मंदिर प्रांगण में गूंजा “मातृ देवो भव, पितृ देवो भव”: कस्तूरा में मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम में उमड़ी आस्था की भीड़, बच्चों ने किया माता-पिता व मुख्य अतिथि दंपत्ति का सम्मान
ताजा खबरें

बड़ी खबर

मंदिर प्रांगण में गूंजा “मातृ देवो भव, पितृ देवो भव”: कस्तूरा में मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम में उमड़ी आस्था की भीड़, बच्चों ने किया माता-पिता व मुख्य अतिथि दंपत्ति का सम्मान

जशपुर 25 फरवरी2026 (कस्तूरा)। भारतीय संस्कृति में माता-पिता के सम्मान और पारिवारिक मूल्यों के संवर्धन के उद्देश्य से रविवार को कस्तूरा स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 से अधिक माता-पिता एवं बच्चों ने सहभागिता कर अपने माता-पिता का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विक्रमादित्य सिंह जूदेव एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती जया सिंह जूदेव रहे। बच्चों ने मुख्य अतिथि दंपत्ति का पारंपरिक विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्ति और भावनाओं से सराबोर रहा तथा कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं।

कार्यक्रम की शुरुआत कस्तूरा से शारदा धाम पहुंचकर निराश्रित बच्चों को बाल संस्कार शिक्षा देने एवं फल वितरण के साथ की गई। साथ ही 15 वृद्धजनों को कंबल वितरित किए गए। इसके पश्चात श्री जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में मुख्य मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां कस्तूरा के 25 वृद्धजनों को भी कंबल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि विक्रमादित्य सिंह जूदेव ने कहा कि इस प्रकार के संस्कारयुक्त आयोजन विद्यालयों में भी नियमित रूप से होने चाहिए, ताकि बच्चों में प्रारंभ से ही पारिवारिक सम्मान और नैतिक मूल्यों का विकास हो। श्रीमती जया सिंह जूदेव ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।

अम्बिकापुर योग वेदांत समिति से अभिषेक सिंह, कपिल सिंह, विष्णु गुप्ता एवं श्रीमती राशि सिंह की उपस्थिति रही। वहीं जशपुर योग वेदांत समिति से विजय शर्मा तथा कस्तूरा के कर्णपाल सिंह, सत्य प्रकाश सिंह, सुदन एवं सुलेश ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।

विजय शर्मा ने युवाओं से “मातृ देवो भव, पितृ देवो भव” की परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया तथा अभिभावकों से बच्चों को भारतीय संस्कारों से जोड़ने की अपील की। अंत में कपिल सिंह ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में समिति सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों का विशेष सहयोग रहा।

Leave Your Comment

Click to reload image