मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्रामीण अंचल की जरूरत को दी प्राथमिकता, कपरी नदी पर 4 करोड़ 16 लाख के पुल की स्वीकृति से दर्जनों गांवों को राहत,बरसात में आवागमन की परेशानी और लंबी दूरी तय करने की मजबूरी से मिलेगी मुक्ति
ताजा खबरें


बड़ी खबर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्रामीण अंचल की जरूरत को दी प्राथमिकता, कपरी नदी पर 4 करोड़ 16 लाख के पुल की स्वीकृति से दर्जनों गांवों को राहत,बरसात में आवागमन की परेशानी और लंबी दूरी तय करने की मजबूरी से मिलेगी मुक्ति

नारायणपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले के ग्रामीण अंचलों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने और गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रानीकोम्बो से चहटपारा मार्ग पर कपरी नदी में 4 करोड़ 16 लाख रुपए की लागत से वृहद पुल निर्माण की स्वीकृति क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात साबित हो रही है। वर्षों से पुल की मांग कर रहे ग्रामीणों को अब बरसात में रास्ता बंद होने, लंबी दूरी तय करने और अनावश्यक खर्च उठाने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

रानीकोम्बो पंचायत के चहटपारा के समीप कपरी नदी पर पुल नहीं होने के कारण आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विशेषकर बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने से रास्ता बाधित हो जाता है। ऐसे समय में ग्रामीणों को जरूरी कामों के लिए भी लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। कई बार नदी में पानी बढ़ने के कारण लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।

बरसात में नदी पार करना बन जाता है बड़ी चुनौती

कपरी नदी पर पुल नहीं होने से रानीकोम्बो, चहटपारा, रजौटी, कलीबा, कुरकुंगा, चराईखारा, गोरिया सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को बरसात के दिनों में सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। नदी में पानी बढ़ने पर आवागमन बाधित हो जाता है, जिससे विद्यार्थियों, किसानों, मरीजों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

रानीकोम्बो के चहटपारा बस्ती में दर्जनभर से अधिक परिवार निवास करते हैं। बरसात के दिनों में यह बस्ती नदी और जंगलों से घिर जाती है, जिससे यहां के लोगों का संपर्क प्रभावित हो जाता है। पुल निर्माण होने से चहटपारा के रहवासियों को भी बारहमासी सड़क संपर्क की सुविधा मिलेगी और बारिश के दौरान बस्ती तक पहुंचने में होने वाली परेशानी दूर होगी।

20 से 25 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर और खर्च होगा कम

वर्तमान में कपरी नदी पर पुल नहीं होने के कारण कलीबा, गोरिया, बेहराखार, चराईखारा, कुरकुंगा और रजौटी सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों को नारायणपुर थाना, वन विभाग तथा अन्य शासकीय कार्यालयों तक पहुंचने के लिए लगभग 20 से 25 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है।

लंबा रास्ता तय करने के कारण ग्रामीणों का समय तो बर्बाद होता ही है, साथ ही वाहन का ईंधन और आने-जाने का खर्च भी बढ़ जाता है। विशेषकर रोजमर्रा के काम, सरकारी कार्यालयों में जरूरी कार्य और बाजार आने-जाने वाले लोगों को इस परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुल बनने के बाद दूरी कम होने से ग्रामीणों को समय और पैसे दोनों की बचत होगी।

कुनकुरी होकर घूमकर जाने की मजबूरी से मिलेगी राहत

कपरी नदी पर पुल निर्माण से ग्रामीणों को बंदरचुंवा, दोकड़ा, बगिया, फरसाबहार और बागबहार जैसे प्रमुख स्थानों तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में कई गांवों के लोगों को इन स्थानों तक जाने के लिए कुनकुरी होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। पुल बनने के बाद यह मजबूरी काफी हद तक समाप्त होगी और क्षेत्र के गांवों के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा।

शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार को मिलेगा लाभ

पुल निर्माण से विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने, मरीजों को अस्पताल जाने और किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में बड़ी सुविधा मिलेगी। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में भी यह पुल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों के लिए आने-जाने में कम समय लगेगा और परिवहन पर होने वाला खर्च भी घटेगा।

क्षेत्रवासियों ने कपरी नदी पर वृहद पुल निर्माण के लिए 4 करोड़ 16 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल केवल नदी पर आवागमन का साधन नहीं, बल्कि बरसात में गांवों को अलग-थलग पड़ने से बचाने, लंबी दूरी और अतिरिक्त खर्च कम करने तथा क्षेत्र के विकास को गति देने वाला महत्वपूर्ण निर्माण होगा।

कपरी नदी पर बनने वाला यह वृहद पुल दर्जनों गांवों के लिए सुविधा, सुरक्षा और बेहतर कनेक्टिविटी का नया रास्ता खोलेगा। वर्षों से जिस मांग को लेकर ग्रामीण इंतजार कर रहे थे, वह अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

   "मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय स्वयं ग्रामीण परिवेश से जुड़े हैं और गांवों में रहने वाले लोगों की समस्याओं, मजबूरियों तथा कठिनाइयों को भली-भांति समझते हैं। इसी संवेदनशीलता के साथ उन्होंने कपरी नदी क्षेत्र के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या को प्राथमिकता देते हुए रानीकोम्बो से चहटपारा मार्ग पर प्रधानमंत्री ग्रामीण पक्की सड़क और कपरी नदी पर अलग से वृहद पुल निर्माण की स्वीकृति प्रदान की है। 4 करोड़ 16 लाख रुपए की लागत से बनने वाला यह पुल क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। बरसात के दिनों में नदी में पानी बढ़ने से आवागमन बाधित होने और गांवों का संपर्क प्रभावित होने की समस्या अब दूर होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री की इस पहल से स्पष्ट है कि ग्रामीण अंचलों की वास्तविक जरूरतों को समझते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। कपरी नदी पर पुल और पक्की सड़क की स्वीकृति ग्रामीणों के लिए केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि बरसात में सुरक्षित आवागमन, समय और पैसे की बचत तथा बेहतर जीवन की नई उम्मीद है।"

Leave Your Comment

Click to reload image