वानखेड़े में भारत का परचम: इंग्लैंड को 7 रन से हराकर टीम इंडिया चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में, छक्कों और रिकॉर्डों की झड़ी
ताजा खबरें

बड़ी खबर

वानखेड़े में भारत का परचम: इंग्लैंड को 7 रन से हराकर टीम इंडिया चौथी बार टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में, छक्कों और रिकॉर्डों की झड़ी

 

मुंबई 06 मार्च 2026। आईसीसी T20 World Cup 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रन से पराजित कर टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में चौकों-छक्कों की जमकर बरसात हुई और कई बड़े रिकॉर्ड भी बने।

भारतीय टीम ने इस जीत के साथ टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास में चौथी बार फाइनल में पहुंचने का गौरव हासिल किया है। इससे पहले भारत 2007, 2014 और 2024 में फाइनल खेल चुका है। लगातार दूसरी बार फाइनल (2024 और 2026) में पहुंचकर भारत दुनिया की तीसरी टीम बन गया है, जिसने यह उपलब्धि हासिल की है। इससे पहले पाकिस्तान (2007, 2009) और श्रीलंका (2012, 2014) यह कारनामा कर चुके हैं।

 मुकाबले में बाउंड्री की बरसात

सेमीफाइनल मैच में दर्शकों को ताबड़तोड़ बल्लेबाजी का नजारा देखने को मिला। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए इस मुकाबले में कुल 73 बाउंड्री (39 चौके और 34 छक्के) लगे, जो टी-20 वर्ल्ड कप इतिहास के किसी एक मैच में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले इसी मैदान पर 2016 में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए मैच में 61 बाउंड्री लगी थीं।

 पूरे टूर्नामेंट में भारत का छक्कों का रिकॉर्ड

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने छक्कों की झड़ी लगा दी। टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में 88 छक्के लगाकर किसी एक एडिशन में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस सूची में दूसरे स्थान पर वेस्टइंडीज की टीम है, जिसने 76 छक्के लगाए।

 संजू सैमसन की तूफानी पारी

सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार 89 रन की पारी खेली। इस पारी के साथ उन्होंने टी-20 वर्ल्ड कप में किसी भारतीय बल्लेबाज की सबसे बड़ी पारी के मामले में विराट कोहली की बराबरी कर ली।

सैमसन पूरे टूर्नामेंट में भी छक्कों के मामले में सबसे आगे रहे। उन्होंने 2026 वर्ल्ड कप में 16 छक्के लगाकर एक एडिशन में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने 2024 में 15 छक्के लगाए थे।

इसके अलावा शिवम दुबे ने 15, ईशान किशन और हार्दिक  ने 14-14 छक्के जड़कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। वहीं युवराज सिंह ने 2007 वर्ल्ड कप में 12 छक्के लगाए थे।

भारत की इस रोमांचक जीत के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले पर टिक गई हैं, जहां टीम इंडिया खिताब जीतकर इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेगी। स्रोत एजेंसी

Leave Your Comment

Click to reload image