शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी से मारपीट और गाली-गलौज,पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल,फरार आरोपी की तलाश जारी
ताजा खबरें


बड़ी खबर

शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी से मारपीट और गाली-गलौज,पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल,फरार आरोपी की तलाश जारी

रायगढ़। शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे पटवारी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले में घरघोड़ा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। शासकीय सेवक के साथ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गैर जमानतीय धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पटवारी शिवानंद गिरी उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम पोरडा, तहसील एवं थाना घरघोड़ा, पटवारी हल्का नंबर 08 ग्राम रायकेरा में पदस्थ हैं। 24 नवंबर को तहसीलदार घरघोड़ा के निर्देश पर वे ग्राम तिलाईपाली एवं रायकेरा क्षेत्र में ग्राम नयारामपुर स्थित एनटीपीसी द्वारा आरक्षित स्कूल मैदान के पास शासकीय भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण की जांच और मौका निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ स्थानीय निवासी खगेश्वर गुप्ता भी मौजूद थे।

मौका निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ग्राम तिलाईपाली निवासी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी द्वारा शासकीय भूमि पर शेड का निर्माण कराया जा रहा था। पटवारी ने संबंधित व्यक्ति को जांच पूरी होने तक एक-दो दिन निर्माण कार्य रोकने की समझाइश दी। तहसीलदार घरघोड़ा ने भी फोन पर निर्माण कार्य रोकने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि संबंधित व्यक्ति नहीं माना और आक्रोशित होकर विवाद करने लगा।

पटवारी के अनुसार, जब वे मौके से जाने लगे तो प्यारीलाल गुप्ता ने ग्रामीणों को निर्माण कार्य की सूचना देने की बात कहते हुए उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हाथ-मुक्के और डंडे से मारपीट की गई। इसी दौरान आरोपी का बड़ा भाई विजय गुप्ता भी मौके पर पहुंच गया और उसने भी पटवारी के साथ मारपीट की। आरोप है कि दोनों ने पटवारी के शासकीय सेवक होने की जानकारी के बावजूद उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।

घटना की रिपोर्ट पर घरघोड़ा थाना में दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 366/2026 के तहत बीएनएस की धारा 223, 132, 296, 351(3), 115(2) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान 25 नवंबर को घरघोड़ा पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। इस दौरान विजय गुप्ता पिता बैरागी गुप्ता, उम्र 53 वर्ष, निवासी ग्राम रायकेरा, सेंट्रल बैंक के पास, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी प्यारीलाल गुप्ता उर्फ गांधी की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि शासकीय कार्यों के निर्वहन में बाधा उत्पन्न करने तथा शासकीय सेवकों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाए रखना और शासकीय कार्यों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।

Leave Your Comment

Click to reload image