विनोबा ऐप बना जशपुर के शिक्षकों के शैक्षणिक नवाचारों का प्रभावी मंच, उत्कृष्ट शिक्षण गतिविधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा ने किया सम्मानित
ताजा खबरें


बड़ी खबर

विनोबा ऐप बना जशपुर के शिक्षकों के शैक्षणिक नवाचारों का प्रभावी मंच, उत्कृष्ट शिक्षण गतिविधियों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत शिक्षक-शिक्षिकाओं को जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा ने किया सम्मानित


जशपुर। 
जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने तथा शिक्षकों के नवाचारी प्रयासों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज जशपुर में विनोबा ऐप के अंतर्गत पोस्ट ऑफ द मंथ (POM) सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार सिन्हा द्वारा नवंबर माह में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य एवं नवाचार के लिए चयनित शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रमाण पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यह कार्यक्रम जिला कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में ओपन लिंक्स फाउंडेशन द्वारा संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार सिन्हा के दिशा-निर्देश तथा यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी श्री विनोद कुमार गुप्ता के समन्वय से किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री नरेंद्र कुमार सिन्हा ने शिक्षकों से सीधा संवाद किया तथा उनके विद्यालयों में किए जा रहे नवाचारों, उपलब्धियों एवं शैक्षणिक चुनौतियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों एवं नवाचारों को अन्य विद्यालयों तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि सभी शिक्षक एक-दूसरे के अनुभवों से सीख सकें और शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार हो सके।
उन्होंने विद्यार्थियों में लेखन कौशल विकसित करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जब विद्यार्थी स्वयं अपने विचारों को लिखने का प्रयास करते हैं, तो उनकी सोचने, समझने एवं अभिव्यक्त करने की क्षमता विकसित होती है। साथ ही उन्होंने शिक्षण-अधिगम सामग्री (Teaching Learning Material–TLM) के प्रभावी एवं व्यवहारिक उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही, जिससे विद्यार्थी गतिविधियों एवं वास्तविक अनुभवों के माध्यम से विषयों को बेहतर ढंग से समझ सकें।
श्री सिन्हा ने कहा कि विद्यालय का वातावरण ऐसा होना चाहिए, जहां प्रत्येक विद्यार्थी खुशी, उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ प्रतिदिन विद्यालय आए। इसके लिए शिक्षकों को सकारात्मक, आनंदमय एवं प्रेरणादायक शिक्षण वातावरण विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए।
विनोबा  के प्रोजेक्ट ऑफिसर श्री बिप्लब देवशर्मा ने बताया कि विनोबा ऐप जिले के शिक्षकों द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक नवाचारों को साझा करने, आपसी सीख को बढ़ावा देने तथा शिक्षण गतिविधियों के दस्तावेजीकरण का एक प्रभावी मंच है। इस ऐप के माध्यम से शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों को पहचान मिल रही है और अन्य शिक्षक भी उनसे प्रेरणा लेकर अपने विद्यालयों में नए प्रयोग कर रहे हैं।
कार्यक्रम में जिला स्तरीय विजेता शिक्षकों में प्राथमिक शाला महकुलपारा से श्री संजीव कुमार सिन्हा, प्राथमिक शाला कांची से श्री महेंद्र कुमार यादव, प्राथमिक शाला गमहरिया से श्रीमती आशा एक्का, प्राथमिक शाला आश्रम बालक बगिया से श्रीमती अनीता गुप्ता, प्राथमिक शाला नदिडीपा से अनुपमा कुजूर, सेजेस इंग्लिश पत्रांटोली से श्रीमती अंचला गुप्ता तथा संकुल दुलदुला के संकुल समन्वयक श्री गौरी शंकर साव को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यशस्वी जशपुर के श्री संजीव शर्मा, श्री अवनीश पांडे, श्री आनंद कुमार टोप्पो एवं श्री सोमनाथ साहू   ने सभी सम्मानित शिक्षक-शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
विनोबा ऐप के माध्यम से जशपुर जिले में शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों को पहचान देने, नवाचारों को साझा करने तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं आनंदमय शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave Your Comment

Click to reload image