विधायक गोमती साय ने जनदर्शन में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण करने के दिए निर्देश
विधायक गोमती साय ने जनदर्शन में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण करने के दिए निर्देश
नारायणपुर। विधायक निवास कार्यालय पत्थलगांव में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और मांगें सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर विधायक गोमती साय ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा की और समस्याओं के जल्द निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि आम जनता से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता में रखते हुए समयबद्ध तरीके से उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर विधायक गोमती साय ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनप्रतिनिधि होने के नाते लोगों की बात सुनना, उनकी जरूरतों को समझना और समस्याओं के निराकरण के लिए पहल करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनदर्शन के माध्यम से आम नागरिकों को अपनी बात सीधे रखने का अवसर मिलता है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
