ताजा खबरें


बड़ी खबर

डबल इंजन की सरकार में बस्तर में शांति बहाल करने में मिल रही कामयाबी,,,,मुख्यमंत्री ने वर्चुअल किया इंडियन ओवरसीज बैंक का शुभारंभ

रायपुर, :लंबे समय से नक्सल समस्या से प्रभावित रहे छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के जगरगुंडा क्षेत्र के लोगों को भी अब बैंकिंग सुविधा का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास से सुकमा के जगरगुंडा में इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा का वर्चुअल शुभारंभ किया। बैंक की इस शाखा से आसपास के 12 गांव के लगभग 14 हजार ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधा का लाभ मिलेगा। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने शुभारंभ कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन इस क्षेत्र के लोगों के लिए ऐतिहासिक है। लंबे समय से यह क्षेत्र नक्सलवाद से प्रभावित रहा है।  पिछले डेढ़ वर्षों में हमारी डबल इंजन की सरकार में हम बस्तर क्षेत्र में शांति स्थापित करने में कामयाब हुए हैं। यही कारण है कि आज यहां बैंक की नई शाखा खुली है। लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रहा है। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार की सुरक्षा, विकास और विश्वास की रणनीति, सुरक्षा बलों के लगातार अभियान और केंद्र और राज्य सरकार के दृढ़ संकल्प से बस्तर अंचल के गांव तेजी से नक्सल समस्या से उबर कर विकास की मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी में सभी ग्राम पंचायत में बैंकिंग सुविधा उपलब्ध कराने की गारंटी दी गई है,  जिस पर अमल करते हुए 24 अप्रैल राष्ट्रीय पंचायत दिवस के अवसर पर प्रत्येक विकासखंड की 10 - 10 ग्राम पंचायतों में 1460 अटल पंचायत डिजिटल सेवा केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। जहां ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलना प्रारंभ हो गया है। एक वर्ष में सभी ग्राम पंचायतों में इस सुविधा का विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को सुशासन तिहार की भी विस्तार से जानकारी दी। श्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान उन्होंने स्वयं डिजिटल सेवा केंद्रों पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। ग्रामीण यहां बैंकिंग सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। 

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि जब वे दंतेवाड़ा में कलेक्टर थे, तब यह इलाका घोर नक्सल प्रभावित था। अंदरूनी इलाके में जाने के पहले सोचना पड़ता था। वर्ष 2001 में इस भवन में ग्रामीण बैंक की शाखा थी, जिसे नक्सलियों द्वारा लूटने का प्रयास किया गया था। आज इसी भवन में इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा खुल रही है। यहां से ग्रामीणों को तेंदूपत्ता बोनस, किसान सम्मान निधि जैसी अनेक योजनाओं की राशि गांव में ही मिलेगी।

वित्तमंत्री श्री चौधरी ने बैंक परिसर में कैश काउंटर और शाखा प्रबंधक कार्यालय का निरीक्षण करते हुए बैंक में अपना भी खाता खुलवाया। उनके साथ महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका सोरी ने भी बैंक में अपना खाता खुलवाया। उल्लेखनीय है कि बैंक के साथ ही एटीएम की सुविधा भी ग्रामीणों के लिए उपलब्ध कराई गई है। 

शुभारम्भ कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव वर्चुअली जुड़े थे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, कलेक्टर सुकमा  श्री देवेश कुमार ध्रुव, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नम्रता जैन और बैंक के रीजनल मैनेजर श्री गौरीशंकर नायक जगरगुण्डा में उपस्थित थे।

और भी

कुख्यात फरार लुटेरा रतन लकड़ा पुलिस को बार बार लोकेशन बदल दे रहा था चकमा, पुलिस ने फिल्मी अंदाज में देशी कट्टा के साथ पकड़ा आरोपी को,भेजा जेल

जशपुर :- जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. जिले की बगीचा पुलिस ने आददन लुटेरा को धर दबोचा है. इस आदतन अपराधी ने जशपुर में लगातार तीन लूट की वारदातों को अंजाम दिया था. पुलिस से जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रकाश गुप्ता, निवासी सराईटोली, थाना बगीचा ने थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि मारोल के साप्ताहिक बाजार में वह गल्ला खरीदने गया था , कि दोपहर करीब 1.30 बजे जब वह दुकान पर अकेले था, उसी समय तीन अज्ञात व्यक्ति अपाचे मोटरसाइकिल से आए और उनमें से दो लोग उसे देसी कट्टा दिखाकर उसके पैसा वाला बैग को ,जिसमे 46700 रुपए था और उसके मोबाइल को लूटकर भाग गए ।
                इसी प्रकार उसी दिन   प्रार्थी सतीश यादव निवासी फिरोजपुर जो यू एस एग्रो सीड कंपनी में काम करता है ने भी थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि,सुबह सुबह कंपनी के काम से ग्राम गुरमाकोना,  थाना बगीचा में गया था । उसी दौरान तीन अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल से आए और कट्टा दिखाकर उसके पर्स में रखा 1800 रुपए को लूटकर ले गए तथा मोबाइल को लूटकर ले गए थे। 
          रिपोर्ट पर अपराध थाना बगीचा में लूट के लिए बीएनएस की धारा 309(4)  तथा 25,27 आर्म्स एक्ट  के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया था ।
                   इसी प्रकार  ग्राम अलोरी सोनक्यारी में भी एक व्यापारी से कट्टा दिखाकर करीब 45000 रुपए लूटकर ले गए थे । जिसकी रिपोर्ट सोनक्यारी चौकी में दर्ज की गई थी ।
               सिलसिलेवार तीन लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर  श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में आरोपियों की पातासाजी व गिरफ्तारी हेतु पुलिस की पांच  टीम गठित की गई थी, । जिनके द्वारा मामले के एक आरोपी अमेरिकन पैंकरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है, तथा  लूट में शामिल दूसरे आरोपी धनेश्वर को कोरबा पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है।
           पूर्व में गिरफ्तार आरोपी अमेरिकन पैंकरा की निशानदेही पर जशपुर पुलिस लूट के तीसरे आरोपी रतन लकड़ा की लगातार पतासाजी कर रही थी।
         वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के द्वारा फरार आरोपी रतन की पतासाजी व गिरफ्तारी हेतु पुलिस की तीन टीम गठित की गई थी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था, साथ ही पुलिस की टेक्निकल टीम की भी मदद ली जा रही थी।आरोपी लुटेरा रतन लकड़ा इतना शातिर था कि वह पुलिस को चकमा देने के लिए बार बार अपना लोकेशन बदलता रहता था, पुलिस उसे लगातार ट्रेस कर रही थी।
       कैसे पहुंची पुलिस कुख्यात लुटेरे रतन तक
             पुलिस को मुखबिर के जरिए खबर मिली थी कि फरार आरोपी रतन लकड़ा का सोनक्यारी निवासी कमल कुजूर व नारायणपुर के अशोक नाम के व्यक्ति से जेल में रहने के दौरान दोस्ती हुई थी, जिसको ध्यान में रखते हुए, पुलिस लगातार कमल कुजूर व अशोक के ऊपर नजर रखे हुई थी, व उनके पीछे मुखबिरी तंत्र को भी सक्रिय किया गया था, तथा पुलिस की टेक्निकल टीम भी उन्हें अपने सर्विलांस में रखी हुई थी। इसी दौरान दिनांक 17.05.25 को, पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि उक्त तीनों व्यक्ति मोटर साइकल से बेने नारायणपुर के रास्ते होते हुए सोनक्यारी की ओर जा रहे हैं, व पुलिस की टेक्निकल टीम द्वारा दिए गए इनपुट, भी मुखबिर की सूचना से मेल खा रहे थे,जिससे पुलिस ने अनुमान लगाया कि वे तीनो एक साथ है, और बेने नारायणपुर के रास्ते सोनक्यारी की कमल कुजूर के घर आ सकते है, जिस पर पुलिस के द्वारा तीन टीम बनाई गई, एक टीम तीनों संदेहियों का नारायणपुर से पीछा कर रही थी, दूसरी टीम गुलू फॉल के पास जंगल में छुपकर आने जाने वाले संदेहियों पर नजर रख रही थी, व तीसरी टीम सोनक्यारी में कमल कुजूर के घर के पास छुप कर बैठी थी, जहां आरोपी रतन लकड़ा की आने की संभावना थी,। इसी दौरान गुलु के जंगल में छिपे हुए पुलिस की टीम को तीन संदेही मोटर साइकल में आते दिखे, जिसके सम्बन्ध में सोन क्यारी में कमल कुजूर के घर में घात लगाकर बैठे पुलिस की  टीम को सूचित करते हुए, चुपचाप संदेहियों के मोटर साइकल का पीछा करने लगी, शाम लगभग 05 बजकर 30 मिनट में जैसे ही संदेही, मोटर साइकल से सोनक्यारी में कमल कुजूर के घर पहुंचे, वहां पर पहले से ही घात लगाकर बैठी पुलिस की टीम ने फरार कुख्यात लुटेरा रतन लकड़ा को धर दबौचा, व उसके कब्जे से एक नग देसी कट्टा को भी जप्त कर लिया गया है।
           पुलिस की पूछताछ में आरोपी रतन लकड़ा के द्वारा अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया गया कि उक्त तीनों लुट की घटना को वह अपने अन्य दो साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था । इसके अतिरिक्त ग्राम सोन क्यारी से एक पैशन प्रो मोटरसाइकिल को भी चोरी करना स्वीकार किया ।
         साथ ही ग्राम मरोल  की लूट  की घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल को पत्थलगांव के कुमेकेला से चोरी करना बताया है । पुलिस के द्वारा आरोपी रतन लकड़ा के कब्जे से लुट की घटना में प्रयुक्त देशी कट्टे को भी जप्त कर लिया है।
  
           आरोपी रतन लकड़ा आदतन अपराधी है, इसके विरुद्ध  थाना सन्ना,कोरबा, बतौली, लखनपुर व सीतापुर में  भी ,चोरी व लूट के मिलाकर  कुल 16प्रकरण दर्ज हैं जिसमें से कुछ प्रकरणों में वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
        आरोपी रतन लकड़ा, उम्र 26 वर्ष ,निवासी  चितमाडा थाना कापू जिला रायगढ़ (छ.ग) के द्वारा अपराध स्वीकार करने व प्रयाप्त अपराध सबूत पाए जाने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
        मामले की विवेचना व आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक श्री संत लाल आयाम, थाना प्रभारी सन्ना, उप निरीक्षक श्री बृजेश यादव, साइबर सेल से उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी,चौकी प्रभारी सोनक्यारी सहायक उप निरीक्षक श्री वैभव सिंह, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक मुकेश पांडे , व थाना सन्ना तथा चौकी सोनक्यारी पुलिस स्टॉफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
        मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि लुट की वारदात को अंजाम देने वाले  फरार आरोपी रतन लकड़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है ,आरोपी रतन लकड़ा बहुत ही शातिर था, अंततः पुलिस की गिरफ्त में आ गया है।

और भी

मुख्यमंत्री मिर्धा परिवार की बेटी तेजस्विनी की शादी में पहुंचकर दिया अपना आशीर्वाद 

जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय दुलदुला विकास खंड के ग्राम चराईडाड़ में मिर्धा परिवार के श्री मनबहाल राम और श्रीमती उमा देवी की बेटी के विवाह समारोह में पहुंचकर नव वधू तेजस्विनी सिंह और अमित कुमार को अपना आशीर्वाद दिए और सुखी जीवन की शुभकामनाएं दी
इस अवसर पर विधायक जशपुर श्रीमती रायमुनी भगत नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जुदेव, श्री भरत सिंह, विक्रमादित्य सिंह जुदेव, सुनील गुप्ता, कृष्णा राय और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।

और भी

जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत के नेतृत्व में जिला मुख्यालय में जयस्तंभ चौक से लेकर रणजीता स्टेडियम तक निकाला गया तिरंगा यात्रा

जशपुर :  राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक अभियान के अंतर्गत 17 मई को प्रदेश भर के प्रत्येक गांव, नगर और पंचायत में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस क्रम में जिला मुख्यालय जशपुर में भी तिरंगा यात्रा का आयोजन हुआ।यहां जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई।
ज्ञात हो कि देश की सुरक्षा में नागरिक सहभागिता के संकल्प के साथ आयोजित की गई तिरंगा यात्रा का आयोजन अत्यंत ही धूमधाम से जशपुर में आयोजित हुआ,यहां जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत के नेतृत्व में जय स्तंभ चौक से लेकर रणजीता स्टेडियम तक यात्रा निकाली गई।उक्त यात्रा में जनप्रतिनिधियों से लेकर आम नागरिकों तक की भागीदारी सुनिश्चित हुई।
यात्रा की अगुवाई राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक शीर्षक वाले बैनर से की गई।इस अवसर पर जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने देश की सशस्त्र सेनाओं,अर्धसैनिक बलों के योगदान को सराहते हुए भारत की जीत, सशस्त्र बलों तथा सैनिकों और उनके परिवारों को धन्यवाद भरा संदेश दिया।ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से यह संदेश गांव-गांव तक पहुँचेगा कि राष्ट्र की सुरक्षा सबकी साझी जिम्मेदारी है। यह आयोजन प्रदेशवासियों के उत्साह, सेनाओं के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को सशक्त करने वाला एक अनुकरणीय प्रयास है। यात्रा में पूर्व सैनिकों, सैनिकों के परिजनों, विद्यालयों के छात्रों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों भी शामिल हुए। शांतिपूर्ण,अनुशासित, संगठित एवं उत्साहपूर्ण निकाली गई यात्रा के मार्ग में उद्घोषणा वाहनों के माध्यम से देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया गया और नागरिकों द्वारा देशभक्ति के नारे तिरंगा यात्रा में लगाए गए। 
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष गंगाराम भगत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य कृपा शंकर भगत, जशपुर एसडीएम ओमकार यादव,जनपद पंचायत सीईओ लोकहित भगत,बीईओ श्रीमती कल्पना टोप्पो, तिलक राम सिद्धार्थ सहित आमजन और अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।

और भी

देशभक्ति गीत के साथ निकाली गई तिरंगा यात्रा : मुख्यमंत्री के साथ जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने हाथ में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय-तिरंगे झंडे’ की जयकार से गुंजने लगा स्थल 

जशपुर : ऑपरेशन सिंदूर" अभियान के अंतर्गत देशभक्ति से ओत-प्रोत तिरंगा यात्रा का कार्यक्रम दुलदुला विकासखंड के चराईडांड शिव मंदिर से आम बगीचा तक आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भव्य तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत , नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जुदेव भरत सिंह, श्री विक्रमादित्य सिंह जुदेव, श्री सुनील गुप्ता , श्री कृष्णा राय, सरगुजा कमिश्नर श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा, आईजी श्री दीपक झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, एस एस पी श्री शशी मोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार और जनप्रतिनिधिगण, पंचायत एवं नगरीय निकायों के प्रतिनिधि, अधिकारी, आम नागरिक, बच्चे एवं जवान बड़ी संख्या में शामिल हुए।

लोगों ने हाथ में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक यात्रा में शामिल हुए

यात्रा के दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के नारों से सम्पूर्ण वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने संबोधित करते हुए कहा कि “यह यात्रा न केवल तिरंगे के प्रति सम्मान है, बल्कि यह हमारे शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि भी है। यह अभियान देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को सशक्त बनाने का प्रतीक है।”ऑपरेशन सिंदूर’ के अंतर्गत पूरे जिले में एक साथ तिरंगा यात्रा आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना का संचार करना,  जनसहभागिता के माध्यम से राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं, मातृशक्ति एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि कम समय में इतनी बड़ी भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि देश की जनता एकजुट होकर राष्ट्र के लिए खड़ी है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार प्रकट किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत भारतीय सेना ने अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है। यह अभियान उन शहीद जवानों को समर्पित है जिन्होंने अपनी शहादत से राष्ट्र का मान बढ़ाया। उन्होंने उल्लेख किया कि उरी हमले के बाद जिस प्रकार से सेना ने जवाब दिया, और हाल ही में 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों द्वारा की गई कायरतापूर्ण घटना में छत्तीसगढ़ के सपूत सहित अन्य जवानों की निर्ममहत्या का उल्लेख करते हुए श्रद्धांजलि व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं रक्षामंत्री के कुशल नेतृत्व में सीमापार आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई कर उन्हें ध्वस्त किया गया। इस तिरंगा यात्रा में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता यह संदेश देती है कि भारत एक है, और राष्ट्रहित में सभी नागरिक एकजुट हैं।

आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिदूंर की सराहना हर देशवासी कर रहा है। भारतीय सेना द्वारा देश की रक्षा हेतु अदम्य साहस का परिचय देते हुऐ देश की सीमाओं की रक्षा अत्यन्त वीरता के साथ की जा रही है। इस अवसर पर भारतीय सेना के प्रयासो का समर्थन करने एवं एकजुटता दिखाने के तिरंगा यात्रा इसी तरह जिले के सभी नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में रैली यात्रा निकाली गई। इस अवसर पर  जनप्रतिनिधि, पंचायत एवं नगरीय निकायों के प्रतिनिधि, अधिकारी, आम नागरिक, बच्चे एवं जवान बड़ी संख्या में शामिल हुए और देश के प्रति अपनी एकजुटता एवं सम्मान प्रकट किया।

और भी

अवधूत भगवान राम की तपोभूमि आदर्श ग्राम सोगडा में भारतीय सेना के सम्मान में निकली तिरंगा यात्रा....उमड़ा जन सैलाब सभी ने एकजुटता और देशभक्ति का दिया संदेश

जशपुर : भारतीय सेना के सफल ऑपरेशन सिंदूर को समर्थन देने के लिए विकासखंड मनोरा के आदर्श ग्राम जिसे अवधूत भगवान राम की तपोभूमि भी कहा जाता है में देशभक्ति एवं ऑपरेशन सिंदूर के सफलता संबंधित नारे गूंज रहे थे, सर्वप्रथम शासकीय हाई स्कूल सोगडा में प्राचार्य श्रीमती निर्मला तिर्की की अध्यक्षता में सभा का आरंभ हुआ जहां सुबह से ही ग्रामीण बच्चे,शिक्षक व छात्र अभिभावक स्वप्रेरित उपस्थित हुए। कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी संजय पटेल, बी आर सी.सी.तरुण पटेल, ग्राम पंचायत सोगाडा की सरपंच श्रीमती बांधो बाई, प्राचार्य श्रीमती निर्मला तिर्की, परियोजना अधिकारी (उल्लास) विपिन विकास खरे, सीएसी अजीत सिदार, सोगडा आश्रम प्रभारी श्री विनीत सिंह शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सोगडा के प्रधान पाठक श्री राजेंद्र यादव शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला डूमरटोली के प्रधान पाठक प्रवीण कुमार पाठक अपने समस्त स्टाफ के साथ उपस्थित हुए इस रैली में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शांति भगत भी ग्राम वासियों के साथ सम्मिलित हुई तिरंगा रैली गांव के भ्रमण पश्चात हाई स्कूल सोगडा के खेल मैदान में कार्यक्रम का समापन किया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारी  ने सभी उपस्थित शिक्षकों, छात्रों अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों को कार्यक्रम की सफलता के लिए धन्यवाद प्रदान किये।

और भी

मुख्यमंत्री ने ऑपरेशन सिंदुर हस्ताक्षर अभियान चलाकर एकता का संदेश दिया.....शहीद परिवारों के परिजनों को शाल और श्रीफल देकर किया सम्मानित 

जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने चराईडाड़ शिव मंदिर के प्रांगण में तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुए और शहीद परिवारों के परिजनों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने हस्ताक्षर अभियान चलाकर ऑपरेशन सिंदुर की सफलता का संदेश दिया। इस अवसर पर विधायक जशपुर श्रीमती रायमुनी भगत, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जुदेव, पद्म श्री जगेश्वर यादव, श्री विक्रमादित्य सिंह जुदेव, श्री भरत साय श्री सुनील गुप्ता, श्री कृष्णा राय, सरगुजा कमिश्नर श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा, आईजी श्री दीपक कुमार झा, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, एसएसपी श्री शशी मोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, जनप्रतिनिधिगण, आम नागरिक और सभी वर्गों के लोग, अधिकारी और कर्मचारी उत्साह से तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने बगीचा विकासखंड के शहीद जवान एल के तिर्की के परिजन पत्नी श्रीमती रोजालिया तिर्की, शहीद जवान एमानुएल केरकेट्टा की पत्नी श्रीमती निर्मला केरकेट्टा, शहीद जवान अलेक्जेंडर लकडा पत्नी श्रीमती अल्मा लकड़ा इसी प्रकार शहीद जवान स्व प्रभु प्रकाश की पत्नी श्रीमती ईमालिया एक्का, शहीद जवान सुनीत लकड़ा के परिजन ऐलिन लकड़ा, शहीद जवान एच सी इलिसियुस लकड़ा परिजन कान्ति लकड़ा और जशपुर विकास खंड के भूतपूर्व सैनिक नायक राजू राम। इसी प्रकार कांसाबेल विकास खंड के भूतपूर्व सैनिक स्वर्गीय रजनीश बड़ा के परिजन मनोभा केरकेट्टा कुनकुरी विकास खंड के भूतपूर्व सैनिक स्वर्गीय फबीयानोस लकड़ा के परिजन पत्नी श्रीमती सुशन लकड़ा को और शहीद जवान सिमोन केरकेट्टा की बहु माटिल्डा केरकेट्टा को सम्मानित किया गया।

और भी

राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गांव में हुए सब एकजुट.....ग्राम पंचायत जुरूडाँड़ में तिरंगा यात्रा में उमड़ा जन सैलाब,

नारायणपुर : ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और देश की आन, बान और शान, भारतीय सैनिकों के साहस, शौर्य और पराक्रम को नमन करते हुए आज बगीचा विकास खण्ड के ग्राम पंचयात जुरूडाँड़ में  निकाली गई तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में महिला पुरुष शामिल हुए। जिसमें सभी धर्म, जाति, संप्रदाय और सभी वर्गों के लोगो ने भारत माता की जय के  नारों के साथ हाथ में तिरंगा लिए शामिल हुए।

       यह शौर्य तिरंगा यात्रा गांव के विभिन्न रास्तों से गुजरा। पाकिस्तान पर भारत की ऐतिहासिक जीत और आतंकवादियों की मिट्टी में मिलने की खुशी में निकाले गए इस तिरंगा यात्रा में गांव के सभी जन शामिल थे। इस शौर्य तिरंगा यात्रा में शामिल लोग भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयकारा लगा रहे थे।ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर निकाली गई इस शौर्य तिरंगा यात्रा पंचयात भवन से पंडरीपानी के मुख्य मार्ग तक देशभक्ति का सैलाब देखने को मिला लोगों ने भारतीय सेना के सम्मान में देशभक्ति के लगाए जोशीले नारे।

और भी

मुख्यमंत्री एक दिवसीय जशपुर जिले के प्रवास पर तिरंगा रैली में शामिल होने पहुंचे मयाली हेलीपेड,जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया आत्मीय स्वागत

नारायणपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के एक दिवसीय जशपुर जिले के प्रवास के दौरान स्थानीय  मयाली हेलीपेड में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया।  चराईडाँड़ में आयोजित तिरंगा रैली कार्यक्रम में शामिल होंगे।इस दौरान हेलीपेड में कलेक्टर रोहित व्यास,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह  सहित क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि, एवं गणमान्य उपस्थित थे।

और भी

पूरी से माता विमला, माता लक्ष्मी सहित भगवान जगन्नाथ का नीलचक्र का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी देव विग्रहों का किया गया स्वागत .....21 मई से शुरू होगा 7 दिवसीय धार्मिक महोत्सव,,,,श्री साय होंगे मुख्य अतिथि

दोकड़ा:  श्री जगन्नाथ मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियाँ पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ चल रही हैं। मंदिर प्रांगण में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो रहा है, जहाँ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है।आज सुबह पूरी से माता विमला, माता लक्ष्मी सहित भगवान जगन्नाथ का नीलचक्र भव्य शोभायात्रा के साथ पुरोहित के यहां पहुंचा। हरि कीर्तन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी देव विग्रहों का स्वागत किया गया।

21 मई से शुरू होगी प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत

इस भव्य अनुष्ठान की शुरुआत 21 मई को एक भव्य कलश यात्रा के साथ होगी, जिसमें हजारों श्रद्धालु भाग लेंगे। कलश यात्रा में महिला श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश लेकर धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बनाएंगी। यात्रा मैनी नदी बगिया से नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए मंदिर तक पहुंचेगी।

मुख्य अतिथि होंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और श्रीमती कौशल्या साय

प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और उनकी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय की उपस्थिति रहेगी। वे 21 मई को कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।

7 दिनों तक भक्ति में डूबा रहेगा नगर


इस धार्मिक उत्सव के अंतर्गत 7 दिनों तक विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें रात्रि भजन संध्या, संकीर्तन, बादी पाला हवन-पूजन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान शामिल हैं।पूरी के संत-महात्माओं द्वारा पूजा अर्चना की जाएगी। इस दौरान श्रद्धालु धर्म और अध्यात्म की गहराई को महसूस करेंगे।

मीना बाजार बनेगा बच्चों और युवाओं का आकर्षण केंद्र


शिव मंदिर परिसर के पास लगने वाला मीना बाजार भी इस कार्यक्रम की विशेषता होगा। यहाँ विभिन्न प्रकार की दुकानें, झूले, खेल-खिलौने और खाद्य सामग्री के स्टॉल लगाए जाएंगे, जो बच्चों और युवाओं के लिए मनोरंजन का प्रमुख केंद्र बनेंगे।

प्रतिदिन होगा विशाल भंडारा का आयोजन और पूर्णाहुति के बाद होगा नगर भ्रमण 


प्राण प्रतिष्ठा समारोह का समापन दिन 27 मई को विशाल भंडारे और शोभायात्रा के साथ होगा। हजारों श्रद्धालु इस दिन प्रसाद ग्रहण करेंगे और नगर भ्रमण किया जाएगा।

और भी

प्रदेश के गांव-गांव और शहर-शहर में 17 मई को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक बैनर तले निकलेगी तिरंगा यात्रा

रायपुर :  राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक अभियान के अंतर्गत 17 मई को प्रदेश भर के प्रत्येक गांव, नगर और पंचायत में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा देश की सुरक्षा में नागरिक सहभागिता के संकल्प के साथ आयोजित की जा रही है, जिसमें जनप्रतिनिधियों से लेकर आम नागरिकों तक की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री तथा मंत्रीगण स्वयं इस प्रदेशव्यापी यात्रा में सम्मिलित होंगे। सांसद, विधायक, जिला एवं जनपद पंचायत अध्यक्ष, सदस्यगण तथा पंचायत प्रतिनिधि और अन्य जनप्रतिनिधियों को भी इस आयोजन में आमंत्रित किया गया है। यात्रा की अगुवाई राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए नागरिक शीर्षक वाले बैनर से की जाएगी और इसके साथ ऑपरेशन सिंदूर का अधिकृत लोगो प्रमुख रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। यात्रा का प्रमुख आकर्षण “हम सेना के साथ हैं” और “ऑपरेशन सिंदूर के साथ राष्ट्र” जैसे बड़े बैनर होंगे, जो नागरिकों के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करेंगे।

इस अवसर पर देश की सशस्त्र सेनाओं, अर्धसैनिक बलों के योगदान को सराहते हुए भारत की जीत, सशस्त्र बलों तथा सैनिकों और उनके परिवारों को धन्यवाद के संदेश वाली तख्तियों लोगों के हाथों में होंगे। यात्रा में पूर्व सैनिकों, सैनिकों के परिजनों, विद्यालयों के छात्रों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों को शामिल करने का विशेष अनुरोध किया गया है। जिला प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि यात्रा शांतिपूर्ण, अनुशासित, संगठित एवं उत्साहपूर्ण हो। यात्रा के मार्ग में उद्घोषणा वाहनों के माध्यम से देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा और नागरिकों द्वारा देशभक्ति के नारे लगाए जाएंगे। विशेष आकर्षण के रूप में लंबे तिरंगे भी यात्रा का हिस्सा होंगे, जिनकी उपयुक्त संख्या में व्यवस्था रहेगी। तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोगों के हाथ में राष्ट्रीय ध्वज रहे, इसके लिए विशेष तैयारियाँ की गई हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की यह तिरंगा यात्रा न केवल राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूती देगी, बल्कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा में नागरिकों की सहभागिता का प्रभावशाली उदाहरण भी बनेगी। ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से यह संदेश गांव-गांव तक पहुँचेगा कि राष्ट्र की सुरक्षा सबकी साझी जिम्मेदारी है। यह आयोजन प्रदेशवासियों के उत्साह, सेनाओं के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को सशक्त करने वाला एक अनुकरणीय प्रयास है। छत्तीसगढ़ 17 मई को एकजुट होकर देश की सुरक्षा और एकता का मिसाल प्रस्तुत करेगा।

और भी

राजनांदगांव में 9 करोड़ की लागत से बना शासकीय क्षेत्रीय मुद्रणालय के नवीन भवन का मुख्यमंत्री ने  किया लोकार्पण

 रायपुर, :मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजनांदगांव जिले के चिखली में 9 करोड़ रूपए की लागत से निर्मित शासकीय क्षेत्रीय मुद्रणालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया। यहां शासकीय विभागों के महत्वपूर्ण दस्तावेजों का प्रकाशन होता है। मुख्यमंत्री ने शासकीय मुद्रणालय के नवनिर्मित भवन और वहां की प्रकाशन तथा अन्य व्यवस्था का भी अवलोकन किया।

 राजनांदगांव स्थित शासकीय क्षेत्रीय मुद्रणालय भवन छत्तीसगढ़ में एक मात्र शासकीय मुद्रणालय है जहां महत्वपूर्ण शासकीय दस्तावेजों का प्रकाशन किया जाता है। मुद्रणालय का पुराना भवन अत्याधिक पुराना होने के कारण नये भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। 

 शासकीय मुद्रणालय के नवीन भवन में पेपर गोडाउन, प्रिटिंग मटेरियल स्टोर, बाइडिंग एवं पेपर स्टोर, मेकेनिकल स्टोर, काम्पोजिंग एवं रीडिंग रूम, टाइप स्टोर, कैमरा रूम, असिस्टेंट सुपरिटेंडेन्ट कक्ष, डायरेक्टर रूम, कॉन्फ्रेंस रूम एवं अन्य आवश्यक व्यस्थाएं रखी गई है। यहां 4 बड़े हाल एवं 12 कमरे हैं।

 इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा, सांसद श्री संतोष पांडेय, महापौर श्री मधुसूदन यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं शासकीय मुद्रणालय के अधिकारी-कर्मचारी  उपस्थित थे।

और भी

मुख्यमंत्री श्री साय का स्पष्ट संदेश:कमिश्नर और कलेक्टर करें नियमित भ्रमण....सिर्फ कागज में नही,लाभार्थियों के चेहरे पर आई संतोष ही योजनाओं की सफलता का मापदंड

*मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दिया स्पष्ट संदेश: कमिश्नर और कलेक्टर करें नियमित प्रवास; राजस्व न्यायालय का समयबद्ध और नियमित संचालन करें सुनिश्चित*

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सुशासन तिहार अंतर्गत राजनांदगांव जिला पंचायत के सभा कक्ष में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में   अधिकारियों को विकास और जनसेवा के लिए नियमित भ्रमण एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रवास तथा राजस्व न्यायालयों के समयबद्ध संचालन के संबंध में कड़े निर्देश दिए। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा जब अधिकारी जमीनी हकीकत से जुड़े रहेंगे और जनता की समस्याओं का निराकरण सीधे उनकी उपस्थिति में किया जाएगा। इसके लिए सभी कमिश्नर, कलेक्टर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी अपने अधीन जिलों और ब्लॉकों में नियमित भ्रमण और प्रवास करें तथा क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की भौतिक निगरानी सुनिश्चित करते हुए जवाबदेही की संस्कृति को मजबूत करें।

मुख्यमंत्री श्री साय ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व न्यायालय का नियमित संचालन सुनिश्चित करें। इसके साथ ही प्रत्येक अधिकारी पूर्वनिर्धारित न्यायालय कैलेंडर के अनुसार ही कार्य करें। केवल अत्यंत विशेष परिस्थितियों में ही न्यायालय की तिथि रद्द की जाए। इससे न केवल आमजन को समय पर न्याय मिलेगा बल्कि प्रशासनिक कार्यों में भी पारदर्शिता आएगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सुशासन की रीढ़ यही है कि अधिकारी जनसम्पर्क बनाए रखें, जनता के बीच उपस्थित रहें, और उनकी समस्याओं को त्वरित रूप से हल करें। यह न केवल विश्वास की भावना को मजबूत करेगा, बल्कि शासन की विश्वसनीयता को भी बढ़ाएगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजनांदगांव जिले के जिला पंचायत भवन के सभाकक्ष में आयोजित संयुक्त समीक्षा बैठक में सुशासन तिहार के अंतर्गत राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिलों के विकास कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री श्री साय ने बैठक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो तथा हर पात्र हितग्राही तक लाभ समय पर पहुँचे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 
स्वास्थ्य योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार हो ताकि आमजन को योजनाओं की जानकारी समय रहते मिले और वे उसका लाभ उठा सकें। राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण हेतु नियमित शिविरों का आयोजन हो। प्रधानमंत्री आवास योजना सहित सभी आवासीय योजनाओं की लंबित मांगों का शतप्रतिशत  निराकरण किया जाए। साथ ही जिलों में शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में समन्वय एवं पारदर्शिता बनाए रखते हुए समयबद्ध कार्रवाई हो।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य है कि शासन और प्रशासन की पहुंच गांव, गरीब और अंतिम पंक्ति के नागरिक तक सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता का मापदंड केवल कागज़ी प्रगति नहीं, बल्कि लाभार्थियों के चेहरे पर आई संतोष और सुरक्षा की अनुभूति है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने  कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अंतर्गत दी गई अधिकांश घोषणाओं को जमीनी स्तर पर सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया है। उन्होंने सभी जिलों में अधिकारियों द्वारा किए जा रहे अच्छे कार्यों की सराहना की और कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रशासन को समर्पित होकर और समन्वय स्थापित कर कार्य करना चाहिए।

मुख्यमंत्री श्री ने किसानों को समय पर खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहा कि आने वाले खरीफ सीजन को देखते हुए सभी जिलों में कृषकों की आवश्यकताओं के अनुरूप पूर्व तैयारी सुनिश्चित कर लें। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों से शिविर लगाकर लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए जिससे आम नागरिकों को समयबद्ध समाधान मिल सके।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 1460 पंचायतों में अटल सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया है। इन केंद्रों के सुचारू संचालन से ग्रामीण नागरिकों को बैंक, दस्तावेज़ और डिजिटल सेवाओं के लिए अन्यत्र जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी।मुख्यमंत्री ने इन केंद्रों के प्रभावी संचालन की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी और निर्देश दिए कि इनसे जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिले।

मुख्यमंत्री श्री साय ने जानकारी दी कि सभी पंचायतों में तिरंगा यात्रा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, जो राष्ट्रीय चेतना और नागरिक सहभागिता को प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों से इस यात्रा में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। शासन-प्रशासन के प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी को समन्वय, तत्परता और सेवा भाव के साथ कार्य करते हुए विकास यात्रा को गति देनी होगी।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा, सांसद श्री संतोष पांडेय, महापौर श्री मधुसूदन यादव, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

और भी

प्रधानमंत्री आवास के पक्के मकान की चाबी पा कर एक माँ ने मुख्यमंत्री श्री साय को स्नेह भरे हाथों से उनके गाल को छु कर दिया आशीर्वाद

रायपुर : बीजापुर जिले के उसुर विकासखंड के करेगुट्टा पहाड़ी  की तलहटी में स्थित गांव से उठी एक माँ की करुणा और कृतज्ञता—ग़लगम में आयोजित सुशासन तिहार में प्रधानमंत्री आवास की चाबी पाकर 62 वर्षीय शम्मी दुर्गम भावुक हो उठीं।  मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से चाबी लेते हुए उन्होंने स्नेहभरे हाथों से उनके गाल को छुआ, फिर अपने होंठों से उस हाथ को लगाया—जैसे कोई माँ अपने बेटे को आशीर्वाद दे रही हो। यह दृश्य केवल एक पक्का घर मिलने की ख़ुशी नहीं, बल्कि शासन पर एक माँ का वात्सल्यपूर्ण विश्वास था।

और भी

बिना जानकारी दिए झुरानदी में पहुंचे मुख्यमंत्री, बरगद के छांव में चौपाल लगाकर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं,5 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की दी सौगात

रायपुर, : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सहजता और सरलता से झुरानदी गांव के ग्रामीण अभिभूत हो उठे। तपती दोपहरी में मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर अचानक खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम झुरानदी में उतरा। बिना किसी पूर्व सूचना के मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों को हर्ष मिश्रित आश्चर्य हुआ। मुख्यमंत्री ने गांव के बरगद पेड़ की छांव में चौपाल लगाई और बेहद आत्मीय अंदाज में ग्रामीणों से संवाद किया। देखते ही देखते पूरा गांव उमड़ पड़ा और माहौल उत्सव जैसा बन गया। मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्रामीणों से बातचीत की शुरुआत करते हुए कहा कि मैंने बस्तर, सरगुजा के अनेकों जिले में और जांजगीर, चांपा, कबीरधाम, बेमेतरा जिले जैसे जिलों के सुदूर गांवों तक जाकर जनचौपाल की है। उन्होंने कहा कि आज मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी जिले से होकर आपके इस गांव झुरानदी में सीधे पहुंचा हूं। हमारी सरकार गांव, गरीब और किसान की सरकार है। हम हर घर तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की मांगों और समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई की जाए तथा योजनाओं का लाभ हर पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर झुरानदी गांव में हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने ग्राम में सीसी सड़क निर्माण के लिए 20 लाख रूपए, दो उच्च स्तरीय पुल निर्माण- गंडई से कृतबाधा पहुंच मार्ग पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए 2 करोड़ 54 लाख रूपए और गंडई कर्रानाला पहुँचमार्ग पर लिमो में उच्च स्तरीय पुल निर्माण के लिए 2 करोड 52 लाख रूपए और ग्रामीणों की मांग पर ग्राम पंचायत भोरमपुर में नए पंचायत भवन निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने गांव के बीच बाजार पड़ाव में बरगद पेड़ की छांव में जनचौपाल लगाई और वहां उपस्थित ग्रामीणों से छत्तीसगढ़ी भाषा में ही संवाद की शुरुआत की, जिससे ग्रामीणों के साथ भावनात्मक जुड़ाव और गहराता गया। उन्होंने ग्रामीणों से उनकी समस्याएं, सुझाव और योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े अनुभव भी सुने। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री साय के सहज, सरल, सादगीपूर्ण और विनम्र व्यवहार की खुले दिल से सराहना की। बुजुर्गों ने कहा कि वर्षों में पहली बार ऐसा अवसर आया है, जब प्रदेश के मुखिया सीधे उनके गांव में पहुंचे। किसानों और युवाओं ने मुख्यमंत्री की माटी से जुड़ी शैली को नज़दीक से देखा और महसूस किया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस मौके पर सुशासन तिहार के उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए कहा कि इस अभियान में मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री, सांसद, विधायक और स्थानीय जनप्रतिनिधि सभी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं और जमीनी हकीकत का मूल्यांकन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे स्वयं बस्तर से लेकर सरगुजा तक अनेक गांवों का दौरा कर चुके हैं, और योजनाओं की प्रगति की प्रत्यक्ष जानकारी ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने गांव के बाजार पड़ाव स्थित पवनपुत्र हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। इस मौके पर पूर्व विधायक श्री कोमल जंघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रियंका खम्हन ताम्रकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। 

*झुरानदी गांव में 180 पीएम आवास पूर्ण* 

खैरागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत झुरानदी की जनसंख्या 1935 है। यह गांव लोधी एवं वर्मा समाज की बहुलता है। गांव में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित है। गांव में प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला और हाई स्कूल की सुविधा उपलब्ध है, जिससे बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल रही है।

ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कुल 217 आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 180 पूर्ण हो चुके हैं तथा 37 निर्माणाधीन हैं। महतारी वंदन योजना से 616 महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। जल जीवन मिशन के तहत जल आपूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों को मनरेगा के अंतर्गत रोजगार मिल रहा है। गांव में 17 स्वसहायता समूह की महिलाएं आजीविका गतिविधियों से जुड़ी है।

और भी

राज्य सरकार का संकल्प: विकास के थमे पहिए तेजी से बढ़ेंगे आगे,,,अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में 132 केवी सब स्टेशन, मोहला में बस स्टैंड और छात्रावास को मिली मंजूरी

 रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में जल्द ही विकास का नया सूरज निकलेगा। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र नक्सलवाद से प्रभावित रहा है जिसके कारण यहां विकास के पहिए थम गए थे। हमारी यह चिंता है कि यहां नक्सलवाद समाप्त हो और विकास के काम तेजी से आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि हमारे जवान मजबूती के साथ नक्सलियों के विरूद्ध मोर्चा ले रहे हैं। हमारा संकल्प है कि मार्च 2026 तक नक्सलवाद को समाप्त करना है। मुख्यमंत्री श्री साय आज मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के सीतागांव में आयोजित समाधान शिविर को संबाधित कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन तिहार में सरकार आपके द्वार पहुंच रही है और आपकी समस्याओं का समाधान भी कर रही है। सच्ची नियत से जो सरकार काम करती है वही जनता के बीच जाकर अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करती है। उन्होंने इस मौके पर सीतागांव उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उन्नत करने, मोहला में बस स्टैंड और छात्रावास का निर्माण और सीतागांव हाई स्कूल का हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन तथा अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में 132 केवी सब स्टेशन की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना का लाभ सभी पात्र बहनों को दिया जा रहा है, और जिनके नाम नहीं जुड़े हैं उन्हें शीघ्र जोड़ा जाएगा। 

 मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान हम निरंतर जनता के बीच पहुंचकर योजनाओं का फीडबैक ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बिना पूर्व सूचना के किसी भी क्षेत्र में पहुंचकर चौपाल लगाकर जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रही है। यह सरकार पारदर्शिता और जनभागीदारी की भावना से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में सरकार बनने के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से नक्सल प्रभावितों के लिए पीएम जनमन के तहत् 32 हजार आवास स्वीकृत किए गए। जिनमें बड़ी संख्या में आवास पूर्ण हो चुके हैं हितग्राहियों का गृह प्रवेश भी हो रहा है। नक्सल हिंसा से पीड़ित तथा आत्मसर्पित नक्सलियों के लिए 15 हजार विशेष मकानों की स्वीकृति दी गई है। 
 
 मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने वादे के अनुरूप 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की है। जमीन रजिस्ट्री के साथ अब नामांतरण की प्रक्रिया भी स्वतः पूर्ण होगी। हक त्याग अब सिर्फ  500 रुपए में हो जाता है। प्रदेश के 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसे आगामी एक वर्ष में सभी ग्राम पंचायतों तक विस्तारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नया रायपुर में स्थापित आदिवासी संग्रहालय जनजातीय संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। शिविर को उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने भी संबोधित किया। 
 
 सीतागांव समाधान शिविर में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास अंतर्गत हितग्राहियों को खुशियों की चाबी सौंपी। उन्होंने इस मौके पर स्वच्छता दीदियों और मेघावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया। इसके अलावा मत्स्य पालकों को जाल, ग्रामीणों को राशन कार्ड, पेंशन आदि योजनाओं के हितग्राहियों को सामाग्री का वितरण किया गया। सीतागांव शिविर में आस-पास के 08 ग्रामपंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। शिविर में वन अधिकार पट्टा के 336, प्रधानमंत्री आवास के 258, राशन कार्ड के 247 आवेदन सहित कुल 1770 आवेदनों का निराकरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे। 

*मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 47076 आवेदनों का निराकरण*
मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले में सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त 48007 आवेदनों में से अब तक 47076 आवेदनों का निराकरण किया चुका है। इन आवेदनों में मुख्यरूप से प्रधानमंत्री आवास, व्यक्तिगत शौचालय, मनरेगा अंतर्गत व्यक्तिमूलक कार्य, अधोसंरचना निर्माण, महतारी वंदन योजना, वन अधिकार पट्टे संबंधी आवेदन प्राप्त हुए हैं। मांग एवं पात्रता के अनुसार आवेदनों का विभागवार परीक्षण कर शिविरों के माध्यम से आवेदकों को लाभ प्रदान किया जा रहा है।

 जिले में शिविरों के माध्यम से अब तक 242 मनरेगा, 1130 व्यक्तिगत शौचालय, 02 सामुदायिक शौचालय, 364 पेंशन स्वीकृति, 332 राशन कार्ड, 294 मनरेगा जॉब कार्ड, 24 ऋण पुस्तिका का वितरण किया जा चुका है, साथ ही 81 आयुष्मान कार्ड एवं 30 वय वंदन कार्ड बनाये जा चुके हैं एवं ही जिले के 142 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया जा चुका है, जिनमें से 27 सिल्वर ग्राम पंचायत एवं 125 ब्रांज ग्राम पंचायत के रूप में चिन्हांकित एवं पुरस्कृत है।

और भी

मुख्यमंत्री श्री  साय ने  निर्माणाधीन सिद्धबाबा जलाशय का  किया  निरीक्षण,योजना से 34 ग्राम किसानों के खेतों में पहुंचेगा पानी 

 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज विकासखंड छुईखदान के ग्राम गभरा का दौरा किया और वहाँ निर्माणाधीन सिद्ध बाबा  जलाशय परियोजना का निरीक्षण किया। यह महत्वाकांक्षी परियोजना लगभग 220 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित की जा रही है, जो क्षेत्र के सिंचाई और जल आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएगी। उल्लेखनीय हैं की छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रस्तावित सिद्धबाबा लघु जलाशय योजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना जिले के ग्राम उरतुली के पास लमती नदी पर स्थापित की जाएगी, जो जिला मुख्यालय से 22 किमी दूर स्थित है।

परियोजना की अनुमानित लागत ₹220.07 करोड़ है। इसे दिनांक 9 मार्च 2022 को जल संसाधन विभाग, मंत्रालय महानदी भवन, नया रायपुर–अटल नगर द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है।

*सिंचाई का होगा बड़ा विस्तार*

सिद्धबाबा जलाशय की कुल जलभराव क्षमता 9.496 मिलियन घन मीटर निर्धारित की गई है। इसके निर्माण से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बेमेतरा और दुर्ग जिलों के कुल 34 गांवों में लगभग 1840 हेक्टेयर भूमि पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के 19 गांवों (जैसे गगरा, बुंडेली, सूरादरी, कोटरा आदि) में 885 हेक्टेयर। बेमेतरा जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र के 11 गांवों (जैसे पचरसोरी, जानो, सोहागपुर आदि) में 820 हेक्टेयर। इसी प्रकार  दुर्ग जिले के 4 गांवों (अगारकला, नवागांव आदि) में 135 हेक्टेयर शामिल है 

*जलाशयों को भी मिलेगा जीवनदान*

इस परियोजना से 23 लघु जलाशयों को भी जलापूर्ति की जाएगी, जिससे जल संरक्षण और कृषि उत्पादन को नई ऊर्जा मिलेगी। इनमें शामिल हैं: छुईखदान विकासखंड के 13 जलाशय, साजा विकासखंड के 7 जलाशय, धमधा विकासखंड के 3 जलाशय कृषि और 

*ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा बल*

यह परियोजना न केवल सिंचाई सुविधाओं को सशक्त बनाएगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था, खाद्य सुरक्षा और किसान आत्मनिर्भरता में भी अहम भूमिका निभाएगी। इससे सूखे की मार झेल रहे कई इलाकों को स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

और भी

मानपुर विकासखंड के ग्राम सीतागांव में समाधान शिविर में शामिल हुए मुख्यमंत्री ...मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को दी विकास की सौगात,97% आवेदनों का हुआ निराकरण

रायपुर :/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम सीतागांव के सेक्टर सीतागांव में आयोजित समाधान शिविर में शामिल हुए। इस अवसर पर उनके साथ उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा, मुख्यमंत्री प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह भी उपस्थित थे।

सुशासन तिहार के तृतीय चरण अंतर्गत आज समाधान शिविर में क्षेत्र की 08 ग्राम पंचायतों सीतागांव, मदनवाडा, कारेकट्टा, हलांजुर, हुरेली, कंदाडी, कोहका, हलोरा ग्राम पंचायत को क्लस्टर के रूप में शामिल किया गया था। मुख्यमंत्री ने क्लस्टर के 08 ग्राम पंचायतों के हितग्राहियों से सीधा संवाद कर शासन की योजनाओं की जानकारी ली और उनकी समस्याएं सुनीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि अभी पूरे प्रदेश में सुशासन तिहार 2025 मनाया जा रहा है। हमारी सरकार को कार्यभार संभाले 1.5 वर्ष हुआ है, इस दौरान हमने निरंतर जनता के बीच पहुंचकर योजनाओं का प्रभाव और लाभ का आकलन किया है। इस सुशासन तिहार में अब तक 40 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुई हैं, जिनका निराकरण अधिकारियों द्वारा दूसरे चरण में 20 दिनों तक किया गया। वर्तमान में समाधान शिविरों के तीसरे चरण का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हमारी सरकार बिना पूर्व सूचना के किसी भी क्षेत्र में पहुंचकर चौपाल लगाकर जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रही है। यह सरकार पारदर्शिता और जनभागीदारी की भावना से कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में सरकार बनने के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लिए 15 हजार विशेष मकानों की स्वीकृति दी गई है। महतारी वंदन योजना का लाभ सभी पात्र बहनों को दिया जा रहा है, और जिनके नाम नहीं जुड़े हैं उन्हें शीघ्र जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की है। जमीन रजिस्ट्री के साथ अब नामांतरण की प्रक्रिया भी स्वतः पूर्ण होगी। हक त्याग अब सिर्फ  500 रुपए में हो जाता है। प्रदेश के 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसे आगामी एक वर्ष में सभी ग्राम पंचायतों तक विस्तारित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नया रायपुर में स्थापित आदिवासी संग्रहालय जनजातीय संस्कृति के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राज्य सरकार नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए लगातार प्रयासरत है और मार्च 2026 तक इसे पूर्ण रूप से समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की प्रमुख घोषणाएं –

1. सीतागांव उप स्वास्थ्य केंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उन्नत किया जाएगा।
2. मोहला में बस स्टैंड और छात्रावास का निर्माण किया जाएगा।
3. सीतागांव हाई स्कूल का हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन किया जाएगा।

4. अंबागढ़ चौकी क्षेत्र में 132 केवी सब स्टेशन की स्थापना की जाएगी।

इसके साथ ही सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित समाधान शिविर में मुख्यमंत्री के द्वारा पात्र हितग्राहियों को सामग्री वितरण कर लाभान्वित किया गया।जिसमें मत्स्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को जाल का वितरण किया गया। खाद्य विभाग द्वारा हितग्राहियों को राशन कार्ड का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास अंतर्गत हितग्राहियों को खुशियों की चाबी दी गई। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत  हितग्राही लाभान्वित हुए साथ ही स्वच्छता दीदियों को भी सम्मानित किया गया । पेंशन योजना के हितग्राही भी लाभान्वित हुए। मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्र के मेधावी छात्र छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया।

उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने समाधान शिविर में लोगों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार लोगों की समस्याओं के निराकरण और उनकी मांगों को पूरा करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। इसके लिए बकायदा एक महीने पहले से आवेदन लेकर उनका परीक्षण कर लोगों की समस्याएं दूर की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय स्वयं समाधान शिविरों में पहुंचकर मैदानी स्तर पर लोगों की समस्याओं के निराकरण की पड़ताल कर रहे हैं। 

 श्री शर्मा ने कहा कि लोगों की सहुलियत के लिए जमीनों की रजिस्ट्री, नामांतरण और हक त्याग की प्रक्रिया में क्रांतिकारी बदलाव लाए गए हैं। अब लोगों को कागज-पत्र लेकर जगह-जगह घूमने की जरूरत नहीं है। रजिस्ट्री होते ही स्वमेव नामांतरण हो जाएगा। महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से सरकार ने महिलाओं और गरीबों की बड़ी चिंता की है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार के प्रयासों से राज्य में उत्तर से लेकर दक्षिण तक नक्सलवाद को खत्म करने में लगातार बड़ी कामयाबी मिल रही है।

मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी जिले के  185 ग्राम पंचायत एवं 01 नगरीय निकाय में कुल 25 शिविर रखे गये हैं, जिसमें से आज दिनांक तक 11 शिविर आयोजित हो चुके हैं। सुशासन तिहार में जिला अंतर्गत कुल 48007 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें मांग 47,333 शिकायत 674 है। अभी तक 46466 मांग 610 शिकायतों का निराकरण पूर्ण हो चुका है इस तरह से 97 प्रतिशत आवेदन का निराकरण हो चुका है। प्रमुख रूप से जिले में प्रधानमंत्री आवास, व्यक्तिगत शौचालय, मनरेगा अंतर्गत व्यक्तिमूलक कार्य, अधोसंरचना निर्माण, महतारी वंदन योजना, वन अधिकार पट्टे संबंधी आवेदन सर्वाधिक संख्या में प्राप्त हुए हैं। मांग एवं पात्रता के अनुसार आवेदनों का विभागवार परीक्षण कर शिविरों के माध्यम से आवेदकों को लाभ प्रदान किया जा रहा है।

जिले में अब तक 242 मनरेगा, 1130 व्यक्तिगत शौचालय, 02 सामुदायिक शौचालय, 364 पेंशन स्वीकृति, 332 राशन कार्ड, 294 मनरेगा जॉब कार्ड, 24 ऋण पुस्तिका का वितरण किया जा चुका है, साथ ही 81 आयुष्मान कार्ड एवं 30 वय वंदन कार्ड बनाये जा चुके हैं एवं ही जिले के 142 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया जा चुका है, जिनमें से 27 सिल्वर ग्राम पंचायत एवं 125 ब्रांज ग्राम पंचायत के रूप में चिन्हांकित एवं पुरस्कृत है।

जिले में आयोजित शिविर जल संरक्षण, जैविक कृषि को बढ़ावा एवं अन्य फसल प्रोत्साहन, महिला सशक्तिकरण, नशामुक्ति, डिजीटल इंडिया जैसे विभिन्न थीम पर आधारित हैं। 

आज आयोजित सीतागांव शिविर अंतर्गत 08 ग्राम पंचायत सीतागांव, मदनवाड़ा हलांजुर, हलोरा, हुरेली, कंदाड़ी, कारेकट्टा, कोहका सम्मिलित है। जिसमें कुल 1785 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें मांग 1765, शिकायत 20 हैं, प्राप्त आवेदनों के विरूद्ध 1750 मांग एवं 20 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है, शेष 15 आवेदनों का निराकरण किया जा रहा है। इस क्लस्टर अंतर्गत प्रमुख रूप से वन अधिकार पट्टा हेतु 336, प्रधानमंत्री आवास के 258, राशन कार्ड के 247 आवेदन हैं।

इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

और भी