ताजा खबरें


बड़ी खबर

संकल्प का नमन खुटियाँ 99.17 प्रतिशत लाकर बना स्टेट टॉपर,दसवीं बोर्ड परीक्षा प्रदेश टॉप-10 में संकल्प से 12 विद्यार्थी,लगातार तीसरे बार कक्षा 10वीं में प्रदेश टॉपर जशपुर से

जशपुर : जिले के 14 विद्यार्थियों ने कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा और कक्षा बारहवीं बोर्ड परीक्षा में 01 विद्यार्थी ने प्रवीण्य सूची में स्थान बनाकर जिले को गौरवान्वित किया है। कलेक्टर रोहित व्यास ने और सीईओ अभिषेक कुमार ने सभी विद्यार्थियों और उनके पालको को बधाई दी है। साथ ही उन्होंने  जिले के सभी शिक्षकों के साथ शिक्षा विभाग के अधिकारियों- कर्मचारियों और विशेषकर संकल्प के सभी शिक्षकों को बधाई दी है।  
        प्रदेश में 10 वीं प्रावीण्य सूची मे स्थान बनाने वाले जिलों  में लगातार तीसरे वर्ष जशपुर जिला अव्वल रहा है । राज्य  की  प्रावीण्य सूची में सम्मिलित विद्यार्थियों मे 11 संकल्प जशपुर , 01 संकल्प पत्थलगांव, 01 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम जशपुर, 01 प्रयास आवासीय विद्यालय जशपुर से हैं। 
           कक्षा 10 वीं में 99.17 प्रतिशत् के साथ संकल्प जशपुर के नमन खुंटिया ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही इस वर्ष कक्षा 10 वीं बोर्ड परीक्षा में इन विद्यार्थियों ने प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया है - संकल्प जशपुर से 99.17 प्रतिशत के साथ नमन खुंटिया ने  प्रथम स्थान, टीपेश प्रसाद यादव 98.83 प्रतिशत के साथ तृतीय स्थान, युवराज पैंकरा 98.50 प्रतिशत के साथ पांचवा स्थान, 98.17 प्रतिशत के साथ पुर्णिमा पैंकरा सातवां स्थान, 98 प्रतिशत के साथ संयुक्त रूप से अंकित कुमार यादव, हर्षिता सिंह, जितेंद्र बंजारे, पूजा चौहान ने आठवां स्थान,  97.83 प्रतिशत के साथ संयुक्त रूप से करिना टोप्पो, रितु कुर्रे ने सातवां स्थान, 97.67 प्रतिशत के साथ माही डनसेना ने दसवां स्थान , संकल्प पत्थलगांव से संजना पैकरा ने 98% के साथ आठवां स्थान, सेजेस अंग्रेजी माध्यम जशपुर से 98.17 प्रतिशत के साथ अनुष्का सिंह ने सातवां स्थान, प्रयास आवासीय विद्यालय जशपुर से स्तुति पांडेय ने 98 प्रतिशत के साथ आठवां स्थान प्राप्त किया हैं। 
         कक्षा 12 वीं में डीपीएस जशपुर  से  98.70 प्रतिशत के साथ पूरे प्रदेश में पांचवा स्थान प्राप्त किया हैं। पहाडी कोरवा समुदाय से आने वाले संकल्प जशपुर के छात्र अंबीराज पहाड़िया ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। 
     विद्यार्थियों की इस सफलता पर शिक्षा विभाग के प्रभारी अधिकारी प्रशांत कुशवाहा, जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. भटनागर, संकल्प जशपुर के प्राचार्य विनोद कुमार गुप्ता, यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा, अवनीश पाण्डेय, शिक्षक ज्योति श्रीवास्तव, ममता सिन्हा, मनीषा भगत, अश्विनी सिंह, दिलीप सिंह, प्रभात मिश्रा, दीपक ग्वाला, राजेन्द्र प्रेमी, सीमा गुप्ता , शांति कुजूर, मुकेश वर्मा, शिव सुन्दर यादव, नितेश गुंजन पैंकरा स्टाफ टी.सी.कश्यप, दिलीप राम, दीपक महतो, प्रदीप नायक ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बच्चों को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।

और भी

सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर तीन दोषियों पर कड़ी कार्रवाई – एफआईआर दर्ज, सेवा से पृथक

रायपुर : सुशासन तिहार के तीसरे चरण के दौरान छत्तीसगढ़ सरकार ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि भ्रष्टाचार के प्रति उसकी नीति 'जीरो टॉलरेंस' की है। बेमेतरा जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े तीन संविदा कर्मियों द्वारा हितग्राहियों से रिश्वत मांगने एवं डरा-धमकाकर वसूली करने की पुष्टि के बाद मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देश पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई की गई है।

घटना की जानकारी एक वायरल ऑडियो क्लिप के माध्यम से सामने आई, जिसमें ग्राम पंचायत ऐरमशाही की आवास मित्र श्रीमती नीरा साहू द्वारा प्रधानमंत्री आवास की किस्त जारी करने के एवज में 25 हजार रूपये की रिश्वत मांगने की बात स्पष्ट रूप से सामने आई। तहसीलदार की जांच में नीरा साहू ने स्वयं ऑडियो में अपनी आवाज होने की बात स्वीकार की।

इसी प्रकरण में श्री नारायण साहू, जो ग्राम पंचायत तेंदुआ में रोजगार सहायक हैं, द्वारा हितग्राहियों को धमकाते हुए 10 हजार रूपये की मांग किए जाने के प्रमाण मिले। वहीं उनकी पत्नी श्रीमती ईश्वरी साहू, जो ग्राम पंचायत ऐरमशाही में रोजगार सहायक के रूप में पदस्थ थीं, उन पर भी हितग्राहियों से डराकर पैसे मांगने के गंभीर आरोप ग्रामीणों द्वारा लगाए गए हैं।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत नवागढ़ की लिखित रिपोर्ट तथा नांदघाट थाना में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर तीनों दोषियों—नीरा साहू, नारायण साहू और ईश्वरी साहू—को तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक किया गया है। यह आदेश कलेक्टर बेमेतरा के अनुमोदन से जारी किया गया।

उक्त मामले में नांदघाट थाना में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धाराएँ 308(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर प्रकरण की विधिवत विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस कार्रवाई को सुशासन तिहार के मूल उद्देश्य का प्रमाण बताया है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और ईमानदारी सर्वोपरि है। किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी आमजन के अधिकारों का दुरुपयोग न करे, और यदि करता है तो उसे तत्काल विधिसम्मत कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ यह सिर्फ कार्रवाई नहीं, सुशासन का संकल्प है।

और भी

मुख्यमंत्री ने वक्फ सुधार जनजागरण कार्यक्रम को किया संबोधित: कहा - सभी सम्मिलित प्रयास कर वक्फ संशोधन कानून की भ्रांतियों को करें दूर

रायपुर : वक्फ संशोधन कानून मुस्लिम समाज के खिलाफ नहीं, बल्कि उनके हित में है। हम सभी का सम्मिलित प्रयास और उद्देश्य होना चाहिए कि वक्फ कानून को लेकर समाज में किसी भी प्रकार का भ्रम न फैले। सभी को वास्तविकता को समझना चाहिए और दूसरों को भी इसकी जानकारी देनी चाहिए। वक्फ संशोधन कानून को लेकर देशभर में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है, और इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने निवास कार्यालय में आयोजित वक्फ सुधार जनजागरण कार्यक्रम में यह बात कही।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वक्फ बोर्ड संशोधन अधिनियम  मुस्लिम समुदाय के हितों की रक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि वक्फ बोर्ड का गठन बहुत ही पुनीत उद्देश्य के साथ किया गया था, ताकि मुस्लिम समाज, विशेषकर गरीब वर्ग और पसमांदा मुसलमानों को लाभ मिल सके। लेकिन विगत वर्षों में कुछ रसूखदार लोगों ने इस कानून का लाभ उठाकर अपना स्वार्थ सिद्ध किए, जिससे गरीब मुसलमान अपने अधिकारों से वंचित रह गए।

श्री साय ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘विकसित भारत’ का जो लक्ष्य रखा है, उसे प्राप्त करने में सभी देशवासियों की भूमिका आवश्यक है। यदि कोई भी वर्ग पीछे छूटता है, तो हम अपना संकल्प पूर्ण नहीं कर पाएंगे।

आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कहा कि हमारी सरकार सभी के हितों की चिंता करती है। वक्फ कानूनों में हुए संशोधनों का उद्देश्य मुस्लिम समाज को सशक्त बनाना है। अब वक्फ संपत्तियों की आमदनी का एक-एक पाई का लेखा-जोखा रखा जाएगा और यह राशि समाज के लोगों की भलाई, उनकी शिक्षा और जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में उपयोग की जाएगी।

इस अवसर पर विधायक श्री किरण देव, वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा, वक्फ बोर्ड के सीईओ डॉ. एस. एफ. फारूकी एवं मुस्लिम समाज के अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित थे।

और भी

समाधान शिविर का हुआ आयोजन : लोदाम, पतराटोली एवं जोरण्डाझरिया के आवेदकों को दी गई उनके निराकरण की जानकारी,किया गया सामाग्रियों को वितरण

जशपुर : सुशासन तिहार के तीसरे चरण के दूसरे दिन 6 मई को जशपुर जनपद पंचायत अंतर्गत लोदाम कलस्टर, दुलदुला जनपद के अंतर्गत पतराटोली कलस्टर और फरसाबहार जनपद कलस्टर के अंतर्गत जोरण्डाझरिया में सामाधान शिविर का आयोजन किया गया। इन शिविरों में आवेदकों को उनके आवेदनों पर की गई कार्यवाही की जानकारी दी जा रही है। शिविरों में नए आवेदन लेने के साथ उनका निराकरण भी मौके पर ही किया  जा रहा है। शिविर आयोजन के पूर्व श्रमदान, खेल प्रतियोगिता एवं योग प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। 
    ग्राम जोरण्डाझरिया में समाधान शिविर के पूर्व योगाभ्यास एवं सामुहिक स्वच्छता श्रमदान का आयोजन किया गया। इसके उपरांत सामाधान शिविर में 3712 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिन्हें समाधान शिविर में ग्रामीणों को पढ़कर सुनाया गया। शिविर में 79 नए आवेदन भी प्राप्त हुए। शिविर में मौजूद श्रीमती कौशल्या साय ने लोगों को समाधान शिविर का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। इस दौरान उन्होंने राजस्व विभाग के किसान किताब, वन अधिकार के बी 01 खसरा, किसान क्रेडिट कार्ड का वितरण किया। साथ ही पांचवी एवं आठवीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को उन्होंने सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक भरत साय, जिला पंचायत सदस्य वेदप्रकाश भगत मौजूद रहे।
  ग्राम पतराटोली में आयोजित समाधान शिविर के अंतर्गत  ग्रामीणों को आवेदनों के निराकरण की स्थिति के जानकारी दी गई एवं जो आवेदन नहीं दे पाए थे उनसे आवेदन लिए गए। शिविर में 20 किसानों को उद्यानिकी विभाग के द्वारा बीज वितरण किया गया। इसके साथ ही 5 किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड तथा 8 हितग्राहियों को फौती नामांतरण कर बी 01 खसरा प्रदान किया गया। शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जनपद अध्यक्ष राजकुमार सिंह, उपाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, जनपद सीईओ श्री गणेश कुमार टेंगवार मौजूद रहे। शिविर के पूर्व प्रातः योगाभ्यास एवं श्रमदान का आयोजन हुआ। पतराटोली बाजारडाढ़ में जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने श्रमदान किया। इस अवसर पर आयोजित फुटबाल मैच में पतराटोली, लोरो एवं वासुदेवटोली के युवाओं ने भाग लिया। 
   इसी तरह लोदाम कलस्टर में भी ग्रामीणों को स्वास्थ्य के लिए योगाभ्यास एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए एवं स्वच्छता श्रमदान का आयोजन हुआ। शिविर में प्राप्त आवेदनों के आधार पर एक दिव्यांग को मोटराईज्ड ट्राईसायकल, 20 हितग्राहियों को मनरेगा जॉबकार्ड, 15 हितग्राहियों को राशन कार्ड, मछली जाल एवं  आवास की चाबियां हितग्राहियों को प्रदान की गई। वहीं बताया गया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत 273 शौचालयों की मांग हेतु प्राप्त आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, सरपंच श्री दीपीका भगत, एसडीएम ओंकार यादव, जनपद सीईओ लोकहित भगत मौजूद रहे।

और भी

ओवर स्पीड एवं मोडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ जशपुर पुलिस का बड़ा एक्शन,,,,,दो बाइकर्स को पुलिस ने धर दबोचा.....नाबालिक को बाइक देने पर पिता पर हुई कार्यवाही

वाहन चेकिंग के दौरान SSP  से अपने साले की सिफारिश करना आरक्षक को पड़ा महंगा

SSP ने भरवाया 10हजार रु का चालान, सिपाही को दी निंदा की सजा

दो बाइकर्स को पुलिस ने धर दबोचा,एक में नाबालिक के पिता के खिलाफ पहली बार जशपुर पुलिस ने की कार्यवाही                           
 

कल शाम पुलिस ने, नशे की हालत में ओवर स्पीड चलाते युवकों को रोककर रोककर की थी चालानी कार्यवाही।


 दूसरी बार पकड़ाया यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए, पुलिस ने की लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू


 नाबालिक बच्चों को वाहन वाहन चलाने देने वाले परिजनों के विरुद्ध एम व्ही एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत की गई 46000रु से अधिक की चालानी कार्यवाही


 

  जशपुर : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के नेतृत्व व दिशानिर्देश में दुर्घटनाओं से बचाव हेतु प्रतिबद्ध है, जिसके तहत पुलिस के द्वारा यातायात जागरूकता के संबंध में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है, साथ ही आम नागरिकों में जागरूकता लाने हेतु चालानी कार्यवाही भी की जाती रही है।
                यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि 1 जनवरी 2025 से 30 अप्रैल 2025 तक  जशपुर जिले में सड़क दुर्घटना के कुल प्रकरण 176 में  119 व्यक्तियों का मौत हो चुका है 83 व्यक्ति घायल हैं जिसमें से अधिकांश कारण नशे की हालत में वाहन चलाना व यातायात नियमों की अनदेखी करना है।
         पुलिस के द्वारा जिले में  नशे की हालत में वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध  लगातार कार्यवाही की जा रही है। 1 जनवरी 2025 से 30 अप्रैल 2025 तक की स्थिति में नशे की हालत में चलने वाले    142 से अधिक चालकों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। जिसमें  की माननीय  न्यायालय के द्वारा अर्थदंड से दंडित किया गया है , व 45 से अधिक वाहन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन हेतु प्रतिवेदन परिवहन विभाग को भेजी गई है।
           इसी तारतम्य में जशपुर पुलिस के द्वारा दिनांक 05.05.25 को मोडिफाइड साइलेंसर एवं ओवर स्पीड वाहनों के खिलाफ  विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान पुलिस ने दो मोडिफाइड व ओवर स्पीड वाहन चालकों के खिलाफ कार्यवाही की है, जिसमे एक बालिक वाहन चालक के विरुद्ध  मोडिफाइड साइलेंसर लगाने के मामले में एम व्ही एक्ट की धारा 182(1)(4) के तहत 5000 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी की जा रही है।
    तथा एक अन्य मामले में नाबालिक के द्वारा ओवर स्पीड, मोडिफाइड साइलेंसर  तथा खतरनाक तरीके से वाहन चलाने  के मामले पर उनके परिजनों के विरुद्ध एम व्ही एक्ट की धारा 5/180- नाबालिक बच्चों को वाहन चलाने देना,182(1)(4) मोडिफाइड साइलेंसर व वाहन,184- खतरनाक तरीके से वाहन चलाना, व धारा 4/181- नाबालिक बच्चों के द्वारा वाहन चलाना ,के तहत 46000रु की चालानी कार्यवाही की जा रही है, जिन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जावेगा।
           पुलिस की पूछताछ में नाबालिक के परिजनों ने बताया कि उनके पुत्र की जिद पर  उनके द्वारा 85000रु से अधिक कीमत का मोटर साइकल खरीदा गया था, जिससे कि उनके बच्चों के द्वारा लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन  किया जा रहा था। भविष्य में उनके द्वारा इस बात का ध्यान रखा जावेगा।
            यातायात नियमों के पालन हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर सख्त , एक मामले में थाना आरा में पदस्त आरक्षक राजेंद्र नगेशिया ने , अपने साले के द्वारा नशे की हालत में वाहन चलाने के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह से सिफारिश की कोशिश की जा रही थी, पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने आरक्षक के साले के खिलाफ 10000 रु की चालानी कार्यवाही की, साथ ही सिफारिश करने वाले आरक्षक राजेंद्र नगेशिया को निंदा की सजा भी दी।
   मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस को निर्देशित किया गया है कि जो भी असामाजिक तत्व यातायात नियमों का उल्लंघन करेगा, उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही करें। साथ ही आम जनता अपील की है कि मोडिफाइड साइलेंसर व ओवर स्पीड वाले लड़के दिखे , तो उनका फोटो खींचकर या गाड़ी नंबर मुझे भेजे, उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जावेगी।

और भी

कलेक्टर ने निर्माणाधीन पुलिया और सड़क के कार्य को गंभीरता से पूर्ण करने के दिए निर्देश,रूचि लेकर काम नहीं करने वाले ठेकेदार को लगाएं पेनाल्टी

जशपुर :कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना, सेतु विभाग,गृह निर्माण मंडल और मेडिकल विभाग के सी जी एम एस सी के निर्माण कार्य की समीक्षा बैठक ली। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री हरि ओम द्विवेदी और संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।

कलेक्टर ने सेतु विभाग को पुल पुलिया निर्माण कार्य के संबंध में विस्तार से जानकारी लेकर  स्वीकृति कार्य प्रगतिरत कार्य की जानकारी ली और लंबित कार्य को गंभीरता से करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने सेतु निर्माण विभाग से ईब नदी में बन रहे उच्च स्तरीय पूल निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। और जिन कार्यों का बजट स्वीकृत  हो गया है। उन कार्यों को प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा करते हुए विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली मनोरा विकास खंड के लावा नदी निर्माण कार्य अम्बाटोली से रेमने बासनताला चटकपुर सहित लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने कहा कि जो ठेकेदार कार्य को रूचि नहीं ले रहे हैं ऐसे ठेकेदार को पेनाल्टी लगाने के लिए कहा।

कलेक्टर ने पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत निर्माण कार्य को भी पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने गृह निर्माण मंडल के अंतर्गत संचालित कार्यों की जानकारी अधिकारियों से ली
जशपुर में मिनी इंडोर स्टेडियम मनोरा विकास खंड के ग्राम सोनक्यारी छात्रावास, गिधा छात्रावास, बगीचा छात्रावास, आदि प्रगतिरत कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने मेडिकल विभाग के  सी जी एम एस सी के तहत हो रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली। साथ ही जिन कार्यों की स्वीकृति मिल चुकी है। उन कार्यों के लिए जमीन का चिन्हांकन करके शीघ्र कार्य चालू करने के निर्देश दिए हैं। 

कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनदर्शन , कलेक्टर जनदर्शन सहित लंबित प्रकरणों का निराकरण गंभीरता से करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

और भी

सहसपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिर का मुख्यमंत्री ने किया औचक निरीक्षण संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने के दिए निर्देश

 
रायपुर : प्रदेश में सुशासन और जनहितकारी योजनाओं के प्रभाव को धरातल पर परखने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय इन दिनों लगातार प्रदेश के विभिन्न इलाकों के दौरे पर हैं। इसी क्रम में आज उन्होंने जिला बेमेतरा के सहसपुर ग्राम पंचायत स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का औचक निरीक्षण किया। बिना पूर्व सूचना के पहुंचे मुख्यमंत्री ने केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया और वहां इलाज करा रहे मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी स्थिति जानी।
मुख्यमंत्री ने मितानिन दीदियों से चर्चा करते हुए संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षित मातृत्व और नवजात के स्वास्थ्य के लिए यह आवश्यक है कि सभी प्रसव स्वास्थ्य संस्थानों में हों। मितानिनों को गांव-गांव जाकर महिलाओं को जागरूक करने और उन्हें अस्पताल में प्रसव के लिए प्रोत्साहित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सा स्टाफ को निर्देशित किया कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए दवाइयों और उपचार सामग्रियों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और आमजन को समय पर, गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले, यही राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को विस्तार देने का काम कर रही है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य केंद्रों को और अधिक सशक्त बनाने की बात भी कही।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री साय सुशासन तिहार के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण की बुनियादी संस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। उनका उद्देश्य है कि योजनाओं का वास्तविक लाभ हर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जमीनी स्तर की कमियों को तुरंत दूर किया जाए।  
इस मौके पर विधायक श्री ईश्वर साह, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी. दयानंद मौजूद रहे।
633/

और भी

मोर अब्बड़ भाग हे, मुख्यमंत्री मोर घर आए हे.....अमरौतीन साहू के अतिथि बने मुख्यमंत्री मुखिया का किया स्वागत

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार के तीसरे चरण में योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानने प्रदेशभर का दौरा कर रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री बेमेतरा जिले के ग्राम पंचायत सहसपुर में पीएम आवास योजना की लाभार्थी श्रीमती अमरौतीन साहू के घर अतिथि बनकर पहुंचे।

मुख्यमंत्री के आगमन से उत्साहित अमरौतीन साहू ने कहा ’’मोर अब्बड़ भाग हे, मुख्यमंत्री मोर घर आए हे।’’ छत्तीसगढ़ी परंपरा के अनुसार परिवार के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर जरूरतमंद को योजनाओं का लाभ समय पर मिले और हर गरीब के पक्के मकान का सपना साकार हो। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आप सभी का जीवन स्तर अच्छा और गरिमापूर्ण हो, इसके लिए हमारे प्रधानमंत्री ने सभी गरीब परिवारों को पक्का मकान देने का बड़ा संकल्प लिया है और पूरे प्रदेश में इस पर तेजी से काम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने परिवारजनों और बच्चों के साथ बड़ी आत्मीयता के साथ बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी तरीके से किया जाए।

श्रीमती अमरौतीन साहू ने बताया कि पीएम आवास योजना के तहत उन्हें पक्का घर मिला है, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री और सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि अब उनके परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिला है।

और भी

मुख्यमंत्री पहुंचे किसान रोहित साहू के केला-पपीता के  खेत में.....कहा- सभी किसान के लिए हैं प्रेरणा है

रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज सुशासन तिहार के तहत औचक निरीक्षण पर बेमेतरा जिले के ग्राम सहसपुर आये। इस दौरान वे सहसपुर ग्राम के उत्कृष्ट किसान श्री रोहित साहू के केला और पपीता के हरियाले खेत भी पहुंचे। मुख्यमंत्री को श्री साहू ने बताया कि वे पिछले 9 साल से केला और पपीता की खेती कर रहे हैं, जिससे वे लाखों का मुनाफा कमा रहे हैं और 15-20 लोगों को अपने खेत में रोजगार भी दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कृषक श्री साहू की सराहना करते हए कहा कि उनकी खेती सभी किसानों के लिए प्रेरणादायी है। 

मुख्यमंत्री श्री साय को कृषक श्री साहू ने अपने खेत के ताजे केला और पपीता भेंट किये। मुख्यमंत्री को उन्होंने बताया कि वे 5 एकड़ में केला और साढ़े तीन एकड़ में पपीता की खेती कर रहे हैं। जिससे वे केले से प्रति एकड़ डेढ़ लाख रुपये व पपीता से 1 लाख रुपये तक का मुनाफा कमा रहे हैं। 

मुख्यमंत्री को श्री साहू ने बताया कि केला और पपीता की खेती  से वे धान के मुकाबले अधिक मुनाफा कमा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि धान के अतिरिक्त अन्य लाभप्रद फसलों की ओर भी किसानों को बढ़ने की जरूरत है। छत्तीसगढ़ की मिट्टी बहुत उर्वरा है। इस तरह किसान कृषि से और लाभ कमा पाएंगे।

और भी

मुख्यमंत्री आज अचानक पहुंचे बेमेतरा के सहसपुर,मुखिया से मिलने उमड़ी भीड़....लगाया बरगद की छांव में चौपाल,,,,,सुनी समस्या की कई घोषणा

रायपुर :मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज सुशासन तिहार के तीसरे चरण में आज अपने दौरे के दूसरे दिन ग्राउंड जीरो पर खुद उतरे। मुख्यमंत्री आकस्मिक तौर पर बेमेतरा जिले के ग्राम- सहसपुर पहुंचे और ग्रामीणों से योजनाओं का सीधा फीडबैक लिया। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि मैं आप लोगों के बीच आपकी दुख-तकलीफ जानने आया हूँ। ग्राम- सहसपुर में मुख्यमंत्री के आने की कोई पूर्वयोजना नहीं थी। ऐसे में जब गांव में सहसा गूंजी हेलीकॉप्टर की आवाज तो अचंभित ग्रामीण अपने घरों से निकले। अपने मुखिया से मिलने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। ग्रामीणों ने खुशी में कहा- राम-राम जी गा मुख्यमंत्री जी ! और सदाबहार फूल की माला और चंदन-आरती के साथ उनका स्वागत किया। 

बरगद की छांव में लगी मुख्यमंत्री की चौपाल

मुख्यमंत्री ने ग्राम- सहसपुर में ग्रामीणों से पुराने बरगद की छांव में खाट पर बैठ संवाद किया। उन्होंने लोगों से शासन की योजनाओं प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, नल जल योजना, धान खरीदी, स्कूल में बच्चों की शिक्षा सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार को अभी डेढ़ साल हुए हैं इस अवधि में हमने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की कई गारंटी की पूरा किया है। सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट में हमने 18 लाख आवास को स्वीकृति दी। किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया। 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी भी की जा रही है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का ये तीसरा चरण है। शुरुआती चरणों में लोगों से उनकी समस्याओं के सम्बंधित आवेदन लिए गए । इन आवेदनों का अधिकारियों द्वारा लगातार निराकरण किया जा रहा है। अब मैं स्वयं आप सभी के बीच सरकार के अधिकारियों के साथ पहुंचा हूँ ताकि आप सीधे मुझतक अपनी बात रख पहुंचा सकें।

मुख्यमंत्री ने थमाया माइक तो पूनम साहू ने कहा- महतारी वंदन से मिली बड़ी मदद
मुख्यमंत्री के चौपाल में महतारी वंदन से मिल रही सहायता पर श्रीमती पूनम साहू ने अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री ने पूनम को थमाया माइक, पूनम ने कहा परिवार और बच्चों की जरूरतों को पूरी करने में मिलती है बड़ी मदद। हर माह नियमित मिलती है महतारी वंदन योजना की राशि।

सहसपुर ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री ने की घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने सहसपुर में ग्रामीणों से बरगद के नीचे खाट पर बैठकर संवाद किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर गांव के हायर सेकेंडरी स्कूल के लिए नए भवन को स्वीकृति दी। साथ ही उन्होंने 13 वीं-14 वीं शताब्दी में फणी नागवंशी राजाओं द्वारा निर्मित शिव मंदिर व हनुमान मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण की  घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेंगे। महाशिवरात्रि के मेले में मैं खुद आऊंगा। मुख्यमंत्री ने सहसपुर में 33 केव्ही विद्युत सब स्टेशन की भी घोषणा की। 

इस अवसर पर विधायक श्री ईश्वर साहू, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी. दयानन्द उपस्थित रहे।

और भी

नागरिकों को अब लम्बी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी ,मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सार्थक पहल से जशपुर में 3 छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की मिली सौगात 


जशपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सार्थक पहल से जशपुर जिले के जनता को 3 छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक की सौगात मिली है।  संवेदनशील मुख्यमंत्री ने दूरस्थ अंचलों के आम जनता की समस्याओं को देखते हुए जशपुर विकास खंड के ग्राम आरा और पत्थलगांव विकास खंड के कुडे़केला (घरजियाबथान) दूरस्थ और पाठ क्षेत्र बगीचा विकास खंड के ग्राम छिछली अ में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक खोलने की स्वीकृति मिल गई। अब क्षेत्र किसानों,आम नागरिकों को बैंक के लिए लम्बी दूरी तय करनी नहीं पड़ेगी। किसानों का समय और आवागमन करने के लिए पैसे की भी बचत होगी। जशपुर वासियों ने खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया है।

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने बताया कि लोगों की सुविधा का ध्यान रखते हुए ग्राम पंचायत के द्वारा गांव में भवन उपलब्ध कराया गया है। जहां बैंक का संचालन किया जाएगा।

और भी

जशपुर में आर्ट ऑफ लिविंग का हैप्पीनेस कोर्स 08 से 12 मई तक,कोर्स में सम्मिलित होने के लिए पहले  कराना होगा रजिस्ट्रेशन 

जशपुरनगर। आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के द्वारा 8 से 12 मई तक जशपुर में हैप्पीनेस कोर्स का आयोजन किया जा रहा है। पहले भी संस्था के द्वारा यह कोर्स आयोजित कराया गया था। आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर के बेंगलुरु आश्रम के सानिध्य में प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा अद्भुत ज्ञान, योग, ध्यान तथा प्राणायाम के माध्यम से सुदर्शन क्रिया हैप्पीनेस प्रोग्राम में कराया जाएगा। यह कोर्स 5 दिनों तक श्री हरि कीर्तन भवन में प्रतिदिन सुबह 6.00 से 8.30 बजे तक आयोजित होगा। आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के द्वारा योग साधना, ध्यान, सत्संग, सेवा एवं विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाता है। वर्तमान में 180 से अधिक देशों में आर्ट ऑफ लिविंग सेंटर स्थापित हैं जहाँ से लाखों लोगों ने कोर्स के माध्यम से मानसिक तनाव से मुक्ति, शारीरिक बीमारियों में लाभ, शवास के साधन की अद्भुत क्षमता का विकास, मन प्रसन्नचित एवं एकाग्र, विवेकशील होकर निर्णय क्षमता, कार्यक्षमता–उत्साह में वृद्धि, ईश्वरिय सत्ता का अनुभव अनुभव जैसे लाभ प्राप्त किए हैं। आर्ट ऑफ लिविंग केंद्र जशपुर के द्वारा मिली जानकारी के अनुसार कोर्स में सम्मिलित होने के लिए पहले रजिस्ट्रेशन कराया जाना अनिवार्य है।
रजिस्ट्रेशन के लिए चितरंजन महापात्रे 9425584773 कमलेश पाठक 8770743368, अवनीश पांडेय 7828697878 संपर्क किया जा सकता है।

और भी

कोरबा के मदनपुर ग्राम में उतरा मुख्यमंत्री का उड़नखटोला, समाधान शिविर में हुए शामिल,हम आपके सेवक है आप अपनी समस्याओं को हमे जरूर बताएं:मुख्यमंत्री


कोरबा : सुशासन तिहार के अंतर्गत आज तीसरे चरण का आगाज हो गया। कोरबा जिले में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने समाधान शिविर में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर ग्रामीणों में खुशियों का माहौल  बना दिया। चिलचिलाती धूप की परवाह किए बगैर मुख्यमंत्री श्री साय ने समाधान शिविर में जहाँ ग्रामीणों से संवाद किया वहीं मुख्यमंत्री ने समाधान पेटी में डाले गए आवेदनों की निराकरण की स्थिति भी जानी। उन्होंने सुशासन तिहार की सार्थकता को बताते हुए ग्रामीणों से उनके गाँव और गाँव की समस्या के बारे में जानकारी ली और कहा कि आज सुशासन तिहार के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सरकार आपके गाँव में आई है। इसके माध्यम से सरकार योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन की स्थिति भी जान रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी आपके सेवक है और और सुशासन तिहार की इस अवधि में प्रदेश में बिना किसी को बताए किसी भी स्थान पर  जाएंगे और वस्तुस्थिति की जानकारी लेंगे। उन्होंने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि आज तीसरे चरण के पहले दिन ऊर्जाधानी कोरबा आना हुआ और आप सभी से मिलना हुआ। मुख्यमंत्री ने सभी को सम्बोधित करते हुए अपील की कि सरकार आपकी सेवा के लिए हैं और जो भी समस्या है उसे चिट्ठी लिखकर जरूर बताएं। सरकार तत्पर है आपकी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
   सुशासन तिहार के तीसरे चरण के पहले दिन पाली ब्लॉक के ग्राम मदनपुर समाधान शिविर में मुख्यमंत्री श्री साय शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आप सभी के आशीर्वाद से हमारी सरकार बनी और डेढ़ वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस अवधि में हमारी सरकार ने मोदी की गारंटी के तहत किए गए हर वादे को पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने शपथ लेते ही अगले दिन से प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दी। किसानों का वादा पूरा किया। 31 सौ रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी और 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी का निर्णय लिया। दो वर्ष बकाया धान बोनस भी दी। 70 लाख से अधिक महिलाओं को महतारी वन्दन योजना की राशि उनके खाते में देकर आर्थिक समृद्धि का द्वार खोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्रहण करने वाले हितग्राहियों के हित में निर्णय लेते हुए प्रति मानक बोरा की राशि 4 हजार से 5500 रुपये किया गया। इसके साथ ही रामलला दर्शन योजना प्रारंभ कर 22 हजार हितग्राहियों को दर्शन कराया है। उन्होंने बताया कि हमारी सरकार ने बड़े-बुजुर्गों की इच्छाओं को पूरा करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री तीर्थ योजना को पुनः प्रारंभ किया है। इस अवसर पर विधायक श्री तुलेश्वर सिंह मरकाम, श्री प्रेमचंद पटेल, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन,प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, सचिव मुख्यमंत्री श्री पी दयानन्द, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह आदि उपस्थित थे। 

ग्रामीणों को बैंक नहीं जाना पड़ेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 24 अप्रैल से ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र प्रारंभ की है। इस योजना से सभी ग्राम पंचायत जुड़ेंगे और ग्रामीणों को गाँव में ही बैंक जैसी सुविधाएं उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि अटल डिजिटल सेवा केंद्र में किसी भी योजना के हितग्राहियों को राशि निकालने में सुविधा होगी। वही जाति, निवास सहित अन्य दस्तावेज भी मिल पाएंगे। अभी 1460 पंचायत में यह प्रारंभ की गई है। इससे ग्रामीणों को बैंक तक दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।

नामांतरण होगा आसान

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के साथ कार्यवाही भी कर रही है। डीएमएफ की राशि का दुरुपयोग करने वालों पर भी कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया कि जमीन की रजिस्ट्री के साथ सरकार ने नामांतरण की प्रक्रिया प्रारंभ की है। इससे कोई अधिकारी नामान्तरण के नाम पर किसी को घुमा नहीं पायेगा। एक घण्टे से कम समय में नामांतरण हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी को पूरा करने वाली यह सरकार सुशासन की दिशा में कार्य कर रही है। 

हर पात्र और जरूरतमन्द को मिलेगा पीएम आवास

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि आने वाले दिनों में केंद्रीय पंचायत मंत्री श्री शिवराज सिंह छत्तीसगढ़ आएंगे। इस दौरान लाखों पीएम आवास की स्वीकृति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सभी गरीबों को पक्का आवास देना चाहते हैं। अब पीएम आवास के लिए नियमों को शिथिल किया गया है। पाँच एकड़ असिंचित और ढाई एकड़ सिंचित भूमि वाले, दोपहिया वाहन वाले, 15 हजार रुपए मासिक आमदनी वाले हितग्राहियों को भी आवास उपलब्ध हो सकेगा। इसके लिए सर्वे भी हुए हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में अनेक मांग आई है। उज्ज्वला योजना के लिए भारत सरकार से बातचीत कर इन मांगों को भी पूरा किया जाएगा। 

पीएम ने छत्तीसगढ़ के विकास के लिए बहुत पैसा दिया

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के विकास के लिए बहुत पैसा दिया। यह डबल इंजन की सरकार है। पैसों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कोरबा में अनेक बड़े कार्य स्वीकृत होने की बात कहते हुए कोरबा से पेंड्रा,धरमजयगढ़ रेललाइन से क्षेत्र का विकास होने की बात कही। 

मुख्यमंत्री का धन्यवाद, प्रथम दिवस में कोरबा आएं-मंत्री श्री लखन लाल देवांगन

समाधान शिविर में पहुँचे उद्योग, वाणिज्य और श्रम मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रदेश के कोने-कोने में शिविर का आयोजन कर आवेदन लिए गए। इस बहाने लोगो से न सिर्फ मुलाकात होगी। उनकी समस्याओं का निराकरण भी होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी अचानक से किसी भी जगह जाएंगे। हमें भी मालूम नहीं था कि वे यहाँ आएंगे। यह सौभाग्य है कि सुशासन तिहार के पहले दिन वे कोरबा जिले के मदनपुर आये। इसके लिए मुख्यमंत्री जी को धन्यवाद। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में हमारी सरकार धूप छांव की परवाह नहीं करती। हम सभी जमीन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है कि सरकार बनने के कुछ दिनों के भीतर ही मोदी की गारंटी को पूरा किया गया है।

शिकायतों का किया वाचन, कलेक्टर ने डीएमएफ से मांग पूरा करने की बात कही

कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि जिले में 1 लाख 78 हजार 418 आवेदन प्राप्त हुए। ग्राम मदनपुर के क्लस्टर में कुल 3769 आवेदन आये,जिसमे से 29 शिकायत से सम्बंधित है। सभी आवेदन का निराकरण किया गया है। उन्होंने आवेदन की प्रकृति के विषय में बताते हुए कहा कि विकास कार्यों से सम्बंधित माँग को पूरा करने के लिए डीएमएफ से भी सहयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के संबंध में सभी जानकारी प्रदान की गई थी। समाधान शिविर में एसडीएम पाली सुश्री सीमा पात्रे ने शिकायतों का वाचन किया। 

शासन की योजनाओं से जीवन में आया बदलाव

समाधान शिविर में पीएम आवास, महतारी वंदन योजना, पीएम सम्मान निधि के किसानों ने योजना का लाभ उठाकर जीवन में आए बदलाव को बयां किया। पीएम आवास की हितग्राही श्रीमती राजनंदिनी डोंगरे ने बताया कि पहले वे मिट्टी के घर में रहते थे। पक्का मकान बनने से बारिश के दिनों में होने वाली चिंताएं अब नहीं रहती। पक्का घर का सपना पूरा हो गया है। महतारी वंदन योजना की हितग्राही श्रीमती रमाबाई पैकरा ने बताया कि उन्हें अब तक 15 किस्त मिला है। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपनी दोनों बेटियों के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना में किया है ताकि भविष्य में इस राशि का उपयोग बेटियों की पढ़ाई के लिए हो सके। किसान कन्हैया लाल ने बताया कि उन्होंने सुशासन तिहार में अपनी जमीन को ऑनलाइन करने आवेदन दिया था। आज मालूम हुआ कि उनका रिकार्ड ऑनलाइन हो गया है। इसका प्रमाण पत्र भी मिला है। उन्होंने बताया कि उन्हें पीएम सम्मान निधि अंतर्गत भी राशि मिलती है। किसान ने सुशासन तिहार के आयोजन की सराहना भी की।

और भी

सुशासन तिहार के औचक दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री श्री साय ने जांजगीर वासियों को दी बड़ी सौगात,142 साल बाद मिला नवीन  तहसील  भवन

*रायपुर,: सुशासन तिहार , संवाद से  समाधान के तहत औचक दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जांजगीरवासियों को  नवीन तहसील कार्यालय भवन के रूप में एक बड़ी सौगात दी है।  142 वर्षों बाद जांजगीर के नागरिकों को एक नई सौगात मिली है। आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आकस्मिक दौरे के दौरान जिले में नव-निर्मित तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया। अंग्रेजी शासन काल में 1883 में बना पुराना तहसील कार्यालय अब इतिहास बन गया है, और उसकी जगह अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन लोगों की सेवा में समर्पित किया गया है। यह नवीन तहसील भवन चार करोड़ 21 लाख की लागत से तैयार हुआ है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस मौके पर  कहा कि  “सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन तक सेवाओं की सरल और सुगम पहुँच सुनिश्चित हो। यह नवीन तहसील कार्यालय इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।” उन्होंने यह भी बताया कि यह भवन इस क्षेत्र के 54 गांवों और 24 पटवारी हल्कों के नागरिकों को राजस्व से संबंधित सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध करायी जाएगी। 
    नवीन तहसील कार्यालय में प्रशासनिक व न्यायिक कार्यों के बेहतर संचालन  के लिए प्रमुख  सेवाएं उपलब्ध हैं। इनमें
लोक सेवा केंद्र – जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र जैसी अनेक  सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसी प्रकार
आवक-जावक शाखा में दस्तावेजों का आगमन व प्रेषण, 
नजीर शाखा  मेंबन्यायालयीन दस्तावेजों का संधारण, 
निर्वाचन शाखा में मतदाता सूची व निर्वाचन संबंधी कार्य,
कानूनगो शाखा में भूमि एवं राजस्व अभिलेखों का संधारण तथा मालजमादार कक्ष में राजस्व वसूली एवं आर्थिक प्रबंधन के कार्यो का संचालन किया जाएगा। साथ इस कार्यालय  भवन में
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं न्यायलय  अनुविभागीय दंडाधिकारी, तहसीलदार एवं
न्यायालय तहसीलदार  कार्यपालिक दंडधिकारी , अतिरिक्त तहसीलदार एवं
न्यायालय अतिरिक्त तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडधिकारी 
नायब तहसीलदार एवं
न्यायालय नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक दंडधिकारी  के  लिए सर्वसुविधायुक्त कक्ष  तैयार किया गया हैं।
इस ऐतिहासिक अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओ पी चौधरी,  पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री नारायण चंदेल, विधायक श्री व्यास कश्यप,  ज़िला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती सत्यकला मिरी, पूर्व  विधायक श्री सौरभ सिंह, मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, सचिव श्री पी दयानंद , नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गदेवाल सहित  जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी,  स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। 



और भी

मुख्यमंत्री श्री साय  ने श्रीमती सोनाई बाई के घर पहुंचकर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन का लिया जायजा,ग्रामीणों के जीवन में आ रहा है सकारात्मक परिवर्तन-सीएम श्री साय

रायपुर, :- मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत सक्ति जिले के ग्राम करिगांव का दौरा किया। यहां उन्होंने पीपल के वृक्ष के नीचे खाट पर बैठकर चौपाल लगाई। इस चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद करते हुए अपनी समस्याएं, सुझाव और सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित कर प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सुशासन का मूल आधार जनसुनवाई और जनसरोकार से जुड़ाव है और आज की यह चौपाल उसी दिशा में एक कदम है।

*पीएम आवास योजना हितग्राही के घर पहुंचे मुख्यमंत्री*

चौपाल के उपरांत मुख्यमंत्री श्री साय प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की लाभार्थी श्रीमती सोनाई बाई के निर्माणाधीन आवास पर पहुंचकर  निर्माण कार्य की गुणवत्ता देखी और परिवार से बातचीत करते हुए योजना से प्राप्त लाभों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री श्री साय ने हितग्राही से पूछा कि क्या उन्हें महतारी वंदन योजना के अंतर्गत मिलने वाली सहायता राशि मिल रही है। इस पर श्रीमती सोनाई बाई ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से यह राशि प्राप्त हो रही है, जिससे उनके परिवार को आर्थिक सहयोग मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने देखा कि उनके घर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल से जल आपूर्ति हो रही है। उन्होंने कहा कि अब तो आपके घर तक पानी भी पहुंच रहा है, यह हमारे गांवों में बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा बदलाव है।

*आवास योजना के सर्वे हेतु मुख्यमंत्री की अपील*

चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नए आवास की मांग रखी। इस पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार सबके लिए आवास उपलब्ध कराने प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत सर्वेक्षण कार्य 15 मई 2025 तक चल रहा है, जिसमें वे सभी लोग अपना नाम दर्ज कराएं जो अब तक इस योजना से वंचित हैं। पात्रता के अनुसार सभी को आवास देने का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी पात्र नागरिक आवास के अधिकार से वंचित न रहे। यह केवल एक छत देने की योजना नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षा देने की दिशा में एक मजबूत कदम है।
     मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह नागरिकों की भागीदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही पर आधारित शासन प्रणाली है। उन्होंने कहा कि चौपाल के माध्यम से हम सीधे लोगों के जीवन से जुड़कर यह जान पाते हैं कि योजनाएं वास्तव में लोगों के जीवन में क्या बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कहा कि जब हम किसी हितग्राही के घर जाकर पूछते हैं कि पैसा आया या नहीं, जब हम स्वयं निर्माण कार्य की गुणवत्ता को देखते हैं, तभी हमें विश्वास होता है कि योजनाएं फाइलों से निकलकर हितग्राहियों तक पहुंच रही हैं।

और भी

मुख्यमंत्री को अचानक अपने बीच पाकर खिले ग्रामीणों के चेहरे, हल्दी चावल का तिलक लगाकर महिलाओं ने किया स्वागत

रायपुर, :सुशासन तिहार 2025 के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज सक्ती जिले के करिगांव में अचानक पहुँचकर ग्रामवासियों को आश्चर्यचकित कर दिया। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर लिमगांव की बजाय सीधे बन्दोरा गांव में उतरा, जिससे प्रशासनिक अमला कुछ समय के लिए असमंजस में पड़ गया। प्रशासन पहले से ही लिमगांव में मुख्यमंत्री की अगवानी की तैयारी में जुटा था, परन्तु मुख्यमंत्री के करिगांव पहुँचने से पूरी व्यवस्थाएं तत्काल वहाँ स्थानांतरित करनी पड़ीं।

करिगांव में पीपल के पेड़ के नीचे मुख्यमंत्री ने चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री खाट पर बैठकर सहज वातावरण में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते रहे। ग्रामीणों और विशेषकर महिलाओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत कमल का फूल भेंट कर किया। मुख्यमंत्री ने सभी की बातें ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सुशासन का अर्थ है सीधे जनता के बीच जाकर उनकी वास्तविक स्थिति को समझना और त्वरित समाधान देना। प्रशासनिक व्यवस्था तभी सफल मानी जाती है जब अंतिम व्यक्ति की बात सीधे शासन तक पहुँचे।

सक्ती जिले के करिगांव की रहने वाली दिलेश्वरी उस वक्त हैरान रह गई जब उसने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को अपने आंखों के सामने खड़ा देखा। मुख्यमंत्री ने दिलेश्वरी से महतारी वंदन योजना के बारे में पूछा । दिलेश्वरी ने कहा यह योजना उनकी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए संबल का काम करती है। 

दरअसल आज सुशासन तिहार के दौरान अचानक ही मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर सक्ती जिले के बंदोरा गांव में उतरा। यहां से मुख्यमंत्री पास के ही करिगांव पहुंचे और यहां पीपल के पेड़ के नीचे चौपाल लगाई। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर ग्रामीणों ने पास के ही पैठू तालाब से कमल का फूल देकर स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीण महिलाओं ने मुख्यमंत्री की आरती की और हल्दी चावल का  तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पीपल पेड़ के नीचे ही खाट पर बैठकर ग्रामीणों से बातचीत की। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्रामीणों से पीएम आवास योजना योजना, महतारी वंदन योजना, धान के बोनस, आयुष्मान योजना के बारे  में ग्रामीणों से जानकारी लेते हुए उनकी समस्याओं के बारे में पूछा और उनका तत्काल समाधान भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी ली और ग्रामवासी सोनाई बाई के घर जाकर योजना के तहत निर्मित आवास का निरीक्षण किया।  मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि गर्मी के दिनों में धान के अलावा दूसरी फसल भी लगाइए। इससे पानी की कम खपत होगी और बिजली बिल भी कम आयेगा जिससे किसानों को ज्यादा फायदा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीणों के कल्याण और क्षेत्र के विकास के लिए वो पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। 

ग्रामीणों की मांग के आधार पर मुख्यमंत्री ने तुरंत ही करिगांव में नया पंचायत भवन बनाने, सप्ताह में एक दिन करिगांव में पटवारी कार्यालय का संचालन करने और गांव में स्थित नोनी मईया देवी मंदिर का  सौंदर्यीकरण करने की घोषणा भी कर दी। मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि गांव में अवैध भूमि कब्जे की शिकायतों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी।

इस दौरान मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी दयानंद भी मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित थे।

और भी

CGkasushanTihar*सोशल  मीडिया  में देश भर में नंबर वन पर कर  रहा  है  ट्रेंड,मुख्यमंत्री का पहला चौपाल सक्ती जिलेे के करिगांव में 

रायपुर  : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार के तीसरे चरण के पहले दिन सक्ती जिले के ग्राम करिगांव में पीपल के पेड़ के नीचे चैपाल लगाई। यह उनका आकस्मिक दौरा था। उनके सुशासन तिहार का यह अभियान सोशल  मीडिया  के  एक्स  #CGkasushanTihar के साथ देश भर में पहले स्थान पर  ट्रेंड  कर  रहा  है। एक्स हेण्डल पर 2704 पोस्ट के साथ पहले नम्बर पर ट्रेंड कर रहा है। 
उल्लेखनीय  है  कि प्रदेशव्यापी  सुशासन  तिहार  का  तीसरा  चरण  आज  से  शुरू  हो गया  है,  जो 31  मई  तक  चलेगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय  आज पहले दिन सक्ती जिले के  ग्राम करिगांव में पीपल के पेड़ के नीचे चैपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उनके गांव में अचानक पंहुचने पर महिलाओं ने तिलक लगाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। ग्राम करिगांव में आकस्मिक भ्रमण के बाद  वे कोरबा जिले के मदनपुर समाधान शिविर में पहुंचे।

और भी

बिना तामझाम, सीधे संवाद: सुशासन तिहार में  अचानक पहुंचे सक्ती के ग्राम करिगांव: पीपल के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्या

रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज सुशासन तिहार के तीसरे चरण के अंतर्गत अचानक सक्ती जिले के ग्राम करिगांव पहुंचे। उन्होंने गांव में पीपल के पेड़ के नीचे खाट पर बैठकर चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से सरकार की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली और उनकी समस्याएं, मांगें तथा शिकायतें सुनीं।

चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। ग्रामीणों की मांग पर उन्होंने नोनी मैया दाई मंदिर के सौंदर्यीकरण की घोषणा की। साथ ही ग्रामीणों की शिकायत पर पटवारी को सप्ताह में एक दिन गांव में बैठकर राजस्व मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने नया ग्राम पंचायत भवन निर्माण की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार के तीसरे चरण में पूरी सरकार गांव में है। मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मेरे साथ हैं। हम गांव-गांव जाकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत चलाई जा रही योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, कृषक उन्नति योजना, पीडीएस और आयुष्मान भारत योजना जैसे कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी की स्थिति में ग्रामीणों को आर्थिक संकट से बचाने के लिए 5 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा आयुष्मान कार्ड से दी जा रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने गांव में  आंगनबाड़ी और स्कूल के  संचालन के बारे में जानकारी ली और बच्चों को दी जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया। साथ ही उन्होंने गिरते भूजल स्तर पर चिंता जताते हुए कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों की ओर ध्यान देने की सलाह दी।

गांव में तालाब के किनारे की जमीन को लेकर आई शिकायत पर मुख्यमंत्री श्री साय ने तत्काल कलेक्टर को नापजोख करने और समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से कई आवेदन भी प्राप्त किए।

मुख्यमंत्री श्री साय के साथ मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी. दयानंद भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री के अचानक गांव पहुंचने से ग्रामीणों में हर्ष और उत्साह का माहौल रहा। इस अवसर पर सरपंच कंचन मधुकर सहित बड़ी संख्या ने ग्रामीणजन उपस्थित थे।

और भी