एमएल की 12 बीयर बोतलें, मुडोफ व्हिस्की के 180 एमएल वाले 25 पौवे, गोल्डन गोवा व्हिस्की के 180 एमएल वाले 60 पौवे तथा देसी प्लेन मदिरा के 180 एमएल वाले 15 पौवे शामिल हैं। कुल मिलाकर 114 नग शराब, जिसकी मात्रा 27 लीटर 300 मिलीलीटर निकली।
पुलिस ने आरोपी से शराब रखने एवं परिवहन करने के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में पूरी शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अवैध शराब परिवहन का अपराध स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक सुभाष नायक, आरक्षक राजेंद्र रात्रे तथा आरक्षक विनोद यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस संबंध में जशपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पत्थलगांव पुलिस ने अवैध अंग्रेजी एवं देसी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जशपुर पुलिस की कार्रवाई आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगी।
